रविवार, 10 जनवरी 2010

मध्यपूर्व और एडवर्ड सईद की संगीतदृष्टि -6-

सईद ने कहा आज संगीत उपभोक्तावाद और वस्तुकरण के द्वंद्व में फंस गया है। डेनियल ने इसके जबाव में कहा कि आज हम स्वर संगति को ही खो चुके हैं। जब आप स्वरसंगति को खोते हैं तो संगीत के भी किसी न किसी आयाम को खो देते हैं। यह काम बगैर सद्भाव के नहीं होता।


 संगीत की  भाषा होती है। उसके बारे में रेशनल आम सहमति होती है। यह आम सहमति पीढ़ियों से चली आ रही है। किंतु आज वह नहीं है। बल्कि उसका अस्तित्व ही खत्म हो गया है। इस संदर्भ में मुझे एक यहूदी चुटकुला याद आ रहा है, 'ऐसा क्यों होता है कि जब किसी यहूदी से सवाल किया जाता है तो वह सवाल का जबाव देने की बजाय पलटकर सवाल करता है। इसका अर्थ है समाधान का अभाव। 


समाधान के अभाव में पलटकर सवाल पेश किया जाता है। फलत: आप घूम फिरकर वहीं आ जाते हैं।  किंतु तनाव के उसूल का नियम और तनाव से मुक्त तब होते हैं जब स्वर संगति का लोप हो जाता है। ऐसे में आप दूसरे रास्ते निकाल लेते हैं। किसी न किसी तरह और भी कृत्रिम तरीके निकाल लेते हैं।  इसका यह अर्थ नहीं है कि  संगीत में स्वर नहीं है तो वह अपने अभिव्यक्त नहीं करेगा। बल्कि अनेक श्रेष्ठतम रचनाएं मिल जाएंगी।  


संगीत के शास्त्रीययुग में तुम स्वाभाविक व्यवस्था बनाए रखने की उम्मीद रखते थे। पहले जब आप किसी राग को गाते  थे तो यह जानते थे  इसे किस स्वर में पेश करना है। किंतु जब पहलीबार सिंफनी को पेश किया गया तो इससे लोगों को शॉक लगा,क्योंकि यह सातवें स्वर से शुरू हुआ न कि तीसरे स्वर से। किंतु यह गतिशील शॉक था। यह सद्भावपूर्ण शॉक था। इससे लय को शॉक नहीं लगा। 


सईद ने कहा  आज हम संगीत का आनंद लेते हैं उसके इतिहास को जाने बगैर। यह आज के संगीत का अन्तर्निहित अलगाव है। हम इच्छित भाव से संगीत के इतिहास से अपने को अलगाते हैं। पैकेज संगीत जिसे आप आए दिन सुनते रहते हैं, इस संगीत की खूबी है कि आप कुछ भी सुनते रहिए। आप जो भी चाहते हैं उसे सुनते रहिए। इसकी संरचना, संदर्भ ,इतिहास और भाषा कुछ भी जानने की जरूरत नहीं है।  


सईद ने कहा  एक अन्य फिनोमिना नजर आ रहा है हमने समग्रता में देखना बंद कर दिया है। समग्र संरचना को हम नहीं देखते। शिक्षा से लेकर संगीत तक समग्रता के लोप को देखा जा सकता है। समग्रता में न देखने का सबसे ज्यादा दबाव बौध्दिक और सामाजिक स्तर पर देखा जा रहा है। इसकी जगह व्यवहारवाद ने लेली है। दूसरे शब्दों में विशेषज्ञतापूर्ण ज्ञान ने ले ली है। जिसे संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ ही अच्छी तरह से समझ पाते हैं। ज्योंही आप किसी क्षेत्र विशेष में दाखिल होते हैं,आपको अन्य क्षेत्र के व्यक्ति के साथ संवाद ही नहीं कर पाते। 


सईद ने कहा  मैं एकबार चिकित्सकों के बीच में व्याख्यान देने गया और मैंने परवर्ती शैली के बारे में व्याख्यान दिया। मुझसे किसी डाक्टर ने कहा ''तुम जानते हो कि तुमने संगीत पर भाषण दिया,साहित्य पर बोला, किंतु हमारी दुनिया में इसे कोई सुनने वाला नहीं है। हमारी दुनिया तो मेडीसिन अथवा नेचुरल साइंस की है।'' मैंने कहा ऐसा क्यों है ? वह बोला '' क्योंकि मैं न्यूरोबायोलॉजिस्ट हूँ,मैं सिर्फ न्यूरोलॉजिस्ट से बात कर सकता हूँ।''
     
सईद ने कहा कहने का तात्पर्य यह है कि साझा विषयों पर विमर्श के विचार का अंत हो गया है। इस प्रसंग में पहली बात यह है कि हमलोगों की शिक्षा पूरी तरह विशेषज्ञता केन्द्रित है। दूसरा कारण यह है कि ज्ञान के लिए जो फंड मिलता है वह हमेशा विखंडित ज्ञान के लिए मिलता है। ऐसे में लोग ज्यादा से ज्यादा करते हैं कम से कम लेते हैं। विज्ञान के क्षेत्र में संभवत: यह अच्छी बात हो किंतु इस प्रक्रिया के पीछे वैचारिक धुलाई ज्यादा काम कर रही है। आपके पास कोई समस्या है तो लोग कहते हैं यह आपकी समस्या है और इसका समाधान करने वाले मिल जाएंगे। यह हमारी समस्या नहीं है। तुम इसके लिए जिम्मेदार नहीं हो। 


अमरीका में खासकर यह अनुभूति पैदा हुई है  हमें सारी दुनिया के बारे में जानने की जरूरत नहीं है। समूचे समाज के बारे में जानकारी की जरूरत नहीं है,यह जानना जरूरी नहीं है कि हम किस दिशा में जा रहे हैं, हमारे पर्यावरण ,कला,इतिहास के प्रति सरोकार  क्या हैं ,इन सबके बारे में जानने की जरूरत नहीं है।
     


मसलन् अमरीका में इतिहास उसे मानते हैं जिसे हम भूल चुके हैं। जब आप किसी से कहते हैं कि आप इतिहास में हैं, तो इसका अर्थ यह नहीं है कि आप इतिहास का हिस्सा हैं। इसका अर्थ है आप विलुप्त का हिस्सा हैं। यही इतिहास का अर्थ है। 


आज हमारी शिक्षा इस तरह हो रही है कि हम कहीं बीच में ही खो गए हैं। हमारी शिक्षा में आज जो हो रहा है उसे मैं अच्छी तरह से जानता हूँ। आज युवा छात्र कम से कम जानते हैं। आज उनके बारे में पूर्वकल्पना करना संभव नहीं है। पहले आप पूर्वकल्पना कर सकते थे कि छात्र कम से कम दो भाषा जानता होगा। एक शिक्षक के नाते महसूस करते थे कि वह साहित्य के बारे में जानता होगा। कम से कम अंग्रेजी अथवा फ्रेंच साहित्य के बारे में जानता होगा। उसने कम से कम यह तो पढ़ा ही होगा। जो पढ़ा होगा उसमें फलां-फलां महान लेखकों की रचनाएं तो पढ़ी ही होंगी। आज इस तरह की पूर्वकल्पना नहीं कर सकते। आज बहुत ही सीमित दायरे में प्रयास किए जा रहे हैं। खास दिशा,विशेषज्ञता की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इसके कारण समग्र लड़ाई बेहद जटिल हो गयी है। विमर्श अथवा बौध्दिक आदान-प्रदान में बेहद कठिनाईयां आ रही हैं। इसने सामाजिक वातावरण का अभाव पैदा कर दिया है। 


