रविवार, 3 जनवरी 2010

डिजिटल युग में मासकल्चर और विज्ञापन








यह फैंटेसी की महामारी का युग है। इस युग में सत्य सबसे दुर्लभ चीज है। इनदिनों बाजार, जीवन, विज्ञापन, मीडिया,राजनीति ,जीवनशैली आदि सभी क्षेत्र में सत्य दुर्लभ हो गया है। सत्य को दुर्लभ बनाने में मासकल्चर की केन्द्रीय भूमिका है। मासकल्चर के प्रभाववश विचारधारा का जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में वर्चस्व स्थापित हुआ है। वैकल्पिक विचारधारा के प्रचार- प्रसार को धक्का लगा है। औद्योगिक पूंजीवाद ने मासकल्चर पैदा की ,परवर्ती पूंजीवाद ने उसे यौवन प्रदान किया।
    समाजवाद के उदय के साथ यह समझा जा रहा था कि मासकल्चर को पछाडकर संस्कृति और जनसंस्कृति का विकास होगा। यह सपना पूरा नहीं हुआ। इसके विपरीत मासकल्चर के अनेक लक्षणों को समाजवादी व्यवस्था ने अपना लिया। इसके कारण सत्य और भी दुर्लभ हो गया। 
       समाजवादी व्यवस्था के विघटन के साथ पूंजीवादी वर्गों और मूल्यों का हठात् समाजवादी समाज में विस्फोट ,समाजवादी देशों का विघटन और मासकल्चर के फैंटेसीमय संसार की ओर समाजवादी व्यवस्था का मुखातिब होना इस बात का संकेत है कि सारी दुनिया मासकल्चर के घेरे में है। कोई भी क्षेत्र मासकल्चर के दायरे के बाहर नहीं है।
        भारत में नव्य-उदार आर्थिक नीतियों के अनुकरण के बाद विगत दो दशकों में मासकल्चर एक नयी उर्वर जमीन मिली है। नए किस्म की बाजार व्यवस्था और संरचनाएं मिली हैं। भारत में आज मासकल्चर आक्रामक है। फैंटेसी के प्लेग ने सभी को चिन्तित कर दिया है। पुराने मूल्यों,मान्यताओं,नीतियों और जीवनशैली के मानक धड़ाधड़ टूट रहे हैं। बाजार का आकार कई गुना बढ­ गया है। विज्ञापन उद्योग से लेकर मीडिया तक सभी क्षेत्रों में तेज गति से विकास हो रहा है।
    मासकल्चर की सामान्य विशेषता है अच्छे को बुरा और बुरे को अच्छे में तब्दील करना। जीवन के लिए जो मूल्य बुरे माने जाते हैं विज्ञापन में ध्यानाकर्षण और प्रेरणा के स्रोत माने जाते हैं। मसलन् ईर्ष्या या डाह को जीवन में बुरा माना जाता है लेकिन विज्ञापन को ईर्ष्या के बिना तैयार ही नहीं कर सकते। ईर्ष्या पैदा किए बगैर बाजार में वस्तु की बिक्री संभव नहीं है। ईर्ष्या को सामाजिक विकास का ईंधन बनाने में मासकल्चर की केन्द्रीय भूमिका है।
    जीवन मूल्य की दृष्टि से लालच बुरी चीज है। लेकिन वस्तुओं के प्रति लालच पैदा करना अच्छी चीज माना जाता है। वस्तुओं की लालसा ही है जो बाजार को चंगा रखती है और घरों में वस्तुओं का ढेर लगा देती है।ईर्ष्या और लालच मासकल्चर के दो पहिए हैं। असत्य इसका सारथी है। छद्म यथार्थ इसकी इमेजों का आधार है। मासकल्चर का कोई भी कार्य व्यापार,किसी भी किस्म का संप्रेषण इन चारों के बिना संभव नहीं है।
    जीवन में झूठ बोलना बुरा माना जाता है लेकिन विज्ञापन की कला में झूठ एक अनिवार्य तत्व है झूठ के बिना विज्ञापन तैयार ही नहीं होता । मेनीपुलेशन को जीवन में बुरा मानते हैं लेकिन विज्ञापन की स्क्रिप्ट इसके बिना बनती नहीं है। विज्ञापन में झूठ और मेनीपुलेशन वैसे ही है जैसे खाने में नमक। नमक के बिना खाना वेस्वाद लगता है वैसे ही झूठ और मेनीपुलेशन के बिना विज्ञापन असरहीन होता है।
       मासकल्चर और विज्ञापन इन दोनों में एक साझा तत्व है फैंटेसीमय जीवनशैली । यह ऐसी फैंटेसी है जो कभी सच नहीं होती। लेकिन उत्पादक होती है। फैंटेसी में जिस चीज का वायदा किया जाता है उसे कभी पूरा नहीं किया जाता। हम फैंटेसी में रहते हैं,उसका ही उपभोग करते हैं,फैंटेसी ही है जो हमें जीवन के कठोर यथार्थ से विरत रखती है। ज्यादा कमाने और ज्यादा उपभोग करने की ओर ठेलती है। 
     मासकल्चर और विज्ञापन के प्रभाववश हमें मीडियाजनित चीजें,बातें, मिथ, नायक,नायिका, राजनेता, विचारधारा आकर्षित करते हैं । वे हमें डिस्टर्ब नहीं करते। इस प्रक्रिया में ही नए संस्कार और आदतें बनती हैं।  मासकल्चर का जीवनशैली बदलने और वस्तुओं के बदलने पर जोर रहता है। वह नयी चीजें हासिल करने की लालसा जगाती है। इसकी तुलना में उत्पादन संबंधों में बदलाव करने,मूल्यबोध बदलने पर कम बल देती है । फलत: व्यक्ति के पास नयी वस्तुओं का अम्बार लग जाता है लेकिन जीवन मूल्यों में मूलगामी बदलाव बहुत धीमी गति से आता है।
       मासकल्चर ने हमें वस्तुओं को पाने के मामले में सबसे आगे और नए प्रगतिशील मूल्य हासिल करने के मामले में सबसे पीछे कर दिया है। मासकल्चर ने 'पाने' के भाव पर जोर दिया है ,'देने' के भाव की उपेक्षा की है। इसके परिणामस्वरूप 'अन्य' की उपेक्षा हुई है। समाज में खुदगर्जी बढी है। सामाजिक अलगाव और बेगानापन बढा है।
      मासकल्चर के प्रभाववश सामाजिक तौर पर समय गुजारने की बजाय एकांत में समय गुजारना बेहतर समझने लगे हैं।  यह गरीबों की संस्कृति है। आम जनता की संस्कृति है। यह चीजों को जैसी हैं वैसा ही रहने देती है। इस अर्थ में यथास्थितिवाद का जीवन में स्थायी आधार तैयार करती है। मासकल्चर के प्रभाववश हमें बुनियादी सामाजिक परिवर्तन से नफरत होने लगती है। हमें चीजें बदलना अच्छा लगता है,नयी- नयी चीजें खरीदना,उनका उपभोग करना अच्छा लगता है, लेकिन परिवर्तनकामी विचार और प्रगतिशील मूल्य व्यवस्था अच्छी नहीं लगती। इस तरह मासकल्चर और विज्ञापन हमारी अधिरचना को तो बदलते हैं लेकिन आधार के सामाजिक संबंधों और पुरानी विचारधारा के मर्म को ज्यों का त्यों बनाए रखते हैं।
      भारतीय मासकल्चर की सबसे बडी जंग पुरानी दिमागी संरचना के साथ है। पुराने दिमागी ढांचे में एक ही मंत्र था 'कमाओ और बचाओ' ,लोग पहले कमाते थे और बचत करते थे। मासकल्चर के नव्य पूंजीवादी प्रचार अभियान ने बचत करने की धारणा की जगह 'उपभोग करो' की धारणा का विभिन्न किस्म के विज्ञापनों के जरिए प्रचार करके पुरानी मानसिक संरचना और उससे जुड़ी बचत की आदत को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। अब लोग जितना कमाते है उससे ज्यादा खर्च करने लगे हैं। उपभोग ,विनिमय और वितरण के सवाल मुख्य सवाल बन गए हैं। प्रस्तुत किताब मासकल्चर और विज्ञापन के व्यापक बुनियादी सवालों पर सैध्दान्तिक नजरिए से रोशनी डालती है। हिन्दी में यह इस विषय पर अकेली मुकम्मल किताब है। 
      इस किताब में छह अध्याय हैं ,पहले अध्याय में साइबर संस्कृति का मूल्यांकन किया गया है। दूसरे अध्याय में मासकल्चर,पापुलरकल्चर और लोक संस्कृति के विभिन्न आयामों के बीच की अन्तर्क्रियाओं का मूल्यांकन किया गया है।  तीसरे अध्याय में ग्लोबल कल्चर ,भाषा और स्त्रीभाषा की भूमिका पर विचार किया गया है।चौथे अध्याय में मासकल्चर के परिप्रेक्ष्य में संगीत,चर्चित व्यक्तित्वों और पोर्नोग्राफी के कारण पैदा हुई नयी स्थितियों और विचारधारात्मक सवालों का विवेचन किया है। पांचवें अध्याय में वैकल्पिक मीडिया दृष्टि क्या हो,आत्मसेंसरशिप किस तरह कारपोरेट सेंसरशिप के अस्त्र के रूप में काम करती है, इसका विस्तार के साथ खुलासा किया है। छठे अध्याय में विज्ञापन के इतिहास, उसकी सैध्दान्तिक समस्याओं और विभिन्न विचारधारात्मक पहलुओं का विस्तार के साथ मूल्यांकन किया है। आशा है मीडिया के शोधार्थियों,विद्वानों और परिवर्तनकामी नागरिकों को यह किताब पसंद आएगी।
    (प्रकाशक- अनामिका पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स (प्रा).लि.4697 / 3,21 -ए,अंसारी रोड़,दरियागंज, नई दिल्ली-110002) 





