शुक्रवार, 4 सितंबर 2009

साहि‍त्‍य लीला बंद करो राजेन्‍द्र यादव

( कल राजेन्‍द्र यादव ने 'देशकाल डाट काम'को दि‍ए साक्षात्‍कार में साहि‍त्‍य के जाति‍ आधार की पुन: वकालत की है यह टि‍प्‍पणी उसकी प्रति‍क्रि‍या में लि‍खी गई है)

वे अपने (अ)ज्ञान पर गर्वित हैं,उन्‍हें यह भी भ्रम है साहि‍त्‍य का टोकरा उनके सि‍र पर रखा है, वे अपने को साहि‍त्‍य का ठेकेदार भी समझते हैं,उनके खि‍लाफ बोलोगे तो भक्‍तों की टोली टूट पड़ेगी,वे बड़े हैं,महान हैं,आदरणीय हैं,साहि‍त्‍यकार सेनानी का पदक बांटते हैं। वे साहि‍त्‍य के सब कुछ हैं,वे चाहें तो आपको साहि‍त्‍यकार बना सकते हैं। चाहें साहि‍त्‍य के मैदान से खदेड़ सकते हैं। वे साहि‍त्‍य लीला करते रहते हैं, वे साहि‍त्‍य के लीला कृष्‍ण है। उनके पास साहि‍त्‍य गोपों की टोली है। हिंदी साहि‍त्‍य के सभी मैदान उनके स्‍वामि‍त्‍व में हैं। उनके पास साहि‍त्‍यसेनानि‍यों की लम्‍बी चौडी फौज है,वे सरस हैं,उदार हैं, लेकि‍न दुर्भाग्‍य से इति‍हास मूर्ख हैं। कल ही उन्‍होंने अपने (अ)ज्ञान का फि‍र से पि‍टारा खोला है और उसमें से जो तथ्‍य और वि‍चार व्‍यक्‍त कि‍ए हैं,वे हिंदी के लि‍ए चिंता की चीज हैं। 'देशकाल डाट कॉम' में उन्‍होंने जो कहा है वह हिंदी की साहि‍त्‍यि‍क पत्रकारि‍ता के संपादक की शोचनीय दशा का जीता जागता प्रमाण है।
राजेन्‍द्र यादव जाति‍ के आधार पर साहि‍त्‍य को देखने का अपना स्‍टैंड नहीं बदला है,भद्रता के नाते सि‍र्फ खेद व्‍यक्‍त कि‍या है। उनका बदला हुआ स्‍टैंड क्‍या है ? यह भी बताने की जहमत उन्‍होंने नहीं की। राजेन्‍द्र यादव इति‍हास और आलोचना की थ्‍योरी अथवा साहि‍त्‍यशास्‍त्र से अनभि‍ज्ञ हैं। वे जानते हैं कि‍ सृजन और का आधार जाति‍,नस्‍ल,रक्‍त,धर्म,जातीयता और राष्‍ट्र नहीं होता। हिंदी में जाति‍वाद सबसे प्रि‍य वि‍षय है और पापुलि‍ज्‍म बनाए रखने के लि‍ए जाति‍वाद ,ब्राह्मणवाद आदि‍ का ढोल पीटने से साहि‍त्‍य की दुकानदारी वैसे ही चलती है जैसे मायावती की चलती है। उन्‍हें मालूम ही नहीं है कि‍ साहि‍त्‍य के इति‍हास का समूचा ढांचा जाति‍ के आधार को चुनौती देता है। आज तक कभी कि‍सी ने जाति‍ को आधार बनाकर हिंदी साहि‍त्‍य का इति‍हास नहीं लि‍खा, रामचन्‍द्र शुक्‍ल के यहां लेखक के नाम के साथ जाति‍ महज गौण सूचना मात्र है। राजेन्‍द्र यादव ने लि‍खा ''''रामचंद्र शुक्ल को पढ़िए, उन्होंने तो जाति आधारित वर्णन ही किए हैं, ये कान्यकुब्ज़ हैं ये फलाँ हैं वगैरा वगैरा।'' इसी को कहते हैं शब्‍दों को पकडकर झूलना। शुक्‍लजी ने जब जाति‍ का सेखक के नाम के साथ संकेत दि‍या था तो उसका मकसद यह नहीं था कि‍ इति‍हास को जाति‍ के आधार पर देखो,इति‍हास का आधार क्‍या है,वर्गीकरण का आधार क्‍या है , कालवि‍भाजन का आधार क्‍या है, साहि‍त्‍य को कैसे देखें,इनका उन्‍होंने अपने इति‍हास में यथास्‍थान जि‍क्र कि‍या है उसमें जाति‍ को कहीं पर भी पैमाना नहीं बनाया है।कवि‍ता कैसे बनती है,उसका सामाजि‍क स्रोत क्‍या है,इसके बारे में शुक्‍लजी ने जाति‍,नस्‍ल,धर्म,आदि‍ को आधार नहीं बनाया है। मुक्‍ति‍बोध से बडा ब्राह्मणवाद का आलोचक अभी हिंदी में नहीं हुआ उन्‍होंने भी कवि‍ता के आधार के रूप में जाति‍ को आधार नहीं बनाया है बल्‍कि‍ काव्‍य के तीन क्षणों में आचार्य शुक्‍ल की धारणाओं का ही जि‍क्र भि‍न्‍न तरीके से कि‍या है।
सवाल यह कि‍ क्‍या हम भारत की वि‍गत दो हजार साल की संस्‍कृति‍,सभ्‍यता,साहि‍त्‍य, कवि‍ता,दर्शन आदि‍ की उपलब्‍धि‍यों को महज इसलि‍ए अस्‍वीकार कर दें क्‍योंकि‍ वे ब्राह्मणों के द्वारा रची गयी हैं ? यदि‍ जाति‍ के आधार पर अस्‍वीकार के भाव में रहेंगे तो हमारे पास देशज सभ्‍यता के नाम पर क्‍या बचेगा ? व्‍यक्‍ति‍ का जन्‍म कि‍स जाति‍ में होगा यह उसके हाथ में नहीं होता,ब्राह्मणवाद की आलोचना,जाति‍वाद की आलोचना, इन दोनों का समाज से उच्‍छेद जरूरी है,लेकि‍न अतीत को लेकर अवैज्ञानि‍क रवैयया नहीं अपनाया जाना चाहि‍ए। यदि‍ वेद या कोई भी रचना ब्राह्मणों की है तो वह हमारी थाती है,उसे कूडे के ढेर पर नहीं फेंक सकते। परंपरा में बहि‍ष्‍कार के साथ प्रवेश नहीं कि‍या जा सकता,परंपरा में प्रवेश करने के लि‍ए जाति‍ के तर्क से भी कहीं नहीं पहुंचेंगे। परंपरा में जाने के लि‍ए नतमस्‍तक होकर जाने की भी जरूरत नहीं है,परंपराओं में रचि‍त रचनाओं को ओढने, और कूढे के ढेर पर भी फेंकने की जरूरत नहीं है, परंपरा को अपनी रक्षा के लि‍ए,वैधता के लि‍ए तर्क अथवा हि‍मायत की भी जरूरत नहीं है, इति‍हास में जो चीजें हैं वे हमारी हि‍मायत और तर्कशास्‍त्र के बावजूद हैं और रहेंगी,वे पढने और आलोचनात्‍मक वि‍श्‍लेषण की मांग करती हैं। इसके कारण ही मूल्‍यांकन और पुनर्मल्‍यांकन की जरूरत पड़ती है। बार बार व्‍याख्‍या की नए सामयि‍क संदर्भ में जरूरत पडती है। राजेन्‍द्र यादव नहीं जानते रचना का अर्थ रचना के अंदर नहीं उसके बाहर होता है,समाज में होता है,पाठक में होता है। वर्तमान में होता है। रचना का अर्थ यदि‍ पाठ के भीतर होता तो एक ही रचना की वि‍भि‍न्‍न कि‍स्‍म की व्‍याख्‍याएं न होतीं। व्‍याख्‍याओं में परि‍वर्तन न आया होता। राजेन्‍द्र यादव जबाव दें रचनाकार कि‍न चीजों पर लि‍खता है क्‍या वह जि‍न चीजों पर सहमत होता है उन पर लि‍खता है अथवा जि‍न चीजों को अस्‍वीकार करता है, असहमत होता है,उन पर लि‍खता है। राजेन्‍द्र यादव जानते हैं कि‍ रचनाकार उन वि‍षयों और वि‍चारों पर लि‍खता है जि‍न्‍हें वह अस्‍वीकार करता है। जि‍न्‍हें वह स्‍वीकार करता है उन पर नहीं लि‍खता। राजेन्‍द्र यादव कि‍सी प्रमुख ब्राह्मण कवि‍ की रचना का उल्‍लेख करें जि‍सने ब्राह्मणवाद की हि‍मायत की हो।
साहि‍त्‍य या कला में दाखि‍ल होते ही जाति‍,नस्‍ल,धर्म आदि‍ सभी कि‍स्‍म की पहचान या अस्‍मि‍ताएं साहि‍त्‍य की वि‍राट अस्‍मि‍ता में वि‍लीन हो जाति‍ हैं, साहि‍त्‍य और कला में आने के बाद वि‍षयवस्‍तु, चरि‍त्र,व्‍यक्‍ति‍त्‍व,व्‍यवस्‍था अपना रूपान्‍तरण कर लेती है, अब सृजन है,सृजन में सेक्‍स, कामोत्‍तेजना, जाति‍,लिंग आदि‍ की पहचान साहि‍त्‍य या कला की पहचान में वि‍लीन हो जाती हैं, लि‍खने के पहले वि‍षय की जो भी अवस्‍था हो लि‍खने के बाद वह पूरी तरह बदल जाता है।लि‍खे हुए का अर्थ पढते समय बदल जाता है। क्‍योंकि‍ अर्थ पाठ में नहीं पाठ के बाहर पाठक में होता है। सवाल पुराना है जबाव दो राजेन्‍द्र यादव अर्थ कहां होता है ? वरना साहि‍त्‍य लीला बंद करो।

