हिन्दी साहित्य का इतिहास लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हिन्दी साहित्य का इतिहास लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 9 मई 2011

साहित्य का मायाजाल और यथार्थ


     साहित्य इन्द्रधनुषी मायाजाल है। इसमें फंसा व्यक्ति हमेशा ख्बाबों की दुनिया में रहता है। ख्बाबों में खोए रहना,इच्छित यथार्थ की कामना के लिए के लिए लिखना और फिर उसे ही सच मान लेना। यह एक ऐसी प्रक्रिया है जो लेखक में निजी और समाज ,अवधारणाओं और आंदोलनों के बारे में विभ्रम की सृष्टि करती है। जो लेखक इस तिलिस्म को जानते हैं वे विभ्रम में नहीं रहते। यही वजह है लेखक के जीवन में कष्ट होते हैं लेकिन रचना में सुख रहता है। पाठक को साहित्य सुख देता है लेकिन लेखक को दुख देता है। साहित्य सृजन से लेखक के लिए दुख और समाज के लिए सुख मिलता है। साहित्य के मायाजाल की धुरी है लेखक का विचारधारा और अवधारणाओं के सम्मोहन में बंधा रहना।  
साहित्य में जब भी किसी अवधारणा का प्रयोग आरंभ होता है तो एक अवधि के बाद वह रूढ़ि बन जाती है। लेखक इससे जल्द मुक्त नहीं हो पाता। सवाल यह है साहित्यकार नई अवधारणा को जल्द ही रूढ़ि क्यों बना देता है ? फिर उसके विभ्रम में लंबे समय तक क्यों फंसा रहता है ? असल में अवधारणा और यथार्थ की सटीक समझ के अभाव में वह अवधारणा के विभ्रम में फंसा रहता है। इसके कारण वह खास विषय,शैली,भाषा और साहित्यिक व्यवहार का प्रयोग करता है। साहित्यिक रूढ़ियां साहित्यिक एकता का निर्माण करती हैं। रूढ़ियां ,पर्शुएसन का काम करती हैं। इसलिए लेखक इनसे बंधा रहता है। ये औद्योगिक समाज को जोड़ने में सीमेंट का काम करती हैं। रूढ़ियों के प्रयोग में जोखिम नहीं होता। साहित्य और समाज दोनों खतरों से मुक्त रहते हैं। साहित्य जब रूढ़ियों का आदी हो जाता है तो शासकों की सेवा करने लगता है,चाहे उसकी अंतर्वस्तु कुछ भी हो।नई अवधारणाएं नई भौतिक परिस्थितियों के कारण जन्म लेती हैं। वे लेखक के दिमागी फितूर की देन नहीं होतीं। हिन्दी लेखक में नए को पाने की ललक है लेकिन पुराने को छोड़ने आदत नहीं है। इसके कारण हिन्दी में खारिज हो चुकी पुरानी रूढ़ियों, स्टीरियोटाइप, अवधारणाओं और मान्यताओं का अम्बार लगा है। बार-बार इसी पुराने ढ़ेर से साहित्य का उत्पादन और पुनरूत्पादन हो रहा है। इसके कारण बार बार लेखक अपनी पैकेजिंग बदल रहे हैं। अंतर्वस्तु और यथार्थ नहीं बदल रहे। वे परिवर्तित यथार्थ को पकड़ने और समझने का प्रयास नहीं करते। यही साहित्य का मायाजाल है। मायाजाल में फंसा लेखक छद्म में जीने लगता है। हिन्दी में बहुत लेखक हैं जो आए दिन साहित्य और जीवन में छद्म को जीते हैं और उसकी किसी न किसी रूप में हिमायत भी करते हैं। छद्म की हिमायत मूलतः पूंजीवाद की हिमायत है। जो वास्तव अर्थ में परिवर्तनकामी साहित्यकार-संस्कृतकर्मी हैं। वे जब तक छद्म के खिलाफ खड़े नहीं होते सचमुच में परिवर्तन नहीं कर सकते। किसी नेता,दल और विचारधारा की हिमायत में परिवर्तन का जयगान करना एक हद तक प्रचार में मदद करता है लेकिन ऐसी स्थिति का बहुत जल्दी अंत हो जाता है। जिस लेखक के पास सामाजिक परिवर्तन का विज़न है वह सच और छद्म दोनों के प्रति सचेत होता है। मसलन् यदि कोई लेखक क्रांति या बुर्जुआजी पर फिदा है । उसके दल और विचारधारा का प्रचारक है तो उसे इनके छद्म रूपों के प्रति भी सतर्क होना चाहिए। साहित्य के लिए सत्य के उदघाटन से ज्यादा महत्वपूर्ण छद्म का उदघाटन करना है। छद्म की आड़ में अनेक प्रतिगामी रूप और अंतर्वस्तु सक्रिय रहती हैं। इसी प्रसंग में बाबा नागार्जुन याद आ रहे हैं ,वे प्रगतिशील थे। सामाजिक परिवर्तन के हिमायती थे। क्रांति और कांतिकारी ताकतों के हिमायती थे,लेकिन क्रांति की आड़ में चल रहे छद्म के प्रति भी सचेत थे। उन्होंने लिखा-  "क्रान्ति तुम्हारी तुम्हें मुबारक /भ्रान्ति तुम्हारी तुम्हें मुबारक/कूट-कपट की भीतरघाती/शान्ति तुम्हें मुबारक/" बाबा ने कम्युनिस्टों में अंधभक्ति देखी तो लिखा- "तुम्हें चाहिए अंधअनुगमन/ तुम्हें चाहिए ठकुरसुहाती/अनुजों तक के स्वाभिमान से/अब तो तुमको हिचकी आती।" सत्तामद ने कम्युनिस्टों को मदमत्त राजनीतिज्ञों में तब्दील कर दिया था और एक बड़ा हिस्सा आए  दिन नेताओं के भाषणों और लेखों के उद्धरणों का गीता की तरह पाठ किया करता था। इस पर लिखा- "क्रांन्ति जवाबी तुम्हें मुबारक/अक्ल नवाबी तुम्हें मुबारक/मार्क्स और लेनिन-स्तालिन के/ताला-चाबी तुम्हें मुबारक ।"
    पश्चिम बंगाल में 1972-77 के बीच असामान्य हालात थे और उन समय के हालातों पर बाबा ने जो लिखा वो लोकतंत्र के छद्म आवरण को खोलने में हमारी मदद कर सकता है। उससे हम पश्चिम बंगाल में खासकर राजनीति में घुस आयी अपराधी संस्कृति के विभिन्न पहलुओं को आसानी से समझ सकते हैं। उस समय लोकतंत्र के क्षय पर बाबा ने एक शानदार बड़ी कविता लिखी थी,शीर्षक है- "देवी ,तुम तो काले धन की बैसाखी पर टिकी हुई हो।" यह कविता आज भी प्रासंगिक है। यह कविता लोकतंत्र पर मोहित लोगों में इंजेक्शन का काम करती है और बुर्जुआ लोकतंत्र की बजाय आलोचनात्मक लोकतंत्र की तलाश की ओर प्रेरित करती है। बुर्जुआ लोकतंत्र में नेताओं पर भ्रष्टाचार और काले धन के उपयोग के आए दिन आरोप लगते रहे हैं। साथ ही कालेधन की लोकतंत्र और नेताओं के व्यक्तित्व के निर्माण में जो भूमिका है उस ओर भी बाबा ने ध्यान खींचा है। बाबा ने देवि के रूपक के बहाने असल में बुर्जुआनेता के वर्गीय चरित्र को गहराई में जाकर उदघाटित किया है। बाबा नागार्जुन ने लिखा है-  "जन-मन भरम रहा है नकली/मत-पत्रों की मृग-माय़ा में/विचर रही तू महाकाल के/काले पंखों की छाया में/सौ कंसों की खीझ भरी है/इस सुरसा के दिल के अंदर/ कंधों पर बैठे हैं इस के/धन-पिशाच के मस्त-कलंदर/गोली-गोले,पुलिस -मिलिटरी/ इर्द-गिर्द हैं घेरे चलते/इसकी छलिया मुस्कानों पर/धन-कुबेर के दीपक जलते।" आम राजनीति में साधारण जनता की ज्वलंत समस्याओं की बजाय गैर जरूरी मसलों पर जमकर भाषण होते रहते हैं,इसी फिनोमिना को ध्यान में ऱखकर नागार्जुन ने लिखा- "मँहगाई का तुझे पता क्या ! जाने क्या तू पीर पराई !इर्द-गिर्द बस तीस-हजारी/ साहबान की मुस्की छाई !तुझ को बहुत-बहुत खलता है/'अपनी जनता ' का पिछड़ापन/ महामूल्य रेशम में लिपटी/यों ही करतीं जीवन-यापन/ठगों-उचक्कों की मलकाइन/प्रजातंत्र की ओ हत्यारी/अबके हमको पता चल गया/है तू किन वर्गों की प्यारी।" छद्म को लोकतंत्र का दादागुरू कहते हैं। इसका पूरे समाज पर गहरा असर है। साहित्य में वे लेखक या रचनाएं कालजयी हैं जो छद्म अवधारणा के विभ्रम को तोड़ती हैं।  हिन्दी में प्रगतिशील-जनवादी-समाजवादी-क्रांतिकारी-आधुनिकतावादी और उत्तर आधुनिकतावादी अंततः ढर्रे या रूढ़ि में बदल गए हैं। इनमें रूढ़िबद्धता से निकलने की छटपटाहट नहीं दिखती। यह सच है नई अवधारणा नए यथार्थ के साथ जन्म लेती है। नए विज़न को जन्म देती है। जड़ रूपों को तोड़ती है लेकिन इसके लिए लेखक में यथार्थ के परिवर्तित रूपों को सही परिप्रेक्ष्य और साहस के साथ देखने की दृष्टि होनी चाहिए। रघुवीर सहाय ने लिखा है- "कविता शब्द का निरा आडम्बर नहीं है। न वह वर्तमान की निरी व्याख्या है, न इतिहास का निरा पुनरावलोकन और न अतीत से भविष्य के निरे अंतरावलंबन का औचित्य। इन सबके समेत वह कुछ है तो साहस है जो हमारे जाने बिना दूसरे को मिलता है बशर्ते कि वह दूसरा हमारी कविता में हो।"हिन्दी में जिन लेखकों ने साहित्य को क्रांति के हवाले किया। राजनीतिक विषयों पर लिखा उसमें वास्तविकता से पलायन का भाव भी था। इसके प्रति आगाह करते हुए रघुवीर सहाय ने दो खतरों की ओर ध्यान खींचा है- "कवि कहीं क्रांति का पुजारी और मसीहा एक साथ बनकर दिखाने में अपने कर्त्तव्य से भागने का रास्ता न निकालने लगे,या कहीं आत्मदया के आत्मपीड़क भाव में लिप्त होकर लोगों से वैसी सहानुभूति न माँगने लगे जो न केवल लोगों की रागात्मक शक्ति का शोषण करेगी बल्कि उन्हें स्वयं अपनी वेदना पहचानने में भटकाएगी।जिस एक खतरे में ये दोनों हैं वह अहंवाद का ही खतरा है। अहंवाद को पहले के आलोचकों ने शायद पूरी तरह नहीं पहचाना था। जिस कवि को उन्होंने अपने बारे में कुछ भी ऐसा कहते पाया जो सतही तौर पर दूसरों के बारे में न हो ,उसे अहंवादी कहकर दुत्कार दिया। वास्तव में अहं खुलेआम जनसाधारण के बारे में लिखने का अहंकार करनेवाले कवियों में भी हो सकता है,यह आज ही प्रकट होकर दिख रहा है।जैसे राजनीति में वैसे ही कविता में भी जन के साथ कानूनी रिश्ते तो बने हुए हैं ,लेकिन एक इंसानी रिश्ता नहीं रह गया है। इससे कवि भी राजनीतिज्ञों की तरह आत्मरहित बनता जा रहा है।" 
    मासकल्चर और मासमीडिया के व्यापक प्रचार-प्रसार ने साहित्य से लेकर जीवन तक छद्म की सत्ता को विस्तार दिया है। उसे वैध बनाया है। इस पर रवीन्द्रनाथ टैगोर ने लिखा है '' आज हम बाजार की भीड़ और शोर-गुल में सम्‍मि‍लि‍त हो रहे हैं,नीचे उतर आए हैं,ओछे हो गए हैं। कलह से हमारा सन्‍तुलन जाता रहा है। पदवि‍यों-उपाधि‍यों को लेकर आपस में झगड़ा कर रहे हैं। बड़े-बड़े अक्षरों के और ऊंचे स्‍वर के विज्ञापनों से अपने को औरों से बड़ा घोषित करने में हमें संकोच नहीं होता। और मजे की बात तो यह है कि जो कुछ हम कर रहे हैं सब 'नकल' है। इसमें सत्‍य की मात्रा नहीं के बराबर है। इसमें शान्ति नहीं,संयम नहीं,गाम्‍भीर्य नहीं, शालीनता नहीं।''रवीन्‍द्रनाथ टैगोर ने सादगी और मानवता पर जोर दिया और ऊपरी आडम्‍बर की जबर्दस्‍त मुखालफत की थी। भद्रता को वे आंतरि‍क चीज मानते थे, भद्रता कोई बाजार में मि‍लने वाली वस्‍तु नहीं थी जि‍से जाकर खरीद लो और पहनकर भद्र बन जाओ।" टैगोर के शब्‍दों में  आज हमारी भद्रता सस्‍ते कपड़ों से अपमानि‍त होती है,घर में वि‍लायती ढंग की सजावट न हो तो उस पर आंच आती है बैंक में हमारे नाम पर जो अंक लि‍खे हैं वे कम हों, तो हमारी भद्रता कलंकि‍त होती है। हम यह भूल बैठे हैं कि‍ ऐसी प्रति‍ष्‍ठा को सि‍र पर ढोकर उसका आदर करना वास्‍तव में लज्‍जा का वि‍षय है। जि‍न बेकार की उत्‍तेजनाओं को हमने सुख मानकर चुना है उनसे हमारे समाज का अन्‍त:करण दासता के पाश में जकड़ा जा रहा है। टैगोर ने यह भी लिखा है मनुष्‍य मधुमक्‍खी की तरह नहीं है जो एक ही तरह का छत्‍ता बनाती है, न वह मकड़ी की तरह है जो एक ही 'पैटर्न' का जाल बुनती है।उसकी सबसे बड़ी शक्‍ति‍ है उसका अन्‍त:करण। मनुष्‍य का पूरा दायि‍त्‍व अन्‍त:करण के सामने है। अभ्‍यासपरता के सामने नहीं।  रवीन्द्रनाथ टैगोर का मानना है  मनुष्‍य की शक्‍ति‍ के दो पक्ष हैं : एक पक्ष का नाम है 'कर सकता है' और दूसरे पक्ष का नाम है 'करेगा'। पहला पक्ष उसके लि‍ए सहज है,लेकि‍न उसकी तपस्‍या दूसरे पक्ष की ओर है। धर्म मनुष्‍य के 'करेगा' पक्ष के सर्वोच्‍च शि‍खर पर खड़ा होकर उसके समस्‍त 'कर सकता है' को पुकारता है ; उसे वि‍श्राम नहीं करने देता ; उसे कि‍सी सामान्‍य लाभ से ही सन्‍तुष्‍ट नहीं होने देता। जहॉं मनुष्‍य का 'कर सकता है' इसी 'करेगा' के नि‍र्देशन में आगे बढ़ता जाता है वहीं मनुष्‍यता की वीरता है-वहीं उसका सत्‍य -रूप से आत्‍मलाभ है।''  धर्म और कलाओं के प्रति‍ हमें पुराने नुस्‍खे को अपनाना होगा,पुराना नुस्‍खा था '' अभी और'',हम जहां थे उससे आगे के बारे में सोचें। कला और धर्म जहां है उससे आगे के बारे में सोचें। इस प्रक्रि‍या को जि‍तनी दूर तक ले जा सकें,ले जाएं। इससे मानवीय चेतना के नए दि‍गंत खुलेंगे। रवीन्‍द्रनाथ टैगोर ने लि‍खा है '' धर्म मनुष्‍य की पूर्ण शक्‍ति‍ की अकुण्‍ठि‍त वाणी है। उसमें कोई द्वि‍धा नहीं है। वह मनुष्‍य को मूर्ख कहकर स्‍वीकार नहीं करता,और न दुर्बल कहकर अवज्ञा करता है। वह मनुष्‍य को पुकारकर कहता है- ' तुम अजेय हो,अभय हो,अमर हो।' धर्म की शक्‍ति‍ से ही मनुष्‍य असंभव लगने वाले कामों में जुट जाता है, और ऐसे स्‍तर पर पर पहुँच जाता है जि‍सकी वह स्‍वप्‍न में भी कल्‍पना नहीं कर सकता।




