समाचार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
समाचार लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 20 नवंबर 2010

टेलीविजन एंकरों का तालिबानी प्रौपेगैण्डा

     टेलीविजन में तालिबानी तांडव चल रहा है। भारत के विभिन्न समाचार चैनल टीवी समाचारों के सभी किस्म के एथिक्स और कानूनों को त्यागकर तालिबानी हथकंड़ों पर उतर आए हैं। वे सरकारी रिपोर्ट और पुलिस की चार्जशीट को खोजी खबर बनाकर पेश कर रहे हैं । और सनसनीखेज टीवी पत्रकारिता कर रहे हैं।
    हिन्दू आतंकवाद से लेकर हाल के भ्रष्टाचार के घोटालों के उद्घाटन तक टीवी चैनलों ने एक भी ऐसी खबर नहीं दी है जो उन्होंने स्वतंत्र रूप से जुगाड़ की हो,अपनी खोजीटीम लगाकर एकत्रित की हो। इसके बावजूद वे सत्य के तथाकथित ढ़िंढोरची बने हुए हैं। हमारे टीवी एकर नहीं जानते कि वे इस तरह टीवी को तालिबानी टीवी में तब्दील कर रहे हैं। इस पूरी प्रक्रिया में दीर्घकाल में टेलीविजन की विश्वसनीयता ही खत्म हो जाएगी।
     टेलीविजन का तालिबानी हथकंडा है खबर के नाम पर आतंक ,भय और दबाब पैदा करना। सरकार को पंगु बनाना। सरकारी मशीनरी की निर्रथकता को ढ़ोल बजाना। चैनलों में यह भाव नजर आ रहा है कि ‘मेरी मानो वरना नंगा कर दूँगा’।
      संचारमंत्रालय से लेकर आदर्श घोटाले तक,कॉमनवेल्थ से लेकर कर्नाटक के येदुरप्पा घोटाले तक टेलीविजन का काम आतंक पैदा करने का रहा है। इसने खबरें कम और राजनीतिक भय ज्यादा पैदा किया है। इन सभी प्रसंगों में सत्य का एक भी नया अंश चैनल रिपोर्टर जुगाड़ नहीं कर पाए हैं।
     चैनल एंकर कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा के आधार पर अपनी तथाकथित भ्रष्टाचार विरोधी रिपोर्ट को तैयार करते हैं और फिर उसका जमकर 24 घंटे ,48 घंटे, 72 घंटे प्रौपेगैण्डा करते हैं। वे तथाकथित पुलिस फाइल से सामग्री जुगाड़ करके लाते हैं,भ्रष्टाचार के मामले में वे सीएजी की रिपोर्ट को लेकर आए हैं। वे अपनी टीवी रिपोर्ट पर चर्चित व्यक्तियों को बातचीत के लिए बुलाकर पूछते हैं कि हमारे फलां-फलां सवाल हैं ,आप लोगों की क्या राय है ? क्या किया जाए ?
      टॉक शो में बैठे ‘ज्ञानी-गुणी’ लोग तत्काल रेडीमेड उत्तर देते हैं। यह करो वह करो। इसे पकड़ो,उसे गिरफ्तार करो। इसे बर्खास्त करो,उसे खोज निकालो। तत्काल दंड दो। हम जो कहते हैं उसे मानो। यदि नहीं मानोगे तो हम और भी हल्ला करेंगे। इसके कारण टीवी चैनलों ने तालिबानी आतंक का वातावरण बनाया हुआ है। इसके खिलाफ सरकार को खड़ा होना चाहिए। लोकतंत्र पसंद ताकतों को आवाज बुलंद करना चाहिए। सत्य के साथ खड़ा होना चाहिए। टीवी चैनलों के आतंक के सामने उसे समर्पण नहीं करना चाहिए।
    अभी तक का अनुभव बताता है सरकार भी चैनलों से डरने लगी है। कायदे से सरकार का डर होना चाहिए था। लेकिन चैनलों ने उलटा वातावरण बनाया है। अब चैनलों से सरकार डर रही है,नेता डरे हैं, राजनीतिक दल डरे हैं, समाज डरा हुआ है। न्यायाधीश डरे हुए हैं। सिर्फ अंसंवैधानिक सत्ता केन्द्र और माफिया गिरोहों को चैनलों से नहीं डर नहीं लगता। बाकी सब लोग डरे हुए हैं।
     इस परिप्रेक्ष्य में देखें तो टीवी चैनल भय और आतंक का वातावरण बनाकर माफिया और कानून भंजकों के लिए विचारधारात्मक वातावरण का निर्माण करने का काम कर रहे हैं। चैनल वाले भय की सेवा कर रहे हैं,लोकतंत्र की नहीं। लोकतंत्र में भय का वातावरण नहीं होता। दबाब का वातावरण नहीं होता।
      टीवी में किसी खबर के आने का मतलब है संबंधित व्यक्ति की सामाजिक हत्या। वे यह काम बड़े सुनियोजित ढ़ंग से कर रहे हैं। इसका न्यायालयों से लेकर राजनेताओं तक प्रभाव पड़ रहा है। तथाकथित पब्लिक पर्सेप्शन बनाने के नाम पर टीवी वाले किसी भी व्यक्ति या मसले के बारे में खबर उछालते हैं और उसके बाद तत्काल एक्शन की मांग करते हैं। 
    मजेदार बात यह है एंकरों से लेकर समाचार संपादकों को संबंधित मसले की जटिलताओं की कोई जानकारी नहीं होती। वे मसले की सरलता से बाकिफ होते हैं और जटिलता से अनजान होते हैं। मसले को सरल बनाने के चक्कर में वे जटिल और संश्लिष्ट को फालतू समझने लगते हैं । इसके बाद अपने ही बुने जाल में फंस जाते हैं।  उनकी किसी भी मसले को लेकर कोई भी गहरी तैयारी नहीं होती और वे भोंपू की तरह अपनी बेबकूफियों को सत्य का अंश बताकर प्रचारित करते हैं। वे उतना ही जानते हैं जितना कागज पर उनके सामने होता है या किसी ने सूचना दे दी होती है। वे अपने विवेक, पेशेवर कौशल और तथ्यों की दूर तक गहराई में जाकर छानबीन नहीं करते। वे रहस्योदघाटन के नाम पर अप्रासंगिक बातों और तथ्यों को उठाते हैं और उनका प्रचार करते हैं।
     टीवी समाचार संपादकों की किस तरह की खोखली तैयारी होती है इसका आदर्श उदाहरण है 19 नवम्बर 2010 को ‘टाइम्स नाउ’ चैनल के समाचार संपादक-एंकर अर्णव गोस्वामी का दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल के साथ लिया गया साक्षात्कार।
    इस साक्षात्कार में मंत्री कपिल सिब्बल ने समाचार संपादक को जिस तरह धोया और नंगा किया वह काबिलेतारीफ तो है ही ,साथ ही टीवी पत्रकारिता के खोखलेपन का द्योतक भी है।
