मनमोहन सि‍ह लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मनमोहन सि‍ह लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 5 जनवरी 2011

कूपमंडूक विचारक हतप्रभ हैं वैश्वीकरण से

कूपमंडूक विचारकों को वैश्वीकरण अभी तक समझ में नहीं आया है। वे यह देखने में असफल हैं कि भारत का बुनियादी आर्थिक नक्शा बदल चुका है। कूपमंडूक विचारकों में कठमुल्लापन इस कदर हावी है कि उनकी कूपमंडूकता के समाने विनलादेन भी शर्मिंदा महसूस करता है। भूमंडलीकरण और आर्थिक उदारीकरण को औचक और कूपमंडूक भाव से कभी समझा नहीं जा सकता। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने विगत एक साल में अर्थव्यवस्था का जो नक्शा तैयार किया है उसको वस्तुगत रूप में देखें तो भारत की तस्वीर आगामी दशक में काफी हद तक बदल जाएगी। इस बदली तस्वीर को हमें पूर्वाग्रहों से मुक्त होकर देखना होगा। कॉमनसेंस और कठमुल्लेपन से भूमंडलीकरण और नव्य आर्थिक उदारीकरण समझ में नहीं आएगा। भविष्य में भारत का प्रधानमंत्री कोई भी बने लेकिन देश में बड़े आर्थिक परिवर्तनों का आधार मनमोहन सिंह ने रख दिया है और यह काम बड़े ही कौशल और राष्ट्रीय हितों की रक्षा करते हुए किया है। विगत एक साल में मनमोहन सरकार ने अमेरिका,चीन,रूस, फ्रांस,जापान,दक्षिण कोरिया, मलेशिया,संयुक्त अरब अमीरात आदि देशों के साथ 250 से ज्यादा द्विपक्षीय समझौते किए हैं। इन समझौतों के कारण आगामी दशक में भारत की अर्थव्यवस्था में जबर्दस्त परिवर्तन होगा। महाशक्तियों और विकसित देशों के साथ परमाणु ऊर्जा,अंतरिक्ष,परिवहन,संचार आदि के क्षेत्रों में किए गए समझौते बेहद महत्वपूर्ण हैं। मसलन अमेरिका,रूस,फ्रांस चीन ,कनाडा के साथ परमाणु ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में किए गए समझौतों का दूरगामी असर होगा। मसलन रूस के साथ हुए समझौते के अनुसार रूस दो नए परमाणु रिएक्टर लगाएगा और लडाकू विमान के डिजायन निर्माण में मदद करेगा। आगामी 5 सालों में 3 स्थानों पर 18 परमाणु ऊर्जा रिएक्टर लगाए जाने की महत्वाकांक्षी योजना की भी घोषणा की गई है। इसके अलावा 20 बिलियन डॉलर के दुतरफा व्यापारिक समझौते भी हुए हैं। फ्रांस विभिन्न प्रकल्पों में 10 बिलियन डॉलर का निवेश करेगा। चीन ने आगामी 5 सालों में विभिन्न क्षेत्रों में दुतरफा व्यापार के क्षेत्र में 100 बिलियन डॉलर के निवेश का समझौता किया है। चीन ने ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों 16 बिलियन डॉलर के 48 समझौते किए हैं। परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में अकेले फ्रांस 9,900 मेगावाट बिजली पैदा करने के लिए संयंत्र मुहैय्या कराएगा।
    इसके अलावा फ्रांस के साथ अन्य क्षेत्रों में 12बिलियन डॉलर का,जापान के साथ 20 बिलियन डॉलर, कनाडा के साथ 15 बिलियन डॉलर का समझौता हुआ है। विगत वर्ष राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल की यात्रा के समय संयुक्त अरब अमीरात के साथ 100 बिलियन डॉलर के दुतरफा व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। इसमें 43 बिलियन का मौजूदा व्यापार शामिल नहीं है। यह भी अनुमान है कि सन् 2010-11 में कृषि उत्पादन