सोमवार, 18 जनवरी 2010

'बसु के जाने से राजनीति का एक अध्याय समाप्त हो गया'





17 Jan 2010, 1534 hrs IST,भाषा  
 पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु के निधन पर गहरा शोक जताते हुए कहा 
कि बसु के निधन से राजनीति का एक अध्याय समाप्त हो गया। वाजपेयी ने बसु को कुशल प्रशासक और जुझारू राजनीतिक कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि वह कर्मठ व्यक्तित्व के धनी थे।

अपने शोक संदेश में पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि ज्योति दा ने पश्चिम बंगाल में न केवल सर्वाधिक समय तक शासन करने वाले मुख्यमंत्री का रेकॉर्ड बनाया, बल्कि अनेक दूरगामी कदम उठाए। वह अपने विचारों के प्रति अडिग और उसके लिए संघर्ष करने वालों में से थे। वह अपने परिश्रम से मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे थे।

उन्होंने कहा कि बसु के जाने से राजनीति का एक अध्याय समाप्त हो गया है। मैं उनके प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मैं परमात्मा से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और उनके परिजनों व सहयोगियों को यह असीम दु:ख सहने की शक्ति दे।


बसु के निधन पर आंसुओं में डूब गया कोलकाता



 

सीपीएम के कद्दावर नेता ज्योति बसु के निधन की खबर जैसे ही फैली, पूरा कोलकाता गम के सागर में डूब गया और लोग अपने दिवंगत नेता को आख
िरी श्रद्धांजलि देने के लिये अस्पताल में उमड़ पड़े। कई लोगों को आंसुओं में डूबे हुए देखा जा सकता था। फिल्म ऐक्टर मिथुन चक्रवर्ती भी भीड़ में अपने आंसुओं को रोकने की कोशिश करते नजर आए।

सीपीएम पोलित ब्यूरो के सदस्य और राज्य सचिव विमान बोस अस्पताल से भावुक होकर दोपहर 12 बजकर 12 मिनट पर बाहर निकले और 96 वर्षीय बसु के निधन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि एक बुरी घोषणा करनी है। हमारे प्रिय नेता ज्योति बसु नहीं रहे।

इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम, मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य, लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी और कई वाम नेता अस्पताल पहुंचे। सीपीएम महासचिव प्रकाश करात और वृंदा करात भी वहां मौजूद थे।

सॉल्ट लेक स्थित अस्पताल की ओर जाने वाला रास्ता भी पुलिस ने यातायात के कारण बंद कर दिया। वहां बड़ी संख्या में गाड़ियां जमा हो गई थीं। (नवभारत टाइम्स)

कष्ट और कुर्बानी से बने थे ज्योति बाबू




आम आदमी की जिंदगी जीना सबसे मुश्किल काम है। अभिजन परिवार में पैदा होने और सुखों से भरी जिंदगी छोड़ने की किसी की इच्छा नहीं होती। खासकर इन दिनों सभी रंगत के राजनीतिक दलों में सुख और वैभव के साथ राजनीति करने की होड़ मची है । ऐसी अवस्था में ज्योति बाबू का चले जाना क्रांतिकारी कतारों को तो बड़ा झटका है ही। साथ ही देश की स्वच्छ राजनीति के लिए भी गहरा झटका है।
    ज्योति बाबू सही अर्थ में गांधी के दरिद्र नारायण के प्रतीक पुरुष थे। उनके व्यक्तित्व में भारत के मजदूरों का बिंब झलकता था। भारत में महात्मा गांधी ने राजनीति को जहां छोड़ा था ज्योति बाबू ने देश की राजनीति को उस बिंदु से आगे बढ़ाया। गांधी ने भारत की आजादी की जंग में प्रेरक प्रतीक की भूमिका अदा की थी ,साम्प्रदायिकता को रोकने की प्राणपण से चेष्टा की थी,राष्ट्र के सम्मान और जनता के हितों की रक्षा करने के लिए अपने जीवन के समस्त सुखों को त्याग दिया था, ठीक यही प्रस्थान बिंदु है जहां से ज्योति बाबू अपनी कम्युनिस्ट जिंदगी आरंभ करते हैं।
     लंदन से बैरिस्टरी पास करके भारत आने के बाद कम्युनिस्ट पार्टी के पूरावक्ती कार्यकर्त्ता का जीवनपथ स्वीकार करते हैं। उल्लेखनीय है  ज्योति बाबू के यहां दौलत की कमी नहीं थी, गरीब मजदूरों -किसानों की सेवा के लिए उन्होंने सादगीपूर्ण जीवनशैली अपनायी। सादगी और कष्टपूर्ण जीवन का मंत्र उन्हें मजदूरों से मिला था। अभिजनवर्ग के स्वभाव ,वैभव,मूल्य और राजनीति का विकल्प गरीबों के जीवन में खोजा, जिस समय राजनेता गांधी की विचारधारा के पीछे भाग रहे थे उस समय ज्योति बाबू गरीबों के हितों और सम्मान की रक्षा के लिए खेतों -खलिहानों से लेकर कारखाने के दरवाजों पर दस्तक दे रहे थे। गांधी की राजनीति खेतों और कारखानों के पहले खत्म हो जाती थी जबकि ज्योति बाबू की राजनीति वहां से आरंभ होकर संसद-विधानसभा के गलियारों तक जाती थी।
  ज्योति बाबू ने सही अर्थों में गरीब और संसद के बीच में सेतु का काम किया था। गरीबों के बोध में जीकर ज्योति बाबू ने अपने मार्क्सवादी सोच को परिष्कृत किया था। कल बांग्ला चैनल स्टार आनंद पर साक्षात्कार में पश्चिम बंगाल के भू.पू. मुख्यमंत्री सिद्धार्थशंकर राय ने कहा वे ज्योति बाबू के घर नियमित आते -जाते थे। साथ ही रसोईघर में भी जाते थे , उन्होंने कहा मैंने कभी उनके यहां मांस-मछली का खाना बनते हुए नहीं देखा। उस समय ज्योति बाबू विधायक थे, और आधा विधायक भत्ता पार्टी ले लेती थी। भत्ता भी कम मिलता था। आधे भत्ते में ज्योति बाबू किसी तरह गुजारा करते थे। एकदिन सिद्धार्थशंकर राय ने प.बंगाल के तत्कालीन मुख्यमंत्री विधानचन्द्र राय से कहा कि ज्योति बाबू बेहद कष्ट में जीवनयापन कर रहे हैं ,उन्हें विधानसभा में विपक्ष का नेता बना दीजिए और भत्ता भी बढ़ा दीजिए ,उन्होंने तुरंत ज्योति बाबू को विपक्ष का नेता बना दिया और भत्ता बढ़ाकर 750 रुपये कर दिया। ज्योति बाबू ने यह भत्ता कभी नहीं लिया। और कष्टमय जीवन जीना पसंद किया। सिद्धार्थशंकर राय ने कहा कि ज्योति बाबू ने सारा जीवन कष्ट और कुर्बानी देकर गुजारा। उनके जैसा बेहतरीन इंसान होना असंभव है।  