अनुक्रमणिका
पहला अध्याय : साइबरकल्चर

1. साइबरकल्चर और मासकल्चर

दूसरा अध्याय : मासकल्चर के नए पैराडाइम
2. मासकल्चर के नए पैराडाइम की तलाश में
3. लोकवादी संस्कृति, लोकप्रिय संस्कृति और लोकसंस्कृति

4. संस्कृति उद्योग
5. भूमंडलीय संस्कृति और मीडिया

तीसरा अध्याय : माध्यम भाषा,स्त्री भाषा और ग्लोबल संस्कृति

6. भूमंडलीय संस्कृति और माधयम भाषा
7. विज्ञापन की भाषा का स्त्रीवादी मूल्यांकन 


चौथा अध्याय :  संगीत,सैलिब्रिटी और पोर्न

8. मासकल्चर, संगीत और संस्कृति
9. मासकल्चर, सेलिब्रिटी और चाट शो 
10. मासकल्चर के वैविध्य के दांवपेंच 
11. सुंदरता की मध्यवर्गीय भेड़चाल 
12. मासकल्चर में हास्य-व्यंग्य की महत्ता

पांचवां अध्याय : वैकल्पिक मीडिया दृष्टि, आत्मसेंसरशिप और पापुलर कल्चर

13. मासकल्चर और वैकल्पिक मीडिया दृष्टि 
 
14. सेंसरशिप, आत्म-सेंसरशिप और संस्कृति 
15. पॉपुलर पत्रकारिता और पॉपुलर संस्कृति

    छठा अध्याय:  विज्ञापन ,इतिहास और विचारधारा

16 विज्ञापन, इतिहास और विचारधारा
17. माध्यम साम्राज्यवाद और विज्ञापन
18. भारतीय विज्ञापन उद्योग और भूमंडलीकरण
19. डेविड मैकेंजी ओजिलवी की विज्ञापन दृष्टि
20.इलैक्ट्रॉनिक मीडिया और विज्ञापन
21. विज्ञापन को यहां से देखो
22 विज्ञापन और समाज : कुछ नोट्स
23. विज्ञापन में अंतहीन आधुनिकता की तलाश में
24. पूंजी का नया मंत्र: मम्मी प्लीज़!
                                          



    



ज्ञानविमुख हिन्दी का चिट्ठाकार - रवि रतलामी



( सुधा सिंह के लेख पर सुंदर पैरोडी भाई रविरतलामी जी ने लिखी है, आनंद लें )


SUNDAY, JANUARY 03, 2010 

आज सुबह सवेरे जबर्दस्त मानसिक हलचल मची और विचार आया -
“और मुझे लग रहा है कि चिठ्ठाचर्चा कुछ समय से जो घर्षण उत्पन्न कर रहा है, उसे देखते हुये उसे तात्कालिक रूप से गाड़ दिया जाना चाहिये। साथ साथ; भांति भांति की चिठ्ठाचर्चायें न हिन्दी की सेवा कर रही हैं न हिन्दी ब्लॉगरी की।”
और, आज का चिट्ठाचर्चा समझिए कि मुर्दाघर में जाने वाला ही था कि जगदीश्वर चतुर्वेदी के पोस्ट पर नजर पड़ी. पोस्ट का शीर्षक है - ज्ञानविमुख हिन्दी का बुद्धिजीवी.
वैसे यह पोस्ट हिन्दी चिट्ठाकारों के लिए भी सटीक बैठता है. इस पोस्ट में जहाँ जहाँ हिन्दी बुद्धिजीवी लिखा है, वहाँ वहाँ हिन्दी चिट्ठाकार रख कर देख लें. एक बढ़िया, धांसू पैरोडी बनेगी. चलिए, आपके लिए यह काम हमीं कर देते हैं. तो, पेश है (जगदीश्वर चतुर्वेदी से क्षमायाचना सहित,) पैरोडी -