शनिवार, 20 नवंबर 2010

18 नवम्बर 2010 दर्शन दिवस के मौके पर विशेष- साहित्य का अंत- समापन किश्त

       इन दिनों वास्तव और अवास्तव ,व्यक्ति और अव्यक्ति,जीवन और मृत्यु, उपस्थित और अनुपस्थित आदि के बारे में सवाल नहीं किए जाते। जो कुछ भी कहा जाता है वह खास सीमा में रहकर ही कहा जाता है। इसी प्रसंग में देरिदा की प्रसिद्ध किताब ‘स्पेक्टेटर ऑफ मार्क्स’ का जिक्र करना समीचीन होगा। इस किताब में देरिदा ने बड़े ही मार्के की बात कही है।
     देरिदा ने लिखा है ऐसे विद्वान अब नहीं रहे जो वास्तव अर्थ में विद्वान हों और विद्वान की तरह ही भूत के बारे में बता सकें। परंपरागत विद्वान् भूत में विश्वास नहीं करते थे और नहीं इसे वर्चुअल स्पेस का नजारा ही कह सकते हैं। अब ऐसे विद्वान नहीं रहे जो बता सकें कि यथार्थ और अयथार्थ में अंतर क्या है,वास्तव और अवास्तव में अंतर क्या है। जीवित और मृत में अंतर क्या है। व्यक्ति और अव्यक्ति में अंतर क्या है। उपस्थित और अनुपस्थित में अन्तर्विरोध बताने वाले विद्वान नहीं रहे।
      देरिदा इस किताब में वास्तव और अवास्तव के अलावा कोई तीसरा आयाम भी हो सकता है इसकी खोज करते हैं। यह मूलतः ‘है’ और ‘नहीं’ के बीच में किसी तीसरे की खोज का काम है। यह ‘और’ है। वे इसे भूत के रूपक के जरिए खोजने की कोशिश करते हैं।
   मसलन् अस्मिता की धारणा को ही लें। अस्मिता का आधार पिता है। फलां का पिता दलित था अतः बेटा भी दलित होगा। मजेदार बात यह है कि पिता मर गया है। मरे की पहचान को हम जिंदा की पहचान के रूप में देख रहे हैं। अतः जो अस्मिता जी रहे हैं वह जिंदा है लेकिन जो नाम अस्मिता को दिया गया है वह मृत है। यहां पर पिता का भूत पीछा कर रहा है। पिता रूपी भूत वास्तव बेटे से काल्पनिक दूरी बनाए रखता है।
    दिक्कत यह है कि अस्मिता भूत है और वर्तमान भी है। यह ऐसा शरीर है जो कभी था और आज भी है। यहां अन्य के संदर्भ से अस्मिता पहचान बनाती है और फिर अन्य में ही तब्दील हो जाती है। अन्य से अन्य का जन्म, अन्य के आधार पर स्व की पहचान, विषय और व्यक्ति  की पहचान, चेतना ,स्प्रिट आदि का निर्धारण करने लगते हैं। देरिदा के यहां पर जो ‘भूत’है वह परंपरागत किस्म के सोच को चुनौती देता है। वह जीवित और मृत के बीच के विरोध में आश्वासन का काम करता है। वह स्व की पहचान, समय और स्थान की धारणा को भी चुनौती देता है।
     आमतौर पर हम यही कहते हैं कि हमने कल भूत देखा था। या उस घर में भूत है। देरिदा ने सवाल किया है भूत के साथ बीता कल कैसे जुड़ गया ? जबकि भूत तो वह है जो समय और स्थान के परे है। समय के तीन रूप है भूत,भविष्य और वर्तमान। भूत इनमें से किसी के दायरे में नहीं आता। जब हम कहते हैं कि मैंने उस घर में भूत देखा तो हम भूल ही जाते हैं कि भूत घर में नहीं रहता। ज्योंही हम भूत को खोजने जाएंगे वह नहीं मिलेगा। ज्योंही भूत को खोजेंगे कि वह कहां है और कब देखा था ,उसका वास्तव में पता नहीं चलेगा। यही वह भूत है जो हमें अन्य के विमर्श में मिलता है और अन्य का विमर्श अंततः शून्य के विमर्श में विलीन हो जाता है। भूत हमेशा ‘कोई है’ और ‘कोई अन्य है।’ यहां इन दोनों में समानता है।
   हमारे बीच में उत्तर आधुनिकता ने  जितने भी विमर्श फेंके हैं वे सब भूत विमर्श हैं, ऐसे विमर्श हैं जो जीवन में हैं भी और नहीं भी।  इनमें कौन सा विमर्श कब आरंभ हो जाए कहना मुश्किल है। विमर्श की अनिश्चितता ही है तो किसी भी चीज को उत्तर आधुनिक चंचल अवस्था में रखती है। उत्तर आधुनिक विमर्श कब आरंभ होता है और किस तरह आरंभ होता है, और किससे बंधा या जुड़ा हैं ?ये तीनों चीजें ध्यान देने योग्य हैं। इन पर ही राजनीतिक और साहित्यिक निर्णय निर्भर करता है।
   उत्तर आधुनिकों ने वंचितों को केन्द्र में रखकर कोई गंभीर काम नहीं किया है। अथवा भूत ने कभी उत्पीडितों को सम्बोधित नहीं किया है। उत्तर आधुनिक सवालों पर हमेशा बहस बहुआयामी स्थितियों और अर्थों को जन्म देती है। प्रत्येक उत्तर आधुनिक साहित्य समस्या राजनीतिक अभिव्यक्ति से भरी होती है। चूंकि उत्तर आधुनिक का अर्थ अनिश्चित होता है अतः उसकी राजनीति भी निश्चित नहीं होती है। आलोचना जिस चीज को देखती है वह वास्तव और अवास्तव का अस्थिर रूप है। फलतः यथार्थ और अयथार्थ में जीवंत और मृत के बीच में अंतर करना मुश्किल है। इसके कारण राजनीतिक और साहित्यिक फैसले लेना असंभव हो जाता है। यानी उत्तर आधुनिकता का स्थायी भाव है दुविधा।
   देरिदा ने ‘स्पेक्टर्स ऑफ मार्क्स’ में इतिहास की भिन्न धारणा का इस्तेमाल किया है। वैसे गौर से देखें तो इतिहास की परंपरागत धारणा का इस्तेमाल करने के कारण फुकुयामा और ल्योतार ‘इतिहास के अंत’ की थ्योरी पर  एकमत हो जाते हैं। जबकि देरिदा भिन्न तरीके से देखते हैं। वैसे इन दोनों में कोई भी साझा तत्व नहीं है। ऐतिहासिक घटनाओं को देखने की परंपरागत धारणा के अनुसार इतिहास मृत है। प्रत्येक चीज एक-दूसरे के खिलाफ खड़ी है। कोई भी धड़ा अपनी समझ के बारे में,उसके परिणाम के बारे में पुनर्विचार करने को तैयार नहीं है।
   उत्तरआधुनिकतावाद हमेशा नीचे से आता है। यह राजनीति के दोनों ओर होता है। वह अपना नीचे के बरक्स बचाव करता है। उत्तर आधुनिकतावाद राजनीतिक सिक्के के दोनों ओर के अनुमानों को काटता है। राममंदिर आंदोलन के संदर्भ में भाजपा और कांग्रेस की भूमिका इस संदर्भ में आदर्श नमूना है। दलित साहित्य प्रसंग ,अस्मिता राजनीति, और बहुजन समाज पार्टी का बदला हुआ नारा और मुहावरा ,जनगणना में जाति की गणना का फैसला और पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा मुसलमानों को नौकरियों में दिया गया 10 प्रतिशत आरक्षण इसके आदर्श उदाहरण हैं।
  उत्तरआधुनिकतावाद ने प्रगतिशील या रेडीकल या क्रांतिकारी परिभाषा को भी बदला है। उत्तरआधुनिक जमाने में मीडिया और उत्तरआधुनिक विचारकों के रेडीकल उसे कहा जो फंडामेंटलिस्ट होता है। जबकि प्रगतिशील या क्रांतिकारी को कठमुल्ला कहा। इसके कारण राजनीतिक अवधारणाओं के अर्थ का बड़े पैमाने पर विपर्यय हुआ और उत्तर आधुनिकतावाद ने अराजनीतिकरण में बड़ी भूमिका अदा की। अराजनीतिक को महान प्रगतिशील घोषित किया गया। प्रगतिशील और कंजरवेटिव दोनों ही अपने-अपने कारणों से उत्तर आधुनिकतावाद का प्रतिवाद कर रहे हैं।
         उत्तरआधुनिकतावाद के संदर्भ में साहित्य में क्या घटा है इसके बारे में देरिदा ने बेहतर रोशनी डाली है। मार्क्स और हेमलेट का मूल्यांकन करते हुए लिखा है  इस युग में साहित्य के सवाल राजनीति के सवालों को खोल रहे हैं। यही स्थिति राजनीति की है आप राजनीति के सवाल उठाते हैं तो उससे साहित्य के सवाल खुलते है। यानी साहित्य और राजनीति में एक-दूसरे के बरक्श सवाल उठ रहे हैं।
      इसी तरह साहित्य में जो सवाल उठे हैं या उठाए जा रहे हैं वे निज या सेल्फ को उदघाटित करने वाले हैं। वे ही बातें लिखी जा रही हैं जो अस्मिता की संगति में आती हैं। निज की संगति में आती हैं। अपने से मिलते-जुलते विचारों को जब आप साहित्य में उठाते हैं तो आपको सैद्धांतिकी की कोई जरूरत नहीं होती।
    साहित्य में अब आप अपने विचारों के जरिए विचारों की यात्रा करते हैं। जब आप अपने जरिए या अस्मिता के जरिए विचारों की यात्रा करते हैं तो आप अस्मिता के जितने भी लक्षण हैं उन सब पर सवालिया निशान लगाते जाते हैं और इस प्रकार अस्मिता पर ही सवाल खड़े कर देते हैं। अस्मिता पर सवाल वे ही खड़े करते हैं जो अस्मिता की सबसे ज्यादा वकालत करते हैं। वे आत्म के बारे में सवाल खड़े करते हैं। राममंदिर आंदोलन,दलित साहित्य,स्त्री साहित्य,आरक्षण आदि उत्तर आधुनिक प्रसंगों में यह सब घटता रहा है ।