रविवार, 17 जनवरी 2010

ज्योति बसु की मृत्यु - भारतीय साम्यवाद के स्वर्णयुग का अंत




    ज्योति बाबू ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में जो काम किए वैसे मुश्किल काम सिर्फ समाजवाद में संभव माने जाते थे। मसलन् पश्चिम बंगाल में व्यापक स्तर पर भूमिसुधार कार्यक्रम लागू किया गया। पश्चिम बंगाल के अलावा जम्मू-कश्मीर में शेख अब्दुल्ला और केरल में ईएमएस नम्बूदिरीपाद को भूमिसुधार राज्यस्तर पर लागू करने का श्रेय जाता है।
   ज्योति बाबू के व्यक्तित्व में बंगाली अभिजन और मार्क्सवादी संस्कारों का विलक्षण मिश्रण था। उनका व्यक्तित्व जन और अभिजन के साझा रसायन से बना था। इसके कारण उनकी जन-अभिजन दोनों के प्रति लोचदार और सामंजस्यवादी समझ थी। अपने इसी लचीले स्वभाव को उन्होंने राजनीति के नए संसदीय मार्क्सवाद में रुपान्तरित कर लिया था। उन्हें संसदीय मार्क्सवाद का दादागुरु माना जाता था। संभवत: सारी दुनिया में ज्योति बाबू अकेले कम्युनिस्ट थे जिनसे संकट की घड़ी में सभी रंगत के पूंजीवादी नेता सलाह लेते थे।
   ज्योति बाबू की इमेज के निर्माण में उनकी सादगीपूर्ण जीवनशैली की केन्द्रीय भूमिका थी। अमीर खानदान में पैदा होने और शानदार अभिजन सुलभ उच्च शिक्षा पाने के बावजूद उन्होंने अमीरों के भवनों में रहने और अमीरों की राजनीतिक सेवा करने की बजाय कम्युनिस्ट पार्टी का होल टाइमर होना पसंद किया। संपत्ति और पूंजी के सभी प्रपंचों से दूर रखा। दूसरों के दुख और खासकर गरीबों के दुखों को अपने जीवन संघर्ष का अभिन्न हिस्सा बना लिया। इस प्रक्रिया में ज्योति बाबू का व्यक्तित्वान्तरण हुआ साथ ही कम्युनिस्ट पार्टी का भी चरित्र बदला, खासकर पश्चिम बंगाल में पार्टी का चरित्र बदलने में सफलता मिली। उन्होंने किसान की मुक्ति को प्रधान राजनीतिक एजेण्डा बनाया। 
     ज्योति बाबू ने सन् 1977 में पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री पद की जब कमान संभाली तो पार्टी पूरी तरह पूंजी और उद्योग के प्रति नफरत से भरी थी। इस मनोदशा को बदलने में उन्हें कठिन विचारधारात्मक संघर्ष से गुजरना पड़ा और आज समूची माकपा तमाम राजनीतिक दबाबों के बावजूद उद्योग के एजेण्डे पर सक्रिय है।
  ज्योति बाबू ने भारत के कम्युनिस्टों को लोकतंत्र के दो प्रमुख मंत्र सिखाए किसान और उद्योग की सेवा करो। देशहित और जनहित को पार्टी हितों के ऊपर रखो। पार्टी अनुशासन को मानो और मार्क्सवाद और लोकतंत्र के विकास के लिए विकल्पों पर नजर रखो, कभी विकल्पहीनता में मत रहो, विकल्प जहां से भी मिलें उन्हें सामूहिक फैसले के जरिए लागू करो।          
   
               

गुरुवार, 14 जनवरी 2010

ब्राँड संस्कृति और ग्लोबल शोषण चक्र

   ग्लोबलाइजेशन का युग ब्रॉण्ड का युग है।आप चारों ओर लोगोज देखते हैं। यहां तक कि आपकी निजी जीवन की अवस्था में भी लोगोज देखते रहते हैं।सार्वजनिक स्थानों से लेकर व्यक्तिगत बाथरुम तक सभी जगह लोगोज का साम्राज्य है।यह ऐसी दुनिया है जिसे ब्रॉण्ड दुनिया कह सकते हैं।यह हमारी अभिरुचि,सांस्कृतिक स्टैण्डर्ड और व्यक्तिवादिता परिभाषित कर रहे हैं।


ब्रॉण्ड संस्कृति का नारा है '' जस्ट डू इट'' । ब्रॉण्ड के युग में प्रोडयूसर और प्रोडक्ट के बीच नए किस्म का संबंध बनते हैं। ब्रॉण्ड मूलत: एक गुणवत्तापूर्ण माल की गारंटी है।ब्रॉण्ड अपने को मूल प्रोडक्ट से पृथक कर लेता है और बिक्री की वस्तु बन जाता है।


 अनेक बहुराष्ट्रीय ब्रॉण्ड नाम रूपान्तरण की प्रक्रिया में हैं, वे भूमंडलीय ब्राँण्ड के रुप में पहचान बना रहे हैं, ब्राँण्ड में गंभीर आंतरिक अर्थ सपने की तरह पेश करते हैं।वे क्यों व्यक्तिवादिता,खेलकूद की भावना ,अलमस्त भाव अथवा सामुदायिक स्प्रिट पेश करते हैं ?यही वह बिंदु है जिसके आधार पर वस्तु के ऊपर विचार को पेश किया जाता हैं, मार्केटिंग विभाग के पास ब्राँण्ड की पहचान बनाने का जिम्मा होता है और वे उस वस्तु को देखते हैं जिसके साथ प्रतिस्पर्धा है,हम ' जानते हैं कि माल फैक्ट्री में तैयार होता है।'' 


 वाल्टर लेण्डर ,प्रेसीडेण्ट लेण्डर ब्रॉण्डिंग एजेंसी ,ने कहा ''किंतु ब्रॉण्ड मन में तैयार किया जाता है।''  जे.वाल्टर थामसन एजेंसी के प्रेसीडेंट पीटर शुटजर ने कहा '' प्रोडक्ट और ब्रॉण्ड में बुनियादी फर्क है ,प्रोडक्ट वह है जो फैक्ट्री में तैयार होता है,ब्रॉण्ड वह है जो उपभोक्ता को पेश किया जाता है।'' 


