शनिवार, 17 जनवरी 2015

किरनबेदी का भगवा स्वप्नलोक



दिल्ली विधानसभा चुनाव में किरनबेदी क्या करेंगी यह वे नहीं मोदी तय करेंगे ! इसलिए मोदी के परिप्रेक्ष्य में किरन बेदी को देखा जाय तो बेहतर होगा। मोदी बुनियादी तौर पर लोकतंत्र का विलोम है । वे लोकतंत्र की नकारात्मक प्रवृत्तियों के पुंज पुरुष हैं। 

   लोकतंत्र की नकारात्मक प्रवृत्तियाँ हैं दल-बदल , अनाप-शनाप ख़र्चा करना, नियमों और क़ानूनों को न मानना, अपराधीकरण को संरक्षण देना, हर क़िस्म की स्वायत्तता का निषेध करना,सिस्टम को अंदर से तोड़ना। संयोग से इन सभी प्रवृत्तियों का संगम नरेन्द्र मोदी की कार्यशैली में देखने को मिलता है । केन्द्र सरकार में ऐसे लोग मंत्री पद की शोभा बढा रहे हैं जिनके ऊपर विभिन्न क़िस्म के आपराधिक मामले चल रहे हैं, सजाएं बोली जा चुकी हैं। देश में इस तरह के मंत्रियों की कल्पना किसी ने नहीं की थी। इसी तरह निर्लज्जता के साथ बैंकों के काम में पीएम आफिस सीधे हस्तक्षेप कर रहा है। भाजपा और मोदी के दबाव के चलते मीडिया का एक बड़ा हिस्सा पंगु बना दिया गया है ! मनमाने ढंग से योजना आयोग को ख़त्म किया गया है, योजना बनाना बंद कर दिया है।सेंसरबोर्ड और दूसरी स्वायत्त संस्थाओं को तोड़ा जा रहा है। तमाम क़िस्म के अपराधी और माफ़िया गिरोहों को केन्द्र का खुला समर्थन है। स्वयं मोदी माफ़िया किंग दाऊद इब्राहीम के भाई के साथ पब्लिक मीटिंग कर चुके हैं। खुलेआम अदानी-अम्बानी के विमानों का चुनाव में इस्तेमाल कर चुके हैं। 
     मोदी के आने के बाद विभिन्न तरीक़ों से दल-बदल को बढ़ावा दिया गया है और विभिन्न दलों के नेताओं को भाजपा में लाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा के इतिहास में सबसे ज्यादा दलबदलू नेता मोदीयुग में ही भाजपा में दाखिल हुए हैं ।केन्द्र के सभी मंत्रालयों की स्वायत्तता ख़त्म करके सभी मंत्रालयों को नीतिगत फ़ैसलों के मामले में पीएम कार्यालय के मातहत कर दिया गया है। करप्शन के सवाल पर बोलना प्रतिबंधित है। यही वो परिप्रेक्ष्य है जिसमें किरनबेदी ने मुख्यमंत्री पद की डील के तहत भाजपा की सदस्यता ली है। 
           किरनबेदी ने नवभारत टाइम्स को दिए पहले साक्षात्कार में भ्रष्टाचार के मसले को अपने प्रमुख पाँच भावी कार्यों में शामिल न करके यह साफ़ कर दिया है कि वे भविष्य में भ्रष्टाचार के सवाल पर संघर्ष नहीं करेंगी। उनके पाँच लक्ष्यों में बिजली,महँगाई , पानी,बेकारी और शिक्षा की समस्याएँ भी नहीं आतीं, यहाँ तक कि दिल्ली की जनता की झुग्गी झोंपड़ी की समस्याएँ भी उनके निशाने पर नहीं हैं। 
       किरनबेदी ने कहा है -
"अगर मैं सीएम बनती हूं तो 5 पी पर काम करूंगी। पहला पी यानी पीपल, इसमें पैरंट्स अपने बच्चों को अच्छी नैतिक बातें सिखाएं, स्कूल बच्चों को अच्छी शिक्षा दे सकें। दूसरा पी यानी पॉलिटिक्स, अगर अच्छे नेता होंगे तो लोगों को अच्छा प्रशासन और कानून मिल सकेगा। नेताओं का काम ही नीति, नियम और रेगुलेशन बनाने का है। तीसरा पी यानी पुलिस, दिल्ली पुलिस अच्छा काम कर रही है लेकिन उसमें सुधार की जरूरत है। अगर दिल्ली में 1 लाख पुलिस वाले हैं तो उसके आधे सिविल डिफेंस वाले लोग भी जुड़े होने चाहिए। सिविल डिफेंस को सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय के तहत लाया जाएगा। अभी सब बिखरा है उसे एक मुट्ठी में बांधा जाएगा। एक मुट्ठी में पुलिस तो दूसरी मुट्ठी में सिविल डिफेंस होगी।"

"चौथी पी यानी प्रोसिक्यूशन, इसमें लोगों को शीघ्र न्याय मिल सके इसके लिए फास्ट ट्रायल होगा। पांचवां पी प्रिजन होगा। जेलों में सुधार के कार्यक्रम चलाए जाएंगे। जेलों में रेप के आरोपी बढ़ते जा रहे हैं। उनमें सुधार लाने के लिए जरूरी है कि इस तरह के सुधार के कार्यक्रम जेल में चलाए जाएं ताकि वे फिर से अपराध की दुनिया में ना जाएं।"
       कहने का आशय यह है कि किरनबेदी के निशाने पर अब वे काम हैं जो इन दिनों दिल्ली की बृहत्तर आम जनता के मसले नहीं हैं ये तो सिस्टम के मसले हैं । इसका अर्थ यह भी है कि भाजपा खुले तौर पर कह रही है कि वह दिल्ली में सरकार में आती है तो बिजली, पानी, महँगाई, बेकारी, गंदगी, शिक्षा आदि जन समस्याएँ उसकी प्राथमिकता में नहीं होंगी। 
               किरनबेदी जो कह रही हैं वह मोदी की भी राय है क्योंकि वे मोदी से आशीर्वाद लेकर आई हैं और उनके ही इशारों पर सब कुछ कह रही हैं। किरनबेदी की भाषा और बयान अब भाजपा और मोदी के बयान माने जाएँगे। वे साफ़गोई के साथ कह रही हैं कि भाजपा वे अपना अतीत सुधारने आई हैं। यानी वे अतीत को लेकर जिस कष्ट में रही हैं उससे मुक्त होना चाहती हैं । अतीत से मुक्ति के लिए एक धाकड अफ़सर को संघ से बेहतर कोई आश्रम कहीं और मिल भी नहीं सकता! 
         

