संगीत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
संगीत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 14 मई 2016

कीर्तन ,संस्कृति और राजनीति


       
कीर्तन-भजन हमारा समाज कब से कर रहा है यह ठीक-ठीक बताना मुश्किल है।भजन के लिए पवित्र मंत्र चाहिए।जबकि कीर्तन के लिए संगीत और लय चाहिए।भजन अकेले की साधना है ,जबकि कीर्तन सामूहिक आनंद है।कीर्तन बुनियादी तौर पर शास्त्रीय संगीत का विकल्प है।शास्त्रीय संगीत में गायक प्रमुख है। जबकि कीर्तन एकल नहीं सामूहिक होता है।शास्त्रीय संगीत में गायक-श्रोता आमने-सामने होते हैं। उनमें विभाजन या अंतराल बना रहता है।जबकि कीर्तन में श्रोता की भिन्न स्थिति नहीं होती।बल्कि कीर्तन में वह शामिल होता है।गायक-श्रोता का वर्गीकरण कीर्तन के लिए बेमानी है।

शब्द का अपना इतिहास होता है,मंशा होती है और उससे जुड़ी राजनीति भी होती है।मजदूरों की बस्ती में जब कीर्तन होता है तो उसका लक्ष्य वही नहीं रहता जो मन्दिर में होने वाले कीर्तन का है।कईबार दंगों के पहले कीर्तन का आयोजन करके दंगों के लिए माहौलबनाया गया है।अपराधी लोग अपने को पुण्यात्मा के रूप में स्वीकृति दिलाने के लिए कीर्तन कराते हैं।इस नजरिए से देखें तो कीर्तन का अर्थ संदर्भ और परिस्थितियों पर निर्भर करता है।फलतःकीर्तन भिन्न भिन्न परिस्थितियों में भिन्न अर्थ की सृष्टि करता है।नए विमर्शों को जन्म देता है।

हिन्दीभाषी क्षेत्रों से लेकर पश्चिम बंगाल और उत्तरपूर्व के राज्यों तक कीर्तन के अनेक रूप प्रचलन में हैं।कीर्तन की विशेषता है किसी मंत्र विशेष का संकीर्तन।जैसे-हरे राम हरे राम ,राम राम हरे हरे,हरे कृष्णा हरे कृष्णा,कृष्णा-कृष्णा हरे हरे।यह वैष्णव सम्प्रदाय का जनप्रिय कीर्तन है।इन दिनों इस कीर्तन में पश्चिम और पूर्व का सम्मिश्रण खूब हो रहा है।हरे राम हरे कृष्णा सम्प्रदाय से लेकर श्रीश्री रविशंकर आदि तमाम धार्मिक गुरूओं के यहां कीर्तन के सम्मिश्रित रूपों को आसानी से देखा जा सकता है। कीर्तन में मंत्र,शरीर, और संगीत लय इस कदर गुंथे होते हैं कि उनसे निकलकर सोचना असंभव होता है।



कीर्तन में नाद का आनंद और उन्माद अंतर्ग्रथित है।अंतमें शिरकत करने वाले के पास कीर्तन की स्मृति मात्र रह जाती है।कीर्तन ने संगीत प्रस्तुति के प्रभुत्वशाली रूपों को चुनौती दी है और शिरकत के भावबोध को जन्म दिया है। कीर्तन में हर कोई शिरकत कर सकता है।इस अर्थ में कीर्तन सेकुलर है। प्रिफॉर्मर और श्रोता के बीच के भेद को कीर्तन खत्म कर देता है।कीर्तन में हर कोई अपनी लय,भाव,भाषा और भंगिमा के साथ शिरकत करता है।कीर्तन में कोई भी गीत या मंत्र बार-बार दोहराया जाता है और पुनरावृत्ति के क्रम में ही संगीत की लय में एकता और आनंद की सृष्टि होती है।पुनरावृत्ति समर्पण और धर्मनिरपेक्ष भावबोध निर्मित करती है।इस अर्थ में कीर्तन धर्मनिरपेक्षीकरण का महत्वपूर्ण औजार है। कीर्तन में शरीर,शब्द और गीतात्मक ये तीनों मिलकर नए परिवेश और अनुभूति की सृष्टि करते हैं।यह प्रक्रिया अशिक्षित-शिक्षित में अंतर्क्रियाओं को जन्म देती है,ध्वनि और शब्द की अंतर्क्रियाओं को जन्म देती है।इसमें अंतर्निहित द्वयार्थात्मकता भी अपना खतरनाक खेल खेलती है।अभी तक हम मानते रहे हैं कि शब्द सबसे ताकतवर होता है,हठात कीर्तन हमें यह बोध देता है लय और नाद ताकतवर होते हैं। वेद की ऋचाओं के पाठ के जरिए नाद की जो परंपरा आरंभ हुई वह सचेत रूप से कीर्तन में चली आई है,उसी तरह वैदिक ऋचाओं का पाठ जिस नाद की सृष्टि करता है वह ऋचाओं में निहित अर्थ को छिपाने का काम करता है।यही वह प्रस्थान बिंदु है जहां पर हमें सोचना चाहिए और सवाल उठाना चाहिए कि कीर्तन की मंशा क्या है ॽ विचारधारा क्या है ॽविचारधारा का संबंध मंशा से है।आयोजक कौन है और किसलिए आयोजन किया जा रहा है ॽऔर किस स्थान पर आयोजन किया जा रहा हैॽ ये सवाल कीर्तन से गहरे जुड़े हैं,इनके आधार पर कीर्तन की विचारधारा को रेखांकित करने में मदद मिल सकती है।

रविवार, 24 अप्रैल 2011

आकाशवाणी और संगीत की धरोहर -कुलदीप कुमार


                                       ( वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप कुमार)
 
हमारे संगीत के संरक्षण और संवर्धन में ऑल इंडिया रेडियो यानी आकाशवाणी की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका रही है. यह दीगर बात है कि अब आकाशवाणी को अपनी इस ऐतिहासिक भूमिका का ज़्यादा अहसास नहीं रह गया है और संगीत, विशेषकर शास्त्रीय संगीत, के प्रति उसका रवैया उदासीनता का बनता जा रहा है. मुझे मालूम है कि आकाशवाणी और उसके अधिकारी संगीत के कार्यक्रमों का विवरण और आंकड़े देकर तत्काल इसका प्रतिवाद करेंगे, लेकिन जिसे भी आकाशवाणी के गौरवशाली इतिहास और संगीत के प्रचार-प्रसार और संरक्षण-संवर्धन में उसकी भूमिका की जानकारी है, वह इस आकलन से असहमत नहीं होगा.
 