    मसलन मंत्री महोदय ने एक सवाल एंकर से किया कि आप यह बताएं कि स्पैक्ट्रम के दाम कौन तय करेगा ?  शेष तक इस सामान्य से सवाल का जबाब एंकर के पास नहीं था,वह जानता था लेकिन बोला नहीं ,क्योंकि उसके तमाम भ्रष्टाचार विरोधी प्रचार अभियान की इस एक सवाल के आधार पर ही हवा निकल जाने का खतरा था।
     मंत्री ने समाचार संपादक की जिस निर्ममता के साथ धुलाई की वह देखने लायक थी और उससे यह यभी पता चल रहा था कि अर्णव गोस्वामी के पास सत्य का एक सरकारी अंश है जिसे वह सत्य का महान अंश बनाकर पेश कर रहे हैं।
    हमारी समस्या यहां भ्रष्टाचार में कौन दोषी है और कौन निर्दोष है, यह पडताल करना नहीं है। हमारा लक्ष्य है कि टीवी समाचार चैनलों की पत्रकारिता पद्धति के बारे में सवाल उठाना। 2जी स्पैक्ट्रम मामला हो या आदर्श सोसायटी का मामला हो दोषी का निर्णय कानून करेगा। कानून की अपनी प्रक्रिया है और उसकी अपनी गति है। चैनलों को इस प्रक्रिया और गति से कोई लेना-देना नहीं है वे तो प्रौपेगैण्डा में लगे रहते हैं। वे खबर नहीं पेश कर रहे बल्कि व्यक्तियों और संगठनों को निशाना बना रहे हैं। इस प्रसंग में उन्होंने अपराध रिपोर्टिंग के घटिया ङथकंड़े अपनाने आरंभ कर दिए हैं।
    मसलन ,चैनल वालों का मानना है सीएजी रिपोर्ट में जो लिखा है वह परमसत्य है । अब सिर्फ एक काम करना है कि उसे मान लो। वे सीएजी रिपोर्ट में कोई चूक भी हो सकती है ? तथ्यों की उपेक्षा हो सकती है ? गलत निर्णय हो सकता है ? यह सब मानकर नहीं चल रहे बल्कि यह मानकर चल रहे हैं कि सीएजी रिपोर्ट में जो लिखा है वह सत्य है और तथ्य पर आधारित है।
       वे सीएजी रिपोर्ट की प्रक्रिया को भी पूरा नहीं होने देना चाहते हैं। वे चाहते हैं कि किसी भी तरह सीएजी रिपोर्ट के जो अंश उनके हाथ लगे हैं वे प्रमाण मान लिए जाएं और दंड की घोषणा कर दी जाए। सब जानते हैं कि सीएजी रिपोर्ट संसद में रखे जाने के पहले अपनी महत्ता हासिल नहीं करती। संसद में रखे जाने के बाद यह रिपोर्ट छानबीन के लिए पब्लिक एकाउंट कमेटी के पास जाती है और वह कमेटी इसकी छानबीन करती है और फिर लौटकर संसद के सामने रिपोर्ट पेश की जाती है। वे इस प्रक्रिया में जाने के पहले ही भ्रष्टाचार-भ्रष्टाचार का हल्ला कर रहे हैं।
    आज टीवी चैनलों के दबाब के चलते संसदीय प्रक्रिया और संसद दोनों ही दांव पर लगे हैं। विपक्ष ने संसद में काम ठप्प कर दिया है। वे टीवी चैनलों में बैठकर विजुअल्स के जरिए अपने प्रतिवाद को बनाए रखना चाहते हैं,वे जनता में जाकर भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई जनांदोलन खड़ा करना नहीं चाहते। जनांदोलन खड़ा करने में जो परिश्रम लगता है ,पैसा खर्च होता है उसकी तुलना में चंद टीवी एकरों के जरिए हंगामा बनाए रखना। संसद और न्यायपालिका पर दबाब बनाए रखना ज्यादा सहज रास्ता है।
    टीवी की जल्दी परिणाम निकालो की भावना ने सांसदों और न्यायपालिका में भी जल्दी परिणाम पाने का भाव पैदा किया है। इसके लोकतंत्र के खिलाफ गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इस प्रक्रिया के खिलाफ हम सतर्क नहीं हुए तो लोकतंत्र नष्ट भी हो सकता है।  जल्दी परिणाम पाने के चक्कर में हम रीयलटाइम मीडिया संचार की चपेट में आकर समाज मर भी सकता है। सत्य की मौत हो सकती है। ऐसी अनेक घटनाएं घटी हैं जिनमें रीयलटाइम टीवी संचार के दबाब में फैसले लिए गए और बाद में मालूम पड़ा सारा मामला ही झूठा था। दिल्ली की एक उच्चमाध्यमिक शिक्षिका पर एक चैनल की घटिया रिपोर्ट को सत्य के रहस्योदघाटन के नाम पर इतना उछाला गया कि दिल्ली सरकार ने उस शिक्षिका को टीवी फुटेज के आधार पर बर्खास्त कर दिया। बाद में वह महिला मानसिक संतुलन खो बैठी,बाद में पता चला कि टीवी चैनल की सारी रिपोर्ट झूठी थी। आजकल वह महिला मानसिक रोगी की तरह अपना इलाज करा रही है और वह किसी काम को करने की स्थिति में नहीं हैं।
   टीवी चैनल खबर दें,लेकिन प्रामाणिक खबर दें। वे भय पैदा न करें। दबाब की राजनीति न करें।  वे खबर देने के बाद जिस आतंक और दबाब की सृष्टि करते हैं उसमें तालिबानी भाव छिपा है। एक और उदाहरण लें तो बात शायद समझ में आए। हाल ही में हरियाणा के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को उच्च अदालत ने सेक्सुअल उत्पीड़न के मामले में जमानत दे दी है। ये जनाब रिटायर्ड हैं और मामला काफी संगीन है,उन्हें सजा बोली गयी है और यह पुलिस अधिकारी 20 सालों से पीड़िता के परिवार को सताता रहा है। अदालत उस पर विचार कर रही है। कानूनी प्रावधान है कि सेक्सुअल उत्पीड़न के मामले में जमानत मिल सकती है। लेकिन चैनलों को आपत्ति है कि जमानत क्यों मिली।
     समाचार टीवी चैनल दबाब पैदा कर रहे हैं कि अदालतें कानून के अनुसार नहीं टीवी कवरेज के अनुसार चलें। विवादित मसले का फैसला जज नहीं एंकर सुनाएंगे। जजों का काम है सिर्फ एंकरों के द्वारा दिए गए फैसले की पुष्टि करना। ये टीवी चैनलों की जागरूकता पैदा करने वाली भूमिका नहीं है यह तालिबानी भूमिका है।
    टीवी वाले चाहते हैं कि देश को मुक्तराज्य के रूप में उन्हें सौंप दिया जाए। वे जिसे चाहें दोषी बताएं,जैसा चाहें दंड दें। संसद से लेकर न्यायालय सभी उनका अनुसरण करें। हमारा मानना है चैनलों का यह रास्ता टीवी पत्रकारिता के सभी एथिक्स और मानदंडों की खुली अवहेलना है। यह टीवी का तालिबानी रास्ता है।     
           