ज्ञानविमुख हिन्दी का चिट्ठाकार – (संक्षिप्त, संशोधित अंश)
किसी विद्वान ने लिखा है कि आधुनिक युग में ब्लॉग यश और अमरत्व प्राप्त करने का जरिया हैं। ऐसा उन्होंने ब्लॉग की ताक़त को देखते हुए लिखा था। लेकिन आधुनिक पल्लवग्राही चिट्ठाकार जो ब्लॉग देखे बिना ही ब्लॉग की निंदा आलोचना या प्रशंसा लिख- बोल देते हैं के लिए नियमत लिखना , ज्यादा लिखना , गंभीर लिखना -एक दोष है। गंभीर अकादमिक ब्लॉग लेखन के प्रति इधर बड़े पैमाने पर अरुचि बढ़ी है। सभा, संगोष्ठी, पुरस्कारों , आपसी थूथू-मैंमैं की राजनीति में फंसा हिन्दी का ब्लॉगर बेचारा लिखने के लिए समय कहां से निकाले. ये कोई बंगाल तो है नहीं कि चिट्ठाकार की कोई विशेष ठसक हो।
कई कारणों से हीनताग्रंथि से युक्त चिट्ठाकारों की एक बड़ी संख्या हिन्दी में पनपी है जो हिन्दी का खा-पीकर किसी भी तरह के वर्चस्व के आगे राह के रोड़े बन जाते हैं। यह सिर्फ हिन्दी में हो सकता है कि हिन्दी के चिट्ठाकार होकर भाव-भंगिमा में , विचार में हिन्दी से घृणा करें। जितने उत्साह से अंग्रेजीवालों की केवल हाव-भाव में नकल की जाती है, उनके साथ बैठने-उठने की तत्परता दिखाई जाती है , उतनी तत्परता किसी अन्य भारतीय भाषा के विद्वानों के लिए नहीं दिखाई जाती। यह सामाजिक उत्थान का ही नमूना समझिए।
चिट्ठाकार के लिए साहस बहुत बड़ी चीज है। साहस का केवल यही अर्थ नहीं है कि चीजों को भिन्न रूप में बताया जाए बल्कि साहस का अर्थ है पूरी तरह से समझौताहीन। चिट्ठाकार के लिए एटीट्यूट महत्वपूर्ण है। जो सोचता है उसे लागू करने का साहस हो।
दुर्भाग्य है कि हिन्दी के चिट्ठाकारों में अपने वर्ग की कुण्ठाएँ, चालाकियाँ, दोरंगापन और थोथी नैतिकता का दिखावा बहुत है। बातें चाहे क्रांति की करता हो , व्यक्तित्व दमन और कुण्ठा की साकार प्रतिमूर्ति होकर पहला पत्थर मारने का हक़ नहीं छोड़ता। प्रशंसा करने , उत्साहित करने का भाव तो वह कब का छोड़ चुका है। है तो केवल शाश्वत घृणा का भाव। पर मुक्तिबोध जिसे घृणा की हम्माली कहते हैं उसकी टेक तक न बची है।
और, चिट्ठाकारों में यह आदत होती है कि वे भक्त तैयार करते हैं। सारी लड़ाई ज्ञान के क्षेत्र से बाहर चली जाती है। क्या आपने ऐसे चिट्ठाकार हिन्दी के अलावा भी कहीं देखें हैं।
हिन्दी के चिट्ठाकार की बौद्धिक अपंगता के प्रधान कारण हैं-सत्य से घृणा और ज्ञानविमुखता। इनके कारण ही हिन्दी के इस अनूठे चिट्ठाकार की सामाजिक पोजिशनिंग हिन्दी क्षेत्र के अलावा कहीं नहीं है। दक्षिण भारतीय, बंगाली, उर्दू आदि तथा अन्य विषयों के चिट्ठाकार वैश्विक परिवेश में मिल जाएंगे लेकिन हिन्दी का चिट्ठाकार इस वैश्विक परिवेश में कहीं नहीं मिलेगा। क्योंकि उसके अंदर ज्ञानपिपासा नहीं है। ज्ञान के उत्पादन और पुनरूत्पादन से उसका अलगाव जबर्दस्त है। पिछले कई सालों में यह देखा गया है कि भारत के चिट्ठाकारों का वैश्विक तौर पर विस्तार हुआ है, उसकी अलग से पहचान बनी है। लेकिन कोई ऐसा चिट्ठाकार नहीं जिसकी विश्वस्तर पर इस तरह से नामचीन चिट्ठाकारों से तुलना की जा सके।
यह आश्चर्य की बात नहीं लगती कि बोलनेवाली इतनी बड़ी आबादी, सरकारी इमदाद, हिन्दुस्तान और विश्व में कई जगह पठन-पाठन की व्यवस्था होने के बावजूद यूरोप और अमरीका के देशों में हिन्दी के चिट्ठाकार की कोई पहचान नहीं बनी है।
--


मेरा जीवन - रास सुंदरी दासी की भूमिका का अंश

(हाल ही में सुधा सिंह द्वारा अनूदित राससुंदरी दासी की आत्मकथा आयी है। इसे स्वराज प्रकाशन ने छापा है, इस किताब के साथ इसकी भूमिका भी महत्वपूर्ण है।यहां उसका एक अंश प्रस्तुत है।)   




इसी तरह से पुरुष आत्मकथा के शीर्षक को लें। शीर्षक से ही इतिहास में अपनी अवस्थिति, परंपरा से जुड़ाव, ऐसे अतीत के निर्माण में हिस्सेदारी जिसका वर्तमान के संदर्भ में आकलन किया जा सके, के निर्माण का दंभ छिपा होता है। उदाहरण के लिए 'अपनी धरती अपने लोग', 'सत्य के साथ प्रयोग', 'मुड़ मुड़ कर देखता हूँ', 'गरबीली गरीबी वह' आदि। इनमें से कोई भी शीर्षक स्त्री आत्मकथा के लिए मुफीद नहीं हो सकता। स्त्री के लिए 'घर की बात' और अपनी धरती, अपने लोग में फर्क करना मुश्किल है। जो घर की बात है, वही उसकी धरती है, वही उसके लोग भी हैं। जहाँ वह जन्मी-बढ़ी, वह धरती और वहाँ के लोग उसके होने को ग्लोरिफाई नहीं करते। न ही पृष्ठभूमि का काम करते हैं। वहाँ वह थी और वहाँ से उखड़े हुए पौधे की तरह वह और कहीं चली गई। विवाह करके जाए या विवाह के बिना अपने अस्तित्व की तलाश में कहीं जाए, या अन्य किसी कारण से अपने परिवेश से उसका विछोह हो; विछोह होता है। ऐसे में वह उन परिस्थितियों पर गर्व नहीं कर सकती जिन से लड़ते हुए उसका अस्तित्व विकसित हुआ है। इन पर विजय उसके किसी भी तरह के विजेता भाव को जन्म देने में असमर्थ होता है। यह तो एक लीलनेवाले परिवेश में अस्तित्व को बचाने की लड़ाई है। इसलिए प्राय: स्त्री अपने जन्मस्थान और अतीत को बहुत जल्दी वर्तमान में अनुकूलित कर लेती है। ऐसे ही सत्य के साथ किसी भी तरह के प्रयोग के दावे में 'सत्य' की जो सत्ता है वह स्त्री के किसी काम की नहीं है। कारण दर्शन जिस वास्तविकता की बात करता है और वास्तविकता के आधार के रूप में सत्य की बात करता है, वह सत्य कितना सत्य है, यह देखने की जरुरत है। जैसा कि उत्तरआधुनिक विचारक ल्योतार ने माना है कि सत्य किसी समाज में मौजूद विश्वासों, तर्कों और सांस्कृतिक आधारों की समरूपता में होता है। दार्शनिकों का यह दावा कि सत्य अखण्ड है और 'एब्सोल्यूट' है; और चूँकि दर्शन का आधार इसी सत्य की खोज है इसलिए दर्शन को प्रत्येक अनुशासनात्मक ज्ञान का आधार होना चाहिए; ग़लत है।

सत्य के साथ प्रयोग के क्रम में जिस आत्मोप्लब्धि की बात की जाती है, वह आत्म 'मैं' होता है। इस मैं से अलग बाकी सब 'अन्य' होते हैं। सच तो यह है कि प्रत्येक दार्शनिक व्याख्या के पीछे दुनिया को मुट्ठी में कर लेने का भाव छिपा होता है। विचारों की लड़ाई जीत लेने का भाव होता है। इस आत्मकेन्द्रित दर्शन के लिए स्त्री, भाषा, समाज, देश आदि अन्य की कोटि में होते हैं। ऐसे में सत्य की खोज स्त्री के लिए क्या मायने रखता है, इसे समझा जा सकता है।

  स्त्री की आत्मकथा या आत्मकथात्मक लेखन का आरंभ 'स्व' (सेल्फ) के चित्रण के जरिए व्यक्तिमत्ता या अस्मिता को हासिल करने का प्रयास है। वह आत्मकथा के जरिए अपनी पहचान तलाश रही होती है। यह स्त्री की सामाजिक अवस्थिति का भी सवाल है। स्त्री का एक सामाजिक राजनीतिक परिघटना है; उसका बोलना भी एक बड़ी घटना है। स्त्री की आत्मकथा में उसके अनुभव का संसार बोलता है।

  आत्मकथा स्त्री के 'स्व' की होती है। निजी होती है। स्त्री की आत्मकथा इस स्व के निर्माण की सामाजिक संरचना का बयान करते हुए संपर्क और अर्थ की नई संभावनाओं की तलाश होती है। विधा के नजरिए से देखें तो 'आत्मकथा' एक न्यूट्रल विधा के रूप में दिखाई देती है। इसमें विषय स्वयं नैरेटर होता है। अन्य विधाओं की तुलना में इसमें लेखक को अनुशासनात्मक तौर पर थोड़ी छूट होती है। फिर भी यदि विशिष्टताओं की परख करनी हो तो पुरुष आत्मकथा में स्त्री का संदर्भ किस रूप में आता है और स्त्री की आत्मकथा में पुरुष का संदर्भ कैसे आता है, इस पर विचार किया जाना चाहिए।