गुरुवार, 3 सितंबर 2009

मलबे का मालि‍क 'हिंदी आलोचक'

आप शीर्षक देखकर भड़कें नहीं,आलोचक और साहि‍त्‍यकार इसे अपना नि‍जी अपमान भी न समझें। यह सच है और सच बड़ा बेरहम होता है। 'हिंदी आलोचक' नाम की 'हिंदी प्राध्‍यापक','हिंदी वि‍चारक',हिंदी लेखक',हिंदीवाला' आदि‍ कोटियां‍ बेहूदगि‍यों से भरी हैं। आज हिंदी में साहि‍त्‍य,आलोचना,शोध,सृजन के नाम पर जि‍तना मलबा जमा है, उतना शायद अन्‍य कि‍सी भाषा में नहीं मि‍लेगा। आखि‍रकार इस मलबे का मालि‍क कौन है ? इतना मलबा आया कहां से ? जब भी कोई गंभीर चर्चा शुरू होती है बि‍न मांगे मलबे का उत्‍पादन शुरू हो जाता है। आखि‍रकार इतना कचरा ज्ञान और वह भी दंभ, पद,शोहरत और शोहदों के साथ सांस्‍थानि‍क शक्‍ल कैसे लेने में सफल हो गया ? हिंदी में सबसे पहली समस्‍या है आप कुछ भी लि‍खें मामला व्‍यक्‍ति‍गत होकर रहेगा। कि‍सी भी मामले को व्‍यक्‍ति‍गत बनाने का अर्थ है अपने ऊपर और समाज के ऊपर मलबा फेंकना। जि‍स समाज में इतने बड़े पैमाने पर मलबा फेंकने वाले हों ,अर्थ का अनर्थ करने वाले हों,वहां पर सभी कि‍स्‍म की क्रांति‍यां सि‍र पटककर मर जाएं कुछ होने वाला नहीं है,मलबे के मालि‍क अपनी गंदगी पर मुग्‍ध हैं कि‍ हमने उसे पछाड दि‍या,हमने प्रभाष जोशी को नंगा कि‍या,नामवर को कपड़े पहना दि‍ए,राजेन्‍द्र यादव को टोपी पहना दी।आलोक मेहता को बेनकाब कर दि‍या। इस तरह की मनोदशा में कि‍सी भी कि‍स्‍म का वि‍वाद अंतत: मलबे में ही तब्‍दील होगा और हम खुश भी होते हैं कि 'हमने साले का कचरा कर दि‍या'।
यह हिंदी की कचरा संस्‍कृति‍ है, इसे प्रति‍वादी संस्‍कृति‍ समझने की भूल नहीं करनी चाहि‍ए। हमें प्रति‍वाद करना चाहि‍ए,लेि‍कन कचरा उत्‍पादन से बचना चाहि‍ए। कचरा संस्‍कृति‍ के उत्‍पादकों से उम्‍मीद नहीं करनी चाहि‍ए कि‍ वे सुधरेंगे,आप थक जाएंगे वे सुधरकर नहीं देंगे,वे सारे प्रसंगों को व्‍यक्‍ति‍ बनाने की आलोचना में माहि‍र हैं। लेकि‍न जो समझदार हैं और हिंदी के उत्‍थान को लेकर प्रयत्‍नशील हैं उन्‍हें इस बदले परि‍दृश्‍य पर गंभीरता से सोचना चाहि‍ए। इसके बारे में लोकप्रि‍य चर्चाएं होनी चाहि‍ए। नेट इन चर्चाओं का शानदार स्‍थल हो सकता है। नए युग का मूल मंत्र है सार्वजनि‍क तौर पर बोलो अथवा गायब हो जाओ। हमें उन सभी सवालों को नए सि‍रे से खोलना चाहि‍ए जि‍न्‍हें तय मान लि‍या गया है।
हम साहि‍त्‍य और वि‍भि‍न्‍न वि‍धाओं के परंपरागत अर्थ को अपदस्‍थ करने से डरते हैं और हमेशा कि‍सी रामचन्‍द्र शुक्‍ल या नामवरसिंह का इंतजार करते हैं कि‍ वह अर्थ परि‍वर्तन कर दे। हमें अर्थ परि‍वर्तन से डर लगता है। हम साहि‍त्‍य में वि‍खंडन से डरते हैं और तुरंत ही हल्‍ला मचाना शुरू कर देते हैं देरि‍दा आया, देरि‍दा आया,भगाओ भगाओ साहि‍त्‍य में वि‍जातीय तत्‍व आ गया हमारी समझ वि‍खंडन से नहीं रामचन्‍द्र शुक्‍ल से ही बनेगी।ज्‍यों ही आप ऐसा करते हैं मलबा फेंकना शुरू कर देते हैं और बेशुमार मलबा जमा हो जाता है और खुश होकर अपने हाथों अपनी पीठ थपथपाने लगते हैं कि‍ देरि‍दा को खदेड दि‍या। साहित्य में विखंडन का कार्य है परंपरागत अर्थ को अपदस्थ करना और यह बताना कि कृति किस तरह परंपरागत अर्थ का उल्लंघन करती है। हमारे जुझारू आलोचक जब कि‍सी धारणा पर वि‍चार करते हुए नया खोज नहीं पाते तो तुरंत ही हल्‍ला करना शुरू कर देते हैं, यह 'असंभव' है।'असंभव' का व्यापक इस्तेमाल करते हैं। हिंदी का मलबे का मालि‍क यह भूल ही जाता है कि‍ ''असंभव'' का यदि विखंडन किया जाएगा तो 'संभव' निकलेगा। 'असंभव' कुछ भी नहीं है। ऐसी अवस्था में 'संभव' सबसे ज्यादा खतरनाक पदबंध साबित होगा। खतरनाक से तात्पर्य है संभव के सभी नियम , प्रक्रिया,पध्दति, और पाने के अभ्यास उपलब्ध होंगे। इस समूची प्रक्रिया में दाखिल होने का अर्थ है कुछ असंभव का अनुभव भी हो सकता है। इस अर्थ में विखंडन खोज है अथवा कुछ भी नहीं है। इसको पध्दति के रूप में ही समाप्त नहीं कर सकते। बल्कि यह रास्ते खोलता है।