शनिवार, 9 जनवरी 2010

मध्यपूर्व और एडवर्ड सईद की संगीतदृष्टि -4-



सईद के अनुसार ऐसा व्यक्ति ज्यादा महत्वपूर्ण होता है जो किसी न किसी रूप में यथास्थितिवाद को चुनौती दे। जब मैंने अपने संस्मरण लिखने का फैसला किया तो अनेक लोगों ने सुझाव दिया कि तुम पहले दूसरों के संस्मरण पढ़ लो इससे लिखने में आसानी रहेगी। मैंने भी सोचा कि महारत हासिल करने के लिए यह अच्छा सुझाव है। स्मृति के सहारे मुझे अपनी कहानी लिखनी थी। यह काफी कुछ हजम कर जाने वाली थी। उसे लिखते समय आप और कुछ नहीं सोच सकते। 


संस्मरण लिखते समय आप अपने लिए जगह भी महसूस करते हैं। कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं जिन्हें आप ज्यादा जगह देना चाहते हैं। रूपकीय नजरिए से यह एक तरह से अपने पाठक के दिमाग में छवि बनाने की कोशिश भी है। अंतत: तो वे कागज पर लिखे शब्द ही हैं। शब्द का कागज और कागज से इमेज में रूपान्तरण असल में शब्दों का 'कायिक' शक्ल अख्तियार करना है। यह सब कुछ स्थान पर निर्भर करता है। आप कैसे कहते हैं ,क्या कहते हैं,उसको किस चुस्त-दुरूस्त ढ़ंग से कहते हैं।


 पैराग्राफ की संरचना कैसी बनाते हैं आदि  चीजों को देखना चाहिए। इन सब चीजों को हासिल करना बेहद मुश्किल है यदि आप पूरी तरह अपने पर केन्द्रित होकर न रहें। किंतु मैं यह भी कहना चाहता हूँ कि अन्य आवाजें भी हैं जो लगातार बमबारी करती रहती हैं। इसके बाद सवाल आता है कि आपकी ऑडिएंस कौन है, आप कहां तक उनका ख्याल रख सकते हैं। इसी अर्थ में आप उन्हें सम्बोधित करते हैं।
      


एडवर्ड सईद ने ''पेरेलल्स एंड पैराडॉक्स'' कृति में प्रामाणिकता के सवाल पर गंभीरता के साथ विचार किया है। कृति में प्रामाणिकता कैसे रूपान्तरित होती है। इस सवाल पर डेनियल और सईद के विचार उल्लेखनीय हैं।  डेनियल ने कहा लिखित पाठ से संगीत भिन्न है। 


संगीत तब ही अवस्थित होता है जब ध्वनि पैदा की जाए। जब बीथोवन की पांचवी सिंफनी लिखी गयी तो वह उसकी कल्पना में ,दिमाग में स्थित थी, कायिक नियमों का विषय थी। इसके बाद उसे स्वरलिपि की व्यवस्था के रूप में जाना । यह सादा कागज पर काले निशान की तरह है। सादा कागज पर लिखे काले शब्दों में लिखी स्वरलिपि को पांचवी सिंफनी नहीं कहा जा सकता और इसे लेकर मुझे कोई संतुष्ट भी नहीं कर सकता।


 पांचवी सिंफनी अस्तित्व में तब आयी जब उसका वाद्ययंत्रों के द्वारा निर्माण किया गया। उसे बजाया गया।कहने का अर्थ यह है कि संगीत की विलक्षणता  यह है कि वह जब बजता है , जब उसकी ध्वनि सुनाई देती है तो अलग-अलग लोगों के लिए उसका भिन्न-भिन्न अर्थ होता है। वह काव्यात्मक, गणितीय, संवेदनात्मक कुछ भी हो सकता है। यही उसका अन्त है।  संगीत सिर्फ ध्वनि के जरिए ही अपने को व्यक्त करता है।
       
इसी प्रसंग में सईद ने मंशा का सवाल उठाया और कहा कि कागज पर लिखी चीज में जो आंतरिक तत्व है अथवा जीवनहीनता है। किंतु इन दोनों बातों को व्याख्याकार के नजरिए से देखिए तो बात कुछ और ही नजर आएगी। जिसने प्रस्तुत किया उसको आप कोई भी नाम दें मौलिक कहें अथवा कुछ भी कहें। क्या कहा जाएगा इसके भी रिवाज हैं। अथवा तयशुदा रिवाजों पर हम सहमत हो सकते हैं। वह आपको बदले में कुछ न कुछ देता है। आप उसे अभी प्राप्त करें अथवा फिर कभी प्राप्त नहीं कर सकेंगे। वह जो कच्ची सामग्री कम्पोजर ने लिखी है उसे आप पुन: दोबारा हासिल नहीं कर सकते। 


अब मैं पाठ के बारे में कुछ कहना चाहता हूँ, पाठ के बारे में जब बात की जाती है तो स्थापित पाठ के बारे में बात की जाती है। हम सब उसी पर निर्भर होते हैं। किंतु संपादक का काम है कि वह पाण्डुलिपि को एकत्रित करे।नोटबुक को एकत्रित करे।अथवा वह उसे ऐसी  शक्ल प्रदान करे जिससे पाठ अथवा व्याख्याकार उसे पलटकर देख सके। यह काम सबसे मुश्किल है। मेरा इशारा बुनियादी काम की ओर है। 


मैं यह जानना चाहता हूँ कि मोजार्ट के विशेषज्ञ एलन टायसन ने जो विवरण प्रदान किए वे कैसे आए ? क्या उसके खास अंश सामयिक हैं,अथवा पुराने जमाने के हैं। प्रामाणिकता के संदर्भ में यही बुनियादी चीज है। यह सच है  जब आप पेश करेंगे अथवा संगीत बजाएंगे तो इन सबका कोई महत्व नहीं है किंतु यह जानना तो जरूरी है कि पाठ को स्थापित करने में किस तरह का संपादन किया गया। ऐसी अवस्था में आप पाठ के साथ क्या करते हैं ? 


पाठ को आप संभवत: दो तरह से देखते हैं ? पहला तरीका यह है कि पाठ में सब कुछ है। मेरा सामान्य काम है उसे ईमानदारी से पेश कर देना। सईद ने कहा यह पूरी तरह मूर्खता है,नानसेंस है। क्योंकि पाठ को ईमानदारी से पेश कर देने वाली जैसी कोई चीज नहीं होती।
      
जब आप 18वीं शताब्दी का पाठ देखते हैं तो आप 18वीं शताब्दी के आदमी होते हैं। वैसा होना असंभव है। जब कोई लेखक अथवा कम्पोजर पाठ तैयार कर लेता है तो लिखने के बाद उससे अपनी दूरी बना लेता है। वह स्वयं ही एक वस्तु बन जाता है। यह काम वह लेखक के संरक्षण के बिना करता है। एक व्याख्याकार अथवा पाठक के नाते हम सब महसूस करते हैं , अथवा संगीत के प्रिफार्मर के नाते  प्रिफार्मेंस की प्रस्तुति अथवा रीडिंग में पाठ में आप अनंत किस्म की चीजें समायोजित नहीं कर सकते। 


यानी व्याख्याकार के मनमानेपन के खिलाफ प्रतिरोध व्यक्त होता है। यह प्रतिरोध अनेक किस्म के निर्देशों के जरिए आता है। मैं यहां यह कहना चाहता हूँ  पाठ कभी भी पूरी तरह व्याख्या के लिए खुला नहीं होता। हम जानते हैं कि इसके पीछे क्या नाटकीयता है।
     
हमें यह जानना चाहिए शब्द अथवा स्वरलिपि को किस प्रक्रिया में उपस्थित किया गया। व्याख्या अथवा प्रिफॉर्मेंस स्वयं बोरियत पैदा करने लगती हैं जब आप अन्य लोगों की बातों को दोहराने लगें। उन्हें नयी शक्ल और नयी संवेदना के साथ पेश करना चाहिए। व्याख्याकार और कम्पोजर काम पाठ को उसे पुराने संदर्भ में पेश करने का नहीं है बल्कि उसका काम है वर्तमान के संदर्भ में पेश करना । इसीलिए यह कहा जाता है  कुछ रिवाज होते हैं जो हमारी सीमाएं भी बनाते हैं जिसके कारण हम खास किस्म के नियमों के परे नहीं जा सकते। अंतत: ये नियम सामाजिक और बौध्दिक तौर पर निर्धारित होते हैं।  


इसके अलावा प्रिफार्मर ,व्याख्याकार और व्यक्तिगत तौर पर पाठक के बीच में अन्तर्क्रिया चलती रहती है। दूसरी ओर पाठ के बारे में समूचे इतिहास में निर्णय,आम सहमति, संचारण को लेकर प्रक्रिया चलती रहती है। इसी अर्थ में व्याख्या की प्रक्रिया गतिशील होती है। इसके लिए हमेशा विवेकवादी परीक्षण की जरूरत होती है। इसका निर्धारण सिर्फ अनुभूति के आधार पर ही हो सकता है। अनुभूति बहुत ही महत्वपूर्ण है ,जिस चीज से आप घृणा करें उसकी आप व्याख्या नहीं कर सकते। जिसके साथ आपका प्रेम हो और जिसका ख्याल रखते हों अथवा जिसे महत्वपूर्ण मानते हों उसकी ही व्याख्या कर सकते हैं। किंतु यह बहुत ही अनुशासित प्रक्रिया है जो हमें अंधा बना देती है। एक खास किस्म का रिवाज भी है जिसमें समझौता भी रहता है कि क्या आप सहमत हैं ?
  
