नामवर सिंह का 90जन्मदिन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नामवर सिंह का 90जन्मदिन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 6 अगस्त 2016

नामवरजी के हिमायती राजनाथ सिंह-महेश शर्मा के बयानों पर चुप क्यों हैं ॽ

        नामवरजी की 28जुलाई के फैसले को जायज ठहराना किसी भी तर्क से उचित नहीं है।इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र में संघियों के जरिए अपना जन्मदिन मनवाकर नामवरजी ने अपने साम्प्रदायिकताविरोधी लेखन को मोदीजी के चरणों में समर्पित कर दिया है।आज ´सत्याग्रह´बेवसाइट पर अपूर्वानंद का लेख पढ़ा।पढ़कर मजा आ गया!!

नामवरजी विद्वान हैं,असाधारण हैं,लेकिन राजनीतिक तौर पर भटक गए हैं।यह बात पहचानने में देरी क्यों हो रही है ॽ नामवरजी की विद्वत्ता कम नहीं हो जाती यदि वे संघियों के साथ जन्मदिन न मनाते ! यह सिर्फ विद्वान का सम्मान नहीं है,यह मोदी सरकार द्वारा अपने लिए कवच-कुण्डल जुटाने की कोशिश है,अफसोस है उनको ये कवच-कुंडल ऐसे व्यक्ति से मिले हैं जो आलोचना में बेमिसाल है, साम्प्रदायिकता विरोध में उसका शानदार रिकॉर्ड रहा है,लेकिन सत्तामोह का भी शानदार रिकॉर्ड रहा है !

मोदीजी की सरकार आज गिर जाए और भविष्य में आने के चांस न हों और केजरीवाल के आने के चांस हों तो नामवरजी उसके हाथों सम्मान लेना पसंद करेंगे! लेकिन अभी उसकी आलोचना करते हैं! लोकसभा चुनाव में उन्होंने केजरीवाल की सीधे आलोचना की थी,यह तय उसी समय हो गया था कि नामवरजी किधर जा रहे हैं !

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के कार्यक्रमों में शिरकत का सवाल प्रमुख नहीं है,सवाल है जन्मदिन किसके साथ मनाएं ॽ क्या फासिस्टों के साथ जन्मदिन मनाने की पहले कोई मिसाल नामवरजी ने कायम की है अथवा भारत में किसी मार्क्सवादी ने ॽ नामवरजी को इस रूप में पेश करना कि वे राजनीतिक चूक नहीं करते ,एकदम गलत है,राजनीति में नामवरजी ने साहित्य के बहाने हमेशा गलत दिशा पकड़ी है और वह दिशा तय हुई है सरकार से!

नामवरजी का राजनाथ सिंह और महेश शर्मा ने जिस तरह अ-सम्मान किया वह सम्मान से भी घटिया है जिसे अभी अपूर्वानंद देख नहीं पा रहे हैं।

नामवरजी हमेशा अपने पाले में रहते हैं,वे संघ में नहीं गए,वे कभी कांग्रेस में नहीं गए,वे कभी वीपी सिंह की पार्टी में भी नहीं गए,लेकिन नामवरजी अपने पाले में ही खड़े रहकर उनके साथ गए।इस समय भी नामवरजी अपने पाले में ही खड़े हैं,सवाल यह है नामवरजी के पाले की कोई राजनीति,लेखकीय नैतिकता आदि भी है या नहीं अथवा उसे भी अवसरवाद के हवाले कर दिया गया है ॽ नामवरजी ने विगत दो साल में जिस तरह अपने पाले की राजनीति परिभाषित की है और आचरण किया है वह स्वयं में प्रमाण है कि नामवरजी के पाले में संघ की राजनीति का असर है।राजनाथ सिंह के मंच से हमले ऐसे नहीं थे जिनका उत्तर नामवरजी नहीं दे सकते थे ,लेकिन उन्होंने उत्तर नहीं दिया।क्योंकि नामवरजी के पाले को आरएसएस ने परिभाषित किया! नामवरजी उस कार्यक्रम (28जुलाई2016)के बाद आज तक नहीं बोले कि राजनाथ सिंह और महेश शर्मा के बयानों पर उनकी क्या राय है,हम जानना चाहते हैं नामवरजी अब तक चुप क्यों हैं ॽ स्वयं अपूर्वानंद भी बताएं कि राजनाथ सिंह और महेश शर्मा के बयान पर उनका मंतव्य क्या है ॽदिलचस्प बात यह है अपूर्वानंदजी को भी इन दोनों मंत्रियों के बयानों में कोई आपत्तिजनक बात नजर नहीं आई ! इसे कहते हैं संघ का अप्रत्यक्ष असर !



शनिवार, 30 जुलाई 2016

नामवरजी का संघियों से संवाद

        नामवरजी दल बदलें,मंच बदलें,विचारधारा बदलें,हमें इससे कोई परेशानी नहीं है,उनको संवैधानिक हक है,लेकिन संविधान में प्रतिक्रियावाद की गोद में जाने का प्रावधान नहीं है।संविधान धर्मनिरपेक्षता की रक्षा का वायदा करता है,लेकिन नामवरजी आप यह सब भूल गए।इसे कहते हैं रामजी के चरणामृत का असर!

कल से फेसबुक पर मित्रलोग हल्ला कर रहे हैं नामवरजी ने 28जुलाई 2016 को राजनाथ सिंह की मौजूदगी में जो बोला वह कमाल का बोला!हम विनम्रतापूर्वक कहना चाहते हैं,नामवरजी ने वहां जो कुछ सुना और उसकी अनसुनी की,मंत्रियों की संघी विचारधारात्मक धारणाओं के सामने जिस तरह समर्पण किया उसने प्रेमचंद को उलटा कर दिया,उनके आचरण ने गिरीश्वर मिश्र के बयान को उलटा कर दिया। कम से कम गिरीश्वर मिश्र ने तो संतुलित कहा,लेकिन नामवरजी आपने तो हद कर दी !

नामवरजी के भाषण की जो मुख्य बातें हैं उन पर थोड़ा गंभीरता से विचार करें,यह विचार करना इसलिए जरूरी है क्योंकि नामवरजी अपने भाषण से लेखकों के लिए फासिस्ट मोदीमार्ग का निर्माण करके गए हैं। मोदीमार्ग पर चलने का पहले कु-फल यह हुआ कि नामवरजी लिखकर लाए और विचारधाराहीन भाव से उन्होंने अपने विचारों को व्यक्त किया।वे जब बोल रहे थे तो अपनी ´जुबान पर काबू´ रखकर बोल रहे थे, उन्होंने कहा भी ´बोलने में जुबान पर काबू नहीं रहता´,इसलिए लिखकर बोल रहा हूँ।यहाँ मुख्य जोर ´जुबान पर काबू रखने पर था´!यही बात तो मंत्री महेश शर्मा ने कही थी मंच से,यही बात अभिव्यक्ति की आजादी के सिलसिले में अरूण जेटली कह चुके हैं।यही बात कई बार मोदीजी बोल चुके हैं।कमाल की संगतिपूर्ण दूसरी परम्परा है यह !

भक्तों का कहना है नामवरजी ने राजनाथ सिंहजी को नाम से सम्बोधित नहीं किया।कमाल है राजनाथ सिंह से सम्मान लिया,इससे बड़ी बात और क्या होगी!राजनाथ सिंह की हिमायतें सुनीं और मानीं,इतना आज्ञाकारी लेखक तो पहले कभी नहीं देखा! नामवरजी ने अपने जीवन का सबसे छोटा लिखित वक्तव्य पढ़कर सुनाया।इसे ´एसएमएस भाषण´ कहें तो बेहतर होगा।नामवरजी पर यह डिजिटल का सीधा असर है। वे बोले ´मेरी दूसरी परम्परा की खोज,साहित्य के लोकतंत्र में प्रतिपक्ष की तलाश है।´ सवाल यह है इसकी चुनौतियां क्या हैं ॽ अथवा यह भी कोई श्रृंगार साहित्य की तरह है जिसमें सिर्फ आनंद है,भाषायी कुलाचें हैं लेकिन किसी सामाजिक-राजनीतिक चुनौती से इसका कोई लेना-देना नहीं है।ऐसा चुनौतीहीन लोकतंत्र कम से कम आधुनिककाल में संभव नहीं है।लोकतंत्र में पहले ´लोक´ है फिर तंत्र है।´पक्ष´ है और फिर ´प्रतिपक्ष´ है।लेकिन नामवरजी जिस लोकतंज्ञ और प्रतिपक्ष की बात कर रहे थे वो तो राजनीतिविहीन है। यह हम नहीं कह रहे उन्होंने ही अपने भाषण के अंतमें बड़ी ही ईमानदारी के साथ कहा ´उनका जो काम वो एहिले सियायत जाने´,यह है नए किस्म के रीतिवाद का चरमोत्कर्ष !