आगे जाने के लिए प्रेरित करता है। मसलन् 'दलि‍त साहि‍त्‍य' पर हिंदी में मच रहे हंगामे पर ही नजर डालें कि‍ आखि‍रकार 'दलि‍त साहि‍त्‍य' पर वि‍चार करते हुए 'दलि‍त साहि‍त्‍य' नि‍कलेगा या 'साहि‍त्‍य' नि‍कलेगा ? 'स्‍त्री साहि‍त्‍य' पर वि‍वाद करते करते 'स्‍त्री साहि‍त्‍य' नि‍कलेगा या 'साहि‍त्‍य' नि‍कलेगा ? जाति‍वाद पर बहस करते हुए जाति‍ नि‍कलेगी या मनुष्‍य की सत्‍ता उभरकर आएगी ? हमारे दोस्‍त यह समझने की चेष्‍टा ही नहीं करते कि‍ वे जि‍स चीज पर वि‍वाद कर रहे हैं उससे क्‍या नि‍कलेगा। ये भोले आलोचक सोचते हैं कि‍ जि‍स मसले पर ,जि‍स नजरि‍ए से वि‍चार कर रहे हैं, उससे वही नि‍कलेगा जो वह नि‍कालना चाहते हैं। इसी तरह सोचें कि‍ प्रभाष जोशी के साक्षात्‍कार पर बातें करते हुए क्‍या नि‍कलेगा ? मंथन की प्रक्रि‍या चीजों,वि‍चारों,मूल्‍यों और स्‍थि‍ति‍यों को वे जैसी हैं वैसा नहीं रहने देतीं। मलबे के मालि‍क चाहते हैं कि‍ मलबे को मलबा रहने दो, दोस्‍त कचरा जब रि‍साईकिंलिंग प्‍लांट में पुनर्संशोधन प्रक्रि‍या में चला जाता है तो मलबा नहीं रह जाता, उसकी प्रकृति‍,उपयोग,भूमि‍का,लक्ष्‍य आदि‍ सभी कुछ बदल जाते हैं। हि‍न्‍दी वाले मलबे के मालि‍क बडे ही जि‍द्दी स्‍वभाव के हैं वे यह मानकर बैठे हैं कि‍ हम नहीं बदलेंगे। बहस करते समय हमेशा यह ध्‍यान रखना चाहि‍ए कि‍ आखि‍रकार पहुंचना कहां है ?

( मोहल्‍ला लाइव पर प्रकाशि‍त )

बुधवार, 2 सितंबर 2009

इंटरनेट के 40 साल : संचार क्रांति‍ से भारत कोसों दूर

इंटरनेट आज 40 साल का हो गया। मात्र चालीस सालों में इंटरनेट ने समूचे संचार जगत की बुनि‍यादी प्रकृति‍ ही बदल डाली है। 2सि‍तम्‍बर 1969 को लॉस एंजि‍ल्‍स स्‍थि‍त कैलीफोर्निया वि‍श्‍ववि‍द्यालय में 20 लोग क्‍लेनरॉक प्रयोगशाला में एकत्रि‍त हुए और उन्‍होंने इंटरनेट के प्रयोग का पहला नजारा देखा जि‍समें दो कम्‍प्‍यूटर अर्थहीन डाटा संप्रेषि‍त कर रहे थे,इन दोनों कम्‍यूटरों को 15 फुट लंबे तार से जोड़ा गया था। यह पहला सैन्‍य संचार प्रयोग था। कम्‍प्‍यूटर नेट शुरूआत थी। तब से लेकर आज तक 40 साल हो गए हैं। इन 40 सालों में इंटरनेट यूजरों की तादाद तेजी बढ़ी है।सन् 1999 में 25 करोड़ यूजर थे,सन् 2002 में 50 करोड़,सन्2006 में 100 करोड और सन् 2008 में 150 करोड यूजर दर्ज कि‍ए गए हैं। इसमें चीन में 29.8 करोड़ (22.4 प्रति‍शत),अमेरि‍का में 227 मि‍लि‍यन ( 74 प्रति‍शत) ,जापान में 94 मि‍लि‍यन (73.8 प्रति‍शत),भारत में 81 मि‍लि‍यन (7.1 प्रति‍शत)ब्राजील 68 मि‍लि‍यन (34.3 प्रति‍शत) , जर्मनी 55 मि‍लि‍यन ( 67 प्रति‍शत) , ब्रि‍टेन 48 मि‍लि‍यन (72 प्रति‍शत), फ्रांस 41 मि‍लि‍यन(66 प्रति‍शत), रूस 38 मि‍लि‍यन(27 प्रति‍शत),दक्षि‍ण कोरि‍या 37 मि‍लि‍यन (76 प्रति‍शत),आस्‍ट्रेलि‍या 17 मि‍लि‍यन ( 80.6 प्रति‍शत) यूजर हैं। इंटरनेट के आने के बाद वि‍मर्श्‍ा,लेखन,अखबार,साहि‍त्‍य, जीवनशैली, सैन्‍य नि‍यंत्रण,सैन्‍य संचालन, युद्ध ,वि‍कास आदि‍ की प्रकृति‍ में मूलगामी बदलाव आया है। संचार को रीयल टाइम में सम्‍पन्‍न करना संभव हुआ है। भवि‍ष्‍य में इंटरनेट का और भी तेज गति‍ से वि‍कास होगा,जो लोग इस माध्‍यम का इस्‍तेमाल नहीं कर रहे हैं वे भी इसका इस्‍तेमाल करेंगे। भारत में इसके वि‍कास की दर बेहद कम है। सकल जनसंख्‍या के मात्र सात प्रति‍शत हि‍स्‍से तक ही यह माध्‍यम पहुंच पाया है। इसका अर्थ यह भी है कि‍ भारत संचार क्रांति‍ से अभी कोसों दूर हैं। 100 लोगों में से मात्र 7 लोग ही नेट का इस्‍तेमाल करते हैं,लि‍खने का काम तो और भी कम लोग करते हैं। भारत में हि‍न्‍दी में स्‍थि‍ति‍यां ज्‍यादा सुखद नहीं है। ज्‍यादातर हिंदीभाषी राज्‍यों दस घंटे से लेकर 18 घंटे तक बि‍जली गायब रहती है, टेलीफोन कनेक्‍शनों की भी संख्‍या कम है। कहने का अर्थ यह है कि‍ हिदीभाषी समाज संचार क्रांति‍ में अभी शैशव अवस्‍था में है। हिंदी ब्‍लॉग लेखकों के तकरीबन दस हजार ब्‍लाग हैं।