भी बढेगा। सन् 2010-11 में 4.4 फीसदी कृषि उत्पादन का लक्ष्य है। जबकि 2008-09 में 1.2 प्रतिशत ही कृषि उत्पादन हुआ था। इसी तरह चीनी और रूई का उत्पादन भी बढ़ेगा। भारत में जहां एक ओर तेजी से विकास हो रहा है। उत्पादन बढ़ रहा है। इन्फ्रास्ट्रक्चर में भारी निवेश बढ़ रहा है। विश्व बाजार में रूई और चीन के दाम बढ़े हैं मसलन चीनी को ही लें,सन् 2010-11 में चीन का उत्पादन 250 लाख टन होने की संभावना है जबकि 2009-10 में 188 लाख टन चीनी का ही उत्पादन हुआ था। चीनी की विश्व बाजार में बड़ी मांग है। उद्योगों में उत्पादन की गति तेज है और औद्योगिक उत्पादन का लक्ष्य 10 प्रतिशत से ऊपर रखा गया है। विगत अक्टूबर में औद्योगिक उत्पादन 10.8 प्रतिशत था और अनुमान है यह आंकड़ा बढ़ेगा। इसी तरह मशीनों के उत्पादन में 22 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। उपभोक्ता मालों का उत्पादन 31 फीसदी बढ़ा है। खान उत्खनन और बिजली उत्पादन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। कारपोरेट कंपोजिट इंडेक्स बढ़कर 10.3 प्रतिशत हो गया है। जो कि पहले 6.9 फीसद था। राष्ट्रीय सकल घरेलू उत्पाद दर 9 प्रतिशत से ऊपर जा सकती है। आयात और निर्यात दोनों में वृद्धि हुई है। निर्यात में 26.7 प्रतिशत और आयात में 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अभी निर्यात की तुलना में विदेशों से आयात ज्यादा हो रहा है। यह चिंता का क्षेत्र है।
     दूसरी ओर समानान्तर अर्थव्यवस्था या काले धन की संस्कृति का भी विकास हुआ है। एक अनुमान के अनुसार प्रति 24 घंटे में भारत 240 करोड़ रूपये खोता जा रहा है। सन् 1948-2008 की अवधि के दौरान भारत से लगभग 9.7 लाख करोड़ रूपये अवैध पूंजी के रूप में विदेशी बैंकों में जमा कराए गए हैं। इसमें 5.7 लाख करोड़ रूपये तो 2000-08 की अवधि में जमा कराए गए हैं। ये सारी जानकारी ‘ग्लोबल फाइनेंशियल इंटीग्रिटी-जीएमआई ’ की एक रिपोर्ट में दी गयी है। रिपोर्ट का शीर्षक है- ‘द ड्राइवर्स एण्ड डायनामिक्स ऑफ इल्लिसिट फाइनेंशियल फ्लोज फ्रॉम इण्डियाः1948-2008’। इस अवैध काले धन पर यदि आयकर आदि करों की राशि जोड़ दी जाए तो यह रकम 21 लाख करोड़ रूपये बैठेगी। यह सारा कालाधन है। यदि इस धन को भारत रोक देता तो 230.6 अरब डॉलर के विदेशी ऋण को चुका पाता। इसमें यदि तमाम किस्म की तस्करी आदि का धन भी जोड़ लिया जाए तो यह पूंजी 500 अरब डॉलर से ऊपर बैठेगी। मूल बात यह है कि आर्थिक उदारीकरण लागू किए जाने के बाद से विकास हुआ है साथ में विकास के नाम पर सार्वजनिक संपत्तियों की लूट भी हुई है। क्योंकि विदेशों में जमा अधिकांश कालाधन 1991 के बाद ही जमा किया गया है। कालेधन के विशेषज्ञ अर्थशास्त्रियों का मानना है भारत की 72 फीसदी काली पूंजी विदेशों में जमा है और भारत में मात्र 28 फीसदी है। अवैध कालेधन का समूचा आकार 640 बिलियन डॉलर से ज्यादा का आंका गया है। आने वाले दशक में यह आंकड़ा बढ़ेगा। नव्य उदार अर्थशास्त्र में काले धन पर नकेल लगाने का कोई नियम अभी तक सामने नहीं आया है। केन्द्र सरकार विदेशों में भारतीयों के जमा काले धन को वापस लाने के मामले में कोई ठोस कदम उठाती नजर नहीं आ रही है।  