नामवरजी के लोकतंत्र में राजनीति तो राजनेताओं का खेल है,साहित्यकार का काम है सिर्फ मोहब्बत!मोहब्बत! नामवरजी यही तो श्रृंगारशास्त्रियों ने किया था,आप अंतमें उनके ही मार्ग पर क्यों चले गए ॽक्या लोकतंत्र में राजनीति करते हुए साहित्य और साहित्यकार मोहब्बत का संदेश नहीं दे सकता ॽ क्या साहित्य को राजनीति से अलग करके कोई बहस संभव है ॽयदि नहीं तो फिर अपने लोकतंत्र में यह श्रृंगारवादी रूप क्यों धारण किया ॽ वैसे यह रूप प्रचार के लिहाज से सही है।सारे देश में राजनीतिविहीन साहित्य का,राजनीतिविहीन मोहब्बत का मीडिया ´फ्लो´आपकी मदद कर रहा है,आपने जो कुछ कहा वह मीडिया के ´फ्लो´में ही कहा। आरएसएस के लोगों ने आपके जन्मदिन को इवेंट बनाया,खबर बनाया, जाहिर है खबर तो तब ही फबती है जब मीडिया के ´फ्लो´में आए।

नामवरजी आपने राजनाथ सिंह की उपस्थिति में जो भाषण दिया वह मोदी नीति की संगति में सुंदर भाषण था,इसका प्रतिपक्ष से कोई लेना देना नहीं है,इसका लोकतंत्र से भी कोई लेना-देना नहीं है,यह आपकी दूसरी परम्परा में भी नहीं आता,यह तो आरएसएस की फासिस्ट परंपरा में आता है।दिलचस्प बात यह है पहले आप बोलते थे तो सोचकर बोलते थे,कभी फिसलते थे तो आलोचना के शिकार होते थे,बाद में स्टैंड बदल लेते थे,इसने आपको वैचारिक दल-बदल करने में मदद की,इसे आपके भक्तों ने उदारता नाम दे दिया।लेकिन आप पहले भी उदार नहीं थे,पहले जो थे वही राजनाथ सिंह के सामने नजर आए यानी वैचारिक दल-बदलू!

हम चाहते हैं आप हजारों साल जिएं।हम कलियुग के नजरिए से आपको नहीं देखते,कलियुग के नजरिए से तो प्रतिगामी लोग देखते हैं।उस दिन मंच पर राजनाथ सिंह इसी नजरिए से देख रहे थे।वे आपकी उम्र के पैमाने कलियुग से,ज्योतिष से उधार लेकर आए और कलियुगी कामना कर रहे थे।आप सच मानें मैं आपको बेइंतिहा प्यार करता हूँ।फेसबुक पर आप पर इतना लिख चुका हूँ कि इसकी वजह से आपके सबसे प्रिय छात्रों से आए दिन फेसबुक पर ताने सुनता रहता हूँ।

मैंने वीडियो में आपका भाषण गंभीरता से सुना है और सुनकर बेहद निराशा हाथ लगी।आपकी दूसरी परम्परा में कौन है और कौन नहीं है,इस पर मैं विवाद नहीं करना चाहता लेकिन आप रवीन्द्रनाथ टैगोर का नाम लेना क्यों भूल गए ॽ यह साधारण चूक नहीं है! आपकी दूसरी परम्परा की खोज रवीन्द्रनाथ की परम्परा से प्रेरणा लेकर जन्म लेती है लेकिन आरएसएस नियंत्रित मंच पर आते-आते आप टैगोर को भूल गए।आप मुझसे बेहतर जानते हैं हजारी प्रसाद द्विवेदी के नजरिए के मूल में टैगोर हैं। टैगोर का नाम न लेकर आप क्या बताना चाहते हैं ॽ यह साधाऱण चूक नहीं है,यह सुनियोजित चूक है।इसका सम-सामयिक फासिज्म के राजनीतिक परिदृश्य से गहरा संबंध है।मैं सोच रहा था कम से कम आप जैसा विलक्षण वक्ता,मौलिक वक्ता मंच पर मंत्रियों ने जो बकबास कही उसका उत्तर जरूर देगा।लेकिन आपने किसी भी चीज का उत्तर नहीं दिया,आप कह ही सकते हैं कि मैं साहित्य का सफाई कर्मचारी नहीं हूँ कि हर चीज की सफाई देता फिरूँ! (यह नामवरजी का पुराना जुमला है)

नामवरजी जब राजनाथ सिंह ने मंच पर ´आलोचक´ मानने से इंकार किया ,´आलोचना´ को बैरभाव से लिखी चीज कहा तो आपको नहीं लगा कि यह आपका सरेआम अपमान किया जा रहा है ! आलोचना के शिखरपुरूष के सामने ´आलोचना´की धारणा को विकृत किया जा रहा है ! मैं जानता हूँ आप पढ़ाते समय बार-बार कहते थे अवधारणाओं में सोचो,अवधारणा के विकृतिकरण के खिलाफ संघर्ष करो,अवधारणा को बचाओ।लेकिन राजनाथ सिंह के सामने आप चुप क्यों रहे ॽ आपने प्रतिवाद में इतना ही कह दिया होता राजनाथजी मैं आपसे असहमत हूँ,महेश शर्माजी आपने असहमत हूँ।इसमें आपकी कोई बड़ी क्षति नहीं होती,लेकिन आपने इतना तक नहीं कहा।

आप जानते हैं आपने पढ़ाया है साहित्य में जो बताया जाता है ,उस पर बात करो,लेकिन जो छिपाया जाता है वह ज्यादा गंभीर होता।उसका उद्घाटन करो।यह है दूसरी परम्परा।लेकिन आपको हम मंच पर बहुत कुछ छिपाते हुए देख रहे थे,यह कुल मिलाकर वैसे ही हो रहा था जैसे कोई बच्चा खेल खेल में अपने हाथ में,कपड़े में,पीट के पीछे,बनियान के अंदर,मुँह के अंदर अपनी चीजे छिपा लेता है।आपके इस छिपाने वाले भाव पर मैं तो फिदा हो गया हूँ ! आपसे बताने की,उद्घाटन की कला सीखी, अब इस उम्र में छिपाने की कला भी आपसे से ही सीख रहा हूँ !

आप सच में महान हैं।छिपाना साधारण काम नहीं है,राजनीति छिपाओ, विचारधारा छिपाओ,लिखे को छिपाओ,बोले को छिपाओ!आपके कल छिपाने वाले भाव का लोकतंत्र और साहित्य के प्रतिपक्ष के साथ तीन-तेरह का संबंध है।आपकी छिपाने की कला का साहित्य से कम और फासिज्म की कला से ज्यादा गहरा संबंध है।आप जानते हैं फासिस्ट कला मार्ग कलाओं का अंत है।अभिव्यक्ति की आजादी का अंत है।आप इसके पुरोधा बनकर सामने आए हैं दुख इसी बात का है! हम फिर भी चाहते हैं आप सौ साल जिएं लेकिन अब आप नहीं अन्य लोग आपको दलेंगे।यह त्रासदी आप वैसे ही झेलें जैसे टीएस इलियट ने अपने जीवन में फासिज्म की पराजय के बाद झेली थी।





शुक्रवार, 29 जुलाई 2016

"नामवरजी मार्क्सवादी थे"- राजनाथ सिंह

       इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के द्वारा "नामवर सिंह की दूसरी परम्परा " के नाम से आयोजित कार्यक्रम ( 28जुलाई 2016)में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने संस्कृति को सीधे धर्म से जोड़ा. सवाल यह है क्या नामवरजी भी यही मानते हैं? नामवरजी ने धर्म को संस्कृति से जोड़ने वाले संघी नजरिए का प्रतिपाद न करके,मौन रहकर,उसे सम्मति प्रदान करके हजारी प्रसाद द्विवेदीजी की संस्कृति संबंधी दृष्टि पर अपनी आँखों के सामने राजनाथ सिंह के हमले को नतमस्तक होकर स्वीकार किया।यह है नामवरजी का कायान्तरण!

नामवरजी के सामने राजनाथ सिंह ने कहा धर्म वैज्ञानिक होने का प्रयास नहीं कर रहा,बल्कि धर्म तो वैज्ञानिक है ही।यानी इस तरह उन्होंने गिरीश्वर मिश्र की धारणा का विरोध किया। मजेदार बात यह थी दोनों मंत्री महेश शर्मा-राजनाथ सिंह ने अलिखित भाषण दिया,लेकिन नामवरजी ने लिखित भाषण पढ़ा।राजनाथ सिंह ने सीधे कहा "नामवरजी जब मार्क्सवादी थे।" सवाल यह है क्या नामवरजी अब मार्क्सवादी नहीं रहे ? क्या मोदी सरकार के वरिष्ठमंत्री की इस शानदार घोषणा के लिए इस कार्यक्रम को रखा गया था ?