हमें सैंकडों नामवर सिंह चाहि‍ए

सदानंद गोडबोले जी, आपने मेरी बात को समझा ही नहीं है। आपने लि‍खा है ''मगर जगदीश्वर चतुर्वेदियों सरीखों का ये कहना कि दोनों ग़लत नहीं थे, या दोनों सही हैं एक और तरह की अवसरवादिता है। वे संतुलन के सिद्धांत पर काम करके दोनों को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं जबकि सचाई ये है कि दोनों ने ही ग़लती की है। उदयप्रकाश जी ने माफी माँगी है मगर उनका माफीनामा पढ़कर कोई भी कह सकता है कि वे मन से नहीं मजबूरी में ऐसा कर रहे हैं। नामवरजी तो खैर वाक्छल से खुद को बरी कर लेंगे और फिर उनके चेलों की लंबी जमात भी तो है।''
गोडबोले जी, यह चेला गुरू का मामला नहीं है।यह अवसरवादि‍ता भी नहीं है। यह नेट संवाद और लेखन है। यहां पर चेला-गुरू जैसी कोई चीज नहीं होती, यहां लेखन ही परि‍चय है। उदयप्रकाश माफी मांगे या कल नामवर सिंह प्रायश्‍चि‍त करने लगें तो क्‍या उससे वह सच्‍चाई बदल जाएगी जि‍सका मैंने अपनी पहली टि‍प्‍पणी में जि‍क्र कि‍या है। दोस्‍त चीजों को सही परि‍प्रेक्ष्‍य में देखने से ही सही समझ बनेगी। सही परि‍प्रेक्ष्‍य के लि‍ए सही समझ का होना बेहद जरूरी है। आप यह खोज रहे हैं कि‍ कि‍सने गलती की और कि‍सने सही कि‍या,यह सही-गलत नेट पर नहीं होता। नेटयुग में कोई भी बहस भि‍न्‍न नजरि‍ए की मांग करती है। हमारा पैराडाइम ही बदल चुका है। बहस का,समाज का,राजनीति‍ का,संस्‍कृति‍ का मूलाधार ही बदल चुका है। आज कोई भी चीज पहले जैसी नजर नहीं आती,कोई भी व्‍यक्‍ति‍ पहले जैसा व्‍यवहार नहीं कर रहा। नामवर सिंह को अपनी हि‍मायत के लि‍ए अपने चेलों की जरूरत नहीं है। उनका व्‍यवहार ही उनकी हि‍मायत होता है। हमारी लेखक के व्‍यवहार पर नजर होनी चाहि‍ए, लेखक का व्‍यवहार लेखन में नजर आता है, लेखन ही उसका कर्म है। नामवर सिंह वाचि‍क परंपरा के वि‍द्वान हैं अत: उनका कर्म वाचन में भी दि‍खता है,संभवत: हि‍न्‍दी के वह अकेले आलोचक हैं जो अपनी बात थोपते नहीं हैं। उनकी पूजा करने वालों की कमी नहीं है,लेकि‍न उनसे आलोचनात्‍मक प्रेरणा लेने वालों की संख्‍या चेलों की संख्‍या से हजार गुना ज्‍यादा है। वे आलोचना के शि‍खरपुरूष यदि‍ आज हैं तो कि‍सी अर्जुन सिंह अथवा प्रधानमंत्री अथवा कि‍सी प्रभाष जोशी-अशोक बाजपेयी की प्रशंसा अथवा कृपा या गुटबंदी के कारण नहीं हैं। उनकी आलोचनात्‍मक साख है यह इस बात का प्रमाण है कि‍ लेखन ही सर्वस्‍व है,बाकी चीजें अप्रासंगि‍क हैं। नामवर सिंह को व्‍यक्‍ति‍गत,जाति‍गत,सांगठनि‍क आदि‍ कि‍सी भी आधार पर परखने जाओगे तो अंतत: नि‍राशा हाथ लगेगी। नामवर सिंह ने पता नहीं कैसे अपना लोप करके अपने कथन,बयान,लेखन को बड़ा बनाया है, इसके रसायन को तो वे ही जानें, हमें ही नहीं सबको वह रास आता है, आकर्षित करता है,बांधता नहीं है ,बल्‍कि‍ खोलता है,बोलने के लि‍ए मजबूर करता है। हिंदी में यह चीज दुर्लभ है। हिंदी में सुलाने,भुलाने और भ्रमि‍त करने वाले लेखक बहुत हैं, लेकि‍न आलोचना के लि‍ए,बोलने के लि‍ए उदबुद्ध करने वाले अकेले नामवर सिंह हैं। उनका यह गुण हम सभी की संपदा है। यह वास्‍तवि‍कता है। नामवर सिंह आपको असहमत होने के लि‍ए मजबूर करते हैं, उनका यही असहमति‍ पैदा करने वाला भाव उन्‍हें कमप्‍लीट आधुनि‍क आलोचक बनाता है। उन्‍हें आप चाहे जो कहें,जैसे कहें,जि‍स तरह से निंदा करें या आलोचना करें,इसके बावजूद अपने बीच पाना चाहते हैं, उनके बोले पर उत्‍सुकता से ध्‍यान देते हैं, अनेक बार वे नि‍राश करते हैं,अनेक बार प्रेरि‍त भी करते हैं, उनसे असमहत होना,उन्‍हें पास रखना और उनको सुनना या पढना,एक ऐसी लंबी सांस्‍कृति‍क प्रक्रि‍या में फेंकता है जि‍सकी पाठक ने कल्‍पना नहीं की थी। कहने का अर्थ है नामवर सिंह से वि‍वाद कि‍ए बगैर आप जा नहीं सकते। काश यह क्षमता हम सबमें होती,हमें हिंदी समाज के लि‍ए सैंकडों नामवर सिंह चाहि‍ए।