डेनियल ने जब संगीत और साहित्य के पाठ के बीच तुलना करते हुए विस्तार से रोशनी डाली तो प्रतिक्रिया में सईद ने कहा तुम्हारी यह तुलना अद्भुत है। खासकर पाठ की व्याख्या के संदर्भ में। कीट्स की कविता का उदाहरण देकर सईद ने कहा कविता की भाषा आम दैनन्दिन बोलचाल की भाषा अथवा लॉण्ड्री की भाषा नहीं होती। अथवा यह बाजार की भाषा नहीं होती। ऐसे में हमें भाषा की शक्ल बनानी होती है। यह साधारण गद्य भी नहीं है। इसके कुछ नुकसान भी हैं। क्योंकि साहित्य में आदान-प्रदान चलता रहता है। दैनन्दिन प्रयोग की भाषा और साहित्यिक भाषा एक-दूसरे के साथ आदान-प्रदान करती है। जबकि संगीत में इस तरह का आदान-प्रदान नहीं होता। 


बीथोवन की सिंफनी की सामग्री को आप अन्यत्र कहीं पर भी नहीं पाएंगे। किंतु आप कीट्स की कविता की सामग्री को मौखिक रूप में प्राप्त कर सकते हैं। आम लोगों की बातचीत में प्राप्त कर सकते हैं। इस अर्थ में साहित्य तुलनात्मक तौर पर ज्यादा जनतांत्रिक होता है। क्योंकि उसका प्रत्येक इस्तेमाल कर सकता है। ये शब्द ही हैं जिनके साथ हम जिंदा रहते हैं। एक तरह से साहित्य में हम उनका अतिसामान्य इस्तेमाल करते हैं।
     
सईद ने कहा काव्यभाषा कायिक भाषा होती है। इस अर्थ में यह संगीत के कुछ आयामों के करीब भी आती है। शब्दों का व्यवहारिक मकसद होता है उनका वस्तुगत अर्थ होता है। मसलन् जब हम कहते हैं
'' यह गिलास है।'' तो हम किसी बाहरी वस्तु की ओर संकेत कर रहे होते हैं। किंतु यदि आप काव्यात्मक पाठ के बारे में संगीत के अर्थ में सोच रहे हैं तो आपको शब्दों के साथ स्वर के आंतरिक संबंध के बारे में सोचना होगा। इस संदर्भ में प्रत्येक चीज का तुलनात्मक उपयोग है। जबकि काव्यात्मक वस्तु में श्रृंखलाबध्द संबंध के रूप में चीजें आती हैं। ये कविता में आंतरिक तौर पर छिपी होती हैं। इन्हें आपको कविता पढने के पहले समझना होता है। वह भी तब जब आप ऐसा करना चाहें।


 कविता पढ़ने के लिए उस भाषा को जानना जरूरी है जिसमें कविता लिखी गयी है। किंतु संगीत सुनने के लिए उस भाषा को जानना जरूरी नहीं है जिसमें संगीत है। क्योंकि संगीत की शैली और संगीत की भाषा ध्वनिबोध पर आधारित है।


 जैसा कि आप जानते हैं बच्चे बगैर भाषा समझे संगीत समझते हैं। इस संदर्भ में सबसे महत्वपूर्ण चीज है उपलब्धता। तत्काल प्रभाव के लिहाज से संगीत बहुत शक्तिशाली होता है। यह बात अनेक दार्शनिकों ने भी रेखांकित की है। यह देखा गया है कुछ खास किस्म के अविवेकवाद को संगीत अपने अंदर संजोए रखता है जिसके कारण वह खतरनाक भी होता है। इसके बावजूद संगीत कला है और इसके लिए खास किस्म के अनुशासन की जरूरत है। इसी कारण इस तक पहुँचना भी मुश्किल होता है।
 (लेखक- जगदीश्वर चतुर्वेदी,सुधा सिंह)        

गुरुवार, 7 जनवरी 2010

मध्यपूर्व और एडवर्ड सईद की संगीतदृष्टि -3-

बुध्दिजीवी और कलाकार के लिए मुख्य चीज है उसके आदर्श। वह उनके साथ कोई समझौता नहीं करना चाहता। सईद ने सवाल उठाया है  क्या इन दोनों के बीच किसी भी किस्म का सेतु बनाया जा सकता है ? इनके बीच की खाई को पाटा जा सकता है ? डेनियल ने कहा हमें राजनीतिज्ञ और स्टेट्समैन के बीच में फर्क करना चाहिए। स्टेट्समैन वह है जिसके पास विजन है।


 सईद ने तुरंत कहा जैसे नेहरू और मंडेला जिनके पास विजन है। साथ ही उसे लागू करने की क्षमता भी। चाहे इसमें किसी को भी शामिल करना पडे।  ड़ेनियल ने कहा  आज जो मौजूद है और जो होना चाहिए ,इसके बारे में फर्क करने का किसी में विवेक होना जरूरी है। ऐसा करने के लिए आपको यथार्थ को जानना जरूरी है। ''राजनीतिक तौर पर सही'' का अर्थ है दार्शनिक तौर पर गलत। क्योंकि इसका अर्थ है समझौता। सईद ने कहा समझौता और आज्ञापालन।


 डेनियल ने कहा साहस बहुत बड़ी चीज है। साहस का यही अर्थ नहीं है कि चीजों को भिन्न रूप में बजाया जाए, साहस का अर्थ है पूरी तरह समझौताहीन। जैसे महान स्टेट्समैन होते हैं। हमें यथार्थ समझना चाहिए, पाठ को समझना चाहिए। उनकी कठिनाईयों को समझना चाहिए।इसके बाद विजन होना चाहिए और उसे लागू करने का पूरी तरह साहस होना चाहिए। साहस का अर्थ है संगीत निर्माण का साहस, जब आप ऐसा करते हैं तो समूची मानवता की समस्या का समाधान करते हैं।
     
एडवर्ड सईद ने कहा मैं हमेशा पेशेवर लोगों की तरह सोचता हूँ। चाहे वह पेशेवर लेखक हो अथवा पेशेवर विशेषज्ञ हो, पेशेवर होना ही अपने आप में सब कुछ नहीं है। सिर्फ इससे मुझे संतोष नहीं मिलता। मेरे अंदर यह एटीटयूट है कि मैं जो सोचता हूँ उसे लागू करता हूँ। मैं तकनीक ,विशेषज्ञता और पेशेवराना चीजों के प्रति सवाल उठाने में थकता नहीं हूँ, यहां तक कि साहित्य और समाज के अन्तस्संबंध के बारे में भी सवाल उठाता रहा हूँ। साहित्य और राजनीति के अन्तस्संबंध के बारे में भी सवाल उठाता रहा हूँ। 


दूसरी ओर मेरा पक्का विश्वास है कि कक्षा सिर्फ कक्षा है। जबकि मेरा ज्यादातर समय कक्षाओं में ही गुजरा है। कक्षा को राजनीतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की जगह नहीं बनाया जाना चाहिए। साठ के दशक में जब विश्वविद्यालयों का राज्य के प्रति ठंडा रूख था तब कक्षाओं को वैकल्पिक सामाजिक स्थान के तौर पर विकसित किया गया। तब कक्षाओं में सभी किस्म की मुक्ति की आकांक्षाओं को अभिव्यक्त किया गया। विभिन्न किस्म के राजनीतिक विचारों को अभिव्यक्त किया गया। किंतु आज वह स्थिति नहीं है।  