 पुरुष आत्मकथा - स्त्री अनुपस्थित, पत्नी की औपचारिक भूमिका जिसमें गृहस्थी का जिक्र, दायित्व, बोझ, जिम्मेदारी आदि के रूप में आता है या फिर मर्दानगी के प्रदर्शन के रूप में एकाधिक प्रेमिकाओं का जिक्र, कामुक संबंधों की मुखर अभिव्यक्ति का रूप मिलता है।

 स्त्री आत्मकथा - केन्द्र में पुरुष, स्त्री के पूरे व्यक्तित्व को आच्छादित करनेवाली पति और पिता की मुख्य भूमिका, घरेलू श्रम कार् कत्ताव्य के रूप में उल्लेख, स्त्री का समर्पणकारी/आज्ञाकारी की भूमिका, पति के अलावा अन्य प्रेम का उल्लेख नहीं, कामुकता का न के बराबर या संकेत रूप में जिक्र, प्राय: इन्हें बचा लेना या संकेत से काम लेना।

 स्त्री के लिए आत्मकथा संपर्क बनाने का जरिया है। दुनिया और अपने परिवेश की व्याख्या का जरिया है। उससे जुड़ने और उसकी आलोचना का जरिया है। अपनी स्थिति पहचानने का जरिया है। बदलाव की अभिव्यक्ति का जरिया है। यह महान स्मृतियों और परिवेश से शुरु नहीं होता न किसी महानता में खत्म होता है। स्त्री आत्मकथा दुनिया पर नियंत्रण के लिए नहीं बदलाव और परिवर्तन के लिए सचेष्ट होती है।

 स्त्री आत्मकथा में अमूमन देखा गया है कि पिता और पति केन्द्रीय भूमिकाओं में होते हैं। कई बार तो यह भ्रम भी होता है कि स्त्री आत्मकथा पढ़ रहे हैं या पुरुष कथा! लेकिन ऐसा कहने या निर्णय देने के पहले कारणों की पड़ताल करनी चाहिए। क्या यह सचेत तौर पर हो रहा है या अभ्यासवश। मन्नू भण्डारी की आत्मकथा 'एक कहानी यह भी' , प्रभा खेतान की आत्मकथा 'अन्या से अनन्या तक' इसका आदर्श उदाहरण हैं। स्त्री के व्यक्तित्व के लिए बाधक भी पिता है और उसके किसी भी तरह की सामाजिक उपलब्धि की अभिपुष्टि का साधन भी पिता ही है। माँ को स्त्री आत्मकथाकारों ने कैसे देखा है, यह देखना-परखना हो तो मैत्रेयी पुष्पा की आत्मकथा 'गुड़िया भीतर गुड़िया' और 'कस्तूरी कुण्डल बसै' में देख सकते हैं। माँ, अन्य है। प्रतिद्वन्द्वी है। अंग्रेज़ी के 'मदर' का विखण्डन कीजिए तो वह 'माई अदर' बनता है। कोई लड़की अपनी माँ से सहानुभूति रखते हुए भी अपनी माँ का जीवन नहीं जीना चाहती। उसके जैसी नहीं बनना चाहती।

 इसका विश्लेषण ब्राजीलियन लेखिका क्लेरिस लिस्पेक्टर की एक कहानी 'सण्डे बिफ़ोर फॉलिंग एस्लिप' के जरिए करना चाहूँगी। इस कहानी में लिस्पेक्टर ने पिता का चित्र कुछ इस प्रकार खींचा है कि पिता अपने अकेले उदास बच्चे को एक शब्द उपहार में देता है। वह शब्द है 'ओवोमाल्टीन'  यह शब्द बच्चे के लिए किसी 'जादुई दरवाजे' की तरह काम करता है। कुछ कुछ 'खुल जा सिम सिम' की तरह। यह जादुई दरवाजा दूसरी दुनिया पर खुलता है। यह 'ओवोमाल्टीन' एक रहस्यमय शब्द है। इसका नाम थोड़ा सा अजीब है, टेढ़ा विदेशी नाम है। लेकिन यह आनंद की ओर जानेवाला रास्ता खोलता है। पिता को खुश करने के लिए बच्चा अनजानी जगहों की तरफ जाता है, पता चलता है कि वह इस शब्द के सहारे अमेरिका पहुँच गया। वह असाधारण शब्दों का इस्तेमाल करता है। 'ओवोमाल्टीन' जैसे गुप्त शब्द की चाबी जिसका अर्थ है 'द टॉप ऑफ द वर्ल्ड' बच्चे के कब्जे में है। इस शब्दों की दुनिया में जिसकी चाबी बच्चे को पिता थमाता है, माँ भी रहती है लेकिन वह शब्दों की दुनिया में संगीत या लय की तरह रहती है। वह माई अदर है। सब में समाई हुई लेकिन अलग से कुछ भी नहीं। वह अत्यंत परिचित है, पर पहले से ही 'अन्य' है। उससे जुदा होकर ही बच्चा अस्तित्व में आया है। गर्भ से बाहर आने के बाद नाल कटने पर ही बच्चा माँ से अलग हो पाता है। यह उसके जिंदा रहने की शर्त है।
   
 बच्चे के लिए माँ की दुनिया छोड़कर आना, उससे अलग होकर उसे अन्य के रूप में देखना एक असुरक्षा और नुकसान का भाव पैदा कर सकता है, पर शब्दों की दुनिया के जरिए वह उस नुकसान/अभाव की पूर्ति करता है। इस अर्थ में भाषा एक क्षतिपूर्ति (कम्पेन्सेशन) भी है और जिंदा रहने का साधन भी। लिस्पेक्टर की कहानी पर गौर करें तो बच्चे के लिए सब कुछ खो जाता है शब्दों के अलावा। यह बच्चे का अनुभव है कि शब्द दूसरी दुनिया जो जादू से भरी है की तरफ खुलनेवाला रास्ता है। रहस्य-रोमांच की यह दुनिया का रास्ता पिता बतलाता है। लेखिकाओं की आत्मकथात्मक रचनाओं में पिता और पति का केन्द्र में होना इस कहानी के जरिए समझा जा सकता है। शब्दों की दुनिया मूलत: पिता की दुनिया है।

 लेखन का एक बड़ा सरोकार है कि वह जिंदगियों को बचाता है। जीवन के प्रति आशा का संचार करता है। स्त्री लेखन की खूबी है कि यह न केवल आशा का संचार करता है बल्कि जीवन का अनुसरण करते हुए जीवन का विस्तार भी करता है। विशेष तौर पर स्त्री आत्मकथा की खूबी है कि यह जीवन का अनुसरण करती है। यह जीवन को विस्तार देनेवाला है। स्त्री जब आत्मकथा लिखती है तो वह अपनी निजी हानियों से उबरने के लिए आत्मकथा लिखती है। वह दया, करुणा आदि भाव को जगाने के लिए नहीं लिखती है। समाज में स्त्रियों की जो नारकीय अवस्था है वह किसी भी चेतनासंपन्न स्त्री को परेशान कर सकता है। ऐसे में स्त्री आत्मकथा कोई ट्रेन्ड सेट करने, वाद चलाने या इतिहास में अमर होने के लिए नहीं होता बल्कि इस नारकीय अवस्था के मूल्यांकन और पड़ताल के लिए होता है। इसमें वह आत्म (सेल्फ) को परिभाषित करने के संघर्ष से गुजरती है।

 स्त्री आत्मकथा के इतिहास, भूगोल या परंपरा से मुक्त होने के पीछे कारण यह कि स्त्री वर्त्तमान में रहना चाहती है। इतिहास उसके वश में नहीं, उसकी शक्तियाँ उसके वश में नहीं, वह कभी किसी भी तरह के इतिहास लेखन के केन्द्र में नहीं रही। ऐसे में स्त्री आत्मकथा में जो कुछ आएगा वह वर्तमानकेन्द्रिक होगा। वर्तमान से लड़ना, संघर्ष करना, उसे बदलने के लिए स्थितियाँ तैयार करना उसके वश में है। इतिहास के धुंधलके की तुलना में वह ज्यादा साफ है और इसमें स्त्री की कुछ उपलब्धियाँ भी नजर आती हैं। इसलिए स्त्री का स्वर्ग-नरक वर्तमान ही हो सकता है अतीत नहीं। अतीत के प्रति आग्रह पुरुष लेखन में दंभपूर्ण ढंग से मिलता है, स्त्री की आत्मकथात्मक लेखन में अतीत का आग्रह नहीं के बराबर है। उदाहरण के लिए महादेवी की कविता। छायावादी कविता में अतीत का आग्रह इसकी विशेषता मानी जाती है लेकिन महादेवी के लेखन में अतीत का आग्रह नहीं है।