      उत्तर आधुनिकता के कारण साहित्य में अस्थिर करने वाले सवाल या नजारे के सवाल उठते रहे हैं। हाल ही में साहित्य में उठता ‘राय-कालिया’ विवाद नजारे का सवाल है। नजारे के सवालों का साहित्य से कोई संबंध नहीं होता। मौजूदा ‘राय-कालिया’ प्रकरण का साहित्य और साहित्यालोचना से कोई संबंध नहीं है।
    वी.एन राय के बयान को साहित्य मानकर चलना गलत होगा। चाहे वह बयान साहित्यिक पत्रिका में ही क्यों न छपा हो। बयान तो बयान है वह साहित्य या आलोचना कैसे हो सकता है ? मुँह से निकली प्रत्येक बात आलोचना नहीं होती। लेखक का प्रत्येक कथन साहित्य नहीं होता। ऐसी स्थिति में हमें बयान,विचार और साहित्य के बीच में अंतर करना चाहिए। इन दिनों यह गलतफहमी हमारे बड़े बुजुर्गों को भी हो गयी है। मसलन नामवर सिंह जैसे बड़े आलोचक भी यह मानकर चल रहे हैं कि उनका प्रत्येक वाक्य साहित्य होता है। उनके भक्त भी यही मानकर उनके बोले को साहित्य बनाने में लगे हैं। अरे भाई यदि ऐसा ही होगा तो डाक्टर का प्रत्येक कथन मर्ज का उपचार माना जाएगा। गीतकार का प्रत्येक वाक्य गीत,संगीतकार का प्रत्येक कदम संगीत और शिक्षक का प्रत्येक कथन तो अकादमिक धरोहर की कोटि में ऱखना पड़ेगा। यह मूलतःविभ्रम है। विभ्रम में ज्ञान,तमीज,तहजीब,साहित्य खोजना विभ्रम से विभ्रम की ओर जाना है। इसका सर्जनात्मकता से कोई संबंध नहीं है।    
       कुछ उत्तरआधुनिक मानते हैं साहित्य और साहित्य सिद्धांत में कोई भेद नहीं है। जबकि सच यह नहीं है। साहित्य का उदय ऐतिहासिक प्रक्रिया में होता है और पहले वह महज संयोग या दुर्घटनावश जन्म लेता है। यह कहना सही नहीं है कि साहित्य आता है तो उसके पीछे आलोचना भी चली आती है। भक्ति आंदोलन का महान साहित्य जब लिखा जा रहा था तो उस समय भक्ति आंदोलन की आलोचना पैदा नहीं हुई थी। इसी तरह रैनेसां के समय हमारे लेखक नहीं जानते थे कि यह रैनेसां काल है। यह तो 1940 के बाद नामकरण किया गया कि भारतेन्दु युग रैनेसां युग है। यही स्थिति अन्य काव्यांदोलनों की भी है।
     कहने का आशय यह है कि साहित्य और साहित्यालोचना या सैद्धांतिकी में साम्य मानना गलत है। साहित्य का संदर्भ और साहित्यालोचना के संदर्भ में हमेशा बड़ा अंतर रहा है। भारतेन्दुयुग में साहित्य के जो प्रश्न हैं वैसे सवाल आलोचना ने नहीं उठाए हैं। वहां तो भाषा के और सामान्य सवाल उठाए गए हैं। साहित्य समीक्षा वहां नहीं लिखी गयी है। भारतेन्दु युग के निबंध लेखक हैं आलोचक नहीं हैं। मसलन भारतेन्दु के नाटकों पर जितना आजादी के बाद काम हुआ है वैसा लेखन भारतेन्दु युग के आलोचकों के यहां नहीं मिलता। यही हाल छायावाद का है।
    साहित्य और साहित्यालोचना के विशेष संदर्भ में दो फार्मूले घटे हैं। पहला फार्मूला है जो साहित्य में ‘अंदर’ -बाहर’ का संबंध मानकर चलता है। दूसरा फार्मूला है जो साहित्य में सत्य और व्यवहार के अन्तस्संबंध पर जोर देता है। भारतेन्दु युग के आलोचक ‘अंदर- ‘बाहर’ के संबंध को नहीं मानते थे। इस संबंध पर ध्यान 1930-31 के बाद गया और यही वजह है छायावाद से छायावादियों का मोहभंग हुआ।
    भारतेंदु युग में साहित्य की पत्रिकाओं में छपने वाली प्रत्येक सामग्री साहित्य के रचनात्मक दायरे में शामिल नहीं की  गयी। उनके यहां सर्जनात्मक साहित्य और गैर सर्जनात्मक साहित्य का अंतर था। यह स्थिति लंबे समय तक बनी रही। इससे साहित्य का दायरा सीमित हुआ। हमारी अस्मिता का सीमित रुप उजागर हुआ । उस समय सर्जनात्मक पाठ पर जोर था।
     लेकिन यह चीज ज्यादा दिनों तक चलने वाली नहीं थी। सन् 1960 के बाद से हिन्दी आलोचना में मूलगामी बदलाव आता है और खुले पाठ की धारणा का प्रवेश होता है। अब साहित्य के आगे-आगे आलोचना चलने लगी। रामविलास शर्मा,मुक्तिबोध, नामवर सिंह आदि की आलोचना में यह लक्षण साफ दिखते हैं। नई कहानी के प्रसंग में नामवर सिंह ने खासतौर पर आलोचना को साहित्य के आगे चलने वाली मशाल बना दिया,बाकी लेखक भी यह काम कर रहे थे।
    इस संदर्भ में देखें तो ये लोग साहित्य को खुले पाठ की तरह देख रहे थे। उसे एक क्रमबद्ध व्यवस्था की तरह देखने की बजाय मनमाने क्रम में रखकर देख रहे थे। नई कहानी आंदोलन का सबसे बड़ा योगदान यह था कि उसने साहित्य के आगे आलोचना या साहित्य सैद्धांतिकी को रख दिया था। ऐसा करते हुए उन्होंने साहित्य की अस्मिता पर ही  प्रश्न चिह्न लगा दिया। अब तक साहित्य की अस्मिता प्रधान थी,लेकिन नईकहानी के समय आलोचना की अस्मिता प्रधान हो गयी। साहित्य की पहचान को,नई कहानी की पहचान पर ही सवाल खड़े किए गए। बाद में इसको साहित्य ने हजम कर लिया। अब साहित्यालोचना उन कृतियों की ओर चली गई जिन लेखकों के बारे में हम कम जानते थे,जिनको स्थापित करने की जरूरत थी, जो अपने को उपेक्षित महसूस करते थे। यह काम स्वयं नामवर सिंह ने किया, उन्होंने ‘कहानी-नई कहानी’ लिखने के बाद उन कवियों पर लिखा जो प्रगतिशील थे लेकिन आलोचना में स्थापित नहीं किए गए थे। इस तरह के लेख उनकी किताब ’कविता के नए प्रतिमान’ और ‘ कविता की जमीन और जमीन की कविता’ में देख सकते हैं। वे इस क्रम में ‘अंदर-बाहर’ की थ्योरी का इस्तेमाल करते हैं और कविता के जरिए साहित्य की अस्मिता को पुष्ट करते हैं।
   इस क्रम में एक और फिनोमिना सामने आया है जो ‘अंदर-बाहर’ की सैद्धांतिकी का अतिक्रमण करता है। वह है ‘बाहर से बाहर की ओर’ यात्रा । इस मॉडल के प्रसंग में नामवर सिंह की दो किताबें ‘प्रेमचन्द और भारतीय समाज’ और ‘जमाने से दो-दो हाथ’ को रखा जा सकता है। इन किताबों में शामिल निबंध ऐसे समय में लिखे गए जब साहित्य में ‘अंदर और अंदर’ जाने की बातें की जा रही थीं। उस समय साहित्य में ‘बाहर से बाहर’ का मॉडल लागू किया गया । इस मॉडल में पुनरावृत्ति के चांस ज्यादा होते हैं, अतः नामवरसिंह के विचारों में पुनरावृत्ति दिखाई देती है।
    ये किताबें ‘साहित्य’ और ‘राजनीति’ के बीच में गंभीर विभ्रम की सृष्टि करती हैं। खासकर ‘जमाने से दो-दो हाथ’ के बारे में यह तय करना मुस्किल है कि यह साहित्य की किताब है या राजनीति की। इस किताब के संपादक और प्रकाशक को भी यह तय करने में मुश्किल आयी है कि इस किताब को किस केटेगरी में रखे।
      नामवर सिंह की हाल में प्रकाशित चार किताबों ‘कविता की जमीन और जमीन की कविता’,‘प्रेमचन्द और भारतीय समाज’, ‘हिन्दी का गद्यपर्व’ और ‘जमाने से दो-दो हाथ’ में लेखक और संपादक यह मानकर चल रहे हैं कि प्रत्येक चीज साहित्य है। यही वह बुनियादी समझ है जिसके तहत इन किताबों को साहित्योलोचना के नाम पर प्रसारित किया जा रहा है। प्रत्येक चीज साहित्य है, का दावा असल में ‘हर चीज राजनीतिक है’, नारे की तर्ज पर गढ़ा गया है। प्रत्येक चीज साहित्य है के नाम पर ही बेबकूफियों,लफंगई और बेहयाई को भी साहित्य की कोटि में रखा जा रहा है। ‘प्रत्येक चीज साहित्य है’ के नारे का साहित्य के अंदर के संसार से कोई संबंध नहीं है।  
 ‘सब कुछ राजनीति या साहित्य है’ के नाम पर जो विभ्रम चल रहा है उसने यह समस्या भी पैदा की है कि प्रत्येक पाठ की राजनीतिक रीडिंग की जा सकती है।  इस धारणा के पीछे यह समझ है कि साहित्य में राजनीतिक कल्पनाओं के अतिक्रमण की क्षमता होती है। इसके अलावा यह भी कह सकते हैं कि राजनीति से बच नहीं सकते। बल्कि साहित्य में राजनीति संभव है। ऐसे भी आलोचक हैं जो प्रत्येक साहित्यिक कृति को राजनीतिक नजरिए से नहीं पढ़ते। वे मानते हैं कि कुछ पाठ ऐसे हैं जो राजनीति के बाहर हैं। जैसे रामचरितमानस आदि।
  