सईद ने कहा आज बड़ी रोचक समस्या सामने आ खड़ी हुई है। यह मानवीय लक्ष्य की समस्या है। साहित्य या संगीत हो अथवा अन्य कोई कला रूप हो। आज भिन्नाताओं को वर्चस्व स्थापित किए बगैर संरक्षण देने की जरूरत है। दूसरी ओर पहचान के लिए कोहरेंट व्यक्तित्व निर्मित करने की जरूरत है। हमें भिन्नाताओं को बगैर किसी तरह के वर्चस्व को स्थापित किए संरक्षण देना चाहिए। कायिक तौर पर किसी की पहचान पर वर्चस्व स्थापित किए बगैर सामान्यत: व्यक्तित्व और अस्मिता के विकास को बढ़ावा देना चाहिए। किंतु ऐसा करना आजकल बेहद जटिल हो गया है।
    

 एडवर्ड सईद ने सन् 1989 में संगीत पर तीन व्याख्यान वेलेक लाइब्रेरी व्याख्यानमाला के तहत दिए। इनका आयोजन क्रिटिकल थ्योरी इंस्टीट्यूट,कैलीफोर्निया विश्वविद्यालय ने किया था। इन व्याख्यानों को सुव्यवस्थित रूप देकर ही कालान्तर में ''म्यूजिकल एलोबरेसनस''(1991) नामक कृति प्रकाशित हुई।


 सईद ने इस किताब की भूमिका में लिखा है आज संगीत कारपोरेट अथवा गिल्ड के ऊपर निर्भर है। खासकर पेशेवर संगीत उन पर निर्भर है। इस निर्भरता के कारण स्थिति यह हुई है कि संगीत में यथास्थिति बनी हुई है। कारपोरेट जगत और गिल्ड पर निर्भरता के कारण संगीत जगत में नए विचारों का प्रवेश नहीं हो पा रहा है। वे सीमाबध्द होकर संगीत साधना कर रहे हैं। मैं इस तरह की सीमाबध्दता को खारिज करता हूँ। अथवा मैं इसके महत्वपूर्ण पक्षों को अस्वीकार करता हूँ। मैं विश्लेषण के जरिए यह बताना चाहता हूँ कि वे आलोचनात्मक नजरिए से किन चीजों को नहीं देख रहे हैं। साथ ही यह भी बताना चाहता हूँ कि इस क्षेत्र के जो बेहतरीन स्कॉलर हैं उन्होंने बहुत कम काम किया है।
   
सईद ने अपने पहले व्याख्यान के आरंभ में रिचर्ड पोइरिर को उध्दृत किया है। उसने ''दि प्रिफाफर्मिंग सेल्फ'' शीर्षक से महत्वपूर्ण लेख लिखा है। जिसमें उसने अंग्रेजी के आधुनिक रचनाकारों का मूल्यांकन किया है। रिचर्ड ने लिखा है प्रिफॉर्मेंस एक तरह से शक्ति का अभ्यास है। कोई भी रचनाकार जब प्रिफार्म करता है तो वह अपने एक्शन को शक्ल प्रदान करता है। प्रिफॉर्मेंस महज घटना नहीं है। अपने एक्शन के जरिए लेखक रेडीएशन की तरह प्रभावित करता है। अपनी तरफ ध्यान खींचता है। 


एक अर्सा पहले एडोर्नो ने अपना चर्चित निबंध ''रिग्रेशन ऑफ म्यूजिक'' लिखा था जिसमें श्रोता में निरंतरता, एकाग्रता और ज्ञान के अभाव को रेखांकित किया था। इन तीन चीजों के अभाव के कारण ही श्रोता असली संगीत सुन नहीं पाता। अथवा असली संगीत को समझ नहीं पाता। एडोर्नो ने इस अवस्था के लिए रेडियो और रिकॉर्ड को जिम्मेदार ठहराया । इसके कारण ही लोग संगीत सभाओं में नहीं जाते अथवा जाते भी हैं तो स्वर और संगीत के ज्ञान को अर्जित किए बगैर ही जाते हैं। एडोर्नो की इस धारणा के साथ सईद ने एक बात और जोड़ दी है और वह है प्रिफार्मेंश का पूरी तरह पेशेवर हो जाना। इसके कारण कलाकार और दर्शक अथवा साधारण श्रोता के बीच में व्यापक अंतराल पैदा हो गया है।
    

शनिवार, 9 जनवरी 2010

मध्यपूर्व और एडवर्ड सईद की संगीतदृष्टि -5-

डेनियल और सईद के बीच में चली बातचीत में नाटक ,ऑपेरा और कविता के पाठ के मूल्यांकन की समस्या भी उठी, इस पर सबसे पहले डेनियल ने कहा कथोपकथन वाले नाटक और ऑपेरा में अंतर है। इन दोनों के बुनियादी अंतर को कम करके नहीं देखना चाहिए। 


ऑपेरा बुनियादी तौर पर सांगीतिक है। इसमें स्पीड यानी गति और ध्वनि के स्वर ऊँचे भी जाते हैं। जबकि कथोपकथन वाले रंगमंच में ऐसा कुछ भी नहीं होता। यही वजह है कि रंगमंच के अनेक बड़े निर्देशकों को ऑपेरा का मंचन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। क्योंकि वे महसूस करते हैं कि वे तयशुदा खांचे से बंधे हुए हैं। किसी भी गायक से अचानक कम्पोजर के निर्देश पर गाना नहीं गवा सकते। वाचिक पाठ और संगीत में यही अंतर है। 


ऑपेरा का मूलत:  ध्वनि से संबंध है। ऑपेरा के लिए ध्वनि के तत्वों को जानना बेहद जरूरी है। आपको ध्वनि के उन तत्वों को जानना जरूरी है जिनसे आपको त्रासदी की ध्वनियां मिलें। यदि आप  ध्वनि में निरंतरता बनाए रखते हैं  तो स्वर एक दूसरे का अनुसरण करते हैं। स्वत: ही जहां एक स्वर खत्म होने वाला होता है दूसरा स्वर अपने आप शुरू हो जाता है। इस प्रक्रिया में ध्वनि की निरंतरता के साथ तनाव को भी बनाए रखता है। कुछ ऐसा भी होता है जो आपको हवा के मध्य में बनाए रखता है। 


आप यदि ध्वनि को छोड़ देते हैं तो आप रंगमंच को भी त्याग देंगे। डेनियल कहता है  आरंभ में ही ध्वनि के साथ तनाव का तत्व जुड़ा होता है। क्योंकि आपके पास शब्द नहीं होते। एक अन्य जरूरी पहलू है, यदि आप संगीत की गंभीरता के साथ शब्द के संदर्भ में मीमांसा करते हैं तो पाते हैं कि सभी किस्म के संबंध,स्वरलिपि की अन्तर्निर्भरता, सद्भाव,लय और इन सबका गति के साथ संबंध, ये सारी चीजें बगैर किसी पुनरावृत्तिा के संगीत से जुड़ी हैं। प्रत्येक समय जो अंतर नजर आता है उसका प्रधान कारण है  भिन्ना क्षण में उसकी प्रस्तुति। इस क्रम में आप दुनिया,प्रकृति,मनुष्य,मानवीय संबंध आदि के बारे में बहुत सारी चीजें सीख सकते हैं। साथ ही साथ इस जगत से पलायन भी कर सकते हैं। यही संगीत का दुरंगापन है,पैराडॉक्स है।


 मजेदार बात यह है संगीत आपको प्रकृति,मनुष्य,भगवान आदि के बारे में बहुत कुछ बताता है, शिक्षित करता है, फिर उनसे ही पलायन कराता है। संगीत जिसकी शिक्षा देता है उसी से पलायन कराता है। यही चीज स्वयं में बड़ी आकर्षक और लुभाने वाली है। 


हम जब भी संगीत के बारे में बातें करते हैं तो हमेशा उसके प्रभाव के बारे में बातें करते हैं। संगीत के बारे में बातें नहीं करते। इस अर्थ में यह भगवान की तरह है। हम भगवान के बारे में बातें नहीं करते बल्कि भगवान के प्रभाव के बारे में बातें करते हैं। हम हमेशा भगवान की प्रतिक्रियाओं के बारे में बातें करते हैं। कुछ लोगों के लिए भगवान का अस्तित्व है तो कुछ के लिए भगवान का अस्तित्व नहीं है। किंतु हम उसके बारे में बात नहीं करते। हम सिर्फ उसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाओं के बारे में बातें करते हैं। यही स्थिति संगीत के बारे में है। आप संगीत के बारे में भी नहीं बता सकते। आप संगीत के बारे में अपनी आत्मगत (सब्जेक्टिव) प्रतिक्रियाओं को ही व्यक्त करते हैं।  