मंगलवार, 13 जनवरी 2015

आधुनिक मनुष्य की तलाश में


 
मुसलमान होना वैसे ही समस्यामूलक है जिस तरह हिन्दू होना। हमारे समाज की यही सबसे बड़ी समस्या भी है कि आदमी का धर्म ,जन्म से मृत्यु तक, यहाँ तक कि मौत के बाद भी पीछा नहीं छोड़ता।मुसलमानों के बारे में सारी दुनिया बहस कर रही है और ख़ासकर मुसलमान समुदाय से जो लोग आतंकी संगठनों में चले गए हैं उनके कारण मुसलमानों के प्रति घृणित प्रचार अभियान चरम पर चल रहा है। फेसबुक पर तो संघियों ने नंगई के सारे मानक तोड़ दिए हैं। संघियों की इस्लामविरोधी पोस्ट मुसलमानों में देशप्रेम पैदा नहीं करती। दुर्भाग्य यह है कि संघियों में शिक्षित ही हैं जो सबसे ज्यादा मुसलमानों के बारे में फैलाए जा रहे ज़हरीले प्रचार से प्रभावित हैं और उस तरह का प्रचार कर रहे हैं। 
        साम्प्रदायिकता हो या नस्लवाद या आतंकवाद इनका किसी धर्म से कोई संबंध नहीं है। विभिन्न रंगत के अपराधी तत्व अपने स्वार्थ के लिए इस तरह के समाजविरोधी हिंसाचार में सक्रिय हैं। आतंकवाद या नस्ली हिंसा या साम्प्रदायिक हिंसा वस्तुत: अपराध है , यह धर्म की सेवा नहीं है यह अपराधियों की सेवा है। अपराध को समुदाय या जाति या सम्प्रदाय या धर्म से जोड़कर देखने का नजरिया हमें ब्रिटिश साम्राज्यवाद से विरासत में मिला है। इन दिनों वे ही संगठन यह काम कर रहे हैं जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तौर पर साम्राज्यवाद की सेवा में लगे हैं। 
             मैं निरंतर हिन्दुत्ववादी संगठनों और उनकी राजनीति की आलोचना करता रहा हूँ, हम चाहते हैं कि संघ के साथ चलने वाले लोग साम्प्रदायिक नजरिया त्यागकर लोकतांत्रिक नज़रिए का राजनीति से लेकर धर्म तक पालन करें। इसी तरह हम यह भी चाहते हैं कि मुसलमान समुदाय अपने बंद दरवाज़े खोले। भारत के संविधान के आलोक में अपने को नागरिक के रुप में परिभाषित करे और शरीयत या अन्य गैर- संवैधानिक मूल्यों को त्यागने की प्रक्रिया को तेज़ करे। 
      कोई व्यक्ति जन्म से धार्मिक पैदा नहीं होता बल्कि धार्मिक पहचान तो उसे परिवार के कारण मिलती है, धार्मिक आचरण के कारण मिलती है। लोकतांत्रिक देश के निर्माण के लिए हमें धार्मिक आचरणों और संस्कारों की बजाय लोकतांत्रिक संस्कारों और नज़रिए के विकास पर ज़ोर देना चाहिए। हमारे समाज की नियामक शक्ति और संस्थान तो हमारा संविधान है, कोई धार्मिक किताब हमारे जीवन को नियमित नहीं कर सकती । हम जीवन, राजनीति, संस्कृति, न्याय आदि के बारे में संविधान के जरिए संरक्षण और दिशा -निर्देश पाते रहे हैं। ऐसे में हम संविधान के अनुसार अपनी पहचान को निर्मित करने का काम क्यों नहीं करते ? हम नागरिक की पहचान अर्जित करने की कोशिश क्यों नहीं करते ? हमें एक अच्छे धार्मिक प्राणी की नहीं अच्छे नागरिक की ज़रुरत है। हमें ऐसे नागरिक की ज़रुरत है जो नागरिकचेतना से लैस हो। धर्म के लिए नहीं नागरिक अधिकारों के लिए मर मिटने का जिसके अंदर जज़्बा हो। संविधान की रक्षा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए जो कोई भी क़ुर्बानी देने को तैयार हो। 
        फेसबुक पर युवाओं से लेकर प्रौढ़ शिक्षितों तक हम जब धर्म -धर्म, हिन्दू - हिन्दू, मुसलमान -मुसलमान की गुहार लगाती पोस्ट देखते हैं तो यही लगता है भारत में अभी संविधानचेतना और नागरिकचेतना पैदा नहीं हुई है ! तकलीफ़ तब और भी बढ जाती है जब राजनीति करने वाले लोग नागरिक की बजाय जाति, धर्म आदि पहचान के रुपों का इस्तेमाल करते हैं और हम सब पढे लिखे लोग उनकी जय-जयकार करते हैं। शिक्षित फेसबुकिए मित्रों का "हम हिन्दू हम हिन्दू" , "वे मुस्लिम वे मुस्लिम ",की फेसबुक हुंकार यही संदेश देती है कि हमारे मित्रों की चेतना ,पराए संगठनों की विचारधारा के यहाँ गिरवी पड़ी हुई है। नागरिकचेतना के लिए जरुरी है कि व्यक्ति की चेतना अन्य के पास गिरवी न हो।यह मानसिक ग़ुलामी है जो विभिन्न रुपों में हमारे अंदर जड़ें जमाए हुए है। 
     आधुनिक होने की पहली शर्त है संविधान के आलोक में स्वयं को देखना और स्वयं के विवेक को संविधान के अनुरूप रुपान्तरित करना । हमारे समाज में, फेसबुक में और मीडिया में संविधान के आयामों पर न्यूनतम बहस नहीं दिखती इसके विपरीत संविधान विरोधी सवालों और नज़रिए पर सबसे ज्यादा बहसें चलती रहती हैं। सबसे पहले हम बहसों के पैराडाइम को बदलें। बहसों को संविधान की परंपरा में लाएँ और गैर-संवैधानिक दृष्टियों से मीडिया और समाज से अपदस्थ करें। 
         आधुनिक होने की दूसरी शर्त है आधुनिक आचरण करना। आचरण का हमारे नज़रिए से संबंध है हम व्यक्ति को नागरिक के रुप में देखें और नागरिक के रुप  में उसकी संप्रभु सत्ता को परिभाषित करें , नागरिक के रुप में ही उससे सामाजिक संबंध बनाएँ और विकसित करें। 
             आधुनिक होने की तीसरी शर्त है असहमति और मित्रता। हम जिनके बीच में रहते हैं उनके विचारों का सम्मान करें, असहमत होते हुए भी बेहतरीन मित्र बनें। असहमति के साथ घृणा का कोई संबंध नहीं है। असहमति के साथ हिंसा का कोई संबंध नहीं है।  मनुष्य होने की पहली पहचान मित्र होने में है। जो मित्र नहीं बन सकता वह मनुष्य नहीं बन सकता। जो मित्र है वह मनुष्य है । 
              आधुनिक होने की चौथी शर्त है समानता को दैनंदिन आचरण और सामाजिक मूल्य में रुपान्तरित करना। घर से लेकर बाहर तक सभी के साथ समानता के नज़रिए के आधार पर आचरण करना । सभी क़िस्म के सामाजिक भेदों से सचेत रुप से लड़ना ।
            आधुनिक होने की पाँचवी शर्त है कायिक और वाचिक हिंसा का हर स्तर पर परित्याग और विरोध। हिंसा तो आधुनिक का नहीं अनाधुनिक का अंग है। हम जब भी कायिक या वाचिक हिंसा करते हैं तो आधुनिक आचरण नहीं करते। आधुनिक मनुष्य ने हिंसा को तर्क के जरिए  अपदस्थ किया है। हम तर्क करें , हिंसा न करें । 