उन्नीसवीं शताब्दी के उत्तरार्ध में घटी दो राजनीतिक घटनाओं ने उत्तर भारत के साहित्य और संगीत की दुनिया पर बहुत गहरा प्रभाव छोड़ा. 1856 में लखनऊ के नवाब वाजिदअली शाह की गद्दी छीनकर ईस्ट इंडिया कंपनी ने  उन्हें कोलकाता के पास मटियाबुर्ज़ में बसा दिया. अगले साल सिपाही विद्रोह हुआ जिसे अंग्रेजों ने ग़दर और कार्ल मार्क्स ने भारत का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम कहा. इसके परिणामस्वरूप मुग़ल राजवंश की प्रतीकात्मक सत्ता भी ख़त्म हो गयी और दिल्ली के अधिकाँश मूर्धन्य संगीतकार, जिनमें दिल्ली घराने के शीर्षस्थ गायक उस्ताद तानरस खां भी शामिल थे, रामपुर, हैदराबाद, मुंबई और ऐसी ही अनेक जगहों पर शरण लेने के लिए मजबूर हो गए. यह समय भारत में औद्योगिक एवं वाणिज्यिक पूंजी के विकास और मुंबई तथा कोलकाता के औद्योगिक महानगरों में बदलने की प्रक्रिया के शुरू होने का भी था. इसलिए संगीतकारों को शौक़ीन ज़मींदारों, नवाबों और महराजाओं के अलावा संगीतरसिक सेठों का प्रश्रय भी मिलने लगा. 
बीसवीं शताब्दी के आते-आते संगीत में दो विभूतियों ने क्रांतिकारी परिवर्तन का सूत्रपात किया. पंडित विष्णु नारायण भातखंडे ने देश भर में घूम-घूमकर उस्तादों से बंदिशें एकत्रित करने, विभिन्न रागों पर उनसे चर्चा करके उनके मानक रूप निर्धारित करने और संगीतशास्त्र के रहस्यों से पर्दा उठाते हुए अनेक विद्वत्तापूर्ण पुस्तकें लिखने का महत्कार्य किया. उधर पंडित विष्णु दिगंबर पलुस्कर ने टिकट लगाकर संगीत के सार्वजनिक कार्यक्रम करने की परम्परा शुरू की और लाहौर में पहला संगीत विद्यालय खोला. इन दोनों क्रांतदर्शी संगीतज्ञों के प्रयासों के फलस्वरूप शास्त्रीय संगीत अभिजात वर्ग की महफ़िलों से बाहर निकलकर मध्यवर्ग तक पहुंचा. बीसवीं शताब्दी की आरंभिक वर्षों में ही ध्वनि-टंकण यानी रिकॉर्ड करने की टेक्नोलॉजी आ गयी और 1902 में उस ज़माने की सबसे मशहूर गायिका गौहर जान के रिकॉर्ड बाज़ार में आये. संक्षेप में कहें तो यह शास्त्रीय संगीत के लोकतंत्रीकरण की प्रक्रिया की शुरुआत थी क्योंकि अब संगीत किसी के भी द्वारा कभी भी और कहीं भी सुना जा सकता था. वह सीधे लोगों के घरों के भीतर प्रवेश पा गया था. अब उसे सुनने के लिए किसी रईस के घर की महफ़िल में उपस्थित होना ज़रूरी नहीं रह गया था.
लेकिन टेक्नोलॉजी की सीमा यह थी कि ये रिकॉर्ड तीन से चार मिनट के ही हो सकते थे. रेडियो ने इस सीमा को तोड़ दिया. भारत में रेडियो का युग 1923 में शुरू हुआ और 1936 के आते-आते ऑल इंडिया रेडियो की स्थापना हो गयी. रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने एआईआर को आकाशवाणी की संज्ञा दी. आकाशवाणी ने पहली बार संगीतकारों को अखिल भारतीय मंच प्रदान किया. अब उनके कार्यक्रम देश के विभिन्न हिस्सों में बैठे श्रोता एक ही समय पर एक साथ सुन सकते थे.
आज़ादी आने के साथ ही संगीतकारों को मिलने वाला सामंती राज्याश्रय समाप्त हो गया. ऐसे में आकाशवाणी ने उन्हें संभाला और अपने यहाँ नौकरियाँ और काम देकर उनके भरण-पोषण का कुछ हद तक प्रबंध  किया. रेडियो संगीत सम्मेलन और राष्ट्रीय कार्यक्रम के द्वारा उसने शास्त्रीय संगीत के प्रचार-प्रसार और संगीतकारों को प्रोत्साहन देने का ऐतिहासिक कार्य किया. इसी क्रम में उसके पास मूर्धन्य संगीतकारों की प्रस्तुतियों का अनमोल खजाना जमा हो गया जो इस समय उसके संग्रहालय की शोभा बढ़ा रहा है. यूं यह कहना अधिक सही होगा कि वहां धूल खा रहा है. 
किसी को भी यह नहीं पता कि आकाशवाणी के संग्रहालय में किस-किसकी रिकॉर्डिंग है. पारदर्शिता के इस युग में भी, जब सभी सूचनाएं वेबसाइट पर डालने का चलन है, आकाशवाणी की वेबसाइट पर संग्रहालय के बारे में कोई भी सूचना नहीं है. इस वेबसाइट का हाल यह है कि इस पर यदि आप आकाशवाणी के विभिन्न चैनलों पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी लेना चाहें, तो वह भी उपलब्ध नहीं है. पहले आकाशवाणी हीनी और अंग्रेजी में एक मासिक पत्रिका का प्रकाशन किया करती थी जिसमें अगले एक माह के कार्यक्रमों की पूरी जानकारी दी जाती थी. लेकिन इनका प्रकाशन बंद कर दिया गया है. इन पत्रिकाओं को बंद हुए कम से कम एक दशक तो हो ही गया होगा. हमारे अखबार केवल टीवी चैनलों पर प्रसारित होने कार्यक्रमों की जानकारी देने में रूचि रखते हैं. रेडियो को उन्होंने भी भुला दिया है. नतीजतन आज किसी भी संगीतप्रेमी के लिए यह संभव नहीं कि वह यह जान सके कि अगले दिन सुबह आठ बजे के समाचार बुलेटिन के बाद किस संगीतकार का गायन या वादन प्रसारित होने वाला है या आज रात को वह किस संगीतकार को सुन सकता है. चूंकि आकाशवाणी संग्रहालय में क्या-कुछ जमा है, इसके बारे में जानकारी उपलब्ध नहीं है, इसलिए किसी श्रोता के लिए यह भी संभव नहीं कि वह अपनी फरमाइश आकाशवाणी के पास भेज सके. 
कुछ समय पहले आकाशवाणी के एक उच्चाधिकारी ने मेरे साथ बातचीत के दौरान बेबाकी के साथ कहा कि उनके संगठन की नीति अपनी संगीत सम्पदा या उसके बारे में जानकारी को जनता के साथ बांटने की नहीं है. आकाशवाणी एक जन प्रसारण संस्था है और उसका काम संगीत का प्रसारण करना है, जो वह बखूबी कर रही है.
तकनीकी नज़रिए से देखें तो उनकी बात ठीक है. आकाशवाणी से रोज़ ही संगीत का प्रसारण होता है. लेकिन यह प्रसारण कैसा है, इसे आकाशवाणी के कार्यक्रमों को सुनने वाले बदकिस्मत श्रोता ही जानते हैं. आप चौंकिए मत यदि धमार की जगह आपको  'धामड़' सुनने को मिले और राग पूरिया राग प्रिया बन जाए. कभी-कभी आप केदार में राग ख़याल भी सुन सकते हैं.
आकाशवाणी को अपने संग्रहालय के बांरे में जानकारी जनता के साथ बांटने में तो गुरेज़ है ही, वह अपने स्टाफ के साथ भी शायद इसे नहीं बांटना चाहती. इसीलिए इन्द्रप्रस्थ चैनल पर, जिसे पहले हम दिल्ली ए के नाम से जानते थे, हर मंगलवार रात दस बजे प्रसारित होने वाले कार्यक्रम 'चयन' की यह दुर्गति न होती. इस कार्यक्रम में आकाशवाणी के संग्रहालय से चुनकर रिकॉर्डिंग प्रसारित की जाती हैं. लेकिन अब हाल यह है कि इसमें कुछ गिने-चुने कलाकारों की कुछ गिनी-चुनी रिकॉर्डिंग ही पूरे साल हर दो-तीन माह के अंतराल पर दुहराई जाती हैं, मानों संग्रहालय में इनके अलावा और कुछ हो ही नहीं. 
किसी समय आकाशवाणी ने एचएमवी के साथ मिलकर पुराने दिग्गज संगीतकारों के एलपी रिकॉर्ड और कैसेट निकाले थे. बाद में टी-सिरीज़ के साथ मिलकर उस्ताद अलाउद्दीन खां, उस्ताद बिस्मिल्लाह खां और उस्ताद अली अकबर खां जैसे कई महान कलाकारों के सीडी सेट जारी किये गए. लेकिन अब ये सभी अप्राप्य हैं. इन्हें संगीतप्रेमियों को फिर से सुलभ कराने की ओर आकाशवाणी का बिलकुल ध्यान नहीं है. उसने स्वयं पिछले कुछ वर्षों के दौरान उस्ताद अमीर खां, बेगम अख्तर, पंडित डी वी पलुस्कर और पंडित कृष्णराव शंकर पंडित जैसे मूर्धन्य संगीतकारों के सीडी जारी किये हैं, लेकिन इनकी मार्केटिंग की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है. यदि कोई संगीतप्रेमी इन्हें खरीदना चाहे, तो उसे संसद मार्ग स्थित आकाशवाणी भवन जाकर वहां बने काउंटर से ही उन्हें लेना होगा. यानी दिल्ली जैसी जगह में उसे एक दिन सिर्फ इस काम के लिए समर्पित करना होगा. कितने लोग ऐसा कर सकते हैं? और फिर, इस बात की क्या गारंटी कि जाने पर कांउटर खुला ही मिलेगा? उसे संभालने वाला छुट्टी पर नहीं होगा या फिर लंच के लिए नहीं गया हुआ होगा? भारत के सरकारी दफ्तरों के लंच और उनकी लगातार लंबी होती जाती अवधि तो अब विश्व भर में प्रसिद्द हो चुकी है.
आकाशवाणी ने अधिकांशतः उन्हीं संगीतकारों के सीडी जारी किये हैं जिनके एलपी, कैसेट या सीडी पहले से ही बाज़ार में उपलब्ध हैं. बेहतर हो यदि वह अपने संग्रहालय से ऐसे लोगों की रिकॉर्डिंग चुने जिनका संगीत अब श्रोताओं को उपलब्ध नहीं है, या यदि है भी तो बेहद कम.
यह तभी हो सकता है जब सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय किसी ऐसे व्यक्ति के हाथ में हो जिसे स्वयं संगीत में दिलचस्पी हो. अभी तक इस मंत्रालय को केवल दो ही ऐसे मंत्री नसीब हुए हैं--बी वी केसकर और वसंत साठे. या फिर आकाशवाणी को कोई ऐसा महानिदेशक मिले जो संगीत और उसकी गौरवशाली महिमामयी परम्परा के संरक्षण और संवर्धन में गहरी रूचि रखता हो. वर्ना इस अनमोल खजाने का भी वही हश्र होगा जो ज़मीन में गड़े खजानों का होता है. वे किसी के भी काम नहीं आते.   