बुधवार, 8 सितंबर 2010

आजतक चैनल और मंत्री दिनेश त्रिवेदी का असभ्य प्रदर्शन

    आजतक चैनल ने टीवी पत्रकारिता के सभी मानक तोड़ दिए हैं। इस चैनल के समाचार संपादक से लेकर मालिकों तक और संवाददाताओं से लेकर विज्ञापनदाताओं तक यह संदेश गंभीरता से जाना चाहिए कि यह चैनल हिन्दी टीवी पत्रकारिता का सबसे असभ्य चैनल है। समाचार में गालियां देना,खबर में संवाददाता या समाचार संपादक का निजी नजरिया व्यक्त करना । तर्कहीन और विवेकहीन ढ़ंग से टीवी रिपोर्ट पेश करना रोजमर्रा की बात हो गयी है।
    आजतक की समाचार प्रस्तुतियों की विशेषता है मानवाधिकार हनन करना। विभिन्न सामाजिक समूहों,पेशेवर समूहों,व्यक्तियों, औरतों,बच्चों,धार्मिक समूहों आदि पर केन्द्रित खबरें ,समाचार मूल्य के बुनियादी मानकों को ताकपर और मानवाधिकार हनन के परिप्रेक्ष्य में पेश की जा रही हैं।  यह चैनल अपनी प्रस्तुतियों से साधारण जनता और विभिन्न सामाजिक समूहों और पेशे के लोगों के मानवाधिकारों का हनन करने में लगा है। इस चैनल का मूल लक्ष्य है विज्ञापन से ज्यादा से ज्यादा धन कमाना और घटिया पत्रकारिता करना ।
  यह सच है कि आजतक को हिन्दी खबरिया चैनलों में खूब देखा जाता है,इससे भी बड़ा सच है कि इस चैनल की टीवी पत्रकारिता में कोई साख नहीं है। पेशेवर फूहड़ता इसकी प्रस्तुतियों में भरी पड़ी है। आप किसी भी दिन के कार्यक्रम देखें आपको गहरी निराशा हाथ लगेगी।
    आजतक की गैर-पेशेवर और मानवाधिकार हनन की तस्वीर पेश करने के लिए एक ही खबर को उदाहरण के रूप में रखना चाहता हूँ। कल की खबरों में दिल्ली और राजस्थान के डाक्टरों की हड़ताल पर केन्द्रित खबर थी। यह खबर कोई भी हिन्दीवाला देख ले तो उसका सिर शर्म से झुक जाएगा। एंकर थे हिन्दी टीवी के तथाकथित जानेमाने पत्रकार,मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि इस तरह की असभ्य पत्रकारिता और इतनी गंदी भाषा मैंने अंग्रेजी और बांग्ला समाचार चैनलों में नहीं सुनी।
    आजतक के एंकर,संवाददाता और समाचार संपादक को लगता है गंदी भाषा बोलने का खास प्रशिक्षण दिया जाता है। अपमानजनक भाषा बोलना आजतक चैनल का प्रधानधर्म है। मैं हिन्दी साहित्य पढ़ाता हूँ और विगत 20-22 सालों से मीडिया भी पढ़ाता हूँ,मेरी दर्जनों किताबें हैं,प्रतिदिन कई घंटे टीवी भी देखता हूँ लेकिन भाषायी असभ्यता का इन दिनों जैसा नंगा नाच आजतक चैनल पर हो रहा है उससे हिन्दी मीडिया की गरिमा को ठेस लगी है। हम चाहते हैं कि आजतक चैनल मानवाधिकार विरोधी,अशालीन और गैर-पेशेवर भाषा का समाचार प्रस्तुतियों में प्रयोग तुरंत बंद करे।
     भाषायी असभ्यता देखिए- कल दिल्ली और राजस्थान के डाक्टरों की हड़ताल पर जो कवरेज था ,रात 10 बजे प्राइम टाइम में , उसमें डाक्टरों के बारे में जो कहा गया वह दण्डनीय अपराध है। टीवी के ‘महान एंकर’ ने कहा ‘ ये डाक्टर नहीं कंस हैं’। एक रिपोर्टर ने राजस्थान से जो समाचार भेजा उसमें डाक्टरों के लिए कहा गया ‘जल्लाद ’।
       हम आजतक वालों से पूछना चाहेंगे वे किस स्कूल से मीडिया की शिक्षा लेकर आए हैं? क्या थोड़ा भी ज्ञान नहीं है कि इस तरह की भाषा न बोली जाए। अपमानजनक भाषा, सम्मान को ठेस पहुँचाने वाली भाषा,इज्जत उतारने वाली भाषा, गैर पेशेवर भाषा का प्रयोग टीवी हिंसाचार की कोटि में आता है। इस भाषा का आजतक में निरंतर प्रयोग बढ़ रहा है।
      दूसरी बात यह कि वाचिक हिंसा ,कायिक हिंसा से भी ज्यादा खतरनाक और घातक होती है। उससे व्यक्ति,समुदाय या वर्गविशेष को गहरी चोट लगती है। व्यक्ति, समुदाय, पेशे समुदाय, वर्गविशेष आदि को आघात लगता है। और इस तरह की भाषा का प्रयोग मानवाधिकार हनन की कोटि में आता है। भारत के कानूनों के अनुसार दण्डनीय अपराध है। अरे भाई आप खबरें दें गालियां क्यों देते हैं,अपमानजनक भाषा क्यों बोलते हैं ।