बुधवार, 6 अक्टूबर 2010

आलोचना का पराभव और नामवर सिंह -3-

     हिन्दी साहित्य को जनप्रिय बनाने में नामवर सिंह के व्याख्यानों का बड़ा योगदान है, उन्होंने अपने व्याख्यानों से हिन्दी साहित्य के प्रति वैसे ही आकर्षण पैदा किया है जिस तरह 19वीं सदी में दयानंद सरस्वती के भाषणों ने हिन्दी भाषा के प्रति आकर्षण पैदा किया था।
    नामवर सिंह अपने व्याख्यानों में प्रौपेगैण्डा की तकनीक का बारीकी से इस्तेमाल करते हैं। इसमें सेंसरशिप भी शामिल है,जिसके तहत वे कुछ सूचनाएं छिपाते तो कुछ सूचनाएं बताते हैं। इस पद्धति के आधार पर ही वे साहित्य में लेखकों को उठाने-गिराने का काम करते रहे हैं।
      नामवर सिंह की व्याख्यान कला के चार तत्व हैं मोहित करना,छिपाना ,सरल बनाना और फुसलाना। इन तत्वों के आधार पर नामवर सिंह ऑडिएंस और लेखकों की समझ को बदलने और नियंत्रित करने का काम करते हैं। इस पद्धति का इस्तेमाल करते हुए वे लेखक,विचार और संस्थान विशेष की छद्म इमेज भी बनाते हैं।
     उनके लेखन में हिन्दी के समस्त दोषों का ठीकरा अन्य के सिर फोड़ा गया है। दोष के लिए अन्य दोषी और स्वयं दोषमुक्त। अभिव्यक्ति की यह पद्धति आलोचना की नहीं प्रौपेगैण्डा की पद्धति है। प्रौपेगैण्डा पद्धति में झूठ बोलना कला है और कम से कम सूचना देना भी कला है।
     नामवर सिंह कम से कम सूचनाएं देकर अभीप्सित प्रचार प्राप्त करते रहे हैं। उनके अधिकांश व्याख्यान प्रगतिशीलों और जनवादियों के बीच ही हुए हैं अतः उनकी राय को नियंत्रित करने में नामवर सिंह की बडी भूमिका रही है।  उल्लेखनीय है प्रौपेगैण्डा राय को नियंत्रित करता है। हिन्दी साहित्य में नामवर सिंह राय बनाने और नियंत्रित करने का काम करते रहे हैं। इस अर्थ में वे कम्प्लीट प्रचारक हैं। राय बनाना,राय नियंत्रित करना,सहमति तैयार करना यही उनका मूल लक्ष्य रहा है। यही काम बुद्धिजीवी से सत्ता कराना चाहती है। इसी को कहते हैं सत्ता का खेल।
    ये सारे काम आलोचना के कम प्रौपेगैण्डा के ज्यादा हैं। आलोचना का काम सहमति तैयार करना नहीं है,बल्कि असहमतियों का उदघाटन करना है। आलोचनात्मक वातावरण बनाना है। नामवर सिंह असहमति और आलोचनात्मक वातावरण तैयार करने का नहीं सहमति के निर्माण का काम करते रहे हैं। यह प्रौपेगैण्डा की पद्धति है आलोचना की नहीं।
   नामवर सिंह को हिन्दी में आलोचक कम और ‘ साहित्य के अधिकारी विद्वान’ के रूप में ज्यादा जनप्रियता हासिल है। यह ‘अधिकारी विद्वान’ का पद प्रचारक का पद है आलोचक का नहीं।
    वे जब बोलते हैं तो ऑडिएंस का ख्याल रखते हैं और उन्हीं बातों,विचारों आदि का प्रचार करते हैं जिसको ऑडिएंस की स्वीकृति मिले। उनके भाषणों में हिन्दी प्रेम,भारत प्रेम,भारतीय परिवार प्रेम, गांव,ग्राम्य दुर्दशा,स्वाधीनता का समर्थन और दर्शक की इच्छाओं का महिमामंडन खूब हुआ है।
    नामवर सिंह के अनेक व्याख्यान लेखकों के मनोबल को बढ़ाने के लिहाज से दिए गए हैं। हिन्दी में जिसे अपना मनोबल टूटता सा लगता है दौड़कर नामवर सिंह के पास जाता है और अनुरोध करता है चलो भाषण दो। यह काम मूलतः प्रौपेगैंडिस्ट का है। वह नैतिक मनोबल बढ़ाने का काम करता है। इस काम में नामवर सिंह अपनी साख और आदर्शों का जमकर इस्तेमाल करते रहे हैं।
    नामवर सिंह की साख सबसे ज्यादा है, जिसका वे व्यक्तियों,लेखकों और साहित्य पाठकों के नैतिक मनोबल बढ़ाने के लिए इस्तेमाल करते हैं। इस प्रक्रिया में साहित्य की ग्रहण क्षमता बढ़ाने पर उनका खास ध्यान रहा है।
    नामवर सिंह अपने भाषणों से हस्तक्षेप करते हैं, ऑडिएंस को एकजुट करते हैं फिर सुनने वालों में एकमत राय कायम करते हैं। वे अपने व्याख्यानों के जरिए संबंधित विषय पर मतभेदों को कम करते हैं। मतभेदों के दायरे को कम करने के चक्कर में सरलीकरण और विभ्रम भी पैदा करते हैं,लेकिन उनका मूल लक्ष्य विभ्रम पैदा करना नहीं है,वे मतभेद और गुटबाजियां कम करने के लिए व्याख्यान का इस्तेमाल करते हैं। व्याख्यान के अंत में उनकी भविष्य पर नजर होती है और आशा का संदेश देते हैं। भविष्य के प्रति ऑडिएंस में जो अज्ञान है उस पर से पर्दा हटाते हैं। यह काम बेहद सतर्क ढ़ंग से करते हैं।
    नामवर सिंह अपने विचारों में जिस क्षेत्र या विषय पर बातें करते हैं उस पर समाधान भी सुझाते हैं वे महज बातें नहीं करते। ऑडिएंस उनके समाधानों से सामने सहमत होती है। इसके लिए वे अभिभूत करने की कला का जमकर इस्तेमाल करते हैं। इसी अर्थ में वे साहित्य के महान् प्रचारक हैं।
   नामवर सिंह के व्याख्यान ऑडिएंस को फुसलाते ज्यादा हैं ज्ञान कम देते हैं। वे साहित्य के प्रति आस्था पैदा करते हैं साहित्य का ज्ञान कम देते हैं। यही वजह है नामवर सिंह के व्याख्यान पढ़ते हुए साहित्य के प्रति आस्था बनती है ज्ञान कम मिलता है।
    नामवर सिंह की व्याख्यान शैली आक्रामक होती है और इसके जरिए वे किसी न किसी व्यक्ति के विचारों पर हमला करने के बहाने ऑडिएंस के विचारों पर उच्च नैतिक धरातल से हमला बोलते हैं और फिर उसे अपनी राय मानने के लिए फुसलाते हैं।        
     हिन्दी में  आलोचना को प्रतिष्ठित करनें में नामवर सिंह की अग्रणी भूमिका रही है और उनके अथक वाचिक प्रयासों ने  आलोचना को जनप्रियता  दिलायी है। इसके बावजूद इन चार किताबों में नई बातें कम हैं पुरानी बातें ज्यादा हैं। इन किताबों का महत्व इस लिहाज से ज्यादा है कि इनके जरिए हिन्दी आलोचना के बारे में नामवर सिंह के विचारों को पहलीबार पेश किया गया है। ये किताबें आलोचना के स्टीरियोटाईप का खंडन-मंड़न हैं।
      आलोचना के प्रति नामवर सिंह का हमेशा से सर्जनात्मक रवैय्या रहा है। नामवर सिंह ने अपभ्रंश से लेकर जनवादी साहित्य तक जो कुछ भी लिखा है वह  आलोचना का हिस्सा है। इस प्रक्रिया में नामवर सिंह का मुख्य जोर वर्तमान को बेहतर बनाने और नवीन दिशा देने पर है।
     वर्तमान को बेहतर बनाने के लिए नामवर सिंह अतीत में नहीं जाते  बल्कि वर्तमान में रहकर ही बेहतरी के सत्तापंथी यूटोपिया का निर्माण करते हैं। इसके लिए उन तमाम स्रोतों की मदद लेते हैं जिनसे वर्तमान की सही समझ बने। वर्तमान को बेहतर बनाने के लिए उसकी बेहतर समझ का होना जरूरी है। युगीन अन्तर्विरोधों की सटीक समझ पर ही सही समझ निर्भर करती है। सही समझ के आधार पर ही सही दृष्टिकोण का निर्माण संभव है।
    आलोचना का लक्ष्य है सटीक अन्तर्विरोधों को रेखांकित करना। हिन्दी के अधिकांश समीक्षकों की मुश्किल यह है कि वे अपने युग के प्रधान और उप-प्रधान अंतर्विरोधों को नहीं जानते।   युगीन अन्तर्विरोधों की भ्रामक समझ आलोचना को नष्ट करती है। कहीं न कहीं अन्तर्विरोधों की भ्रामक समझ का हिन्दी आलोचना के ह्रास में बड़ा योगदान है।
     हिन्दी में खूब लिखा जा रहा है किन्तु अन्तर्विरोधों की सही समझ के अभाव, अतिरेक और भ्रष्ट धारणाओं में ज्यादा लिखा जा रहा है। अवधारणाओं का भ्रष्टीकरण जितना हिन्दी में हुआ है वैसा अन्यत्र नजर नहीं आता। यह परवर्ती पूंजीवाद की विशेषता है। अवधारणाओं के भ्रष्टीकरण में हिन्दी की साहित्यिक पत्रिकाओं और उनमें छपने वाले तथाकथित समीक्षकों की सक्रिय भूमिका रही है। नामवर सिंह की ये चारों किताबें साहित्य में अवधारणात्मक भ्रष्टीकरण में ईंधन का काम कर सकती हैं।             
     इन किताबों में दो बातें गायब हैं पहली बात जो गायब है वह है नामवर सिंह के द्वारा उपेक्षित विषय और लेखों का संदर्भ। संपादक को कम से उन विषयों पर नामवर सिंह से बात करनी चाहिए थी जिन पर उन्होंने नहीं लिखा और जो लिखा और बोला है उसके संदर्भ को नामवर सिंह से बातें करके लिखा जाना चाहिए। अथवा आलोचना के उन सवालों पर संपादक को स्वयं लिखना चाहिए जिन पर नामवर सिंह ने नहीं लिखा अथवा ऐसा लिखा है जिस पर संपादक की असहमति है अथवा विवादास्पद लिखा है।
       संपादक को महज संवाददाता नहीं होना चाहिए। इससे यह संदेश जाता है कि नामवर सिंह के निबंधों पर लिखने की संपादक की क्षमता नहीं है अथवा नामवर सिंह के साथ समझौते के तहत संकलन तैयार किया गया और हिदायत दी गयी कि नामवर सिंह पर कलम नहीं चलाओगे। इस प्रसंग में संपादक ने यदि नामवर सिंह के द्वारा संपादित संकलनों की भूमिकाओं से ही कुछ सबक हासिल किया होता अथवा मार्क्सवादी आलोचकों के द्वारा तैयार किए गए संकलनों की भूमिका से ही कोई सीख ली होती और ठीक से भूमिका लिखी होती तो निबंधों में व्याप्त विभ्रमों,धारणाओं और विवादों पर संपादक के नजरिए का भी अंदाजा लगता ?
    नामवर सिंह के निबंधों का संकलन व्यापक कालखंड़ में फैला है ,निबंधों में समय का अंतराल है ,इसके कारण निबंधों में असम्बद्धता भी है। इसमें चुप्पी  वाले साल और जिन विषयों को नामवर सिंह ने नहीं उठाया है उनका कारण जानने में मदद नहीं मिलती।
      नामवर सिंह मित्र शैली के आलोचक हैं। उनका पंसदीदा मित्र आलोचक-लेखकों के साथ इन निबंधों में संवाद दिखता है। दूसरा महत्वपूर्ण बात यह कि नामवर सिंह व्यक्ति के आलोचक हैं,व्यवस्था के नहीं। जबकि रामविलास शर्मा ने व्यक्ति और व्यवस्था केन्द्रित दोनों ही किस्म की आलोचना लिखी है।
     नामवर सिंह अकादमिक स्तर पर जितने गंभीर हैं और जिस ठंड़े मन के साथ समस्त जटिलताओं के साथ सोचते और लिखते हैं वैसी मनोदशा इन किताबों में एकसिरे से नदारद है। इन किताबों के आधार पर नामवर सिंह के बारे में कोई भी राय नहीं बनायी जा सकती और जो राय  बनेगी वह बेहद खराब होगी। ये किताबें उनके  द्वारा पहले लिखी किताबों का वस्तुतः निरस्तीकरण है।
      नामवरसिंह के लेखन की गंभीरता ,स्थिर होकर सोचने और लिखने की विद्वतापूर्ण शैली का उनके वाचिक निबंधों में अभाव दिखाई देता है।  वाचिक निबंध तात्कालिकता और पापुलिज्म की सोच से संचालित हैं। इन किताबों से यह भी पता चलता है कि नामवर सिंह जो कुछ भी बोलते रहे हैं वह सब तैयारी से नहीं बोलते थे। संपादकीय दबाब ,तात्कालिकता और मंचीय दबाब इन वाचिक लेखों में साफ नजर आते हैं। नामवर सिंह के निबंधों में तात्कालिकता और उत्सवधर्मिता के दबाबों को भी देखा जा सकता है। ये चीजें नामवर सिंह के धीर-गंभीर अकादमिक व्यक्तित्व के अनुरूप नहीं हैं।