सोमवार, 16 अगस्त 2010

लोकप्रिय संगीत का बदला हुआ रूप



     आज परंपरागत संगीत के विरुद्ध लोकप्रिय संगीत का औपचारिक रूप अपनी उत्पादक भूमिका त्याग चुका है। पुराने संगीत का मिथकीय रूप वस्तुत: स्वतंत्रता को बाधित करता है। भौतिक तौर पर यह संगीत पराया हो चुका है। पुराने संगीत की अप्रासंगिकता का प्रत्यक्ष प्रमाण है लोकप्रिय संगीत की व्यावसायिक सफलता। लोकप्रिय संगीत का श्रोता ऐसा श्रोता है जिसका संगीत के समग्र विचार से अलगाव हो चुका है। इसमें कम-से-कम प्रतिरोध भाव है। यह अच्छा खरीदार है जिसने संगीत के आलोचक की भूमिका त्याग दी है।
लोकप्रिय संगीत या फिल्मी संगीत में निहित आनंद का कला में निहित आनंद से कोई संबंध नहीं है। कलारूपों और लोकप्रिय कलारूपों में अंतर होता है। इनकी निर्माण प्रक्रिया भिन्न होती है। इनके श्रोतावर्ग में भी अंतर होता है। यही वजह है कि लोकप्रिय संगीत के आनंद को कला आनंद के साथ एकमेक नहीं करना चाहिए। आज संगीत के लिए त्याग भाव का पूरी तरह लोप हो चुका है। लोकप्रिय संगीत 'सबऑर्डिनेट' चरित्रा को अस्वीकार करता है। वह योजना बनाता है कि प्रत्येक चीज पृथक्कृत क्षणों के साथ जुड़ सके। इसी क्रम में वह एकाकी व्यक्ति से जुड़ता है। अब श्रोता सिर्फ सुनता है, उत्तर नहीं देता। अब सिर्फ ध्वनि विस्तारक एवं प्रसार यंत्रों की आवाज होती है, कोई प्रतिक्रिया नहीं होती। वह उत्पादक मनुष्य को ज्यादा से ज्यादा निष्क्रिय अंग के रूप में सक्रिय करता है। परिणामत: संगीत के एप्रिसियेशन की क्षमता का क्षय हुआ है। जो लोग सारी जिंदगी रेडियो सुनते हैं उनके अंदर वायलिन, सरोद, पियानो आदि के जादू के प्रति आकर्षण खत्म हो गया है। इसी अर्थ में आनेवाली पीढ़ियां जीवितों में ज्यादा संगीतहीन हैं।
यह ऐसे युग का संगीत है जिसे रेडियो ने सबसे ज्यादा लोकप्रिय बनाया और ऑडियो उद्योग एवं टेलीविजन ने नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। रेडियो के कारण संगीत के प्रति समग्र रवैया ही बदल गया। अब संगीत का संगीतकार की मौजूदगी के बगैर अनुभव किया जाने लगा। यह शून्य से पैदा हुआ संगीत है। जब उपकरण तैयार हुए थे तब सामने कोई बैठा नहीं था। रेडियो संगीत के उदय के साथ ही, जो कुछ भी जड़ था वह गायब हो चुका था। जो वाद्य बजा नहीं सकते थे वे पूरी तरह गायब हो गए। इसकी प्रस्तुति के दौरान उठने, बैठने या व्यवधान पैदा करनेवाला कोई नहीं था। अब जितने ऐक्शन थे वह सब मूवमेंट के ऐक्शन थे। यह सब शून्य में पैदा हो रहा था। इस प्रक्रिया में ध्वनि तरंगों की स्पष्टता बढ़ गई। जड़ीभूत प्रवृत्तिायां क्षतिग्रस्त हुईं। इससे चीजों की ऊर्ध्वगामी गति की शुरुआत हुई। गायक की भाव-भंगिमाओं का उच्च-मंद, आरोह-अवरोह पर कोई प्रभाव ही नहीं पड़ता था। इनमें कोई संवाद नहीं था बल्कि द्वंद्व था। रेडियो संगीत की पूरी क्षमता तब उभरी जब गायक का पूरी तरह लोप हो गया। स्वर के आरोह-अवरोह में भी वैपरीत्य पैदा हो गया। अब आरोह-अवरोह की गति की जगह को ध्वनि तरंगों के माध्यम से भरा जा सकता था। अगले ही क्षण शून्य की अनुभूति पैदा होती थी। इसी प्रक्रिया में 'साउंड स्पेस' और 'रीयल स्पेस' के बीच अंतर्विरोध पैदा हुआ।
रेडियो और ऑडियो ने संगीत को सांस्कृतिक एकरूपता पैदा करनेवाले उपकरण के तौर पर विकसित किया। प्रसिध्द जर्मन सिध्दांतकार अर्नहाइम ने इसे सांस्कृतिक पतन का सूचक माना। सांस्कृतिक पतन इस अर्थ में कि इसने नियोजित ढंग से एकरूपता पैदा करने के बजाय विविधता में एकता पैदा करने की कोशिश की। अब एक ही समस्या रह गई कि इस विविधता को कैसे सुरक्षित रख जाए। परिणामत: सांस्कृतिक क्षय हुआ। रेडियो या ऑडियो से उपजी संस्कृति ऐसी संस्कृति है जिसका सृजन श्रोता या उपभोक्ता ने नहीं किया अपितु वह दर्शक या श्रोता मात्रा होकर रह गया। 'खाली समय' को कैसे भरा जाए इसके बारे में सोचने का मौका ही नहीं देता। त्राासदी यह है कि 'खाली समय' को लोकप्रिय संगीत से भरने की कोशिश में श्रोता 'प्लेजर' समझने लगा। हकीकत में लोकप्रिय संगीत में प्लेजर देने की क्षमता नहीं है। 'प्लेजर' ने प्रसन्नता का जो वायदा किया था उसका स्वरूप आज उजागर हो चुका है। आज खुशी संभव नहीं है। जनता को नई संगीत चेतना नाखुशी के आनंद को सामने लाती है।
नई समाज व्यवस्था के उदय के साथ शास्त्रीय संगीत और लोकप्रिय संगीत के बीच सामंजस्य बिठाने की कोशिश करते हुए अंतर्विरोधों को अनसुलझा छोड़ा जा रहा है। आज घटिया (फिल्म) संगीत श्रेष्ठ संगीत (शास्त्रीय संगीत) को हजम कर रहा है। इसका कारण यह है कि श्रेष्ठ संगीत जिस सामाजिक ऊर्जा के गर्भ से पैदा हुआ था आज वह खत्म हो चुकी है। अत: श्रेष्ठ संगीत को घटिया-संगीत से ऊर्जा ग्रहण करनी पड़ी। श्रेष्ठ संगीत को संगीत के घटिया स्तर पर उतरना पड़ता। संगीत का स्टेंडराइजेशन हुआ। ्रूकतु घटिया या निम्नस्तरीय संगीत की यह सफलता पुरानी संगीत शैली के बगैर संभव नहीं, पुरानी शैली का यह अनुकरण है। यह सुसंगतता और अक्षमता के बीच का
संबंध है। ये दो छोर पर स्थित परिस्थितियां हैं जो एक-दूसरे से मुकाबला करती हैं। यहां व्यक्तिगत का कोई स्थान नहीं है। व्यक्ति का बहिष्कार इस नए संगीत का वास्तविक संकेत है। मौजूदा दौर में प्रगतिशीलों का एक तबका ऐसा भी है जो शास्त्राीय संगीत एवं लोकप्रिय संगीत में अंतर करने की कोशिश करता है। जबकि ये दोनों रूप वस्तुत: सांस्कृतिक माल हैं। माल से ज्यादा इनका कोई महत्व नहीं है। जो सबसे ज्यादा लोकप्रिय गीत होता है वह उत्साहित करता है साथ ही, रेखांकित करता है यह 'इडियम' अभी जनता से कटा नहीं है।
आज संगीत के श्रोता के पास मात्र संदर्भ सूचनाएं होती हैं। उसकी प्रतिक्रिया का संगीत के खेल से कोई संबंध नहीं होता। वह संगीत से स्वत:स्फूर्त ढंग से जुड़ता है। पुराने शास्त्रीय संगीत में से वह गुणवत्ता के आधार पर चयन नहीं करता। जो रचना ज्यादा परिचित या लोकप्रिय होती है उसके आधार पर चयन करता है, उसे प्रस्तुत करता है। इसमें मुख्य गायक की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।


बुधवार, 10 फ़रवरी 2010

वायवीय है हिन्दी फिल्मी संगीत


फिल्मी संगीत की यह विशेषता है कि इसके आस्वादन की जब आदत हो जाती है तब अभिरुचि एवं व्यक्तित्व में कोई भी महत्वपूर्ण परिवर्तन सहज नहीं रह जाता। इसका प्रधान कारण है व्यक्ति के अंदर 'मेनीपुलेशन' के प्रति अनुकूल परिवेश का तैयार होना, यह 'व्यक्तित्व' की अवस्था न होकर, दासत्व की अवस्था है। 'दासत्व' में मेनीपुलेशन तेजी से प्रभावी होता है जबकि 'व्यक्तित्व' की अवस्था में मेनीपुलेशन की संभावनाएं क्षीण हो जाती हैं।
औद्योगिकीकरण के कारण शहरी जीवन का नियमन और आत्मसातीकरण के रवैय्ये के विकास के कारण मनुष्य अब जन-मस्तिष्क के आश्रित होता है। इस अवस्था का जनमाध्यमों के द्वारा विस्तार दिया जाता है।

जनमाध्यमों के द्वारा उन सब चीजों को विस्तार दिया जाता है जो 'देखी' और 'सुनी' जा सकती हों। ऐसे रूप को निर्मित किया जाता है जो समग्र को हजम करने पर मजबूर करें। अब व्यक्ति के पास कोई विकल्प नहीं रह जाता, किसी भी चीज के बारे में निर्णय करने की क्षमता से वह वंचित हो जाता है, अब उसके पास स्वतंत्रता नहीं होती, भरोसे योग्य अभिरुचियां नहीं होतीं, बौध्दिक स्वास्थ्य के लिए कौन सी सामग्री का सेवन करें इसकी जानकारी नहीं होती और न ही उसके पास आपत्ति ही होती है।
 
ऐसी परिस्थितियों में लोकवादी संस्कृति माल के माध्यम से जनता की अभिरुचियों को नष्ट करने की कोशिश करती है, अभिरुचियों का वैशिष्टय खत्म करके इकसार अभिरुचियों को निर्मित करती है, साथ ही, निज के बारे में सोचने में अक्षम बना देती है, वह व्यक्ति को अनुरूपता के अनुकूल प्रेरित करती है।

इसी बृहत्तर परिप्रेक्ष्य में लोकप्रिय गीत-संगीत अपनी भूमिका अदा करता है। सकारात्मक के बजाय नकारात्मक सिध्दांतों का तेजी से प्रसार करता है। चंद विषयों को ही उठाता है, अन्य की उपेक्षा करता है। ऐसा करके वह लोगों को संतुष्ट नहीं करता अपितु उनका दोहन करता है।

अब समस्या यह हो जाती है कि दोहन से लड़ें या सांस्कृतिक स्वास्थ्य लाभ करें ? या फिर कोई और रास्ता अपनाएं? पूंजीवादी प्रतिस्पर्धा और प्रविधि के विकास के गर्भ से जो लोकतांत्रिाक प्रक्रिया नि:सृत होती है उसको सही दिशा में कैसे ले जाया जाए इस पर विचार करें। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए फिल्म संगीत एवं गीत कहां तक मददगार हो सकते हैं, यह विचारणीय प्रश्न है।

हिंदी फिल्मी गीतों का इतिहास 'आलम आरा' (1927) फिल्म से शुरू होता है। यह पहली बोलती फिल्म थी। आरंभ की फिल्मों के फिल्मी गीतों में उदासी और दिल का दर्द छाया हुआ था। ये नायक-नायिका के प्रेम पर लिखे गीत हैं। ये लयात्मक और पदात्मक गीत हैं। जबकि आज के पॉप संगीत की धुनों के लिए लिखे जा रहे गीतों में खंडित गद्य है, गीतात्मकता का अभाव है। पुराने गीत भावप्रधान थे, संगीत उनका अनुगामी था। गीतकार गीत लिखते समय देशी वाद्ययंत्राों को ध्यान में रखता था। यह एक तरह से

फिल्मी संगीत साधना का दौर था। किंतु नए इलैक्ट्रोनिक वाद्ययंत्रों और 'सिंथेसाइजर' के आगमन ने 'संगीत साधना' और संगीतकार की समग्र भूमिका को बदल दिया। अब संगीत सृजन की नहीं, संयोजन की चीज बन गया। संगीतकार सर्जक के बजाय संयोजक हो गया। अब सृजन के बजाय निर्मिति पर बल दिया जाने लगा। अब संगीत साधना के बजाय बाजार का माल बन गया। इस प्रक्रिया ने संगीतकार, संगीत, संगीतवाद्य और गीत सबका संहार किया।