 मैं सोचता हूँ  खास किस्म की प्राइवेसी अथवा सीमाबध्दता विश्वविद्यालय और समाज के बीच में रहनी चाहिए। मैं अभी भी महसूस करता हूँ  बुध्दिजीवियों और विश्वविद्यालय समुदाय के लोगों को इस कार्य में अपने को व्यस्त करना चाहिए। अपने मामले में इतना ही कह सकता हूँ कि मेरी रूचि राजनीति में है और मैं मीडिया के जरिए सार्वजनिक जीवन में अभिव्यक्त करता हूँ। लेखन ,भाषण ,मंचों और मोर्चों के जरिए अभिव्यक्त करता हूँ, मेरे लिए मुद्दा महत्वपूर्ण है।मानवाधिकार महत्वपूर्ण हैं,फिलीस्तीन का सवाल महत्वपूर्ण है,आदि आदि।
    
डेनियल ने सईद के विचारों पर टिप्पणी करते हुए कहा एक अच्छा शिक्षक वह है जो सूचना देने की बजाय शिक्षित करे। आज हमारी शिक्षा में अनेक समस्याएं हैं। आज हमारे स्कूल,विश्वविद्यालय सूचनाएं देते हैं शिक्षा नहीं देते। खासकर तुम्हारी किताब 'कल्चर एंड इम्पीरिलिज्म' में मुझे यही चीज अच्छी लगी,इसी चीज ने आकर्षित किया।


 उस किताब का मकसद सूचना देना नहीं है बल्कि विचारों की क्षमता को जाग्रत करना है। प्रत्येक पाठक अपने तरीके से मौलिक तौर पर जाग्रत होता है। सोचता है। तुम उसी दिशा की ओर ध्यान खींचते हो और प्रेरित करते हो। यही बात संगीतकार पर भी लागू होती है। हमें लेखक और कम्पोजर के बीच तुलना करनी चाहिए न कि लेखक और प्रिफार्मर के बीच में। आज समूची शिक्षा का स्तर बेहद नीचे आ गया है। आज स्कूल सूचना ज्यादा देते हैं और शिक्षा कम।
    
सईद ने कहा मेरी बड़ी विलक्षण शिक्षा रही है। पहले औपनिवेशिक शिक्षा प्राप्त की,पन्द्रह साल की उम्र तक मैं लगातार स्कूल जाता रहा। जहां पर मुझे बार-बार अलगाव महसूस होता था,मुझे लगता था कि मैं उनमें से नहीं हूँ। वे ब्रिटिश स्कूल हुआ करते थे। चाहे वे फिलीस्तीन इलाके में हों अथवा मिस्र के इलाकों में हों। इसके कारण शिक्षक और व्यवस्था से हमेशा दूरी महसूस करता था क्योंकि वे मेरे नहीं थे। 


मैं खास तरह के अलगाव के प्रति बेहद सचेत था। मैं यह भी महसूस करता था  मेरे शिक्षकों में कोई भी मेधावी और प्रेरक शिक्षक नहीं था। वे विलक्षण परिस्थितियां थीं। मुझे अपने आप पढ़ना पड़ता था। यह स्थिति तब थी जब मेरे पास शिक्षक थे। इसके कारण एक तरह की बौध्दिक दूरी मैं महसूस करता था क्योंकि विचार मेरे नहीं थे। यह चीज कभी गुस्से में भी व्यक्त होती थी। किंतु अमूमन शांत रहता था। 


जब में पचास के दशक के आरंभ में अमरीका आया तो मैं सबसे पहले बोर्डिंग स्कूल में भर्ती हुआ। किंतु यहां पर मुझे भिन्ना कारणों से चुप रहना पड़ा। क्योंकि वह स्कूल विचारधारात्मक तौर पर संचालित था। स्कूल में बड़े पैमाने पर धर्म और राष्ट्रवाद था। यहां ब्रिटिश व्यवस्था से एकदम भिन्न किस्म की व्यवस्था थी। मैं बड़ी मुश्किल से शिक्षकों के द्वारा दी गयी सामग्री को स्वीकार कर पाता था। मैं उसमें से चुनता था।


 इस परिप्रेक्ष्य में मेरी राय है कि शिक्षक से छात्र की स्वतंत्रता का होना बेहद जरूरी है। मुझे याद आ रहा है एक बार मुझसे किसी ने सवाल किया था कि तुम्हारा कभी कोई प्रेरणादायक शिक्षक था ? मैंने कहा मेरा कभी कोई प्रेरणादायक शिक्षक नहीं था। इस बात को लेकर मेरे अंदर कोई क्षति भी महसूस नहीं हुई।
   
एडवर्ड सईद को अपने भक्त छात्र बनाने की आदत नहीं थी। सईद ने अपने शिक्षण और लेखन के भक्त तैयार नहीं किए। इस संदर्भ में सईद ने कहा शिक्षकों,लेखकों एवं बुध्दिजीवियों में यह आदत होती है कि वे भक्त तैयार करते हैं। एक शिक्षक के नाते मेरा यही कर्त्तव्य है कि मैं अपने छात्र को अपना श्रेष्ठतम दूँ और खास अर्थ में उसे इस लायक तैयार करूँ कि वह मेरी आलोचना कर सके। वह मेरे ऊपर हमले न करे। मैं उन्हें अपने से स्वतंत्र रखता हूँ और वे जैसे चाहें अपना मार्ग चुनें। 


डेनियल ने कहा तुम भक्त इसलिए नहीं चाहते क्योंकि बुनियादी तौर पर तुम उन्हें दीक्षित नहीं करते,चेला नहीं बनाते। विचारों से दीक्षित नहीं करते। बल्कि तुम विद्यार्थी की जिज्ञासाओं को जाग्रत करते हो। उन्हें वह मार्ग बताते हो जिससे वे अपनी जिज्ञासा शांत कर लें।
  

बुधवार, 6 जनवरी 2010

मध्यपूर्व और एडवर्ड सईद की संगीतदृष्टि -2-


तकनीकी विकास के युग में आप अपनी 'टाइमनेस' के प्रति अनभिज्ञ होते हैं। क्योंकि आज तकनीक के जरिए प्रत्येक चीज का संरक्षण किया जा सकता है,पुनरावृत्ति की जा सकती है।  सईद ने कहा मुझे लगता है साहित्य और चित्रकला में समय आगे नहीं जाता। आप उसके आसपास घूमते रहते हैं,बार-बार लौटते हैं। पढ़ते और दुबारा पढ़ते हैं। दूसरे शब्दों में इसकी समुद्र के साथ तुलना की जा सकती है।  वह प्रिफार्मेंस की शर्त तय करता है। वह शक्तिशाली है। जैसा तुमने अभी कहा  जब एक बार शुरू हो गया तो संगीत की प्रिफार्मेंस को खत्म होना ही होगा।  इस तरह देखें तो प्रिफार्मेंस में किसी भी किस्म की पुनरावृत्ति नहीं होती। चाहे वह टेप ही क्यों न हो। वह जैसा है वैसा नहीं होता बल्कि वह साथ ही भिन्ना हो जाता है।
    


डेनियल ने कहा यह सही है। यदि उसे दूसरे दिन दोहराया जाएगा तो उसकी भिन्न प्रिफार्मेंस होगी। सईद ने सवाल उठाया है कि क्या इसमें कचरा अथवा गुम हो जाने का खतरा रहता है। संगीत में चुप्पी अन्तर्निहित होती है। यह साहित्य में भी होती है। इसका हम संरक्षण करते हैं।  साहित्य के पठन और पुनर्पठन में पाठ भी शामिल है। कोई उसका लौटकर संपादन के दौरान परिवर्तन करना चाहे तो कर सकता है,यहां तक कि आलोचक के सामने मुद्रित के पठन और पुनर्पठन की निरंतर संभावना बनी रहती है। जबकि संगीतकार के सामने यह खत्म हो जाती है।




डेनियल का मानना है साहित्य और संगीत में कई चीजों को लेकर बुनियादी फ़र्क होता है। इसके बावजूद मैं कहना चाहता हूँ संगीत कायिक नियमों का उल्लंघन करता है। इनमें साइलेंस अथवा चुप्पी भी है। ध्वनि का भाषिक जगत अस्थायी होता है। ध्वनि का चुप्पी से ठोस संबंध है।  