ब्रॉण्ड में विचार,जीवनशैली,एटीट्यूट आदि मूल्यों को शामिल किया जाता है,ब्रॉण्ड निर्माता ही तथाकथित ज्ञान अर्थव्यवस्था के प्रस्तोता हैं। ब्राँण्ड की खूबी है कि वह जिस वस्तु के साथ जुड़ा होता है उससे अलग अस्तित्व के अन्य क्षेत्रों में स्वयं ही सक्रिय हो जाता है।


मसलन् नीकी ब्राँण्ड को ही लें,वह आरंभ में उच्च तकनीकी का स्नीकर हुआ करता था,अमेरिका में साठ और सातवें के दशक में जॉगिंग का जोर था, जब आठवें दशक में जॉगिंग का उन्माद ठंडा पड़ गया तब उस समय रीवुक ने नीकी को जीवनशैली के रुप में पेश किया।उसे ''एसेंस ऑफ एथलेटिसिज्म' के रुप में पेश किया। इसके लिए नीकी ने अनेक नामी खिलाडियों को मॉडल के रुप में उतारा।बाद में नीकी को ब्रॉण्ड के रुप में ट्रैकसूट,टी-शर्ट, बाथिंग सूट,मोजा,आदि के साथ पेश किया। आज वह सिर्फ जूता ही नहीं है,बल्कि उसने अन्य वस्तुओं में भी अपना प्रसार कर लिया है। 


ब्राँण्ड सिर्फ एक वस्तु तक सीमित नहीं रहता बल्कि अस्तित्व की अन्य वस्तुओं में अपना प्रसार कर लेता है। यही बात अन्य ब्राँण्ड पर भी लागू होती है। सफल ब्राँण्ड की विशेषता है कि वह 'सिनर्जी' अथवा सहक्रिया पैदा करता है।वही उसके मुनाफे का स्रोत है। 


उद्योग में वर्चस्व ही सब कुछ नहीं होता,ब्राँण्ड के लिए है कि वह अन्य क्षेत्र में भी प्रसार करे।मसलन् खेल से मनोरंजन अथवा स्कूल से संस्कृति की ओर प्रसार करे। ब्राँण्ड का लक्ष्य होता है उपभोक्ता की इच्छाओं के साथ एकीकृत करना।उपभोक्ता की इच्छाओं को ब्राँण्ड में उतारना।


 जब ब्राँण्ड में जीवनशैली को आरोपित कर दिया जाता है तो फिर वह ग्राहक को यह विश्वास दिलाने की कोशिश करता है कि तुम सारी जिन्दगी इसमें रह सकते हो।अब जंग वस्तुओं के बीच में नहीं बल्कि ब्राँण्डों के बीच शुरू हो जाती है। वह निरंतर अपनी सीमाओं को निर्मित और पुनर्निमित करते रहते हैं।वे अपनी सीमाओं का विस्तार करते हैं और ज्यादा से ज्यादा जीवनशैली अपने में समाहित करने की कोशिश करते हैं। अब जंग वस्तु को बेचने के लिए नहीं बल्कि जीवनशैली को बेचने के लिए होने लगती है। इस जंग का सामाजिक आधार है युवावर्ग। 


मसलन् नीकी ब्रॉण्ड ने 'कूल' पर बहुत जोर दिया,इसकी बाद में खोज की गई कि आखिरकार 'कूल' पर इतना जोर क्यों ?टॉमी हेलीफिगर ने उद्धाटित किया कि काले लोगों की बस्तियों में जाकर उसका रहस्य छिपा है। अमरीका के काले गरीब युवाओं में जो जीवनशैली प्रचलन में थी उसे गोरे युवाओं के बाजार में लाकर खड़ा कर दिया गया। इसके लिए जो विज्ञापन तैयार किए गए उनमें परजीवी जीवन संबंधों को केन्द्र में रखा गया। नीको के ब्राँण्ड ने युवाओं के अलगाव और बागी सांस्कृतिक रुपों को अभिव्यक्ति दी,ये वे युवा थे जो पंक संस्कृति,हिप-हॉप संस्कृति आदि से आते थे।यही स्थिति उन्होंने स्त्रीवाद,समलैंगिक मुक्ति और बहुसांस्कृतिकवाद के संदर्भ में भी की। ये सारी थीम प्रतिष्ठान विरोधी,सत्ता विरोधी थीं और यही वह बुनियादी वजह है कि नीकी ब्राँण्ड हिट कर गया।


किसी माल का मार्केटिंग के दौरान ब्राँण्ड में रुपान्तरण सामयिक पूंजीवाद की गुलामी के फिनोमिना की आदर्श अभिव्यक्ति है। इसमें सारा उत्पादन कांट्रेक्ट पर होता है,इसी में मेगा ब्राँण्ड की नई चीजें जन्म लेती हैं,इससे जहां एक ओर लागत में बचत होती है वहीं दूसरी ओर ब्रॉण्ड को मार्केटिंग के जरिए उतारने में सहूलियत होती है। यहां एक एशियाई एक्सपोर्ट प्रोसेसिंग जोन से माल दूसरे प्रोसेसिंग जोन में भेजा जाता है।


मसलन् नीकी को ही लें, उसका ताइवान से कोरिया के प्रोसेसिंग जोन में स्थानान्तरण किया जाता है। इसी क्रम में हमें यह भी पता चलता है कि आखिरकार ब्राँण्ड किस तरह की श्रम-संस्कृति को पैदा कर रहे हैं।ब्राँण्ड के लिए काम करने वालों को यूनियन बनाने का अधिकार नहीं है,इन्हें श्रम की पगार कम दी जाती है,हमेशा अस्थायी कर्मचारी के रुप में काम करना होता है,खासकर एक्सपोर्ट प्रोसेसिंग जोन में औरतें अस्थायी रुप में काम करती हैं। यह स्थिति फिलीपींस में नीको के कारखानों में दर्ज की गई। यही वह बिंदु है जहां विकासशील देशों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का हमारा भ्रम टूटता है।


 युवा लोगों की वास्तव जिंदगी देखकर ग्लोबलाइजेशन की बर्बरता के प्रति घृणा पैदा होती है,इन इलाकों में जो युवा मजदूर काम कर रहे हैं उनके हालात कैदी जैसे हैं। वे जो पगार पाते हैं वह उनके श्रम की बदले जितनी मिलनी चाहिए उसकी तुलना में बहुत कम होती है।अधिकतर मजदूरों की पगार का बड़ा हिस्सा कमरे ,परिवहन, और बुनियादी खर्चों पर ही व्यय हो जाता है।


