धार्मिक आतंकवाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
धार्मिक आतंकवाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 16 मई 2016

धार्मिक फंडामेंटलिज्म का तर्कशास्त्र


धार्मिक फंडामेंटलिज्म किसी एक धर्म के लोगों तक सीमित नहीं है बल्कि वह धर्म का आवरण के रूप में इस्तेमाल करता है।बुनियादी तौर पर इसका धर्म से कोई संबंध नहीं है।चूंकि ये लोग धर्म का आवरण के रूप में इस्तेमाल करते हैं इसीलिए हिन्दू फंडामेंटलिज्म,इस्लामिक फंडामेंटलिज्म,क्रिश्चियन फंडामेंटलिज्म नाम से इनकी विचारधारा को सम्बोधित किया जाता है। भारत में इनमें से दो किस्म फंडामेंटलिस्ट संगठन सक्रिय हैं ये हैं हिन्दू फंडामेंटलिस्ट और इस्लामिक फंडामेंटलिस्ट।धर्म इनके लिए मुखौटा मात्र है।असल चीज है धार्मिक फंडामेंटलिज्म।धर्म के आवरण की इनको जरूरत इसलिए पढ़ती है जिससे ये अपने हिंसक कर्मों को वैध बना सकें।खासकर पुरानी मनोदशा के लोगों में अपने कुकर्मों को वैध बना सकें।धार्मिक फंडामेंटलिज्म उन लोगों को जल्दी अपील करता है जो धार्मिक नजरिए से घटनाओं को देखते हैं।फंडामेंटलिस्ट संगठन अपने हिंसक लक्ष्यों के लिए धर्म का राजनीतिक उपयोग करते हैं।

         धार्मिक फंडामेंटलिज्म का लोकतांत्रिक संविधान ,धर्मनिरपेक्षता,न्यायपालिका आदि में कोई विश्वास नहीं है,वे बुनियादी तौर पर हाशिए के लोगों और औरतों के हकों और मानवाधिकारों पर हमले करते हैं। वे आधुनिकता से नफरत करते हैं और उसके विकल्प के रूप में धार्मिक मान्यताओं को थोपते हैं।उनको अन्य धर्म की मान्यताओं और विश्वासों से भी गहरी चिढ़ है,इसलिए वे अन्य धर्म को सहन नहीं कर पाते।वे अपने सामाजिक और वैचारिक आधार के विकास के लिए पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक विचारों का जमकर प्रयोग करते हैं।इनके आधार पर समाज को नियमित और नियंत्रित करने की कोशिश करते हैं,जो व्यक्ति उनके विचारों को नहीं मानता या विरोध करता है उसको हिंसक तरीकों से शांत करने या मार देने की कोशिश करते हैं।धार्मिक फंडामेंटलिस्ट बुनियादी तौरपर हिंसक होते हैं।वे अपने प्रभाव विस्तार के लिए वाचिक-कायिक हिंसा का जमकर प्रयोग करते हैं।इनकी बुनियादी समझ है कि बुनियादी मानवाधिकार तो धार्मिक फंडामेंटलिज्म के खिलाफ हैं।इसलिए हर स्तर पर इनका विरोध करो।

शनिवार, 4 अप्रैल 2015

अल -शबाब के केन्या हिंसाचार के मायने


केन्या में अल-शबाब द्वारा किया गया गरिस्सा विश्वविद्यालय  नृशंस हत्याकांड निंदनीय है। इस घटना के जितने विवरण और ब्यौरे मीडिया में आ रहे हैं, उनसे अल-शबाब की आतंकी हरकतों का संकेत मात्र मिलता है। अल-शबाब के हमले में 147 लोग मारे गए इनमें अधिकतर लड़कियां हैं.तकरीबन 20 पुलिस और सुरक्षाकर्मी भी मारे गए हैं। यह हमला जिस तरह हुआ है उसने सारी दुनिया के लिए संकेत दिया है कि आतंकी हमेशा सुरक्षा की दृष्टि से  कमजोर इलाकों पर ही हमले करते हैं। इन हमलों के पीछे अल-शबाब की साम्प्रदायिक मंशाएं साफ दिख रही हैं, उनके निशाने पर गैर-मुस्लिम छात्र थे।
     उल्लेखनीय है यह संगठन केन्या में गैर-मुस्लिमों पर निरंतर हमले करता रहा है और इसे सोमालिया के  अल-कायदा के हिंसक हमलों के खिलाफ इस्तेमाल करने के मकसद से 2011 में संयुक्त राष्ट्र संघ की शांतिसेना की मदद के लिए शामिल किया गया था। अल-शबाब को अफ्रीकी यूनियन सेना की मदद से मुख्य सघन आबादी वाले इलाकों में तैनात किया गया और  उसके वर्चस्व का विस्तार किया गया।  खासकर केन्या,सोमालिया और उगांडा में उसके नेटवर्क का विस्तार करने में संयुक्त राष्ट्रसंघ शांति सेना और अफ्रीकी यूनियन सेना की अग्रणी भूमिका रही है। यह संगठन कई बार आम जनता पर आतंकी हमले कर चुका है। खासकर गैर-मुस्लिमों पर हमले करने में इसकी अग्रणी भूमिका रही है।
   अल-शबाब का गरिस्सा विश्वविद्यालय में निरीह छात्रों पर हमला करने के पीछे क्या मकसद था यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है लेकिन इस घटना ने समूचे केन्या को हिलाकर रख दिया है, उल्लेखनीय है कुछ दिन पहले पाकिस्तान में इसी तरह का आतंकी हमला स्कूली बच्चों पर हुआ था। पैटर्न साफ है कि आतंकी संगठन शिक्षा संस्थानों पर हमले करके आम जनता में दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में स्कूल में काम करने वाली नन पर हमला और बलात्कार उसी पैटर्न का अंग है।

