विज्ञापन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
विज्ञापन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 2 दिसंबर 2010

माल के सौंदर्यशास्त्र में कामुकता और प्रेम

माल के सौंदर्यशास्त्र की वह विशेषता है कि वह दैनिक जीवन की आत्मीयता और भावुकता को रूपायित करता है। यह कार्य फैंटेसी के माध्यम से होता है। इस तरह वह दैनंदिन जीवन की आत्मीयता का प्रमाण बन जाता है। चित्र में व्यक्ति को जैसा दिखाया जाता है, दर्शक अब वैसा ही बनने लगता है। वे ऐसी स्थिति पैदा करते हैं कि जो व्यक्ति की इमेज विज्ञापन में है वही वास्तविक है। विज्ञापन में दर्शाई वस्तु हमेशा आकर्षक कामुक इमेज के साथ आती है। 'कामुक' इमेज और 'प्रेम निवेदन' विज्ञापन की आम रणनीति के प्रमुख तत्व हैं। इससे वस्तु की बिक्री बढ़ाने में मदद मिलती है। इन तत्वों का जिन विज्ञापनों में प्रयोग होता है वहां अनुकरण होता अथवा ग्राहक को अपने हूबहू भाव को भी पीछे छोड़ जानेवाले भावों को संप्रेषित किया जाता है। 'वस्तु' के साथ 'प्रेम निवेदन' का प्रदर्शन व्यक्ति को आकर्षित करता है और आकांक्षी बनाता है। इसीलिए कहा जाता है कि माल की सौंदर्यशास्त्रीय भाषा का जन्म प्रेम निवेदन या खुशामद की भाषा से होता है। परंतु जब व्यक्ति अपनी सौंदर्यपूर्ण अभिव्यक्ति के लिए वस्तुओं की दुनिया से उधार लेने लगता है, उसकी नकल करने लगता है तो यह संबंध उलट जाता है। यह माल के उपयोग मूल्य की पूर्व-सूचना है। उसके प्रभाव का पूर्व संकेत भी है जो अपने आप में
मंशाओं और इच्छाओं को उत्तेजित करता है। वह मानवीय संवेदनाओं को उत्तेजित करता है। वह सिर्फ शक्तिशाली मानवीय सहज वृत्तियों पर बल देता है। इससे केंद्रीय बिंदु ही बदल जाता है। इस तरह कामेच्छा और विनिमय-मूल्य में संबंध स्थापित हो जाता है। इस क्रम में हमें ऐसे आभिजात्य से मिलाया जाता है जिसके पास व्यापक रूप में सुविधाएं हैं, जिनमें दूसरे शामिल हो सकते हैं और वह वस्तु के माध्यम से प्रेम निवेदन करता है। विलासितापूर्ण माल की प्रभावशाली प्रस्तुति से संवेदनाओं पर सीधे प्रहार किया जाता है। उन्हें प्रेरित किया जाता है। इससे संपत्ति के हस्तांतरण में मदद मिलती है। यही उसका (पूंजीपति) संपत्ति को हजम कर जाने का तरीका भी है। यह वह कृत्रिम ढंग से वस्तुओं के दाम बढ़ाकर करता है।
माल के सौंदर्यशास्त्र की आलोचना में यह कहा जा सकता है कि पूंजीपतिवर्ग किसी वस्तु के ब्रांड नाम के साथ शब्द का भी स्वामी बन जाता है। अभी तक शब्द
का वर्गीय स्वामित्व नहीं होता था पर अब ब्रांड के साथ शब्द का भी वर्गीय स्वामित्व स्थापित हो जाता है। वह ब्रांड के प्रचार पर धन खर्च करते-करते शब्द का भी निजीकरण कर लेता है। अब वह उसकी संपत्ति का एक टुकड़ा हो जाता है। वह शब्द को ब्रांड में और ब्रांड के प्रचार को संपत्ति में बदल देता है। अत: मार्क्सवादी चिंतक शब्द और भाषा के अवर्गीय स्वरूप की जो बातें करते रहे हैं, उस पर पुनर्विचार की जरूरत है।
किसी एक माल में दिखनेवाली प्रवृत्ति जो कि ब्रांड की सफलता के रूप में दिखाई देती है, उसे वह अन्य माल की बिक्री में भी फैला देता है। वस्तुत: माल की इमेज उत्पादन के क्षेत्रा में उसकी पूंजी की इमेज का ही रूपांतरण है। विज्ञापन के क्षेत्र में भी जब इमेज का प्रयोग किया जाता है तो उसे 'समग्रप्रभाव' कहा जाता है। सभी वस्तुओं का समग्र अनुभव, व्यापार की सेवा और सुविधाएं आदि को 'समग्रप्रभाव' की धारणा के दायरे में रखकर विचार करने की जरूरत है। इससे पहली बात निष्कर्ष रूप में यह निकलती है कि माल की दुनिया संकटग्रस्त है और अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। इस संकट को छिपाने और इससे उबरने के लिए माल का निर्माता माल की रूपसज्जा में परिवर्तन तेजी से करता है। ये परिवर्तन वह बार-बार करता है। माल के रूप में घटित परिवर्तन को नई 'जेनरेशन' के माल में प्रत्यक्षत: देखा जा सकता है। इसका प्रचार अभियान ग्राहक को 'जवानी' का भरोसा दिलाता है। अथवा यों कहें कि इसमें जवानी का रूपायन है। 'जवानी' का रूपायन आंशिक रूप में युवाओं की सब-कल्चर से ऊर्जा प्राप्त करता है। इससे माल की दुनिया में चल रहे संकट को कम करने में मदद मिलती है। अब युवा इमेज नई स्टैंडर्ड इमेज का अनिवार्य तत्व बन जाती है। परिणामत: जहां एक ओर वस्तु के पुराने रूप बेकार हो जाते हैं वहीं दूसरी ओर मनुष्यों की पूरी की पूरी पीढ़ी के चरित्रात्मक गुण भी पुराने लगते हैं। इसे 'युवा जड़पूजावाद' भी कहा जाता है। यह उत्पादन के संबंधों में आए ठहराव को दर्शाता है। इस तकनीक का प्रयोग करने से समाज में अविवेकपूर्णता का वर्चस्व स्थापित करने में मदद मिलती है। यहां तक कि दैनिक जीवन की छोटी-छोटी चीजों पर अविवेकपूर्ण दृष्टि अपना वर्चस्व स्थापित करने में सफल हो जाती है।
माल का सौंदर्य तत्व वस्तु की मांग बढ़ाता है। वह सीधे-सीधे हमारी गति को, मानवीय शक्ति और प्रभाव को रूपांतरित करता है। वह मनुष्य की संवेदनाओं को परिवर्तित करता है। इससे व्यक्ति की वास्तविक प्रवृत्ति, भौतिक जीवन शैली, दृष्टिकोण, आवश्यकता और संतुष्टि की धारणा में भी परिर्वतन आता है। वस्तु की बिक्री बढ़ाने के लिए बार-बार नई सौंदर्यात्मक प्रस्तुति का माध्यमों से बार-बार प्रसारण वस्तुत: उपयोग-मूल्य की पुनरावृत्ति है इससे उपभोक्ता चक्कर में फंस जाता है, इससे ग्राहक की प्रतिरोध क्षमता खत्म हो जाती है। ऐसी परिस्थितियों का जन्म हो जाता है कि प्रतिरोध संभव ही नहीं होता। यह पूंजीवाद की अपरिहार्य और अनिवार्य प्रवृत्ति है।
माल का सौंदर्यशास्त्र मानवीय संवेदना को बदलता है, संवेदनाओं के परिवर्तन का संवेदना से तकनीकीवाद से गहरा संबंध है। संवेदना की तकनीकीवाद का अर्थ है मनुष्यों में कृत्रिम शैली के प्रति अत्याकर्षण पैदा करना। इसका वर्चस्व सौंदर्यपरक इमेजों के जरिए स्थापित किया जाता है। ये इमेज मनुष्य की संवदेना को पकड़ती हैं। संवेदनाओं पर वर्चस्व स्थापित करने के लिए लुभावने चेहरों का इस्तेमाल किया जाता है। परिणामत: सामाजिक जीवन में 'आकर्षक लोग' संवेदनाओं पर प्रभुत्व जमाने लगते हैं।