वियतनाम और चीन के सरकारी अधिकारी इस बात को लेकर हमेशा परेशान रहते हैं कि कहीं निवेशक भाग न जाए,इसलिए निवेशकों के लिए वे सभी किस्म के करों में छूट देते हैं,साथ ही मजदूरों को यूनियन नहीं बनाने देते। हमारे यहां भी ग्लोबलाइजेशन के नाम पर आईटी क्षेत्र से लेकर एसईजेड तक यही सरकारी प्रस्ताव है। इन इलाकों में कोई यूनियन नहीं होगी।


 जब भी मजदूरों के शोषण का सवाल सामने आता है तो ये कंपनियां अपनी जिम्मेदारी से हाथ झाड़ लेती हैं। वह ठेकेदार पर जिम्मेदारी डाल देती हैं,सब-कांट्रेक्टर पर जिम्मेदारी डाल देती हैं।वे कहती हैं कि यह विवाद मजदूरों और सब-कांट्रेक्टर के बीच का है,उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। मजदूरों ने जब नीकी,रीवुक,आदिदास आदि कंपनियों के कारखानों में मजदूरों के शोषण,कम पगार और श्रम की भयावी अवस्था के सवाल उठाए तो यही बात कही गयी। 


इन सभी कंपनियों की रणनीति यह होती है कि इनके यहां कोई स्थायी कर्मचारी नहीं होता,वे उन्हें कम से कम पगार देते हैं, हमेशा अंशकालिक कर्मचारी के रुप में रखते हैं, साथ उन्हें किसी अन्य एजेंसी के जरिए अथवा अन्य के नाम पर नौकरी देते हैं। पहले जो काम किसी कंपनी के स्थायी कर्मचारी किया करते थे अब वही काम ठेका पर काम करने वाली एजेंसियों के मजदूर करते हैं। ऐसी स्थिति में कंपनी के पास संपूर्ण मानव संसाधन तो होते हैं किंतु उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं होती। अब कंपनी मालिकों का नया मजदूर मंत्र है '' तुम मूर्ख हो यदि उनके मालिक हो।'' पहले कंपनी मजदूरों की मालिक कहलाना पसंद करती थीं अब मालिक कहलाने वाले मूर्ख कहे जाते हैं। इस समूची प्रक्रिया का परिणाम यह निकला है कि कारपोरेट घरानों की सामाजिक बढत स्थापित हुई है।मजदूर हाशिए पर पहुँच गया है, उसके अब तक के अर्जित अधिकार भी दांव पर लग चुके हैं। उसकी सारी उपलब्धियों के सामने खतरा खड़ा हो गया है। 

बुधवार, 13 जनवरी 2010

रवीश कुमार की नजर में 'नई रोशनी' ब्लॉग


(दैनिक हिन्दुस्तान में सुधा सिंह के ब्लॉग 'नई रोशनी ' पर मीडिया और ब्लॉग मर्मज्ञ रवीश कुमार का शानदार मूल्यांकन )


ब्लॉग वार्ता : इस हिन्दी का क्या होगा
रवीश कुमार
First Published:12-01-10 11:44 PM
Last Updated:12-01-10 11:48  
क्या वाकई स्त्री और पुरुष आत्मकथाओं के शीर्षकों और विषयों में फर्क होता है? सुधा सिंह लिखती हैं कि जब पुरुष आत्मकथा लिखता है तो शीर्षक होता है अपनी धरती अपने लोग, सत्य के साथ मेरे प्रयोग आदि। जब स्त्री आत्मकथा लिखती है तो शीर्षक बदल जाते हैं। दोनों की दुनिया में जमीन-आसमान का अंतर दिखता है। ऐसा क्यों होता है कि स्त्री उन परिस्थितियों पर गर्व नहीं करती जिन से लड़ते हुए उसका अस्तित्व विकसित हुआ है। इन पर विजय उसके किसी भी तरह के विजेता भाव को जन्म देने में असमर्थ होता है।
दिल्ली विश्वविद्यालय की सुधा सिंह का यह ब्लॉग बौद्धिक सवालों से टकराता है। कोलकाता विश्वविद्यालय के जगदीश्वर चतुर्वेदी के ब्लॉग नया जमाना की तरह सुधा सिंह का ब्लॉग ‘नई रोशनी’ विषयों को गहराई से समझने का अच्छा मंच बनता जा रहा है। आप क्लिक कीजिए। यहां आपको स्त्री विमर्थ, स्त्री भाषा, हिन्दी का बाजार, स्त्री अनुभव और मजदूर जैसे लेखों के शीर्षक मिलेंगे। जिनके बारे में अब प्रचलित माध्यमों में लिखने बोलने का चलन सिमटता जा रहा है।
सुधा लिखती हैं कि पुरुष आत्मकथाओं में स्त्री की अनुपस्थिति होती है। पत्नी की सिर्फ औपचारिक भूमिका होती है या फिर मर्दानगी के प्रदर्शन के रूप में एकाधिक प्रेमिकाओं का जिक्र मिलता है। जबकि स्त्री आत्मकथाओं के केंद्र में पुरुष होता है। स्त्री के पूर्ण व्यक्तित्व को आच्छादित करनेवाली पति और पिता की मुख्य भूमिका होती है। पति के अलावा अन्य प्रेम का उल्लेख नहीं होता, कामुकता न के बराबर होती है।
इसके बाद सुधा सिंह भाषा में स्त्री की भूमिका और स्थान पर चर्चा करती है। भाषा विज्ञानी डेल स्पेण्डर की किताब मैन मेड लैंगवेज का जिक्र आता है। इसके हवाले से सुधा कहती हैं कि स्त्रियां इस बात से वाकिफ हैं कि पुरुष श्रेष्ठता एक मिथ है। भ्रम है। सुधा का एक और लेख है। हिंदी के भाषाविद स्त्रीभाषा कब पढ़ायेंगे। वो कहती हैं मौजूदा सिस्टम में बारह चौदह साल की पढ़ाई के बाद अगर कोई सवाल करे कि अपने अध्ययन के आधार पर बताइये कि स्त्री कैसी थी, उसका संसार कैसा था, वह कैसे सोचती थीं तो उत्तर नकारात्मक होगा। भाषा सत्य के साथ घालमेल करने का माध्यम है। इस पर पुरुषों का ही कब्जा रहा है।
स्त्री हीनता के नियम भाषा में कैसे काम करते हैं देखना हो तो भाषा विज्ञान के पाठय़क्रम को देखना चाहिए। स्त्रियां भाषा का इस्तेमाल पुरुषों की तरह खुल कर नहीं करतीं। सुधा कहती हैं कि भाषा को इस तरह से देखना ठीक नहीं होगा। यह एक तरह का पूर्वाग्रह है। चूंकि स्त्रियां भाषा का इस्तेमाल करती हैं इसलिए इसे सिर्फ मर्दों की देन या मिल्कियत नहीं मान सकते। सैंकड़ों बरस के शिक्षा के इतिहास में भाषा को कभी स्त्री संदर्भ में नहीं देखा गया। न ही भाषा के निर्माण में स्त्री की भूमिका को समझा गया।
सुधा को जनसंख्या के आधार पर हिंदी की ताकत को देखने पर भी सवाल करती हैं। कहती हैं कि कितने करोड़ बोलते हैं, यह भाषा की मार्केटिंग है। कोई भी अखबार या चैनल हिन्दी में आने से हिन्दी का भला नहीं करता। इन माध्यमों के लिए तो हिन्दी एक ऊपरी आभूषण है। यह सच है कि हिन्दी चैनलों और अखबारों की बाढ़ आई है लेकिन इससे भी बड़ा सच यह है कि पिछले कई साल में हिन्दी में कोई भी ऐसी खोजी रिपोर्ट प्रकाशित नहीं हुई है जो पूरे देश का ध्यान खीचे। उम्मीद है सुधा के इस सवाल पर इन माध्यमों के ज्ञानी जवाब देंगे। क्या वाकई में हिन्दी पट्टी के पत्रकारों ने अपनी प्रखरता और ताकत खो दी है।
सुधा हिन्दी में चल रहे अनगिनत धारावाहिकों का भी अलग नजरिया पेश कर रही हैं। कहती हैं कि इन तमाम सीरियलों में स्त्री एक अनुत्पादक वर्ग की तरह पेश की जाती है। वो काम करती कम दिखती है। अर्जित नहीं करती, बल्कि उपभोग की दुकान की तरह पेश की जाती है। यह परंपरा यूरोप से आती है। ये सामान्य ढर्रा है कि जो स्त्री दिखाई जाए वह घरेलू हो।
ध्यान रहे कि सीरियल में कहानी महत्वपूर्ण नहीं होती, चरित्र होते हैं। चरित्र के जरिए पूरे बाजार का उपभोग का ढांचा तय होता है और सभी चरित्र अनुत्पादक हैं। वो स्त्रियां हैं जो महंगे गहनों कपड़ों में अपने पुरुषों के ओहदे के अनुसार लदी है। एक दूसरे के खिलाफ षड्यंत्र कर रही हैं। काश ये चैनल दिखा पाते ऐसी स्त्री जो आधुनिक हो, आत्मनिर्भर हो। संघर्ष से पहचान अर्जित करती हो, लेकिन यहां तो  स्त्रियां सजी-धजी और लाउड मेकअप में ही नजर आती हैं। चिर युवा।
ravish@ndtv.com