सोमवार, 12 जनवरी 2015

पीएम मोदी की असफल ट्विटर क्रांति

        
पीएम नरेन्द्र मोदी का 'ट्विट' भी बहुत ही मनमौजी है।वे जब से प्रधानमंत्री बने हैं उनके 'ट्विट' ने देश-विदेश की समस्याओं पर बोलना बंद कर दिया है। लोकसभा चुनाव के समय उनके 'ट्विट' का जो रुप था वह रुप पीएम बनते ही बदल गया है। असल में 'ट्विट' नहीं बदला है,'ट्विट' करनेवाला बदल गया है। नरेन्द्र मोदी जब से पीएम बने हैं उनके 'ट्विट' में अधिकांश समय शोक-संदेश, शुभकामना संदेश ही आ रहे हैं।

     मोदीजी का 'ट्विट' में अब कोई भी बात कहने का मन नहीं करता।देश में बहुत कुछ ऐसा घट रहा है जो पहले उनकी 'ट्विटचिन्ता' में था लेकिन अब उनकी 'ट्विटचिन्ता' में नहीं है ? कोई पत्रकार उनसे पूछ नहीं सकता कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि देश में बड़ी-बड़ी घटनाएं घट रही हैं लेकिन मोदी जी कभी कोई बयान नहीं देते ! कभी संसद के गेट पर प्रेस के सवालों का जबाव तक नहीं देते। संसद में नहीं बोलते,ट्विट में नहीं बोलते।

स्थिति यह है कि भारत किसानों की आत्महत्याएं जारी हैं,लेकिन मोदी का ट्विटर मौन है ! बैंक और कोयला श्रमिकों की हड़ताल हुई ट्विटर मौन रहा ! जम्मू-कश्मीर में सरकार नहीं बन पायी ट्विटर मौन है! हम जानना चाहते हैं क्या पीएम को बोलने की आजादी नहीं है ? यदि है तो पीएम बोलते क्यों नहीं ? मोदी जिस मौन को लेकर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को मौनीबाबा कहते थे इन दिनों स्वयं मौनीबाबा बने बैठे हैं ! यही लिखें ट्विट में –पीएम मायने मौनीबाबा !!

मोदीजी आप सिर्फ आमसभा में बोलेंगे ,नायककेन्द्रित मंचों पर बोलेंगे,यह तो काम मनमोहन सिंह भी करते थे। लेकिन आपने तो ट्विटर के जरिए संवाद का जनता से वायदा किया था लेकिन सात महिने होने को आए आपको ट्विटर पर संवाद करते नहीं देखा गया ! मजेदार बात यह है कि आपके मंत्री परिषद के सदस्य भी ट्विट करके संवाद नहीं करते। यह सब देखकर हम कैसे उम्मीद करें कि ट्विटर के अच्छे दिन आ गए हैं ?

हम सोचते हैं मोदीजी के इतनी बड़ी विशाल संख्या में ट्विटर अनुयायी हैं और उनके स्वच्छता अभियान की ट्विट पढ़ने के बाद उनमें से दस फीसदी भी अनुयायी जमीन पर सक्रिय नहीं हुए। किसी ने फेसबुक पर लिखा भी कि पीएम के मैदान में उतरने बावजूद बनारस में स्वच्छता की स्थिति बेहतर नहीं है। मैं कोलकाता में रहता हूँ यहाँ आपके अनुयायियों और ट्विटरभक्तों की संख्या भी काफी है लेकिन स्वच्छता अभियान की ट्विट का कोई असर जमीनी स्तर पर नजर नहीं आ रहा। यहां तक कि देश के मुख्यमंत्रियों पर भी कोई असर नहीं पड़ा है, देश गंदा था और गंदा है। हम समझ नहीं पा रहे हैं कि आपकी स्वच्छता ट्विट इतनी प्रभावहीन क्यों हो गयी ? जिस ट्विट ने लोगों को मतपेटियों तक पहुँचा दिया ! उन्हीं लोगों को आपकी ट्विट कूड़े के ढ़ेर तक नहीं ले जा पाए !