 यह ध्यान रखना चाहिए कि स्त्री आत्मकथा दूरी बनाने के लिए नहीं अन्य प्रमुख दुनिया से संबंध बनाने के लिखी जाती हैं। साथ ही स्त्री आत्मकथा को खास नियमों या साहित्यिक विधानों में नहीं बाँटा जा सकता। स्त्री के दुख-दर्द और अनुभव का संसार अभिव्यक्ति का कोई भी फॉर्म ले सकता है। लोकगीतों से लेकर मीरा, महादेवी, ललदद्य की कविता में स्त्री आत्मकथा व्यक्त हो सकती है। मुश्किल यह है कि पाश्चात्य साहित्य में आत्मकथा का आरंभ ही तब माना गया, जब सब्जेक्ट के रूप में 'मैं' केन्द्र में आया। इस 'मैं' की कहानी, इसका अता-पता, इतिहास, भूगोल बताकर, 'मैं' के जिए संसार का बयान करने की शैली को आत्मकथा का नाम देते हैं। यह नहीं भूलना चाहिए कि प्रथम पुरुष के लिए प्रयुक्त 'मैं' का स्त्री द्वारा प्रयोग जरुरी तौर पर स्त्रीत्व की पहचान करानेवाला नहीं होता। अत: स्त्री आत्मकथा में आए इस 'मैं' की चौकन्नी पड़ताल करनी चाहिए। कबीर, तुलसी आदि ने जितना अपने देखे-जिए संसार के बारे में बताया है, अण्डाल जिस भाषा में अपनी इच्छाओं की दुनिया को रचती है, मीरा अपने साथ पूरे कुनबे और समाज के दुर्व्यवहार का जिस तरह वर्णन करती है वह 'आत्मकथा' नहीं बन पाया। महादेवी की कविता और आत्मपरक गद्य भी आत्मकथा नहीं कहला सके। स्त्रियों के दुख-दर्द की अभिव्यक्ति करनेवाला लोकगीत और लोकनाटय (शादी में बारातवाले दिन घर की स्त्रियाँ तरह तरह से वेश बनाकर नाटक करती हैं, इसमें मर्द शामिल नहीं होते) स्त्री के अनुभव संसार का हिस्सा होते हुए भी 'आत्मकथा' नहीं कहलाए यानि 'आत्मकथा' की पुंसवादी आलोचना में स्वीकृति तभी है जब 'मैं' इसका नायक बन जाता है। उसके पहले नहीं। स्त्री तो 'सब्जेक्ट' भी नहीं बन पाई है तो आत्मकथा लेखन उनके द्वारा संभव ही नहीं माना गया।


ज्ञानविमुख हिन्दी का बुद्धिजीवी


     मार्शल मैकलुहान ने लिखा है कि आधुनिक युग में पुस्तकें यश और अमरत्व प्राप्त करने का जरिया हैं। ऐसा उन्होंने पुस्तक की ताक़त को देखते हुए लिखा था। लेकिन आधुनिक पल्लवग्राही बुद्धिजीवी जो पुस्तक देखे बिना ही पुस्तक की निंदा आलोचना या प्रशंसा लिख- बोल देते हैं के लिए नियमित लिखना , ज्यादा लिखना , गंभीर लिखना -एक दोष है। गंभीर अकादमिक लेखन के प्रति इधर बड़े पैमाने पर अरुचि बढ़ी है। इसी का परिणाम है कि उच्च शिक्षा संस्थानों में यू जी सी ने प्रोफेसर के लिए कम से कम न्यूनतम दो शोध प्रकाशनों की आवश्यक शर्त लगाई है। लेकिन हिन्दी के बुद्धिजीवी प्रोफेसर शायद इसे अधिकतम मान बैठे हैं। सभा, संगोष्ठी, पुरस्कारों , सरकारी समितियों की राजनीति में फंसा हिन्दी का प्रोफेसर बेचारा लिखने के लिए समय कहां से निकाले , तिस पर निष्ठुर दिल्ली शहर की भागमभाग। ये कोई बंगाल तो है नहीं कि लेखक, शिक्षक की कोई विशेष ठसक हो।
 बुद्धिजीवी के बदले लगभग क्लर्क में तब्दील हुआ शिक्षक इसे अपनी नियति मान लेता है। वह अमर्त्य सेन या एडवर्ड सईद बनने के सपने नहीं देखता। बल्कि दिल्ली में घर, बच्चों की विदेश में पढ़ाई-नौकरी, सट्टा बाजार आदि उसकी चिंता के केन्द्र में होते हैं। ऐसे में एडवर्ड सईद का अभिप्सित बुद्धिजीवी उसका लक्ष्य कैसे बन सकता है। चॉमस्की की तरह निरंतर गंभीर और नए- नए विषयों पर लिखकर जोखिम उठाना उसके वश की नहीं। इन्हीं कई कारणों से हीनताग्रंथि से युक्त बुद्धिजीवियों की एक बड़ी संख्या हिन्दी में पनपी है जो हिन्दी का खा-पीकर किसी भी तरह के वर्चस्व के आगे 'अष्टावक्र' बन जाते हैं। यह सिर्फ हिन्दी में हो सकता है कि हिन्दी के शिक्षक होकर भाव-भंगिमा में , विचार में हिन्दी से घृणा करें। जितने उत्साह से अंग्रेजीवालों की केवल हाव-भाव में नकल की जाती है, उनके साथ बैठने-उठने की तत्परता दिखाई जाती है , उतनी तत्परता किसी अन्य भारतीय भाषा के विद्वानों के लिए नहीं दिखाई जाती। यह सामाजिक उत्थान का ही नमूना समझिए।
 सईद ने कहा था कि एक राजनीतिक और बौद्धिक के बीच अंतर किया जाना चाहिए। राजनीतिज्ञ का प्रधान गुण है समझौते करना जबकि बौद्धिक अपनी अभिव्यक्ति के लिए किसी भी किस्म के समझौते से इंकार करता है। यहीं पर उसके साहस के तत्व को देख सकते हैं। यह राजनीतिज्ञों का गुण है कि बताते रहें कि मैंने क्या किया। बुद्धिजीवी के लिए मुख्य हैं उसके आदर्श। राजनीतिक तौर पर सही का अर्थ है दार्शनिक तौर पर गलत। क्योंकि इसका अर्थ है समझौता। सईद ने कहा समझौता और आज्ञापालन।
  लेकिन बुद्धिजीवी के लिए साहस बहुत बड़ी चीज है। साहस का केवल यही अर्थ नहीं है कि चीजों को भिन्न रूप में बताया जाए बल्कि साहस का अर्थ है पूरी तरह से समझौताहीन। बुद्धिजीवी के लिए एटीट्यूट महत्वपूर्ण है। जो सोचता है उसे लागू करने का साहस हो।
 दुर्भाग्य है कि हिन्दी के मध्यवर्गीय बौद्धिकों में अपने वर्ग की कुण्ठाएँ, चालाकियाँ, दोरंगापन और थोथी नैतिकता का दिखावा बहुत है। बातें चाहे क्रांति की करता हो , व्यक्तित्व दमन और कुण्ठा की साकार प्रतिमूर्ति होकर पहला पत्थर मारने का हक़ नहीं छोड़ता। प्रशंसा करने , उत्साहित करने का भाव तो वह कब का छोड़ चुका है। है तो केवल शाश्वत घृणा का भाव। पर मुक्तिबोध जिसे घृणा की हम्माली कहते हैं उसकी टेक तक न बची है।
 सईद ने कहा था शिक्षकों, लेखकों और बुद्धिजीवियों में यह आदत होती है कि वे भक्त तैयार करते हैं। लेकिन एक शिक्षक के नाते मेरा यही कर्तव्य है कि मैं अपने छात्र को अपना श्रेष्ठतम दूँ और खास अर्थ में इस लायक तैयार करूँ कि वह मेरी आलोचना कर सके। मैं उसे अपने से स्वतंत्र रखता हूँ जैसा चाहे मार्ग चुनें। लेकिन हिन्दी में सही अर्थों में संसार के हर आपद-विपद के लिए तैयार करनेवाले गुरू तो नहीं रहे पर शिष्य बनाने की परंपरा बड़ी मजबूत है। विद्यार्थी की जगह शिष्य और भक्त बनना सीखाते हैं। ज्ञानपिपासु और स्वाभिमान में अनमनीय होने के बजाए विद्यार्थी बौद्धिक कलाबाजियाँ सीखकर गुरू को गुड़ साबित करने लगता है। सारी लड़ाई ज्ञान के क्षेत्र से बाहर चली जाती है। क्या आपने ऐसे बौद्धिक हिन्दी के अलावा भी कहीं देखें हैं।
 हिन्दी के बुद्धिजीवी की बौद्धिक अपंगता के प्रधान कारण हैं-सत्य से घृणा और ज्ञानविमुखता। इनके कारण ही हिन्दी के इस अनूठे बुद्धिजीवी की सामाजिक पोजिशनिंग हिन्दी क्षेत्र के अलावा कहीं नहीं है। दक्षिण भारतीय, बंगाली, उर्दू आदि तथा अन्य  विषयों के बुद्धिजीवी वैश्विक परिवेश में मिल जाएंगे लेकिन हिन्दी का बुद्धिजीवी इस वैश्विक परिवेश में कहीं नहीं मिलेगा। क्योंकि उसके अंदर ज्ञानपिपासा नहीं है। ज्ञान के उत्पादन और पुनरूत्पादन से उसका अलगाव जबर्दस्त है। पिछले दो सौ सालों में यह देखा गया है कि भारत के मध्यवर्ग के बुद्धिजीवियों का वैश्विक तौर पर विस्तार हुआ है, उसकी अलग से पहचान बनी है। लेकिन हिन्दी में प्रेमचंद की तुलना गोर्की और तॉलस्तॉय आदि से की जाती है, इसके अलावा दूसरा कोई रचनाकार नहीं जिसकी विश्वस्तर पर इस तरह से नामचीन लेखकों से तुलना की जा सके। कहने को हर साल हिन्दुस्तान से विदेशी विश्वविद्यालयों में लेखक-बुद्धिजीवी जाते हैं।
 यह आश्चर्य की बात नहीं लगती कि बोलनेवाली इतनी बड़ी आबादी, सरकारी इमदाद, हिन्दुस्तान और विश्व में कई जगह पठन-पाठन की व्यवस्था होने के बावजूद यूरोप और अमरीका के देशों में संस्कृत के विद्वानों जैसे भरत, भारवि आदि को तो लोग जानते हैं पर हिन्दी के बुद्धिजीवी की कोई पहचान नहीं बनी है। 
( फोटो और आलेख -सुधा सिंह )