आरंभिक दौर के फिल्मी संगीत में 'रियाज' पर जोर था, आजकल 'नकल' या 'पैरोडी' पर जोर है। यह ऐसा संगीत है जो खिचड़ी संगीत है। इसकी न तो परंपरा है और न भविष्य। यह अल्पायु संगीत है। इसी अर्थ में यह उत्तर-आधुनिक संगीत है। परिश्रम, पहचान, मौलिकता से रहित खंडित पद्य को उभारना इसका लक्ष्य है और
वैविध्यपूर्ण, विसंदर्भीकृत संगीत रूपों का सम्मिश्रण इसकी विशेषता है।

फिल्मी संगीत में जिस तरह 'पैरोडी' का वर्चस्व है, गीत में भी 'पैरोडी' का वर्चस्व है। पुनरावृत्ति और उत्तेजना इसकी विशेषता है। गायक को गायकी, लय और तानों की आज जरूरत नहीं है। फिल्मी संगीत के क्षेत्र में धीमी, व्यक्तिगत संवाद बनानेवाली धुनों का अब लोप हो चुका है।

जीवन की गति के साथ आरंभिक दौर में संगीत का रोमानियत भरा जो रिश्ता था वह अब खत्म हो चुका है। रोमानी शैली की जगह उत्तेजनात्मक शैली ने ले ली है। धुन की जगह बेसुरेपन और बेतालेपन ने ले ली है। यह संगीत एवं गीत की जीवन से विदाई की बेला है। अब नकल ही असल और असल ही नकल है।

असली गायक की जगह अब नकली गायक का वर्चस्व है। नए फिल्मी गीत का अपने मूल संदर्भ, फिल्म के संदर्भ, संगीत संदर्भ से कोई संबंध नहीं है। अब कथा, मार्मिक प्रसंग, नृत्य-संगीत के दृश्य फिल्मों से विदाई ले चुके हैं।

इस समूची प्रक्रिया पर माध्यम विशेषज्ञ सुधीश पचौरी का मूल्यांकन गौरतलब है। उनका कहना है : 'अब नायक है, सिर्फ लड़-लड़कर थका हुआ खलनायक है, जो पुराना सभ्य नहीं रह गया, दरअसल रस और कण के सारे नियम खत्म किए जा चुके हैं जिनमें बंधकर एक परिपाक होता था, गाने उसके लिए न केवल सामग्री की तरह थे, अपितु राहत पहुंचाने के नुस्खे भी थे। किंतु अब नायक को न कोठे पर जाने की जरूरत है, न गांव छोड़कर रोने-कलपने की, न परिवार के टूटने की चिंता है और न बच्चा पालने की। गीत स्थितियां, पॉप संगीत स्पर्धाओं (जैसे कर्ज, डिस्को डांसर) में सीमित है या फिर लघु-लघु हो उठे प्रेम प्रसंगों में जो सेक्स प्रसंग अधिक रह गए हैं, प्रेम की जगह सेक्स ने जब से ली, तब से गीत विदा हुए कहे जा सकते हैं, अब नायक-नायिका सिर्फ शरीर हैं, उनके मन नहीं है, आत्मा नहीं है तो आत्मिक आनंद की जरूरत क्यों होने लगी।'
... 'अब गीत मन को संबोधित नहीं होते बल्कि अर्द्ध संभोगाशय को उभारते हैं।'
... 'नया बेहद पापुलर है तो इसलिए क्योंकि वह भड़काऊ है, हिंसक है और विस्फोटक है, थका देनेवाला है और नए युवा के भीतर सहज लब्ध सुख संग्रह और उत्तेजना,सामग्री संचय का जो नया सांस्कृतिक मूल्य मौजूद है उससे नई धुनें, नए गाने, नया गायक मेल खाता है ... जो नया है वह धुन नहीं है, वह गीत नहीं है, वह अधिक-से-
अधिक इंद्रियों पर हिंसा करनेवाला व्यवस्थित शोर है, जो एक दिन हमारे मन के कोमल संस्कार के कोमल भावजगत को नष्ट कर हमें सिर्फ ऐंद्रिक-प्राणी बनाने पर तुला है।'

पचौरी के शब्दों में, 'एशियाई समाजों में संगीत जीवन की संगति में रहा है, नया संगीत विसंगति से खेलता है, संगीत पैदा नहीं करता, आप उसे आसानी से गा नहीं सकते, गुनगुना नहीं सकते। जो गीत गुनगुनाए नहीं जा सकते, वे गीत अमर नहीं हो सकते ... दरअसल नई फिल्मों को गीतकार नहीं फाइटमास्टर चाहिए।'

इस सबके बावजूद हिंदी फिल्म और संगीत इतना लोकप्रिय क्यों है? सत्यजित राय के शब्दों में इसका प्रधान कारण है, 'सार्वभौम हाव-भाव, सार्वभौम संवेदनाएं, किसी खास समाज के साथ पहचान का अभाव, कृत्रिम और वायवीय समाज का रूपायन। इन्हीं कारणों से हिंदी सिनेमा लोकप्रिय है।'
सत्यजित राय ने हिंदी फिल्मी गीतों की लोकप्रियता के एक अन्य पहलू पर भी प्रकाश डाला है। उनका मानना है कि 'भारतीय समाज में पश्चिमी समाजों की तरह मनोरंजन के साधनों का जबर्दस्त अभाव है। परिणामत: सिनेमा के नृत्य एवं गायन के अभाव की पूर्ति न करें तो अन्य किसी माध्यम से इसकी पूर्ति संभव नहीं है।'
सत्यजित इस धारणा को अस्वीकार करते हैं कि 'भारतीय समाज गीतों से ज्यादा प्यार करता है।' उनका मानना है कि 'अच्छे गीत को महान कविता नहीं होना चाहिए। क्योंकि उसका अपना संगीत होता है, उसे गीत के रूप में ढालना मुश्किल होता है।'

मंगलवार, 12 जनवरी 2010

मध्यपूर्व और एडवर्ड सईद की संगीतदृष्टि- 7- समापन किश्त

आज बाजार में जिस तरह से सस्ते दामों पर संगीत उपलब्ध है उसका श्रोता पर बहुत कम असर होता है ,इसके अलावा श्रोता भी कमजोर होता है। वह आज ऐसी स्थिति में भी नहीं है कि अच्छे ढ़ंग से संगीत की प्रशंसा कर दे। आज के संगीत ने श्रोता को गूंगा बना दिया है। 


आज श्रोता के ऊपर जिस तरह के हमले हो रहे हैं उसने पूरी तरह से श्रोता के अंदर मर्दवादी अनुभवों का संचार किया है। हमारे रोजमर्रा के संगीत कार्यक्रमों में गायकों को जिस तरह के प्रशंसा शब्द बोले जाते हैं वे मर्दानगी का भाव लिए होते हैं। आजकल हम जिस तरह की संगीत प्रिफार्मेंस देख रहे हैं उसमें मौलिकता का अभाव होता है, यह मूलत: नकल है, जो शास्त्रीय संगीतकार आए दिन कार्यक्रमों में पेश करते रहते हैं वहां पर भी मौलिकता के कम और पुनरावृत्ति के दर्शन ज्यादा होते हैं। वे संगीत साधना के नाम पर वर्षों से एक ही चीज को तरह-तरह से दोहरा रहे हैं। 


कुछ ने संगीत को स्वर में और कुछ ने वाद्ययंत्रों की पुनरावृत्तिमूलक प्रस्तुतियों में तब्दील कर दिया है। वे संगीत के प्रदर्शनों के जरिए स्वयं की आत्मा को संतोष प्रदान करते  हैं। जबकि सार्वजनिक जीवन में उनकी संगीत प्रस्तुतियां कृत्रिम संगीत वातावरण बनाती हैं। यह ऐसा संगीत है जिसमें उत्पादन और पुनर्रूत्पादन की क्षमता नहीं है। इसमें मौलिकता पर कम पुनरावृत्ति पर ज्यादा जोर है, इसमें नए का उदय बहुत ही धीमी गति से हो रहा है। संगीत की  पुनरावृत्ति के वातावरण को संचार की नई तकनीक ने चरमोत्कर्ष पर पहुँचा दिया है।


एडवर्ड सईद ने एडोर्नो के द्वारा संगीत की भूमिका के बारे में व्यक्त सैध्दान्तिक विचारों को आधार बनाते हुए लिखा है  संगीत के क्षेत्र में तीन बड़े परिवर्तन घटित हुए हैं। इन्हें एडोर्नो ने तीन सिध्दान्त का रूप दिया है। बीथोविन के मरने के बाद (1827 में मौत हुई) संगीत का यथार्थ जगत से पूरी तरह संपर्क टूट गया। अब संगीत के सौंदर्य और यथार्थ में पूरी तरह अंतराल आ गया। 


बीथोबिन की अंतिम स्टाइल ने  संगीत को सामान्य ऐतिहासिक यथार्थ में नए किस्म की स्वायत्ताता प्रदान की। बीथोबिन के एक सौ साल बाद अरनॉल्ड शोइनबर्ग ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की और संगीत को नया अर्थ प्रदान किया। संगीत को नया रेशनल प्रदान किया। दूसरा महत्वपूर्ण विकास यह हुआ कि संगीत की समूची व्यवस्था का तकनीकीकरण हुआ जिसके कारण रूपों,कार्यक्रमों, स्वरलिपि आदि सभी का विवेकपूर्ण निर्धारण हुआ। यह एक तरह से जबर्दस्ती निर्धारित किए गए नियम हैं। ये रूपान्तरणकारी भूमिका को खत्म कर देते हैं। साथ ही वैधता और अलगाव को भी खत्म कर देते हैं। अथवा यह भी कह सकते हैं संगीत से जुड़ी प्रत्येक चीज से अलगाव को खत्म कर देते हैं। इसके बाद ही इम्प्रोबाइजेशन,रचनात्मकता,कम्पोजिशन, आरोपण, वैविध्य, और सामाजिकता की अवधारणा पैदा हुई। इसके बाद जो स्थिति आई उसने एक तरह की जड़ता पैदा की है।
    