मैं आपकी ट्विट की असफलता से दुखी हूँ,सच मानें मैं पहला लेखक था मैंने काफी पहले पूर्व प्रधानमंत्री और उनके मंत्रीमंडल से अपील की थी नेट पर आओ, ट्विटर पर आओ,बाद में मनमोहनजी आए भी,लेकिन अन्य मंत्री भागते रहे। लेकिन जब से आप केन्द्र की राजनीति में आए और आपने ट्विटर का जमकर प्रयोग करना शुरु किया मैं खुश था कि चलो कोई पीएम आया जिसको संचार तकनीकी के इस्तेमाल की समझ है,लेकिन आपने भी मुझे निराश किया है।

मोदीजी आप जान लें ट्विटर में रहें तो धारावाहिकता रखें,निरंरतर सवाल उठाएं,बहसें चलाएं,संगी-साथियों को भी दिशा दें। उनसे भी कहें कि वे आपके बताए मसलों पर बहस करें। लेकिन यहां मैं सब कुछ उलटा देख रहा हूँ ,आप ट्विटर पर बहस नहीं चला रहे, आपकी काम की ट्विट का कोई असर ही नहीं हो रहा। यह कैसा चमत्कार है कि आपकी ट्विट असरहीन हो गयी है ! खासकर स्वच्छता अभियान वाली ट्विट तो जमीनी स्तर पर गायब है। जितने भी पायखाने बनने हैं या बन रहे हैं वे तो एक सर्कुलर से भी बनवाए जा सकते थे। मैं दुखी इस बात से भी हूँ कि भाजपा जैसा 'कर्मठ दल' एकसिरे से सड़क सफाई अभियान से नदारत है ! दिल्ली नगर निगम से लेकर बनारस की महानगरपालिका तक आपके ट्विट का कोई असर नजर नहीं आ रहा। आपसे अपील है कि कुछ करें जिससे आपके ट्विट में जान आए ! आपके ट्विट को ईश्वर वचन के रुप में जनता ग्रहण करे ! कम से कम संघ के लोग तो पहले गंभीरता से आपके अभियान से जुडें।

अभिव्यक्ति की आजादी और धर्म

    पेरिस हत्याकांड की घटना ने नए सिरे से माध्यमों में अभिव्यक्ति की आजादी के दायरे से जुड़े सवालों को केन्द्र में लाकर खड़ा कर दिया है। अनेक विचारक सलाह दे रहे हैं अभिव्यक्ति की आजादी की सीमा होनी चाहिए। वरना अराजकता फैल जाएगी। इस तरह के लोगों के विचारों को सुनकर एक पल के लिए यही लगता है अभिव्यक्ति की आजादी का दायरा खींचने की जरुरत है। सच यह है अभिव्यक्ति की आजादी की सीमाएं तय करना संभव नहीं है।अभिव्यक्ति का लक्ष्य मात्र अभिव्यक्ति नहीं है, बल्कि उसका परम लक्ष्य तो अभिव्यक्ति की सीमाओं का विस्तार करना और तोड़ना है।हर दौर में लेखकों-कलाकारों ने यह काम किया है,वे यह काम आज भी कर रहे हैं।


सामान्य कम्युनिकेशन भी सीमाएं नहीं मानता। एक जमाना था औरतें पर्दे की आड़ लेकर, घूंघट में से बोलती थीं,लेकिन बोलते –बोलते वे आज जहां तक चली आई हैं उसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते।बोलना या अभिव्यक्ति तो परिवर्तन की प्रक्रिया में,सीमा तोड़ने की प्रक्रिया में शामिल होना है। इसीलिए हिन्दी में कहावत भी है ''बोला और मरा'' । अभिव्यक्ति की प्रक्रिया में मनुष्य जब भी दाखिल होगा वह देर-सबेर अभिव्यक्ति की सीमाएं तोड़ेगा। एक जमाना था कोई लड़की किसी लड़के से बात करती हुई देख ली जाती थी तो हंगामा हो जाता था लेकिन आज स्थिति यह है कि सामान्य तौर पर शिक्षित लड़कियों के पास अपने मित्र लड़कों के मोबाइल में नम्बर रहते हैं और वे घर में ही आराम से बातें करती रहती हैं। अभिव्यक्ति की विशेषता है कि वह सीमा नहीं मानती। चाहे जितने कानून बनाओ,चाहे जितने आदेश लागूकरो।

अभिव्यक्ति और धर्म केअन्तस्संबंध में एक बात साझा है वह है धर्म भी नियम-सीमा नहीं मानता और अभिव्यक्ति भी नियम –सीमा नहीं मानती। धर्म को यदि प्राचीन नियमों के अनुसार ही चलाया जाय तो धर्म अनाकर्षक होगा। उसकी कोई अपील नहीं होगी। दूसरी बात यह कि प्राचीनकाल में तो धर्म ही कम्युनिकेशन था। कालान्तर में अन्य कम्युनिकेशन के रुप आए हैं। धर्म की भूमिका मूलतः कम्युनिकेशन की ही रही है। कम्युनिकेशन में ज्योंही एक-दूसरे के बीच संवाद आरंभ होगा, कम्युनिकेटर और समाज के बीच में संवाद आरंभ होगा ,अभिव्यक्ति की सीमाएं क्रमशः टूटने लगेंगी। यह अभिव्यक्ति का अंतर्निहित नियम है।