मैं अमूमन इसकी घनत्व के नियम से तुलना करता हूँ। जैसे वस्तुएं जमीन पर उतारते हैं,चित्रित करते हैं। इसी तरह ध्वनि के द्वारा चुप्पी को उतारते हैं। यह अन्योन्याश्रित है। यदि आप इसे स्वीकार कर लेते हैं तो कायिक असमर्थता के व्यापक आयाम आपके सामने आ जाएंगे। जिनका एक संगीतकार के नाते उल्लंघन करना होगा। इस तरह साहस संगीत निर्माण का अन्तर्गृथित हिस्सा है। 


बीथोवन इसलिए साहसी प्रयास नहीं है कि वह गंभीर है बल्कि यह अतिमानवीय की चुनौतियों को कम करता है। इस अर्थ में संगीत निर्माण स्वयं में साहसिक कार्य है क्योंकि ऐसा करते हुए आप अनेक प्राकृतिक कायिक कानूनों का उल्लंघन करते हैं। डेनियल ने कहा चुप्पी के बारे में मुझे सिर्फ इतना ही कहना है कि यदि आप ध्वनि बरकरार रखना चाहते हैं और तनाव पैदा करना चाहते हैं तो यह सस्टेंड ध्वनि के जरिए ही संभव है।  इसके पहले चरण में प्रथम ध्वनि और चुप्पी के बीच संबंध बनता है। इसके बाद पहले नोट और दूसरे नोट के बीच संबंध बनता है। यह सिलसिला अनंत रूप में चलता रह सकता है। 


डेनियल ने कहा संगीतकार को सबसे पहले यह जानना चाहिए कि ध्वनि कैसे भूमिका अदा करती है। जब आप उसे इस जगत में लाते हैं,जब आप उसे कमरे में लाते हैं ,दूसरे शब्दों में प्रतिध्वनि क्या है ? ध्वनि का लंबी अवधि तक खिंचना अथवा दीर्घ आलाप का अर्थ क्या है ? डेनियल ने कहा मेरे लिए ध्वनि के जरिए संगीत निर्माण विभ्रम की कला है।
   
सईद ने कहा लेखक के नाते मैं जब अतीत में जाता हूँ तो मेरे दिमाग में प्रासंगिकता का सवाल बार-बार जेहन में आता है। यह स्थिति संगीतकार के सामने भी आती है, ऐसी अवस्था में संगीतकार अतीत को कितना विकृत करता है ? सईद के मुताबिक अतीत की रचना को प्रासंगिक बनाने के लिए उसका विकृतिकरण जरूरी है। अतीत के पाठ में बगैर कांट'छांट के आलोचक उसे प्रासंगिक नहीं बना पाता। इस क्रम में वह अतीत का अतिक्रमण भी करता है। लेखक लगातार अतीत की ओर जाता है क्योंकि यह उसकी जरूरत है और आज के जमाने में उसकी प्रासंगिकता के बारे में बार-बार सवाल खड़े करता है।
    


डेनियल ने कहा  यह सच है। किंतु प्रत्येक महान कला के दो चेहरे होते हैं। एक चेहरा उसका अपने समय की ओर होता है और दूसरा चेहरा अंतरात्मा की ओर होता है। इसी के गर्भ से कालजयी रचना का जन्म होता है। जब हम किसी रचना को कालजयी कहते हैं तो इससे क्या तात्पर्य है ? प्रत्येक रचना तो अपने समय से जुड़ी है फिर उसे कालजयी अथवा काल का अतिक्रमण करने वाली क्यों मानते हैं ? कालजयी रचना अपने समय से जुड़ी होती है साथ ही वह स्थायी तौर पर सामयिक होती है।  किंतु यह नियम प्रत्येक रचना पर लागू नहीं होता।  


एक मर्तबा चोम्सकी ने कहा था  वह टेलीविजन पर बोलने नहीं जाएंगे क्योंकि वह जानते थे कि उन्हें अपनी अवधारणा को बताने का समय ही नहीं मिलेगा। इसी प्रसंग को डेनियल से सुनने के बाद सईद ने कहा मैंने भी ऐसा ही किया। मैं पहले टीवी पर बहुत जाया करता था।  आपको वहां पर साउण्ड बाइट्स तैयार करने होते हैं और मुझे इससे सख्त नफरत है। मैं सोचता हँ यह समय की बर्बादी है। इसलिए मैं अभिव्यक्ति के नए रूपों को वरीयता देता हूँ। मैं लिखता हूँ अथवा व्याख्यान देता हूँ। ऐसी अवस्था में आपके पास दर्शकों के सामने अपने विचार को विकसित करने का अवसर होता है,समय होता है। जबकि टीवी की बहस तो एक तरह के गुरिल्ला हस्तक्षेप की तरह है। आप तुरंत एक्शन करते हैं और डिस्टर्ब कर देते है। 


किंतु यही काफी नहीं है। व्यक्ति को सही अर्थ में हस्तक्षेप करना चाहिए न कि बहस को अस्त-व्यस्त करने लिए। संगीतकार अपने दर्शक के जीवन में हस्तक्षेप करता है। दर्शक सब कुछ छोड़कर संगीत सुनने आता है। इसी तरह मुझे पढ़ने जो आएगा वह अपना समय खर्च करेगा और उसे कुछ न कुछ त्यागना पड़ेगा। जिससे वह पढ़ने पर समय खर्च कर सके। इस तरह के हस्तक्षेप के लिए मुझे अनुशासित होना पड़ेगा। इस अनुशासन के लिए कुछ जानना जरूरी है।  खास संस्कृति का होना जरूरी है। खास किस्म का प्रशिक्षण जरूरी है।  ये सारी चीजें बहुत महत्वपूर्ण हैं।


 इसी बातचीत में डेनियल ने बड़ी महत्वपूर्ण बात कही, उसने कहा टेलीविजन में अंतर्वस्तु और समय के अन्तस्संबंध का ख्याल नहीं रखा जाता। जबकि कुछ अंतर्वस्तु ऐसी होती है। जिन्हें खास मात्रा में समय की जरूरत होती है। उसे आप दबा नहीं सकते,उपेक्षा नहीं कर सकते। डेनियल ने कहा आप किसी भी चीज के बारे में बात करें, किसी भी प्रक्रिया के बारे में बात करें आपको अंतर्वस्तु और समय के अंतस्संबंध को ध्यान में रखना होगा। यदि आप समय नहीं देते अथवा ज्यादा समय देते हैं तो वह नष्ट हो जाएगा। मेरा इशारा ओसलो समझौते की ओर है। यह इस बात का स्पष्ट उदाहरण है।  आप ओसलो के पक्ष में हों या विपक्ष में। मूल बात यह है कि वह लागू नहीं हुआ।  जिस गति से उसे लागू करने की बात की गई उसमें ही खतरा निहित था। क्योंकि उसकी प्रक्रिया अंर्तवस्तु के साथ सक्रिय नहीं थी।
    


सईद ने कहा  ओसलो समझौते का फिलीस्तीन के यथार्थ के साथ कोई संबंध नहीं था। उसके पाठ में ही छिद्र थे। चोर दरवाजे थे। इस बातचीत में डेनियल ने कहा  हमें राजनीतिज्ञ और कलाकार के बीच में अंतर करना होगा। एक राजनेता का प्रधान गुण है कि उसके पास समझौते की कला होती है। वह भिन्न मतों के लोगों के बीच इसके कारण समझौता कराने में सफल हो जाता है। वह उन्हें जहां तक संभव है करीब लाने की कोशिश करता है।


 इसके विपरीत कलाकार अपनी अभिव्यक्ति के लिए किसी भी किस्म के समझौते को अस्वीकार करता है। यहीं पर उसके साहस के तत्व को देख सकते हैं। इन दोनों की प्रकृति के अंतर को राजनीतिक,आर्थिक उपायों के जरिए हल नहीं किया जा सकता बल्कि इसका एकमात्र समाधान यह है कि लोग इस्तेमाल का साहस दिखाएं। यही कलात्मक समाधान है। मैं राजनीतिज्ञों को पसंद नहीं करता उनके प्रति किसी तरह की आस्था नहीं है वे गोटियां फिट करते रहते हैं। उनकी ज्यादातर रूचि बृहत्तर प्रक्रिया में होती है जिससे वे यह कह सकें कि मैंने क्या किया। 

ई लेखक " असली वारिस हैं भारतेन्दु के

                                        
         भारतेन्दु हरिश्चन्द्र                  
(जन्म 9सितम्बर 1850 - मृत्यु 6 जनवरी 1885)
       