शनिवार, 16 अक्टूबर 2010

मनमोहन सिंह -सोनिया गांधी का अमीरी-गरीबी का पहाड़ा

     ‘बिजनेस स्टैण्डर्ड’ अखबार ने भारत की अमीरी और गरीबी का बड़ा ही चुभता हुआ पहलू उजागर किया है। इससे यह भी पता चलता है कि मनमोहन सिंह -सोनिया गांधी की नव्य-उदार आर्थिक नीतियां हमारे देश को किस तरह के संकट की ओर ले जा रही हैं।  यहां हम इन दोनों खबरों को साभार दे रहे हैं- पहली खबर करोड़पतियों की संख्या में हुई बेतहाशा वृद्धि से जुड़ी है। अखबार ने लिखा है-
‘‘शानदार आर्थिक वृद्धि और शेर बने शेयरों की सवारी पर भारतीय कारोबारी नित नई बुलंदियों को छू रहे हैं।देश में करोड़पतियों की बढ़ती तादाद इसकी एक और मिसाल है। करीब 42,700 भारतीय कारोबारी करोड़पतियों के क्लब में शामिल हो गए हैं। मुंबई में बुधवार को जारी हुई कैपजेमिनाई और मेरिल लिंच की विश्व संपत्ति रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ। इसमें भारतीय करोडपतियों की संख्या बढ़कर 1,26,700 हो गई।
   भारतीय करोड़पतियों की संख्या में 51 फीसदी का इजाफा हुआ है। एशिया प्रशांत क्षेत्र में हॉन्ग कॉन्ग के बाद करोड़पतियों के उभार के बाद भारत दूसरे पायदान पर मौजूद है। रिपोर्ट के मुताबिक हांगकांग में करोड़पतियों की संख्या में 104 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। भारत में करोड़पतियों के आंकड़े ने वर्ष 2007 के आंकड़े को भी पीछे छोड़ दिया है। वर्ष 2007 में भारतीय अर्थव्यवस्था बहुत उफान पर थी और शेयर बाजार अपने चरम पर था। उस साल देश में करोड़पतियों की संख्या 1,23,000 थी। इस साल भी देश की अर्थव्यवस्था के 8.5 फीसदी की दर से वृद्धि करने का अनुमान लगाया जा रहा है।
रिपोर्ट का कहना है कि भारत और चीन में आर्थिक विकास की रफ्तार करोड़पतियों की संख्या और बढ़ा सकती और एशिया प्रशांत क्षेत्र में इनका दबदबा हो जाएगा। एशियाई दिग्गज चीन में भी करोड़पतियों की संख्या में 31 फीसदी का इजाफा हुआ।
चीन में करोड़पतियों की संख्या बढ़कर 4,77,000 हो गई। चीन की अर्थव्यवस्था वर्ष 2009 में 8.7 फीसदी की दर से बढ़ी और शेयर बाजार भी तेजी पर सवार रहे। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 30-30 लाख करोड़पतियों के साथ एशिया और यूरोप इस मामले में बराबरी पर बने हुए हैं जबकि 31 लाख करोड़पतियों के साथ उत्तरी अमेरिका इस मोर्चे पर सिरमौर बना हुआ है।’’ तस्वीर दूसरा रुख बड़ा भयानक है । बिजनेस स्टैंडर्ड ने अपने एक संपादकीय में लिखा है- ‘‘भारत में चीन से ज्यादा अरबपति हैं, लेकिन वैश्विक भूख सूचकांक (ग्लोबल हंगर इंडेक्स) के मामले में चीन के मुकाबले उसकी स्थिति बदतर है। हालांकि सभी वैश्विक सूचकांकों में कुछ न कुछ त्रुटियां होती हैं और यह जरूरी नहीं है कि ये सूचकांक वास्तविकता को दर्शाते हों। बहरहाल यह भारत के लिए शर्म की बात है क्योंकि वह 25 देशों के समूह में शामिल है जिसमें सब-सहारा अफ्रीका का इलाका भी है, जहां भूख का स्तर खतरनाक स्थिति में है। सूचकांक में भारत 67वें, नेपाल 