मंगलवार, 12 जनवरी 2010

मध्यपूर्व और एडवर्ड सईद की संगीतदृष्टि- 7- समापन किश्त

आज बाजार में जिस तरह से सस्ते दामों पर संगीत उपलब्ध है उसका श्रोता पर बहुत कम असर होता है ,इसके अलावा श्रोता भी कमजोर होता है। वह आज ऐसी स्थिति में भी नहीं है कि अच्छे ढ़ंग से संगीत की प्रशंसा कर दे। आज के संगीत ने श्रोता को गूंगा बना दिया है। 


आज श्रोता के ऊपर जिस तरह के हमले हो रहे हैं उसने पूरी तरह से श्रोता के अंदर मर्दवादी अनुभवों का संचार किया है। हमारे रोजमर्रा के संगीत कार्यक्रमों में गायकों को जिस तरह के प्रशंसा शब्द बोले जाते हैं वे मर्दानगी का भाव लिए होते हैं। आजकल हम जिस तरह की संगीत प्रिफार्मेंस देख रहे हैं उसमें मौलिकता का अभाव होता है, यह मूलत: नकल है, जो शास्त्रीय संगीतकार आए दिन कार्यक्रमों में पेश करते रहते हैं वहां पर भी मौलिकता के कम और पुनरावृत्ति के दर्शन ज्यादा होते हैं। वे संगीत साधना के नाम पर वर्षों से एक ही चीज को तरह-तरह से दोहरा रहे हैं। 


कुछ ने संगीत को स्वर में और कुछ ने वाद्ययंत्रों की पुनरावृत्तिमूलक प्रस्तुतियों में तब्दील कर दिया है। वे संगीत के प्रदर्शनों के जरिए स्वयं की आत्मा को संतोष प्रदान करते  हैं। जबकि सार्वजनिक जीवन में उनकी संगीत प्रस्तुतियां कृत्रिम संगीत वातावरण बनाती हैं। यह ऐसा संगीत है जिसमें उत्पादन और पुनर्रूत्पादन की क्षमता नहीं है। इसमें मौलिकता पर कम पुनरावृत्ति पर ज्यादा जोर है, इसमें नए का उदय बहुत ही धीमी गति से हो रहा है। संगीत की  पुनरावृत्ति के वातावरण को संचार की नई तकनीक ने चरमोत्कर्ष पर पहुँचा दिया है।


एडवर्ड सईद ने एडोर्नो के द्वारा संगीत की भूमिका के बारे में व्यक्त सैध्दान्तिक विचारों को आधार बनाते हुए लिखा है  संगीत के क्षेत्र में तीन बड़े परिवर्तन घटित हुए हैं। इन्हें एडोर्नो ने तीन सिध्दान्त का रूप दिया है। बीथोविन के मरने के बाद (1827 में मौत हुई) संगीत का यथार्थ जगत से पूरी तरह संपर्क टूट गया। अब संगीत के सौंदर्य और यथार्थ में पूरी तरह अंतराल आ गया। 


बीथोबिन की अंतिम स्टाइल ने  संगीत को सामान्य ऐतिहासिक यथार्थ में नए किस्म की स्वायत्ताता प्रदान की। बीथोबिन के एक सौ साल बाद अरनॉल्ड शोइनबर्ग ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की और संगीत को नया अर्थ प्रदान किया। संगीत को नया रेशनल प्रदान किया। दूसरा महत्वपूर्ण विकास यह हुआ कि संगीत की समूची व्यवस्था का तकनीकीकरण हुआ जिसके कारण रूपों,कार्यक्रमों, स्वरलिपि आदि सभी का विवेकपूर्ण निर्धारण हुआ। यह एक तरह से जबर्दस्ती निर्धारित किए गए नियम हैं। ये रूपान्तरणकारी भूमिका को खत्म कर देते हैं। साथ ही वैधता और अलगाव को भी खत्म कर देते हैं। अथवा यह भी कह सकते हैं संगीत से जुड़ी प्रत्येक चीज से अलगाव को खत्म कर देते हैं। इसके बाद ही इम्प्रोबाइजेशन,रचनात्मकता,कम्पोजिशन, आरोपण, वैविध्य, और सामाजिकता की अवधारणा पैदा हुई। इसके बाद जो स्थिति आई उसने एक तरह की जड़ता पैदा की है।
    