संगीत,कला,साहित्य आदि के संदर्भ में बार-बार प्रामाणिकता का सवाल उठता रहा है। प्रामाणिकता का पैमाने क्या है ? सईद ने कहा कि क्या हम प्रामाणिक बीथोविन हासिल कर सकते हैं। अगर ऐसा होगा तो उसे कोई समझ ही नहीं पाएगा। बीच में ही सईद की बात काटकर एरा गुजिलीमियां ने कहा कि इसके किसी न किसी पैमाने पर तो ध्यान देना ही होगा। पुनर्रूत्पादन के लिए ऐतिहासिक सटीकता का ख्याल रखना ही होगा।


 सईद ने कहा नहीं, प्रत्येक भाषा और प्रत्येक समय में उसके भिन्न किस्म के बिंदुओं पर जोर रहा है। हम प्रामाणिकता के आग्रह के मारे हुए हैं,यह प्रामाणिकता आखिरकार क्या है ? डेनियल ने कहा कि वह प्रामाणिक अनुभूति की बात कह रहा है। सईद ने कहा मैं जानता हूँ, किंतु अनुभूतियों की प्रामाणिकता ,जैसा वह शिक्षा देता है ध्वनि पर आधारित है। किंतु इन सबकी प्रामाणिकता क्या है ? 


प्रामाणिकता एक तरह से वर्तमान को पुष्ट करना है। तुम जानते हो कि अतीत के साथ इसका संबंध होता है। यदि मैं कहूँ कि यह प्रामाणिक है, और मैं जो कह रहा हूँ वह सत्य भी है। ईसाईयत में लोग हमेशा सच्चे क्रॉस को देखते रहते हैं,इस अर्थ में वह हमेशा वर्तमान भी होता है। अतीत के बारे में प्रामाणिकता की बात करना स्वयं में दिग्भ्रमित करने वाली बात है। असल में यह वर्तमान के बारे में उठा सवाल है कि वर्तमान के नजरिए से आप अतीत को कैसे देखते हैं। वर्तमान के नजरिए से अतीत को किस तरह निर्मित करते हैं। कौन सा अतीत चाहते हैं ? आप जानते हैं कि आपको किस तरह का अतीत चाहिए। इसी तरह 'इच्छा' (डिजायर) की प्रामाणिकता के बारे में भी विचार करने की जरूरत है।
      


सईद ने कहा मैं एक अन्य समस्या की ओर आप लोगों का ध्यान खींचना चाहता हूँ क्या यह संभव है कि जो लोग कलाओं के बारे में अथवा किसी एक कला विशेष के बारे में जानते हैं तो उन्हें संगीत के बारे में कुछ भी ज्ञान नहीं होता, इस स्थिति को सईद ने संगीत के प्रति भेदभाव की संज्ञा दी है। यह भेदभाव शिक्षितों में ज्यादा पाया जाता है। यह इस युग की विशेषता है। जबकि संगीत का समाज में केन्द्रीय स्थान है। खासकर 19वीं शताब्दी के बाद से मध्यवर्ग,अभिजन समाज में संगीत का केन्द्रीय स्थान रहा है। यह शिक्षितों और बौध्दिकों के बीच में विमर्श का सबसे बड़ा क्षेत्र रहा है। किंतु आज ऐसी स्थिति नहीं है।
   


सईद ने कहा आज दो तरह की ऑडिएंस मिलती है। ऑडिएंस का एक रूप वे लोग हैं जो काम करते हैं,कारपोरेट जगत में काम करते हैं,धनी हैं।मेरा मानना है वे पूरी तरह कंजरवेटिव होते हैं। वे नया संगीत नहीं चाहते। वे संगीत के अंतहीन कार्यक्रम चाहते हैं। इसमें शास्त्रीय संगीत और बाजारू संगीत दोनों शामिल हैं। 


दूसरे किस्म की ऑडिएंस की तादाद बहुत कम है। इस कोटि के लोगों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। वे जानते हैं कि संगीत उनके जीवन का हिस्सा है। ऐसे लोगों ने संगीत को अलंकार की तरह धारण किया हुआ है। इस तरह के लोगों के बारे में ही एडोर्नों ने सवाल उठाए हैं। वे जानते हैं कि संगीत समाज का प्रतिनिधित्व करता है,लेकिन वे लोग संगीत के प्रतिनिधि बने घूमते रहते हैं। ऐसे लोग यह समझने में असमर्थ रहे हैं कि संगीत समाज में अपनी भूमिका अदा नहीं कर पा रहा है।


 संगीत समाज में अपनी भूमिका अदा करे इसके लिए सईद के मुताबिक तीन चीजें जरूरी हैं,(1) प्रिफार्म करे,(2) समझा जाए,(3) सुना जाए। क्या इन तीनों के बीच में कोई द्वंद्वात्मक संबंध है ? स्पांसर,संरक्षण के अलावा हम क्या अन्य कोई ऐसा सुझाव सुन पाते हैं कि मैं इस तरह का संगीत चाहता हूँ ? इस रूप में चाहता हूँ ? मुझे संदेह है  संगीत सुनकर लोग महसूस भी करते हैं ? 


एक प्रिफार्मर के नाते यदि तुम संगीत का इतिहास उठाकर देखो तो पाओगे कि संगीत की जटिलताएं बढ़ी हैं। अपनी संगीत प्रस्तुतियों के दौरान तुमने क्या यह महसूस नहीं किया कि संगीत और समाज में अंतराल बढ़ा है। क्रमश: इनमें विभाजन बढ़ा है। इस संगीत को उपलब्ध कराके क्षतिपूर्ति कर रहे हो। इसका अर्थ यह भी है कि तुम संगीत के साथ प्रवाह की विपरीत दिशा में जा रहे हो। संगीत को ज्यादा से ज्यादा घरेलू बनाकर तुम उसे धोखा दे रहे हो।
 ( लेखक- जगदीश्वर चतुर्वेदी,सुधा सिंह )

मध्यपूर्व और एडवर्ड सईद की संगीतदृष्टि -4-



सईद के अनुसार ऐसा व्यक्ति ज्यादा महत्वपूर्ण होता है जो किसी न किसी रूप में यथास्थितिवाद को चुनौती दे। जब मैंने अपने संस्मरण लिखने का फैसला किया तो अनेक लोगों ने सुझाव दिया कि तुम पहले दूसरों के संस्मरण पढ़ लो इससे लिखने में आसानी रहेगी। मैंने भी सोचा कि महारत हासिल करने के लिए यह अच्छा सुझाव है। स्मृति के सहारे मुझे अपनी कहानी लिखनी थी। यह काफी कुछ हजम कर जाने वाली थी। उसे लिखते समय आप और कुछ नहीं सोच सकते। 


संस्मरण लिखते समय आप अपने लिए जगह भी महसूस करते हैं। कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं जिन्हें आप ज्यादा जगह देना चाहते हैं। रूपकीय नजरिए से यह एक तरह से अपने पाठक के दिमाग में छवि बनाने की कोशिश भी है। अंतत: तो वे कागज पर लिखे शब्द ही हैं। शब्द का कागज और कागज से इमेज में रूपान्तरण असल में शब्दों का 'कायिक' शक्ल अख्तियार करना है। यह सब कुछ स्थान पर निर्भर करता है। आप कैसे कहते हैं ,क्या कहते हैं,उसको किस चुस्त-दुरूस्त ढ़ंग से कहते हैं।


 पैराग्राफ की संरचना कैसी बनाते हैं आदि  चीजों को देखना चाहिए। इन सब चीजों को हासिल करना बेहद मुश्किल है यदि आप पूरी तरह अपने पर केन्द्रित होकर न रहें। किंतु मैं यह भी कहना चाहता हूँ कि अन्य आवाजें भी हैं जो लगातार बमबारी करती रहती हैं। इसके बाद सवाल आता है कि आपकी ऑडिएंस कौन है, आप कहां तक उनका ख्याल रख सकते हैं। इसी अर्थ में आप उन्हें सम्बोधित करते हैं।
      