संस्कृति मंत्री महेश शर्मा का बयान बहुत ही अर्थपूर्ण है वे बार बार कर्तव्य निर्बाह की ओर ध्यान दिलाते रहे,बड़ी निर्लज्जता के साथ उन्होंने कहा लोकतंत्र और आजादी के दो पाटों का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए।यह सीधे नामवरजी और संगोष्ठी में बोलने वालों के लिए हिदायत थी।

कमाल उस समय हो गया जब राजनाथ सिंह ने कलियुग के बहाने प्रतीकात्मक ढ़ंग से हिदायती स्वर में कहा नामवरजी "मर्यादा का कभी अतिक्रमण नहीं कर सकते।"

लेकिन इस समारोह का आदर्श लक्ष्य क्या है ? महेश शर्मा ने बताया-

"बूढ़े बैलों के संरक्षण की जिम्मेदारी हमारी है।" अब मोदी की गोदी में बैठने का वैचारिक प्रतिफलन इससे बेहतर नहीं हो सकता था नामवरजी !!



नामवरजी का स्वाभाविक चरित्र लिखकर भाषण देने का नहीं है। इंदिरा गांधी कला केन्द्र में उनका कल जो भाषण लिखित रूप में उनके द्वारा पढ़ा गया हमारा अनुमान है वह मोदी सरकार के द्वारा पास किया भाषण है । मोदीजी की साफ़ धारणा है सरकार के मंचों से सरकार के बारे में एक भी वाक्य आलोचना का नहीं होना चाहिए।मोदीजी की इस नीति का नामवरजी ने पालन किया । जो लोग नामवरजी महान कर रहे हैं वे ज़रा सोचें कि नामवरजी ने कल राजनाथ सिंह और महेश शर्मा के वक्तव्य में व्यक्त विवादास्पद बातों पर एक भी वाक्य क्यों नहीं बोला ? नामवरजी की यह स्वाभाविक प्रकृति नहीं है कि राजनेता कुछ भी उनके सामने बोलकर चले जाएँ और नामवरजी उस पर कुछ न बोलें। मोदी की गोदी में बैठने का यह साइड इफ़ेक्ट है कि नामवरजी की स्वतंत्र अभिव्यक्ति नदारत!

गुरुवार, 28 जुलाई 2016

नीत्शे के घर मार्क्स पधारे आनंद है ! आनंद है!

       आज जब नामवरजी संघ आयोजित कार्यक्रम में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र जाएंगे तो सचमें इतिहास रचेंगे !आज वे नीत्शे से मिलेंगे! यह उनके द्वारा स्थापित नीत्शे परंपरा का महान पर्व का दिन है ! इसके बाद वे हमेशा के लिए अशांति और उन्माद के हवाले हो जाएंगे।मार्क्स की कसम खाने वाले आज गोगुंडों के संरक्षकों के सामने गऊ दिखेंगे ! उनकी´नैतिकता´ एकदम मरियल आवारा गाय की तरह होगी।जो इधर-उधर मुँह मारकर अपना जीवन-यापन करती है और अंत में कसाई के हाथों मोक्ष प्राप्त करती है।

जिनके खिलाफ अनेक किस्म की हत्याओं,कलाओं,कलाकारों,सांस्कृतिक रूपों,संविधान के अपमान आदि के असंख्य ठोस पुख्ता सबूत हों,उस संगठन के लोगों के बीच जन्मदिन मनाते हुए बस एक ही नारा गूंजेगा ´तुम महान जयश्रीराम´! सब कुछ ´उल्लासमय´ होगा !एकदम नए किस्म की ऑडिएंस होगी ! यह दृश्य एकदम फिल्मी होगा ! वर्चुअल होगा!

वर्चुअल में नीत्शे के घर मार्क्स पकवान खाने आए हैं ! नीत्शे के पकवान मार्क्स खाएं,एंगेल्स, प्लेखानोव,ब्रेख्त,एडोर्नो सब तालियां बजाएं और कहें मार्क्स तुम एक और लो !श्रोता कहें अद्भुत क्षण है!नीत्शे के हलवाई पूछें कैसे लगे मेरे पकवानॽ सब कुछ मीठा होगा ! सब कुछ आनंदमय होगा! नामवरजी बस यही कहेंगे आनंद है! आनंद है! हम सब फेसबुक पर कहेंगे आनंद है! आनंद हैं! हम यही कहेंगे नीत्शे की जय हो!प्राणियों में सद्भावना हो,जगत का कल्याण हो हर-हर नीत्शे! आज का दिन नीत्शे का दिन है!शर्म का दिन है!

बड़ी विलक्षण बात है साहित्यकार की नैतिकता की जिस दौर धज्जियां उड़ायी जा रही हों उसी दौर में साहित्यकार की अनैतिकता पर कोई बड़ा विमर्श हिन्दी में नहीं चला।हिन्दी में लेखकगण मनमाने ढ़ंग से इस मामले में पैमाने बनाते रहे और अपने को वैध ठहराते रहे।साहित्यकार की एक होती ´नैतिकता´और दूसरा होता है उसका ´राजनीतिक नजरिया´ इन दोनों के सहमेल से साहित्यकार की साहित्य शक्ति,व्यक्तित्व और संस्कृति निर्मित होती है।हम विनम्रतापूर्वक कहना चाहते हैं।नामवरजी इस मामले में सबसे ज्यादा विवादास्पद हैं। साहित्यकार की राजनीतिक नैतिकता के मामले में नामवरजी मार्क्सवादियों की परंपरा की बजाय नीत्शे के करीब दिखाई पड़ते हैं।

मार्क्सवादीके लिए ´सत्य´प्रमुख है। वही उसकी ´नैतिकता´का मूलाधार है।इसके विपरीत नामवरजी के लिए सत्य नहीं ´मैं´प्रमुख है।वे अपने इर्द-गिर्द ही साहित्य-संसार मानते हैं,यही बीमारी नीत्शे में थी।नीत्शे की तरह ही नामवरजी भी अपने को ´साहित्य संदर्भ´मानकर देखते हैं। वे इस भ्रम के शिकार हैं कि वे जब बताएंगे तब पता चलेगा कि ´सत्य´क्या है,गोया ´सत्य´की चाबी उनके पास हो!वे नीत्शे की तरह ´स्व-संदर्भ´को पसंद करते हैं।नीत्शे की तरह नामवरजी को भ्रम है वे ही साहित्य के जज हैं! जिस तरह दर्शन में नीत्शे ने ´अनैतिकतावाद´ को चलाया,उसी तरह नामवरजी ने साहित्य में इस पंथ का निर्माण किया।

आज जब नामवरजी राजनाथ सिंह के हाथों जन्मदिन की बधाई लेंगे,सम्मान लेंगे,तथाकथित दूसरी परंपरा पर सुनेंगे तो वे अपने समय के सबसे क्रूर गृहमंत्री के हाथों सम्मानित होंगे।नामवरजी आप ही सोचें राजनाथ किस मनोदशा में रहते हैं और वे और उनकी बटुकमंडली किस तरह का माहौल रच रही है ! आज हम सब बौद्धिकता में क्रूरता को अभिव्यंजित होते देखेंगे। आज साहित्य और दूसरी परंपरा में आनंद को नहीं क्रूरता को अभिव्यंजित होते हुए देखेंगे।दूसरी परंपरा की श्रेष्ठ संस्कृति का जयगान कसाईयों के घर में सुनेंगे! संस्कृति,साहित्य और परंपरा का क्रूरता के साथ इस तरह मेल बैठेगा यह तो हम सबने कभी सोचा ही नहीं था ! संस्कृति को क्रूरता के गले का हार बनाकर नामवरजी आपने सचमें हिन्दी की बहुत बड़ी सेवा की है,वैसे यह अनैतिकता का चरम है लेकिन हम खुश हैं कि आप इसे आज भी अनैतिकता नहीं मान रहे !

मैं आपकी और आपके भक्तों की घृणा के शिकार होने का जोखिम उठाकर यह सब इसलिए लिखने को मजबूर हुआ हूँ क्योंकि अब चीजें असहनीय हो गयी हैं।आप कल तक क्रूर लोगों को महान बनाते रहे हम चुप रहे,हम निश्चिंत थे कि कम से कम संस्कृति को क्रूरता से दूर रखा।लेकिन आज तो संस्कृति और क्रूरता का खुला गठबंधन होगा,संस्कृति को हम क्रूरता के वैभव में मस्त देखेंगे,क्रूरता के हाथों संस्कृति का अपहरण देखकर रवीन्द्रनाथ टैगोर कम से कम स्वर्ग में रो रहे होंगे,कि किन कातिलों के हाथ उनकी दूसरी परंपरा पड़ गयी!हमारा न सही अपने गुरूदेव का ही ख्याल कर लिय़ा होता,गुरूदेव रवीन्द्र नाथ टैगोर का ख्याल कर लिया होता कि वे क्या सोचेंगे! सच में आप क्रूर हैं!परंपरा के प्रति क्रूर हैं!क्रूरता को संस्कृति के आवरण से ढ़ंकने की कला कोई आपसे सीखे।इसी अर्थ में आप और आपकी साहित्यमंडली आज मार्क्स की बजाय नीत्शे की शरण में खड़ी दूसरी परंपरा का जयगान कर रही है !