सदानंद गोडबोले ने सवाल उटाया है ,''प्रगतिशीलों में दोहरापन बढ़ता जा रहा है। कौन लोग हैं इसके लिए ज़िम्मेदार, कौन सी प्रवृत्तियाँ हैं जो सच पर काली छाया डाल रही हैं। इसे चिन्हांकित किया जाना बेहद ज़रूरी है। '' बंधु इस दोगलेपन की जड़ें मध्‍यवर्ग में ही हैं,इसवर्ग की प्रकृति‍ ही कुछ ऐसी है कि‍ इस पर भरोसा नहीं जमता, इसके कई मुखौटे हैं। मध्‍यवर्ग से आए बुद्धि‍जीवी,लेखक,शि‍क्षक,वकील,राजनेता,बैंकर, अफसर सभी में इसका प्रति‍बि‍म्‍बन देख सकते हैं। मध्‍यवर्ग की 'अन्‍य' के प्रति‍,दूसरों के प्रति‍ कुछ कर गुजरने की भावनाएं जब से कम हुई हैं,तब से मध्‍यवर्ग के बहुरंगी और बहुरूपी चेहरे ज्‍यादा दि‍खने लगे हैं। प्रगति‍शील लेखकों पर भी इस सामाजि‍क प्रक्रि‍या का असर हुआ है, भूमंडलीकरण आने के बाद तो यह वर्ग और भी ज्‍यादा दलदल में गया है। प्रगति‍शील लेखकों में भूमंडलीकरण आने के पहले सऩ 1975 तक कुछ कर गुजरने और अन्‍य के बारे में लि‍खने पढने का जज्‍बा था ,आपातकाल लागू होने के बाद प्रगति‍शील लेखकों पर जैसे वज्रपात हुआ और साथ ही समूचे मध्‍यवर्ग ने जि‍स तरह आपातकाल का स्‍वागत कि‍या उसने प्रगति‍शील लेखकों को भी पक्षाघात का शि‍कार बना दि‍या और यही पक्षाघात कालान्‍तर में पक्षपात में बदल गया। तब से प्रगति‍शील लेखक वहीं फंस हुआ है,लेखक का ईमानदारी के साथ लि‍खकर जीना दूभर हो गया और लेखकों को सामान्‍य से जीवन यापन के लि‍ए रोज समझौते करने पड रहे हैं। लेखक आपातकाल के बाद से वस्‍तुत: अनाथ हो गया।उदयप्रकाश जैसे प्रति‍भाशाली सैंकडों लेखक हैं जो अपने लि‍ए एक साधारण जीवन यापन लायक नौकरी तक जुगाड़ नहीं कर पाते। क्‍योंकि‍ वे कि‍सी बडे लेखक की 'गुडबुक' में नहीं हैं। आपातकाल के पहले प्रगि‍तशील लेखकों के पास 'गुडबुक' नहीं थी, 'गुडराईटिंग' थी,'गुड कमि‍टमेंट' था । आपातकाल के बाद समूचे देश का सामाजि‍क राजनीति‍क पैराडाइम बदला है। प्रगति‍शील लेखकों को पहले से ही अनेक सामंती बीमारि‍यों थीं जो इस दौरान और 'क्रॉनि‍क' शक्‍ल अख्‍ति‍यार कर चुकी हैं। आपातकाल के बाद लेखक ज्‍यादा कमजोर,एकाकी,नि‍हि‍तस्‍वार्थी बना है। छोटी चीजों के पीछे भागने लगा है। उसे बड़े लक्ष्‍य अपील नहीं करते, दूसरों की तकलीफें देखकर गुस्‍सा नहीं आता,इसके वि‍परीत उसमें परपीडक आनंद की संवृत्‍ति‍ का प्रसार हुआ है। लेखकीय भाईचारा,जनता और लेखक के बीच का भाईचारा कमजोर हुआ है। आज बेहतर लि‍खने के लि‍ए जि‍तने साधन और नि‍श्‍चिंतता के भाव की लेखक को जरूरत है वह चीज उसके लि‍ए उतनी दुर्लभ होती जा रही है। मध्‍यवर्ग के बहुरंगी मुखौटों वाली संस्‍कृति‍ पर आपातकाल के बाद से जाति‍ और हैसि‍यत के सामंती रंग ने प्रभाव जमाया और इससे कमोबेश सभी प्रभावि‍त हुए हैं। लेखक भी प्रभावि‍त हुआ है। दूसरा बडा परि‍वर्तन यह हुआ है कि‍ लेखकों के पास वैकल्‍पि‍क एजेण्‍डा लंबे समय से नहीं है,फलत: पुरानी और नई सांस्‍कृति‍क व्‍याधि‍यों ने उन्‍हें धर दबोचा है। लेखक अब सत्‍य से कम सत्‍याभास से ज्‍यादा प्‍यार करते हैं। जब तक वे सत्‍य को खुली आंखों से देखते नहीं हैं,तब तक उनके लि‍ए मौजूदा यथार्थ पकड में नहीं आएगा। मेरी बात यह अर्थ नहीं है कि‍ सभी लेखक वैसे ही हैं जैसा मैंने लि‍खा है, बल्‍कि‍ यह कहना चाहता हूं ज्‍यादातर वैसे ही हैं,उनके पास कई मुखौटे हैं। वे यथार्थ से कटे हैं।

( देशकाल .कॉम पर मेरी टि‍प्‍पणी पर लि‍खी टि‍प्‍पणी पर व्‍यक्‍त प्रति‍क्रि‍या के जबाव में )