एडवर्ड सईद ने ''पेरेलल्स एंड पैराडॉक्स'' कृति में प्रामाणिकता के सवाल पर गंभीरता के साथ विचार किया है। कृति में प्रामाणिकता कैसे रूपान्तरित होती है। इस सवाल पर डेनियल और सईद के विचार उल्लेखनीय हैं।  डेनियल ने कहा लिखित पाठ से संगीत भिन्न है। 


संगीत तब ही अवस्थित होता है जब ध्वनि पैदा की जाए। जब बीथोवन की पांचवी सिंफनी लिखी गयी तो वह उसकी कल्पना में ,दिमाग में स्थित थी, कायिक नियमों का विषय थी। इसके बाद उसे स्वरलिपि की व्यवस्था के रूप में जाना । यह सादा कागज पर काले निशान की तरह है। सादा कागज पर लिखे काले शब्दों में लिखी स्वरलिपि को पांचवी सिंफनी नहीं कहा जा सकता और इसे लेकर मुझे कोई संतुष्ट भी नहीं कर सकता।


 पांचवी सिंफनी अस्तित्व में तब आयी जब उसका वाद्ययंत्रों के द्वारा निर्माण किया गया। उसे बजाया गया।कहने का अर्थ यह है कि संगीत की विलक्षणता  यह है कि वह जब बजता है , जब उसकी ध्वनि सुनाई देती है तो अलग-अलग लोगों के लिए उसका भिन्न-भिन्न अर्थ होता है। वह काव्यात्मक, गणितीय, संवेदनात्मक कुछ भी हो सकता है। यही उसका अन्त है।  संगीत सिर्फ ध्वनि के जरिए ही अपने को व्यक्त करता है।
       
इसी प्रसंग में सईद ने मंशा का सवाल उठाया और कहा कि कागज पर लिखी चीज में जो आंतरिक तत्व है अथवा जीवनहीनता है। किंतु इन दोनों बातों को व्याख्याकार के नजरिए से देखिए तो बात कुछ और ही नजर आएगी। जिसने प्रस्तुत किया उसको आप कोई भी नाम दें मौलिक कहें अथवा कुछ भी कहें। क्या कहा जाएगा इसके भी रिवाज हैं। अथवा तयशुदा रिवाजों पर हम सहमत हो सकते हैं। वह आपको बदले में कुछ न कुछ देता है। आप उसे अभी प्राप्त करें अथवा फिर कभी प्राप्त नहीं कर सकेंगे। वह जो कच्ची सामग्री कम्पोजर ने लिखी है उसे आप पुन: दोबारा हासिल नहीं कर सकते। 


अब मैं पाठ के बारे में कुछ कहना चाहता हूँ, पाठ के बारे में जब बात की जाती है तो स्थापित पाठ के बारे में बात की जाती है। हम सब उसी पर निर्भर होते हैं। किंतु संपादक का काम है कि वह पाण्डुलिपि को एकत्रित करे।नोटबुक को एकत्रित करे।अथवा वह उसे ऐसी  शक्ल प्रदान करे जिससे पाठ अथवा व्याख्याकार उसे पलटकर देख सके। यह काम सबसे मुश्किल है। मेरा इशारा बुनियादी काम की ओर है। 


मैं यह जानना चाहता हूँ कि मोजार्ट के विशेषज्ञ एलन टायसन ने जो विवरण प्रदान किए वे कैसे आए ? क्या उसके खास अंश सामयिक हैं,अथवा पुराने जमाने के हैं। प्रामाणिकता के संदर्भ में यही बुनियादी चीज है। यह सच है  जब आप पेश करेंगे अथवा संगीत बजाएंगे तो इन सबका कोई महत्व नहीं है किंतु यह जानना तो जरूरी है कि पाठ को स्थापित करने में किस तरह का संपादन किया गया। ऐसी अवस्था में आप पाठ के साथ क्या करते हैं ? 


पाठ को आप संभवत: दो तरह से देखते हैं ? पहला तरीका यह है कि पाठ में सब कुछ है। मेरा सामान्य काम है उसे ईमानदारी से पेश कर देना। सईद ने कहा यह पूरी तरह मूर्खता है,नानसेंस है। क्योंकि पाठ को ईमानदारी से पेश कर देने वाली जैसी कोई चीज नहीं होती।
      
जब आप 18वीं शताब्दी का पाठ देखते हैं तो आप 18वीं शताब्दी के आदमी होते हैं। वैसा होना असंभव है। जब कोई लेखक अथवा कम्पोजर पाठ तैयार कर लेता है तो लिखने के बाद उससे अपनी दूरी बना लेता है। वह स्वयं ही एक वस्तु बन जाता है। यह काम वह लेखक के संरक्षण के बिना करता है। एक व्याख्याकार अथवा पाठक के नाते हम सब महसूस करते हैं , अथवा संगीत के प्रिफार्मर के नाते  प्रिफार्मेंस की प्रस्तुति अथवा रीडिंग में पाठ में आप अनंत किस्म की चीजें समायोजित नहीं कर सकते। 


यानी व्याख्याकार के मनमानेपन के खिलाफ प्रतिरोध व्यक्त होता है। यह प्रतिरोध अनेक किस्म के निर्देशों के जरिए आता है। मैं यहां यह कहना चाहता हूँ  पाठ कभी भी पूरी तरह व्याख्या के लिए खुला नहीं होता। हम जानते हैं कि इसके पीछे क्या नाटकीयता है।
     
हमें यह जानना चाहिए शब्द अथवा स्वरलिपि को किस प्रक्रिया में उपस्थित किया गया। व्याख्या अथवा प्रिफॉर्मेंस स्वयं बोरियत पैदा करने लगती हैं जब आप अन्य लोगों की बातों को दोहराने लगें। उन्हें नयी शक्ल और नयी संवेदना के साथ पेश करना चाहिए। व्याख्याकार और कम्पोजर काम पाठ को उसे पुराने संदर्भ में पेश करने का नहीं है बल्कि उसका काम है वर्तमान के संदर्भ में पेश करना । इसीलिए यह कहा जाता है  कुछ रिवाज होते हैं जो हमारी सीमाएं भी बनाते हैं जिसके कारण हम खास किस्म के नियमों के परे नहीं जा सकते। अंतत: ये नियम सामाजिक और बौध्दिक तौर पर निर्धारित होते हैं।  


इसके अलावा प्रिफार्मर ,व्याख्याकार और व्यक्तिगत तौर पर पाठक के बीच में अन्तर्क्रिया चलती रहती है। दूसरी ओर पाठ के बारे में समूचे इतिहास में निर्णय,आम सहमति, संचारण को लेकर प्रक्रिया चलती रहती है। इसी अर्थ में व्याख्या की प्रक्रिया गतिशील होती है। इसके लिए हमेशा विवेकवादी परीक्षण की जरूरत होती है। इसका निर्धारण सिर्फ अनुभूति के आधार पर ही हो सकता है। अनुभूति बहुत ही महत्वपूर्ण है ,जिस चीज से आप घृणा करें उसकी आप व्याख्या नहीं कर सकते। जिसके साथ आपका प्रेम हो और जिसका ख्याल रखते हों अथवा जिसे महत्वपूर्ण मानते हों उसकी ही व्याख्या कर सकते हैं। किंतु यह बहुत ही अनुशासित प्रक्रिया है जो हमें अंधा बना देती है। एक खास किस्म का रिवाज भी है जिसमें समझौता भी रहता है कि क्या आप सहमत हैं ?
  