समाज में चौतरफा बुर्जुआ संगीत का बिगुल बज रहा है। मजदूरवर्ग अपना संगीत बनाने में समर्थ रहा। इस प्रक्रिया में जो संगीत पैदा हुआ है वह पूरी तरह 'अ-सामाजिक' है। बल्कि यह कहना ज्यादा सही होगा कि सामाजिक सरोकारों से कटा हुआ है। यह बिच्छिन्ना सद्भाव संगीत है। अर्थहीन संगीत है। इस संगीत का सौंदर्य यही है कि यह सभी किस्म के सौंदर्य को अस्वीकार करता है। सौंदर्य के भ्रमों को अस्वीकार करता है। यह ऐसा संगीत है जो बगैर सुने ही मर जाता है। जिसकी गूंज कहीं पर भी सुनाई नहीं देती।इसके संग्रहकर्त्ता बहुत छोटे लोग होते हैं। यह नपुसंक बंदूक की तरह है।


 एडोर्नो के शब्दों में आधुनिक संगीत अपने अंतिम अनुभव में तकनीकी अनुभव प्रदान करता है। आधुनिक संगीत अपने लक्ष्य से पूरी तरह भटक गया है। शोएनबर्ग के शब्दों में कहें तो आधुनिक संगीत पुराना होता जा रहा है। एडोर्नो कहता है  आज हम शास्त्रीय संगीत को नए रूपों में सुन रहे हैं। ये नए किस्म के सौंदर्यबोधीय और सामाजिक अनुभव को लेकर आ रहा है। इस संगीत की सबसे बेहतरीन चीज है इसका आरंभ। सईद ने लिखा  संगीत हमेशा सामाजिक परिवेश से जुड़ा रहता है। विशेष किस्म के सौंदर्य और सांस्कृतिक अनुभवों को अभिव्यक्त करता है। इसके गर्भ से नागरिक समाज जन्म लेता है।
   
सईद ने फूको के हवाले से लिखा है  सामयिक बुध्दिजीवियों की यह खूबी है कि उन्हें संगीत के बारे में कुछ भी पता नहीं है।  बुध्दिजीवी संगीत के बारे में कुछ भी नहीं बोलते। चाहे वह शास्त्रीय संगीत हो अथवा बाजारू संगीत हो, बुध्दिजीवियों को किसी भी किस्म के संगीत के बारे में कुछ भी पता नहीं होता। 


आधुनिक संगीत के बारे में एडोर्नो ने आखिरी बात यह कही थी कि उसमें 'एक्सक्लूसिविज्म' यानी बहिष्करण या एकांतिता है। इसके कारण वह किसी नए को निर्मित नहीं करता बल्कि संगीत को पागल की तरह अलग ले जाता है उसकी आवाज बंद कर देता है। अंतत: गैर-विमर्शात्मक कला में तब्दील कर देता है।
     
मौजूदा दौर आधुनिकतावादी संगीत का दौर है। इस दौर में संगीत के अनुभव फ्रेंगमेंटेड होते हैं। चंचल होते हैं। विखंडित होते हैं। ऐतिहासिक संगीतशास्त्र,सिध्दान्त,जातीय संगीतशास्त्र,कम्पोजीशन आदि को अधिकांश अकादमिक विभागों में चार रूपों में पढ़ाया जाता है। इसके हिस्से के तौर पर संगीत समीक्षा में आजकल रिपोर्ट के नाम पर संगीतसभाओं में आने वाले लोगों की तादाद के बारे में चर्चा रहती है, संगीत सभाएं कभी-कभार ही होती हैं। इनकी पुनरावृत्ति नहीं होती,आमतौर पर इनकी रिकॉर्डिंग नहीं होती। इसके बावजूद इस सबको सांस्कृतिक अध्ययन के नाम पर पढ़ाया जाता है। सईद ने लिखा कि संगीत के कुछ आयाम तो पश्चिमी जगत की सामयिक संगीत  अवस्था में ही समझ में आते हैं। प्रस्तुति का समय उनमें से एक पक्ष है। इसीलिए संगीत के बारे में व्यापक सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य में विचार करने की जरूरत है।
   
एडोर्नो की जिस आखिरी बात को सईद ने उध्दृत किया है, वह है बहिष्करण। इसने संगीत को यथास्थितिवादी और गैर-विमर्शात्मक बना दिया है। आज जब भी कोई संगीत के बारे में सोचता है अथवा लिखना चाहता है तो उसके अर्थ और व्याख्या की खोज करता है उसके सामने यही सवाल रहता है कि इतनी सारी समस्याओं के बावजूद भी संगीत अपने प्रतिरोध, मास्टरी,अप्रत्यक्ष चुप्पी को कैसे बनाए रखता है और यही इसकी स्वायत्ताता का प्रतीक भी है।


सईद ने कहा  हमें संगीत की सार्वजनिक प्रस्तुतियों की महत्ता को कम करके नहीं देखना चाहिए, इन प्रस्तुतियों के जरिए पेशेवराना,उत्सवधर्मी और विशेषज्ञकेन्द्रित भाव को बनाए रखा है। इन प्रस्तुतियों के जरिए एक ओर सामाजिक और सांस्कृतिक अंतराल को पाटने का मौका मिलता है। साथ ही संगीत के अंदर से आत्मसातकरण की प्रक्रिया को बल मिलता है। प्रस्तुतियों के जरिए विशेष और सामान्य के बीच सम्मिलन होता है।


संगीत पूरी तरह सौंदर्यबोधीय धरातल पर विशिष्ट अनुशासन है। सामान्यत: इसकी प्रस्तुतियां सामाजिक तौर पर उपलब्ध रूपों के जरिए ही पेश की जाती हैं।  इस प्रसंग में संगीत सभाओं के सामाजिक असामान्यत्व पर गौर करने जरूरत है। इन कार्यक्रमों में जाने वाले अधिकांश लोग संगीत प्रस्तुतियों को समझ ही नहीं पाते अथवा प्रेरित नहीं होते। इस ठोस वास्तविकता के बावजूद जब भी हम मंच पर प्रस्तुति देखते हैं दर्शक इन प्रस्तुतियों को हजम करते हैं। इसी को सईद ने 'चरम क्षण' की संज्ञा दी है। यह ऐसा अवसर है जो रोजमर्रा की गतिविधि से भिन्ना होता है। इसे आप किसी अन्य में समाहित नहीं कर सकते। यह तात्कालिक होता है, इसकी पुनरावृत्तिा संभव नहीं है। इसके बुनियादी अर्थ की अनुभूति हम तुलनात्मक तौर पर अघोषित परिस्थितियों के साथ ही कर सकते हैं।
      