गुरुवार, 31 दिसंबर 2009

राससुन्दरी दासी की यह आत्मकथा 'आमार जीबोन'


राससुन्दरी  दासी  की यह आत्मकथा 'आमार जीबोन' नाम से सन्1876 में पहली बार छपकर आई। जब वे साठ बरस की थीं तो इसका पहला भाग लिखा था। 88 वर्ष की उम्र में राससुन्दरी देवी ने इसका दूसरा भाग लिखा। जिस समय राससुन्दरी देवी यह कथा लिख रही थी, वह समय 88 वर्ष की बूढ़ी विधवा और नाती-पोतों वाली स्त्री के लिए भगवत् भजन का बतलाया गया है। इससे भी बड़ी चीज कि परंपरित समाजों में स्त्री जैसा जीवन व्यतीत करती है, उसमें केवल दूसरों द्वारा चुनी हुई परिस्थितियों में जीवन का चुनाव होता है। उस पर टिप्पणी करना या उसका मूल्यांकन करना स्त्री के लिए लगभग प्रतिबंधित होता है। स्त्री अभिव्यक्ति के लिए ऐसे दमनात्मक माहौल में राससुन्दरी देवी का अपनी आत्मकथा लिखना कम महत्त्वपूर्ण बात नहीं है। यह आत्मकथा कई दृष्टियों से महत्त्वपूर्ण है। सबसे बड़ा आकर्षण तो यही है कि यह एक स्त्री द्वारा लिखी गई आत्मकथा है। स्त्री का लेखन पुरुषों के लिए न सिर्फ़ जिज्ञासा और कौतूहल का विषय होता है वरन् भय और चुनौती का भी। इसी भाव के साथ वे स्त्री के आत्मकथात्मक लेखन की तरफ प्रवृत्त होते हैं। प्रशंसा और स्वीकार के साथ नहीं; क्योंकि स्त्री का अपने बारे में बोलना केवल अपने बारे में नहीं होता बल्कि वह पूरे समाजिक परिवेश पर भी टिप्पणी होता है। समाज को बदलने की इच्छा स्त्री-लेखन का अण्डरटोन होती है। इस कारण स्त्री की आत्मकथा वह चाहे जितना ही परंपरित कलेवर में परंपरित भाव को अभिव्यक्त करनेवाल क्यों न हो, वह परिस्थितियों का स्वीकार नहीं हो सकता; वह परिस्थितियों की आलोचना ही होगा।

  राससुन्दरी देवी की आत्मकथा में कई ऐसी चीजें हैं जो अत्यंत साधारण लगते हुए भी विशिष्ट हैं। पहले पाठ में यह आत्मकथा एक ऐसी संतुष्ट स्त्री की कहानी लगती है जो अपने घर-परिवार, घर में मिले लाड़-दुलार, सामाजिक हैसियत, बेटे-बेटियों और पोते-पोतियों, नाती-नातिनों के साथ, भरे-पूरे परिवार के बीच एक गृहस्थ स्त्री की साध भरी दुनिया में संतुष्ट है। विश्लेषण-वर्णन का अद्भुत तरीका अपनाया है राससुंदरी देवी ने! स्त्री भाषा का एकदम आदर्श नमूना ठण्डी, निरुद्वेग और किसी भी तरह की चापलूसी से रहित! न शिकायत है न आरोप -प्रत्यारोप! फिर भी स्त्री के पक्ष से सारी बातें कह जाती हैं।

  सबसे पहले मैं स्त्री आत्मकथा लेखन की दिक्कतों के बारे में कुछ कहना चाहती हूँ। यह पहली बार हुआ कि 19वीं सदी के आरंभ में बड़े पैमाने पर स्त्री लेखन और स्त्री आत्मकथात्मक लेखन दोनों सामने आते हैं। चूंकि स्त्री लेखन का संसार उसके अनुभव के संसार से ही शुरु होता है, इसलिए स्त्री के आरंभिक लेखन में स्त्री के अनुभव का संसार अति परिचय की हद तक शामिल है। घर -परिवार, पति-बच्चे, घरुआ वातावरण और इसके भीतर के शक्ति संबंधों की दुनिया सब इतनी ज्यादा पहचानी हुई लगती है कि वह महत्तवहीन हो जाती है। ध्यान रखना चाहिए कि महत्वहीन या महत्वपूर्ण साबित करने का काम स्त्री लेखिका नहीं बल्कि पुंसवादी लेखकीय मानदण्डों के आधार पर पुरुष आलोचक लेखक करता है। ऐसे में स्त्री के अस्तित्व को लेकर उसकी के प्रति जो उपेक्षाभाव घर और समाज में होता है, उसी की झलक विचारों और लेखन की दुनिया में भी दिखाई देती है। हिन्दी आत्मकथात्मक साहित्य का आलम यह है कि साहित्येतिहास की पुस्तकों में पहले भारतेन्दु की रचना 'कुछ आपबीती कुछ जगबीती' को हिन्दी की पहली आत्मकथा लेखन का प्रयास कहा गया और फिर जब तक बनारसीदास के 'अर्ध्दकथानक' को नहीं खोज लिया गया, आत्मकथा लेखन की शुरुआत नहीं मानी गई। जबकि स्त्रियों द्वारा लिखे गए आत्मकथात्मक गद्य के नमूने पहले भी मिलते हैं, लेकिन उन पर आत्मकथा की कोटि के तहत विचार नहीं किया गया।

