केदारनाथ सिंह लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
केदारनाथ सिंह लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 7 जुलाई 2016

आज कवि केदारनाथ सिंह का जन्मदिन है- जनप्रिय केदारनाथ सिंह

         केदारनाथ सिंह पर लिखना बहुत मुश्किल काम है।नामवरजी पर जल्दी लिख सकते हैं,मैनेजर पांडेय पर उससे भी जल्दी लिख सकते हैं,लेकिन केदारजी पर लिखना आसान नहीं है,उन पर लिखना नामवरजीसे भी मुश्किल काम है। दो दिन पहले से मन में तय कर लिया था कि केदारजी के जन्मदिन पर फेसबुक पर जरूर लिखूँगा।नामवरजी पर इतना लिख चुका हूँ कि सभी मित्र चिढ़ने लगे हैं,कहते हैं नामवरग्रंथि के शिकार हो ! लेकिन मैंने विगत दो दिन में महसूस किया कि केदारजी पर लिखना सबसे मुश्किल है।उनकी कविता पर सोचता हूँ तो लगता है जन्मदिन पर काव्यमीमांसा गले नहीं उतरेगी,इन दिनों फेसबुक मित्रों का आस्वाद बदल गया है,वे हल्का लिक्विड चाहते हैं जिसके जरिए केदारजी सीधे गले में उतर जाएं।

दिक्कत यह है कि केदारजी इतने सरल,सहज हैं कि वे पहले से ही तरल पदार्थ की तरह युवाओं से लेकर रचनाकारों के गले में उतरे हुए हैं,फेसबुक पर अनेक फोटोग्राफ नजर आए जिनमें वे युवाओं के बीच में हैं।समस्या यह है लेखक के बारे में यदि उसके जन्मदिन को याद करें तो किस तरह याद करें।जन्मदिन मनाने का ´केक काटो खुशियां मनाओ´,आइसक्रीम लेखक के गालों पर मल दो,यह चलेगा नहीं।आखिर जन्मदिन पर कौनसी चीज है जिसे याद करें ॽ मुझे लगता है हर लेखक से पूछा जाना चाहिए कि वह आदमी कैसा है ॽ

केदारजी को मैं बहुत ज्यादा नहीं जानता।बहुत कम जानता हूँ।लेकिन जितना भी जानता हूँ वह उन पर लिखने के लिए पर्याप्त नहीं है।केदारजी से मुझे पढ़ने,उनके निर्देशन में एमफिल्,पीएचडी करने का सौभाग्य मिला,मैं उनको एक बेहतरीन शिक्षक के रूप में बहुत प्यार करता रहा हूँ।केदारजी ऐसा नहीं है कि मेरे प्रिय शिक्षक थे वे उन तमाम छात्रों के प्रिय शिक्षक थे जो जेएनयू पढ़ने आते थे।मैंने अपने जीवन में इस तरह का इंसान नहीं देखा जो पढ़ाते समय डूबकर पढाए,रिश्ते और संबंध निभाते समय मानवता और संवेदनशीलता की डोर से बंधा रहे,छात्रों को तिकड़म का पाठ न पढ़ाए।



केदारजी बेहद सरल हैं लेकिन राजनीति में बेहद कठोर,उनके अंदर लोकतांत्रिक भावों और हकों को लेकर गहरी निष्ठा और लगाव है जो हम सब छात्रों को जेएनयू में प्रेरित करता रहा है।मैं जेएनयू में छात्रों के बीच में सबसे सक्रिय छात्रों की टोली में था,बहुत कम समय मिलता था उनसे मिलने का,लेकिन पढ़ने का समय मिल जाता था।केदारजीकी सबसे बेहतरीन बात यह कि वे जब कहो मिलने को राजी हो जाते।मुझे एक बार का वाकया याद आ रहा है मैं1981-82 में एसएफआई की ओर से उपाध्यक्ष का उम्मीदवार था और पूर्वांचल होस्टल में चुनावी जनसभा थी रात को,मैं एमफिल में था।वे मेरे गाइड थे। मैं चुनाव प्रचार में बुरी तरह मशगूल था,लेकिन केदारजी से मिलना बेहद जरूरी था।वे उन दिनों पूर्वांचल में रहते थे। मैंने उनसे कहा आपसे मिलना है बोले जब मन हो आ जाओ,मैंने कहा मैं आज रात पूर्वांचल होस्टल चुनावसभा करने जाऊँगा,देर रात को साढ़े बारह के बाद सभा खत्म होगी, मैं उसके बाद आपसे मिलने आ जाऊँगा।बोले बेहिचक चले आओ। मैं तकरीबन एक बजे रात को उनके पास पहुँचा,एक घंटा जमकर बातें कीं और दो बजे करीब मैंने कहा चलता हूँ,इतनी देर गए कोई सवारी वहां से मिलने की संभावना नहीं थी,पैदल ही तकरीबन 6किलोमीटर आना था।केदारजी ने कहा आधी दूर तक मैं तुमको छोड आता हूँ,हम दोनों पैदल ही रात को चलते हुए आए,केदारजी आधी दूरी मुझे छोड़कर चले गए और बोले अब तुम आराम से चले जाओगे।मैंने उनको मना किया कि मैं अकेले चला जाऊँगा,बोले नहीं बहुत दूर है,रात गहरी है,ठंड है, तकलीफ होगी,मैं कुछ दूर साथ चलता हूँ,बोरियत कट जाएगी।मैं उनके व्यवहार और आत्मीयता से मस्तभाव में बीच रास्ते में उनको छोड़कर चला आया,दिलचस्प बात यह है आधी दूर वे पैदल चलकर अपने घर गए,मैंने जेएनयू में इस तरह का मिलनसार व्यक्तित्व नहीं देखा।