हिन्दू धर्म में भगवान से बड़ा भक्त है। जबकि इस्लाम में अल्ला बड़ा है ,बाकी उसके मातहत हैं। हिन्दूधर्म में भगवान नियंता नहीं है,भक्त नियंता है। हिन्दूधर्म में नियम महत्वपूर्ण नहीं है,आदत या संस्कार महत्वपूर्ण हैं। आदतें महत्वपूर्ण होने से हिन्दूधर्म में किसी भी किस्म के शारीरिक नियंत्रण की संभावनाएं नहीं है। धर्म का लंबे समय से अंदर से रुपान्तरण होता रहा है। हमारे यहां कोई एक नियंता नहीं है। हर नागरिक का अपना-अपना हिन्दूधर्म है। हिन्दू धर्म में यह उदारता या खुलापन बड़े वैचारिक संघर्षों के कारण पैदा हुआ है और यह प्रक्रिया बड़ी श्रम साध्य और त्यागपूर्ण रही है। इसके विपरीत इस्लाम में ऩियंता रहे हैं और नियंता के प्रति हर मुसलमान को समर्पण करना और उसके बनाए नियमों का आचरण करना जरुरी है।वरना उसके प्रति संदेह या अविश्वास पैदा होगा। इसलिए जिन देशों में इस्लाम नियंता और नियामक है वहां पर अभिव्यक्ति की आजादी का सवाल ही पैदा नहीं होता। अभिव्यक्ति की आजादी के लिए धार्मिक नियंता की अनुपस्थिति जरुरी है। इस्लामिक देशों में चूंकि नियन्ता अल्ला है अतः वहां अभिव्यक्ति की आजादी नहीं है।

इसके विपरीत भारत में भगवान तो है लेकिन वह नियंता नहीं है। यहां पर भगवान-भक्त का संबंध स्वैच्छिक है।इसमें भक्त बड़ा है ,भगवान से। आराधना के सारे नियम भक्त बनाता है ,भगवान या उसकेनुमाइंदे तय नहीं करते। यही वजह है हिन्दूधर्म में सबसे ज्यादा मत-भिन्नता है,इस्लाम में एक अल्ला है, हमारे यहां तैतीसकरोड़ देवी-देवता हैं,अनेक ईश्वरों के सहस्रनाम हैं। हमने एक भगवान की धारणा कोकभी नहीं माना। जब भगवान एक नहीं है तो नियंता भी एक नहीं है। अमूमन एक ही मंदिरमें अनेक देवी-देवता मिलेंगे। बड़ी तादाद में ऐसे भी मंदिर मिलेंगे जिनमेंआराधक-प्रचारक की भगवान के साथ प्रतिमा लगी हुई है। यानी हमारे यहां भक्त को भगवानके बराबर का दर्जा दिया गया है । इसलिए हिन्दू धर्म की परिस्थितियों के साथ इस्लामकी तुलना करना सही नहीं होगा, इस्लाम के आइने में हिन्दू धर्म को नए सिरे सेसंगठित करना भी सही नहीं है।

हिन्दूधर्म में भगवान कोनियंता के रुप नहीं मानते बल्कि संस्कार के रुप में मानते हैं। आदत है इसीलिए मंदिर के सामने से गुजरते समय सिर झुका लेते हैं. यह आदत मसजिद या गिरिजाघर के सामने से गुजरते समय नहीं होती। ईश्वर कब हमारी आदत या संस्कार में घुलमिल गया हम नहीं जानते। लेकिन इसके बावजूद ईश्वर कभी भी हिन्दू समाज का नियंता नहीं रहा।हिन्दूधर्म के विभिन्न पंथों और सम्प्रदायों के प्रचारकों ने भी कोई संहिता बनाकर उसे लागू करने की कोशिश नहीं की। हिन्दूधर्म के बहुत सारे कोड या संहिताएं सभ्यता के विकास में बहुत बाद में आए,इनके आने के बाद भी समाज में संहिताओं को न मानने की परंपरा बनी रही है। हिन्दू धर्म में ईश प्रशंसा भी कर सकते हैं,ईश-समालोचना भी कर सकते हैं,चाहें तो अपने लिए नया भगवान बना सकते हैं और उसका समूचा ताम-झाम भी खड़ा कर सकते हैं। हिन्दूधर्म में कोई धार्मिक कानूनी किताब नहीं है जिसके आधार पर सामाजिक दण्ड दिए गए हों। यदि किसी ने मनुस्मृति बना दी है तो वह भी रहेगी लेकिन जरुरी नहीं है लोग उसे मानें। भारत में कोई भी ऐसा काल खण्ड नहीं रहा जिसमें मनुस्मृति के हिसाब से समाज को संचालित किया गया हो। समाज संचालन के नियम धार्मिक किताबों के बाहर थे, हो सकता है उनकी किसी लाक्षणिकता का मनुस्मृति से साम्य मिल जाय लेकिन भारत कभी भी मनुस्मृति या धर्मशास्त्र संचालित देश नहीं रहा।भारत में ईश निंदा के लिए किसी की हत्या नहीं की गई। जबकि उनके खिलाफ क्या-क्या किया जाय उसके प्रावधान जरुर हैं ,लेकिन ईश-निन्दा के कारण या नास्तिक होने के कारण किसी को जान से नहीं मारा गया। जबकि इस्लाम में ऐसा नहीं है। ईश-निन्दा हमारी परंपरा में नास्तिकों के संघर्ष के द्वारा अर्जित संस्कार और हक है।

भारत में भगवान का सम्मान करने के लिए कानून को हाथ में लेने की जरुरत नहीं है। कानून के भय से आम जनता में ईश्वर के प्रति सम्मान भावना पैदा नहीं की जा सकती। कानून का काम है सामाजिक नियमन का। ईश्वर के प्रति आस्था पैदा करना कानून का लक्ष्य नहीं है।हमारे यहां ईश्वर है लेकिन वह वैसे ही है जैसे टीवी है,रेडियो,इंटरनेट है। ईश्वर हमेशा से संस्कारों के कम्युनिकेशन का चैनल रहा है और आज भी है,संघ परिवार की भूमिका इसी प्रसंग में सबसे खतरनाक तौर पर उभरकर सामने आई है वे इस्लाम से प्रेरणा लेकर काम कर रहे हैं, हिन्दुओं के सामाजिक नियंता के रुप में ईश्वर की सत्ता स्थापित करना चाहते हैं। इस तरह वे सुचिंतित ढ़ंग से हिन्दूधर्म की परंपराओं और मान्यताओं को फंडामेंटलिस्टों की तरह परिभाषित कर रहे हैं और यदा-कदा लागू करने की कोशिशें भी करते रहे हैं। लवजेहाद,धर्मान्तरण आदि इसी तरह के प्रसंग हैं। सच्चाई यह है कि कौन किस धर्म में जाएगा,किससे शादी करेगा यह हिन्दूधर्म में कभी भी सामाजिक चर्चा के केन्द्र में नहीं रहा। आदि शंकराचार्य के जमाने से लेकर तुलसीदास के जमाने तक यह चीज साफ तौर पर देख सकते हैं कि किससे शादी करोगे और कौन सा धर्ममानोगे यह नागरिक के विवेक पर छोड़ दिया गया था।