    नामवर सिंह के प्रति अनालोचनात्मकता से लड़ना पहली समस्या है। नामवर सिंह को आलोचना के भगवान का दर्जा देकर हिन्दीभक्तों ने उनका तो नुकसान किया ही साथ ही हिन्दी आलोचना का भी गंभीर नुकसान किया है। उन्हें ‘कल्ट व्यक्तित्व’ बनाया है।
        इन चार किताबों से यह पता नहीं चलता कि नामवर सिंह असल में क्या करते रहे हैं और इस तरह का लेखन और वाचन क्यों करते रहे हैं । नामवर सिंह का कहना है कि मैं लेखन के लिए लेखन में विश्वास नहीं करता। यदि यह सच है तो सवाल किया जाना चाहिए कि वे बोलने के लिए बोलने पर क्यों विश्वास करते हैं ? बोलने के लिए बोलना ज्यादा खतरनाक है । नामवर सिंह का अधिकांश संकट यहीं पर है।
     उनके विचारों में गंभीर विचलन वाचिक निबंधों में सामने आया है। लिखित निबंधों में विचलन कम है। अतः उनके लिखे और बोले को एक ही ढ़ंग और परिप्रेक्ष्य में नहीं पढ़ा जा सकता। विचारधारा और परिप्रेक्ष्य का संकट उनके वाचिक निबंधों में ज्यादा और लिखित निबंधों में कम है। लिखित निबंधों में नामवर सिंह ज्यादा सुसंगत ,बौद्धिक और व्यवस्थित नजर आते हैं। वाचिक निबंधों मैं भटके हुए नजर आते हैं। सवाल यह है कि वे बोलने के लिए बोलने की कला का इस्तेमाल क्यों करते रहे हैं ?
    बोलने के लिए बोलने की कला के कारण वे सामाजिक ज्यादती के भी शिकार हुए हैं या उन्हें शिकार बनाया गया है ? वे प्रतिदिन बोलते हैं, प्रतिदिन भाषण देना जोखिम का काम है। नामवर सिंह नए-नए विषयों पर बोलते हैं और कम के कम अथवा कभी कभी वगैर जाने भी बोलते हैं। वे बौद्धिक रिस्क लेते हैं।
     उनके विचारों की फिसलन का स्रोत है बोलने के लिए बोलना। बोलते समय नामवर सिंह ‘केजुअल आलोचक’ के रूप में सामने आते हैं। पेशेवर आलोचक का रूप लिखित निबंधों में दिखाई देता है। ‘केजुअल आलोचक’ के रूप में नामवर सिंह ने विषय विशेष पर बोलते हुए संदर्भ,अवधारणा,ऐतिहासिकता आदि चीजों को लेकर घल्लूघारा किया है। यह प्रवृत्ति उनके निबंधों में व्यापक रूप में फैली हुई है।
     इस समस्या का दूसरा पहलू ऑडिएंस से जुड़ा है। नामवर सिंह की वाह -वाह करने वाली ऑडिएंस है। यह क्रिटिकल ऑडिएंस नहीं है। अन-क्रिटिकल ऑडिएंस में अहर्निश भाषण देने के कारण उन्हें यह एहसास नहीं हुआ कि वे क्या सही और क्या गलत बोल रहे हैं। सचेत समीक्षकों की आलोचना पर नामवर सिंह के आलोचक मन ने कभी ध्यान नहीं दिया,सचेत ऑडिएंस उन्हें मिली नहीं। इसका प्रभाव इन किताबों में दिखता है। इन किताबों में अनेक भूलें सहज ही देखी जा सकती हैं।
    भक्त ऑडिएंस में बोलने के कारण नामवर सिंह को कभी अपनी कमजोरियों का एहसास तक नहीं हुआ और वे इस मुगालते में रहे हैं कि वे जो कुछ भी बोल रहे हैं सही बोल रहे हैं। उनके भाषणों जो चीजें नष्ट हुई हैं वह हैं विषय की शोधपरक गंभीरता, ऐतिहासिकता ,जटिलता एवं संश्लिष्टता। इसके कारण अनेक स्थानों पर वे सरलीकरण और कॉमनसेंस के तर्कों का इस्तेमाल करते हैं। यहां हम सिर्फ दो प्रसंगों का जिक्र करना चाहेंगे,ये हैं आपात्काल और स्त्री-पुरूष संबध।



मंगलवार, 5 अक्टूबर 2010

आलोचना का पराभव और नामवर सिंह-2-

    नामवर सिंह की ताजा चारों किताबें उनके मार्क्सवादी होने के मिथ को तोड़ती हैं। मिथ बनाना और तोड़ना यह उनकी सामान्य प्रकृति है। अपने कहे को सार्वजनिक तौर पर बदलना अथवा अस्वीकार करना, विचारों की रुढ़िबद्धता को तोड़ने का उनका उपयोगितावादी अस्त्र हैं। नामवर सिंह की इन किताबों की आलोचनादृष्टि की धुरी है तात्कालिक दबाब ,पितृसत्तात्मक नजरिया और सत्ता की जरूरतें।
       भूमिका में आशीष त्रिपाठी ने नामवर सिंह को उद्धृत करते हुए लिखा है , ‘‘एक बार मेरे पूछने पर उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा था कि ‘चाहे निबन्ध हो या पुस्तक,मुझे उसका प्रकाशन तब ही जरूरी लगता रहा है,जबकि वह मौजूदा परिदृश्य में हस्तक्षेप करे ,उसके ठहराव को तोड़े और वाद-विवाद-संवाद की प्रक्रिया को आगे बढ़ाए। मेरी ज्यादातर पुस्तकें अपने समय की बहसों में भागीदार होकर लिखी गयी हैं। इसीलिए संग्रह के लिए संग्रह निकालना मेरी प्राथमिकता नहीं रहा है।’’
      सवाल उठता है फिर ये किताबें क्यों लायी गयी हैं ? क्या ये किताबें संग्रह के लिए संग्रह नहीं हैं ? नामवर सिंह जिसे ‘हस्तक्षेप’ कहते हैं वह शीतयुद्धीय राजनीति का महामंत्र है। मौजूदा दौर ‘हस्तक्षेप’ का नहीं ‘लेखन’ का है और उसी का परिणाम हैं ये चार किताबें। ‘हस्तक्षेप’ से ‘लेखन’ के पैराडाइम में आना नामवर सिंह का कायाकल्प है। यह एक मार्क्सवादी का ‘कछुआ धर्म’ में रूपान्तरण है। यह मार्क्स के पंथ से देरिदा के पंथ में दाखिल होना है। नामवर सिंह के इन निबंधों के प्रकाशित होने से उनका पैराडाइम शिफ्ट हुआ है। वे अचानक ‘आलोचना’ से ‘विमर्श’ में चले आए हैं।
     नामवर सिंह की इन किताबों में मूलतः दो मॉडल हैं पहला साहित्यिक मॉडल कृति-व्यक्ति केन्द्रित है, दूसरा, अस्मिता मॉडल है,इसमें अस्मिता के उप-पाठ भी शामिल हैं। ये दोनों ही मॉडल उनकी इन चार किताबों में हैं। ये दोनों सत्ता विमर्श के साहित्यिक मॉडल हैं।       