       आजतक वालों को यह समझना चाहिए कि उनके पास शक्तिशाली मीडिया है जिसका वे दुरूपयोग कर रहे हैं। वे खबरें कम ,अपमानजनक खबरें ज्यादा प्रचारित कर रहे हैं। मसलन डाक्टरों की हड़ताल को ही लें। टीवी या मीडिया या आम नागरिक को डाक्टरों की हड़ताल को डाक्टरों के नजरिए से देखना चाहिए। डाक्टरों पर आए दिन हमले हो रहे हैं,डाक्टरी पेशे में जो लोग हैं वे बेइंतिहा मेहनत करके समाज की सेवा करते हैं। खासकर अस्पतालों में काम करने वाले डाक्टरों की सेवाएं अतुलनीय हैं। इसकी तुलना में उनके पास कम से कम संसाधन हैं और अस्पताल में उनकी सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है।
    यदि किसी मरीज को कोई खास शिकायत हुई, या वह मर गया तो मरीज के नाते-रिश्तेदार-दोस्त सीधे गाली-गलौज, मारपीट और तोड़फोड़ पर उतर आते हैं। डाक्टरों के साथ इस तरह के व्यवहार की किसी भी कीमत पर हिमायत नहीं की जा सकती। दिल्ली और राजस्थान में हुई डाक्टर हड़ताल के संदर्भ में यह तथ्य महत्वपूर्ण है कि डाक्टरों के द्वारा बार-बार शिकायत किए जाने बाबजूद अस्पतालों में सुरक्षा नहीं बढ़ाई गयी है। दोषियों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं हुआ है।
     डाक्टरों को पेशेवर और नागरिक होने के नाते भारत के संविधान के तहत हड़ताल का अधिकार है। किसी भी व्यक्ति,संस्था ,मीडिया और सरकार को हड़ताल का हक छीनने की अनुमति नहीं दी जा सकती। डाक्टरों के बारे में उनकी समस्याओं के बारे में मानवाधिकार के परिप्रेक्ष्य में सोचने और खबर देने की जरूरत है।
  उल्लेखनीय है एनडीटीवी पर स्वास्थ्य राज्य मंत्री दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि हड़ताली डाक्टरों को एमसीआई को ‘डि-रजिस्टर्ड’ कर देना चाहिए।
  अरे मंत्री साहब समस्या तो आपके निकम्मेपन और सरकार द्वारा सुरक्षा व्यवस्था और संसाधन मुहैय्या न कराने से पैदा हुई है। आपने अभी तक दिल्ली के डाक्टरों और अस्पतालों को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान क्यों नहीं की ? कायदे से तो इस निकम्मेपन के लिए मंत्री को बर्खास्त कर देना चाहिए। जिसके निकम्मेपन के कारण डाक्टरों को मजबूरी में हड़ताल का सहारा लेना पड़ा।   
    इन दिनों आधिकांश हिन्दी चैनलों में मानवाधिकार हनन का परिप्रेक्ष्य हावी है। मानवाधिकार हनन की हिमायत में प्रस्तुत खबरें मीडिया की समाजसेवा के दायरे में नहीं आतीं बल्कि कारपोरेट सेवा के दायरे में आती हैं।  यह अब आजतक चैनल को तय करना है कि उसे समाजसेवा करनी है या कारपोरेट सेवा करनी है।
     कारपोरेट सेवा,मानवाधिकार अपहरण और गैर-पेशवर प्रस्तुतियों के बीच अन्योन्याश्रित संबंध है। इन दिनों इस संबंध को हिन्दी के अधिकांश चैनल निभा रहे हैं।

शनिवार, 10 जुलाई 2010

आजतक टीवी चैनल की संपादकीय अनैतिकता और समाचार का अंत


     भारत के हिन्दी टीवी समाचार चैनलों ने जो रास्ता पकड़ा है वह इस बात का संकेत है कि टीवी चैनलों में समाचार और संपादन के मानकों की विदाई हो गयी है। संपादन और समाचार प्रस्तुति के नाम पर बेईमानी हो रही है। ऐसी अनैतिक संपादनकला का प्रदर्शन हो रहा है जिसे देखकर किसी की भी आंखें शर्म से झुक जाएं। मसलन् आजतक टीवी चैनल को ही लें, उसने तो टीवी संपादनकला के नए मानक ही गढ़ लिए हैं। 
     यह चैनल कहीं से किसी भी स्रोत से खबर ले लेता है और अपने ब्यूरो के नाम से प्रसारित कर देता है। यह खेल प्रतिदिन हो रहा है। उदाहरण के लिए ऑक्टोपस नामक समुद्री जंतु पर उसने आधा घंटे की दो दिन पहले खबर दिखाई और शेष तक नहीं बताया कि आखिर उसे यह खबर कैसे मिली ? समाचार का कायदे से स्रोत बताया जाना चाहिए। यह चैनल कहीं से भी फोटोग्राफ लेकर दिखा देता है फोटोग्राफर का नाम नहीं बताता। खबर के स्रोत,फोटोग्राफर का नाम आदि बातें ऐसी हैं जो साफ दिखती हैं। लेकिन समस्या इससे भी गंभीर है ,इस चैनल को सर्वश्रेष्ठ समाचार चैनल का कई सालों से इनाम भी मिलता रहा है। हमें इस कारपोरेट मेनीपुलेशन पर शर्म क्यों नहीं आती ?  हमारे प्रबुद्ध संपादक अखबारों में इस संपादकीय पतन पर कुछ क्यों नहीं बोलते ?  अब एक अन्य प्रसंग पर सोचें कि आखिरकार टीवी में समाचार का अंत क्यों हुआ ?समाचार के नाम पर क्या गुलगपाड़ा मचा हुआ है ?इसे थोड़ा बड़े परिप्रेक्ष्य में देखें।