नामवरजी आप महान हैं आपने जिस परंपरा को बनाया था उसमें धर्म और अध्यात्म के लिए कोई जगह नहीं थी लेकिन आज तो सब कुछ आध्यात्मिक होगा ,धार्मिक अनुष्ठान की तरह होगा !संवेदना,प्रेम,साहित्य आदि का आज आध्यात्मिकीकरण होगा।आज आपके साम्प्रदायिकता विरोध का भी आध्यात्मिकीकरण होगा।आध्यात्मिकीकरण की कला मार्क्स की नहीं नीत्शे की कला है।आध्यात्मिकीकरण के कारण ही शत्रु से प्रेम का प्रदर्शन देखेंगे!अब आरएसएस के प्रति जितने भी विवाद हैं ,विरोध हैं,मोदीजी के खिलाफ जितने भी विवाद और विरोध हैं उन सबका आध्यात्मिकीकरण कर दिया जाएगा। यह नीत्शे की जीत है और मार्क्स-टैगोर की पराजय का दिन है!

बुधवार, 27 जुलाई 2016

नरेन्द्र मोदी जब नामवरजी से मिले !

     यह सच है नरेन्द्र मोदी से नामवरजी मिल चुके हैं। एक-दूसरे को आंखों में तोल चुके हैं! इनकी ज्ञाननीठ पुरस्कार समारोह में मुलाकात हो चुकी है।यही वह मुलाकात थी जिसे नामवरजी को प्रगतिशील परंपरा से भिन्न आरएसएस की परंपरा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की! वे दोनों जब मिले तो विलक्षण दृश्य था एक तरफ जनप्रसिद्धि के नायक मोदी थे तो दूसरी ओर साहित्येच्छा के नायक नामवरजी थे।यह असल में ´जनप्रियता´ और ´इच्छा´का मिलन था।यह मिलन का सबसे निचला धरातल है। कलाहीन मोदी ,नामवरजी की प्रशंसा कर रहे थे !

कलाहीन नायक जब किसी लेखक की प्रशंसा करे तो कैसा लगेगा ॽ मोदीजी जब प्रशंसा कर रहे थे तो वे जानते थे कि नामवरजी भी साहित्य में वैसे ही ´जनप्रिय´हैं जैसे वे राजनीति में ´जनप्रिय´हैं,दोनों की ´जनप्रियता´की ऊँचाई बनाए रखने के लिए पेशेवर प्रचारक अहर्निश काम करते रहते हैं। इन दोनों का पेशेवर प्रचारकों के बिना कोई भविष्य नहीं है। दोनों को नियोजित और निर्मित प्रचार कला का हीरो माना जाता है। दोनों के पास अपने-अपने प्रशंसकों के समूह हैं।दोनों से लोग डरते हैं, महसूस करते हैं पता नहीं कब और कहां से पत्ता कटवा दें!

दोनों के चाटुकार प्रशंसक हैं!दोनों के पास कोई विशिष्ट किस्म की गतिविधि नहीं है।दोनों इसलिए ´महान्´ हैं क्योंकि सत्ता का अंग हैं!इनकी कोई राजनीतिक और साहित्यिक विशिष्टता नहीं है जिसकी वजह से ये दोनों जाने जाते हों! दोनों के पास प्रायोजित जनता है,स्वाभाविक जनता नहीं है।दोनों का प्लेटो के शब्दों में कहें तो ´प्रायोजित संसार´है।दोनों सत्ता की निर्मिति हैं,शासकवर्गों की निर्मिति हैं।दोनों यह जानते हैं कब क्या बोलना चाहिए और कब चुप रहना चाहिए।दोनों का साहित्यिक-राजनीतिक आस्वाद मौजूदा संसार से मेल नहीं खाता।दोनों अधूरे मनुष्य हैं,दोनों में गुलाम भाव है,दोनों कारपोरेट जगत के प्रशंसक हैं,दोनों सत्ता के औजार हैं,दोनों अहंकारी हैं,दोनों आस्था के आदी हैं।

दोनों ऊपर से देखने में ´भद्र´और अंदर से ´क्रूर´हैं।दोनों का मानना है ´विशिष्ट´व्यक्ति की ´क्रूरता´की नहीं ´भद्रता´की बातें करो।यही हाल इन दोनों के भक्तों का है,आज मैं यदि नामवरजी और मोदीजी की प्रशंसा करूँ तो ये लोग बड़े खुश होंगे,लेकिन यदि इनकी गलत चीजों की आलोचना करूँ तो मेरे ऊपर व्यक्तिगत हमले शुरू कर देंगे! दोनों में हजम कर जाने,आहत करने,कमजोर पर वर्चस्व जमाने,दबाकर रखने,शोषण करने की आदतें हैं।दोनों को समाज में वही घटना पसंद है जिसमें उनका संदर्भ रहे।

इसके अलावा नामवरजी की ´साहित्यिक अनैतिकता´ और मोदी की ´राजनीतिक अनैतिकता´में गहरा संबंध है।मध्यवर्ग के एक बड़े हिस्से को इस ´अनैतिकता´से कोई परेशानी नहीं है.वे इसको स्वाभाविक मानकर चल रहे हैं।इस ´अनैतिकता´ के गर्भ से समाज में साहित्य और राजनीति में ´अनैतिकता´का ही प्रसार होगा और यही मूल चिंता है जिसके कारण मैं इतना विस्तार में जाकर नामवरजी पर लिखने को मजबूर हुआ हूँ।


नामवरजी अब खेलो ´अंत´का साहित्यखेल!

         नामवरजी के व्यक्तित्व के वैसे ही अनंत पहलू हैं जैसे किसी सामान्य व्यक्ति के होते हैं। अनंत पहलुओं में से व्यक्ति किसी भी दिशा में अपना विकास कर सकता है।नामवरजी का साहित्येतिहास और आलोचना में योगदान रहा है।वे कम से कम यह तो बता ही सकते हैं कि हिन्दी में आरएसएस और मोदीयुग का क्या योगदान है जिसके कारण उनके साथ जुड़ने की जरूरत आन पड़ी ॽ हम समझ सकते हैं हिन्दीसाहित्येतिहास में कांग्रेस,कम्युनिस्ट,समाजवादी,उदारतावाद,फोर्ड फाउंडेशन,नव्य़ आर्थिक उदारीकरण आदि विचारधाराओं का योगदान रहा है,इन विचारधाराओं ने किसी न किसी रूप में हिन्दी साहित्य और लेखकों को प्रभावित किया है, लेकिन आरएसएस का क्या योगदान है ॽ ऐसी कौनसी विपत्ति आन पड़ी कि दूसरी परंपरा को आरएसएस की मालाओं की जरूरत पड़ी! क्या दूसरी परंपरा का हिन्दुत्व से कोई संबंध बनता है ॽ यदि हां,तो कम से कम कुछ तो आपकी साहित्यिक टीम कल के आयोजन में रोशनी डालेगी !

नामवरजी आपको लेकर मुझे एक पुराना दार्शनिक रूपक याद आ रहा है।जंगल में जब पेड़ गिरता है तो वह शब्द जरूर करता है लेकिन उसके गिरने की ध्वनि को कोई नहीं सुनता।उसके गिरने की ध्वनि कोई अंतर पैदा नहीं करती।यही दशा आपकी है आप मोदी-आरएसएस की गोदी में गिरे तो हैं।समाज में आपका वैचारिक पतन तो हुआ है लेकिन हिन्दी साहित्य की प्रतिवादी परंपरा पर इसका कोई असर नहीं होने वाला।लेकिन यह सच है कि वृक्ष गिरा है।आरएसएस वाले सोच रहे हैं आपके और आपकी साहित्य टीम के उनके साथ चले जाने का साहित्य में बहुत बड़ा असर होगा ! लेकिन वे गलतफहमी में हैं।आप भी जानते हैं आरएसएस की विचारधारा सर्जनात्मकता विरोधी बर्बर विचारधारा है।बांझ विचारधारा है। वे लोग अब तक साहित्य पर कोई असर नहीं छोड़ पाए,वे लोग आज तक बेहतरीन रचनाकार पैदा नहीं कर पाए।ऐसी बांझ अवस्था में आपके जरिए हिन्दू साहित्य की परंपरा का विकास कैसे होगा यह देखना बाकी है !