     ये किताबें नामवर सिंह की पहले आयी किताबों जैसे - ‘छायावाद’,‘इतिहास और आलोचना’,‘कविता के नए प्रतिमान’,‘दूसरी परंपरा की खोज’, ‘वाद-विवाद-संवाद’ से बुनियादी तौर पर अलग हैं। ये चारों किताबें नामवर सिंह के विचारों के वैविध्य को सामने लाती हैं। इन किताबों में नामवर सिंह की शीतयुद्धीय धारणाओं का विध्वंस भी देखा जा सकता है।
        सवाल उठता है क्या नामवर सिंह के ये चार संकलन किसी नई बहस को जन्म देते हैं ? क्या इनके माध्यम से आलोचना में कोई नयी जान फूंकी जा सकती है ? क्या इन निबंधों से आलोचना का कोई नया वातावरण बनेगा ? जी नहीं। इन किताबों से नामवर सिंह के विचारों के बारे में और भी भ्रम पैदा होंगे, आलोचकों और लेखकों में सत्ता की शरण में जाने की मुहिम तेज होगी। आलोचना और भी नपुंसक बनेगी। अराजनीतिक बनेगी।
       नामवर सिंह की जो चार किताबें आई हैं वे हैं ‘कविता की जमीन और जमीन की कविता’,‘प्रेमचन्द और भारतीय समाज’, ‘हिन्दी का गद्यपर्व’ और ‘जमाने से दो-दो हाथ’। ये चारों किताबें मूलतः आलोचना को पुनःप्रतिष्ठित करने का असफल प्रयास है। इनमें ‘प्रेमचंद और भारतीय समाज’ कथा समीक्षा की महत्वपूर्ण किताब है। जबकि ‘जमाने से दो-दो हाथ’ उत्तर आधुनिक विषयों पर नामवर सिंह की अधूरी किताब है। इसमें नामवर सिंह वैचारिक रूप से चंचल नजर आते हैं। यही स्थिति ‘हिन्दी का गद्यपर्व’ नामक किताब की भी है इसमें नामवर सिंह के शीतयुद्धीय साहित्यिक नजरिए को देखा जा सकता है।  हिन्दी साहित्येतिहास को लेकर नामवरसिंह की विवादास्पद और कमजोर धारणाएं इसमें व्यक्त हुई हैं।
      ‘हिन्दी का गद्य पर्व’ में चार मार्क्सवादियों -जार्ज लूकाच,लुसिएँ गोल्डमान,रेमण्ड विलियम्स और लेनिन -पर नामवर सिंह के लेख सबसे कमजोर लेख हैं । चीजों को सरल बनाकर पेश करने के चक्कर में मार्क्सवादियों के विचारों की अपूर्ण इमेज प्रस्तुत की गई है। ‘लेनिन और हम’ निबंध में लेनिन को एकबार याद करने के बाद नामवर सिंह ने लेनिन को कभी दोबारा याद नहीं किया। हिन्दी के मार्क्सवादियों में रामविलास शर्मा ,राहुल सांकृत्यायन और शिवदान सिंह चौहान के उठाए कुछ ही मुद्दों पर उन्होंने लिखा है। बाकी मार्क्सवादियों को इस लायक भी नहीं समझा।
      कहने का आशय यह कि हिन्दी के मार्क्सवादियों और मार्क्सवाद पर उन्होंने न्यूनतम लिखा है। विदेशी मार्क्सवादियों पर भी न्यूनतम लिखा है। भारत के बाकी मार्क्सवादियों पर कुछ भी नहीं लिखा है। मार्क्सवादी साहित्यालोचना संबंधी धारणाओं पर कुछ भी नहीं लिखा है। सवाल किया जाना चाहिए कि नामवर सिंह ने मार्क्सवादी सिद्धान्तों और भारत के मार्क्सवादियों पर क्यों नहीं लिखा ? जबकि रामविलास शर्मा ने अपने तरीके से यह काम किया है।
    मार्क्सवादी सिद्धांत चर्चा से विश्व का कोई भी मार्क्सवादी नहीं भागा सिर्फ नामवर सिंह को छोड़कर। उल्लेखनीय है भारत में मार्क्सवादी सिद्धान्त चर्चा समाजविज्ञान, दर्शन और विज्ञान के भारतीय मार्क्सवादियों में खूब हुई है लेकिन नामवर सिंह इससे भागते रहे हैं।
     नामवर सिंह का मार्क्सवाद की मूल सिद्धान्त चर्चा से पलायन और उनका सारी जिंदगी मार्क्सवाद की बुनियादी बातों पर न बोलना और न लिखना किस बात का संकेत है ?
      सच्चाई यह है नामवर सिंह ने मार्क्सवाद पर सबसे ज्यादा पढ़ा है। सबसे बड़ा मार्क्सवादी किताबों का जखीरा उनके पास है। लेकिन मार्क्सवाद पर उन्होंने न्यूनतम लिखा है।
    नामवर सिंह का मार्क्सवादी सिद्धांत चर्चा से पलायन का प्रधान कारण है उनकी सामंती मनोवृत्तियां और सत्ताभक्ति।  नामवर सिंह तमाम अच्छाईयों और महानता के बावजूद अपने दिमाग की सामंती और सत्तापंथी संरचनाओं को तोड़ने में असमर्थ रहे हैं। सत्ता और सामंत उनके मार्क्सवाद पर भारी पड़े हैं। 
        मार्क्सवाद की सिद्धांत चर्चा किसी भी बुद्धिजीवी को इरेशनल वैचारिक संरचनाओं से लड़ने, पोजीशन लेने के लिए मजबूर करती है। नामवर सिंह के साथ यह प्रक्रिया जीवन और साहित्य में कभी घटित ही नहीं हुई।
     नामवर सिंह मार्क्सवाद की जटिल सिद्धान्त चर्चा में हस्तक्षेप करने के लिए कभी अपने को जाग्रत नहीं कर पाए ? नामवर सिंह के लिए मार्क्सवाद सुविधा की चीज है। मार्क्सवाद की बुनियादी सिद्धांत चर्चा में लिखित और वाचिक दोनों ही रूप में उनकी अनुपस्थिति हिन्दी में सत्ता,मार्क्सवाद और सामंतवाद के निकृष्टतम गठजोड़ की चरम अभिव्यक्ति है। उल्लेखनीय है मार्क्सवाद की सिद्धांत चर्चा पर रामविलास शर्मा,अमृतराय, शिवकुमार मिश्र,मैनेजर पांडेय आदि ने लिखा है लेकिन नामवर सिंह ने कुछ भी नहीं लिखा है।     
  इन चार किताबों में वाचिक और लिखित दो तरह के नामवर सिंह हैं। लिखित नामवर सिंह में हिन्दी समीक्षा के गद्य सौंदर्य के दर्शन होते हैं। जबकि वाचिक नामवर सिंह में जगह-जगह वैचारिक विचलन नजर आता है। कायदे से वाचिक और लिखित दोनों किस्म के नामवर सिंह में भेद करके पढ़ा जाना चाहिए। यह भेद व्यक्ति का ही नहीं मीडियम का भी है। नामवर सिंह आलोचक कम और साहित्य के प्रौपेगैण्डिस्ट या प्रचारक ज्यादा नजर आते हैं।