डेनियल ने जब संगीत और साहित्य के पाठ के बीच तुलना करते हुए विस्तार से रोशनी डाली तो प्रतिक्रिया में सईद ने कहा तुम्हारी यह तुलना अद्भुत है। खासकर पाठ की व्याख्या के संदर्भ में। कीट्स की कविता का उदाहरण देकर सईद ने कहा कविता की भाषा आम दैनन्दिन बोलचाल की भाषा अथवा लॉण्ड्री की भाषा नहीं होती। अथवा यह बाजार की भाषा नहीं होती। ऐसे में हमें भाषा की शक्ल बनानी होती है। यह साधारण गद्य भी नहीं है। इसके कुछ नुकसान भी हैं। क्योंकि साहित्य में आदान-प्रदान चलता रहता है। दैनन्दिन प्रयोग की भाषा और साहित्यिक भाषा एक-दूसरे के साथ आदान-प्रदान करती है। जबकि संगीत में इस तरह का आदान-प्रदान नहीं होता। 


बीथोवन की सिंफनी की सामग्री को आप अन्यत्र कहीं पर भी नहीं पाएंगे। किंतु आप कीट्स की कविता की सामग्री को मौखिक रूप में प्राप्त कर सकते हैं। आम लोगों की बातचीत में प्राप्त कर सकते हैं। इस अर्थ में साहित्य तुलनात्मक तौर पर ज्यादा जनतांत्रिक होता है। क्योंकि उसका प्रत्येक इस्तेमाल कर सकता है। ये शब्द ही हैं जिनके साथ हम जिंदा रहते हैं। एक तरह से साहित्य में हम उनका अतिसामान्य इस्तेमाल करते हैं।
     
सईद ने कहा काव्यभाषा कायिक भाषा होती है। इस अर्थ में यह संगीत के कुछ आयामों के करीब भी आती है। शब्दों का व्यवहारिक मकसद होता है उनका वस्तुगत अर्थ होता है। मसलन् जब हम कहते हैं
'' यह गिलास है।'' तो हम किसी बाहरी वस्तु की ओर संकेत कर रहे होते हैं। किंतु यदि आप काव्यात्मक पाठ के बारे में संगीत के अर्थ में सोच रहे हैं तो आपको शब्दों के साथ स्वर के आंतरिक संबंध के बारे में सोचना होगा। इस संदर्भ में प्रत्येक चीज का तुलनात्मक उपयोग है। जबकि काव्यात्मक वस्तु में श्रृंखलाबध्द संबंध के रूप में चीजें आती हैं। ये कविता में आंतरिक तौर पर छिपी होती हैं। इन्हें आपको कविता पढने के पहले समझना होता है। वह भी तब जब आप ऐसा करना चाहें।


 कविता पढ़ने के लिए उस भाषा को जानना जरूरी है जिसमें कविता लिखी गयी है। किंतु संगीत सुनने के लिए उस भाषा को जानना जरूरी नहीं है जिसमें संगीत है। क्योंकि संगीत की शैली और संगीत की भाषा ध्वनिबोध पर आधारित है।


 जैसा कि आप जानते हैं बच्चे बगैर भाषा समझे संगीत समझते हैं। इस संदर्भ में सबसे महत्वपूर्ण चीज है उपलब्धता। तत्काल प्रभाव के लिहाज से संगीत बहुत शक्तिशाली होता है। यह बात अनेक दार्शनिकों ने भी रेखांकित की है। यह देखा गया है कुछ खास किस्म के अविवेकवाद को संगीत अपने अंदर संजोए रखता है जिसके कारण वह खतरनाक भी होता है। इसके बावजूद संगीत कला है और इसके लिए खास किस्म के अनुशासन की जरूरत है। इसी कारण इस तक पहुँचना भी मुश्किल होता है।
 (लेखक- जगदीश्वर चतुर्वेदी,सुधा सिंह)        

गुरुवार, 7 जनवरी 2010

मध्यपूर्व और एडवर्ड सईद की संगीतदृष्टि -3-

बुध्दिजीवी और कलाकार के लिए मुख्य चीज है उसके आदर्श। वह उनके साथ कोई समझौता नहीं करना चाहता। सईद ने सवाल उठाया है  क्या इन दोनों के बीच किसी भी किस्म का सेतु बनाया जा सकता है ? इनके बीच की खाई को पाटा जा सकता है ? डेनियल ने कहा हमें राजनीतिज्ञ और स्टेट्समैन के बीच में फर्क करना चाहिए। स्टेट्समैन वह है जिसके पास विजन है।


 सईद ने तुरंत कहा जैसे नेहरू और मंडेला जिनके पास विजन है। साथ ही उसे लागू करने की क्षमता भी। चाहे इसमें किसी को भी शामिल करना पडे।  ड़ेनियल ने कहा  आज जो मौजूद है और जो होना चाहिए ,इसके बारे में फर्क करने का किसी में विवेक होना जरूरी है। ऐसा करने के लिए आपको यथार्थ को जानना जरूरी है। ''राजनीतिक तौर पर सही'' का अर्थ है दार्शनिक तौर पर गलत। क्योंकि इसका अर्थ है समझौता। सईद ने कहा समझौता और आज्ञापालन।


 डेनियल ने कहा साहस बहुत बड़ी चीज है। साहस का यही अर्थ नहीं है कि चीजों को भिन्न रूप में बजाया जाए, साहस का अर्थ है पूरी तरह समझौताहीन। जैसे महान स्टेट्समैन होते हैं। हमें यथार्थ समझना चाहिए, पाठ को समझना चाहिए। उनकी कठिनाईयों को समझना चाहिए।इसके बाद विजन होना चाहिए और उसे लागू करने का पूरी तरह साहस होना चाहिए। साहस का अर्थ है संगीत निर्माण का साहस, जब आप ऐसा करते हैं तो समूची मानवता की समस्या का समाधान करते हैं।
     
एडवर्ड सईद ने कहा मैं हमेशा पेशेवर लोगों की तरह सोचता हूँ। चाहे वह पेशेवर लेखक हो अथवा पेशेवर विशेषज्ञ हो, पेशेवर होना ही अपने आप में सब कुछ नहीं है। सिर्फ इससे मुझे संतोष नहीं मिलता। मेरे अंदर यह एटीटयूट है कि मैं जो सोचता हूँ उसे लागू करता हूँ। मैं तकनीक ,विशेषज्ञता और पेशेवराना चीजों के प्रति सवाल उठाने में थकता नहीं हूँ, यहां तक कि साहित्य और समाज के अन्तस्संबंध के बारे में भी सवाल उठाता रहा हूँ। साहित्य और राजनीति के अन्तस्संबंध के बारे में भी सवाल उठाता रहा हूँ। 


दूसरी ओर मेरा पक्का विश्वास है कि कक्षा सिर्फ कक्षा है। जबकि मेरा ज्यादातर समय कक्षाओं में ही गुजरा है। कक्षा को राजनीतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की जगह नहीं बनाया जाना चाहिए। साठ के दशक में जब विश्वविद्यालयों का राज्य के प्रति ठंडा रूख था तब कक्षाओं को वैकल्पिक सामाजिक स्थान के तौर पर विकसित किया गया। तब कक्षाओं में सभी किस्म की मुक्ति की आकांक्षाओं को अभिव्यक्त किया गया। विभिन्न किस्म के राजनीतिक विचारों को अभिव्यक्त किया गया। किंतु आज वह स्थिति नहीं है।  


 मैं सोचता हूँ  खास किस्म की प्राइवेसी अथवा सीमाबध्दता विश्वविद्यालय और समाज के बीच में रहनी चाहिए। मैं अभी भी महसूस करता हूँ  बुध्दिजीवियों और विश्वविद्यालय समुदाय के लोगों को इस कार्य में अपने को व्यस्त करना चाहिए। अपने मामले में इतना ही कह सकता हूँ कि मेरी रूचि राजनीति में है और मैं मीडिया के जरिए सार्वजनिक जीवन में अभिव्यक्त करता हूँ। लेखन ,भाषण ,मंचों और मोर्चों के जरिए अभिव्यक्त करता हूँ, मेरे लिए मुद्दा महत्वपूर्ण है।मानवाधिकार महत्वपूर्ण हैं,फिलीस्तीन का सवाल महत्वपूर्ण है,आदि आदि।
    