माल के सौंदर्यशास्त्र की धुरी है उपयोग मूल्य और विनिमय-मूल्य का अंतर्विरोध और क्रेता-विक्रेता के बीच की टकराहट। इस अंतर्विरोध के कारण आर्थिक क्षेत्र में तकनीकी प्रोन्नति दिखाई देती है। वह उसके विकास में अग्रणी भूमिका अदा करती है। यह विकास उन सभी रूपों को नष्ट कर देता है जो उसके भावी विकास में बाधक होते हैं। यह प्रक्रिया माल के सौंदर्यपरक अनुभव को अमूर्तन में ले जाती है। यह कार्य वह उपयोग-मूल्य का वायदा करके करता है। वह ऐसा उपकरण पैदा करता है जो बिक्री में तेजी से वृध्दि करे। माल का सौंदर्यपरक अमूर्तन माल की संवेदना और अर्थ दोनों को पृथक कर देता है। यह विभाजन वह विनिमय-मूल्य के आधार पर करता है। पहले चरण में यह स्वत: ही उत्पादन की प्रक्रिया में सतही तौर पर अपने को पृथक कर लेता है। दूसरे चरण में पैकेजिंग की भूमिका होती है। माल की सौंदर्यपरक प्रस्तुति पहले से ज्यादा का वायदा करती है। इसी में भ्रमों का ज्यादा से ज्यादा सहयोग लिया जाता है। माल का सौंदर्यशास्त्रा इस बात पर निर्भर करता है कि व्यक्ति को किस दिशा में ले जाया जा रहा है। वह उसकी संतुष्टि, मनोरंजन और प्रसन्नता देने का प्रयास करता है। वह ग्राहकों को खुशामद करके पटाता है और उन्हें पतन की ओर ले जाता है। वह चाटुकारिता करता है, भविष्य से ध्यान हटाता है। यही उसका भ्रष्टाचरण है।
इस संदर्भ में यह प्रश्न विचारणीय है कि क्या पूंजीवाद व्यक्ति की मदद करता है? हां, पूंजीवाद व्यक्ति की मदद करता है, वह अवस्था है विच्छेदन की। अगर व्यक्ति बैठ गया तो फिर कभी उठकर खड़ा नहीं हो पाता। मदद का अर्थ है पराधीन अवस्था की है। अब कामुक आनंद प्रत्येक माल का लोकप्रिय तत्व बन जाता है। आमतौर पर माल का सेक्सुलाइजेशन लोगों की हिस्सेदारी बढ़ाता है, दमित कामेच्छा को आधार प्रदान करता है। इससे मांग और सप्लाई बढ़ती है। माल के सौंदर्यशास्त्रा के चारित्रिाक गुणों का विश्लेषण करें तो पाएंगे कि सौंदर्य प्रसाधन सामग्री उद्योग मूलत: 'स्टाइल' या 'शैली' को प्रस्तुत करता है। वह शृंगार रूपों को विस्तार देता है। जब कोई खुदरा ग्राहक प्रसाधन सामग्री खरीदता है तो वह वस्तु की 'स्टाइल', उसकी बिक्री योग्यता को खरीदता है। उल्लेखनीय है कि पूंजी शानदार विभ्रमों की सृष्टि किए बगैर सिर्फ सुकोमल चेहरे की प्रस्तुति के आधार पर माल के बाजार में टिक ही नहीं सकती।
सौंदर्य प्रसाधन सामग्री के विज्ञापन आमजीवन में स्वास्थ्य और सुंदरता के नए मानदंड का निर्माण कर देते हैं। वह मूलत: व्यक्तिगत संवेदना केंद्रित होता है। इस तरह वह ग्राहक की स्वास्थ्य और सुंदरता के प्रति संवेदनाएं भी बदल देता है। यह कार्य वह असंपृक्त भाव से करता है।
माल के सौंदर्यशास्त्र के संदर्भ में प्रसाधन सामग्री निर्माताओं ने विज्ञापनों में किस रणनीति का प्रयोग किया? इसे संक्षेप में समझें।
 कुछ वर्ष पहले तक प्रसाधन सामग्री की मूल उपभोक्ता औरत थी। खासकर, प्रारंभ के दिनों में आभिजात्य वर्ग की औरत थी परंतु मास प्रोडक्शन, मास मार्केट के कारण आज आभिजात्य के बजाय आम औरत को केंद्र में रखा गया है। इसी तरह प्रसाधन सामग्री का गैर-आभिजात्य वर्ग में प्रयोग बढ़ा। प्रसाधन सामग्री की बिक्री का सुनिश्चित फॉर्मूला है 'स्वास्थ्य और सुंदरता' को बढ़ाना। यहां सुंदरता का अर्थ गोरे रंग से है तो वहीं पर गोरे को 'प्रसन्नतादायक' भी मान लिया गया है। यह फॉर्मूला औरत के विश्वबोध को सीमित करता है। इस फॉर्मूले का प्रथम चरण है घरेलू औरत की कुंठाएं। वह औरत की जिंदगी में प्रशंसा और रूप की उपलब्धि के अभाव को दर्शाता है। क्रीम और लोशन इस अभाव की पूर्ति का दावा पेश करते हैं। वे इस संदर्भ में भय और एकाकी असंतोष को उभारते हैं, शरीर की नई व्याख्या पेश करते हैं। वह व्याख्या 'देखने' और 'मुस्कराने' दोनों ही रूपों में संप्रेषित होती है। साथ ही, उसकी स्पर्शक्षम संवेदना आत्मनिरीक्षण को भी पेश करती है। यह उसकी रणनीति का मूल तत्व है। वह जवानी पर बल देता है। इसका प्रधान कारण यह है कि युवाओं में परिवर्तन की संभावनाएं ज्यादा होती हैं, उनके अंदर मेनीपुलेशन की स्थितियां ज्यादा होती हैं। अत: माल के सौंदर्यशास्त्र के प्रभावी मॉडल भी उन्हीं को बनाया जाता है। वे ही परिवर्तन के उपकरण बनते हैं, साथ ही, आम प्रवृत्तियों की अभिव्यक्ति के भी उपकरण वे ही होते हैं।
विज्ञापन के बारे में यह माना जाता है कि वह अपने अनुभव और गणित को लक्ष्यीभूत ग्रुप में रूपांतरित कर देता है क्योंकि यह मानवीय लक्ष्य को भी माल की तरह देखता है। उसी को समस्या का अनुभव करता है और सुलझाने की कोशिश करता है।माल के सौंदर्यीकरण की यह खूबी है कि वह आनंद देनेवाले अनुभव को खत्म करदेता है। अथवा जो अनुभव दिखाए जाते हैं उन्हें खत्म कर देता है। वह माल से अपने को पृथक कर लेता है। वह उसके उपयोग-मूल्य को स्वीकार ही नहीं करता।
माल के सौंदर्यशास्त्र की यह विशेषता है कि वह अपनी परपीड़क भाषा जनता से लेता है और वस्तु की भाषा और कामेच्छाओं के साथ वापस जनता को संप्रेषित कर देता है। कामेच्छाओं और कामुक इमेज का संप्रेषण करते समय वह जनता से सेवा का वायदा करता है। जनता की सेवा के नाम पर कभी खत्म न होनेवाली इच्छाओं के प्रत्यक्ष रूप में संप्रेषित करता है। इससे वह ग्राहक की काल्पनिक संतुष्टि बढ़ाता है। अंतर्विरोधों के छद्म समाधान देता है। इस तरह माल का सौंदर्यशास्त्र अंतर्विरोधों का पुनरुत्पादन करता रहता है, उसे विस्तार देता है। इसका समाज पर दूरगामी प्रभाव होता है।
मौजूदा दौर में माल का सौंदर्यशास्त्र तीन तत्वों का प्रयोग करता है। 1. पैकेजिंग, 2. प्रेम, 3. शारीरिक प्रदर्शन, इन तीनों के लक्ष्यीभूत ग्राहक हैं औरतें और युवक। युवापन पर बल देने का परिणाम यह भी हुआ कि जो युवा नहीं हैं वे युवा जैसे दिखाई दें, वे इसका प्रयास करते हैं।
युवा दिखाई देने के लिए प्रसाधन सामग्री के प्रयोग पर बल दिया जाता है। इससे 'प्रसाधन व्यवहार' में भी परिवर्तन आया है। 'प्रसाधन व्यवहार' के नए रूप के निर्माण में 'स्वस्थ' और 'स्वच्छ' की धारणा का जमकर प्रयोग किया गया है। इससे 'स्वास्थ्य' और 'स्वच्छता' की धारणा भी बदली है। साथ ही, 'छद्म स्वास्थ्य' की प्रवृत्ति को बल मिला है।