      नव्य-उदारतावाद के मौजूदा दौर में समाचार की बजाय जंक समाचार ज्यादा आ रहे हैं। ये वे समाचार हैं जो देखने में चटपटे किंतु सारहीन होते है। इनका सामाजिक मूल्य बहुत कम होता है, इस तरह के समाचारों का टीवी कवरेज से लेकर प्रिंट मीडिया तक फैल जाना इस बात का संकेत है कि मौजूदा दौर समाचार का नहीं जंक समाचार का युग है। इसके अलावा जो सारवान समाचार दिखाए जा रहे हैं उनमें खास किस्म का मनमानापन झलकता है। मसलन् हमेशा आधी-अधूरी कहानी बतायी जाती है। भ्रमित करने वाली शीर्ष पंक्तियां बनायी जाती हैं। तथ्यों में सुधार चुनिंदा ढ़ंग से किया जाता है। जिस कहानी में किसी तरह का तथ्य अपुष्ट प्रमाणों को समाचार कहानी बनाकर पेश किया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय खबरों में ऐसी स्टोरियों और तथ्यों से बचा जाता है जो अमेरिकी राष्ट्रपति बुश के लिए ठीक न हों। अथवा उनके बारे में नकारात्मक प्रभाव पैदा करने वाली हों। आज समाचार के नाम सिर्फ मनोरंजन की खबर होती है,आकर्षक चेहरे की खबर होती हैं। 'चेहरा' आज टीवी खबरों में बड़ा कारक तत्व बनकर सामने आया है खासकर महिला समाचारवाचिका अथवा एंकर के रुप में सुंदर चेहरे की लड़की ज्यादा पसंद की जा रही है। स्थिति यह हो गई है कि एंकर के रुप में अमिताभ बच्चन से लेकर  जॉनी लीवर तक को सहज ही देखा जा सकता है। यह आकर्षक चेहरे,सैलीब्रेटी चेहरे और सुंदरता की परेड है। इससे टीकी एंकर की परंपरा ही बदल गयी है। यही स्थिति खेलों की है। अब खेल के कार्यक्रमों में खेल संवाददाता नहीं बल्कि स्वयं खिलाडी ही अपना मूल्यांकन करते रहते हैं,खिलाड़ी खिलाडी के बारे में बताता रहता है,इससे खेल पत्रकारिता का भी चरित्र बदला है। सवाल उठता है कि जब खिलाडी ही व्याख्याकार हो जाएगा,जब फिल्म के बारे में निर्देशक और अभिनेता ही मूल्यांकन करने लगेंगे तो ऐसा मूल्यांकन विश्लेषण और वस्तुगतता से रहित होगा। इस तरह की प्रस्तुतियों में आत्मगत तत्व हावी रहेगा। बल्कि यह भी कह सकते हैं कि समाचारों में सुंदरता और आत्मगत भाव की परेड हो रही है।
    टीवी वाचक के चेहरे हाव-भाव ज्यादा महत्वपूर्ण हो उठे हैं। साथ समाचार का गप्प, सनसनी और निर्मित विवादों में रुपान्तरण कर दिया गया है। इस तरह की खबरें जनता की बुध्दि पर हमला हैं,उसका अपमान है,ये यथार्थ जीवन के संदर्भ की उपेक्षा करती हैं, बर्नस्टीन के शब्दों में '' अच्छी पत्रकारिता जनता को चुनौती देती है,वह उसका विवेकहीन ढ़ंग से शोषण नहीं करती।'' आज स्थिति इतनी खराब हो गयी है कि सरकारी सूत्रों से हासिल सूचनाओं और ब्यौरों को बगैर किसी तहकीकात के सीधे पेश कर दिया जाता है। इस संदर्भ में विश्व विख्यात पत्रकार वॉब बुडवर्ड के शब्दों का स्मरण करना प्रासंगिक होगा। बुडवर्ड ने लिखा है  कायदे से सरकारी स्रोत से निकली खबर की संवाददाता को अपनी खोज के जरिए पुष्टि करनी चाहिए। इससे जनतंत्र का विकास होता है किंतु जब संवाददाता सिर्फ सरकारी स्रोत के आधार पर ही खबर देने लगे तो इससे सर्वसत्तावादी समाज का निर्माण होता है,इस परिप्रेक्ष्य में यदि खबरों को देखें तो पता चलेगा कि खबरें जनतंत्र का नहीं सर्वसत्ताावादी समाज का निर्माण कर रही हैं। वाटरगेट कांड से लेकर इराक युध्द तक वुडवर्ड ने बड़े पैमाने पर रहस्योद्धाटन किए हैं। वुडवर्ड कहता है  हमें उस केन्द्रीय कारक की तलाश करनी चाहिए जिसके कारण सरकार उस तरह की सूचनाएं दे रही है। जनतंत्र में प्रेस दूसरा स्रोत मुहैयया कराता है। उसके आधार पर नागरिक तय कर सकते हैं कि क्या सही है। कौन सी स्टोरी सही है। बॉव वुडवर्ड को इस दौर का सबसे बेहतरीन संवादाता माना जाता है।
      आज हमारे शहरी लोग टीवी चैनलों से खबरें प्राप्त करते हैं,ये वे चैनल हैं जिन पर बड़े इजारेदार घरानों का कब्जा है,इनमें से ज्यादातर कंजरवेटिव विचारधारा का अहर्निश प्रचार करते रहते हैं। ये समाचार चैनल अंधानुकरण में अमेरिकी समाचार चैनलों के रास्ते पर चल निकले हैं। इसके कारण खबर का अर्थ अब मनोरंजन हो गया है। इसे पत्रकारिता जगत की पेशेवर कुश्ती भी कह सकते हैं। प्रथम मध्य-पूर्व युध्द के पहले तक टीवी खबरों के जरिए ज्यादा धन की आमदनी नहीं होती थी। किंतु प्रथम मध्य-पूर्व युध्द ने यह साबित किया कि टीवी खबरों में बड़ा धन है। यही वह दौर है जिसमें टीवी खबरों की रेटिंग की ओर सीएनएन जैसा चैनल मुखातिब हुआ और इसके बाद तो टीवी समाचार रेटिंग का सिलसिला ही चल निकला।
     रेटिंग के इस नए दौर में देशप्रेम,विज्ञान,दर्शन से ज्यादा सेक्स,स्कैण्डल और सनसनीखेज खबरों की रेटिंग में तेजी से बढ़ोतरी हुई है।  अब अमेरिकी राष्ट्रपति की देशभक्ति से ज्यादा महत्वपूर्ण था राष्ट्रपति का अवैध सेक्स स्कैण्डल ,वह ज्यादा लुभावना था। समाचार के पतन या रुपान्तरण का सबसे खतरनाक पक्ष यह है इसमें प्रौपेगैण्डा को खबर बना दिया गया है। प्रथम इराक युध्द से यह सिलसिला चला है और अब यह एक आम नियम बन गया है। टीवी समाचारों का विभिन्ना दल वैचारिक प्रचार अभियान के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। आज किसी एक कवर स्टोरी को बनाना सस्ता सौदा है क्योंकि उससे अन्य स्टोरी को छिपाना है। अब एक ही टॉपिक पर पूरा कार्यक्रम आने लगा है। प्रथम मध्यपूर्व युध्द से सीएनएन ने यह सिलसिला शुरू किया और बाद में सभी चैनलों ने इसे अपना लिया है। आज सभी समाचार चैनलों में एक ही कवर स्टोरी के आधार पर आधा घंटा,एक घंटा,कभी-कभी पूरा दिन,चौबीस घंटे, साठ घंटे तक एक ही कवर स्टोरी कब्जा जमाए रहती है। इसके कारण अन्य खबरों को प्रसारित ही नहीं किया जाता। इसका अर्थ यह है कि समाचार चैनल एक से अधिक स्टोरी के लिए धन खर्च करने की स्थिति में नहीं हैं। अथवा तयशुदा ढ़ंग से अन्य स्टोरियों को छिपाते हैं। कहने का तात्पर्य यह है कि एक समय में एक ही टॉपिक पर खबरें रहेंगी। कभी-कभार ही एकाधिक स्टोरी रहती है। समाचारों के अलावा चुनाव के समय चुनाव सर्वेक्षण,ओपिनियन पोल आदि भी आते हैं। चुनाव के समय ये खबरों का बड़ा हिस्सा घेर लेते है। चुनाव सर्वेक्षणों में आमतौर पर बेमेल सवाल किए जाते हैं। जैसे ,स्थिर सरकार चाहिए अथवा अस्थिर प्रशासन चाहिए। इस तरह का सवाल करते हुए वे दर्शकों को ज्यादा तथ्य प्रदान नहीं करते। इसके बावजूद यह चाहते हैं कि दर्शक अपना निष्कर्ष बता दे।  ओपिनियन के नाम पर दर्शकों से पूछा जाता है कि आपको कौन सा मुद्दा सही लगता है,प्रासंगिक लगता है, समस्या को लेकर आपकी भावनाएं क्या कहती हैं,किंतु नयी प्रवृत्तिा यह है कि वे भविष्य के बारे में क्या सोचते हैं ? यह भी सवाल किया जाता है कि आप फलां -फलां दल को क्यों समर्थन देते हैं, यह एकदम अप्रासंगिक सवाल है। चुनाव सर्वेक्षणों के जरिए मीडिया एब्सर्ड को तार्किक बनाता है और यह आभास देता है कि वह जो कह रहा है उसी पर विश्वास करो। 