'हम सही' की बीमारी और अशोक बाजपेयी

अशोक बाजपेयी 'हम सही ' की बीमारी के शि‍कार हैं। अब 'हम' और 'तुम' का जमाना खत्‍म हो चुका है। अब सि‍र्फ लेखन है। 'हम' और 'तुम' उसमें वि‍लीन हो चुके हैं। यह सृजन का सर्वोच्‍च क्षण है। नामवर सिंह जैसी क्षमता और नजरि‍या अर्जित करना मुश्‍कि‍ल चीज है। वे इस क्षण का आईना हैं। आज के युग में लेखक कि‍सी एक का नहीं होता,वह सबका होता है। उदयप्रकाश हों या नामवर सिंह हों,उन दोनों ने कोई गलती नहीं की है। जो लोग लेखक को वर्ग,प्रति‍बद्धता,वि‍चारधारा,पार्टी के खूंटे से बांधकर देखते हैं, वे अभी तक सभ्‍यता के वि‍कास को समझ ही नहीं पाए हैं,लेखक में अछूतभाव नहीं होता, लेखक के लि‍ए कोई अछूत नहीं होता। 'यहां जाओगे, वहां नहीं जाओगो,इससे इनाम लोगे, उससे नहीं लोगे,उस वर्ग के चरि‍त्रों पर लि‍खोगे,इस वर्ग के चरि‍त्रों पर नहीं लि‍खोगे।' इस तरह का अछूतभाव लेखक के कर्म का हि‍स्‍सा नहीं है। उदयप्रकाश की जि‍न लोगों ने आलोचना की उन्‍हें आलोचना का हक है, आज कोई नामवर सिंह की आलोचना करना चाहे तो उसे भी लोकतांत्रि‍क हक है। बुनि‍यादी चीज है लेखन, न कि‍ लेखक। आज नामवरसिंह ,उदयप्रकाश,अशोक बाजपेयी आदि‍ की लेखक,आलोचक के रूप में पहचान या सत्‍ता खत्‍म हो चुकी है। नामवर सि‍ह यह तथ्‍य जानते हैं और मानते भी हैं। उनका यही बाकी हि‍दी लेखकों से अंतर है। अभी सि‍र्फ लेखन बचा है। हम लेखक,आलोचक,वि‍धाएं ,नैति‍कता,अनैति‍कता आदि‍ केटेगरी में सोच रहे हैं जबकि‍ इन सबका लेखन में वि‍लय हो चुका है। अब सि‍र्फ लेखन बचा है, अशोक बाजपेयी अंग्रेजी के वि‍द्वान हैं और अच्‍छी तरह जानते हैं कि‍ देरि‍दा ने इस प्रसंग में क्‍या लि‍खा है। लेखन ने समस्‍त पहचान के रूपों को खत्‍म कर दि‍या है। कम्‍प्‍यूटर युग में एक ही पहचान बची है लेखन की पहचान। लेखन में कोई अछूत नहीं होता। लेखक में अछूतभाव के न होने का ही सुफल है कि‍ हमारे तमाम बड़े लोग आज भी नोबुल पुरस्‍कार को सबसे बडा मानते हैं जबकि‍ उस पुरस्‍कार को देने वाले संस्‍थान का हथि‍यार बनाने से संबंध है। हम अच्‍छी तरह जानते हैं कि‍ ग्‍लोबलाईजेशन के खि‍लाफ सारी दुनि‍या में जेहाद बोलने वाले संगठनों के मददगारों में अमेरि‍का के सबसे घटि‍या इजारेदार घरानों के चंदे का खुला इस्‍तेमाल कि‍या गया है। हम जि‍से वर्ल्‍ड सोशल फोरम के नाम से जानते हैं उसके चंदादाताओं में ग्‍लोबलाईजेशन का समर्थन करने वाली कंपनी फोर्ड फाउंडेशन का नाम शामि‍ल है,भारत में तकरीबन 4000 हजार करोड रूपये वि‍भि‍न्‍न कि‍स्‍म के स्‍वयंसेवी संगठनों को वि‍देशी कंपनि‍यों के द्वारा दि‍या जाता है, इसमें दर्जनों वे कंपनि‍यां हैं जो खुली लूट खसोट के लि‍ए बदनाम हैं, युद्ध में सक्रि‍य हैं। इसके बावजूद यदि‍ ये स्‍वयंसेवी संस्‍थाएं पवि‍त्र हैं तो इसका प्रधान कारण है इनका कर्म, न कि‍ चंदा। आज आप वैचारि‍क, वर्गीय, जाति‍गत आधार पर छुआछूत बनाए नहीं रख सकते। नामवर सिंह ने जसवंत सिंह के पुस्‍तक लोकार्पण में जाकर कुछ भी गलत नहीं कि‍या, ठीक वैसे ही उदयप्रकाश ने भी कुछ गलत नहीं कि‍या था,हिंदी में बहस करने वालों की मुश्‍कि‍ल है कि‍ वे जानते ही नहीं हैं कि‍ समाज कि‍स युग में पहुंच गया है, चीजों को कैसे देखें। अशोक बाजपेयी जैसे बडे लेखक की बुद्धि‍ भी अभी भी पुराने प्रेसयुगीन और मध्‍यकालीन वर्गीकरणों में फंसी हुई है,यह देखकर आश्‍चर्य लगता है। अशोक बाजपेयी कलावंत हैं,चि‍त्रकारों के इति‍हास और उनकी सृजन प्रक्रि‍या को भी जानते हैं, उन्‍होंने नैति‍कता के बारे में जो नजरि‍या पेश कि‍या है क्‍या उसी पैमाने से कि‍सी चि‍त्रकार के द्वारा कि‍सी औरत को भाडे पर अपने स्‍टूडि‍यो में लाने,नग्‍न करके बि‍ठाने और फि‍र उसे देखकर चि‍त्र बनाने को सही ठहराया जा सकता है ? क्‍या रचनाकारों और बुद्धि‍जीवि‍यों की वेश्‍याओं के साथ उठक बैठक को सही माना जा सकता है ? हम यह भूल ही गए हैं कि‍ अब नामवर सिंह, उदयप्रकाश,अशोक बाजपेयी नहीं बचे हैं लेखक के रूप में उनका अंत हो चुका है अब सिर्फ उनका लेखन बचा है। उनकी नैति‍कता,अनैति‍कता,वि‍चारधारा, प्रति‍बद्धता आदि‍ का फैसला उनके लेखन के आधार पर ही होगा। अशोक बाजपेयी की दि‍क्‍कत यह है कि‍ वे लेखन पर नहीं, लेखक के आनेजाने पर बोल रहे हैं। नैति‍कता पर बोल रहे हैं। लेखक की नैति‍कता का आईना उसका लेखन है उसे अन्‍यत्र नहीं खोजा जाना चाहि‍ए।
(अशोक बाजपेयी के द्वारा जनसत्‍ता में लि‍खे लेख पर देशकाल डॉट कॉम में चली बहस पर लि‍खी टि‍प्‍पणी,इस टि‍प्‍पणी में बाजपेयी ने मांग की थी कि‍ नामवरसिंह ने जसवंत सिंह के पुस्‍तक लोकार्पण में जाकर वैसे ही गलत कि‍या जैसे उदयप्रकाश ने भाजपासांसद से पुरस्‍कार लेकर गलत कि‍या,उदयप्रकाश की आलोचना हुई किंतु नामवर की वामपंथि‍यों ने आलोचना क्‍यों नहीं की,उपरोक्‍त टि‍प्‍पणी उसी प्रसंग में लि‍खी गयी है।)