56वें, पाकिस्तान 52वें और श्रीलंका 39वें पायदान पर है। दक्षिण एशिया में सिर्फ बांग्लादेश ही भारत से ऊपर 68वें स्थान पर है। इंटरनैशनल फूड पॉलिसी रिसर्च इंस्टीट््यूट (आईएफपीआरआई) ने दो वैश्विक गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) वेल्थहंगरहिल्फ व कंसर्न वल्र्डवाइड के सहयोग से यह सूचकांक तैयार किया है। यह भूख के तीन महत्त्वपूर्ण संकेतकों पर आधारित है और हर संकेतक का समान भार है, 1. अल्पपोषित आबादी का प्रतिशत, 2. पांच वर्ष से कम उम्र के सामान्य से कम वजन वाले बच्चों का अनुपात, 3. शिशु मृत्यु दर। यहां सामान्य से कम वजन वाले 43.5 फीसदी बच्चे हैं, जो भारत के सूचकांक को नीचे ले जाता है। यह दुखद है कि भारत सामान्य से कम वजन वाले दुनिया के कुल बच्चों में से 42 फीसदी का घर है और 31 फीसदी बच्चों का विकास अवरुद्ध है।
यह गौरतलब है कि अल्पपोषण की समस्या खाद्यान्न की कमी की वजह से नहीं है बल्कि इसलिए है क्योंकि उपलब्ध स्टॉक जरूरतमंदों तक या तो नहीं पहुंच रहा है (खास तौर से बच्चों व गर्भवती महिलाओं और दूध पिलाने वाली माताओं) या फिर इसे उन कीमतों पर नहीं बेचा जा सकता जिन पर वे इसे खरीद सकते हैं। चिकित्सीय सबूत बताते हैं कि सबसे महत्त्वपूर्ण चरण तब आता है जब जीवन के पहले 1000 दिन में पोषण अनिवार्य होता है, गर्भधारण और बच्चे केजन्म के बीच। दो साल की उम्र के बाद अल्पपोषण का बुरा प्रभाव स्थायी होता है। दुर्भाग्य से खाद्य नीतियां बनाने के दौरान इस पहलू पर ध्यान नहीं दिया जाता रहा है।
इसमें कोई दो राय नहीं है कि पिछले दशक में भूख को समाप्त करने में भारत ने काफी प्रगति की है। लेकिन यह देखते हुए कि कुछ गरीब देशों ने उससे बेहतर काम किया है, प्रगति संतोषजनक स्तर से काफी दूर है। ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि बीते दशक में प्रति व्यक्ति आय में उत्साहजनक बढ़ोतरी व गरीबी में कमी लाने का भूख पर बहुत ज्यादा असर नहीं दिख रहा है। आर्थिक व सामाजिक असमानता और गरीबों के पास खरीदने की क्षमता के अभाव के अलावा खाद्यान्न के मौजूदा भंडार के कमजोर प्रबंधन ने इस समस्या को बढ़ाने में योगदान दिया है। इन सब खामियों पर सरकार का प्रत्युत्तर यही हो सकता है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि गरीबों, खास तौर से महिलाओं व बच्चों की पहुंच खाद्यान्न तक हो। ब्राजील ने यही रास्ता अपनाया है और अविकसित बच्चों की बड़ी संख्या को नगण्य स्तर पर ला दिया है। भारत को उससे सबक लेने की दरकार है। नई दिल्ली से महज खाद्यान्न का अधिकार कानून बनाने से, जब देश के ज्यादातर इलाकों में प्रभावी जनवितरण प्रणाली न हो, बहुत ज्यादा मकसद पूरा नहीं हो पाएगा। उम्मीद है कि इस खबर पर राजनीतिक व्यवस्था का प्रत्युत्तर महज विधायी नहीं होगा बल्कि वास्तविकता में अनिवार्य रूप से प्रशासनिक होगा। खाना उपलब्ध कराने के कर्तव्य को पूरा करने के लिए खाद्यान्न का अधिकार कानून का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए।’’