बुधवार, 27 अक्टूबर 2010

हाड़सौंदर्य अपमान है औरत का

मीडिया में इन दिनों कामुकता की परेड़ चल रही है। खास वे अखबार और टीवी चैनल इस मामले में आगे हैं जहां पेज थ्री कल्चर का रंग चढ़ा हुआ है। गॉसिप और पार्टी के फोटोग्राफ इतनी बड़ी तादाद में प्रकाशित किए जा रहे हैं कि देखकर आश्चर्य होता है कि भारत का स्त्रीवादी आंदोलन इन पर चुप्पी लगाए क्यों बैठा है?
   स्त्रीदेह का ऐसा महोत्सव कहीं मिलेगा ,जैसा इन दिनों कारपोरेट मीडिया में दिखाई दे रहा है। टीवी चैनलों में मनोरंजन की खबरों के अलावा अंग्रेजी चैनलों में मीडिया गॉसिप के कार्यक्रमों में हाड़ सौंदर्य का खुला प्रदर्शन चल रहा है। कायदे से इसके खिलाफ महिला संगठनों, फेमिनिस्ट संगठनों,युवाओं और छात्रों के संगठनों को अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए।
     औरत के शरीर का अपमान करते हुए अति-कृशकाय स्त्री की इमेज का खुला महिमामंडन स्त्री का अपमान है। यह उसे कमजोर और गुलाम बनाने की साजिश है। पता नहीं क्यों दक्षिणपंथी संगठनो से लेकर वामपंथी दलों तक विलक्षण चुप्पी छायी हुई है। भारतीय मॉडल -अभिनेत्रियों की भी इस मामले में आलोचना की जानी चाहिए।
    हिन्दी की एक सुंदर अभिनेत्री है जो अपने अतिकृशकाय शरीर के कारण ही आदर्श बनी हुई है। हमें स्त्री के अति कृशकाय देहयष्टि को गौरवांवित करने वाले मॉडलों और उनकी प्रस्तुतियों को लेकर जागरण पैदा करना चाहिए। क्योंकि इन स्त्रियों से युवा लड़कियां प्रेरणा ले रही हैं। कृशकाय शरीर रखने के चक्कर में कुपोषित शरीर निर्मित कर रही हैं।
     अति-कृशकाय को सबसे सुंदर का तमगा मीडिया दे रहा है। कृशकाय लड़की को आदर्श बनाने के चक्कर में मीडिया ने स्वस्थ-सुंदर स्त्री की परिभाषा ही बदल दी है। लड़कियों में कृशकाय को आदर्श मानने की धारणा का मीडिया ने प्रचार किया है। इसके कारण स्वस्थ शरीर और पौष्टिक खाने की धारणा पर बुरा असर पड़ा है। पतला रहने के चक्कर में लड़कियां कम खाती हैं और जो खाती हैं उसमें अपुष्टिकर खाना ज्यादा खाती है। असमय खाना खाती हैं। इससे लड़कियों का खान-पान का समूचा टाइमटेबिल प्रभावित हुआ है।
    डाइटिंग के नाम पर लड़कियों ने कमजोर बनना शुरू कर दिया है। कम खाने और डाइटिंग के कारण लड़कियों का स्वास्थ्य तो खराब हो ही रहा है भावी पीढ़ी का भी भविष्य खराब हो रहा है। इससे शारीरिक और भावनात्मक दुर्बलता भी बढ़ रही है। लड़कियों के आत्म-संयम पर भी इसका बुरा अलर पड़ रहा है।
   शारीरिक कमजोरी के कारण वे अपने को अक्षम और नियंत्रण करने में असमर्थ महसूस करती हैं। इस प्रक्रिया का यह भी असर होता है कि उन्हें जल्दी ही अवसाद घेरने लगता है। बेवजह तनाव रहता है। गुस्सा आता है। अकेलापन महसूस होता है। इससे निजी और पारिवारिक संबंधों पर भी बुरा असर पड़ता है।
   कृशकाय शरीर को ‘परफेक्ट शरीर’ के रूप में महिमामंडित करने वाले मीडिया और उसके कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता पैदा करने से महिला आंदोलन भी मजबूत होगा।  खासकर टीवी कार्यक्रमों में कृशकाय लड़की को देखकर लड़कियां ज्यादा प्रभावित होती हैं। इस संदर्भ में अमेरिका के कुछ आंकड़े चौंकाने वाले हैं। वहां पर 10 साल की उम्र में बच्चे टीवी खूब देखने लगते हैं और उसका उनके दैनंदिन जीवन पर बुरा असर देखा गया है। आंकड़ों के अनुसार-  Over one-half of teenage girls and nearly one-third of teenage boys use unhealthy weight control behaviors such as skipping meals, fasting, smoking cigarettes, vomiting, and taking laxatives . Girls who diet frequently are 12 times as likely to binge as girls who don’t diet . 42% of 1st-3rd grade girls want to be thinner.81% of 10 year olds are afraid of being fat.The average American woman is 5’4” tall and weighs 140 pounds. The average American model is 5’11”tall and weighs 117 pounds.
Most fashion models are thinner than 98% of American women.46% of 9-11 year-olds are “sometimes” or “very often” on diets, and 82% of their families are “sometimes” or “very often” on diets.91% of women recently surveyed on a college campus had attempted to control their weight through dieting, 22% dieted “often” or “always”.95% of all dieters will regain their lost weight in 1-5 years. 35% of “normal dieters” progress to pathological dieting. Of those, 20-25% progress to partial or fullsyndromeeating disorders. 25% of American men and 45% of American women are on a diet on any given day . Americans spend over 40 billion on dieting and diet-related products each year।     