      केन्या के जिस इलाके , गरिस्सा में यह हमला हुआ है वह बेहद गरीब और अभावग्रस्त है। यहां आमलोगों के पास कृषि आधारित काम-काज के अलावा कोई काम नहीं है। पशुपालन और कृषि ही उनकी आजीविका का आधार है, गरिस्सा वि वि में तकरीबन 900छात्र रहते हैं और जिस समय(3अप्रैल2015) शाम को पांच बजे यह आतंकी हमला हुआ उस समय विश्वविद्यालय में हलचल थी।  इनमें से 147 लोग घटनास्थल पर ही मारे गए ।  गरिस्सा विश्वविद्यालय में सभी छात्र 6 डोरमेट्री में रहते हैं। हमलावर आतंकी चुन-चुनकर ईसाईयों को खोज रहे थे। गरिस्सा विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष कॉलिन वतनगोला ने कहा कि वह जब नहा रहा था तब उसने अचानक कैम्पस में गोलियां चलने की आवाजें सुनीं। गोलियों की आवाजें सुनने के साथ छात्रों ने अपने कमरे अंदर से बंद कर लिए,अध्यक्ष ने भी अंदर से कमरा बंद कर लिया था।गोला ने कहा  हम सिर्फ जूतों  और गोलियों की आवाजें सुन रहे थे,बीच बीच में अल-शबाब जिंदाबाद के नारे सुन रहे थे।
  अल-शबाब के आतंकियों ने बंदूक की नोंक पर जबरिया डोरमेट्री खुलवायीं और एक-एक छात्र से पूछा कि  कौन मुस्लिम है और कौन ईसाई है ? जिस छात्र ने अपने को ईसाई कहा उसे वहीं अलग करके गोलियों से भून दिया गया। छात्रसंघ के अध्यक्ष ने कहा प्रत्येक गोली के चलने पर उसे यही महसूस हो रहा था कि ये गोलियां अब मुझे भी लग सकती हैं। इस घटना के बाद बाकी बचे सभी छात्र गंभीर मानसिक यंत्रणा और आतंक की पीड़ा से गुजर रहे हैं। सारे केन्या में मातम फैला हुआ है।
      केन्या के आतंकी हमले का यही सबक है कि हर कीमत पर सभी धर्म के मानने वालों में प्रेम और सद्भाव बनाए रखें। भारत में जो लोग ईसाईयों पर हमले कर रहे हैं वे असल में उस अंतर्राष्ट्रीय आतंकी शिविर के मनसूबों को पूरा कर रहे हैं जो आतंकी कहलाते हैं और अपने को मुसलमानों का रखवाला भी कहते हैं। आतंकी हरकत चाहे वे किसी भी रुप में हो उसकी हम सबको एकजुट भाव से निंदा करनी चाहिए। हिन्दू-मुस्लिम-सिख-ईसाई आदि समुदायों में हर हाल में सद्भाव बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है ।








गुरुवार, 8 जनवरी 2015

विवेकवाद के हत्यारे

                                    
  पेरिस में व्यंग्य पत्रिका चार्ली हेब्दो "पर किया गया हमला निंदनीय है। इस हमले में १२लोग मारे गए हैं जिनमें 10 पत्रकार भी हैं। इस व्यंग्य पत्रिका ने आईएसआईएस के प्रधान पर व्यंग्य छापा था,जिसके प्रत्युत्तर में आतंकियों ने यह हमला किया , यह पत्रिका फ़्रांस में व्यंग्य के लिए प्रसिद्ध है और समय- समय पर विभिन्न धर्मों पर व्यंग्य छापती रही है। सारी दुनिया में आतंकी और साम्प्रदायिक संगठन जिस तरह धर्म का इस्तेमाल कर रहे हैं उससे धर्म के प्रति सारी दुनिया में धारणा ही बदल गयी है। आतंकी और साम्प्रदायिक संगठनों के द्वारा धर्म का इस्तेमाल करने से धर्म का मूल चरित्र ही बदल गया है। धर्म का मूल चरित्र प्रेम और सहिष्णुता का था लेकिन नए रुपों में धर्म अब भय का प्रतीक बन गया है। 
    