मंगलवार, 1 सितंबर 2009

वे गाली क्‍यों देते हैं जि‍नको आती है भाषा

प्रभाष जोशी के साक्षात्‍कार पर चली बहस सामान्‍य बहस नहीं है यह हिंदी के सोए हुए अथवा वि‍कास की दौड में पि‍छड गए लेखकों को सम्‍बोधि‍त बहस है। प्रभाषपंथी इस बहस में गाली के अलावा कुछ नहीं बोल रहे,वे जानते नहीं हैं कि‍ वे साइबर स्‍पेस में हैं और इसमें प्रेस युग की सामंती हेकडी नहीं चलती। साइबर स्‍पेस में चल रही मौजूदा बहस में कुछ यूजर ऐसे हैं जो मुहल्‍ले की भाषा में,तू -तडाक की भाषा में अभि‍व्‍यक्‍त कर रहे हैं, जैसे आलोक तोमर एंड कंपनी।इनके जबाव में भी कुछ लोग हैं जो वैसी भाषा में बोल रहे हैं। कुछ ऐसे भी लोग हैं जो चुपचाप बैठकर पढ रहे हैं। कुछ ऐसे भी हैं जो अपने चेलों से खबर मंगा रहे हैं,प्रि‍ट मंगा रहे हैं और पढ रहे हैं,जैसे प्रभाष जोशी।
प्रभाष जोशी-राजेन्‍द्र यादव जैसे लोग परंपरावादी हैं,कम्‍प्‍यूटर से अपरि‍चि‍त हैं, वे यह सोचते हैं कि यह उनकी सरस्वती को इंटरनेट भ्रष्ट कर देगा। इंटरनेट पर घूम -घूमकर गाली देने वाले,नेटलेखकों को गरि‍याने वाले जानते नहीं हैं कि‍ नेट लेखन के लि‍ए साहित्यिक अतीत से मुक्त होकर सोचना परमावश्‍यक है। नेट रीडिंग और नेट लेखन में साहित्यिक अतीत की यादें और धारणाएं पग-पग पर बाधाएं खड़ी करती हैं। नेट लेखन शुद्ध लेखन है यह ऐसा लेखन है जि‍सने 'साहि‍त्‍य' परंपरागत धारणाओं,वि‍धाओं की धारणाओं,आलोचना, साहि‍त्‍य के इति‍हास,प्रेस लेखन आदि‍ सबको लेखन में रूपान्‍तरि‍त कर दि‍या है। अब सारी दुनि‍या में सि‍र्फ लेखन है और कुछ नहीं लेखन ही सत्‍य है। लेखक,आलोचना, महानता, वि‍द्वता,वि‍धाएं आदि‍ की स्‍वतंत्र सत्‍ता का अंत हो चुका है। अब सि‍र्फ लेखन बचा है । सब कुछ लेखन में समाहि‍त हो चुका है। नेट का जगत खुला जगत है। साहि‍त्‍य के बंद संसार से यह पूरी तरह भि‍न्‍न है। प्रभाषपंथी गुस्‍सैल दोस्‍त माफ करें उन्‍हें चाहे जि‍तनी तकलीफ हो उन्‍हें नेट के खुलेपन को झेलना पड़ेगा,नेट का खुलापन अभि‍व्‍यक्‍ति‍ की आजादी का चरर्मोत्‍कर्ष है।नेट में लि‍खे हुए को देखकर लेखक के वि‍जन का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। इसमें भागीदारी के लि‍ए उत्‍तेजना और गाली गलौज की भाषा की नहीं गंभीरता, नि‍‍र्भीकता और तत्‍क्षण बुद्धि‍ की जरूरत होती है। नेट लेखन में अपना वि‍जन महसूस करने के साथ अन्‍य के वि‍जन को भी महसूस करते हैं, गंभीरता से लेते हैं। नेट मूलत: प्रदर्शन की जगह है। यह बातचीत का आरामदायक स्‍थान नहीं है। हमारे पाठक तत्‍काल जि‍स स्‍थान पर टि‍प्‍पणी लि‍ख रहे हैं उसे कम्‍प्‍यूटर सि‍द्धान्‍तकारों ने 'हॉस्‍पीटल' की संज्ञा दी है। वेब का पाठक जब भी लौटकर यहां पर आता है तो मूलत: 'हास्‍पीटल' में ही लौटकर आता है। हमें देखना होगा कि‍ वह कि‍तनी बार लौटता है उसका बार-बार लौटना नेट के पाठ की पुष्‍टि‍ है।
वेब का लेखक साधारण लेखक नहीं होता,वह परंपरागत लेखक से बुनि‍यादी तौर पर भि‍न्‍न होता। यह बेहतर, आत्मसजग ,आलोचनात्मक, विचारक लेखक है। इसके पास प्रसि‍द्धि‍ है,सूचनाएं हैं। आत्‍माभि‍व्‍यक्‍ति‍ है। लेखन के साथ उसका परि‍वार,दोस्‍तों आदि‍ से संबंध भी बना रहता है। वेब लेखक की प्रति‍ष्‍ठा,संपर्क और शि‍रकत में नि‍रंतर वृद्धि‍ होती है। जो लोग सामाजिक परिवर्तन करना चाहते हैं तो उन्हें वेबसाइट बनानी होंगी। वेबसाइट को पढ़ना होगा। यदि वे ऐसा नहीं करते तो सामाजिक परिवर्तन, न्याय, और सामाजिक सुधार आदि संभव नहीं है। इसके लिए हमें राजनीतिक वेबसाइट बनानी होंगी। जो लोग वेब पर मिलेंगे उनके बीच गहरे संबंध होंगे। वे स्वतंत्रचेता विचारक होंगे। उनमें सामुदायिकता की भावना ज्यादा होगी। पुरानी तर्क प्रणाली में तर्क बदलने की गुंजाइश नहीं है। जबकि नेट में तर्क परिवर्तन की पर्याप्त संभावनाएं हैं। यह परंपरागत पाठ से भि‍न्‍न पाठ है। लिंक के कनेक्शन पर आधारित है।इसके कारण उसका सूचना आधार विकासशील है। उसमें निरंतर वृध्दि होती रहती है।वह यूजर के चारों ओर माहौल बनाए रखता है। प्रभाषपंथी इस बात से दुखी हैं कि‍ उनके बारे में अनाप-शनाप लि‍खा जा रहा है। ये नादान दोस्‍त हैं जानते ही नहीं हैं कि‍ इंटरनेट में कोई चौकीदार नहीं होता, कोई छलनी नहीं होती । इंटरनेट छलनी को अपदस्थ कर देता है। चयन में इस्तेमाल होने वाली सेंसरशिप को खत्म कर देता है। वह आधिकारिक तौर पर चीजों की छानबीन नहीं करता। इंटरनेट यह मानकर चलता है कि शिक्षित समाज में छलनी की जरूरत नहीं होती।सामान्य तौर पर लोग इतने जागरूक होते हैं कि वे गुणवत्तामूलक और अन्य सामग्री में फर्क कर लेते हैं। छलनी की जरूरत पूर्व शिक्षित संस्कृति के युग में होती है। प्रभाषपंथी भूल गए हैं कि‍ आज हम मध्यकाल से आगे आ चुके हैं। शिक्षित समाज में अबाधित सूचना प्रसार सामान्य और अनिवार्य जरूरत है। इसमें कुछ खतरे भी हैं। किंतु यदि हम स्व-प्रशासन की दिशा में आगे जाएंगे तो जोखिम तो उठाना होगा। इसके लाभ बहुत हैं। यहीं पर एक पुराना सवाल पैदा होता है कि सेंसरशिप को सेंसर कौन करेगा ? उल्लेखनीय है कि प्रत्येक यूजर अपने तरीके से छानता है।चयन करता है।अत: शुरू से छानकर देना सही नहीं होगा।हम यह कैसे तय करेंगे कि पाठक क्या चाहता है। पाठक क्या चाहता है इसे पाठक ही तय करेगा अन्य कोई तय नहीं कर सकता। आज का दौर समस्या केन्द्रित अध्ययन का दौर है। यह परीक्षा का दौर नहीं है। आज हमारे बच्चों के पास भी आलोचनात्मक विवेक है। यह ऐसा दौर है जिसे मीडिया के संदर्भ केसहारे पढ़ा नहीं जा सकता। इसे वेब के सन्दर्भ में पढ़ना चाहिए।वेब के जरिए लाखों-करोडों चैनलों ने हमला बोला हुआ है। यह वेब का हमला है। इसकी छानबीन संभव नहीं है। इसकी छानबीन का कोई तरीका भी नहीं है। यह पूर्णत: अराजक अवस्था है।
ऐतिहासिक दृष्टिकोण से लेखन ,रीडिंग और वाचन की तुलना में टाइपिंग अस्वाभाविक और घातक गतिविधि है। कम्प्यूटर क्रांति ने इसे चरमोत्‍कर्ष पर पहुंचाया है। लिखने से क्या लाभ होता है यह सब जानते हैं।वाचन से इंटरनेट पाठ की ओर संक्रमण मानवीय प्रगति का चरमोत्कर्ष है।यह अभिजात्य संप्रसार से व्यक्तिगत सृजन और स्वायत्तता (इंटरनेट) का विकास है।