शनिवार, 23 अक्टूबर 2010

कामुकता का जनोत्सव है बाबा रामदेव फिनोमिना

   बाबा रामदेव फिनोमिना मध्यवर्गीय घरों में घुस आया है। बाबा के सिखाए योगासन के अलावा उनकी बनाई वस्तुओं का भी बड़े पैमाने पर घरों में सेवन हो रहा है। देशी बाजार की उन्नति के लिहाज से यह अच्छा है। बाबा रामदेव को लेकर मुझे कोई व्यक्तिगत शिकायत नहीं है। वे बहुत ही अच्छे योगी-व्यापारी हैं। उनका करोड़ों का योग व्यापार है। हजारों एकड़ जमीन की उनके पास संपदा है। करोड़ों रूपयों का उनका टर्न ओवर है। मेरे ख्याल से एक योगी के पास आज के जमाने में यह सब होना ही चाहिए।
    योग का पैसे से कोई अन्तर्विरोध नहीं है। आधुनिक समाज में अच्छा योगी, ज्योतिषी, पंडित, विद्वान, बुद्धिजीवी,राजनेता वह है जिसके पास वैभव हो,दौलत हो, वैभवसंपन्न लोग आते-जाते हों,उसकी ही समाज में प्रतिष्ठा है। आम लोग उसे ही स्वीकृति  देते हैं। जब किसी व्यक्ति का मन प्रतिष्ठा पाने को छटपटाने लगे तो उसे वैभवसमपन्न और संपदा संपन्न लोगों का दामन पकड़ना चाहिए। मीडिया का दामन पकड़ना चाहिए बाकी चीजें स्वतःठीक हो जाएंगी।
    बाबा रामदेव मुझे बेहद अच्छे लगते हैं क्योंकि उन्होंने धीरेन्द्र ब्रह्मचारी के बनाए मानकों को तोड़ा है। उन्होंने महर्षि महेश योगी, रजनीश आदि के बनाए मार्ग का अतिक्रमण किया है। एक जमाने में धीरेन्द्र ब्रह्मचारी का दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में जबर्दस्त रुतबा था। मीडिया रिपोर्ट बताती हैं कि वे स्व.श्रीमती इंदिरा गांधी को योग प्रशिक्षण देतेथे। योग को राजनीति ,संस्थान और बाजार के करीब लाने में स्वामी धीरेन्द्र ब्रह्मचारी की बड़ी भूमिका रही है। वे  नियमित श्रीमती गांधी को योग शिक्षा देते थे। बाद में उन्होंने अपने काशमीर स्थित आश्रम में योग प्रशिक्षण शिविर लगाने शुरू कर दिए और श्रीमती गांधी पर दबाब ड़ालकर योग शिक्षक पदों की सबसे पहले केन्द्रीय विद्यालयों में शुरूआत करायी। मुझे याद है योग शिक्षक की नौकरी में स्वामी धीरेन्द्र ब्रह्मचारी के योग संस्थान के प्रमाणपत्र की अहमियत होती थी।
   स्वामी धीरेन्द्र ब्रह्मचारी ने अपने इर्दगिर्द राजनीतिक शक्ति भी एकत्रित कर ली थी और आपातकाल की बदनाम चौकड़ी के साथ भी उनके गहरे संबंध थे। स्वामी धीरेन्द्र ब्रह्मचारी पहले आधुनिक संयासी थे जो योग को राजनीति के करीब लाए और योग को रोजगार की विद्या बनाया। योग को स्कूलों तक पहुँचाने की शुरूआत की। स्वामी धीरेन्द्र ब्रह्मचारी ने योग को राजनीति से जोड़ा था ,बाबा रामदेव ने योग को देह ,स्वास्थ्य और सौंदर्य से जोड़ा है।
     जिस समय यह सब चल रहा था विदेशों में महर्षि महेश योगी और देश में आचार्य रजनीश ने मिलकर उच्चवर्ग,उच्च मध्यवर्ग और मध्यवर्ग में अपने पैर फैला दिए थे। गांव के गरीबों में बाबा जयगुरूदेव और उनके पहले श्रीराम शर्मा के गायत्री तपोभूमि प्रकल्प से जुड़ी युग निर्माण योजना ने बहुत जबर्दस्त सफलता हासिल की थी।
    मुश्किल यह थी कि स्वामी धीरेन्द्र ब्रह्मचारी से लेकर बाबा जयगुरूदेव तक धर्म उद्योग पूरी तरह बंटा हुआ था,इनमें अप्रत्यक्ष संबंध था ऊपर से। लेकिन धर्म के क्षेत्र में श्रम-विभाजन बना हुआ था।
    बाबा रामदेव की सफलता यह है कि उनके योग उद्योग में उपरोक्त सभी का योग उद्योग में ही समाहार कर लिया है। बाबा के मानने वालों में सभी रंगत के राजनेता हैं। जबकि धीरेन्द्र ब्रह्मचारी का खेल सिर्फ श्रीमती गांधी तक ही सीमित था। बाबा रामदेव ने य़ोग के दायरे में समूचे राजनीतिक आभिजात्यवर्ग को शामिल किया है।
    उसी तरह आचार्य रजनीश की मौत के बाद मध्यवर्ग और उच्चवर्ग के बीच में जो खालीपन पैदा हुआ था उसे भरा है। रजनीश के अपनी ओर खींचा है, उस जनाधार को व्यापक बनाया है।
    महर्षि महेश योगी और रजनीश ने योग को कम्पलीट बहुराष्ट्रीय धार्मिक उद्योग के रूप में स्थापित किया था। बाबा रामदेव ने उसे एकदम मास मार्केट में बदल दिया और इन सबके जनाधार, राजनीतिक आधार,आर्थिक आधार, देशी बाजार,विदेशी बाजार आदि को सीधे सम्बोधित किया है और टेलीविजन का प्रभावी मीडियम के रूप में इस्तेमाल किया है। इस क्रम में अमीर से लेकर निम्न मध्यवर्ग और किसानों तक योग उद्योग का विस्तार किया।
      बाबा रामदेव फिनोमिना ऐसै समय में आया है जब सारे देश में नव्य उदार आर्थिक नीतियां तेजी से लागू की जा रही थीं और उपभोक्तावाद पर जोर दिया जा रहा था। भोग के हल्ले में बाबा रामदेव ने योग के भोग का हल्ला मचाया और भोग की बृहत्तर परवर्ती पूंजीवादी प्रक्रिया के बहुराष्ट्रीय प्रकल्प के अंग के रूप में उसका विकास किया।
    बाबा रामदेव फिनोमिना का कामुकता , कॉस्मेटिक्स और उपभोक्तावाद के अंतर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट के लक्ष्यों के साथ गहरा विचारधारात्मक संबंध है। मजेदार बात यह है कि बाबा रामदेव के भाषणों में बहुराष्ट्रीय निगमों के द्वारा मचायी जा रही लूट की आलोचना खूब मिलेगी। वे अपने प्रत्येक टीवी कार्यक्रम में बहुराष्ट्रीय मालों की आलोचना करते हैं और देशी मालों की खपत पर जोर देते हैं।
     इस क्रम में वे देशी माल और योग के ऊपर विशेष जोर देते हैं। इन दोनों की खपत बढ़ाने पर जोर देते हैं। इस समूची प्रक्रिया में बाबा रामदेव ने कई काम किए हैं जिससे नव्य उदार नीतियां पुख्ता बनी हैं। इन नीतियों के दुष्प्रभाव के कारण जो हताशा,थकान,निराशा और शारीरिक तनाव पैदा हो रहे थे उनका विरेचन किया है। इससे देशी-विदेशी बुर्जुआजी को बेहद लाभ मिला है। उन्हें इस तनाव को लेकर चिन्ता थी वे समझ नहीं पा रहे थे कि क्या करें ,उन्हें यह भी डर था कि कहीं यह तनाव बृहत्तर सामजिक तनाव का कारण न बन जाए। ऐसे में बाबा रामदेव का पूंजीपतिवर्ग ने सचेत रूप से संस्कृति उद्योग के अंग के रूप में विकास किया और उनकी ब्राण्डिंग की ।