संगीत की इन प्रस्तुतियों को जो लोग पेश करते हैं वे एडोर्नो के शब्दों में ''लौह अनुशासन'' से बंधे होते हैं। 'लौह अनुशासन' के कारण ही संगीत को जहां जाना होता है वहां पहुँच जाता है। उसे नियंत्रित करना संभव नहीं होता। पुराने संगीत से सामयिक संगीत इस अर्थ में भिन्ना है कि इसमें संगीत के ऊपर तकनीक और प्रशासन ने वर्चस्व स्थापित कर लिया है।


 संगीतसभाओं के जरिए मिलने वाला आनंद अपनी तमाम सीमाओं के बावजूद साधारण आदमी को वैकल्पिक सौंदर्यबोधीय मानवीय अनुभव प्रदान करता है। संगीतसभाओं में आम दर्शक जिस संगीत से दो-चार होता है वह संप्रेषण के जटिल रूपों में सामने आता है इसके कारण प्रत्यक्ष संप्रेषण नहीं हो पाता। संगीत का उद्धाटन नहीं हो पाता,संगीत को पारदर्शी ढ़ंग से हम समझ नहीं पाते। इसके कारण हम नॉस्टेल्जिया में लटके रहते हैं। हमें संगीत में इस्तेमाल होने वाले वाद्ययंत्रों और उनकी स्वरलिपि का कोई ज्ञान नहीं होता किंतु गीत के बोल याद रह जाते हैं।
        
सईद के अनुसार परवर्ती पूंजीवाद में संगीतसभाएं ''संगीत निर्मिति'' अथवा '' व्याख्याकारों के समुदाय'' अथवा मूलत: 'सब्जेक्टिविटी' अथवा भावना पर आधारित होती हैं। इससे पुराने प्रस्तुति के मानकों का उल्लंघन होता है। इससे यह भी पता चलता है कि संगीत की यह परंपरा कभी हमारे यहां नहीं थी। पुराने संगीत परंपरा से इसका संबंध पूरी तरह टूट चुका है। अब संगीतसभाएं कारपोरेट संरक्षण,स्पांसरशिप आदि के जरिए ही होती हैं। वे ही इनके लिए पैसा देते हैं। इसके आधार पर ही संस्कृति उद्योग सक्रिय है। इसके अलावा इस तरह की प्रस्तुतियों में कृत्रिमता और उसकी सीमाएं साफतौर पर देखी जा सकती हैं। इस तरह के संगीत को एडोर्नो ने 'हीरोइक' और 'ट्रैजिक' कहा था।
     


आज बाजारूसंगीत और शास्त्रीय संगीत में जबर्दस्त प्रतिस्पर्धा चल रही है,देश में जगह-जगह शास्त्रीय संगीत के आयोजन हो रहे हैं इसके अलावा फिल्मी संगीत के समारोह भी हो रहे हैं। किंतु शास्त्रीय संगीत के कार्यक्रमों की तादाद ज्यादा है। इन समारोहों में संगीतकार और गायकों के बीच में जबर्दस्ती प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिलती है। इसके कारण संगीत के उत्पादन का विकल्प तैयार हो रहा है।


 आज से सौ साल पहले संगीतकार ही था जो सारी जगह पर कब्जा जमाए हुए था। किंतु आज प्रिफार्मर प्रमुख हो गया है, इसमें प्रमुख गायक,पियानोवादक,वायलिनवादक आदि कुछ भी हो सकता है। अब प्रिफार्मेंस को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इससे वह यथार्थ के साथ प्रतिस्पर्धा करता नजर आता है।जिससे दिमाग के नियंत्रण का उद्धाटन भी होता है। संगीत में आज जिस तरह की कृत्रिमता आ गयी है वह पहले कभी नहीं थी और इसी कृत्रिमता को सामान्य माना जा रहा है। जबकि यह असामान्य है। कृत्रिम गले को जादुई गला और कृत्रिम संगीत प्रदर्शन करने वाले कलाकारों की अंगुलियों को जादुई अंगुलियां कहा जा रहा है। इसे जन्मजात प्रतिभा,सर्जक प्रतिभा वगैरह वगैरह कहा जा रहा है।
      


सईद ने लिखा  किसी भी लेखक,आलोचक अथवा संस्कृतिकर्मी के विचार,सृजन और सैध्दान्तिकी में अन्तस्संबंध स्थापित करके पढ़ा जाना चाहिए। हमें देखना चाहिए कि लेखक के सौंदर्यबोधीय नजरिए और बौध्दिक नजरिए में क्या संबंध है और इसमें किसे वरीयता प्रदान की जाए।


 इस परिप्रेक्ष्य में सईद ने अनेक लेखकों और आलोचकों के विचारों के सृजन और विचारों के अन्तर्विरोधों की विस्तार के साथ चर्चा की है। इस क्रम में सईद ने लिखा है हमें रेहटोरिक या आत्मरक्षा या आरोप लगाने से बचना चाहिए। इस क्रम में ही सईद ने पाल दे मान के यहूदीवाद समर्थक विचारों की तीखी आलोचना पेश की है। अनेक बड़े लेखक हुए हैं जिन्होंने महान् साहित्य की रचना की किंतु फासीवाद अथवा नस्लवाद का समर्थन किया। यही स्थिति संगीतकारों की भी है।


 फासीवाद के दौर में अनेक बड़े संगीतकार हिटलर के साथ थे जिनकी एडोर्नो ने तीखी आलोचना की है। इस क्रम में सईद ने लिखा है  संगीत को किसी कालक्रम अथवा युग में बांधना संभव नहीं है। इस प्रक्रिया में हमें प्राणहीन वस्तु के द्वारा यथार्थ जीवन के अनुकरण किए जाने पर गौर करना चाहिए। हमें यह  देखना चाहिए कि आंतरिक तत्व क्या है। क्योंकि आंतरिक तत्व के गर्भ से ही महान् बीथोवन संगीत पैदा हुआ। 