नामवरजी हम यह नहीं मानते कि आपके आरएसएस के खेमे में जाने का कोई असर नहीं होगा।जंगल में वृक्ष के गिरने से एक परिवर्तन जरूर हुआ है।इसने जंगल का नक्शा बिगाड़ दिया है। प्रगतिशील साहित्य की शक्ल बिगाड़ दी है।यह वह शक्ल है जिसको बनाने में एक जमाने में आपकी और आपकी साहित्यटीम की भूमिका रही है।आपके इस एक कदम ने प्रगतिशील लेखकों के सामने अनेक सवाल खड़े कर दिए हैं ,उनकी भूमिका को सवालों के घेरे में लाकर खड़ा कर दिया है।हम जानते थे मोदी सरकार आने के बाद आपकी टीम को असुविधा होगी,सत्ता के भत्तों और संरक्षण पर आपकी टीम का समूचा कारोबार चलता रहा है।मैंने समय-समय पर उसकी तीखी आलोचना भी लिखी है।लेकिन आपकी टीम तो महान साहित्य टीम है, उसमें महान मार्क्सवादी आलोचक हैं,ये ऐसे आलोचक हैं जो किसी की आलोचना पर ध्यान ही नहीं देते।यही इसबार भी हुआ।मैंने फेसबुक पर कई बार आने वाले संकट की ओर संकेत भी किया था,लेकिन लोगों ने मेरी बात को गंभीरता से नहीं लिया,मैं जानता हूँ आपने साहित्य का परिदृश्य इतना गंदा ,भ्रष्ट और विचारधाराहीन बना दिया है कि अब लेखक का मूल्यांकन ही बंद हो गया है। अब लेखक के लिए संपर्क-संबंध और सत्ता के कनेक्शन मुख्य हो गए हैं,इस परंपरा को निर्मित करने में नामवरजी आपकी निश्चित तौर पर निर्णायक भूमिका रही है। पहले लेखक के सामान्य से वैचारिक विचलन पर बहस होती थी,लेखक संगठनों के बयान आते थे, लेकिन आज परिदृश्य पूरी तरह बदल चुका है,नामवरजी और उनकी साहित्यटीम पूरी तरह मोदीमंडली में शामिल हो चुकी है लेकिन लेखक संगठनों का कोई बयान तक नहीं आया है,लेखकों की ओर से कोई प्रतिवाद नहीं है।

नामवरजी आपका मोदी की गोद में जाना सामान्य घटना नहीं है।यह युगांतरकारी घटना है।इसने हिन्दी साहित्येतिहास की दिशा बदल दी है। साहित्येतिहास अपनी दिशा तब बदलता है जब वह अपने लक्ष्य बदलता है।नामवरजीने इसी संदर्भ में साहित्य की भूमिका,लेखक की भूमिका आदि को बुनियादी तौर पर आपने बदलकर रख दिया है।



नामवरजी और उनकी साहित्य टीम के आलोचक हिन्दी के मंचों पर आएदिन ´अंत´ पदबंध की खिल्ली उड़ाते थे।लेकिन इस टीम ने ही ´अंत ´को साकार कर दिया।नामवरजी का मोदी की गोदी में जाना ´साहित्य का अंत´है।´विचारधारा का अंत ´है। यह उस भ्रम का भी अंत है कि ये लोग अंत के विरोधी हैं।नामवरजी अब खेलो अपने हाथों ´अंत´का साहित्यखेल!

नामवरजी की इतिहास से शत्रुता

       आम्बेडकर की जयन्ती मोदी सरकार मना रही है, मोदी-मोहन भागवतजी आम्बेडकर पर सुंदर बातें कह रहे हैं।लेकिन आचरण एकदम दलितविरोधी कर रहे हैं।राजनीति में आचरण प्रमुख है, विचार गौण होते हैं। 90वें जन्मदिन के नाम पर 28जुलाई 2016 को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र में नामवरजी क्या बोलते हैं यह महत्वपूर्ण नहीं है,महत्वपूर्ण है आरएसएस के लोगों का इस संग्रहालय की आड़ में जन्मदिन मनाना।उसमें नामवरजी का जाना महत्वपूर्ण है।इस आयोजन को नामवरजी द्वारा दी गयी स्वीकृति महत्वपूर्ण है।सवाल यह है आचरण की बातों पर नामवरजी के भक्तगण ध्यान क्यों नहीं दे रहे ? सवाल यह है नामवरजी के निर्माण में किनका खून-पसीना-विचारधारा और पैसा लगा है ?

नामवरजी सार्वजनिक बौद्धिक संपदा का अंग हैं ।वे पूजा की नहीं आलोचना की मूर्ति हैं ! जब उनकी आलोचना हो रही है तो भक्तों को परेशानी क्यों हो रही है ? हम इसलिए परेशान हैं क्योंकि नामवरजी सीधे आरएसएस के साथ गलबहियां देकर घूम रहे हैं।यह जनता और प्रगतिशील साहित्य के खिलाफ सबसे घिनौना कदम है।

यह कोई नामवर पुराण नहीं है।नामवरजी लेखक हैं,वे गल्पपुरूष नहीं हैं,उनके कर्म के मूल्यांकन के मकसद से उनसे फेसबुक के जरिए संवाद है।उनके भक्तों से संवाद है।मौजूदा समय से संवाद है।

हमें कोई आपत्ति नहीं है वे किसे नौकरी देते हैं,किसकी सेमीनार में बोलने जाते हैं,क्या बोलते हैं,वे सरकार से जुड़ें या न जुड़ें,हमें इस सबसे कोई आपत्ति नहीं है, वे यह काम करते रहे हैं,हमने कभी नहीं बोला।हमारी आपत्ति यह है कि नामवरजी ने अपना जन्मदिन मनाने के लिए आरएसएस को अनुमति क्यों दी ॽ नामवरजी उनको अनुमति न देते तो क्या छोटे हो जाते ॽ

मोदीजी के पीएम बनने के पहले से नामवरजी ने संघ की ओर मुँह किया था,हमने तब भी आगाह किया था, फिर कर रहे हैं,यह जनता के साथ गद्दारी है।हम उन लेखकों से भी अपील करते हैं जो अब तक चुप हैं ,नामवरजी के वहां जाने से क्या वे सहमत हैं ॽ यदि हां तो खुलकर कहें कि उनका स्टैंड क्या है ॽयह क्या बात हुई कि नामवरजी का जन्मदिन आरएसएस नियंत्रित संस्था मनाए और आपकी कोई राय ही न हो,क्या हम यह मानें कि आपलोगों का उनको समर्थन है ॽ

कई मित्रों ने कहा काहे को नामवरजी के पीछे पड़े हो? हमने कहा वे हमारे शिक्षक हैं।हमें पूरा हक़ है उनसे सवाल करने, उनके लिखे और बोले पर सवाल करने का। हमने यह भी कहा वे फेसबुक पर हमारे प्रिय व्यक्तित्व हैं,इसीलिए उन पर लिख रहे हैं,दूसरा वे हमारे लिखे का बुरा नहीं मानते!

अफसोस है नामवरजी ने ब्रेख्त की परंपरा छोड़कर एजरा पाउण्ड -हाइडेगर की परंपरा में जगह बना ली है।

मैं जानता हूँ हिन्दी के बूढ़े लेखक मेरी बात नहीं सुनेंगे,वे अपनी सत्ता की आदतों मे मगन हैं,हम तो असल में फेसबुक के जरिए युवा मित्रों से संवाद कर रहे हैं जिससे वे सत्ता की आदतों के शिकार न हों,यही छोटा सा लक्ष्य है,नामवरजी तो बहाना मात्र हैं,नामवरजी की सत्ता की आदतों को मैं छात्रजीवन से जानता हूँ और उनको समय-समय पर बेनकाब करता रहा हूं।

फेसबुक पर नामवरजी के जो भक्त सक्रिय हैं हम उनसे अनुरोध करेंगे कि नामवरजी की हिमायत करते हुए कम से कम जन्मदिन आने तक नामवरजी पर रोज़ एक लेख लिखो ।



नामवरजी पर सब लोग जानें कि भक्तगण कितना नामवरजी को जानते हैं।नामवरजी के नाम पर जाहिलगिरी बंद होनी चाहिए। नामवरजी विद्वान हैं उनका लिखा सहज रूप में उपलब्ध है, आसानी से उसे पढ़कर ही लिखो,कम से कम मोदी के भक्तों की तरह नामवरजी के भक्त न बनो! लेकिन अफसोस है नामवरजी ने भी तो मोदी की तरह भक्त ही पैदा किए हैं!!