सोमवार, 28 जून 2010

सीएनएन- आईबीएन 7 और टोरंटो के सत्य का विकृतिकरण

   ‘सीएनएन -आईबीएन 7’ चैनल के समाचारों का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। इस चैनल की खबरों में असत्य के प्रयोग बढ़ गए हैं। जनता के हितों के लिए संघर्ष करने वालों को तरह-तरह से कलंकित किया जा रहा है। इस कड़ी में नया मामला टोरंटो से जी-20 देशों की बैठक के मौके पर हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन की खबर से जुड़ा है।
    चैनल ने जी-20 देशों की बैठक के मौके पर हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन को ‘उत्पात’ की संज्ञा दी। लगता है किसी कमअक्ल के संवाददाता ने यह खबर लिखी है। उसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन और उत्पात में भाषिक अंतर और अर्थ का ज्ञान नहीं है। शांतिपूर्ण प्रदर्शकारियों को ‘हिंसा पर उतारू’ कहा। आरंभ में लिखा ‘दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देशों के समूह जी-20 की शिखर बैठक की मेजबानी कर रहे कनाडा के सबसे बड़े शहर एवं देश की वित्तीय राजधानी टोरंटो में हजारों प्रदर्शनकारी हिंसा पर उतारू हो गए।’प्रदर्शनकारियों को चैनल ने ‘उपद्रवी’ कहा। (विस्तार से इस चैनल की बेवसाइट पर जाकर देखें)  
 (शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी को पीटते पुलिस वाले)    
     इस खबर के प्रसंग में पहली बात यह कि यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण था। दूसरी बात यह कि प्रदर्शन की खबर को तोड़मरोड़ करके पेश किया गया है।
   इस प्रदर्शन में क्या हुआ इसके बारे में समग्रता में सूचनाएं देने की आईबीएन 7 ने जरूरत ही महसूस नहीं की। तथ्य यह हैं कि सम्मेलन स्थल पर किसी भी प्रदर्शन को कना़डा सरकार ने रोकने के आदेश पहले से ही दिए हुए थे।
    