          असल में  धर्म मध्यकालीन अविवेकवाद है। उससे निरंतर मुक्त होकर सोचने और आचरण करने की ज़रुरत है। दुर्भाग्य यह है कि आधुनिकयुग में धर्म की अंधी चली हुई है। चारों ओर संतों-महंतों-धार्मिक चैनलों की बाढ़ आ गयी है। धर्म के नाम पर राजनीति हो रही है , वोट माँगे जा रहे हैं,धार्मिक समूह में जीने और सहने की बातें कही जा रही हैं,उनके मानने पर ज़ोर दिया जा रहा है, धार्मिक पहचान में सोचने और जीने के नए -नए फ़ार्मूले जीवनशैली- स्वास्थ्य आदि के नाम पर  ज़ेहन में उतारे जा रहे हैं। सच यह है धर्म का जितना बर्बर इस्तेमाल आधुनिककाल में देख रहे हैं वैसा तो मध्यकाल में भी नहीं देखा गया। आधुनिककाल में धर्म को हम विभिन्न वैचारिक धार्मिक रंगतों में देख रहे हैं और इन सभी रंगतों का एक ही लक्ष्य है धर्म के सामाजिक और राजनीतिक वर्चस्व को स्थापित करना, हर हालत में धर्म के आधार पर सोचने ,मानने और आचरण करने के लिए विवश करना । इस नज़रिए का आतंकी और साम्प्रदायिक संगठन  खुलकर प्रयोग कर रहे हैं। धर्म की आलोचना करने वालों के खिलाफ हिंसाचार कर रहे हैं,निरीह  जनता पर हमले कर रहे हैं, धर्म के आलोचक बुद्धिजीवियों को निशाना बना रहे हैं ।
     इस समूची प्रक्रिया का एक आयाम  मध्यपूर्व के देशों में सक्रिय धार्मिक आतंकी संगठनों से जुडा है तो दूसरा तथाकथित उदार लोकतंत्र में सक्रिय साम्प्रदायिक -फ़ंडामेंटलिस्ट संगठनों से जुडता है। ईसाई,हिन्दू,बुद्ध ,इस्लाम आदि धार्मिक मताबलम्बियों में ये संगठन अमेरिका,ब्रिटेन,जापान, फ़्रांस,श्रीलंका, चीन, म्यांमार, भारत आदि में आक्रामक और हिंसक रुप में सक्रिय हैं।  ये संगठन खुलकर धर्म के साथ हिंसा का सहारा ले रहे हैं ,कहीं पर वे शारीरिक हमले कर रहे हैं तो कहीं पर वाचिक हमले कर रहे हैं। इन नए धर्मरक्षकों का लक्ष्य है सत्ता हासिल करना और सामाजिक वर्चस्व स्थापित करना।
     पेरिस की व्यंग्य पत्रिका "चार्ली हेब्दो "पर किया गया हमला सामयिक दौर का सबसे बर्बर हमला है। इसमें एक साथ 12 लोग मारे गए हैं। यह व्यंग्य विधा पर तो हमला है ही, साथ ही अभिव्यक्ति की आज़ादी पर भी हमला है। यह धार्मिक आतंकवाद है। धर्म के नाम किया गया हिंसाचार धार्मिक आतंकवाद की कोटि में आता है और यह सामाजिक कैंसर है । यह धर्म के प्रति सम्मान को नष्ट करने वाली प्रवृत्ति है। हम साफ़तौर पर कहना चाहते हैं  लोकतंत्र में व्यंग्य विधा की हर हालत में रक्षा करने की ज़रुरत है, साथ ही निर्भीक आलोचना का सम्मान करना और उसके साथ जीने के संस्कार और आदतें पैदा करें । हम  उनका भी सम्मान करना करना सीखें जो निर्भीक होकर असहमति व्यक्त करते हैं, असम्मान व्यक्त करते हैं। लोकतंत्र का अर्थ है ' स्व' एवं 'अन्य' के प्रति सम्मान और सहिष्णुता व्यक्त की जाय ।हर स्तर पर वाचिक और शारीरिक हिंसाचार  और असभ्य आचरण से बचा जाय ।हिंसा, असभ्यता और अविवेक ये तीन नरक द्वार हैं धार्मिक आतंकवाद के। 


विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...