समाज में चौतरफा बुर्जुआ संगीत का बिगुल बज रहा है। मजदूरवर्ग अपना संगीत बनाने में समर्थ रहा। इस प्रक्रिया में जो संगीत पैदा हुआ है वह पूरी तरह 'अ-सामाजिक' है। बल्कि यह कहना ज्यादा सही होगा कि सामाजिक सरोकारों से कटा हुआ है। यह बिच्छिन्ना सद्भाव संगीत है। अर्थहीन संगीत है। इस संगीत का सौंदर्य यही है कि यह सभी किस्म के सौंदर्य को अस्वीकार करता है। सौंदर्य के भ्रमों को अस्वीकार करता है। यह ऐसा संगीत है जो बगैर सुने ही मर जाता है। जिसकी गूंज कहीं पर भी सुनाई नहीं देती।इसके संग्रहकर्त्ता बहुत छोटे लोग होते हैं। यह नपुसंक बंदूक की तरह है।


 एडोर्नो के शब्दों में आधुनिक संगीत अपने अंतिम अनुभव में तकनीकी अनुभव प्रदान करता है। आधुनिक संगीत अपने लक्ष्य से पूरी तरह भटक गया है। शोएनबर्ग के शब्दों में कहें तो आधुनिक संगीत पुराना होता जा रहा है। एडोर्नो कहता है  आज हम शास्त्रीय संगीत को नए रूपों में सुन रहे हैं। ये नए किस्म के सौंदर्यबोधीय और सामाजिक अनुभव को लेकर आ रहा है। इस संगीत की सबसे बेहतरीन चीज है इसका आरंभ। सईद ने लिखा  संगीत हमेशा सामाजिक परिवेश से जुड़ा रहता है। विशेष किस्म के सौंदर्य और सांस्कृतिक अनुभवों को अभिव्यक्त करता है। इसके गर्भ से नागरिक समाज जन्म लेता है।
   
सईद ने फूको के हवाले से लिखा है  सामयिक बुध्दिजीवियों की यह खूबी है कि उन्हें संगीत के बारे में कुछ भी पता नहीं है।  बुध्दिजीवी संगीत के बारे में कुछ भी नहीं बोलते। चाहे वह शास्त्रीय संगीत हो अथवा बाजारू संगीत हो, बुध्दिजीवियों को किसी भी किस्म के संगीत के बारे में कुछ भी पता नहीं होता। 


आधुनिक संगीत के बारे में एडोर्नो ने आखिरी बात यह कही थी कि उसमें 'एक्सक्लूसिविज्म' यानी बहिष्करण या एकांतिता है। इसके कारण वह किसी नए को निर्मित नहीं करता बल्कि संगीत को पागल की तरह अलग ले जाता है उसकी आवाज बंद कर देता है। अंतत: गैर-विमर्शात्मक कला में तब्दील कर देता है।
     
मौजूदा दौर आधुनिकतावादी संगीत का दौर है। इस दौर में संगीत के अनुभव फ्रेंगमेंटेड होते हैं। चंचल होते हैं। विखंडित होते हैं। ऐतिहासिक संगीतशास्त्र,सिध्दान्त,जातीय संगीतशास्त्र,कम्पोजीशन आदि को अधिकांश अकादमिक विभागों में चार रूपों में पढ़ाया जाता है। इसके हिस्से के तौर पर संगीत समीक्षा में आजकल रिपोर्ट के नाम पर संगीतसभाओं में आने वाले लोगों की तादाद के बारे में चर्चा रहती है, संगीत सभाएं कभी-कभार ही होती हैं। इनकी पुनरावृत्ति नहीं होती,आमतौर पर इनकी रिकॉर्डिंग नहीं होती। इसके बावजूद इस सबको सांस्कृतिक अध्ययन के नाम पर पढ़ाया जाता है। सईद ने लिखा कि संगीत के कुछ आयाम तो पश्चिमी जगत की सामयिक संगीत  अवस्था में ही समझ में आते हैं। प्रस्तुति का समय उनमें से एक पक्ष है। इसीलिए संगीत के बारे में व्यापक सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य में विचार करने की जरूरत है।
   
एडोर्नो की जिस आखिरी बात को सईद ने उध्दृत किया है, वह है बहिष्करण। इसने संगीत को यथास्थितिवादी और गैर-विमर्शात्मक बना दिया है। आज जब भी कोई संगीत के बारे में सोचता है अथवा लिखना चाहता है तो उसके अर्थ और व्याख्या की खोज करता है उसके सामने यही सवाल रहता है कि इतनी सारी समस्याओं के बावजूद भी संगीत अपने प्रतिरोध, मास्टरी,अप्रत्यक्ष चुप्पी को कैसे बनाए रखता है और यही इसकी स्वायत्ताता का प्रतीक भी है।


सईद ने कहा  हमें संगीत की सार्वजनिक प्रस्तुतियों की महत्ता को कम करके नहीं देखना चाहिए, इन प्रस्तुतियों के जरिए पेशेवराना,उत्सवधर्मी और विशेषज्ञकेन्द्रित भाव को बनाए रखा है। इन प्रस्तुतियों के जरिए एक ओर सामाजिक और सांस्कृतिक अंतराल को पाटने का मौका मिलता है। साथ ही संगीत के अंदर से आत्मसातकरण की प्रक्रिया को बल मिलता है। प्रस्तुतियों के जरिए विशेष और सामान्य के बीच सम्मिलन होता है।


संगीत पूरी तरह सौंदर्यबोधीय धरातल पर विशिष्ट अनुशासन है। सामान्यत: इसकी प्रस्तुतियां सामाजिक तौर पर उपलब्ध रूपों के जरिए ही पेश की जाती हैं।  इस प्रसंग में संगीत सभाओं के सामाजिक असामान्यत्व पर गौर करने जरूरत है। इन कार्यक्रमों में जाने वाले अधिकांश लोग संगीत प्रस्तुतियों को समझ ही नहीं पाते अथवा प्रेरित नहीं होते। इस ठोस वास्तविकता के बावजूद जब भी हम मंच पर प्रस्तुति देखते हैं दर्शक इन प्रस्तुतियों को हजम करते हैं। इसी को सईद ने 'चरम क्षण' की संज्ञा दी है। यह ऐसा अवसर है जो रोजमर्रा की गतिविधि से भिन्ना होता है। इसे आप किसी अन्य में समाहित नहीं कर सकते। यह तात्कालिक होता है, इसकी पुनरावृत्तिा संभव नहीं है। इसके बुनियादी अर्थ की अनुभूति हम तुलनात्मक तौर पर अघोषित परिस्थितियों के साथ ही कर सकते हैं।
      


संगीत की इन प्रस्तुतियों को जो लोग पेश करते हैं वे एडोर्नो के शब्दों में ''लौह अनुशासन'' से बंधे होते हैं। 'लौह अनुशासन' के कारण ही संगीत को जहां जाना होता है वहां पहुँच जाता है। उसे नियंत्रित करना संभव नहीं होता। पुराने संगीत से सामयिक संगीत इस अर्थ में भिन्ना है कि इसमें संगीत के ऊपर तकनीक और प्रशासन ने वर्चस्व स्थापित कर लिया है।


 संगीतसभाओं के जरिए मिलने वाला आनंद अपनी तमाम सीमाओं के बावजूद साधारण आदमी को वैकल्पिक सौंदर्यबोधीय मानवीय अनुभव प्रदान करता है। संगीतसभाओं में आम दर्शक जिस संगीत से दो-चार होता है वह संप्रेषण के जटिल रूपों में सामने आता है इसके कारण प्रत्यक्ष संप्रेषण नहीं हो पाता। संगीत का उद्धाटन नहीं हो पाता,संगीत को पारदर्शी ढ़ंग से हम समझ नहीं पाते। इसके कारण हम नॉस्टेल्जिया में लटके रहते हैं। हमें संगीत में इस्तेमाल होने वाले वाद्ययंत्रों और उनकी स्वरलिपि का कोई ज्ञान नहीं होता किंतु गीत के बोल याद रह जाते हैं।
        
सईद के अनुसार परवर्ती पूंजीवाद में संगीतसभाएं ''संगीत निर्मिति'' अथवा '' व्याख्याकारों के समुदाय'' अथवा मूलत: 'सब्जेक्टिविटी' अथवा भावना पर आधारित होती हैं। इससे पुराने प्रस्तुति के मानकों का उल्लंघन होता है। इससे यह भी पता चलता है कि संगीत की यह परंपरा कभी हमारे यहां नहीं थी। पुराने संगीत परंपरा से इसका संबंध पूरी तरह टूट चुका है। अब संगीतसभाएं कारपोरेट संरक्षण,स्पांसरशिप आदि के जरिए ही होती हैं। वे ही इनके लिए पैसा देते हैं। इसके आधार पर ही संस्कृति उद्योग सक्रिय है। इसके अलावा इस तरह की प्रस्तुतियों में कृत्रिमता और उसकी सीमाएं साफतौर पर देखी जा सकती हैं। इस तरह के संगीत को एडोर्नो ने 'हीरोइक' और 'ट्रैजिक' कहा था।
     


आज बाजारूसंगीत और शास्त्रीय संगीत में जबर्दस्त प्रतिस्पर्धा चल रही है,देश में जगह-जगह शास्त्रीय संगीत के आयोजन हो रहे हैं इसके अलावा फिल्मी संगीत के समारोह भी हो रहे हैं। किंतु शास्त्रीय संगीत के कार्यक्रमों की तादाद ज्यादा है। इन समारोहों में संगीतकार और गायकों के बीच में जबर्दस्ती प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिलती है। इसके कारण संगीत के उत्पादन का विकल्प तैयार हो रहा है।


 आज से सौ साल पहले संगीतकार ही था जो सारी जगह पर कब्जा जमाए हुए था। किंतु आज प्रिफार्मर प्रमुख हो गया है, इसमें प्रमुख गायक,पियानोवादक,वायलिनवादक आदि कुछ भी हो सकता है। अब प्रिफार्मेंस को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इससे वह यथार्थ के साथ प्रतिस्पर्धा करता नजर आता है।जिससे दिमाग के नियंत्रण का उद्धाटन भी होता है। संगीत में आज जिस तरह की कृत्रिमता आ गयी है वह पहले कभी नहीं थी और इसी कृत्रिमता को सामान्य माना जा रहा है। जबकि यह असामान्य है। कृत्रिम गले को जादुई गला और कृत्रिम संगीत प्रदर्शन करने वाले कलाकारों की अंगुलियों को जादुई अंगुलियां कहा जा रहा है। इसे जन्मजात प्रतिभा,सर्जक प्रतिभा वगैरह वगैरह कहा जा रहा है।
      