मूल बात यह कि धर्म तो कम्युनिकेशन है और कम्युनिकेशन को आप नियमों में बांध नहीं सकते। कम्युनिकेशन का नियम है तोड़ना,वह समाज को तोड़कर बनाने का काम करता है। वह पुराने को नष्ट नहीं करेगा तो नया आएगा कैसे ? हर किस्म का कम्युनिकेशन अपने लिए तोड़ने-बनाने की यह जंग लड़ता है और इसे नियमों में बांधना संभव नहीं है। अभिव्यक्ति का दायरा वहां तक फैला है जहां तक अर्थ का दायरा फैला हुआ है। हम सोचें क्या अभिव्यक्ति के अर्थ की कक्षा तय की जा सकती है ?

सामाजिक आतंक के खिलाफ स्वामी विवेकानंद


      आरएसएस का प्रधान लक्ष्य है भारत को अंधविश्वास में बांधे रखना। सामाजिक रुढ़ियों के सर्जकों-संरक्षकों को बढ़ावा देना , सार्वजनिक मंचों से स्वाधीनता आंदोलन और समाज सुधार आंदोलन के नेताओं की इमेज दुरुपयोग करना। इसी क्रम में संघ परिवार बड़े पैमाने पर स्वामी विवेकानंद की इमेज का दोहन करता रहा है। वास्तविकता यह है कि स्वामी विवेकानंद के अधिकांश विचारों के साथ संघ के आचरण का कोई लेना-देना नहीं है। मसलन्, हम अंधविश्वास के सवाल को ही लें। संघ के लोग और उनके पीएम का सारी दुनिया को विगत सात महिने में जो संदेश गया है वह है भारत अतीत में और अंधविश्वासों की ओर लौट रहा है। प्रतिगामी कदम है। यह पीछे की ओर ले जानेवालला विकास है। संघ के लोग सड़कों से लेकर मीडिया तक सांस्कृतिक आतंक पैदा करते रहे हैं और समय-समय पर अभिव्यक्ति की आजादी पर हमले करते रहे हैं। संघ का प्रधान लक्ष्य है अंधविश्वास फैलाना, अविवेकवाद फैलाना। संघ का असली लक्ष्य हिन्दुत्व की रक्षा करना नहीं है। संघ का असली चरित्र है अंधविश्वास और गरीबी की रक्षा करने वाला।

स्वामी विवेकानंद को सारी दुनिया समाज सचेतक के रुप में जानती है। हिन्दुत्ववादी के रुप में नहीं जानती। भारत के हिन्दुओं की इमेज को साखदार बनाने में संघ के किसी नेता का कोई योगदान नहीं रहा है। आज भी संघ को देश के बाहर सबसे घटिया संगठन के रुप में जाना जाता है ,इसके विपरीत विवेकानंद को सारी दुनिया जागरुक तार्किक संत के रुप में जानती है। यही वजह है कि विवेकानंद हम सबके प्रेरणा स्रोत हैं। विवेकानंद का मानना था भारत की बुनियादी समस्या धर्म नहीं, गरीबी है। कंगाली की समस्या देश की सबसे बड़ी समस्या है। यह अनुभव उनको भारत का पांच साल तक भ्रमण करने के बाद हुआ। उन्होंने अपने एक पत्र में लिखा '' गरीबों के लिए काम की व्यवस्था करने के लिए भौतिक सभ्यता की, यहाँ तक विलास-बाहुल्य की आवश्यकता है।रोटी, रोटी! मैं यह नहीं स्वीकार करता कि जो ईश्वर मुझे यहाँ रोटी नहीं दे सकता,वह स्वर्ग में मुझे अनंत सुख देगा। उफ! भारत को ऊपर उठाया जाना है ! गरीबों की भूख मिटायी जानी है !शिक्षा का प्रसार किया जाना है!पंडों-पुरोहितों को हटाया जाना है ! हमें पंडे-पुरोहित नहीं चाहिए! हमें सामाजिक आतंक नहीं चाहिए! हरेक के लिए रोटी,हरेक के लिए काम की अधिक सुविधाएं चाहिएं!'' (सेलेक्शन्स फ्रॉम स्वामी विवेकानंद,पृ.862)

संघ के नेतागण और बाजारु संत-महंत आए दिन प्रचार करते हैं हमें आध्यात्मिक गुरु बनना है. हमें विश्व गुरु बनना है। लेकिन देश को तो भगवान की नहीं ,रोटी की आवश्यकता है। भगवान तो अमीरों की जरुरत है, गरीबों के उत्थान के लिए रोटी-रोजी का इंतजाम पहले किया जाना चाहिए। विवेकानंद ने गरीबों के बारे में लिखा ''वे हमसे रोटी माँगते हैं,'' .. '' हम उन्हें पत्थर देते हैं। भूख से पीड़ित जनों के गले में धर्म उड़ेलना ,उनका अपमान करना है।भूख से अधमरे व्यक्ति को धार्मिक सिद्धांतों की घुट्टी पिलाना ,उसके आत्मसम्मान पर आघात करना है।''