    बाबा रामदेव फिनोमिना को समझने के लिए योग और कामुकता के अन्तस्संबंध पर गौर करना जरूरी है। योग का अ-कामुकता से संबंध नहीं है। बल्कि योग का कामुकता से संबंध है। नव्य उदार दौर में संभोग,शारीरिक संबंध,सेक्स विस्फोट,पोर्न का उपभोग, सेक्स उद्योग,सेक्स संबंधी पुरानी रूढियों का क्षय,कामुकता का महोत्सव सामान्य और अनिवार्य फिनोमिना के रूप में उभरकर सामने आए हैं। इस समूची प्रक्रिया को योग ने देशज दार्शनिक आधार प्रदान किया है विरेचन के जरिए।
    योगी लोग सेक्स की बात नहीं करते योग की बातें करते हैं,लेकिन योग का एक्शन अकामुक एक्शन नहीं होता बल्कि कामुक एक्शन होता है। इसका प्रधान कारण है योग की आंतरिक क्रियाओं का कामुक आधार। यह बात जब तक दार्शनिक रूप में नहीं समझेंगे हमें कामुक उद्योग और योग उद्योग के अन्योन्याश्रित संबंध को समझने में असुविधा होगी।  
   योगासन का समूचा तंत्र कामुकता से जुड़ा है। योग को तंत्रवाद का हिस्सा माना जाता है।  तंत्रवाद दार्शनिक तौर पर कामुक भावबोध,कामुक अंगों की इमेज और समझ से जुड़ा है। ऐतिहासिक तौर पर तंत्रवाद में सबसे ज्यादा उन अनुष्ठानों पर बल दिया जाता था जो स्त्री की योनि पर केन्द्रित थे. इसके लिए संस्कृत का सामान्य शब्द है ‘भग’,तंत्रवाद की विशिष्ट शब्दाबली में इसे लता कहते हैं।
      इस प्रकार भग केन्द्रित धार्मिक क्रियाओं को भग यज्ञ कहा गया जिसका शाब्दिक अर्थ है स्त्री के गुप्तांग का अनुष्ठान या लता साधना। उल्लेखनीय है कि तांत्रिक यंत्रों में ,अर्थात इसके प्रतीकात्मक रेखाचित्रों में स्त्री के गुप्तांग पर ही बल दिया जाता है। स्त्री की नग्नता का आख्यान सिर्फ भारत में ही उपलब्ध नहीं है बल्कि इसकी चीन,अमेरिका आदि देशों में परंपरा मिलती है। इसका स्त्रियों के कृषि अनुष्टानों के साथ गहरा संबंध है। यह विश्वव्यापी फिनोमिना है।
    भारत में भग योग या लता साधना पर गौर करें तो पाएंगे कि  तंत्रवाद में स्त्री की योनि का संबंध प्राकृतिक उत्पादकता से था। वह भौतिक समृद्धि की प्रतीक मानी गयी है. तांत्रिक परंपरा में भग को भौतिक समृद्धि के छःरूपों या ‘षड् ऐश्वर्य’के संपूर्ण योग का नाम दिया गया है।
    पुराने  विश्वास के आधार पर स्त्री की योनि सभी प्रकार की भौतिक समृद्धि का स्रोत है। स्त्री के गुप्तांग का भौतिक संपत्ति के साथ क्या संबंध रहा है इसके बारे में सैंकड़ों सालों से समाज ने सवाल पूछने बंद कर दिए हैं। किंतु यह उचित प्रश्न है और इसका एक ही उत्तर है कि स्त्री योनि भौतिक समृद्धि का स्रोत है। स्त्री के गुप्तांग के साथ समृद्धि कैसे जुड़ गयी इसके बारे में हम आगे कभी विस्तार से चर्चा करेंगे।
      बाबा रामदेव फिनोमिना और परवर्ती पूंजीवाद में एक बुनियादी साम्य है कि ये दोनों देहचर्चा करते हैं और दोनों ने देह को प्रतिष्ठित किया है उसे सार्वजनिक विचार विमर्श और केयरिंग का विषय बनाया है। देह की महत्ता को स्थापित करने मे कास्मेटिक उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अर्थ में बाबा रामदेव और कॉस्मेटिक उद्योग एक जगह आकर मिलते हैं कि दोनों की चर्चा के केन्द्र में देह है।
    उल्लेखनीय है तंत्रवाद में सबसे ज्यादा देहचर्चा मिलती है। योग में सबसे ज्यादा देहचर्चा मिलती है। आर्थिक उदारीकरण के दौर में देहचर्चा मिलती है,विज्ञापनों की धुरी है देहचर्चा। इस समूची प्रक्रिया में योगासन और प्राणायाम के नाम पर चल रहा समूचा कार्य-व्यापार देहचर्चा को धुरी बनाकर चल रहा है।
     देहचर्चा की खूबी है कि इसमें विभिन्न किस्म के भेद खत्म हो जाते हैं सिर्फ जेण्डरभेद रह जाता है। लेकिन स्त्री-पुरूष का भेद खत्म हो जाता है। देहचर्चा करने वाले स्त्री-पुरूष को समान मानते हैं।
   देहचर्चा ने जातिप्रथा और वर्णाश्रम व्यवस्था का तीखा विरोध किया था। प्राचीन कवि सरह पाद ने तो ‘देहकोश’ के नाम से महत्वपूर्ण किताब ही लिखी थी। सरह पाद ने ‘देहकोश’ में धर्म के औपचारिक नियमों और विधान की तीखी आलोचना लिखी थी।  एस.वी.दासगुप्त ने ‘आव्स्क्योर रिलीजस कल्ट्स ऐज बैकग्राउण्ड ऑफ बेंगाली लिटरेचर’’(1951) में लिखा है उसका प्रथम विद्रोह समाज को चार वर्णों में विभाजित करने की उस रूढ़िवादी प्रणाली के विरूद्ध था जिसमें ब्राह्मणों को सबसे उच्च स्थान पर रखा गया था। सरह का मानना है कि एक जाति के रूप में ब्राह्मणों को श्रेष्ठतम मानना युक्तिसंगत नहीं हो सकता क्योंकि यह कथन कि ब्राह्मण ब्रह्मा के मुख से उत्पन्न हुए थे, कुछ चतुर और धूर्त लोगों द्वारा गढ़ी गई कपोल कल्पना है।’’
   मूल बात यह है कि देहचर्चा भौतिकवादी दार्शनिकों के चिंतन के केन्द्र में रही है। तंत्र और योग वालों ने इस पर कुछ ज्यादा ध्यान दिया है। सहजिया साहित्य में तो यहां तक कहा गया है कि ‘‘जिस व्यक्ति को अपनी देह का ज्ञान हो गया है वही सबसे प्रज्ञावान है। और यही संदेश सभी धर्मग्रंथों का है।’’ वे यह भी मानते हैं कि ‘‘सभी ज्ञान शाखाओं का आधार यह देह है।’’आगे लिखा है ‘‘ यहां (इस देह के अंदर) गंगा और यमुना है,यहीं गंगा सागर ,प्रयाग और काशी है और इसी में सूर्य तथा चंद्र हैं।यहीं पर सभी तीर्थस्थल हैं-पीठ और उपपीठ हैं।मैंने अपनी देह जैसा परम आनंद धाम और पूर्ण तीर्थ स्थल कभी नहीं देखा।’’
    कोई भी व्यक्ति जब योग-प्राणायाम करता है तो वह अपने शरीर को स्वस्थ रखता है साथ ही इसका मूल असर उसकी कामुकता पर होता है। उसकी कामुक इच्छाएं बढ़ जाती हैं. कामुक इच्छाओं का उत्पादन और पुनर्रूत्पादन करना इसका बुनियादी लक्ष्य है ,दूसरा लक्ष्य है देह को सुंदर बनाना और इस प्रक्रिया में वे तमाम वस्तुएं जरूरी हैं जो देह को सुंदर रखें और यहीं पर बाबा रामदेव अपने पूरे पैकेज के साथ दाखिल होते हैं। उनके पास देह को सुंदर बनाने की सारी चीजें हैं और यह काम वे बडे ही कौशल के साथ करते हैं। भारतीय परंपरा के प्राचीन ज्ञानाधार और चेतना के रूपों का योग-प्राणायाम के जरिए दोहन करते हैं और उसे संस्कृति उद्योग की संगति में लाकर खड़ा करते हैं। यह एक भौतिक और सभ्य बनाने वाला काम है।        