मंगलवार, 26 जुलाई 2016

नामवरसिंह राजनाथ सिंह की जुगलबंदी और नामवरराग -

       कल तक कुछ लोग कह रहे थे कि नामवरजी तो इंदिरा गांधी कला केन्द्र सिर्फ भाषण देने जा रहे हैं,हमने कहा था नहीं वे मोदी की गोदी में जा रहे हैं।नामवरजी अकेले ही मोदी की गोदी में नहीं गए अपनी पूरी साहित्य टीम को लेकर गए हैं।यह वही साहित्य टीम है जो कल तक आरएसएस को लेकर सवाल कर रही थी लेकिन अब सारे सवाल गंगा के हवाले कर दिए गए हैं,अब एक ही नारा है नामवरजी महान हैं ! इस एक नारे में समूचा देश सिमट गया है। यह प्रगतिशील साहित्य की उस परंपरा का पतन है जो कल तक साम्प्रदायिकता को गाली देते नहीं थकती थी।
नामवरसिंह और उनकी मंडली के लेखकों का साम्प्रदायिकता विरोध से कोई लेना-देना नहीं था,साम्प्रदायिकता विरोध छलावा मात्र था।मोदीजी को इसका श्रेय जाता है कि उन्होंने चंद लाख रूपये खर्च करके नामवरसिंह और उनकी साहित्य टीम के साम्प्रदायिकता विरोध के छद्म को नंगा कर दिया।
नामवरजी पर आरएसएसएस वाले जो कार्यक्रम करने जा रहे हैं,उसमें आरएसएस के दो बड़े नेता अतिथि हैं,केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह,मुख्य अतिथि होंगे, एक अन्य केन्द्रीय मंत्री महेश शर्मा विशिष्ट अतिथि होंगे। इस सत्र का विषय है –नामवर सिंह की दूसरी परंपरा,अन्य सत्रों में नामवर की सार्थकता समझाने के लिए नामवरजी की पूरी साहित्य टीम शामिल हो रही है इसमें प्रमुख हैं-काशीनाथ सिंह, निर्मला जैन,विश्वनाथ त्रिपाठी,केदारनाथ सिंह,मैनेजर पांडेय,विभूति नारायण राय,हरिमोहन शर्मा,एस.आर.किदवई आदि के अलावा अन्य भाषाओं के लेखकों को भी बुलाया गया है।

नामवर का कुँआ

       हम जानते हैं नामवरजी ने क्या लिखा है,हम यह भी जानते हैं उन्होंने जेएनयू में कितने ´महान´ कार्य किए थे। कोर्स बनाना ,पढ़ाना महान् कार्य नहीं है,यह रूटिन काम है, यह नौकरी के काम हैं। मौजूदा समय उनके अतीत को खंगालने का नहीं है।मेरी चिन्ता यह है कि नामवरजी के आरएसएस के साथ जाने को कैसे देखा जाय ॽउनके व्यक्तित्व को कैसे देखा जाय ॽ नामवरजी की खूबी है वे अपने को कभी आंतरिक गुणों की रोशनी में पेश नहीं करते।वे आंतरिक गुणों का प्रदर्शन नहीं करते।दिलचस्प बात यह भी यदि वे आंतरिक गुणों पर जोर देते तो उसकी पुष्टि करना असंभव है।

नामवरजी हमेशा ´लोकप्रियता के भावबोध´में रहते हैं।हर चीज ´लोकप्रियता´ को दिमाग में रखकर तय करते हैं।सरकारों के साथ जुड़े रहने का यही बड़ा कारण है,फलतः मीडिया से लेकर सरकारी संस्थानों तक उनके लिए सहज ही ´महान हो महान हो´की लोकप्रिय ध्वनियां गूंजने लगती हैं। इसका दूसरा आयाम यह है कि नामवरजी के कर्म पर कम उनकी लोकप्रियता पर ज्यादा बातें हैं।उनके कर्म में ´सारवान´तत्व नहीं होते,वे मात्र ´लोकप्रियता´ के लिए कुछ भी करने को तैयार हो जाते हैं। उनके कर्म में सारवान तत्व के अभाव ने उनको ´कर्म के लिए कर्म´करने वाला, ´भाषण के लिए भाषण´देने वाला बना दिया है।

यदि कोई व्यक्ति बेहतरीन इंसान है तो उसके कर्म,जीवन और विचार में संगति होनी चाहिए।यह कैसे संभव है कि विचार कुछ हैं और एक्शन कुछ और हैं।सोच कहीं रहे हैं और जा कहीं और रहे हैं।यह नामवरजी की विशिष्ट शैली है। यही वजह है नामवरजी अपने नाम के साथ कोई बेहतर जीवन मूल्य विकसित नहीं कर पाए।नामवरजी को हम सब लोकप्रिय हिन्दी विद्वान-शिक्षक के रूप में जानते हैं।लेकिन उसके विचार और कर्म में कभी कोई साम्य नहीं रहा,इसलिए लोग उनको ´अवसरवादी´ तक कहते हैं।



जो लोग नामवरजी को ´महान´बनाने में लगे हैं,वे जरा गंभीरता से सोचें ´महान´क्या पल-पल में विचार बदलता है,मूल्यहीन होता है ॽक्या कभी नामवरजी ने श्रोताओं से भिन्न स्टैंड लिया ॽ वे हमेशा श्रोताओं की प्रकृति देखकर बोलते हैं।जबकि विशिष्ट या महान व्यक्ति कभी भी श्रोताओं की प्रकृति में ढलकर नहीं बोलता।बोलने की यह कला,पुरानी रीतिकालीन कला है।क्या नामवरजी ´श्रोता´और ´जनता´ में अंतर करके बोलते हैं ॽ उनके लिए श्रोता प्रमुख है,जनता गौण है।उनके लिए सत्ता प्रमुख है,जीवन मूल्य गौण हैं।उनके लिए लोकप्रियता प्रमुख है,प्रगतिशील विचारधारा गौण है।

नामवरजी ऐसा न करें-


          नामवरजी ने इधर राजनीति बदली है,वे लेखक बिरादरी के साथ सबसे बड़ा धोखा करने जा रहे हैं।इंदिरा गांधी कला संग्रहालय द्वारा उनका जन्मदिन नहीं मनाया जा रहा,यह संग्रहालय तो पहले से है,कभी उनका जन्मदिन वहां नहीं मनायागया।रामबहादुर राय भी दिल्ली में पहले से हैं उनको कभी नामवरजी के जन्मदिन की याद नहीं आई,आरएसएस भी पहले से है लेकिन आरएसएस वालों ने कभी उनका जन्मदिन नहीं मनाया,लेकिन 90साल में पहलीबार नामवरजी का जन्मदिन आरएसएस मना रहा है , आड़ है इंदिरा गांधी कला संग्रहालय।यह सामान्य घटना नहीं है।

यहां से नामवर सिंह के साम्प्रदायिकता विरोधी लेखन का अंत होता है।फासिस्ट विचारकों के द्वारा जब उनका जन्मदिन उनकी मौजूदगी में ,उनकी स्वीकृति के बाद मनाया जाएगा,तो नामवरजी के साम्प्रदायिकता विरोधी लेखन की प्रासंगिकता खत्म हो जाती है।कोई यदि यह सोचता है कि लेखक आचरण कुछ भी करे लेकिन उसके लिखे शब्दों में शक्ति रहती है तो गलतफहमी है,लेखक के शब्दों में तब तक जान रहती है जब तक लेखक अपने शब्दों के प्रति वफादार रहता है,नामवरजी ने अपने साम्प्रदायिकता विरोधी लेखन को अपने ही हाथों ध्वस्त करके अपने ही हाथों अपना मुँह नोंचा है।यह इस दौर की त्रासद घटना है। यह भी सच है कि नामवरजी जब अपने लिखे पर ही सवाल खड़े कर रहे हैं,उसे अप्रासंगिक बना रहे हैं,तो उनको कायदे से बताना चाहिए कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं।लेकिन नामवरजी पहले कह चुके हैं मैं सफाई नहीं देता।अब कर लो संवाद,जब वे अपने बदले हुए रूख पर चुप हैं तो हमलोग संवाद किससे करें.यानी आरएसएस की बगल में बैठने का मतलब है संवाद की भी विदाई।

सोमवार, 25 जुलाई 2016

नामवरजी का नायकीय व्यक्तिवाद

       नामवरजी के पढ़ाए और सताए सैंकड़ों छात्र हैं,इससे ज्यादा उनके प्रशंसक और भक्त छात्र हैं।वे जब तक भारतीय भाषा केन्द्र ,भाषा संस्थान,जेएनयू में प्रोफेसर के रूप में पढ़ाते रहे उनके व्यक्तित्व के सामने विभाग के अन्य किसी शिक्षक का व्यक्तित्व निखरकर सामने नहीं आ पाया,वे सभी के व्यक्तित्व पर छाए रहे।वे 90साल के हो गए हैं।स्वस्थ हैं और सक्रिय हैं,हम सबके लिए यह सुखद बात है।हम सब यही चाहेंगे कि और भी अधिक लंबी उम्र तक जिंदा रहें।