इन दिनों संघ परिवार ने ईश्वर महिमा के नाम पर फंटामेंटलिज्म का जो मार्ग पकड़ा है उसने सामाजिक विभाजन का खतरा पैदा कर दिया है। मीडिया में भी ऐसे विचारक उपदेश दे रहे हैं कि हमारे देश में अनीश्वरवाद के लिए कोई जगह नहीं है। इस तरह के लोगों को ध्यान में रखकर ही विवेकानंद ने पंडे-पुरोहितों और धार्मिक आतंक की कटु आलोचना करते हुए लिखा था '' मैं आप लोगों को अंधविश्वासी मूर्खों की बजाय पक्के अनीश्वरवादियों के रुप में देखना ज्यादा पसंद करूँगा। अनीश्वरवादी जीवित तो होता है,वह किसी काम तो आ सकता है। किन्तु जब अंधविश्वास जकड़ लेता है तब तो मस्तिष्क ही मृतप्राय हो जाता है,बुद्धि जम जाती है और मनुष्य पतन के दलदल में अधिकाधिक गहरे डूबता जाता है।'' और भी '' यह कहीं ज्यादा अच्छा है कि तर्क और युक्ति का अनुसरण करते हुए लोग अनीश्वरवादी बन जायें -बजाय इसके कि किसी के कह देने मात्र से अंधों की तरह बीस करोड़ देवी-देवताओं को पूजने लगें!'' विवेकानंद चाहते थे कि भारत के नागरिक अंधविश्वास विरोधी बनें और ताकतवर बने, उनके शब्दों में '' मजबूत बनो!कायर और लिबलिबे न बने रहो!साहसी बनो!कायर की जरुरत नहीं!''

गुरुवार, 8 जनवरी 2015

पिकासो ,पेरिस और यूरोपीय गुण्डागर्दी


          पेरिस में व्यंग्य पत्रिका पर क़ातिलाना हमला और हमले में 12 लोगों की मौत की घटना हमें पेरिस के अंदर झाँकने के लिए मजबूर कर रही है,कुछ  अर्सा पहले पेरिस और आसपास के इलाक़ों में भयानक दंगे हुए थे,  पेरिस तक़रीबन एक महिने तक नस्ली हिंसा में झुलसता रहा। जो पेरिस की कलाएँ देख रहे हैं वे पेरिस के नीचे पूँजीवादी समाज की बर्बरता नहीं देख पा रहे। पेरिस में यह पहली घटना नहीं है जिसने यूरोपीय भद्रसमाज के असभ्य नासूर को उजागर किया है। इसके पहले भी कई घटनाएँ हो चुकी हैं जिनमें पेरिस का तथाकथित भद्र समाज बेनक़ाब हो चुका है। एक घटना याद आ रही है जब महान पेंटर पिकासो ने कम्युनिस्ट पार्टी की सदस्यता लेने की घोषणा की तो किस तरह वहाँ लंपटता दिखाई दी थी। 
     5अक्टूबर 1944 को कम्युनिस्ट पत्रिका " ह्यूमनिटी" ने जब पिकासो के पार्टी सदस्यता लेने की ख़बर छापी तो काफ़ी हंगामा हुआ था , पिकासो ने द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान पेरिस में युद्ध की विभीषिका के दौरान शहर नहीं छोड़ा और चित्रों में युद्ध की विभीषिका को अभिव्यक्ति दी। उल्लेखनीय पिकासो के चित्रों को लेकर हिटलर परेशान था साथ ही सोवियत कम्युनिस्ट पार्टी भी पिकासो की आलोचक थी, दूसरी ओर फ़्रांसीसी अभिजातवर्ग भी पिकासो को पसंद नहीं करता था। 
     पिकासो ने 7अक्टूबर 1944 को फ़्रेंच कम्युनिस्ट पार्टी की सदस्यता ली, दिलचस्प बात यह थी कि हिटलर की काली सूची में पेरिस में पहला नाम पिकासो का था, सोवियत संघ की कम्युनिस्ट पार्टी उसे नापसंद करती थी , क्योंकि पिकासो ने 'समाजवादी यथार्थवाद' की धारणा का तीखा विरोध किया था । लेकिन द्वितीय विश्वयुद्ध ख़त्म होते ही पेरिस में जिस कलाकार का नाम सम्मान से सबसे ऊपर था वह था पिकासो। फ़्रेंच सरकार की कला प्रदर्शनी में पिकासो की युद्ध विरोधी चित्रों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया । नए प्रशासन ने सम्मानित किए जाने वाले कलाकारों में पिकासो का नाम सबसे ऊपर रखा । क्योंकि यही अकेला महान कलाकार था जो भयानक युद्ध की अवस्था में भी युद्धविरोधी चित्र बनाता रहा, जबकि बमबारी से उसके स्टूडियो का भी नुक़सान हुआ था । 7अक्टूबर को पिकासो ने कम्युनिस्ट पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और दो दिन बाद उसकी कला प्रदर्शनी थी । इस प्रदर्शनी की घोषणा के साथ ही पेरिस में हंगामा शुरु हो गया, ख़ासकर प्रदर्शनी स्थल पर हज़ारों लोग इकट्ठा हुए , इनमें बड़ा तबक़ा विरोधियों का था ये लोग वैसे ही थे जैसे हमारे देश में संघी कलाविरोधी होते हैं। ये विचारों में प्रतिगामी थे। ये लोग पिकासो के विरोध में हिटलरपंथियों के विचारों से साम्य रखते थे। दूसरे विरोधी वर्ग में वे थे जो विदेशी होने के कारण पिकासो का कला का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शनी स्थल पर इन दोनों क़िस्म के प्रदर्शनकारियों की गुण्डागर्दी  देखने लायक थी। उन्होंने प्रदर्शनी पर हिंसक हमले किए। जबकि पिकासो की पेंटिंग की हिमायत में कम्युनिस्ट , युवा पेंटर और छात्र खड़े थे। प्रदर्शनकारियों ने पिकासो के चित्रों को गिरा दिया और पूरी प्रदर्शनी को क्षतिग्रस्त किया। यह बाक़या बताने का मक़सद यह है कि पेरिस में असभ्यों की परंपरा रही है। 
   पिकासो का विरोध करने वाले इस बात से आहत थे कि ऐसे कलाकार को सम्मानित क्यों किया जा रहा है जो युद्धविरोधी है, जिसकी कला को हिटलर के शासन के दौरान चार साल तक विध्वंसक, हिंसक, मानवद्रोही ,अधोपतित क़रार दिया था , उसे सम्मानित क्यों किया जा रहा है। 
         पिकासो ने फ़्रेंच कम्युनिस्ट पार्टी की सदस्यता लेने के बाद न्यूयार्क से प्रकाशित 'न्यू मैसेज' पत्रिका को 24अक्टूबर 1944 को एक साक्षात्कार दिया जिसमें उसने बयां किया कि " मैं कम्युनिस्ट क्यों बना?" -
   " मेरा कम्युनिस्ट होना , मेरे जीवन और रचना का तर्कशुद्ध परिपाक है, स्वाभाविक है कि मैंने चित्रकला को केवल मन को आनंदित करने वाला , विनोद का साधन कभी नहीं माना, मेरे शस्त्र हैं , रेखा और रंग.इनके आधार पर दुनिया और मनुष्य को अधिकाधिक जानने का प्रयत्न मैं करता रहा हूँ , क्योंकि यह ज्ञान स्वयं को प्रत्येक दिन ज्यादा -से -ज्यादा मुक्ति की ओर ले जाता है, अपनी पद्धति से मैं सत्य, औचित्य और जो उत्तम है , वह सब मंडित करने का प्रयत्न करता आया हूँ , और वही सबसे अधिक सुंदर होता है,महान कलाकार इससे भली-भाँति अवगत हैं।" 
      " मैं कम्युनिस्ट पार्टी में जाते वक़्त एक क्षण भी हिचकिचाया नहीं, क्योंकि मौलिक रुप से मैं हमेशा उनके साथ था .अब तक मैं पार्टी का सदस्य नहीं बना था ,यह एक तरह से मेरी सिधाई थी, मुझे लगता है कि मेरे काम और पार्टी के विचारों ने पार्टी को पूरी तरह अंगीकार कर लिया है . इस मायने में तो मैं पार्टी में ही था... आज तक मैं शरणार्थीकी ज़िन्दगी जीता रहा हूँ मगर इसके आगे नहीं... स्पेन द्वारा बुलाए जाने की मैं बाट जोह रहा हूँ . तब तक फ़्रेंच कम्युनिस्ट पार्टी का दरवाज़ा मेरे लिए खुला हुआ है. जिन्हें मैं अपने क़रीबी मानता हूँ वे सब मुझे यहाँ मिले हैं,बड़े कलाकार , महान कवि, विचारक और अगस्त में मेरे देखे हुए तनी गर्दन वाले विद्रोही पेरिसवासी चेहरे , मैं फिर से अपने बंधुओं में शामिल हो गया हूँ ।" 
        