सईद ने लिखा  किसी भी लेखक,आलोचक अथवा संस्कृतिकर्मी के विचार,सृजन और सैध्दान्तिकी में अन्तस्संबंध स्थापित करके पढ़ा जाना चाहिए। हमें देखना चाहिए कि लेखक के सौंदर्यबोधीय नजरिए और बौध्दिक नजरिए में क्या संबंध है और इसमें किसे वरीयता प्रदान की जाए।


 इस परिप्रेक्ष्य में सईद ने अनेक लेखकों और आलोचकों के विचारों के सृजन और विचारों के अन्तर्विरोधों की विस्तार के साथ चर्चा की है। इस क्रम में सईद ने लिखा है हमें रेहटोरिक या आत्मरक्षा या आरोप लगाने से बचना चाहिए। इस क्रम में ही सईद ने पाल दे मान के यहूदीवाद समर्थक विचारों की तीखी आलोचना पेश की है। अनेक बड़े लेखक हुए हैं जिन्होंने महान् साहित्य की रचना की किंतु फासीवाद अथवा नस्लवाद का समर्थन किया। यही स्थिति संगीतकारों की भी है।


 फासीवाद के दौर में अनेक बड़े संगीतकार हिटलर के साथ थे जिनकी एडोर्नो ने तीखी आलोचना की है। इस क्रम में सईद ने लिखा है  संगीत को किसी कालक्रम अथवा युग में बांधना संभव नहीं है। इस प्रक्रिया में हमें प्राणहीन वस्तु के द्वारा यथार्थ जीवन के अनुकरण किए जाने पर गौर करना चाहिए। हमें यह  देखना चाहिए कि आंतरिक तत्व क्या है। क्योंकि आंतरिक तत्व के गर्भ से ही महान् बीथोवन संगीत पैदा हुआ। 


सईद के अनुसार कोई भी सामाजिक व्यवस्था, ऐतिहासिक विजन, सैध्दान्तिक सर्वसत्तावाद चाहे वह कितना ही शक्तिशाली क्यों न हो, वह सभी विकल्पों को समाप्त नहीं कर सकता। हमेशा रूपान्तरण की संभावना बची रहती है।   रूपान्तरण का अर्थ है अतिक्रमण। इसका अर्थ यह भी है कि आप जिस पर जोर दे रहे हैं उसे वह छोड़कर आगे चला जाए।
     
धर्मनिरपेक्ष रूपान्तरण एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में स्थानान्तरित होता रहता है।  सीमा को चुनौती देता रहता है। वह एक-दूसरे में मिश्रित होता रहता है, वैविध्य में शामिल होता रहता है। उम्मीदों का अतिक्रमण करता रहता है। इसके कारण ही वह अकल्पनीय आनंद देता है। खोज करता है और अनुभव प्रदान करता है। सर्वसत्ताावादी प्रवृत्तिा को ज्योंही चुपचाप सहमति देना बंद करते हैं श्रृंखलाबध्द रूपान्तरण की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। संगीत प्रस्तुति में परफेक्शन की मांग और उच्चस्तरीय पेशेवराना र्काकलापों की वजह से संगीत विमर्श पूरी तरह पेशेवर होकर रह गया है।  खासकर शास्त्रीय संगीत और समाज में सांस्कृतिक गतिविधियों के चारों ओर घेराबंदी कर ली गयी है।
    


सईद ने रिचर्ड लेपर्ट की कृति '' म्यूजिक एंड  इमेज : डोमेस्टीसिटी,आइडियोलॉजी एंड सोशियो-कल्चरल फारमेशन इन एटींथ सेंचुरी इंग्लैंड'' के आधार पर लिखा कि रिचर्ड के अनुसार संगीत का बुनियादी लक्ष्य है सामाजिक नियंत्रण स्थापित करना। संगीत के आधार पर वर्गीय और लिंगीय भेदभाव को लागू किया जाता है। संगीत वर्गभेदों पर आश्रित है। संगीत के जरिए प्रतिष्ठा और मर्दानगी में इजाफा होता है। स्त्रीवादी परिप्रेक्ष्य में सुसान मेक्कलेरी ने लिखा  संगीत का खास किस्म के कामुक स्टीरियोटाईप के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है। संगीत के जरिए ही कमनीय,छरहरी और उत्तोजक स्त्री की कल्पना का प्रसार हुआ है।
  
सईद ने लिखा संगीत और समाज के अन्तस्संबंध में जब हम संगीत की रूपान्तरणकारी भूमिका की बात करते हैं तो हमारा इशारा संगीत को समाज के मातहत रखकर देखने की ओर होता है। संगीत की दर्पण की भूमिका मानी गयी है। इसके विपरीत सिविल सोसायटी में संगीत तटस्थ अथवा विकल्प नहीं होता। बल्कि सामाजिक निर्माण में भूमिका अदा करता है। पश्चिमी शास्त्रीय संगीत को एक तरह से बौध्दिक श्रम माना जाता है। ग्राम्शी ने इसकी पश्चिमी समाजों के 'एलोबरेशन' के रूप में चर्चा की है।


 सईद कहता है  इस तरह संगीत को देखना असल में उसके पराएपन के साथ देखना है। संगीत के पास बौध्दिक श्रम का साझा इतिहास है , वह जिस समाज में पैदा होता है उसका आवयविक हिस्सा होता है। इसीलिए हम संगीतकार को भी बुध्दिजीवीवर्ग में शामिल करते हैं। वैसे वह भिन्ना विशिष्ट उपसमूह में रहता है। उसके अपने संबंध,संगठन,शक्तियां और मानक होते हैं। आज के दौर में उनका योगदान है समाज को बनाए रखना। समाज को सैध्दान्तिक, सामाजिक, और गैरकथात्मक अस्मिता प्रदान करना,यह काम वह अपनी संगीत रचनाओं,प्रस्तुतियों,व्याख्याओं और विद्वता के जरिए करता है। इस तरह का पेशेवराना नजरिया संगीत को उसके अपने आदर्श क्षेत्र के परे ले जाता है।  
      
सईद ने लिखा है हमें समग्रता में शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र को देखना चाहिए। उसके निरंतर चले आ रहे वर्चस्व और यथास्थितिवाद को देखना चाहिए। अथवा मानवीय विकास के क्रम में अन्य संस्कृतियों के द्वारा समय-समय पर दी गई चुनौतियों ,गैर आभिजात्य समूहों,वैकल्पिक उपसंस्कृतियों आदि को समग्र सामाजिक संदर्भ में खोलकर देखना चाहिए जिससे उस चीज का पता चले कि संगीत का कैसे निर्माण हुआ ? सातवीं शताब्दी अथवा नवीं शताब्दी में संगीत कैसा था और किस तरह की राजनीतिक और सामाजिक शिरकत की प्रक्रिया में उसका जन्म हुआ और किस तरह वह रूपान्तरित होकर आया है और यथार्थ को अभिव्यक्त करता रहा है, इत्यादि सवालों पर विचार करना चाहिए।


 इसके अलावा यह भी देखना चाहिए कि संगीत का समय से क्या संबंध है ? क्या संगीत समय काटने का माध्यम है अथवा संगीत समयबध्द है ? संगीतकार जिन सांगीतिक रूपों में चुप रहता है वे उसके संगीत की गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान खींचते हैं। वहां पर संगीतकार को समझने में बेहद गंभीर कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। 


यह भी विचारणीय सवाल है कि क्या संगीतकार मिथ बना रहा है ? संगीत का केन्द्रीय पक्ष है कि उसमें विशिष्ट चीजें ही अभिव्यक्ति पाती हैं, विलक्षण ही स्थान पाता है। सामान्य का संगीत में कोई स्थान नहीं होता। कलाकार की व्यक्तिवादिता अभिव्यक्ति पाती है। इसके अलावा संगीतकार की आंतरिकता,चंचलता और अस्तित्व की परिस्थितियां अभिव्यक्त होती हैं। इसके कारण ही संगीत किन्हीं खास क्षणों  के बोध को पैदा करने में सफल हो पाता है। इसके फलस्वरूप हमें संगीत की स्वतंत्र स्थिति का अहसास  होता है।  संगीत पूरी तरह व्यक्तिवादिता और असामान्य भावों को अपने अंदर समेटे होता है जिसके फलस्वरूप वह हमारे समय गुजारने में भी काम आता है।
   (लेखक-जगदीश्वर चतुर्वेदी, सुधा सिंह) 

     

रविवार, 10 जनवरी 2010

मध्यपूर्व और एडवर्ड सईद की संगीतदृष्टि -6-

सईद ने कहा आज संगीत उपभोक्तावाद और वस्तुकरण के द्वंद्व में फंस गया है। डेनियल ने इसके जबाव में कहा कि आज हम स्वर संगति को ही खो चुके हैं। जब आप स्वरसंगति को खोते हैं तो संगीत के भी किसी न किसी आयाम को खो देते हैं। यह काम बगैर सद्भाव के नहीं होता।


 संगीत की  भाषा होती है। उसके बारे में रेशनल आम सहमति होती है। यह आम सहमति पीढ़ियों से चली आ रही है। किंतु आज वह नहीं है। बल्कि उसका अस्तित्व ही खत्म हो गया है। इस संदर्भ में मुझे एक यहूदी चुटकुला याद आ रहा है, 'ऐसा क्यों होता है कि जब किसी यहूदी से सवाल किया जाता है तो वह सवाल का जबाव देने की बजाय पलटकर सवाल करता है। इसका अर्थ है समाधान का अभाव। 


समाधान के अभाव में पलटकर सवाल पेश किया जाता है। फलत: आप घूम फिरकर वहीं आ जाते हैं।  किंतु तनाव के उसूल का नियम और तनाव से मुक्त तब होते हैं जब स्वर संगति का लोप हो जाता है। ऐसे में आप दूसरे रास्ते निकाल लेते हैं। किसी न किसी तरह और भी कृत्रिम तरीके निकाल लेते हैं।  इसका यह अर्थ नहीं है कि  संगीत में स्वर नहीं है तो वह अपने अभिव्यक्त नहीं करेगा। बल्कि अनेक श्रेष्ठतम रचनाएं मिल जाएंगी।  