 'ई लेखकों '  और 'हिन्दी लेखकों ' में एक दूसरे के प्रति बेगाना भाव है। हमारे यहां कलम और कम्प्यूटर के बीच महा-अंतराल है। आज अधिकांश 'हिन्दी लेखक' 'ई लेखक' को जानते तक नहीं हैं। यह बेगानापन जितना जल्दी टूटेगा नेट की दुनिया और भी सुंदर लगेगी।
    ' ई लेखकों '  के साथ भारतेन्दु का एक बिन्दु पर मिलन होता है, दोनों में देश -दुनिया को जानने की ललक है। जबकि हिन्दी लेखकों में इसका अभाव है। आज का हिन्दी ब्लागर हिंदी का भावी संरक्षक है। उसमें हिन्दी के प्रति जो आग्रह है वह भारतेन्दु के भाषायी प्रेम का स्वाभाविक विकास है।
   भारतेन्दु जिंदादिल इंसान थे। हिन्दी रैनेसां के नहानायक थे। जिंदादिल इंसान की बेचैनी उनके नजरिए का मूलाधार है। भारतेन्दु हरिश्चन्द्र अंतिम समय में जब बीमार थे तब लोग उनसे हालचाल पूछने आ रहे थे 6 जनवरी 1850 को सुबह बोले , " हमारे जीवन के नाटक का प्रोग्राम नित्य नया नया छप रहा है -पहले दिन ज्वर की, दूसरे दिन दर्द की तीसरे दिन खांसी की सीन हो चुकी है,देखें लास्ट नाइट कब होती है।" अपने जीवन के अंतिम समय में भी इस तरह की जिंदादिली बनाए रखना बड़ी बात है। भारतेन्दु की माँ का नाम पार्वती देवी था और पिता का नाम गोपालचन्द्र था। 1857 के संग्राम में गोपालचन्द्र अंग्रेजों के साथ थे।
      हिन्दी में भारतेन्दु के बारे में सही नजरिए से बातें करने वाले कम हैं और उनके दृष्टिकोण का अनुसरण करने वाले और भी कम हैं। मसलन भारतेन्दु को देशाटन का शौक था, घूम घूमकर देश को जानने का शौक था, हिंदी के लेखक -शिक्षक देशाटन कम से कम करते हैं। देशाटन करके देश को जानना और फिर उसके अनुभवों से साहित्य को समृध्द करना ,देश की जनता के वैविध्य को सामने लाना। हिन्दी में यह फिनोमिना दुर्लभ होता जा रहा है।
     भारतेन्दु का दूसरा गुण था लेखकों के प्रति वफादारी और विश्वास। आज का लेखक देरिदियन बायनरी अपोजीशन में है। बेवफाई और अविश्वास में जीता है। अपनी भाषा की समृध्दि के लिए जिस निष्ठा,त्याग और कुर्बानी के भाव का भारतेन्दु ने परिचय दिया वैसी निष्ठा का रामविलास शर्मा के जाने के साथ अवसान हो चुका है। आजकल लेखकों-आलोचकों- प्रोफेसरों में लालच,धूर्तता और जोड़तोड़ का व्यापक पैमाने पर प्रसार देख सकते हैं।
      भारतेन्दु की तीसरी विशेषता थी पेशेवर लेखकीय भाव। पेशेवर का अर्थ धन कमाना नहीं है। पेशेवर का अर्थ है लेखन के प्रति निष्ठा,पूर्व तैयारी, लेखकों को संगठित करना़, ज्ञान की अपडेटिंग रखना, सत्य का आग्रह और ईमानदारी। रामविलास शर्मा ने लिखा है , " भारतेन्दु साहित्यिक होने साथ -साथ अच्छे संगठनकर्ता भी थे।  "
      भारतेन्दु की चौथी विशेषता है गरीबों और मुफलिसों के प्रति उदारभाव। रामविलास शर्मा ने लिखा है "  धनहीन होने पर उन्हें सबसे ज्यादा अफसोस इसी बात का था कि वह निर्धनों की सहायता न कर सकते थे। "
     भारतेन्दु की पांचवीं विशेषता थी सामाजिक सक्रियता। सार्वजनिक हित के कार्यों में हिस्सा लेना। भारतेन्दु के लेखन पर काशी की संस्कृति की गहरी छाप थी। रैनेसां में तर्क और विज्ञानसम्मत दृष्टिकोण का चलन आरंभ हुआ था,भारतेन्दु के अंदर इन दोनों के प्रति आग्रह था। भारतेन्दु तेज,बेधडक और तीखा लिखते थे। ठीक यही चीज 'ई लेखन' की धुरी है।
   भारतेन्दु ने ऐसे परिवार में जन्म लिया था जिसका अंग्रेजों के साथ गहरा संबंध था। इस संबंध को भारतेन्दु आलोचनात्मक नजरिए से देखते थे। उनका मानना था "इस धन ने मेरे पूर्वजों को खाया है, अब मैं इसे खाऊँगा।"
  
भारतेन्दु के बारे में आज हमें नए दृष्टिकोण से सोचना होगा। सामाजिक सुधार ,सामंजस्य और सामाजिक परिवर्तन को नए के आग्रह के साथ जोड़ना होगा। नए को लाए बिना पुराना जाएगा नहीं। चीजों,वस्तुओं और घटनाओं के बारे में आलोचनात्मक नजरिया अपनाना होगा।

भारतेन्दु की परंपरा के विकास के लिए अंधविश्वास,मध्ययुगीनता और रुढ़िवाद के साथ प्रत्येक स्तर पर संघर्ष चलाने की जरुरत है। स्वयं भारतेन्दु ने अपने लेखन के जरिए यही काम किया था।   
          












मंगलवार, 5 जनवरी 2010

सांस्कृतिक गुलामी की हसीन रातें

   हाल ही में राष्ट्रीय विज्ञान कांग्रेस के अवसर पर प्रसिध्द वैज्ञानिक और इसरो के भू.पू, अध्यक्ष जी.माधवन नायर ने कहा विज्ञान की खोजों को भारतीय भाषाओं में लाने का प्रयास किया जाना चाहिए। भारतीय भाषाओं में अंग्रेजी के समानार्थी शब्द बनाए जाएं। जिससे विज्ञान को साधारण जनता तक पहुँचाया जा सके।
 माधवन नायर जी विज्ञान के पठन-पाठन और लेखन का सिस्टम अवैज्ञानिक आधार पर टिका है। भारतीय भाषाओं के माध्यम से न तो विज्ञान पढाया जाता है और नहीं हमारे आज के वैज्ञानिक किसी भारतीय भाषा में लिखते और सोचते हैं। जब तक वैज्ञानिक अपनी मातृभाषा में नहीं लिखेंगे तब तक भारतीय भाषाओं में साधारण जनता तक विज्ञान का जाना संभव नहीं है।देशजभाषा में शब्द भी नहीं बनेंगे। भाषा के शब्द प्रयोग और व्यवहार से बनते हैं। भाषा का निर्माण कोरे खयालों से नहीं होता।    
     हमें इस सवाल पर गंभीरता के साथ विचार करना चाहिए कि आखिरकार हमारा वैज्ञानिक अथवा शिक्षित मध्यवर्ग अपनी भाषा से क्यों कट गया ? अभिव्यक्ति के लिए अपनी भाषा से वंचित होने का अर्थ है सांस्कृतिक गुलामी में हसीन रातें गुजारना। हमारे शिक्षित मध्यवर्ग को सांस्कृतिक गुलामी से प्यार है। वह अपनी भाषा ,अपनी संस्कृति और अपने देशज गौरव और परंपरा से प्यार ही नहीं करता। हम तलाश करें कि आखिरकार अमर्त्य सेन, प्रभात पटनायक, मनमोहन सिंह आदि विद्वान अपनी भाषा में क्यों नहीं लिख पाते ? अपनी भाषा से हमारे बौध्दिकों का अलगाव सबसे बड़ी त्रासदी है। यह सांस्कृतिक गुलामी है। यह देशप्रेम नहीं राष्ट्र के प्रति दगाबाजी है।       