साइबर स्‍पेस से भागता हिंदीवाला

दि‍लीप मंडल जी, आप जि‍स संसार की बातें कर रहे हैं वह हिंदी स्‍पेस के बाहर की साइबर दुनि‍या है,नयी दुनि‍या का नया रूप है।राजेन्‍द्र यादव अथवा उन जैसे अनेक हिंदी लेखक इस साइबर स्‍पेस वाकि‍फ नहीं हैं, वे उसे जानना भी नहीं चाहते। वे यह भी नहीं जानते कि‍ साइबर स्पेस वैकल्पिक चेतना है।यह दूसरी प्रकृति है। अब लोग 'साइबोर्ग' होते जा रहे हैं। साइबर स्पेस में खोजते रहते हैं,विचरण करते हैं, पढ़ते हैं ,आनंद लेते हैं, अपनी इच्छित इमेज बनाते रहते हैं। आज व्यक्ति के अस्तित्व के लिए अनंत विकल्प साइबर स्पेस दे रहा है। ये विकल्प मनुष्य को प्रत्येक क्षेत्र में उदार बना रहे हैं। साइबर स्पेस में विचरण करने का अर्थ है संकीर्णता की मौत । यहां निर्मिति पर जोर है। एक जमाना था जब निर्मिति को मनुष्य के लिए औपचारिकता के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। साइबर स्पेस में अनौपचारिक प्रतिक्रिया के अर्थ में इस्तेमाल किया जा रहा है। आज हम देख रहे हैं कि कम्प्यूटर व्यक्ति की अस्मिता के निर्माण के महत्वपूर्ण उपकरण के रूप में उभरकर सामने आया है। कुछ लोग मानते हैं कि यह व्यक्ति की अस्मिता का मर्म भी तय कर रहा है। सभी सूचनाओं का विशिष्ट दृश्यांकन है। वर्तमान और भविष्य का संचार नेटवर्क है। यह बहुस्तरीय यूजरों की एक साथ मौजूदगी और संपर्क का केन्द्र है। यहां सामग्री जोड़ी या घटायी जा सकती है। वास्तव जगत की नकल है।वर्चुअल रियलिटी है। इसमें दूर से डाटा संकलन किया जा सकता है।दूरसंचार के जरिए दूर से ही नियंत्रण किया जा सकता है।चीजों को अन्तर्गृथित करता है। बौध्दिकतापूर्ण मालों और माहौल को रीयल स्पेस में पहुँचाता है। साइबर स्पेस मौजूदा संपर्क रूपों के एकदम विपरीत है। यह कम्प्यूटरीकृत सूचना से युक्त है। सामान्य तौर पर हम सूचना के बाहर होते हैं। किन्तु साइबर स्पेस में हम सूचना के अंदर होते हैं। ऐसा करने के लिए हमें वाइट्स में अपना रूपान्तरण करना होता है। बाइट्स में रूपान्तरण करते ही व्यक्ति स्वयं सूचना बन जाता है। आज तक वह सूचना के बाहर था किन्तु इंटरनेट आने के बाद वह सूचना के अंदर आ जाता है। व्यक्ति का सूचना में रूपान्तरण विलक्षण परिघटना है। बाइट्स में रूपान्तरित सूचना की रक्षा के लिए ही प्राइवेसी के कानूनों की जरूरत होती है। बाइट्स में रूपान्तरित होने के बाद सूचना स्वायत्त हो जाती है। यदि वह सुरक्षा के घेरे में कैद नहीं है तो उसके दुरूपयोग की अनंत संभावनाएं हैं। सुरक्षा घेरे में रहने के कारण वह बंद रहती है। किन्तु सुरक्षा घेरा हटते ही सूचना का अन्य वस्तुओं में रूपान्तरण हो सकता है। साइबर स्पेस में सूचना की स्वायत्तता तर्क को अतर्क और अतर्क को तर्क बना देती है। यहां औपचारिकता का अनौपचारिकता में और अनौपचारिकता का औपचारिकता में रूपान्तरण हो जाता है। समय की धारणा खत्म हो जाती है।सब कुछ रीयल टाइम या यथार्थ समय में घटित होता है। अब जो सिस्टम का प्रति‍निधित्व करेगा वह बाइट्स बन जाता है। हिंदी लेखक अभी बाइटस नहीं बनना चाहते वे अपनी पुरानी लेखकीय पहचान से ही बंधे रहना चाहते हैं। लेखक ज बाइटस बनेगा तो उसकी दुनि‍या बदलेगी,मि‍जाज भी बदलेगा और दुनि‍या को देखने का नजरि‍या भी बदलेगा।
साइबर स्पेस डाटा, सूचना, एवं फॉर्म आदि को डिजिटल तकनीकी में विस्तार देता है। समृध्द करता है। पृथक् करता है। अनंत संभावनाओं के द्वार खोलता है। अब हम प्रतिनिधित्व के युग में पहुँच चुके हैं।हमारे हिंदी लेखक जानते ही नहीं हैं कि‍ साइबर स्पेस कल्पना का स्वर्ग है। यह कविता के तत्वों को भी आत्मसात् कर लेता है। रेखीय चिन्तन कविता की बुनियाद है। उसका क्रमिक स्मृति से संबंध है। इसमें प्रत्येक चीज संचित की जा सकती है। किन्तु इसे खोजने के लिए समय की जरूरत होगी। अत: इसके लिए चिर-परिचित रणनीति अपनायी जाती है। जिससे सूचना हासिल की जा सके। साइबर स्पेस वह जगह है जहां सचेत स्वप्न और अचेत स्वप्न की मुलाकात होती रहती है। यह तर्कपूर्ण जादू की दुनिया है। रहस्य का तर्क है। यह दरिद्रता के ऊपर कविता की विजय है।
( मोहल्‍ला लाइव और देशकाल डाट कॉम पर दि‍लीपमंडल के लेख पर टि‍प्‍पणी )

विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...