संगीत के शास्त्रीययुग में तुम स्वाभाविक व्यवस्था बनाए रखने की उम्मीद रखते थे। पहले जब आप किसी राग को गाते  थे तो यह जानते थे  इसे किस स्वर में पेश करना है। किंतु जब पहलीबार सिंफनी को पेश किया गया तो इससे लोगों को शॉक लगा,क्योंकि यह सातवें स्वर से शुरू हुआ न कि तीसरे स्वर से। किंतु यह गतिशील शॉक था। यह सद्भावपूर्ण शॉक था। इससे लय को शॉक नहीं लगा। 


सईद ने कहा  आज हम संगीत का आनंद लेते हैं उसके इतिहास को जाने बगैर। यह आज के संगीत का अन्तर्निहित अलगाव है। हम इच्छित भाव से संगीत के इतिहास से अपने को अलगाते हैं। पैकेज संगीत जिसे आप आए दिन सुनते रहते हैं, इस संगीत की खूबी है कि आप कुछ भी सुनते रहिए। आप जो भी चाहते हैं उसे सुनते रहिए। इसकी संरचना, संदर्भ ,इतिहास और भाषा कुछ भी जानने की जरूरत नहीं है।  


सईद ने कहा  एक अन्य फिनोमिना नजर आ रहा है हमने समग्रता में देखना बंद कर दिया है। समग्र संरचना को हम नहीं देखते। शिक्षा से लेकर संगीत तक समग्रता के लोप को देखा जा सकता है। समग्रता में न देखने का सबसे ज्यादा दबाव बौध्दिक और सामाजिक स्तर पर देखा जा रहा है। इसकी जगह व्यवहारवाद ने लेली है। दूसरे शब्दों में विशेषज्ञतापूर्ण ज्ञान ने ले ली है। जिसे संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ ही अच्छी तरह से समझ पाते हैं। ज्योंही आप किसी क्षेत्र विशेष में दाखिल होते हैं,आपको अन्य क्षेत्र के व्यक्ति के साथ संवाद ही नहीं कर पाते। 


सईद ने कहा  मैं एकबार चिकित्सकों के बीच में व्याख्यान देने गया और मैंने परवर्ती शैली के बारे में व्याख्यान दिया। मुझसे किसी डाक्टर ने कहा ''तुम जानते हो कि तुमने संगीत पर भाषण दिया,साहित्य पर बोला, किंतु हमारी दुनिया में इसे कोई सुनने वाला नहीं है। हमारी दुनिया तो मेडीसिन अथवा नेचुरल साइंस की है।'' मैंने कहा ऐसा क्यों है ? वह बोला '' क्योंकि मैं न्यूरोबायोलॉजिस्ट हूँ,मैं सिर्फ न्यूरोलॉजिस्ट से बात कर सकता हूँ।''
     
सईद ने कहा कहने का तात्पर्य यह है कि साझा विषयों पर विमर्श के विचार का अंत हो गया है। इस प्रसंग में पहली बात यह है कि हमलोगों की शिक्षा पूरी तरह विशेषज्ञता केन्द्रित है। दूसरा कारण यह है कि ज्ञान के लिए जो फंड मिलता है वह हमेशा विखंडित ज्ञान के लिए मिलता है। ऐसे में लोग ज्यादा से ज्यादा करते हैं कम से कम लेते हैं। विज्ञान के क्षेत्र में संभवत: यह अच्छी बात हो किंतु इस प्रक्रिया के पीछे वैचारिक धुलाई ज्यादा काम कर रही है। आपके पास कोई समस्या है तो लोग कहते हैं यह आपकी समस्या है और इसका समाधान करने वाले मिल जाएंगे। यह हमारी समस्या नहीं है। तुम इसके लिए जिम्मेदार नहीं हो। 


अमरीका में खासकर यह अनुभूति पैदा हुई है  हमें सारी दुनिया के बारे में जानने की जरूरत नहीं है। समूचे समाज के बारे में जानकारी की जरूरत नहीं है,यह जानना जरूरी नहीं है कि हम किस दिशा में जा रहे हैं, हमारे पर्यावरण ,कला,इतिहास के प्रति सरोकार  क्या हैं ,इन सबके बारे में जानने की जरूरत नहीं है।
     


मसलन् अमरीका में इतिहास उसे मानते हैं जिसे हम भूल चुके हैं। जब आप किसी से कहते हैं कि आप इतिहास में हैं, तो इसका अर्थ यह नहीं है कि आप इतिहास का हिस्सा हैं। इसका अर्थ है आप विलुप्त का हिस्सा हैं। यही इतिहास का अर्थ है। 


आज हमारी शिक्षा इस तरह हो रही है कि हम कहीं बीच में ही खो गए हैं। हमारी शिक्षा में आज जो हो रहा है उसे मैं अच्छी तरह से जानता हूँ। आज युवा छात्र कम से कम जानते हैं। आज उनके बारे में पूर्वकल्पना करना संभव नहीं है। पहले आप पूर्वकल्पना कर सकते थे कि छात्र कम से कम दो भाषा जानता होगा। एक शिक्षक के नाते महसूस करते थे कि वह साहित्य के बारे में जानता होगा। कम से कम अंग्रेजी अथवा फ्रेंच साहित्य के बारे में जानता होगा। उसने कम से कम यह तो पढ़ा ही होगा। जो पढ़ा होगा उसमें फलां-फलां महान लेखकों की रचनाएं तो पढ़ी ही होंगी। आज इस तरह की पूर्वकल्पना नहीं कर सकते। आज बहुत ही सीमित दायरे में प्रयास किए जा रहे हैं। खास दिशा,विशेषज्ञता की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इसके कारण समग्र लड़ाई बेहद जटिल हो गयी है। विमर्श अथवा बौध्दिक आदान-प्रदान में बेहद कठिनाईयां आ रही हैं। इसने सामाजिक वातावरण का अभाव पैदा कर दिया है। 


सईद ने कहा आज बड़ी रोचक समस्या सामने आ खड़ी हुई है। यह मानवीय लक्ष्य की समस्या है। साहित्य या संगीत हो अथवा अन्य कोई कला रूप हो। आज भिन्नाताओं को वर्चस्व स्थापित किए बगैर संरक्षण देने की जरूरत है। दूसरी ओर पहचान के लिए कोहरेंट व्यक्तित्व निर्मित करने की जरूरत है। हमें भिन्नाताओं को बगैर किसी तरह के वर्चस्व को स्थापित किए संरक्षण देना चाहिए। कायिक तौर पर किसी की पहचान पर वर्चस्व स्थापित किए बगैर सामान्यत: व्यक्तित्व और अस्मिता के विकास को बढ़ावा देना चाहिए। किंतु ऐसा करना आजकल बेहद जटिल हो गया है।
    

 एडवर्ड सईद ने सन् 1989 में संगीत पर तीन व्याख्यान वेलेक लाइब्रेरी व्याख्यानमाला के तहत दिए। इनका आयोजन क्रिटिकल थ्योरी इंस्टीट्यूट,कैलीफोर्निया विश्वविद्यालय ने किया था। इन व्याख्यानों को सुव्यवस्थित रूप देकर ही कालान्तर में ''म्यूजिकल एलोबरेसनस''(1991) नामक कृति प्रकाशित हुई।


 सईद ने इस किताब की भूमिका में लिखा है आज संगीत कारपोरेट अथवा गिल्ड के ऊपर निर्भर है। खासकर पेशेवर संगीत उन पर निर्भर है। इस निर्भरता के कारण स्थिति यह हुई है कि संगीत में यथास्थिति बनी हुई है। कारपोरेट जगत और गिल्ड पर निर्भरता के कारण संगीत जगत में नए विचारों का प्रवेश नहीं हो पा रहा है। वे सीमाबध्द होकर संगीत साधना कर रहे हैं। मैं इस तरह की सीमाबध्दता को खारिज करता हूँ। अथवा मैं इसके महत्वपूर्ण पक्षों को अस्वीकार करता हूँ। मैं विश्लेषण के जरिए यह बताना चाहता हूँ कि वे आलोचनात्मक नजरिए से किन चीजों को नहीं देख रहे हैं। साथ ही यह भी बताना चाहता हूँ कि इस क्षेत्र के जो बेहतरीन स्कॉलर हैं उन्होंने बहुत कम काम किया है।
   
सईद ने अपने पहले व्याख्यान के आरंभ में रिचर्ड पोइरिर को उध्दृत किया है। उसने ''दि प्रिफाफर्मिंग सेल्फ'' शीर्षक से महत्वपूर्ण लेख लिखा है। जिसमें उसने अंग्रेजी के आधुनिक रचनाकारों का मूल्यांकन किया है। रिचर्ड ने लिखा है प्रिफॉर्मेंस एक तरह से शक्ति का अभ्यास है। कोई भी रचनाकार जब प्रिफार्म करता है तो वह अपने एक्शन को शक्ल प्रदान करता है। प्रिफॉर्मेंस महज घटना नहीं है। अपने एक्शन के जरिए लेखक रेडीएशन की तरह प्रभावित करता है। अपनी तरफ ध्यान खींचता है। 


एक अर्सा पहले एडोर्नो ने अपना चर्चित निबंध ''रिग्रेशन ऑफ म्यूजिक'' लिखा था जिसमें श्रोता में निरंतरता, एकाग्रता और ज्ञान के अभाव को रेखांकित किया था। इन तीन चीजों के अभाव के कारण ही श्रोता असली संगीत सुन नहीं पाता। अथवा असली संगीत को समझ नहीं पाता। एडोर्नो ने इस अवस्था के लिए रेडियो और रिकॉर्ड को जिम्मेदार ठहराया । इसके कारण ही लोग संगीत सभाओं में नहीं जाते अथवा जाते भी हैं तो स्वर और संगीत के ज्ञान को अर्जित किए बगैर ही जाते हैं। एडोर्नो की इस धारणा के साथ सईद ने एक बात और जोड़ दी है और वह है प्रिफार्मेंश का पूरी तरह पेशेवर हो जाना। इसके कारण कलाकार और दर्शक अथवा साधारण श्रोता के बीच में व्यापक अंतराल पैदा हो गया है।
    