सईद के अनुसार कोई भी सामाजिक व्यवस्था, ऐतिहासिक विजन, सैध्दान्तिक सर्वसत्तावाद चाहे वह कितना ही शक्तिशाली क्यों न हो, वह सभी विकल्पों को समाप्त नहीं कर सकता। हमेशा रूपान्तरण की संभावना बची रहती है।   रूपान्तरण का अर्थ है अतिक्रमण। इसका अर्थ यह भी है कि आप जिस पर जोर दे रहे हैं उसे वह छोड़कर आगे चला जाए।
     
धर्मनिरपेक्ष रूपान्तरण एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में स्थानान्तरित होता रहता है।  सीमा को चुनौती देता रहता है। वह एक-दूसरे में मिश्रित होता रहता है, वैविध्य में शामिल होता रहता है। उम्मीदों का अतिक्रमण करता रहता है। इसके कारण ही वह अकल्पनीय आनंद देता है। खोज करता है और अनुभव प्रदान करता है। सर्वसत्ताावादी प्रवृत्तिा को ज्योंही चुपचाप सहमति देना बंद करते हैं श्रृंखलाबध्द रूपान्तरण की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। संगीत प्रस्तुति में परफेक्शन की मांग और उच्चस्तरीय पेशेवराना र्काकलापों की वजह से संगीत विमर्श पूरी तरह पेशेवर होकर रह गया है।  खासकर शास्त्रीय संगीत और समाज में सांस्कृतिक गतिविधियों के चारों ओर घेराबंदी कर ली गयी है।
    


सईद ने रिचर्ड लेपर्ट की कृति '' म्यूजिक एंड  इमेज : डोमेस्टीसिटी,आइडियोलॉजी एंड सोशियो-कल्चरल फारमेशन इन एटींथ सेंचुरी इंग्लैंड'' के आधार पर लिखा कि रिचर्ड के अनुसार संगीत का बुनियादी लक्ष्य है सामाजिक नियंत्रण स्थापित करना। संगीत के आधार पर वर्गीय और लिंगीय भेदभाव को लागू किया जाता है। संगीत वर्गभेदों पर आश्रित है। संगीत के जरिए प्रतिष्ठा और मर्दानगी में इजाफा होता है। स्त्रीवादी परिप्रेक्ष्य में सुसान मेक्कलेरी ने लिखा  संगीत का खास किस्म के कामुक स्टीरियोटाईप के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है। संगीत के जरिए ही कमनीय,छरहरी और उत्तोजक स्त्री की कल्पना का प्रसार हुआ है।
  
सईद ने लिखा संगीत और समाज के अन्तस्संबंध में जब हम संगीत की रूपान्तरणकारी भूमिका की बात करते हैं तो हमारा इशारा संगीत को समाज के मातहत रखकर देखने की ओर होता है। संगीत की दर्पण की भूमिका मानी गयी है। इसके विपरीत सिविल सोसायटी में संगीत तटस्थ अथवा विकल्प नहीं होता। बल्कि सामाजिक निर्माण में भूमिका अदा करता है। पश्चिमी शास्त्रीय संगीत को एक तरह से बौध्दिक श्रम माना जाता है। ग्राम्शी ने इसकी पश्चिमी समाजों के 'एलोबरेशन' के रूप में चर्चा की है।


 सईद कहता है  इस तरह संगीत को देखना असल में उसके पराएपन के साथ देखना है। संगीत के पास बौध्दिक श्रम का साझा इतिहास है , वह जिस समाज में पैदा होता है उसका आवयविक हिस्सा होता है। इसीलिए हम संगीतकार को भी बुध्दिजीवीवर्ग में शामिल करते हैं। वैसे वह भिन्ना विशिष्ट उपसमूह में रहता है। उसके अपने संबंध,संगठन,शक्तियां और मानक होते हैं। आज के दौर में उनका योगदान है समाज को बनाए रखना। समाज को सैध्दान्तिक, सामाजिक, और गैरकथात्मक अस्मिता प्रदान करना,यह काम वह अपनी संगीत रचनाओं,प्रस्तुतियों,व्याख्याओं और विद्वता के जरिए करता है। इस तरह का पेशेवराना नजरिया संगीत को उसके अपने आदर्श क्षेत्र के परे ले जाता है।  
      
सईद ने लिखा है हमें समग्रता में शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र को देखना चाहिए। उसके निरंतर चले आ रहे वर्चस्व और यथास्थितिवाद को देखना चाहिए। अथवा मानवीय विकास के क्रम में अन्य संस्कृतियों के द्वारा समय-समय पर दी गई चुनौतियों ,गैर आभिजात्य समूहों,वैकल्पिक उपसंस्कृतियों आदि को समग्र सामाजिक संदर्भ में खोलकर देखना चाहिए जिससे उस चीज का पता चले कि संगीत का कैसे निर्माण हुआ ? सातवीं शताब्दी अथवा नवीं शताब्दी में संगीत कैसा था और किस तरह की राजनीतिक और सामाजिक शिरकत की प्रक्रिया में उसका जन्म हुआ और किस तरह वह रूपान्तरित होकर आया है और यथार्थ को अभिव्यक्त करता रहा है, इत्यादि सवालों पर विचार करना चाहिए।


 इसके अलावा यह भी देखना चाहिए कि संगीत का समय से क्या संबंध है ? क्या संगीत समय काटने का माध्यम है अथवा संगीत समयबध्द है ? संगीतकार जिन सांगीतिक रूपों में चुप रहता है वे उसके संगीत की गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान खींचते हैं। वहां पर संगीतकार को समझने में बेहद गंभीर कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। 


यह भी विचारणीय सवाल है कि क्या संगीतकार मिथ बना रहा है ? संगीत का केन्द्रीय पक्ष है कि उसमें विशिष्ट चीजें ही अभिव्यक्ति पाती हैं, विलक्षण ही स्थान पाता है। सामान्य का संगीत में कोई स्थान नहीं होता। कलाकार की व्यक्तिवादिता अभिव्यक्ति पाती है। इसके अलावा संगीतकार की आंतरिकता,चंचलता और अस्तित्व की परिस्थितियां अभिव्यक्त होती हैं। इसके कारण ही संगीत किन्हीं खास क्षणों  के बोध को पैदा करने में सफल हो पाता है। इसके फलस्वरूप हमें संगीत की स्वतंत्र स्थिति का अहसास  होता है।  संगीत पूरी तरह व्यक्तिवादिता और असामान्य भावों को अपने अंदर समेटे होता है जिसके फलस्वरूप वह हमारे समय गुजारने में भी काम आता है।
   (लेखक-जगदीश्वर चतुर्वेदी, सुधा सिंह) 

     

विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...