रविवार, 3 अक्टूबर 2010

उत्तरआधुनिक युग में फैशन से अनजाने और फैशन में डूबे लोग ?

    फैशन पर विचार करते समय फैशन से दूरी आवश्यक है। दूरी न हो तो फैशन में फंसने की संभावना होती है। रोलां बार्थ ने लिखा कि फैशन के लेखकों की यह खूबी होती है कि वे रोज नई-नई भाषा का निर्माण करते हैं। नई भाषा फैशन को जीवन में उतारने में सफल हो जाती है। पुरानी वस्तु, पुराने फैशन रूप को तथाकथित नए रूप में उतारने में फैशन की भाषा महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है, जबकि फैशन आलोचक की भूमिका फैशन लेखक से भिन्न होती है। वह चीजों को भूलता नहीं, फैशन को मानव-सभ्यता के विकास के क्रम में रखकर देखता है। यह लक्ष्य तब ही प्राप्त कर सकता है जब वह फैशन के चक्कर से मुक्त हो। आज फैशन में समूचे मानवीय कार्य-व्यापार को अपने दायरे में शामिल कर लिया है। शरीर, चलने का ढंग, अभिव्यक्ति की शैली, स्वास्थ्य, बीमारी, हाव-भाव आदि इसके दायरे में आ चुके हैं।
      प्रसिद्ध फैशन आलोचक एस.आर. स्टीनमेट्ज ने 'फैशन' शीर्षक निबंध में इसकी परिभाषा देते हुए लिखा : 'फैशन का अर्थ है युगानुरूप स्टाइल में चरित्रागत परिवर्तन। फैशन शुध्दत: तथ्यपरक होता है, उसमें सामाजिक परिवर्तन और नियंत्राण के कारण परिवर्तन आते रहते हैं।' इसका प्रधान कारण है परांपरागत फॉर्म या रूप का अप्रासंगिक हो जाना। परिणामत: फैशन को नए को आत्मसात करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। यह नई परिस्थितियों का आत्मसातीकरण है। फैशन समय-केंद्रित होता है। सामाजिक गतिशीलता से उसका गहरा संबंध है। फैशन के उपभोग की जब इच्छाएं पैदा हो जाती हैं तब उसमें स्थिरता आती है। फैशन कभी भी लक्ष्यहीन और निर्विरोधपूर्ण परिवर्तनों के साथ समाप्त नहीं होता। फैशन में दिखावे और प्रदर्शन के तत्व समाहित रहते हैं। जब तक चंद लोग किसी फैशन का व्यवहार करते हैं उस पर फैशन के तौर पर बात नहीं की जा सकती। फैशन तब ही फैशन का दर्जा अख्तियार करता है जब व्यापक जनता के हिस्से प्रयोग करने लगें। फैशन का जब कोई रूप जन्म लेता है तो उसके प्रसार एवं बृहत्तर व्यवहार को रोकना मुश्किल होता है। उसका समूचे समाज पर प्रभाव होता है। इसीलिए यह कहा जाता है कि फैशन का एकांत में विकास नहीं होता। उसे विश्व रंगमंच चाहिए। फैशन से स्टाइल ही नहीं बदलता अपितु वह आत्मसातीकरण या समाहार की प्रक्रिया को रिवाज की तरह जीवन का अंग बना देता है। फैशन के प्रसार की प्रक्रिया में सामाजिक संस्कार और सामाजिक नैतिक मानदंड दबाव का काम करते हैं। फैशन के प्रसार के लिए जरूरी है कि इसके दायरे में उन लोगों को लाया जाए जो इसके दायरे से बाहर हैं।
फैशन की विशेषता है कि जो उसका विरोध करते हैं वे भी इसका अंग बन जाते हैं। अमूमन फैशन के प्रतिवाद का उदय तब होता है जब वह सार्वभौम रूप ग्रहण कर लेता है। फैशन को संवृत्ति बनानेवाले तत्व हमेशा वर्तमान समय में रहते हैं। नए के प्रति आकर्षण फैशन का भविष्य तय करता है। नए के प्रति उत्सुकता असुरक्षा से पैदा होती है। इसके लिए वह सब जगह से सामग्री ग्रहण करता है। फैशन का जन्म व्यापार के कारण नहीं होता। फैशनोन्मुख व्यवहार की अनुपस्थिति में फैशन का व्यापार नहीं
है। फैशनोन्मुख व्यवहार पूरी तरह खुला होता है। यही फैशन के व्यापार के लिए ऊर्जा का कार्य करता है। व्यापार उसकी अंतर्वस्तु तय करता है। फैशन अपरिचित के प्रति अप्रतिरोधात्मक आकर्षण पैदा करता है। यह प्रक्रिया संक्रमण काल में पैदा होती है।
मसलन, बीसवीं सदी में हृष्ट-पुष्ट स्वास्थ्य की जगह देखने में आकर्षक इकहरे या छरहरे शरीर की संरचना पर जोर दिया जा रहा है। सीधे और सुव्यवस्थित हाव-भाव के लिए सूर्य जैसी चमकीली त्वचा को आदर्शीकृत किया जा रहा है। इसके लिए लोशन, पाउडर एवं प्राकृतिक चिकित्सा के द्वारा त्वचा रक्षा के उपायों पर बल दिया जा रहा है। इसके लिए प्रेरक व्यक्तित्व के तौर पर हीरो, हीरोइन, लोकप्रिय व्यक्तित्व, खिलाड़ी, बिजनेस एक्जीक्यूटिव, उदीयमान व्यापारी आदि का फैशन के चरित्रा के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
कपड़ों या अन्य वस्तुओं के विज्ञापनों में आनेवाले पुरुष चरित्रों में चौड़े कंधे वालों को उभारा जा रहा है। अगर किसी मॉडल के कंधे चौड़े नहीं होते तो उसके लिए पैड का इस्तेमाल किया जाता है। आज के पुरुष के कंधे अपने परबाबा के कंधों से भी चौड़े हो गए हैं। अब जैकेट ढीली हो गई है। पैंट 'बैगी' हो गई है। लंबे-चौड़े ढीले-ढाले वैस्ट कोट को फुटबॉल की जर्सी ने अपदस्थ कर दिया है। यहां तक कि फुटबॉल की जर्सी कोट के नीचे ये लोग भी पहनने लगे हैं जिन्होंने कभी फुटबाल का मैदान तक नहीं देखा। इस तरह के पहनावे के कारण हमारी मुद्राएं काफी शांत, कम सख्त हो गई हैं। सीधे और आराम से पहनने लायक वस्त्रों को पहनने के कारण हमारे चलने का ढंग अति सतर्क और नजाकत भरा हो गया है। हमारी भुजाएं ज्यादा गतिशील और कम रचनात्मक हो गई हैं। इसी दौरान कलफ दिए गए कमीज के कालर के लोप ने गतिशीलता को उभारा है। पुराने वेस्ट कोट का पुनरोदय हुआ है। पुरुष की पैंट में आई शिथिलता का औरतों के वस्त्रों की लंबाई-चौड़ाई पर भी असर हुआ है।
         फैशन के बारे में यह कहना मुश्किल है कि कृत्रिम कहां है और स्वाभाविक कहां है। इस तरह का विभाजन बेमानी है। उसकी पहचान न तो कृत्रिम से होती है और न स्वाभाविक से। उसकी पहचान के अपने नियम हैं। इन नियमों की कोई सीमा नहीं है। फैशन का प्रारंभ मॉडलिंग और शारीरिक मुद्राओं से होता है। इसका दायरा एटीटयूड, पेशे, विचारों और व्यक्ति के हितों तक फैला हुआ है। अगर इकहरा शरीर फैशन के केंद्र में है तो औरतें दुबली होने की कोशिश करती हैं। युवा लड़की और भी ज्यादा छोटी उम्र की दिखने की कोशिश करती है।
आम जीवन का सघन विकास, अनेक फैशन रूपों का सृजन और लोप, जीवन में फैशन की गति को बढ़ा देता है। फैशन आज के सांस्कृतिक आविष्कार का कारखाना है जो सनक के साथ आता है और खारिज फैशन रूपों का अंबार खड़ा करके चला जाता है। फैशन के एक रूप के लोप के साथ ही नया रूप जन्म ले लेता है। यहां नए को कभी हतोत्साहित नहीं किया जाता। इससे मनुष्य की रचनात्मक समृध्दि का पुनर्निर्माण होता रहता है जो मनुष्य की रचनात्मक क्षमता को उभारता है। उम्र और वर्गगत अंतर ड्रेस में किस तरह की भूमिका अदा करते हैंऌस विषय पर हरबर्ट स्पेंशर की कृति प्रिंसिपल्स ऑफ सोशियोलाजी (चार खंड) में विस्तार से प्रकाश डाला गया है। वह लिखता है कि 'फैशन का उच्च और निम्नवर्ग विकास करते हैं। निम्नवर्गों के द्वारा फैशन का कोई रूप अपना लिये जाने के बाद उच्च वर्गों पर दबाव पड़ता है कि वे अपनी वेशभूषा बदलें।' स्पेंशर ने फैशन को हैसियत से जोड़ा है। यह पूर्व-औद्योगिक समाज में प्रचलित नजरिए का ही विकास है। एस.आर. स्टीनमेट्ज ने 'फैशन' शीर्षक निबंध में स्पेंशर के दृष्टिकोण का दृढ़ता से खंडन किया है। उनकी धारणा है कि 'पूंजीवादी समाज में फैशन में वर्गीय अंतर्विरोध दिखाई नहीं देते। अत: सामाजिक हैसियत को फैशन का एकमात्रा स्रोत नहीं मानना चाहिए।'
फैशन का सामाजिक हैसियत से भी रिश्ता होता है, इसके बगैर फैशन पर चर्चा संभव ही नहीं है। दूसरी बात यह कि फैशन का उदय हमेशा उच्चवर्गों में हुआ। फैशन को लेकर इसी वर्ग में प्रतिस्पर्धा रही है। प्रतिस्पर्धा के कारण अनेक नए रूपों ने जन्म लिया। उच्चवर्ग के फैशन रूपों के प्रयोग की निम्नवर्गों को किसी अवसर विशेष पर ही अनुमति दी जाती थी, यह स्थिति पूर्व-आधुनिक दौर में थी।