शनिवार, 9 जनवरी 2010

मध्यपूर्व और एडवर्ड सईद की संगीतदृष्टि -5-

डेनियल और सईद के बीच में चली बातचीत में नाटक ,ऑपेरा और कविता के पाठ के मूल्यांकन की समस्या भी उठी, इस पर सबसे पहले डेनियल ने कहा कथोपकथन वाले नाटक और ऑपेरा में अंतर है। इन दोनों के बुनियादी अंतर को कम करके नहीं देखना चाहिए। 


ऑपेरा बुनियादी तौर पर सांगीतिक है। इसमें स्पीड यानी गति और ध्वनि के स्वर ऊँचे भी जाते हैं। जबकि कथोपकथन वाले रंगमंच में ऐसा कुछ भी नहीं होता। यही वजह है कि रंगमंच के अनेक बड़े निर्देशकों को ऑपेरा का मंचन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। क्योंकि वे महसूस करते हैं कि वे तयशुदा खांचे से बंधे हुए हैं। किसी भी गायक से अचानक कम्पोजर के निर्देश पर गाना नहीं गवा सकते। वाचिक पाठ और संगीत में यही अंतर है। 


ऑपेरा का मूलत:  ध्वनि से संबंध है। ऑपेरा के लिए ध्वनि के तत्वों को जानना बेहद जरूरी है। आपको ध्वनि के उन तत्वों को जानना जरूरी है जिनसे आपको त्रासदी की ध्वनियां मिलें। यदि आप  ध्वनि में निरंतरता बनाए रखते हैं  तो स्वर एक दूसरे का अनुसरण करते हैं। स्वत: ही जहां एक स्वर खत्म होने वाला होता है दूसरा स्वर अपने आप शुरू हो जाता है। इस प्रक्रिया में ध्वनि की निरंतरता के साथ तनाव को भी बनाए रखता है। कुछ ऐसा भी होता है जो आपको हवा के मध्य में बनाए रखता है। 


आप यदि ध्वनि को छोड़ देते हैं तो आप रंगमंच को भी त्याग देंगे। डेनियल कहता है  आरंभ में ही ध्वनि के साथ तनाव का तत्व जुड़ा होता है। क्योंकि आपके पास शब्द नहीं होते। एक अन्य जरूरी पहलू है, यदि आप संगीत की गंभीरता के साथ शब्द के संदर्भ में मीमांसा करते हैं तो पाते हैं कि सभी किस्म के संबंध,स्वरलिपि की अन्तर्निर्भरता, सद्भाव,लय और इन सबका गति के साथ संबंध, ये सारी चीजें बगैर किसी पुनरावृत्तिा के संगीत से जुड़ी हैं। प्रत्येक समय जो अंतर नजर आता है उसका प्रधान कारण है  भिन्ना क्षण में उसकी प्रस्तुति। इस क्रम में आप दुनिया,प्रकृति,मनुष्य,मानवीय संबंध आदि के बारे में बहुत सारी चीजें सीख सकते हैं। साथ ही साथ इस जगत से पलायन भी कर सकते हैं। यही संगीत का दुरंगापन है,पैराडॉक्स है।


 मजेदार बात यह है संगीत आपको प्रकृति,मनुष्य,भगवान आदि के बारे में बहुत कुछ बताता है, शिक्षित करता है, फिर उनसे ही पलायन कराता है। संगीत जिसकी शिक्षा देता है उसी से पलायन कराता है। यही चीज स्वयं में बड़ी आकर्षक और लुभाने वाली है। 


हम जब भी संगीत के बारे में बातें करते हैं तो हमेशा उसके प्रभाव के बारे में बातें करते हैं। संगीत के बारे में बातें नहीं करते। इस अर्थ में यह भगवान की तरह है। हम भगवान के बारे में बातें नहीं करते बल्कि भगवान के प्रभाव के बारे में बातें करते हैं। हम हमेशा भगवान की प्रतिक्रियाओं के बारे में बातें करते हैं। कुछ लोगों के लिए भगवान का अस्तित्व है तो कुछ के लिए भगवान का अस्तित्व नहीं है। किंतु हम उसके बारे में बात नहीं करते। हम सिर्फ उसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाओं के बारे में बातें करते हैं। यही स्थिति संगीत के बारे में है। आप संगीत के बारे में भी नहीं बता सकते। आप संगीत के बारे में अपनी आत्मगत (सब्जेक्टिव) प्रतिक्रियाओं को ही व्यक्त करते हैं।  


संगीत,कला,साहित्य आदि के संदर्भ में बार-बार प्रामाणिकता का सवाल उठता रहा है। प्रामाणिकता का पैमाने क्या है ? सईद ने कहा कि क्या हम प्रामाणिक बीथोविन हासिल कर सकते हैं। अगर ऐसा होगा तो उसे कोई समझ ही नहीं पाएगा। बीच में ही सईद की बात काटकर एरा गुजिलीमियां ने कहा कि इसके किसी न किसी पैमाने पर तो ध्यान देना ही होगा। पुनर्रूत्पादन के लिए ऐतिहासिक सटीकता का ख्याल रखना ही होगा।


 सईद ने कहा नहीं, प्रत्येक भाषा और प्रत्येक समय में उसके भिन्न किस्म के बिंदुओं पर जोर रहा है। हम प्रामाणिकता के आग्रह के मारे हुए हैं,यह प्रामाणिकता आखिरकार क्या है ? डेनियल ने कहा कि वह प्रामाणिक अनुभूति की बात कह रहा है। सईद ने कहा मैं जानता हूँ, किंतु अनुभूतियों की प्रामाणिकता ,जैसा वह शिक्षा देता है ध्वनि पर आधारित है। किंतु इन सबकी प्रामाणिकता क्या है ? 


प्रामाणिकता एक तरह से वर्तमान को पुष्ट करना है। तुम जानते हो कि अतीत के साथ इसका संबंध होता है। यदि मैं कहूँ कि यह प्रामाणिक है, और मैं जो कह रहा हूँ वह सत्य भी है। ईसाईयत में लोग हमेशा सच्चे क्रॉस को देखते रहते हैं,इस अर्थ में वह हमेशा वर्तमान भी होता है। अतीत के बारे में प्रामाणिकता की बात करना स्वयं में दिग्भ्रमित करने वाली बात है। असल में यह वर्तमान के बारे में उठा सवाल है कि वर्तमान के नजरिए से आप अतीत को कैसे देखते हैं। वर्तमान के नजरिए से अतीत को किस तरह निर्मित करते हैं। कौन सा अतीत चाहते हैं ? आप जानते हैं कि आपको किस तरह का अतीत चाहिए। इसी तरह 'इच्छा' (डिजायर) की प्रामाणिकता के बारे में भी विचार करने की जरूरत है।
      


सईद ने कहा मैं एक अन्य समस्या की ओर आप लोगों का ध्यान खींचना चाहता हूँ क्या यह संभव है कि जो लोग कलाओं के बारे में अथवा किसी एक कला विशेष के बारे में जानते हैं तो उन्हें संगीत के बारे में कुछ भी ज्ञान नहीं होता, इस स्थिति को सईद ने संगीत के प्रति भेदभाव की संज्ञा दी है। यह भेदभाव शिक्षितों में ज्यादा पाया जाता है। यह इस युग की विशेषता है। जबकि संगीत का समाज में केन्द्रीय स्थान है। खासकर 19वीं शताब्दी के बाद से मध्यवर्ग,अभिजन समाज में संगीत का केन्द्रीय स्थान रहा है। यह शिक्षितों और बौध्दिकों के बीच में विमर्श का सबसे बड़ा क्षेत्र रहा है। किंतु आज ऐसी स्थिति नहीं है।
   


सईद ने कहा आज दो तरह की ऑडिएंस मिलती है। ऑडिएंस का एक रूप वे लोग हैं जो काम करते हैं,कारपोरेट जगत में काम करते हैं,धनी हैं।मेरा मानना है वे पूरी तरह कंजरवेटिव होते हैं। वे नया संगीत नहीं चाहते। वे संगीत के अंतहीन कार्यक्रम चाहते हैं। इसमें शास्त्रीय संगीत और बाजारू संगीत दोनों शामिल हैं। 


दूसरे किस्म की ऑडिएंस की तादाद बहुत कम है। इस कोटि के लोगों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। वे जानते हैं कि संगीत उनके जीवन का हिस्सा है। ऐसे लोगों ने संगीत को अलंकार की तरह धारण किया हुआ है। इस तरह के लोगों के बारे में ही एडोर्नों ने सवाल उठाए हैं। वे जानते हैं कि संगीत समाज का प्रतिनिधित्व करता है,लेकिन वे लोग संगीत के प्रतिनिधि बने घूमते रहते हैं। ऐसे लोग यह समझने में असमर्थ रहे हैं कि संगीत समाज में अपनी भूमिका अदा नहीं कर पा रहा है।


 संगीत समाज में अपनी भूमिका अदा करे इसके लिए सईद के मुताबिक तीन चीजें जरूरी हैं,(1) प्रिफार्म करे,(2) समझा जाए,(3) सुना जाए। क्या इन तीनों के बीच में कोई द्वंद्वात्मक संबंध है ? स्पांसर,संरक्षण के अलावा हम क्या अन्य कोई ऐसा सुझाव सुन पाते हैं कि मैं इस तरह का संगीत चाहता हूँ ? इस रूप में चाहता हूँ ? मुझे संदेह है  संगीत सुनकर लोग महसूस भी करते हैं ? 


एक प्रिफार्मर के नाते यदि तुम संगीत का इतिहास उठाकर देखो तो पाओगे कि संगीत की जटिलताएं बढ़ी हैं। अपनी संगीत प्रस्तुतियों के दौरान तुमने क्या यह महसूस नहीं किया कि संगीत और समाज में अंतराल बढ़ा है। क्रमश: इनमें विभाजन बढ़ा है। इस संगीत को उपलब्ध कराके क्षतिपूर्ति कर रहे हो। इसका अर्थ यह भी है कि तुम संगीत के साथ प्रवाह की विपरीत दिशा में जा रहे हो। संगीत को ज्यादा से ज्यादा घरेलू बनाकर तुम उसे धोखा दे रहे हो।
 ( लेखक- जगदीश्वर चतुर्वेदी,सुधा सिंह )

विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...