  मैं विधा के रूप में आत्मकथा के जेनर पर पहले बात करना चाहती हँ। आत्मकथा के विधा की जिस रूप में संरचना तय की गई है, वह अपने आप में बहिष्कारमूलक और समस्यामूलक है। यह महाकाव्य की तरह है जिसके लिए एक महान् नरैटिव और आदि-अंत का बखान जरुरी है। साथ ही विषय से दूरत्व का बोध भी जरुरी है। जितनी दूर का विषय होगा, उतनी शानदार प्रस्तुति होगी,पर मुश्किल यह है कि स्त्री लिखते समय अपने से दूरी नहीं बनाए रख सकती। स्त्री वर्तमान से गहरे संपृक्त होती है। अतीत उसका नहीं है। अतीत पर उसका नियंत्रण भी नहीं है। इस कारण लिखते समय वह वर्तमान की समस्याओं और जटिलताओं का विश्लेषण प्रस्तुत करती है। बिना ऐसा किए वह रह नहीं सकती। कारण कि जिन सामाजिक-राजनीतिक असंगतियों को वह झेलती है लिखते समय उसका विश्लेषण न करे, यह संभव नहीं है। स्त्री के सामने आत्मकथा लिखते समय अजीब द्वन्द्व की स्थिति होती है। जिसके बारे में लिख रही होती है, वह वो स्वयं होती है; जिस औजार के जरिए लिख रही होती है यानि भाषा उसमें उसके अपने अनुभव के शब्द नहीं होते। संसार को नामित करने की प्रक्रिया से वह बाहर होती है। इन सबसे मुश्किल स्थिति यह है कि वह जब तक आत्मकथा लेखन में 'सब्जेक्ट' की भूमिका में नहीं होगी, तब तक वह नहीं लिख सकती। स्त्री को'सब्जेक्ट' की भूमिका में कभी देखा ही नहीं गया है; वह रचना में, भाषा में, समाज में ऑब्जेक्ट ही रही है।

  आत्मकथा 'सेल्फ' के उद्धाटन का क्षेत्र है। स्त्री के स्व को समाज और भाषा में इतनी पाबंदियों के बीच रखा गया है कि उसका ठीक ठीक बाहर आना संभव नहीं है। विखण्डन, बिखराव, टूट-फूट, असंगतियाँ इसकी विशेषता है। तो आत्मकथा का जो महाख्यानमूलक रूप है, स्त्री की आत्मकथा उसके आस-पास भी नहीं ठहरती। पुरुष आत्मकथाओं में परिवेश का चित्रण उसकी महानता और गरिमा के साथ एक महान् कहानी को निर्मित करने के लिए होता है। साधारण परिवेश का गरिमापूर्ण चित्रण पुरुष 'सब्जेक्ट' के साथ द्वन्द्वात्मक और संघर्षपूर्ण रूप में दिखाया जाता है और आत्मकथा के अंत तक जाते-जाते साबित कर दिया जाता है कि पुरुष का अपने परिवेश पर नियंत्रण है। वह परिस्थितियों का दास नहीं, उनका मालिक हैं। वहाँ गरीबी जैसी डरानेवाली चीज भी पुरुष को उसकी महानता और लक्ष्य से भटका नहीं सकती। गरीबी में स्त्रियाँ बिक सकती हैं, उनकी देह और आत्मा सीधे इसका शिकार बनती है, पर पुरुष के लिए वह चुनौतियों का सृजन करती है जिसके पार उसकी महानता का संसार उसकी प्रतीक्षा में है। इसलिए गरीबी वहाँ'गर्बीली' होती है। 'पुरुष क्या श्रृंखला को तोड़ करके,चले आगे नहीं जो जोर करके' ! (दिनकर,रश्मिरथी)

 (लेखिका- सुधा सिंह) 