गुरुवार, 2 सितंबर 2010

शंकालु और गैर-लड़ाकू व्यक्तिवाद के सर्जक

      मध्यवर्ग को संबोधित विज्ञापनों में 'पर्सुएसिव' रणनीति की केंद्रीय भूमिका होती है। वहां व्यक्तिवाद प्रमुख रूप में अभिव्यक्ति पाता है। विज्ञापन के व्यक्तिवाद की विशिष्ट प्रकृति यह होती है कि कोई वस्तु विशेष ही व्यक्ति की क्षमता के साथ मेल खाती है। उसकी क्षमता के साथ न्याय कर सकती है। यही विज्ञापन का व्यक्तिवाद है, यह व्यक्तिवाद मूलत: बाजार-चेतना से जुड़ा है। यह ऐसा व्यक्तिवाद है जो शंकालु, टालमटोल करनेवाला और गैर-लड़ाकू है। इसे सिर्फ प्रभाव की चिंता है। वह दुनिया को बदलना नहीं चाहता। 
       इस व्यक्तिवाद की धुरी 'मैं' है, यही फ्रायड का अहं भी है। इसमें औरों से श्रेष्ठता का भाव है। यह हृदयहीन व्यक्ति की श्रेष्ठता है। पूंजीवादी समाज में जहां पार्थक्य का बोलबाला होता है वहां केवल वस्तुओं का मूल्य होता है और मनुष्य भी वस्तुओं के बीच में एक वस्तु बन जाता है। इतना ही नहीं, वह उन वस्तुओं में भी सबसे ज्यादा नपुंसक, सबसे ज्यादा घृणास्पद वस्तु बन जाता है। माल का विज्ञापन तर्कबुध्दि के बजाय तर्कातीत दिशा की ओर ले जाता है। वह ऐसे समाज को पेश करता है जिसमें 'सफलता' ही सबकुछ है, मनुष्य कुछ भी नहीं। यही 'सफलता' वाला तत्व 'कैरियर' और 'सेक्सुअल इमेज' के साथ संप्रेषित किया जाता है।
विज्ञापन के बारे में मार्क्सवादी चिंतकों की यह आम राय है कि वह यथार्थ को छिपाता है। यथार्थ को छिपाना मूलत: पूंजीवादी रहस्यीकरण है। यह पूंजीवादी अलगाव का परिणाम है। भारतीय विज्ञापन की विशेषता है कि वह वस्तु के होने पर बल देता है। अगर 'वस्तु है' तो सबकुछ है। यानी 'होना ही सबकुछ है'। 'करना' कुछ भी नहीं। इस तरह वह 'करने' का निषेध करता है। किसी भी वस्तु के होने से जब मनुष्य के अस्तित्व की गारंटी की धारणा दी जाने लगती है तो इसमें कर्मशीलता का निषेध होता है। यही वजह है कि विज्ञापनों में 'कर्मशीलता' और 'कामगार व्यक्तित्व' की इमेज, काम की प्रक्रिया आदि का पूरी तरह लोप कर दिया गया है।
    कर्मशील व्यक्तित्व गतिशील होता है। उसी तरह कर्म भी गतिशील होता है। इसका अर्थ यह भी होगा कि समाज भी गतिशील है। यह बुर्जुआ प्रचार अभियान के मिथ का खंडन है अत: विज्ञापन में अमूमन इसे नजरअंदाज किया जाता है।
     विज्ञापनों में 'कर्मण्यता' के बजाय 'होना' की धारणा पर बल देने के कारण ही यथार्थ की मिथकीय और यथास्थितिवादी इमेज का संप्रेषण किया गया। विज्ञापन का व्यक्तिवाद ऐसे व्यक्ति की मनोसंरचना तैयार करता है जो समाज में किसी का भी नहीं होता, उसकी कोई विशिष्ट पहचान नहीं होती। वह यथार्थ को अयथार्थ में और मनुष्य को अमानुष में बदल देता है। परिणति स्वरूप व्यक्ति सामाजिक उत्तारदायित्वों और विचारधाराओं से पलायन कर जाता है। यही विज्ञापन का अमानवीय रूप है।
  विज्ञापन में व्यक्तिवाद 'विशिष्ट' और 'खास' को जनाधारित उत्पादित माल के साथ
जोड़कर पेश करता है। इससे हमें एक काल्पनिक पर्दा मिलता है। हम आस-पास की चीजों और व्यक्तियों को पहचानना बंद कर देते हैं। वह वस्तु को सामाजिक हैसियत के साथ जोड़कर पेश करता है। सामाजिक वर्गों में विभाजित समाज में जब वस्तु के साथ 'विशिष्ट' और 'सामाजिक' हैसियत का तत्व आने लगता है तो वह श्रम से जुड़े मुद्दों को हजम करना शुरू कर देता है। इससे उच्च वर्ग के सामाजिक समर्थन को विस्तार मिलता है। 
    विज्ञापन न तो मात्र सूचना है और न ही सिर्फ जीवनशैली मात्र है बल्कि इस सबके बावजूद वह विचारधारा के रूप में मासकल्चर के पुनरुत्पादन का उपकरण है जिसका संदेश है भोग करो, खूब भोग करो, और मर जाओ।