(तोड़फोड़ करते पुलिस वाले)
      दूसरी महत्वपूर्ण सूचना यह कि पुलिस ने बड़ी निर्ममता के पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार किया। पत्रकार आग नहीं लगा रहे थे। वे समाचार संकलन कर रहे थे,लेकिन कनाडा पुलिस नहीं चाहती थी कि पुलिस की बर्बरता को कैमरों में कैद किया जाए।
     प्रेस फोटोग्राफरों की पीठ में प्लास्टिक गोलियां मारी गयीं और अनेक पत्रकार जख्मी भी हुए हैं। टोरेंटो के अखबार पुलिस के प्रेस फोटोग्राफरों पर किए गए हमलों की खबरों से भरे पड़े हैं लेकिन आईबीएन7 के संवाददाता को यह सब नजर नहीं आया। यह सब लोग जानते हैं कि इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में कुछ अराजकतावादी भी थे और जो कुछ तोड़फोड़ हुई उसमें इनका और कनाडा पुलिस के सादा कपड़ों में मौजूद पुलिस वालों का हाथ था।जिससे प्रदर्शनकारियों को बदनाम किया जा सके।   
    यहां हम कॉमन ड्रीम डॉट कॉम  में छपी रिपोर्ट का एक अंश उद्धृत करना चाहेंगे।
लिखा है-
 In a remarkable series of Tweets early Sunday morning, journalist Steve Paikin of public broadcaster TV Ontario said he witnessed "police brutality" against a reporter and the arrests of peaceful demonstrators.
"I saw police brutality tonight. It was unnecessary. They asked me to leave the site or they would arrest me. I told them I was doing my job," he Tweeted.
"As I was escorted away from the demonstration, I saw two officers hold a journalist. The journalist identified himself as working for 'the Guardian.' He talked too much and pissed the police off. Two officers held him a third punched him in the stomach. Totally unnecessary. The man collapsed. Then the third officer drove his elbow into the man's back. No cameras recorded the assault. And it was an assault."
Paikin had been at a demonstration in Toronto's Esplanade neighborhood, a densely-populated area near the waterfront. He said police moved in on a crowd of peaceful, "middle class" protesters and began arresting them.
"Police on one side screamed at the crowd to leave one way. Then police on the other side said leave the other way. There was no way out," he Tweeted. "So the police just started arresting people. I stress, this was a peaceful, middle class, diverse crowd. No anarchists. Literally more than 100 officers with guns pointing at the crowd. Rubber bullets and smoke bombs ready to be fired. Rubber bullets fired."
Paikin, a respected journalist who has hosted national election debates in Canada, said he was "escorted" away by police before he could see how many people were arrested, "but it must have been dozens."
"I have lived in Toronto for 32 years. Have never seen a day like this. Shame on the vandals and shame on those that ordered peaceful protesters attacked and arrested."
Earlier in the day, police told media that a small group of "Black bloc" demonstrators broke off from a protest of 10,000 people and began smashing storefront windows along the city's trendy Queen Street.
The CBC News Network reported that protesters smashed in the windows of an American Apparel outlet, pulled out the mannequins and spread feces on the floor. The storefronts of McDonald's and Starbucks locations were also damaged, as were numerous bank branches.
Police shut down all public transit in the city center, including subway and streetcar lines. They also shut down a large downtown shopping complex after reports of looting. AFP reported that some 200 people were trapped inside, unable to leave after the mall was put into lockdown.

"When the G20 protest began turning violent Saturday, police abandoned some of their police cars,"  "This one was briefly occupied on Queen Street."
एक अन्य बेवसाइट ने लिखा है कि प्रदर्शनकारियों में से जिन लोगों ने उपद्रव मचाया वे सादा बर्दी में पुलिसवाले ही थे। ‘ग्लोबल रिसर्च डॉट कॉम’ ने लिखा है-
Toronto is right now in the midst of a massive government / media propaganda fraud. As events unfold, it is becoming increasingly clear that the 'Black Bloc' are undercover police operatives engaged in purposeful provocations to eclipse and invalidate legitimate G20 citizen protest by starting a riot. Government agents have been caught doing this before in Canada.
 Montebello 2007 Riot Prevented - Identical Boots Exposed Undercover Police Provocateurs
 At the ‘Security and Prosperity Partnership’ meeting protests at Montebello Quebec on August 20, 2007, a Quebec union leader caught and outed three masked undercover Quebec Provincial Police operatives dressed as ‘black bloc’ protestors about to start a riot by throwing rocks at the security police. See the following videos documenting this event.
इस सिलसिले में ‘ग्लोबल रिसर्च डॉट कॉम’ ने 2007 और 2010 के पुलिसवालों के जूतों के फोटोग्राफ दिए हैं जिन्हें हम यहां पर दे रहे हैं। इससे आईबीएन 7 के इस झूठ का खंडन होता है कि उपद्रव करने वाले प्रदर्शनकारी थे। विस्तार से ये तथ्य ‘ग्लोबल रिसर्च डॉट कॉम’ पर देखे जा सकते हैं।