रविवार, 17 अगस्त 2014

अशोक वाजपेयी की शीतयुद्धीय दृष्टि और केदारनाथ सिंह

अजीब संयोग है कि केदारनाथ सिंह को जब से ज्ञानपीठ मिला है लगातार उसकी आलोचना हो रही है। इस आलोचना की नई कड़ी अशोक वाजपेयी हैं। उनका मानना है 'ज्ञानपीठ उनसे पहले, मुझ नाचीज की राय में, हमारे दो बड़े गद्यकारों कृष्णा सोबती और कृष्ण बलदेव वैद को मिलना चाहिए था। केदारजी अच्छे कवि हैं, लेकिन उन्हें बड़ा कवि कहने में मुझे संकोच होगा। हो सकता है कि मैं गलत होऊं अपने इस आकलन में, मेरे हिसाब से अज्ञेय-मुक्तिबोध-शमशेर-नागार्जुन की चतुर्थी के बाद हिंदी में पिछले लगभग पचास वर्षों में कोई बड़ा कवि नहीं हुआ है। लेकिन बड़े गद्यकार हुए हैं।' (जनसत्ता,17अगस्त 2014)

वाजपेयी की यह धारणा एकदम निराधार है। हिन्दी में 'कवि चतुष्टयी' तो कृत्रिम ढ़ंग से आलोचकों ने रची है। इस तरह की टीम अपने आप में बेमेल है,क्योंकि इसमें केदारनाथ अग्रवाल नहीं हैं,रघुवीर सहाय नहीं हैं,सर्वेश्वर नहीं हैं,हरीश भादानी शामिल नहीं हैं। ये सभी लेखक वाजपेयी के शीतयुद्धीय नजरिए के बाहर पड़ते हैं।

यह अजीब स्थिति है कि अशोक वाजपेयी पहले एक चतुष्टयी बनाते हैं फिर उसके आधार पर कौन महान कवि है और कौन अ-महान कवि है; आदि के बारे में फतवेबाजी करते हैं। अशोक बाजपेयी बुनियादी तौर पर जब शीतयुद्धीय नजरिए से लेखकों की चतुष्टयी बनाकर देखेंगे तो उनको बाहर कुछ भी नजर नहीं आएगा।

वाजपेयीजी की आदत रही है चौखटे बनाने की, जिसे वे आलोचना के मानक कहते हैं,असल में ये मानक कम आलोचना के शीतयुद्धीय पूर्वाग्रह हैं। इनका किसी भी किस्म के रेशनल आलोचनात्मक विवेक के साथ सम्बन्ध नहीं है। अशोक वाजपेयी से पूछा जाय कि बड़ा कवि किस आधार पर चुना जाएगा ? बड़े कवि के पैमाने बदलते रहे हैं और इनमें वस्तुगत कारणों के अलावा सब्जेक्टिव कारण भी रहे हैं। अशोक बाजपेयी चयन समिति में नहीं थे वरना क्या वही करते जो उन्होंने लिखा है ?

जीवित लेखकों में 'जनोन्मुख आधुनिकता' के केदारनाथ सिंह बड़े कवि हैं । यही वह सबसे दुर्लभ चीज है जो बार-बार उनकी कविताओं की ओर ध्यान खींचती है। इन दिनों 'जनोन्मुख आधुनिकता' की चिन्ताओं को हमने कभी खुलकर देखा नहीं है। दूसरी बड़ी बात यह कि वे अकेले ऐसे कवि हैं जो लगातार शीतयुद्धीय राजनीति के फ्रेमवर्क के बाहर रहकर कविताएं लिख रहे हैं। जिन लेखकों को अशोक वाजपेयी ने अपनी 'चतुष्टयी' में शामिल किया है वे सभी शीतयुद्धीय फ्रेम के बाहर नहीं देखते। इसके विपरीत केदारनाथ अग्रवाल,केदारनाथ सिंह,रघुवीर सहाय,सर्वेश्वरदयाल सक्सेना आदि की कविताएं शीतयुद्धीय फ्रेमवर्क के बाहर आती हैं।



केदारजी की कविता का दूसरा बड़ा पहलू है कि वे मध्यवर्गीय और बुर्जुआ संवेदनशीलता के सकारात्मक लक्षणों के साथ कविता में बगैर प्रत्यक्ष राजनीति किए खेलते हैं। विगत 30सालों में 'जनोन्मुख आधुनिकता' और उससे जुड़ी संवेदना के लक्षणों की जिस सतर्कता से सर्जनात्मक रक्षा केदारजी ने की है वह उनको बड़ा कवि बनाती है।

विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...