बुधवार, 28 जुलाई 2010

मीडिया इमेजों का जेण्डर और साम्प्रदायिक खेल

कामुकता के कारण लिंगभेद पैदा होता है,अत: लिंगभेद को जानने का सबसे प्रभावी तरीका यही है कि कामुकता का गंभीरता से मूल्यांकन किया जाए।  मेकनिन ने रेखांकित किया है कि लिंगों के बीच में विषमता का प्रधान कारण कामुकता है। मीडिया में स्त्रियों के विज्ञापन देखकर पहले यह कहा जा सकता था कि स्त्री का समर्पित रूप ही आदर्श रूप था। किन्तु हाल के वर्षों में स्त्री की स्वायत्त या स्वतंत्र छवि भी सामने आयी है,स्त्री और पुरूष के बीच में समानता का संदेश देने वाले विज्ञापन भी आए हैं। इसके बावजूद स्त्री का समर्पित रूप आज भी सबसे ज्यादा आकर्षित करता है, मुख्यधारा के विज्ञापनों में इसका वर्चस्व है। विज्ञापनों के माध्यम से जो मुख्य संदेश संप्रेषित किया जा रहा है कि स्त्री का मुख्य लक्ष्य है पुरूष को आकर्षित करना। पुरूषों के इस्तेमाल की वस्तुओं में जो कामुक औरत दिखाई जाती है उसकी कामुक अपील मर्द के साथ संबंध बनाते हुए सामने आती है। इसी तरह औरतों के इस्तेमाल वाली वस्तुओं के विज्ञापनों में रूपायित स्त्री कामुकता का लक्ष्य है मर्द को आकर्षित करना। विज्ञापन यह बताता है कि स्त्री और पुरूष आपस में कैसे व्यवहार करें। साथ ही हम यह भी सोचते हैं कि वे कैसे व्यवहार करें।
     पितृसत्तात्मक समाज में विज्ञापनों के जरिए हैट्रोसेक्सुअल मर्द परिप्रेक्ष्य में इमेज बनायी जाती है। इस परिप्रेक्ष्य में स्त्री को शारीरिक आकर्षण के साथ जोड़कर पेश किया जाता है। मर्द की पहचान इस संकेत से होती है कि उसके साथ कितनी आकर्षक स्त्रियां जुड़ी हैं। जो औरत शारीरिक तौर पर जितनी आकर्षक होगी उसके सहयोगी मर्द की उतनी ही प्रतिष्ठा होगी। फलत: मीडिया की स्त्री इमेजों और कामुकता से अंतत: पुरूष लाभान्वित होता है। यही वजह है कि कामुकता लिंगभेद की धुरी है, पुंसवादी वर्चस्व का आधार है। मीडिया में समर्पित कामुक औरत का रूपायन जेण्डर हायरार्की की सृष्टि करता है।
       विज्ञापनों के अध्ययन की पहली पूर्वधारणा(हाइपोथिस) है -कामुक औरत को समर्पित और आश्रित रूप में पेश किया जाए। भारत में विज्ञापनों में स्त्री इमेज में हिन्दू स्त्री की इमेज ही चारों ओर छायी हुई है।अन्य अल्पसंख्यक समुदाय की स्त्रियों का रूपायन तकरीबन गायब है। कभी-कभार टीकाकरण अभियान के समय अल्पसंख्यक औरत नजर आ जाती है।
      सवाल उठता है कि हिन्दू औरत की कामुकता का केन्द्र में बने रहना क्या अल्पसंख्यक स्त्रियों के लिए शुभ लक्षण है ? क्या इससे साम्प्रदायिक भेदभाव बढ़ता है ?
    मीडिया के संदर्भ में दूसरी पूर्वधारणा यह है कि हिन्दू औरत अल्पसंख्यक औरत की तुलना में प्रभुत्वशाली और स्वतंत्र होती है। भारत की विशेषता है कि यहां का समूचा मीडिया मूलत: हिन्दू मीडिया है। यहां पर अल्संख्यकों का पक्षधर मीडिया गायब है। हिन्दू मीडिया में नमूने के मुस्लिम अभिनेता/ अभिनेत्रियों को देखकर हमें यह भ्रम नहीं पालना चाहिए कि भारत का मीडिया धर्मनिरपेक्ष है। मीडिया के हिन्दुत्ववादी पूर्वाग्रहों को उसकी प्रस्तुतियों के समग्र फ्लो के संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
        हमें इस सवाल पर विचार करना चाहिए कि भारतीय सिनेमा ने कितनी फिल्में इस्लामिक संस्कृति की थीम या मुसलमानों की जीवन शैली पर पेश कीं ? कितनी फिल्में हिन्दुओं की संस्कृति और देवी-देवताओं पर पेश कीं ? जो मुस्लिम कलाकार मीडिया में नजर आते हैं वे कितना अल्पसंख्यक समाज का चित्रण करते हैं ?
    दिलीप कुमार से लेकर शाहरूख खान तक की पूरी फिल्मी पीढ़ी हिन्दू कथानकों और जीवनशैली के चित्रण से भरी है।फिल्म उद्योग में अनेक मुस्लिम अभिनेताओं और अभिनेत्रियों के होने के बावजूद हमें मुस्लिम समाज की न्यूनतम जानकारी तक नहीं है। हिन्दू और मुस्लिम समाज के बीच विगत 60 सालों में बेगानापन बढ़ा है। इस बेगानेपन को मीडिया तोड़ सकता था,किन्तु ऐसा नहीं हुआ। मीडिया में हिन्दू औरत का दर्द,उत्पीडन,शोषण,कामुक रूप तो बार - बार और प्रत्येक क्षण सामने आता है किन्तु मुस्लिम औरत की कामुकता,शोषण,वैषम्य,दर्द,सुख आदि को हम देख ही नहीं पाते।
       मुस्लिम औरत के बारे में हम खास किस्म के स्टीरियोटाईप से कभी-कभार दो-चार होते हैं, हिन्दुओं में भी ऊँची जाति की औरतें ही मीडिया का पर्दा घेरे हुए हैं। ऊँची जाति का सवर्ण विमर्श ही प्रमुखता से दोहराया जा रहा है। इसी तरह अल्पसंख्यक मीडिया में भी अल्पसंख्यक स्त्री की इमेज एकसिरे से अनुपस्थित है। समग्रता में देखें तो मध्यवर्गीय हिन्दू ऑडिशंस के बाजार को केन्द्र में रखकर मीडिया में स्त्री इमेजों का रूपायन हो रहा है।
   मीडिया में खासकर फिल्मों में सारी दुनिया में यह देखा गया है कि अभिनय के क्षेत्र में स्त्रियों की तुलना में मर्द ज्यादा उम्र तक अभिनय करते हैं। हॉलीवुड फिल्मों के बारे में किए गए अनुसन्धान बताते हैं कि औरतों की अभिनय उम्र तीस साल के आसपास जाकर खत्म हो जाती है जबकि मर्द की औसत अभिनय उम्र चालीस साल है। टीवी में बूढ़े चरित्रों का नकारात्मक रूपायन युवाओं में बढ़ी हुई उम्र के कलाकारों के प्रति आकर्षण घटा रहा है। टीवी पर बूढ़ी उम्र के स्त्री चरित्रों का कम आना या उनकी नकारात्मक प्रस्तुति के कारण भी प्रौढ़ स्त्री चरित्रों का प्रयोग घटा है।
           मीडिया में मर्द की सफलता का पैमाना इस बात से तय होता है कि वह क्या करता है जबकि औरत की सफलता का पैमाना उसके लुक से तय होता है।मर्द की तुलना में औरत का शारीरिक तौर पर आकर्षक होना ज्यादा महत्वपूर्ण है। सौन्दर्य और जवानी को स्त्री के साथ जोड़कर देखा जाता है, इसके कारण ही स्त्री की ज्यादा उम्र को नकारात्मक तत्व के रूप में लिया जाता है। मर्द की उम्र उसकी सफलता और ज्ञान या अनुभव के रूप में देखी जाती है जबकि स्त्री ज्योंही अपनी जवानी के दौर को पार कर जाती है।उसका सौन्दर्य खण्डित मान लिया जाता है। वह सामाजिक तौर पर या कार्य क्षेत्र में अपना सामाजिक मूल्य खो देती है।
      समाचारों में स्त्री एंकर या प्रवाचिका मूलत: अपनी एपीयरेंस के कारण बनी रह पाती है। जबकि मर्द एंकर को अनुभव और विशेषज्ञता के आधार पर देखा जाता है। मर्द का चेहरा झुर्रियों रहित,सफेद बालों वाला भी आकर्षक माना जाता है,जबकि औरत को एक सामान्य स्टैण्डर्ड के हिसाब से युवापन को दर्शाना होता है। टीवी पत्रकारिता पर यदि मर्द और औरत के लिए एक ही मानक लागू किया जाए तो ज्यादातर मर्द बेरोजगार हो जाएंगे। कार्य क्षेत्र की प्रस्तुतियों में टीवी चरित्रों में स्त्रियां कुछ ही किस्म के काम करती नजर आती हैं। तुलनात्मक रूप से मातहत पदों पर काम करती नजर आती हैं। जबकि मर्द व्यापक क्षेत्र में काम करता नजर आता है ,कर्ता के रूप में नजर आता है। अपने पद पर काम करते हुए औरतें यदि अपनी क्षमता का इस्तेमाल करती हैं तो उन्हें खतरों का सामना करना पड़ता है,यहां तक कि नौकरी जाने का भी खतरा रहता है।
    सफल स्त्री चरित्र हमेशा अस्थिर,चंचल,जड़ से कटे हुए,स्त्रीत्व और मर्दानगी से विच्छिन्न नजर आते हैं। इस तरह के स्त्री चरित्रों के माध्यम से यह संदेश दिया जाता है कि यदि आप असली औरत हैं तो रीयल में जो कार्य है उसे नहीं कर सकती हैं। यदि रीयल कार्य कर लेती हैं तो रीयल औरत नहीं है। जबकि इस तरह का वर्गीकरण मर्द चरित्रों के संदर्भ में पेश नहीं किया जाता।


विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...