नामवरजी के अंदर एक चीज है जिसे ´नायकीय व्यक्तिवाद´ कहते हैं। वे जहां रहे,नायक की तरह रहे,नायक की तरह काम किया,अच्छा या बुरा जो भी काम किया नायक की तरह काम किया।उनके संदर्भ में ´नायकीय व्यक्तिवाद´ का अर्थ क्या है ॽ यदि वे साहित्य पर बोल रहे हैं तो उनके शब्द साहित्य की पहचान और व्याख्या को प्रभावित करते हैं।वे जब बोलते हैं तो लगता है नामवर प्रमुख हैं साहित्य गौण है।श्रोतागण धार्मिक कर्मकांड की तरह उनको सुनते हैं। धार्मिक आस्था के साथ बैठे रहते हैं। वे जब किसी कार्यक्रम में रहते हैं तो अपनी मौजूदगी को वैध ठहराते हैं।लगता है नामवरजी को बुला लिया,कार्यक्रम सफल हो गया ! कोई यह नहीं देखता कि वे क्या बोले ॽ अच्छा बोले या खराब बोले!आयोजक और श्रोता इससे खुश कि नामवरजी आ गए! वे अपनी मौजूदगी के अनुभव से उत्तेजना पैदा करते हैं।नामवरजी को यह गुण मार्क्स से नहीं नीत्शे से मिला है।नामवरजी की खूबी है जो बोलते हैं उसका पालन नहीं करते। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने हजारों भाषण दिए हैं,लेकिन गिनती के भाषण स्वयं लिखे हैं। वे अपने भाषण को लिखने से क्यों कतराते रहे इसका आजतक कोई सटीक उत्तर उन्होंने नहीं दिया।

नामवरजी के लिए भाषण देना धार्मिक कर्मकांड की तरह है। भक्त उनको वाचिक परंपरा का अंतिम आचार्य कहते हैं।प्रश्न यह है उनके भाषण उनके जीवन का अंग हैं या नहीं ॽ यदि जीवन का अंग हैं तो भाषणों की संगति में वे अपने जीवन का विकास क्यों नहीं कर पाए ॽयह कैसे हुआ कि जीवनानुभव और ज्ञानानुभव में भयानक अंतराल आ गया !



नामवरजी अपना समूचा कार्य-व्यापार आस्था के आधार पर चलाते रहे हैं,जो उनके प्रति आस्थावान हैं नामवरजी के वे प्रिय हैं! जो उनके प्रति आस्था नहीं रखते नामवरजी उनको घास नहीं डालते,चाहे वह कितना ही योग्य और सक्षम हो।यही आस्था नामवरजी को आरएसएस के आयोजकों तक ले गयी है।आरएसएस वालों में भी वे सब गुण हैं जो किसी आस्थावाले में होते हैं।यही वजह है नामवरजी ने साहित्य और अकादमिक जगत के सभी फैसले आस्था की कसौटी पर कसकर लिए,जो आस्था में खरा उतरा वह उनका हुआ जो आस्थारहित था उसे उन्होंने तिरस्कृत किया।आस्था का पहलू इतना प्रबल है कि नामवरजी की वैचारिक प्रतिबद्धता को उसने हमेशा के लिए दफ्न कर दिया।अब नामवरजी का नायकीय व्यक्तिवाद था और आस्था थी,ये दोनों चीजें जेएनयू में रहते हुए ही जन्म ले चुकी थीं,इन दोनों को उन्होंने खूब पाला-पोसा बड़ा किया।

आरएसएस वाले नामवरजी का जन्मदिन क्यों मना रहे हैं ॽ

        आप जब नामवरजी से बातें करेंगे,मिलेंगे,तो मन होगा,इस आदमी से बार-बार मिलना चाहिए।बहुत ही सुंदर भाषा,उदात्त भाव और उदात्त जीवन तरंगों के कारण नामवरजी सहज ही आकर्षित करने लगते हैं। यही उदात्तता उनकी जनप्रियता का मूलाधार है।इसके कारम ही वे सबको अच्छे लगते हैं।

सवाल यह है जनप्रिय न होते तो क्या आरएसएस के लोग उनको बुलाते ॽ क्या कोई सत्ताधारी उनको बुलाता ॽ

किसी भी लेखक के अंदर एक आंतरिक मन होता है और दूसरा उसका बाह्य मुखमंडल होता है। इनमें साम्य हो सकता है, वैषम्य भी हो सकता है।यह भी कह सकते हैं लेखक की एक होती है आत्मा और दूसरा होता है मन।सवाल यह है लेखक को कहां खोजें ॽ मन में खोजें या आत्मा में ॽ

प्लेटो ने मन और आत्मा की एकता पर जोर दिया,लेकिन नामवरजी के मन और आत्मा में गहरा द्वंद्व है,अन्तर्विरोध है।जिस तरह हम प्लेटो के किसी मूल्यविशेष को खारिज कर सकते हैं,लेकिन प्लेटो के योगदान को खारिज नहीं कर सकते।यही दशा नामवरजी की है उनके किसी मसले पर नजरिए को खारिज कर सकते हैं,लेकिन उनके हिन्दी साहित्य में योगदान को खारिज नहीं कर सकते।उनकी बेहतरीन मेधा को अस्वीकार नहीं कर सकते,खारिज नहीं कर सकते।

सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कौन सी चीज है जो मनुष्य को महान बनाती है ॽ मैं चाहूँ या न चाहूं नामवरजी हिन्दी के महान आलोचक हैं।यह महानता उन्होंने कैसे अर्जित की है ॽ वे जनप्रिय क्यों हैं ॽ हर दल,संगठन,व्यक्ति उनको क्यों पसंद करता है ॽक्योंकि उनके पास साहित्यात्मा है।साहित्यात्मा को अर्जित करना सबसे मुश्किल काम है।साहित्यात्मा अर्जित करने के कारण वे इतिहास में शामिल हैं, इतिहास के निर्माण में उनकी बड़ी भूमिका है।वे जब तक जिंदा हैं साहित्य की हर बहस में घूम-फिरकर दाखिल हो जाते हैं,वे साहित्य की मासकल्चर हैं।

सवाल यह नहीं है कि उनका लिखा खराब है या बढ़िया है,सवाल यह है कि उनको छोड़कर हिन्दीवाले बात नहीं कर सकते।वे हिन्दीवाले के अंदर खाली जगह देखते ही मासकल्चर की तरह घुस जाते हैं।मसलन्,कोई विषय न हो तो नामवरजी पर बातें करो। मासकल्चर का यही लक्षण है वह खाली समय में तुरंत दाखिल होती है।आरएसएस वाले भी अपने खालीपन को भरने के लिए नामवरजी का इंदिरा गांधी कला संग्रहालय की आड़ में इस्तेमाल कर रहे हैं,उनका जन्मदिन मना रहे हैं।



यह कहा जाता है अच्छा आदमी जरूरी नहीं है महान हो,और महान आदमी जरूरी नहीं है अच्छा आदमी हो।यह बात नामवरजी पर सटीक बैठती है।यही वह प्रस्थान बिंदु है जहां से नामवरजीके जीवन में शैताननायक प्रवेश करता है।

नामवरजी का शैताननायक प्रेम

   नामवरजी का शैताननायक प्रेम नई बात नहीं है।राजनीति में वे आपातकाल के दौरान आपातकाल का समर्थन करके इस प्रेम का प्रदर्शन कर चुके हैं,इसबार वे नरेन्द्र मोदी के साथ हैं। सवाल यह है लेखक के नाते आपातकाल का समर्थन करना और लेखक के ही नाते नरेन्द्र मोदी का समर्थन करना आखिर किस तरह की राजनीतिक नैतिकता की अभिव्यक्ति है ॽ क्या इस राजनीतिक नैतिकता को लोकतांत्रिक कहेंगे ॽ

हिन्दी में शैतान नायक के प्रति प्रेम की परंपरा को बनाए रखना बड़ा दुर्लभ काम है। लेकिन वे यह काम कर रहे हैं। इस समय देश में लेखकों की अभिव्यक्ति के अधिकारों पर हमले हो रहे हैं,तीन लेखकों को हिन्दुत्ववादी हत्यारों ने मौत के घाट उतार दिया ,लेकिन नामवरजी ने उस पर कोई गंभीर प्रतिवाद नहीं किया, न तो कोई लेख लिखा और न ´आलोचना´पत्रिका में कोई संपादकीय लिखा।ठीक यही स्थिति आपातकाल के समय भी थी,अभी वे बूढ़े हैं ,उस समय वे यौवन से भरे थे,लेकिन आपातकाल के खिलाफ ´आलोचना´ पत्रिका में उन्होंने एक वाक्य नहीं लिखा।वे प्रतिवाद में संपादकीय पन्ना खाली छोड़ सकते थे ,वह भी नहीं किया,उलटे आपातकाल का समर्थन किया।आजकल वे कहते हैं उन्होंने आपातकाल का विरोध किया था।

हाल के वर्षों में आरएसएस और उससे जुड़े संगठनों के जिस तरह के हमले किए हैं उन पर नामवरजी चुप हैं ! यह चुप्पी बेहद खतरनाक है ! उलटे उन्होंने पुरस्कार वापस करने वाले लेखकों पर ही आलोचना के बाण चलाए हैं।दिलचस्प बात यह है इंदिरा गांधी ने भी संविधान की धज्जियां उडायीं,नामवरजी चुप रहे !मोदीजी भी धज्जियां उडा रहे हैं वे चुप हैं ! सवाल यह है नामवरजी की एक लेखक के नाते राजनीतिक नैतिकता क्या है ॽ मुक्तिबोध की भाषा में पूछें ´पार्टनर तेरी पॉलिटिक्स क्या है ॽ ´