शनिवार, 18 सितंबर 2010

खोया आलोचक मिला सेलिब्रिटी नामवर सिंह

        हिन्दी के वरिष्ठ आलोचक नामवर सिंह लंबे समय से ‘गायब’ हैं। कोई नहीं बता रहा वे कहां चले गए। वैसे व्यक्ति नामवर सिंह साक्षात इस धराधाम में हैं और मजे में हैं। गड़बड़ी यह हुई है कि ‘आलोचक नामवर सिंह’ गायब हो गए हैं। उनका गायब होना एक बड़ी खबर होना चाहिए था। लेकिन हिन्दी वाले हैं कि उनके आलोचक के रूप में गायब हो जाने को गंभीरता से नहीं ले रहे।
     नामवर सिंह हम सबके पूज्य हैं। आराध्य हैं। हमें उनसे प्रेरणा मिलती है। उनका एक -एक कथन आलोचना में हीरे की कण की तरह होता है। लेकिन लंबे समय से वे आलोचना से गायब हो गए हैं। यह बात दीगर है कि उनके नाम पर कुछ डमी नामवर बाजार में उपलब्ध हैं।
    ‘आलोचक नामवर सिंह’ हम सबके बुजुर्ग हैं और बुजुर्गों का हम सब आदर करते हैं और उनकी बातें भी मानते हैं। हम सब पहले भी उनकी बातें मानते थे। वे जैसा कहते थे वैसा ही करते थे इन दिनों भी वे जैसा कह रहे हैं हम वैसा ही कर रहे हैं। वे जो कुछ कहते हैं उसे आंख बंद करके मान लेते हैं। वे जिसका लोकार्पण करते और दस-पांच मिनट बोल दें,उसकी किताब हाथों-हाथ बिक जाती है और जिस व्यक्ति को हजारीप्रसाद द्विवेदी के बाद का सबसे बड़ा आलोचक बना दें तो उसकी किताब का झटके में द्वितीय संस्करण आ जाता है। प्रथम संस्करण के प्रकाशन के साथ ही राजकमल प्रकाशन उसे एक लाख का इनाम दे देता है।
    यही हाल अलका सरावगी का भी हुआ उसके उपन्यास की गुरूवर ने इतनी प्रशंसा की कि उसे साहित्य अकादमी पुरस्कार मिल गया। कहने का अर्थ है नामवर सिंह की प्रशंसा का दाम है और उनकी प्रशंसा की बाजार में हमेशा रेटिंग ऊँची रही है। वे अब प्रशंसा करते है। आलोचना नहीं।
    नामवर सिंह हिन्दी के एकमात्र ऐसे आलोचक हैं कि जिनका लोहा सभी मानते हैं और उनके जितने भी परिचित हैं,शिष्य हैं वे सब उनके फेन हैं। मैं भी उनका फेन हूँ। शिष्य भी हूँ। मेरी मुश्किल यह है मैंने आलोचक नामवर सिंह से पढ़ा था। मैंने सैलीबरेटी नामवर सिंह से नहीं पढ़ा था।
    मुझे आज ही एक दोस्त ने पूछा था कि आलोचक नामवर सिंह कब से गायब हैं ? मुझे यह सवाल प्रासंगिक लगा और मैंने आलोचक नामवर सिंह की खोज आरंभ कर दी तो मुझे सौभाग्य से यह पता चला कि आलोचक नामवर सिंह आपातकाल में ही गायब हो गए।
      आपातकाल के बाद किसी ने आलोचक नामवर सिंह को नहीं देखा है। आपातकाल में लुप्त हुए नामवर सिंह को अभी तक लोग खोज रहे हैं लेकिन उन्हें वे नहीं मिले हैं। किसी को कुलाधिपति नामवर सिंह मिले हैं, किसी को अमिताभ बच्चन के रूप में मिले हैं,किसी को लोकार्पण वाले नामवर सिंह मिले हैं। किसी को प्रशस्तियां पढ़ने वाले नामवर सिंह मिले हैं किसी को पुराने के प्रेमी नामवर सिंह मिले हैं, किसी को साक्षात्कार देने वाले नामवरसिंह मिले हैं,किसी को राजकमल प्रकाशन वाले नामवर सिंह मिले हैं, किसी को गुरूवर नामवर सिंह मिले हैं, किसी को आशीर्वाद देकर काम कराने वाले नामवर सिंह मिले हैं।
        मैं बेबकूफों की तरह आलोचक नामवर सिंह को खोज रहा था और अपने सभी लक्ष्यों की प्राप्ति में असफल साबित हुआ। मैंने 30 से ज्यादा एक से एक सुंदर विषय पर किताबें लिखीं है और हिन्दी माध्यम समीक्षा और साहित्य समीक्षा का मान ऊँचा किया। लेकिन आश्चर्य की बात है कि आलोचक नामवर सिंह की मेरे ऊपर नजर तक नहीं पड़ी। उन्होंने मेरी किताबों को स्पर्श योग्य भी नहीं समझा।
     मैं बार-बार सोचता था कि एकबार आलोचक नामवर सिंह मेरी दस साल पहले आई  स्त्रीवादी आलोचना की किताब ‘स्त्रीवादी साहित्य विमर्श’ को जरूर पढ़ेंगे। लेकिन मुझे आश्चर्य हुआ कि आलोचक नामवर सिंह ने मेरी किताब नहीं देखी,यह बात दीगर है कि मेरी सारी किताबें अंतर्वस्तु के बल पर ,बिना किसी समीक्षक की सिफारिश या प्रशंसा के लगातार बिक रही हैं और मेरी अधिकांश किताबों की सरकारी खरीद भी नहीं हुई है। मामला यहीं तक नहीं थमा है आलोचक नामवर सिंह को एडवर्ड सईद,बौद्रिलार्द, मेकलुहान,नॉम चोमस्की, बोर्दिओ आदि पर केन्द्रित किताबें भी नजर नहीं आयीं।
      उन्हें हिन्दी की लुप्तप्राय कविताओं का संकलन ‘स्त्री काव्यधारा’ दिखाई नहीं दिया। इसमें हिन्दी की स्त्री लेखिकाओं की वे कविताएं हैं जो नामवर सिंह और उनके अनेक भक्तों ने भी नहीं पढ़ी हैं। इनमें से अधिकांश लेखिकाओं का हिन्दी साहित्य के इतिहास में किसी ने जिक्र तक नहीं किया।
      आलोचक नामवर सिंह ने उस किताब पर भी कुछ नहीं बोला जिसमें 70 से ज्यादा हिन्दी लेखिकाओं के वे दुर्लभ निबंध हैं जो हिन्दी आलोचना और इतिहास में चर्चा के योग्य नहीं समझे गए। आलोचक नामवर सिंह का इस तरह मेरी किताबों को एक नजर भी न देखना मेरे लिए चिन्ता की बात है। यही वो संदर्भ है जहां से हमें यह सवाल उनसे पूछना है कि आखिरकार पुरूषोत्तम अग्रवाल की आलोचना किताब में ऐसा क्या है जिसके कारण आप बार-बार उसकी प्रशंसा के लिए बाध्य होते हैं और मेरी आलोचना की किताब आपको नजर नहीं आती ?
      अलका सरावगी में ऐसा क्या खास है कि उसके उपन्यास की प्रशंसा में आप प्रशंसा के सभी मानक तोड़ देते हैं लेकिन उदयप्रकाश की रचनाओं की प्रशंसा के लायक शब्द नहीं होते ?
   हमें लगता है आलोचक नामवर सिंह अब हमारे बीच नहीं है। अब हम जिस नामवर सिंह को देखते रहते हैं। वह प्रशंसा करने वाला व्यक्ति है। यह ऐसा व्यक्ति है जिसने आपातकाल में अपना आलोचनात्मक विवेक खोया तो फिर उसे दोबारा अर्जित नहीं कर पाया। अब वह आलोचक कम और प्रशंसा करने वाला व्यक्ति है। यह आलोचना नहीं करता बल्कि मार्केटिंग करता है।
    आलोचक नामवर सिंह की जगह सेलिब्रिटी नामवर सिंह का उदय ‘दूसरी परंपरा की खोज’ के प्रकाशन से होता है। उसके बाद वे हमेशा सेलिब्रिटी भाव में रहते हैं। उनके सेवाभावी शिष्य भी सैलीबरेटी भाव में रहते हैं। सेलिब्रिटी भाव के निर्माण के लिए मीडिया में उपस्थिति जरूरी है। इस ओर सेलिब्रिटी नामवर सिंह ने बड़ी मेहनत की है। इतनी मेहनत उन्होंने आलोचक नामवर बनने के लिए की होती तो साहित्य का भला होता लेकिन सेलिब्रिटी नामवर सिंह से मीडिया उपकृत हुआ। थोक किताबों के बिक्रेता उपकृत हुए। राजकमल प्रकाशन उपकृत हुआ।
       उल्लेखनीय है आलोचक नामवर सिंह का सेलिब्रिटी नामवर सिंह में रूपान्तरण मुझे अपने छात्र जीवन में करीब से देखने को मिला था। सेलीब्रिटी नामवर सिंह की इमेज उनके अ-जनतांत्रिक कार्यकलापों से भरी पड़ी है। आलोचक के पास विवेक होता है ,सामाजिक जिम्मेदारी होती है। लेकिन सैलीबरेटी इनसे वंचित होता है। जिस तरह आलोचक नामवर सिंह का इतिहास है उसी तरह सैलीबरेटी नामवर सिंह का भी इतिहास है। यह इतिहास आलोचक नामवर सिंह का एकदम विलोम है।
   सेलीब्रिटी नामवर सिंह की यह खूबी है कि वह किसी भी चीज पर विश्वास नहीं करता। वह जो कुछ है उसे सीधे जानता है. वह किसी अन्य के बहाने जानने की बजाय सीधे जानना पसंद करता है उसे किसी अन्य की राय पर नहीं अपनी राय और बुद्धि पर भरोसा है। वह दर्शकीय और संशयवादी भावबोध में रहता है।
     सेलिब्रिटी नामवर सिंह प्रॉपरसेंस में विश्वास नहीं करता। प्रॉपरसेंस में नहीं सोचता। उसके लिए भक्ति और आस्था प्रधान है। जो इसे करने में असमर्थ हैं वह उन्हें अस्वीकार करता है। जो उन पर आस्था रखते हैं उनके प्रति वह संवेदनशील भी है। उनकी सीधे खबर भी रखते हैं। सेलिब्रिटी नामवर सिंह ‘तर्क’ और सकारात्मक ज्ञान के आधार पर नहीं सोचता और नहीं बोलता । जिन पर वह विश्वास नहीं करता उनके बारे में चुप रहता है या नकारात्मक टिप्पणियां करता है। ज्यादातर समय चुप ही रहता है।
   सेलीब्रिटी नामवर सिंह का आस्था में अटूट विश्वास ही है जो उनके व्यक्तित्व में अनिश्चितता और भ्रम बनाता है। नामवर सिंह से आप किसी भी काम के लिए कहें इसके लिए कोई गारंटी नहीं है कि वह हो ही जाएगा। वे काम की गारंटी का वायदा नहीं करते वे आस्था की गारंटी का वायदा जरूर करते हैं। आपसे वे उम्मीद करते हैं आस्था बनाए रखो।
    जबसे आलोचक नामवर सिंह का सेलिब्रिटी नामवर सिंह में रूपान्तरण हुआ है तब से ऐतिहासिक दृष्टिकोण की मौत हो गयी है। अब चीजों,व्यक्तियों,कृतियों,रचनाकारों आदि के बारे में आए दिन अनैतिहासिक बयानबाजी करते रहते हैं। पहले वे दिमाग खोलने का काम करते थे अब दिमाग को नियंत्रित करने का काम करते हैं। पहले वे आलोचक की भूमिका निभाते थे अब नैतिकतावादी प्रिफॉर्मेंस पर जोर देने लगे हैं।
    पहले उनका सामाजिक तौर पर जनता के साथ एलायंस था लेकिन आपात्काल से उनका सत्ता के साथ एलायंस बना है। पहले वे जनता के मोर्चे में थे अब सत्ता के मोर्चे में हैं। पहले वे आलोचनात्मक विवेक पैदा करते थे,अब मिथ बनाते हैं। व्यक्तियों और आलोचकों के मिथ बनाते हैं। मसलन ‘यह महान है’ , ‘वह गधा है’ आदि।
       सेलिब्रिटी नामवर सिंह ने आस्था को शिक्षा,साहित्य,आलोचना से ऊपर स्थान दिया है। आस्था के आधार पर वे इन दिनों साहित्यिक हायरार्की बना रहे हैं। वे अब आलोचना नहीं करते मेनीपुलेशन करते हैं। पर्सुएट करते हैं, फुसलाते हैं। पटाते हैं। इसी चीज को कोई जब उनके साथ भक्त करे तो उसे अपना बना लेते हैं। उन्हें फुसलाना और पटाना पसंद है। साहित्य,विवेक और शिक्षा नहीं है। उनके सामयिक विमर्श का आधार है पर्सुएशन। यह विज्ञापन की कला है। आलोचना की नहीं।       
   





















गुरुवार, 2 सितंबर 2010

स्व.दुष्यंत कुमार के जन्मदिन पर विशेष- अब तो इस तालाब का पानी बदल दो- शैलेन्द्र चौहान