मध्यपूर्व और एडवर्ड सईद की संगीतदृष्टि -1-





एडवर्ड सईद को फिलीस्तीन जनता की आजादी की लड़ाई और संप्रभुता से जितना गहरा लगाव था उतना ही गहरा लगाव संगीत और साहित्य से भी था। सईद ने सन् 1986 से लगातार 'नेशन' पत्रिका में संगीत समीक्षाएं लिखीं, इसके अलावा उनके संगीत संबंधी विचारों को उनकी ही दो किताबों 'म्यूजिकल एलोबरेशन'(1991) और डेनियल बर्नबोइम के साथ साक्षात्कार किताब ' पेरेलल्स एंड पैराडॉक्स' (2003) में देखा जा सकता है। 'म्यूजिकल एलोबरेशन' में उनके तीन व्याख्यान हैं। ये व्याख्यान उन्होंने सन् 1989 में वेलेक लाइब्रेरी व्याख्यानमाला के तहत क्रिटिकल थ्योरी इंस्टीट्यूट ,कैलीफोर्निया, में दिए थे। इसी तरह बुध्दिजीवियों की भूमिका पर '' रिप्रिजेंटेशन ऑफ दि इंटेलेक्चुअल''(1996) में बीबीसी लंदन की रीथ व्याख्यानमाला के तहत छह व्याख्यान दिए। इनके माध्यम से उनके बुध्दिजीवीवर्ग संबंधी नजरिए को जाना जा सकता है। इसके अलावा 'दि इंटेलेक्चुअलस एंड दि वार'शीर्षक निबंध भी महत्वपूर्ण है।
       सईद को सबसे ज्यादा किसी चीज का शौक था तो वह कलम संग्रह करने का। उनके पास तरह-तरह के पैन थे। यह आदत उन्हें अपने पिता से विरासत में मिली थी। सईद ने लिखा कांट का अनुयायी होने के कारण मुझे कम्प्यूटर से घृणा है। यह भी लिखा  किसी वस्तु को अपने अधिकार में ले लेने से वह प्रेरित नहीं करती। इसी प्रसंग में सईद ने एक और महत्वपूर्ण बात अस्मिता के संदर्भ में कही है। अस्मिता को व्याख्यायित करने के लिए हम उसे स्थान,भाषा,जाति आदि से जोड़ते हैं। 


अस्मिता के निर्माण में इन चीजों की तुलना में 'करेंट' की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। 'करेंट' से यहां तात्पर्य है सामयिक जीवनशैली और जीवनदृष्टि। व्यक्ति की सामयिक जीवनदृष्टि उसकी पहचान को निर्मित करती है न कि स्थान विशेष अथवा जाति। अस्मिता के निर्माण में एक नहीं अनेक जीवनदृष्टियों की भूमिका होती है। 'करेंट' तैरता रहता है,इसे किसी स्थान या वस्तुओं के साथ जोड़कर नहीं देखना चाहिए। सईद ने अपनी 'आउट ऑफ प्लेस' आत्मकथा को इसी नजरिए से लिखा। 'करेंट' का अर्थ है आप कैसे जीते हैं ? यानी आपकी जीवनशैली क्या है ? इससे आपकी पहचान निर्मित होती है।
     


     सईद ने लिखा इन दिनों लेखक 'स्व' के बारे में ज्यादा लिख रहे हैं, यही अस्मिता को स्थापित करने का आधार भी है। जबकि गोथे 'अन्य' के बारे में सोचता था। आज 'अन्य' के बारे में सोचने वाले कम हैं। 'अन्य' के बारे में सोचने वाले अल्पसंख्यक होकर रह गए हैं। आज अस्मिता को स्थापित करने के लिए लोग अपनी जड़ों की तलाश कर रहे हैं।  अपने मूल्य अपनी संस्कृति और अपने लगाव अथवा जुड़ाव के क्षेत्रों की खोज कर रहे हैं। यह बहुत ही मुश्किल काम है कि व्यक्ति अपनी दुनिया के बाहर निकले और व्यापक परिप्रेक्ष्य में सोचे। एक आलोचक को अपनी पहचान अथवा एक संगीतकार को अपनी पहचान को 'अन्य' की खोज करते समय किनारे रखना चाहिए।




सईद ने कहा अमरीका सचमुच में आप्रवासियों का देश है। जब लोगों ने हाल ही में अमरीका में परंपरा,युग आदि का निर्धारण करने की कोशिश की तो बेहद मुश्किलें सामने आयीं। लोग समझ ही नहीं पाए कि आखिरकार अमरीका को बांधे रखने वाली चीज क्या है ? यहां जर्मनों की तरह का राष्ट्रवाद नहीं है। 


   अमरीका का सबसे आकर्षक पक्ष है उसका हमेशा प्रवाह में रहना। यहां निरंतर अनिश्चितता बनी रहती है। यहां कोई भी चीज स्थिर,ठहरी हुई नहीं है। विश्वविद्यालयों में आदर्श स्थिति यह है कि लोग खोज करते रहते हैं। बनाए रखने,टिकाऊ रखने में व्यस्त नहीं रहते।


 सईद ने कहा  मेरी भूमंडलीय इकसारता के खिलाफ  दो बुनियादी आपत्तियां हैं।प्रथम, अमरीका में सभी पर आरोपित भूमंडलीय वातावरण से स्वयं की हिमायत करनी होती है,रक्षा करनी होती है। ज्यादातर लोगों के पास अतीत के प्रतीक होते हैं। मसलन् इस्लामिक जगत में ज्यादातर लोग परंपरागत वस्त्र पहनते हैं। ऐसा वे सुंदर दिखने के लिए नहीं बल्कि भूमंडलीय तरंगों का प्रतिरोध करने के लिए पहनते हैं। 


दूसरा कारण है साम्राज्य की विरासत। ब्रिटिश के संदर्भ में ध्यान दें उन्हें जब भी कोई देश छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है उन्होंने देश के टुकड़े किए हैं ,जैसा उन्होंने भारत में किया। अब यह फिलीस्तीन में हो रहा है। यह साइप्रस में हुआ। यह आयरलैण्ड में हुआ। बहुस्तरीय राष्ट्रीयताओं में समस्याओं के तुरंत समाधान के नाम पर विभाजन या फूट को उपाय के तौर पर लागू किया गया। 


कुछ लोग कहते हैं संगीत को जैसे छोटे छोटे यूनिटों में बांट देते हैं और अचानक उन्हें जब एक कर देते हैं तो संगीत बन जाता है। चीजें इस तरह काम नहीं करतीं। जब आप किसी चीज को बांट देते हैं, तो उसे फिर दुबारा जोड़ना मुश्किल होता है। ये दोनों ही कारण हैं जो उन्माद और अस्मिता के अन्तर्विरोधों को जन्म देते हैं। ये आधुनिकता का परिणाम हैं और बेहद खतरनाक हैं।
    
   'पेरेलल्स एंड पैराडॉक्स' के अपने पहले साक्षात्कार के अंत में सईद ने कहा  डेनियल और मेरे बीच में इतिहास पर मतभेद हैं। यह वह इतिहास है जिसका हम दोनों हिस्सा रहे हैं। डेनियल इतिहास को भिन्न नजरिए से देखता है जबकि मैं फिलीस्तीन के नजरिए से देखता हूँ। इस भिन्नता को बनाए रखने में कुछ मूल्य हैं जो हमारी मदद करते हैं। इतिहास के बारे में यदि हमारा नजरिया एक-दूसरे से मिल जाता है अथवा एकमत हो जाते तो यह अच्छा नहीं होता मैं समझता हूँ तनाव का बने रहना शुभ लक्षण है। 


 मध्यपूर्व शांति प्रक्रिया के बारे में मेरी आलोचना यह है कि यह शांति प्रक्रिया टेलीविजन पर दिखाई जाती है। टेलीविजन दृश्यों के जरिए बातचीत की टेबिल पर लोग बैठे नजर आते हैं। यह वस्तुत:अनैतिहासिक है। यह प्रक्रिया ज्यों ही आगे जाती है फिलीस्तीनियों के आख्यान के बारे में हमें कुछ भी नहीं बताती। यह भी नहीं बताते कि आखिरकार फिलीस्तीन क्या चाहते हैं ? उनके इतिहास को न जानने का भाव,उसकी जटिलताओं और ब्यौरों को जाने बगैर वे शांति स्थापित करना चाहते हैं जबकि लोग अपने इतिहास के साथ जीते हैं। इस अर्थ में यदि कोई यह कहे कि इतिहास महत्वपूर्ण नहीं है तो गलत होगा। हमें किसी न किसी तरह जमीनी यथार्थ से बात शुरू करनी होगी। 
     
जनता का इतिहास जटिल चीज है उसमें न्याय और दमन के विचार भी शामिल होते हैं। जरूरी नहीं है सभी लोग सहमत ही हों। जब  हम समान रूप से भिन्न मतों की मौजूदगी को स्वीकार करते हैं  तो वही हमारे लिए महत्व की चीज है। हम एक-दूसरे के नजरिए का सम्मान करें,एक-दूसरे के इतिहास के प्रति सहिष्णु हों। 
  