डेनियल ने सईद के विचारों पर टिप्पणी करते हुए कहा एक अच्छा शिक्षक वह है जो सूचना देने की बजाय शिक्षित करे। आज हमारी शिक्षा में अनेक समस्याएं हैं। आज हमारे स्कूल,विश्वविद्यालय सूचनाएं देते हैं शिक्षा नहीं देते। खासकर तुम्हारी किताब 'कल्चर एंड इम्पीरिलिज्म' में मुझे यही चीज अच्छी लगी,इसी चीज ने आकर्षित किया।


 उस किताब का मकसद सूचना देना नहीं है बल्कि विचारों की क्षमता को जाग्रत करना है। प्रत्येक पाठक अपने तरीके से मौलिक तौर पर जाग्रत होता है। सोचता है। तुम उसी दिशा की ओर ध्यान खींचते हो और प्रेरित करते हो। यही बात संगीतकार पर भी लागू होती है। हमें लेखक और कम्पोजर के बीच तुलना करनी चाहिए न कि लेखक और प्रिफार्मर के बीच में। आज समूची शिक्षा का स्तर बेहद नीचे आ गया है। आज स्कूल सूचना ज्यादा देते हैं और शिक्षा कम।
    
सईद ने कहा मेरी बड़ी विलक्षण शिक्षा रही है। पहले औपनिवेशिक शिक्षा प्राप्त की,पन्द्रह साल की उम्र तक मैं लगातार स्कूल जाता रहा। जहां पर मुझे बार-बार अलगाव महसूस होता था,मुझे लगता था कि मैं उनमें से नहीं हूँ। वे ब्रिटिश स्कूल हुआ करते थे। चाहे वे फिलीस्तीन इलाके में हों अथवा मिस्र के इलाकों में हों। इसके कारण शिक्षक और व्यवस्था से हमेशा दूरी महसूस करता था क्योंकि वे मेरे नहीं थे। 


मैं खास तरह के अलगाव के प्रति बेहद सचेत था। मैं यह भी महसूस करता था  मेरे शिक्षकों में कोई भी मेधावी और प्रेरक शिक्षक नहीं था। वे विलक्षण परिस्थितियां थीं। मुझे अपने आप पढ़ना पड़ता था। यह स्थिति तब थी जब मेरे पास शिक्षक थे। इसके कारण एक तरह की बौध्दिक दूरी मैं महसूस करता था क्योंकि विचार मेरे नहीं थे। यह चीज कभी गुस्से में भी व्यक्त होती थी। किंतु अमूमन शांत रहता था। 


जब में पचास के दशक के आरंभ में अमरीका आया तो मैं सबसे पहले बोर्डिंग स्कूल में भर्ती हुआ। किंतु यहां पर मुझे भिन्ना कारणों से चुप रहना पड़ा। क्योंकि वह स्कूल विचारधारात्मक तौर पर संचालित था। स्कूल में बड़े पैमाने पर धर्म और राष्ट्रवाद था। यहां ब्रिटिश व्यवस्था से एकदम भिन्न किस्म की व्यवस्था थी। मैं बड़ी मुश्किल से शिक्षकों के द्वारा दी गयी सामग्री को स्वीकार कर पाता था। मैं उसमें से चुनता था।


 इस परिप्रेक्ष्य में मेरी राय है कि शिक्षक से छात्र की स्वतंत्रता का होना बेहद जरूरी है। मुझे याद आ रहा है एक बार मुझसे किसी ने सवाल किया था कि तुम्हारा कभी कोई प्रेरणादायक शिक्षक था ? मैंने कहा मेरा कभी कोई प्रेरणादायक शिक्षक नहीं था। इस बात को लेकर मेरे अंदर कोई क्षति भी महसूस नहीं हुई।
   
एडवर्ड सईद को अपने भक्त छात्र बनाने की आदत नहीं थी। सईद ने अपने शिक्षण और लेखन के भक्त तैयार नहीं किए। इस संदर्भ में सईद ने कहा शिक्षकों,लेखकों एवं बुध्दिजीवियों में यह आदत होती है कि वे भक्त तैयार करते हैं। एक शिक्षक के नाते मेरा यही कर्त्तव्य है कि मैं अपने छात्र को अपना श्रेष्ठतम दूँ और खास अर्थ में उसे इस लायक तैयार करूँ कि वह मेरी आलोचना कर सके। वह मेरे ऊपर हमले न करे। मैं उन्हें अपने से स्वतंत्र रखता हूँ और वे जैसे चाहें अपना मार्ग चुनें। 


डेनियल ने कहा तुम भक्त इसलिए नहीं चाहते क्योंकि बुनियादी तौर पर तुम उन्हें दीक्षित नहीं करते,चेला नहीं बनाते। विचारों से दीक्षित नहीं करते। बल्कि तुम विद्यार्थी की जिज्ञासाओं को जाग्रत करते हो। उन्हें वह मार्ग बताते हो जिससे वे अपनी जिज्ञासा शांत कर लें।
  

बुधवार, 6 जनवरी 2010

मध्यपूर्व और एडवर्ड सईद की संगीतदृष्टि -2-


तकनीकी विकास के युग में आप अपनी 'टाइमनेस' के प्रति अनभिज्ञ होते हैं। क्योंकि आज तकनीक के जरिए प्रत्येक चीज का संरक्षण किया जा सकता है,पुनरावृत्ति की जा सकती है।  सईद ने कहा मुझे लगता है साहित्य और चित्रकला में समय आगे नहीं जाता। आप उसके आसपास घूमते रहते हैं,बार-बार लौटते हैं। पढ़ते और दुबारा पढ़ते हैं। दूसरे शब्दों में इसकी समुद्र के साथ तुलना की जा सकती है।  वह प्रिफार्मेंस की शर्त तय करता है। वह शक्तिशाली है। जैसा तुमने अभी कहा  जब एक बार शुरू हो गया तो संगीत की प्रिफार्मेंस को खत्म होना ही होगा।  इस तरह देखें तो प्रिफार्मेंस में किसी भी किस्म की पुनरावृत्ति नहीं होती। चाहे वह टेप ही क्यों न हो। वह जैसा है वैसा नहीं होता बल्कि वह साथ ही भिन्ना हो जाता है।
    


डेनियल ने कहा यह सही है। यदि उसे दूसरे दिन दोहराया जाएगा तो उसकी भिन्न प्रिफार्मेंस होगी। सईद ने सवाल उठाया है कि क्या इसमें कचरा अथवा गुम हो जाने का खतरा रहता है। संगीत में चुप्पी अन्तर्निहित होती है। यह साहित्य में भी होती है। इसका हम संरक्षण करते हैं।  साहित्य के पठन और पुनर्पठन में पाठ भी शामिल है। कोई उसका लौटकर संपादन के दौरान परिवर्तन करना चाहे तो कर सकता है,यहां तक कि आलोचक के सामने मुद्रित के पठन और पुनर्पठन की निरंतर संभावना बनी रहती है। जबकि संगीतकार के सामने यह खत्म हो जाती है।




डेनियल का मानना है साहित्य और संगीत में कई चीजों को लेकर बुनियादी फ़र्क होता है। इसके बावजूद मैं कहना चाहता हूँ संगीत कायिक नियमों का उल्लंघन करता है। इनमें साइलेंस अथवा चुप्पी भी है। ध्वनि का भाषिक जगत अस्थायी होता है। ध्वनि का चुप्पी से ठोस संबंध है।  


मैं अमूमन इसकी घनत्व के नियम से तुलना करता हूँ। जैसे वस्तुएं जमीन पर उतारते हैं,चित्रित करते हैं। इसी तरह ध्वनि के द्वारा चुप्पी को उतारते हैं। यह अन्योन्याश्रित है। यदि आप इसे स्वीकार कर लेते हैं तो कायिक असमर्थता के व्यापक आयाम आपके सामने आ जाएंगे। जिनका एक संगीतकार के नाते उल्लंघन करना होगा। इस तरह साहस संगीत निर्माण का अन्तर्गृथित हिस्सा है। 