        (स्व.दुष्यंत कुमार 01 सितंबर 1933 - 30 दिसम्बर 1975 )
     अपने तीसरे कविता संग्रह 'जलते हुए वन का वसंत' की भूमिका में दुष्यंत कुमार कहते हैं कि 'मेरे पास कविताओं के मुखौटे नहीं हैं, अंतर्राष्ट्रीय मुद्राएँ नहीं हैं, मैं सामाजिक परिस्थिति के संदर्भ में साधारण आदमी की पीड़ा, उत्तेजना, दबाव, अभाव और उनके संबंधों में उलझनों को जीता हूँ और व्यक्त करता हूँ। मेरे लिए मनुष्य मात्र की अवमानना सबसे अधिक कष्टप्रद है।' इसी भावभूमि, विचार और संवेदना के तहत दुष्यन्त का परवर्ती लेखन निरंतर निखरता रहा एवं अधिक समृद्ध होता गया । अपने पहले कविता संग्रह 'सूर्य का स्वागत' से लेकर 'आवाज़ों के घेरे', 'जलते हुए वन का वसंत' और ग़ज़ल संग्रह 'साये में धूप' तक उनकी काव्य-प्रतिभा और प्रखरता लगातार परवान चढ़ती रही । उनका  काव्य नाटक 'एक कंठ विषपायी' और दो उपन्यास 'छोटे छोटे सवाल' तथा 'आँगन में एक वृक्ष' भी इस दृष्टि से कम महत्वपूर्ण नहीं हैं ।
     दुष्यंत कुमार ने अपनी अधिकांश  लोकप्रिय गज़लें अंतिम समय में ही लिखीं । कहते हैं कि बुझते दिए की लौ तेज होती है । इन्हीं गज़लों की वजह से दुष्यंत ने साहित्य में एक मुकम्मिल जगह बना ली । उनकी अंतिम समय की लिखीं  गजलें न केवल बेइंतिहा लोकप्रिय हुर्इं अपितु इन गज़लों को एक जड़ व्यवस्था का तीव्र विरोध भी सहना पड़ा । व्यवस्था वादी लोगों ने कहा कि हिंदी में गज़ल कोई विधा ही नहीं है । यह बहुत हल्की चीज है और साहित्य में इसका कोई महत्वपूर्ण स्थान भी नहीं । अब इसकी वजह क्या रही यह पता कर पाना बहुत मुश्किल काम नहीं । दरअसल दुष्यंत की गज़लें एक पैनी सामाजिक और राजनैतिक चेतना की बेमिसाल नमूना थीं । वह इतनी संवेदनात्मक थीं कि लोगों पर अपना गहरा प्रभाव छोड़े बिना नहीं रहती थीं । अत: संवेदन-हीन और रूढ़ व्यवस्था के पक्षधरों द्वारा उनका विरोध होना स्वाभाविक ही था । इस से पहले न तो कभी गज़ल को साहित्य की विधा मानने से इन्कार किया गया न ही उसे हल्की चीज माना गया । '70 के दशक के में दुष्यंत कुमार ने 'गजल' को एक नई जिंदगी दी। दिल को छूने वाले सामाजिक यथार्थ को अभिव्यक्त करने में दुष्यंत की भाषा एवं शैली ने जादू-सा कर दिया।'
     उर्दू गज़ल का मिज़ाज़ दरबारी था । उसकी विषयवस्तु, उसकी शब्दावली, संवेदना, लय, उन्मान, प्रतीक सब सुनिश्चित थे उन्हें तोड़ना या विकसित करना बहुत मुश्किल काम था । शमशेर बहादुर सिंह ने संभवत: इस दिशा में पहल की जब उन्होंने कहा - 'हक़ीक़त को लाए तखैयुल से बाहर, मेरी मुश्किलों का हल जो पाए' । शमशेर जी के बाद दुष्यंत कुमार ही एक ऐसे शायर हुए जिन्होंने उर्दू गज़ल के बँधे-बँधाए ढाँचे को एकदम तोड़ दिया । यूँ हिंदी में गज़ल लिखने की पहल जयशंकर प्रसाद, निराला, देवी प्रसाद पूर्ण, राम नरेश त्रिपाठी आदि कवियों ने की पर वे चूँकि उर्दू की परंपरागत गज़लों और उसके छंद शास्त्र से कतई भिन्न थीं सो तब बहुत लोकप्रियता उन्हें हासिल नहीं हुई । इसका एक कारण उनका रूढ़ और पारंपरिक कंटेन्ट भी रहा होगा । पर दुष्यंत ने जब गज़लें लिखीं तो उसका कंटेन्ट बहुत प्रभावी था । अब यहाँ नई मुसीबत आ खड़ी हुई, व्यवस्था-विरोध पूर्ण शिद्दत से इन गज़लों में उभर कर आया । वहीं परंपरावादी गज़लकारों, ग़ज़ल प्रेमियों को आम, सहज भाषा का प्रभावी इस्तेमाल भी अखरा । यूँ उर्दू की जदीद शायरी में भी आम बोलचाल की भाषा का काफी इस्तेमाल होता रहा था पर दुष्यंत को कैफ़ियत देना पड़ी कि उन्होंने शह्य को शहर और वज्न को वज़न जैसे शब्दों का उपयोग क्यों किया । बहरहाल जब दो  मिसरों  की  गज़ल  आम भाषा में नुमाया हुई तो रदीफ़, क़ाफ़िये, वज़न, टेक्सचर और भाषा के सवालात पैदा  हुए । पर दुष्यंत कुमार की गज़लों ने इन सारे सवालों को दरकिनार करते हुए अपनी पुख़्ता और मुकम्मिल जमीन बनाई । यहाँ यह बताना ग़ैरमुनासिब नहीं होगा कि भारतेन्दु हरिश्चंद्र ने भी उर्दू की परंपरा और शैली में गज़लें लिखीं थीं परंतु अपनी पारंपरिक शैली के कारण जन मानस में वह महत्वपूर्ण स्थान न पा सकीं । जाहिर है दुष्यंत की गज़लों की लोकप्रियता के पीछे हिंदी और उर्दू का फ़र्क नहीं बल्कि गज़लों का धारदार कंटेन्ट ही है ।
     हम इस विवाद में नहीं पड़ना चाहते कि गज़ल उर्दू हो या हिंदी, गज़ल उर्दू से आई है वह हिंदी नहीं हो सकती । अलबत्ता उर्दू मिश्रित आम बोलचाल की भाषा में हो सकती है । ऐसी गज़ल यदि लोगों के करीब हो तो कोई आश्चर्य की बात भी नहीं । दुष्यंत की गज़लों में सामाजिक स्थितियों की पैनी और गहरी पड़ताल है तो राजनीतिक चेतना भी गजब की है । दुष्यंत आम आदमी के दुख दर्द, सियासत की चालबाज़ी, फ़रेब, पाखंड और जड़-व्यवस्था की मूल्य हीनता के ख़िलाफ़ बहुत तीखे ढंग से रीएक्ट करते हैं । वह साफ़ कह उठते हैं -                                                                                                                    
                          कहाँ तो तय था चरागां हरेक घर के लिए
                          कहाँ चराग़ मयस्सर नहीं शहर के लिए ।
यहाँ दुष्यंत की दृष्टि बहुत विस्तृत है । वह हर घर के लिए चराग़ की बात करते हैं । चराग़ का मतलब रोशनी से है और रोशनी का मतलब सुख, समृद्धि, शांति और समझदारी से है । हैरत की बात है कि आज चराग़ पूरे शहर के लिए यानि एक बहुत बड़े वर्ग के लिए मयस्सर नहीं है । यहाँ दुष्यंत की वर्ग चेतना बहुत स्पष्टता से मुखरित होती है लेकिन दुष्यंत इस स्थिति से हताश नहीं हैं । वह कहते हैं कि -
                           वे मुतमइन हैं कि पत्थर पिघल नहीं सकता
                           मैं बेकरार हूँ आवाज़ में असर के लिए ।
     हर पल दुष्यंत कुमार की चेतना, मूल्य हीनता, सियासती दाँव-पेंच, सिद्धांतहीनता और प्रतिगामी स्थितियों को आरपार चीरती नजर आती है । उनकी संवेदनशीलता हर बार और अधिक वेधक हो उठती है -
                            कैसे-कैसे मंजर सामने आने लगे हैं
                            गाते-गाते लोग चिल्लाने लगे हैं ।
                            अब तो इस तालाब का पानी बदल दो
                            ये कँवल के फूल कुम्हलाने लगे हैं ।
      वह देखते हैं कि आम अवाम किस कदर असंवेदनशील हो गया है  तब वह कहते हैं कि -
                            गजब ये है कि अपनी मौत की आहट नहीं सुनते
                            वो सब के सब परेशाँ है कि वहाँ पर क्या हुआ होगा ।
                            यहाँ तो सिर्फ़ गूँगे और बहरे लोग बसते हैं
                            खुदा जाने यहाँ पर किस तरह जलसा हुआ होगा ।
दुष्यंत की गज़लें देश के हालात ( जाहिर है ख़स्ता हालात ) से रूबरू हैं । वे इससे इतने जुड़े हुए दिखते हैं कि प्रतिक्रिया व्यक्त करते हैं और गज़ल नुमाया होती है । दूसरी चीज जो इन गज़लों में बखूबी देखी जा सकती है वह है लोगों की संवेदनाओं को तेज करने की ललक । वह कुछ लोगों की संवेदन हीनता और शेष की जड़ता पर व्यंग्यात्मक प्रहार करते दीखते हैं -
                            जिस तरह चाहो बजाओ इस सभा में
                            हम नहीं आदमी,  झुनझुने हैं ।
     आज के निम्न वर्ग के हालात पर और दिल्ली के संसदी-सियासती ढ़ोंग पर गज़ल है -
                            भूख है तो सब्र कर,
                            रोटी नहीं तो क्या हुआ
                            आजकल दिल्ली में है जेरे बहस ये मुद्दआ
    'लोक की चिंता' आजकल राजनीति की दुनिया में बस दिखाने भर की चीज बच गई है । लोगों की परेशानी की नुमाइश अब जलसों-जुलूसों में की जाती है । भव्य आयोजन होते हैं यह बताने के लिए कि वे सब अवाम के लिए कितने फिक्रमंद हैं -
                            ये लोग होमो हवन में यकीन रखते हैं
                            चलो यहाँ से चलें, हाथ जल न जाए कहीं ।
    अभिव्यक्ति की आजादी और सत्ता का उससे डर दुष्यंत की एक गज़ल में यूँ आया है -
                             मत कहो आकाश में कोहरा घना है
                             यह किसी की व्यक्तिगत आलोचना है ।
    दुष्यंत की गज़लों की जो सब से बड़ी विशेषता है, वह है उनका आशावाद । यही बात कम से कम मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित करती है । वह साफ़गोई से कहते हैं -                                                                                                    
                              सिर्फ हंगामा खड़ा करना मेरा मकसद नहीं
                              मेरी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए ।
    सांप्रदायिकता और धार्मिक पाखंड पर वह क्षुब्ध होकर कह उठते हैं -
                              गजब है सच को सच कहते नहीं वो
                              कुरानो उपनिषद खोले हुए हैं,
                              मज़ारों से दुआएँ माँगते हो
                              अकीदे किस कदर पोले हुए हैं ।
दुष्यंत कुमार का यह दृढ़ विश्वास था कि असली कविता सामाजिक जीवन से ही उभरकर सामने आती है। वे किसी स्कूल या साहित्यिक मत के हिमायती नहीं थे। वे एक ऐसी कविता शैली की तलाश कर रहे थे जो स्वाभाविक हो। काव्य के प्रति उनके इसी दृष्टिकोण ने उनमें सामान्य जीवन के यथार्थ को पुनर्सृजित करने का विश्वास पैदा किया।
'
वे कविताएँ उसी हद तक मेरी हैं कि मैंने इन्हें लिखा और इन्हें जिया है। अगर आप इनमें एक परिचित आवाज को सुन पाते हैं, एक सहृदय भाषा और अपनापन महसूस करते हैं तो मैं समझूँगा कि मैं सफल हो गया।'   दुष्यंत ने एक उम्र कविताएँ लिखने में गुज़ार दी, नाटक और उपन्यास भी लिखे पर लोकप्रियता गज़ल से ही मिली  यह अकारण नहीं है । यहाँ तक कि उनके गीत भी गजलों की श्रेणी में पहचाने जाने लगे -
                               रह रह कर आँखों में चुभती है
                               निर्जन पथ की दोपहरी,
                               आगे और बढ़ो तो शायद
                               दृश्य सुहाने आएँगे ।
 और इन्हीं सुहाने दृश्यों की मधुर परिकल्पना के साथ  30 दिसंबर 1975 को अल्प वय में भोपाल में हुए ह्मदयाघात से दुष्यंत चले गए लेकिन छोड़ गए एक विस्तृत आकाश, समृद्ध परंपरा और आने वाले स्वर्णिम कल की उम्मीद ।
                                                                                          
                                    
   

विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...