   डेनियल ने कहा हम दुनिया के बहुत छोटे से हिस्से के बारे में बातें कर रहे हैं। इसमें लोगों को बांटने वाला विचार काम नहीं कर सकता। ज्योंही आप लोगों के साथ मुक्केबाजी शुरू करेंगे तो आप उनमें असुरक्षाबोध पैदा करेंगे। इससे और भी पागलपन पैदा होगा। मेरी राय है इससे और भी विकृतियां पैदा होंगी। यह बात यह अन्य चीजों पर भी लागू होती है।  आप लेबनान के गृहयुध्द की कहानी जानते हैं यह शुरू हुआ बृहत्तर क्षेत्र के विवाद को लेकर और इसका समापन सड़कों पर व्यक्तिगत हिंसाचार में हुआ। ये सब चीजें कहां ले जाती हैं ? कहीं पर भी नहीं । भिन्न के विचार के संदर्भ में इतिहास का हस्तक्षेप विमर्श के लिए बेहद जरूरी है। यह इसलिए जरूरी नहीं है कि आप एक-दूसरे में ले जाकर इसके समाधान खोजें।
      
एडवर्ड सईद का मानना है साहित्य में प्रिफॉर्मर की असल में किसी से तुलना नहीं की जा सकती। लेखक जनता के सामने वाचन कर सकता है, किंतु लेखक का तार्किक लक्ष्य है चुप्पियों क़ा उद्धाटन। चुपचाप रीडिंग। डेनियल ने कहा पियानो वादक के साथ लेखक की तुलना करना सही नहीं है चाहो तो कम्पोजर से लेखक की तुलना कर सकते हो। क्योंकि उसका अंतत: लक्ष्य है कि प्रिफार्मेंस सामने आए। संगीत की तैयारी और प्रस्तुति की प्रक्रिया का लेखन की प्रक्रिया के साथ मौलिक अंतर है। प्रिफार्मेंस के दौरान आप तब तक नहीं रूकते जब तक कोई अपरिहार्य नाटकीय बाधा उपस्थित न हो जाए। ज्योंही प्रस्तुति शुरू होती है तो फिर वह समाप्त होकर ही खत्म होती है। इस तरह संगीत की प्रस्तुति की कुछ अपरिहार्य प्रक्रिया है जिससे उसकी गति ,ध्वनि और मात्रा निर्धारित होती है। किंतु यह चीज रिहर्सल के दौरान नहीं होती।
      


रिहर्सल में आप रोककर बेहतर की तैयारी शुरू करते है। जबकि प्रिफॉर्मेंस की सिर्फ एक ही संभावना है। दूसरे शब्दों में ध्वनि की प्रकृति अस्थायी होती है। एक बार निकली और खत्म। तैयारी की प्रक्रिया में इन सब चीजों का ख्याल रखा जाना चाहिए। सच यह है कि उसे अपने लक्ष्य तक जाना होता है। संक्षेप में कहें तो उसकी तुलना मनुष्य के जीवन अथवा पौधे से कर सकते हैं जो शून्य से शुरू होता है और शून्य पर खत्म होता है।[1] सईद ने कहा चुप्पी (साईलेंस) से चुप्पी की ओर। डेनियल ने सम्मति में कहा जी हां, चुप्पी से चुप्पी की ओर। और आप समापन होने के पहले रोक नहीं सकते।
  ( फोटो- एडवर्ड सईद)
  (लेखक- जगदीश्वर चतुर्वेदी, सुधा सिंह)

सोमवार, 4 जनवरी 2010

पियरे बोर्दिओ और नव्य-उदारतावाद - 10- समापन किश्त

11 सितम्बर के बाद ग्लोबलाइजेशन की नीतियां  बदली हैं। सारी दुनिया में अमेरिका ने ग्लोबलाईजेशन विरोधी ताकतों को आतंकवादी ताकतों के साथ एकमेक किया है। ग्लोबलाईजेशन विरोधियों को पूंजीवाद के शक्तिशाली प्रतीकों पर हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया जाने लगा है। ग्लोबलाईजेशन विरोधियों के हमलों का केन्द्र बदला है। मजेदार बात यह है कि आतंकवादी गिरोहों जैसे अलकायदा आदि के हमले भी अमरीकी साम्राज्यवाद के प्रतीक केन्द्रों पर हो रहे थे और ग्लोबलाईजेशन विरोधी ताकतें भी उसके प्रतीक केन्द्रों को निशाना बना रही थीं। इन दोनों के प्रतिरोध और राजनीति में बुनियादी अंतर था। 


अलकायदा वगैरह ने अमरीकी प्रतीकों पर प्रतिरोधस्वरूप हमले किए,बम फेंके, लोगों की हत्या की। जबकि ग्लोबलाईजेशन विरोधियों ने न तो कहीं बम फेंके और न कहीं हमला किया,हां प्रतिवाद में मैकडोनाल्ड आदि संस्थाओं के ठिकानों,रेस्तरांओं आदि पर प्रतिवाद जरुर किया,किंतु यह सारा आयोजन राजनीतिक था,इसके पीछे हिंसाचार सक्रिय नहीं था। इस प्रतिवाद के निशाने पर बहुराष्ट्रीय कंपनियां थीं। ग्लोबलाईजेशन विरोधी प्रतिवाद प्रतीकों के विरोध से शुरू हुआ और ग्लोबलाईजेशन की नीतियों के विरोध तक फैला। आतंकवादी ग्रुपों के द्वारा अमरीकी प्रतीक भवनों पर हमले करके उन्हें बमों से उड़ा दिया गया जबकि ग्लोबलाईजेशन विरोधी ताकतों ने ऐसा कुछ भी नहीं किया,इसके बावजूद अमरीकी प्रचार अभियान में अमरीकी प्रतीकों पर प्रतिवाद करने वालों को एक ही केटेगरी में रख दिया गया।
   
अमरीकी साम्राज्यवाद की विचारधारा का ग्लोबलाईजेशन विरोधियों ने एकाधिक दृष्टिकोणों से विरोध किया है। यह विरोध विचारधारात्मक था। विचारधारा का दायरा व्यापक था,उसकी सीमा तय करना मुश्किल है,वह कहीं भी दिखाई नहीं देती बल्कि सब जगह सक्रिय रहती है। मसलन् मैकडोनाल्ड के रैस्तरां का प्रतीकात्मक विरोध यह सवाल पैदा कर ही सकता है कि क्या रैस्तरां का विरोध करने से विचारधारा का विरोध होता है ? जी हां, वह रैस्तरां है साथ ही प्रतीक भी है। 


  ग्लोबल विरोधी मुहिम में प्रतीकों का प्रतिवाद संघर्ष का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। 11 सितम्बर की घटना के पहले ग्लोबलाईजेशन विरोधियों ने अमरीकी साम्राज्यवाद के प्रतीकों पर जमकर प्रतिरोध संगठित किया,किंतु 11 सितम्बर के बाद रणनीति बदल दी। चूंकि अमरीकी प्रतीकों पर प्रतिवादी हमले अलकायदा वगैरह के जरिए भी होने लगे अत: ग्लोबलाईजेशन विरोधियों ने सिम्बल या प्रतीकों पर प्रतिरोध की बजाय सारवान ढ़ंग से प्रतिरोध संगठित करने का फैसला लिया। 


  बड़े मीडिया ने अलकायदा और ग्लोबल विरोधियों को अमरीका के खिलाफ घृणा के प्रचारक की कोटि में रख दिया और इनको एक ही थैली के चट्टे-बट्टे के रुप में पेश किया। ग्लोबलाईजेशन विरोधियों ने प्रतीकों पर प्रतिरोध व्यक्त करने की बजाय न्याय और समानता के आधार पर वैचारिक हमले तेज कर दिए। इसी के आधार पर उन्होंने आतंकवादी और तत्ववादी संगठनों के अमरीकी विरोध से भिन्न छवि पेश की।
    
   11 सितम्बर की घटना के बाद हठात् 'सुरक्षा' के सवाल केन्द्र में आ गए, सुरक्षा को सामाजिक सुरक्षा और फिर राष्ट्रीय सुरक्षा तक फैला दिया गया,इसके बहाने जनता के जनतांत्रिक हितों और अधिकारों पर हमले तेज कर दिए गए, साधारण नागरिकों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जाने लगी, उनकी व्यक्तिगत जिन्दगी को जासूसी कैमरों और गुप्तचरों के हवाले कर दिया गया और राष्ट्रीय सुरक्षा को सरकारी राष्ट्रवाद में वैचारिक तौर पर तब्दील कर दिया गया। इस तरह सुरक्षा से शुरू हुआ सिलसिला सरकारी राष्ट्रवाद तक पहुँच गया। यही वह बिंदु है जहां ग्लोबलाईजेशन विरोधियों के साथ अमरीकी प्रशासन की सीधी तकरार नजर आती है। 