बीथोवन इसलिए साहसी प्रयास नहीं है कि वह गंभीर है बल्कि यह अतिमानवीय की चुनौतियों को कम करता है। इस अर्थ में संगीत निर्माण स्वयं में साहसिक कार्य है क्योंकि ऐसा करते हुए आप अनेक प्राकृतिक कायिक कानूनों का उल्लंघन करते हैं। डेनियल ने कहा चुप्पी के बारे में मुझे सिर्फ इतना ही कहना है कि यदि आप ध्वनि बरकरार रखना चाहते हैं और तनाव पैदा करना चाहते हैं तो यह सस्टेंड ध्वनि के जरिए ही संभव है।  इसके पहले चरण में प्रथम ध्वनि और चुप्पी के बीच संबंध बनता है। इसके बाद पहले नोट और दूसरे नोट के बीच संबंध बनता है। यह सिलसिला अनंत रूप में चलता रह सकता है। 


डेनियल ने कहा संगीतकार को सबसे पहले यह जानना चाहिए कि ध्वनि कैसे भूमिका अदा करती है। जब आप उसे इस जगत में लाते हैं,जब आप उसे कमरे में लाते हैं ,दूसरे शब्दों में प्रतिध्वनि क्या है ? ध्वनि का लंबी अवधि तक खिंचना अथवा दीर्घ आलाप का अर्थ क्या है ? डेनियल ने कहा मेरे लिए ध्वनि के जरिए संगीत निर्माण विभ्रम की कला है।
   
सईद ने कहा लेखक के नाते मैं जब अतीत में जाता हूँ तो मेरे दिमाग में प्रासंगिकता का सवाल बार-बार जेहन में आता है। यह स्थिति संगीतकार के सामने भी आती है, ऐसी अवस्था में संगीतकार अतीत को कितना विकृत करता है ? सईद के मुताबिक अतीत की रचना को प्रासंगिक बनाने के लिए उसका विकृतिकरण जरूरी है। अतीत के पाठ में बगैर कांट'छांट के आलोचक उसे प्रासंगिक नहीं बना पाता। इस क्रम में वह अतीत का अतिक्रमण भी करता है। लेखक लगातार अतीत की ओर जाता है क्योंकि यह उसकी जरूरत है और आज के जमाने में उसकी प्रासंगिकता के बारे में बार-बार सवाल खड़े करता है।
    


डेनियल ने कहा  यह सच है। किंतु प्रत्येक महान कला के दो चेहरे होते हैं। एक चेहरा उसका अपने समय की ओर होता है और दूसरा चेहरा अंतरात्मा की ओर होता है। इसी के गर्भ से कालजयी रचना का जन्म होता है। जब हम किसी रचना को कालजयी कहते हैं तो इससे क्या तात्पर्य है ? प्रत्येक रचना तो अपने समय से जुड़ी है फिर उसे कालजयी अथवा काल का अतिक्रमण करने वाली क्यों मानते हैं ? कालजयी रचना अपने समय से जुड़ी होती है साथ ही वह स्थायी तौर पर सामयिक होती है।  किंतु यह नियम प्रत्येक रचना पर लागू नहीं होता।  


एक मर्तबा चोम्सकी ने कहा था  वह टेलीविजन पर बोलने नहीं जाएंगे क्योंकि वह जानते थे कि उन्हें अपनी अवधारणा को बताने का समय ही नहीं मिलेगा। इसी प्रसंग को डेनियल से सुनने के बाद सईद ने कहा मैंने भी ऐसा ही किया। मैं पहले टीवी पर बहुत जाया करता था।  आपको वहां पर साउण्ड बाइट्स तैयार करने होते हैं और मुझे इससे सख्त नफरत है। मैं सोचता हँ यह समय की बर्बादी है। इसलिए मैं अभिव्यक्ति के नए रूपों को वरीयता देता हूँ। मैं लिखता हूँ अथवा व्याख्यान देता हूँ। ऐसी अवस्था में आपके पास दर्शकों के सामने अपने विचार को विकसित करने का अवसर होता है,समय होता है। जबकि टीवी की बहस तो एक तरह के गुरिल्ला हस्तक्षेप की तरह है। आप तुरंत एक्शन करते हैं और डिस्टर्ब कर देते है। 


किंतु यही काफी नहीं है। व्यक्ति को सही अर्थ में हस्तक्षेप करना चाहिए न कि बहस को अस्त-व्यस्त करने लिए। संगीतकार अपने दर्शक के जीवन में हस्तक्षेप करता है। दर्शक सब कुछ छोड़कर संगीत सुनने आता है। इसी तरह मुझे पढ़ने जो आएगा वह अपना समय खर्च करेगा और उसे कुछ न कुछ त्यागना पड़ेगा। जिससे वह पढ़ने पर समय खर्च कर सके। इस तरह के हस्तक्षेप के लिए मुझे अनुशासित होना पड़ेगा। इस अनुशासन के लिए कुछ जानना जरूरी है।  खास संस्कृति का होना जरूरी है। खास किस्म का प्रशिक्षण जरूरी है।  ये सारी चीजें बहुत महत्वपूर्ण हैं।


 इसी बातचीत में डेनियल ने बड़ी महत्वपूर्ण बात कही, उसने कहा टेलीविजन में अंतर्वस्तु और समय के अन्तस्संबंध का ख्याल नहीं रखा जाता। जबकि कुछ अंतर्वस्तु ऐसी होती है। जिन्हें खास मात्रा में समय की जरूरत होती है। उसे आप दबा नहीं सकते,उपेक्षा नहीं कर सकते। डेनियल ने कहा आप किसी भी चीज के बारे में बात करें, किसी भी प्रक्रिया के बारे में बात करें आपको अंतर्वस्तु और समय के अंतस्संबंध को ध्यान में रखना होगा। यदि आप समय नहीं देते अथवा ज्यादा समय देते हैं तो वह नष्ट हो जाएगा। मेरा इशारा ओसलो समझौते की ओर है। यह इस बात का स्पष्ट उदाहरण है।  आप ओसलो के पक्ष में हों या विपक्ष में। मूल बात यह है कि वह लागू नहीं हुआ।  जिस गति से उसे लागू करने की बात की गई उसमें ही खतरा निहित था। क्योंकि उसकी प्रक्रिया अंर्तवस्तु के साथ सक्रिय नहीं थी।
    


सईद ने कहा  ओसलो समझौते का फिलीस्तीन के यथार्थ के साथ कोई संबंध नहीं था। उसके पाठ में ही छिद्र थे। चोर दरवाजे थे। इस बातचीत में डेनियल ने कहा  हमें राजनीतिज्ञ और कलाकार के बीच में अंतर करना होगा। एक राजनेता का प्रधान गुण है कि उसके पास समझौते की कला होती है। वह भिन्न मतों के लोगों के बीच इसके कारण समझौता कराने में सफल हो जाता है। वह उन्हें जहां तक संभव है करीब लाने की कोशिश करता है।


 इसके विपरीत कलाकार अपनी अभिव्यक्ति के लिए किसी भी किस्म के समझौते को अस्वीकार करता है। यहीं पर उसके साहस के तत्व को देख सकते हैं। इन दोनों की प्रकृति के अंतर को राजनीतिक,आर्थिक उपायों के जरिए हल नहीं किया जा सकता बल्कि इसका एकमात्र समाधान यह है कि लोग इस्तेमाल का साहस दिखाएं। यही कलात्मक समाधान है। मैं राजनीतिज्ञों को पसंद नहीं करता उनके प्रति किसी तरह की आस्था नहीं है वे गोटियां फिट करते रहते हैं। उनकी ज्यादातर रूचि बृहत्तर प्रक्रिया में होती है जिससे वे यह कह सकें कि मैंने क्या किया। 

ई लेखक " असली वारिस हैं भारतेन्दु के

                                        
         भारतेन्दु हरिश्चन्द्र                  
(जन्म 9सितम्बर 1850 - मृत्यु 6 जनवरी 1885)
       