मंगलवार, 24 नवंबर 2009

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अफगान तमाचा


प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कल अपनी भारतीय गरि‍मा और सभ्‍यता का प्रदर्शन करते हुए अमेरि‍का के नीति‍ नि‍र्धारकों के मुँह पर अफगान चमाचा जड़ा है। इस तमाचे के गंभीर अर्थ नि‍हि‍तार्थ हैं। कुछ देर के लि‍ए मनमोहन वि‍रोधी तटस्‍थ भाव से देखें तो उन्‍हें यह तमाचा साफ दि‍खाई देगा। मनमोहन सिंह ने कल वाशिंगटन में अमेरि‍की रणनीति‍ज्ञों के सामने बोलते हुए कहा  अफगानि‍स्‍तान जैसे प्राचीन देश में लोकतंत्र को अपनी जड़ें मजबूत करने में कुछ समय लगेगा। इस देश के इति‍हास और जनजाति‍यों की परंपरा की संगति‍ में आने में लोकतंत्र को कुछ समय लगेगा। इस प्रसंग में मनमोहन सिंह ने अफगानि‍स्‍तान के राष्‍ट्रपति‍ हामि‍द करजई का समर्थन करते हुए कहा कि‍ सभी क्षेत्रीय और अंतर्राष्‍ट्रीय खि‍लाड़ि‍यों को करजई का खुलकर समर्थन करना चाहि‍ए।
    यह बयान कई दि‍शाओं में जाकर खुलता है। कुछ आलोचकों की नजर में  प्रधानमंत्री सीधे ओबामा और अमेरि‍की प्रशासन की अफगाननीति‍ का समर्थन कर रहे हैं। दूसरा आयाम यह है कि‍ उन्‍हें क्षेत्रीय शांति‍ की चि‍न्‍ता ज्‍यादा है और वे चाहते हैं कि‍ अफगानि‍स्‍तान में स्‍थि‍रता आए। इस स्‍थि‍रता को लाने में अफगानि‍स्‍तान की गैर आतंकी शक्‍ति‍यॉं और अफगानि‍स्‍तान की जनता के बीच में कि‍या गया मानवीय वि‍कास कार्य प्रभावी मदद करेगा। भारत का सरोकार इस पहलू से ज्‍यादा है। भारत की नजर में अफगानि‍स्‍तान की जनता और उसके हि‍त में चल रहे मानवीय वि‍कास कार्य सर्वोच्‍च प्राथमि‍कता पर हैं। उल्‍लेखनीय है  प्रधानमंत्री के इस भाषण के तत्‍काल बाद ही अमेरि‍की प्रशासन हरकत में आ गया और अफगानि‍स्‍तान-पाक में अमेरि‍की राजदूत रि‍चर्ड हॉलब्रुक ने मात्र 90 मि‍नट के नोटि‍स पर अपनी प्रेस कॉंफ्रेस बुलायी और कैमरे में कैद करके प्रेस कॉंफ्रेंस की।
     प्रधानमंत्री के भाषण में कूटनीति‍क भाषा में अफगानि‍स्‍तान में अमेरि‍का जो कर रहा है उसकी अप्रत्‍यक्ष तीखी आलोचना व्‍यक्‍त की गई है। प्रधानमंत्री ने कहा  सारी दुनि‍या के देशों को अफगानि‍स्‍तान के राष्‍ट्रपति‍ हामि‍द करजई के पीछे गोलबंद होना चाहि‍ए। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने यह नहीं कहा कि‍ अमेरि‍की राष्‍ट्रपति‍ ओबामा की अफगाननीति‍ के पीछे गोलबंद होना चाहि‍ए।
     उल्‍लेखनीय है ‍भारत की अफगानि‍स्‍तान में बेहद महत्‍वपूर्ण भूमि‍का रही है, भारत जो काम कर रहा है उसे अमेरि‍की सैन्‍य अधि‍कारी फूटी आंख देखना पसंद नहीं करते। कई बार भारत के राजदूत के ऑफि‍स पर आईएसआई के सहयोग से तालि‍बानी हमले संगठि‍त कि‍ए गए हैं और इन हमलों के संदर्भ में अमेरि‍का ने कोई भी नेट जासूसी वाली सामग्री या पूर्व सूचना भारत को मुहैयया नहीं करायी है। यहां तक कि‍ अमेरि‍का ने आईएसआई की इन हमलों में हि‍स्‍सेदारी की निंदा तक नहीं की। जबकि‍ अफगानि‍स्‍तान के राष्‍ट्रपति‍ ने साफ कहा था कि‍ भारत के राजदूत के दफतर पर हुए हमले में आईएसआई का हाथ था। ‍ अमेरि‍का ने पाक पर इसके लि‍ए दबाव तक नहीं ड़ाला कि‍ वह उन लोगों के नाम बताए जो हमले के पीछे थे। सच यह है कि‍  अमेरि‍का जानता है कि‍ यह हमला क्‍यों कराया गया और कि‍सने कराया।
    इस प्रसंग में भारत की अफगान जनता के कल्‍याणकार्यों के लि‍ए की गई पहलकदमी और प्रधानमंत्री का अफगानि‍स्‍तान के राष्‍ट्रपति‍ के पक्ष का दो टूक समर्थन बेहद महत्‍वपूर्ण कदम है। उल्‍लेखनीय है अफगानि‍स्‍तान के राष्‍ट्रपति‍ ने कईबार कहा है कि‍ नाटो की सेनाएं अफगानि‍स्‍तान से चली जाएं हम देश संभाल लेंगे। लेकि‍न अमेरि‍का और नाटो इस पर ध्‍यान नहीं दे रहे हैं। ये बातें ध्‍यान रखें तो हमें प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अमेरि‍की राष्‍ट्रपति‍ की बजाय अफगानि‍स्‍तान के राष्‍ट्रपति‍ का समर्थन करना सही परि‍प्रेक्ष्‍य में समझ आएगा।  


विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...