सोमवार, 28 दिसंबर 2009

पियरे बोर्दिओ और नव्य-उदारतावाद - 7-

बोर्दिओ के अनुसार विनियमन (डीरेगूलेशन) की नीति के खिलाफ सबसे पहले राजनीतिक चिन्तन को महत्व दिया जाना चाहिए। राजनीतिक गतिविधियों को प्रधानता दी जानी चाहिए। यह प्रस्थान बिंदु हो सकता है। इसके बाद इस संघर्ष को राष्ट्र-राज्य की सीमाओं के परे ले जाने की जरुरत है। इसके लिए विश्वव्यापी सामाजिक आंदोलन की जरुरत होगी और वैसा ही संगठन भी बनाना पड़ेगा। ये सामाजिक आंदोलन अपनी प्रकृति ,आकांक्षा और लक्ष्य में भिन्ना किस्म के होंगे। इनमें कुछ समानताएं भी होंगी जो इन्हें 'तुलनात्मक' बनाएगी । बहुत सारे आंदोलन परंपरागत राजनीतिक लामबंदी,राजनीतिक दलों की लामबंदी ,जो सोवियत टाइप हुआ करती थी, को अस्वीकार करते हुए आ रहे हैं। यह पूरी तरह इजारेदाराना भाव के प्रति प्रतिवाद है। इन आंदोलनों की धुरी है छोटे ग्रुपों पर इजारेदारी कायम करना। साथ ही ये तुरंत शिरकत की मांग करते हैं। इन आंदोलनों की खूबी है कि ये तुरंत नए एक्शन सुझाते हैं। इनमें प्रतीकात्मक सार होता है। इनके लक्ष्य और उपाय मौलिक होते हैं। ये ठोस सामाजिक लक्ष्यों को केन्द्रित होते हैं। जैसे हाउसिंग,रोजगार,स्वास्थ्य,गरीबी के प्रति सरोकार आदि। वे इनके व्यावहारिक समाधान सुझाते हैं जिन्हें तत्काल लागू किया जा सकता है। उनके प्रस्तावों और प्रतिवाद को उदाहरण के रुप में पेश किया जा सकता है। व्यक्तिगत तौर पर शिरकत को बढ़ाया जा सकता है। इनको मीडिया की सही जानकारी होती है,बल्कि वे इसके मास्टर होते हैं,इसलिए वे किसी भी घटना को पेश करने,नाटकीय बनाने में सिध्दहस्त होते हैं। जिससे वे मीडिया और राजनीति का ध्यान खींच पाते हैं। इस तरह के आंदोलनों को मीडिया ज्यादा कवरेज देता है,इसका अर्थ यह नहीं है कि ये आन्दोलन मीडिया केन्द्रित हैं, बोर्द्रिओ कहता है कि अब तक मीडिया परंपरागत दलों का समर्थन करता रहा है, किंतु अब उनकी तरफ ध्यान न देकर इन सामाजिक आंदोलनों की ओर ध्यान दे रहा है। ये आंदोलन कम समय में ही अपना सामाजिक आधार बना लेते हैं। आरंभ में ऐसे आंदोलनों का चरित्र अंतर्राष्ट्रीय था। एक-दूसरे मॉडल को वे लागू करते रहे।  इन सभी सामाजिक आंदोलनों का साझा फिनोमिना है कि ये नव्य-उदारवादी नीतियों को अस्वीकार करते हैं। एक अन्य प्रवृत्ति है कि ये अंतराष्ट्रीय हैं,अंतर्राष्ट्रीयतावादी हैं।इन सामाजिक आंदोलनों में एटीट्यूट की एकता है।
बोर्दिओ के अनुसार मांगों और प्रक्रियाओं के बीच बगैर किसी इजारेदारी के अनिवार्यत: तालमेल होना चाहिए। यह तालमेल नेटवर्क के बीच होना चाहिए। इनमें व्यक्तियों और समुदायों को बगैर किसी वर्चस्व के एकजुट किया जाना चाहिए। इनके परिप्रेक्ष्य और कार्यक्रम की रक्षा की जानी चाहिए। इन संगठनों को लोचदार और टिकाऊ होना चाहिए। इन्हें मिलजुलकर प्रचार करना चाहिए,नियमित सभाएं करनी चाहिए,साथ ही लक्ष्य केन्द्रित सवालों को उठाना चाहिए। बोर्दिओ के शब्दों में ''ग्लोबलाइजेशन हमारा भविष्य नहीं है बल्कि राजनीति है। इसलिए प्रतिवाद की राजनीति सत्ता के केन्द्रीकरण के खिलाफ होगी। यह विकल्प अंतर्राष्ट्रीय होगा। इसमें मजदूर संगठनों और नए संगठनों के अनुभवों से काम लिया जाएगा।''
नव्य-उदारतावाद के प्रचार अभियान में बार-बार समृध्द समाज के निर्माण की बात कही जा रही है। यह कहा जा रहा है कि हमें भारत को समृध्द बनाना है। समृध्दि की मांग पागलपन की हदें पार गई है। सवाल किया जाना चाहिए कि आखिरकार समृध्द भारत की मांग कौन लोग कर रहे हैं ? वे ऐसी मांग क्यों कर रहे हैं ? अथवा यों कहें कि समृध्द समाज की मांग किसके लिए की जा रही है , इससे किसका भला होगा ? असल में समृध्द समाज की मांग उन लोगों ने उठायी है जो अपने मालों की बिक्री करना चाहते हैं। वे ऐसे मालों को बेचना चाहते हैं जो हमारी आवश्यकता का हिस्सा नहीं हैं। वे ऐसे उपभोक्ता का आधार तैयार करना चाहते हैं जिसके पास उपभोग की वस्तुएं खरीदने के लिए बेशुमार पैसा हो। जिससे वह इन मालों को खरीद सके। भारत जैसे गरीब देश में उपभोक्ता वस्तुओं को जब गरीब आदमी टीवी में हसरतभरी निगाहों से देखता है तो उसके अंदर भी इन्हें पाने इच्छा पैदा होती है,इन्हें पाकर वह ज्यादा से ज्यादा खुशियां पाने का सपना देखता है। ऐसा सोचने वाले गलत सोच रहे हैं। वस्तुओं से खुशी नहीं मिलती। ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ता वस्तुओं का अम्बार खुशियां नहीं देता,खुशी तो असल में तुलनात्मक तौर पर अपने पड़ोसी की संपत्ति देखकर ही आती है, पड़ोसी की संपत्ति से जब ज्यादा संपत्ति होती है तब ही मन खुश होता है। यदि सभी की संपदा का स्तर एक जैसा कर दिया जाएगा तो खुशी पैदा नहीं होगी।
अमरीका के मार्ग को अपनाने वालों को यह भी ध्यान रखना होगा कि वहां चंद लोगों की दादागिरी चलती है। ये वे लोग हैं जो शासकवर्ग कहलाते हैं। जिनके अनुसार नीतियां बनती हैं और बदलती हैं। यहां तक शासकवर्गों के बीच में भी सत्ता का हिसाब-किताब बनता-बदलता रहता है। शासकवर्ग में एक जमाने में मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र का वर्चस्व हुआ करता था,आज यह क्षेत्र ढलान पर है। आज अमेरिका में अंतर्राष्ट्रीय -राष्ट्रीय इजारेदार वित्तीय संस्थानों का वर्चस्व है,आर्थिक उदरीकरण के दौर में इन्हीं संस्थानों ने नीतियों की बागडोर थामी हुई है। दूसरी ओर मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र में अपने देश में अमेरिका संरक्षणवाद का सहारा ले रहा है और गैर- अमेरिकी मुल्कों पर संरक्षण हटाने के लिए दबाव डाल रहा है।
    अमेरिका की नीति है '' उदारीकरण विदेश में देश में संरक्षणवाद।'' अमेरिका में कौन शासकवर्ग है इसका जबाव बेहद जटिल है। इसका प्रधान कारण है कि अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में औद्योगिक प्राथमिकताएं बदलती रहती हैं। मसलन् इन दिनों मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र ढलान पर है और वित्तीय संस्थान बढत पर हैं अत: शासकवर्गों में वित्तीय संस्थानों का बोलवाला है। अनेक पुराने औद्योगिक घराने पुराने धंधों में बने रहने की बजाय वित्तीय क्षेत्र में आ रहे हैं,हमारे देश में भी यह फिनोमिना आ गया है। नव्य-उदारतावाद के दौर में वित्तीय संस्थानों और वित्तीय पूंजी का ही सारा खेल है। वे ही ग्लोबलाइजेशन के असल मुखिया हैं,बाकी अन्य शासकवर्गों को उनके सहयोगी की भूमिका अदा करनी होगी। वित्तीय पूंजी बहुराष्ट्रीय इजारेदारियों की रखैल है, वह उनकी संपदा का स्रोत है। आज सबसे ज्यादा किसी सेक्टर में प्रधान कर्ताओं को तनख्वाह और सुविधाएं दी जा रही हैं तो वह है वित्ताीय पूंजी क्षेत्र। वित्तीय पूंजी का सारा खेल शेयर मार्केट के ऊपर निर्भर है,इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के विलय और बिक्री से भी नव्य-उदारतावाद लाभांवित हुआ है। विलय-बिक्री की फीस के बहाने वित्तीय संस्थानों ने बेशुमार धन कमाया है। मसलन् 2006 में 3,900 विलियन डालर के इस क्षेत्र में सौदे हुए,इनके जरिए निवेशक बैंकों ने फीस के रुप में 18.8 विलियन डालर कमाए।
     आंकड़े बताते हैं कि दो फीसदी घराने अस्सी फीसदी विश्व संपदा के मालिक हैं। इसमें वित्ताीय पूंजी से जुड़े अभिजन के पास बहुत छोटा अंश ही है।  ये वे वित्तीय कंपनियां हैं जो सट्टा बाजार में पैसा लगाती हैं,उधार पैसा देती है और बड़ा मुनाफा बटोर रही हैं। अमेरिकी समाज आर्थिक तौर पर सबसे ज्यादा संकटग्रस्त है खासकर मध्यवर्ग और मजदूरवर्ग के सामने गंभीर संकट पैदा हो गया है। उसकी सामाजिक सुरक्षा  की सुविधाएं कम हुई हैं, पगार में गिरावट आई है।बेकारी बढ़ी है। मसलन् सन् 2000-2005 के बीच में अमरीकी अर्थव्यवस्था 12 फीसदी बढ़ी, उत्पादकता 17 फीसदी बढ़ी किंतु पगार मात्र तीन फीसदी बढ़ी। जबकि इसी अवधि के दौरान परिवार की असल आमदनी में गिरावट दर्ज की गई। एक सर्वे में नवम्बर 2006 में तीन-चौथाई अमेरिकियों ने कहा कि वे दुर्दशापूर्ण जीवन जी रहे हैं,अथवा यों भी कह सकते हैं कि छह साल पहले जो दशा थी उसमें कोई सुधार नहीं आया है। फेडरल रिजर्व बैंक के मुखिया के सीनेट कमेटी के सामने स्वीकार किया है कि ''अमेरिका में बढ़ती हुई असमानता चिन्ता की चीज है। इकहरे ढ़ंग से आमदनी और संपदा में इजाफा हो रहा है।यह अच्छा लक्षण नहीं है।'' सरकार की सकल घरेलू आय का 43 फीसदी हिस्सा पगारजीवी लोगों से आता है। आज अमरिकी दलों में वित्तीय पूंजी से जुड़े शासकवर्गों को चुनौती देने की किसी में क्षमता नहीं है। उनसे सब डरते ही नहीं हैं बल्कि वे तो सभी के माई-बाप हैं।



रश्मि खेरिया की ताजा कविता 'स्वाद'


स्वाद
बादलों के साथ -साथ
दौड़ रहा
मन मेरा भी

खेत खलिहान नदी -नाले
रिश्तों के जंगल ---
सब पीछे छूटते रहे

बस लिया
स्वाद
मैंने
भीगने का


                      



















विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...