    11 सितम्बर की घटना ने दूसरा वैचारिक परिवर्तन यह किया कि ग्लोबलाईजेशन की बहस अचानक मीडिया से गायब हो गयी और उसकी जगह लोकतंत्र पर बहस होने लगी। जनतंत्र के बहाने जो बहस सामने आई उसमें देशों से कहा गया कि वे सार्वजनिक कल्याण के लिए जो धन खर्च करते हैं उसमें कटौती करें,श्रम कानून बदलें,पर्यावरण संरक्षण के नाम पर लगी बंदिशें हटा लें। शिक्षा बजट में कटौती करें। यह सब जब तक नहीं करते वे विश्व बाजार में व्यापार नहीं कर सकते,निवेश के लिए अनुकूल माहौल नहीं बना सकते,विश्व प्रतिस्पर्धा में भाग नहीं ले सकते। यदि देशों की सरकारे उपरोक्त रास्ते का पालन करती हैं तो उनके देश का तेजी से विकास होगा देश तरक्की करेगा। ज्यादा से ज्यादा जनतंत्र होगा। यह अमेरिकी साम्राज्यवाद का एकदम नया विश्व एजेण्डा था। इसके खिलाफ प्रतीकात्मक प्रतिरोध से कुछ भी होने वाला नहीं था,यही वजह है कि ग्लोबल विरोधी संघर्ष ने सामाजिक न्याय और समानता के नजरिए के आधार पर अमरीकी प्रचार अभियान के जनतंत्र के स्वांग को वैचारिक और राजनीतिक तौर पर नंगा किया। इसके साथ इस प्रसंग में वैचारिक वैविध्य को बनाए रखा।
     


ग्लोबलाईजेशन के राजनीतिक विमर्श में वैचारिक एकरुपता पैदा करने की बजाय वैचारिक वैविध्य पर जोर दिया गया। इस अर्थ में यह प्रतिरोध पहले के अमरीकी प्रतिवादों की तुलना में ज्यादा व्यापक और जनतांत्रिक था। इसके विपरीत नव्य-उदारतावाद प्रत्येक स्तर पर आर्थिक केन्द्रीकरण पर जोर देता है।केन्द्रीकरण और एकरुपता पर जोर देता है। यह वैविध्य के खिलाफ युध्द की घोषणा है।


    नव्य-उदारतावाद के खिलाफ आंदोलन संगठित करने के लिए जरुरी है कि राजनीतिक, वैचारिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक वैविध्य की रक्षा की जाय,भिन्ना -भिन्ना किस्म की राजनीति करने के माहौल को बनाए रखा जाय,इसका अर्थ नियमों को न मानना नहीं हैं,प्रशासन को अस्वीकार करना नहीं, बल्कि जनतंत्र के बंद दरवाजों को खोलना है,जनतंत्र का विस्तार करना है। 


जिन क्षेत्रों में जनतांत्रिक अधिकार नहीं हैं वहां जनतांत्रिक अधिकारों को प्रतिष्ठित करना है। यह स्थिति पैदा करने के लिए जरुरी है कि विभिन्ना क्षेत्रों में जो संघर्ष चल रहे हैं उनकी आवाजों को अपने घरों में आने दें,उन संघर्षों के साथ अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करें। विविधता,प्रगति और जनतंत्र को सामाजिक संघर्षों की धुरी बनाएं, और इसके आधार पर अलग-अलग कार्यक्रमों के आधार पर विभिन्ना वर्गों और सामाजिक समुदायों को संगठित और आंदोलित करें। ग्लोबलाईजेशन का वास्तविक प्रतिवाद तब ही हो सकता है जब ग्लोबलाईजेशन की एकरुप बनाने और केन्द्रीकरण की नीतियों का प्रत्येक स्तर पर विरोध किया जाय।




ग्लोबलाईजेशन ने ग्लोबल विरोधियों के सामने तीन रास्ते छोड़े हैं, 1.वे हाशिए पर चले जाएं अथवा 2.आत्मसात् करें अथवा 3.अपराधीकरण के शिकार बनें। हम इन तीनों ही विकल्पों को एकसिरे से ठुकराएं और अपनी सुविधा और समझ के अनुसार विकल्प तय करें। 


साथ ही यह भी ध्यान रहे कि ग्लोबलाईजेशन का विरोध करने का यह अर्थ नहीं है कि आप ग्लोबलाईजेशन के बाहर हैं,उसके नेटवर्क के बाहर हैं,बल्कि इसका अर्थ यही है कि ग्लोबलाईजेशन के खिलाफ गंभीरता के साथ संघर्ष करते हुए जनतंत्र को और भी ज्यादा व्यापक अर्थवान,प्रभावी और गंभीर बनाएं,ग्लोबलाईजेशन के जनविरोधी फिनोमिना और नीतियों का विरोध करें। 


हम जनतंत्र का ऐसा वातावरण और संरचनाएं बनाएं जो स्थानीय,राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जनतंत्र को अर्थपूर्ण अभिव्यक्ति दे। ग्लोबल विरोधी होने का अर्थ कूपमंडूक होना नहीं है, तत्ववादी और राष्ट्रवादी होना नहीं है। बल्कि सच्चे अर्थ और वैज्ञानिक समझ के साथ जनतंत्र,समानता और सामाजिक न्याय के पक्ष में समझौताविहीन संघर्ष को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ले जाना है। इसी अर्थ में ग्लोबलाईजेशन विरोधी ताकतें अंतर्राष्ट्रीयतावादी हैं और अन्तर-संबंधों पर जोर देने का काम करती हैं। मानवाधिकारों को लागू करने की मांग करती हैं।


 ग्लोबलाईजेशन का अर्थ अमेरिका उसके अनुयायियों के लिए सिर्फ व्यापार और बहुराष्ट्रीय निगमों का राष्ट्रीय सीमाओं के पार से अबाध प्रवेश करने और व्यापार करने की आजादी है। सार्वजनिक संपदा का निजीकरण करना इसका लक्ष्य है। 


जबकि ग्लोबलाईजेशन विरोधियों का बुनियादी लक्ष्य है राष्ट्रीय,स्थानीय संपदा की लूट-खसोट को रोकना,मानवाधिकारों की रक्षा करना,संप्रभु राष्ट्र की रक्षा करना,राष्ट्र के आत्मनिर्भर विकास पर जोर देना। सभी राष्ट्रों के बीच समानता की धारणा का प्रसार करना और शोषण,गुलामी,विस्थापन और शरणार्थी बनाने के सभी प्रयासों का विरोध करने के साथ युध्द की राजनीति का विरोध करना ग्लोबल विरोधी संघर्ष की धुरी है। यही वे बिंदु हैं जिन पर तत्ववादियों के साथ ग्लोबल विरोधियों का वैचारिक अंतर है।
       


दूसरा बड़ा अंतर है बम और जनता की हिस्सेदारी का। तत्ववादी-आतंकवादी संगठन बम-बंदूक की राजनीति के जरिए हिंसाचार पैदा करके अमरीका का विरोध करते हैं,जबकि ग्लोबल विरोधी ताकतें अपने राजनीतिक कार्यक्रम के आधार पर जनता की शिरकत,संघर्ष और कुर्बानियों के जरिए विरोध करते हैं,वे हिंसा के उपायों का सहारा नहीं लेते अपितु राज्य के हिंसाचार का शिकार बनते हैं। 


   आतंकवादियों -तत्ववादियों का लक्ष्य है हिंसा का समाज स्थापित करना, ग्लोबलपंथियों का लक्ष्य है लूट,फूट और उपभोग का समाज स्थापित करना,इन दोनों से भिन्न ग्लोबल विरोधी ताकतों का लक्ष्य है समानता,जनतंत्र और सामाजिक विकास केन्द्रित सामाजिक व्यवस्था का निर्माण करना, शोषण के सभी किस्म के रुपों का विरोध करना और मानवाधिकारों के प्रति  सामाजिक चेतना और जिम्मेदारी के भावबोध का निर्माण करना।
(लेखक-जगदीश्वर चतुर्वेदी, सुधा सिंह)





विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...