नामवरजी के लिखे को खोजने जाएंगे तो उनका आरएसएस के पक्ष में लिखा कहीं नहीं मिलेगा,बल्कि उनका साम्प्रदायिकता के खिलाफ लिखा मिलेगा। ऐसी अवस्था में आप उनको पकड़ेंगे कैसे ॽ राजनीति का नियम है कि आदमी के विचार ही नहीं व्यवहार भी देखना चाहिए।

नामवरजी का आरएसएस और मोदी के प्रति व्यवहार क्या है ॽ नामवरजी की मोदीभक्ति उनके आचरण में है,लेखन में नहीं है।लिखित रूप में तो उन्होंने आपातकाल के पक्ष में भी कुछ नहीं लिखा लेकिन आपातकाल का समर्थन किया था। उनके लेखन को देखकर नहीं लगेगा कि वे कभी फासिस्ट इंदिरा के साथ थे।नामवरजी लिखकर कभी किसी दल के साथ नहीं रहे,वे हमेशा केन्द्र में सत्तारूढ़ राजनीतिक दल और पीएम के साथ रहे हैं।इसलिए नामवरजी को खोजना है तो उनके आचरण में खोजो।किसी भी लेखक को खोजना है तो उसके लेखन और आचरण दोनों को मिलाकर देखें।

नामवरजी के राजनीतिक मूल्य वे नहीं है जो आरएसएस के हैं,नामवरजी अपने मूल्य स्वयं सृजित करते रहे हैं।सतह पर लगेगा कि उनके और मोदी के मूल्य भिन्न हैं,आरएसएस और उनके मूल्य भिन्न हैं !यह भिन्नता का दर्शन उन्होंने नीत्शे से सीखा है। लिखने की बजाय बोलने और राजनीतिक आचरण की कला उन्होंने नीत्शे से सीखी है। नीत्शे में यही गुण था ।नीत्शे के गुण हिटलर से नहीं मिलते थे,लेकिन वह हिटलर के साथ था।

दिलचस्प बात यह है आरएसएस में इतना स्पेस है कि आप वामपंथी रहकर भी उनके साथ रह सकते हैं,गांधीवादी होकर भी उनके साथ रहकर सकते हैं,आरएसएस के साथ रहने के लिए उसकी विचारधारा को मानना जरूरी नहीं है,आरएसएस का मुख्य जोर साथ रहने पर है,आप निजी तौर पर अपने विचार कुछ रखें लेकिन आएसएस के साथ रहें ।जो लोग कह रहे हैं यह देखना चाहिए कि नामवरजी उनके यहां जाते हैं तो बोलते क्या हैं ॽ हमारा कहना यही है कि वे जो बोलते हैं उसे कृपा करके लिख दें,कहीं छपवा दें,वे बोलने के बहाने वैचारिक घल्लूघारा किए हुए हैं। नामवरजी वैचारिक तौर पर सबसे अविश्वसनीय वक्ता हैं,वे मौसम और माहौल देखकर बोलने में सिद्धहस्त हैं।जबकि उनके भक्तों को लगता है उनका बोलना ही महान है!



रविवार, 24 जुलाई 2016

नामवरजी के आने-जाने की विचारधारा और भोले भक्त

        नामवरजी का आना-जाना कोई सीधा -सरल मामला नहीं है।वह कोई विचारधाराहीन काम नहीं है।वे असाधारण लेखक हैं।वे कहीं जब बुलाए जाते हैं तो इसलिए नहीं बुलाए जाते कि बहुत सरल सीधे, विचारधाराहीन इंसान हैं ! भक्तों का तर्क है वे सबके हैं और सब उनके हैं ! यदि मामला इतना सा ही होता तो नामवरजी को न तो कोई बुलाता और न कोई उनका 90वां जन्मदिन ही मनाता।वे बड़े कद के लेखक-शिक्षक-बुद्धिजीवी हैं। उनकी समाज में व्यापक भूमिका है। वे साधारण लेखक रहे होते तब भी संभवतः हमें कोई आपत्ति न होती। जाने-अनजाने नामवरजी के बारे में जितने तर्क उनकी हिमायत में दिए जा रहे हैं वे अंततःनामवरजी को विचारधाराहीन,दृष्टिहीन मनुष्य के रूप में पेश कर रहे हैं।लेकिन नामवरजी विचारधाराहीन मनुष्य नहीं हैं।वे बेहतरीन इंसान हैं।मैं निजी तौर पर उनका प्रशंसक -आलोचक हूँ,उनके गलती करने पर हर समय टोका है,लेकिन संवाद नहीं छोड़ा।बहिष्कार नहीं किया।

नामवरजी का मोदीप्रेम हाल की घटना नहीं है यह मोदीजी के लोकसभा चुनाव के समय ही सामने आ गया था,उस समय भी हमने फेसबुक पर उनके टीवी पर दिए गए बयान की आलोचना की थी। सवाल यह है क्या मौजूदा मोदीशासन सामान्य रूटिन लोकतांत्रिक सरकार का शासन है ॽक्या मोदी निजी तौर पर सामान्य बुर्जुआनेता हैं ॽ क्या अटल-आडवाणी की तरह के संघी नेता हैं ॽ यदि हमारे मित्र ऐसा सोच रहे हैं तो बहुत बड़ी गलतफहमी में हैं।

देश में पहलीबार ऐसा हुआ है कि एक ऐसा व्यक्ति शासन पर आ बैठा है जिसने अपने राजनीतिक कर्म से लोकतंत्र को बहुत गहरे जाकर क्षत-विक्षत किया है।गुजरात के दंगे साधारण घटना नहीं है। संविधान पर नियमित सोची समझी साजिश के तहत पहले उन्होंने गुजरात में निरंतर हमले किए,यहां तक कि न्यायपालिका को पंगु बना दिया,यही वजह थी कि सुप्रीमकोर्ट को उन दंगों के मुकदमों की सुनवाई की व्यवस्था गुजरात के बाहर करनी पड़ी।यह भारत के इतिहास की असाधारण घटना है।125से ज्यादा लोग दंगों के लिए सजा पा चुके हैं,यहां तक कि मोदीमंत्रीमंडल की एक सदस्या भी सजा भोग रही है।यह सब देखने जानने के बावजूद यदि नामवरजी जैसा सुलझा हुआ व्यक्ति मोदी की गोदी में जा रहा है तो सवाल तो खड़े होंगे !

कुछ लोग कह रहे हैं इंदिरा गांधी कला संग्रहालय राष्ट्रीय संस्थान है,वह संघ का नहीं है,अतः वहां जाने में कोई हर्ज नहीं। इस तरह के तर्क नामवरजी जैसे व्यक्ति को टुईंया लेखक बना देते हैं, उनके जाने-आने को अर्थहीन सामान्य घटनामात्र बना देते हैं।हम जानते हैं नामवरजी बहुत उदार हैं,भले हैं,जो बुलाता है उसके यहां चले जाते हैं।लेकिन क्या मोदी सरकार आने के बाद बुद्धिजीवियों के लिए स्थितियां सामान्य रह गयी हैं ॽ



आज बुद्धिजीवियों के बीच में अघोषित मोदीआतंक फैला हुआ है।केन्द्रीय विश्वविद्यालयों में स्थिति सबसे बदतर है।स्वयं जेएनयू में भी हालात असामान्य हैं।जेएनयू के आरएसएस से जुड़े शिक्षकों ने जांच रिपोर्ट के नाम पर छात्रसंघ के ऊपर सीधे हमला बोला है,अनेक छात्रनेताओं के खिलाफ कार्रवाई हुई है,नामवरजी चुप रहे।पहलीबार ऐसा हुआ है कि आरएसएस के शिक्षकों ने जेएनयू की छात्राओं को कलं कित, अपमानित करने वाली रिपोर्ट जारी करके सभी छात्राओं के चरित्र पर सवाल खड़े किए हैं,उनको अपमानित किया है।जेएनयू में संघी वीसी ने सभी फैसलेकुन कमेटियों को पंगु कर दिया है।इस तरह की घटनाएं तो आपातकाल में भी नहीं हुई थीं।जेएनयू की एकेडमिक कौंसिल का एजेण्डा वीसी नहीं मानव संसाधनमंत्री तय कर रहा है। यही हाल दिल्ली विश्वविद्यालय और अन्य केन्द्रीय विश्वविद्यालयों का है वहां पर मानव संसाधन मंत्री से स्वीकृति लिए बिना एकेडमिक कौंसिल का एजेण्डा वीसी तय नहीं कर सकता।कम से कम आपातकाल में भी यह स्थिति नहीं थी कि एकेडमिक कौंसिल का एजेंडा मंत्री तय करे! नामवरजी भोले नहीं हैं और अज्ञानी नहीं हैं जो यह न जानते हों! विगत सभी सरकारों के साथ मोदी सरकार के अंतर को सिर्फ इसी एकमात्र उदाहरण से समझा जा सकता है।

विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...