प्रणव राय-विनोद दुआ की कार-सेवा


      एनडीटीवी की प्रणवराय-विनोद दुआ टीम अब नंगे रूप में मनमोहन सरकार और कांग्रेस की भक्ति में सक्रिय हो गई है। ये लोग खबरों में कारसेवा कर रहे हैं। इस चैनल की खबरों में खासकर हिन्दी चैनल एनडीटीवी इंडिया में कांग्रेस की भक्ति और विपक्ष पर कटाक्ष का धारदार तरीके से इस्तेमाल हो रहा है। कांग्रेस और मनमोहन सरकार की भक्ति का ताजा उदाहरण है 26 जून को आपातकाल की बरसी पर किसी कार्यक्रम का टीवी पर न होना। वैसे सीएनएन-आईबीएन ने भी 26 जून पर कोई कार्यक्रम नहीं दिया।
   सन् 1975 को इसी दिन भारत में आपातकाल लगाया था। आपातकाल पर किसी भी कार्यक्रम का न आना टीवी चैनलों में बढ़ रहे नव्य-उदार नजरिए को सामने लाता है। आपातकाल कोई साधारण घटना नहीं थी,बल्कि स्वतंत्र भारत की असाधारण राजनीतिक घटना थी। इन दोनों ही चैनलों की बेवसाइट पर आपातकाल से संबंधित किसी भी कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं है।
    दूसरा प्रसंग हाल ही में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों के बढ़ाए जाने और सरकारी नियंत्रण हटाने का है। एनडीटीवी इंडिया ने इस पर जिस तरह से खबरें दी हैं वह इस बात का प्रमाण है कि यह चैनल बड़े ही घटिया तरीके से विपक्ष और प्रतिवाद के बारे में प्रचार कर रहा है।
       एनडीटीवी ने काग्रेस के प्रवक्ता की प्रेस कांफ्रेंस की रिपोर्टिंग की तो उसके बयान को वगैर किसी टिप्पणी के पेश किया। इसके विपरीत जब विपक्ष की रिपोर्टिंग की तो खबर के बीच में अपने मंतव्य को व्यक्त किया,विपक्ष का मूल्य-निर्णय किया ।
     एनडीटीवी यह तो जानता है कि पेशेवर ढ़ंग से खबर पेश करने का मनलब क्या है ? प्रणवराय-विनोद दुआ यह भी जानते हैं कि खबर में संवाददाता की राय का समावेश नहीं किया जाना चाहिए। यदि संवाददाता अपनी राय व्यक्त करना चाहे तो यह काम वह स्वतंत्र रूप से कर सकता है। लेकिन खबर में राय देना और मूल्य निर्णय देना पेशेवर प्रस्तुति नहीं कही जाएगी। यह खबर का मेनीपुलेशन है। नमूना देखें कांग्रेस प्रवक्ता के बयान को शीर्षक दिया - ‘तेल की कीमतों में बढ़ोतरी मजबूरी में की गई’, इस खबर में संवाददाता ने अपनी राय व्यक्त करने की कोशिश नहीं की। साथ ही यह भी आभास दिया कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत बढ़ाना अपरिहार्य कदम था। मजबूरी थी।
   दूसरी खबर का शीर्षक था - ‘ईंधन कीमतों में वृद्धि पर बीजेपी-लेफ्ट का प्रदर्शन’, इस खबर को उसी तरह पेश नहीं किया जैसे काग्रेस की खबर को पेश किया था। इस खबर में खबर के अलावा संवाददाता ने भाजपा के बारे में, उसके प्रतिवाद के बारे में मूल्य-निर्णय किया है जो समाचार-मूल्य का सीधे उल्लंघन है। इस खबर को पूरा पढ़ना समीचीन होगा।-
" ईंधन कीमतों में वृद्धि पर बीजेपी-लेफ्ट का प्रदर्शन
एनडीटीवी इंडिया
दिल्ली/कोलकाता, शनिवार, जून 26, 2010

यूपीए सरकार ने जैसे ही शुक्रवार को तेल और गैस की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया विपक्ष विरोध में खड़ा हो गया। तेल गैस की बढ़ी हुई कीमतों के खिलाफ शनिवार को दिल्ली में बीजेपी ने चक्का जाम किया। दिल्ली के सबसे व्यस्त आईटीओ चौराहे पर बीजेपी के कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन पर उतर आए और यहां घंटों जाम लगा रहा। वहीं मुंबई में भी बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने तेल-गैस की बढ़ी कीमतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इनमें गोपीनाथ मुंडे, स्मृति ईरानी ने बीजेपी के कई कार्यकर्ताओं समेत गिरफ्तारी भी दीं।
उधर,  ईंधन कीमतों में वृद्धि के खिलाफ माकपा समर्थित सीटू की हड़ताल के आह्वान का असर सार्वजनिक परिवहन पर देखने को मिला है।  राज्यभर में 24 घंटे की हड़ताल के कारण बस, मिनी बस और टैक्सियां सड़कों पर नहीं दिखीं लेकिन मेट्रो सेवाएं सामान्य हैं। पूर्वी रेलवे के सूत्रों ने कहा कि हड़ताल से रेल सेवाओं को अलग रखा गया है।  हवाई अड्डा के सूत्रों ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान सेवाएं सामान्य थीं।
एक तरफ सरकार आम लोगों को महंगाई से मार रही है तो दूसरी तरफ मुख्य विपक्षी दल बीजेपी विरोध की नौटंकी कर रही है। उसने शुक्रवार को दिल्ली में ऐसे लोगों को लेकर जूलूस निकाला जिनको बेघर होने का दर्द है लेकिन बीजेपी ऐसे जता रही है जैसे कि वे पेट्रोल-डीज़ल के खिलाफ सड़कों पर हैं। पेट्रोल-डीज़ल और रसोई गैस की बढ़ी क़ीमतों के खिलाफ बीजेपी ने दिल्ली के गोल डाकखाने पर एक प्रदर्शन का आयोजन किया। पुलिस ने ज्यादातर कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में ले लिया। जुलूस में चल रही महिलाओं की गोद में छोटे बच्चे भी थे। हमें शक हुआ कि आखिर इतने छोटे बच्चों के साथ क्या ये वाकई महंगाई के लिए सड़क पर उतरी हैं।
इसमें कोई शक नहीं कि इन पर महंगाई की भी भारी मार पड़ रही है लेकिन बीजेपी जैसी राष्ट्रीय पार्टी के कुछ कार्यकर्ता अपना उल्लू सीधा करने के लिए इनकी भावनाओं से खेल रहे हैं। इन लोगों का घर टूटा है लेकिन वे इनका इस्तेमाल महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए कर रहे हैं।’’
     यहां पर जो पंक्तियां रेखांकित की गई हैं उन्हें गौर से देखने से चैनल की पक्षधरता सहज ही समझ में आ जाएगी। सवाल यह है कि क्या खबर में संवाददाता की राय को शामिल करना सही होगा ? खबर या राय या मूल्य-निर्णय का फार्मूला सही है तो उसे कांग्रेस वाली खबर पर लागू क्यों नहीं किया ? असल में , यह मंहगाई के प्रतिवाद का उपहास उड़ाना है। नव्य-उदारतावाद की नीतियों के प्रतिवाद का उपहास करो,यही नीतिगत फार्मूला है जिससे टीवी चैनल संचालित हैं। वे प्रतिवाद को नौटंकी कह रहे हैं और चैनल के द्वारा की जा रही सरकारी कारसेवा को खबर की वस्तुगत प्रस्तुति कह रहे हैं।      

विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...