 'ई लेखकों '  और 'हिन्दी लेखकों ' में एक दूसरे के प्रति बेगाना भाव है। हमारे यहां कलम और कम्प्यूटर के बीच महा-अंतराल है। आज अधिकांश 'हिन्दी लेखक' 'ई लेखक' को जानते तक नहीं हैं। यह बेगानापन जितना जल्दी टूटेगा नेट की दुनिया और भी सुंदर लगेगी।
    ' ई लेखकों '  के साथ भारतेन्दु का एक बिन्दु पर मिलन होता है, दोनों में देश -दुनिया को जानने की ललक है। जबकि हिन्दी लेखकों में इसका अभाव है। आज का हिन्दी ब्लागर हिंदी का भावी संरक्षक है। उसमें हिन्दी के प्रति जो आग्रह है वह भारतेन्दु के भाषायी प्रेम का स्वाभाविक विकास है।
   भारतेन्दु जिंदादिल इंसान थे। हिन्दी रैनेसां के नहानायक थे। जिंदादिल इंसान की बेचैनी उनके नजरिए का मूलाधार है। भारतेन्दु हरिश्चन्द्र अंतिम समय में जब बीमार थे तब लोग उनसे हालचाल पूछने आ रहे थे 6 जनवरी 1850 को सुबह बोले , " हमारे जीवन के नाटक का प्रोग्राम नित्य नया नया छप रहा है -पहले दिन ज्वर की, दूसरे दिन दर्द की तीसरे दिन खांसी की सीन हो चुकी है,देखें लास्ट नाइट कब होती है।" अपने जीवन के अंतिम समय में भी इस तरह की जिंदादिली बनाए रखना बड़ी बात है। भारतेन्दु की माँ का नाम पार्वती देवी था और पिता का नाम गोपालचन्द्र था। 1857 के संग्राम में गोपालचन्द्र अंग्रेजों के साथ थे।
      हिन्दी में भारतेन्दु के बारे में सही नजरिए से बातें करने वाले कम हैं और उनके दृष्टिकोण का अनुसरण करने वाले और भी कम हैं। मसलन भारतेन्दु को देशाटन का शौक था, घूम घूमकर देश को जानने का शौक था, हिंदी के लेखक -शिक्षक देशाटन कम से कम करते हैं। देशाटन करके देश को जानना और फिर उसके अनुभवों से साहित्य को समृध्द करना ,देश की जनता के वैविध्य को सामने लाना। हिन्दी में यह फिनोमिना दुर्लभ होता जा रहा है।
     भारतेन्दु का दूसरा गुण था लेखकों के प्रति वफादारी और विश्वास। आज का लेखक देरिदियन बायनरी अपोजीशन में है। बेवफाई और अविश्वास में जीता है। अपनी भाषा की समृध्दि के लिए जिस निष्ठा,त्याग और कुर्बानी के भाव का भारतेन्दु ने परिचय दिया वैसी निष्ठा का रामविलास शर्मा के जाने के साथ अवसान हो चुका है। आजकल लेखकों-आलोचकों- प्रोफेसरों में लालच,धूर्तता और जोड़तोड़ का व्यापक पैमाने पर प्रसार देख सकते हैं।
      भारतेन्दु की तीसरी विशेषता थी पेशेवर लेखकीय भाव। पेशेवर का अर्थ धन कमाना नहीं है। पेशेवर का अर्थ है लेखन के प्रति निष्ठा,पूर्व तैयारी, लेखकों को संगठित करना़, ज्ञान की अपडेटिंग रखना, सत्य का आग्रह और ईमानदारी। रामविलास शर्मा ने लिखा है , " भारतेन्दु साहित्यिक होने साथ -साथ अच्छे संगठनकर्ता भी थे।  "
      भारतेन्दु की चौथी विशेषता है गरीबों और मुफलिसों के प्रति उदारभाव। रामविलास शर्मा ने लिखा है "  धनहीन होने पर उन्हें सबसे ज्यादा अफसोस इसी बात का था कि वह निर्धनों की सहायता न कर सकते थे। "
     भारतेन्दु की पांचवीं विशेषता थी सामाजिक सक्रियता। सार्वजनिक हित के कार्यों में हिस्सा लेना। भारतेन्दु के लेखन पर काशी की संस्कृति की गहरी छाप थी। रैनेसां में तर्क और विज्ञानसम्मत दृष्टिकोण का चलन आरंभ हुआ था,भारतेन्दु के अंदर इन दोनों के प्रति आग्रह था। भारतेन्दु तेज,बेधडक और तीखा लिखते थे। ठीक यही चीज 'ई लेखन' की धुरी है।
   भारतेन्दु ने ऐसे परिवार में जन्म लिया था जिसका अंग्रेजों के साथ गहरा संबंध था। इस संबंध को भारतेन्दु आलोचनात्मक नजरिए से देखते थे। उनका मानना था "इस धन ने मेरे पूर्वजों को खाया है, अब मैं इसे खाऊँगा।"
  
भारतेन्दु के बारे में आज हमें नए दृष्टिकोण से सोचना होगा। सामाजिक सुधार ,सामंजस्य और सामाजिक परिवर्तन को नए के आग्रह के साथ जोड़ना होगा। नए को लाए बिना पुराना जाएगा नहीं। चीजों,वस्तुओं और घटनाओं के बारे में आलोचनात्मक नजरिया अपनाना होगा।

भारतेन्दु की परंपरा के विकास के लिए अंधविश्वास,मध्ययुगीनता और रुढ़िवाद के साथ प्रत्येक स्तर पर संघर्ष चलाने की जरुरत है। स्वयं भारतेन्दु ने अपने लेखन के जरिए यही काम किया था।   
          












मंगलवार, 5 जनवरी 2010

सांस्कृतिक गुलामी की हसीन रातें

   हाल ही में राष्ट्रीय विज्ञान कांग्रेस के अवसर पर प्रसिध्द वैज्ञानिक और इसरो के भू.पू, अध्यक्ष जी.माधवन नायर ने कहा विज्ञान की खोजों को भारतीय भाषाओं में लाने का प्रयास किया जाना चाहिए। भारतीय भाषाओं में अंग्रेजी के समानार्थी शब्द बनाए जाएं। जिससे विज्ञान को साधारण जनता तक पहुँचाया जा सके।
 माधवन नायर जी विज्ञान के पठन-पाठन और लेखन का सिस्टम अवैज्ञानिक आधार पर टिका है। भारतीय भाषाओं के माध्यम से न तो विज्ञान पढाया जाता है और नहीं हमारे आज के वैज्ञानिक किसी भारतीय भाषा में लिखते और सोचते हैं। जब तक वैज्ञानिक अपनी मातृभाषा में नहीं लिखेंगे तब तक भारतीय भाषाओं में साधारण जनता तक विज्ञान का जाना संभव नहीं है।देशजभाषा में शब्द भी नहीं बनेंगे। भाषा के शब्द प्रयोग और व्यवहार से बनते हैं। भाषा का निर्माण कोरे खयालों से नहीं होता।    
     हमें इस सवाल पर गंभीरता के साथ विचार करना चाहिए कि आखिरकार हमारा वैज्ञानिक अथवा शिक्षित मध्यवर्ग अपनी भाषा से क्यों कट गया ? अभिव्यक्ति के लिए अपनी भाषा से वंचित होने का अर्थ है सांस्कृतिक गुलामी में हसीन रातें गुजारना। हमारे शिक्षित मध्यवर्ग को सांस्कृतिक गुलामी से प्यार है। वह अपनी भाषा ,अपनी संस्कृति और अपने देशज गौरव और परंपरा से प्यार ही नहीं करता। हम तलाश करें कि आखिरकार अमर्त्य सेन, प्रभात पटनायक, मनमोहन सिंह आदि विद्वान अपनी भाषा में क्यों नहीं लिख पाते ? अपनी भाषा से हमारे बौध्दिकों का अलगाव सबसे बड़ी त्रासदी है। यह सांस्कृतिक गुलामी है। यह देशप्रेम नहीं राष्ट्र के प्रति दगाबाजी है।       

विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...