विवेकवाद के हत्यारे

                                    
  पेरिस में व्यंग्य पत्रिका चार्ली हेब्दो "पर किया गया हमला निंदनीय है। इस हमले में १२लोग मारे गए हैं जिनमें 10 पत्रकार भी हैं। इस व्यंग्य पत्रिका ने आईएसआईएस के प्रधान पर व्यंग्य छापा था,जिसके प्रत्युत्तर में आतंकियों ने यह हमला किया , यह पत्रिका फ़्रांस में व्यंग्य के लिए प्रसिद्ध है और समय- समय पर विभिन्न धर्मों पर व्यंग्य छापती रही है। सारी दुनिया में आतंकी और साम्प्रदायिक संगठन जिस तरह धर्म का इस्तेमाल कर रहे हैं उससे धर्म के प्रति सारी दुनिया में धारणा ही बदल गयी है। आतंकी और साम्प्रदायिक संगठनों के द्वारा धर्म का इस्तेमाल करने से धर्म का मूल चरित्र ही बदल गया है। धर्म का मूल चरित्र प्रेम और सहिष्णुता का था लेकिन नए रुपों में धर्म अब भय का प्रतीक बन गया है। 
    
          असल में  धर्म मध्यकालीन अविवेकवाद है। उससे निरंतर मुक्त होकर सोचने और आचरण करने की ज़रुरत है। दुर्भाग्य यह है कि आधुनिकयुग में धर्म की अंधी चली हुई है। चारों ओर संतों-महंतों-धार्मिक चैनलों की बाढ़ आ गयी है। धर्म के नाम पर राजनीति हो रही है , वोट माँगे जा रहे हैं,धार्मिक समूह में जीने और सहने की बातें कही जा रही हैं,उनके मानने पर ज़ोर दिया जा रहा है, धार्मिक पहचान में सोचने और जीने के नए -नए फ़ार्मूले जीवनशैली- स्वास्थ्य आदि के नाम पर  ज़ेहन में उतारे जा रहे हैं। सच यह है धर्म का जितना बर्बर इस्तेमाल आधुनिककाल में देख रहे हैं वैसा तो मध्यकाल में भी नहीं देखा गया। आधुनिककाल में धर्म को हम विभिन्न वैचारिक धार्मिक रंगतों में देख रहे हैं और इन सभी रंगतों का एक ही लक्ष्य है धर्म के सामाजिक और राजनीतिक वर्चस्व को स्थापित करना, हर हालत में धर्म के आधार पर सोचने ,मानने और आचरण करने के लिए विवश करना । इस नज़रिए का आतंकी और साम्प्रदायिक संगठन  खुलकर प्रयोग कर रहे हैं। धर्म की आलोचना करने वालों के खिलाफ हिंसाचार कर रहे हैं,निरीह  जनता पर हमले कर रहे हैं, धर्म के आलोचक बुद्धिजीवियों को निशाना बना रहे हैं ।
     इस समूची प्रक्रिया का एक आयाम  मध्यपूर्व के देशों में सक्रिय धार्मिक आतंकी संगठनों से जुडा है तो दूसरा तथाकथित उदार लोकतंत्र में सक्रिय साम्प्रदायिक -फ़ंडामेंटलिस्ट संगठनों से जुडता है। ईसाई,हिन्दू,बुद्ध ,इस्लाम आदि धार्मिक मताबलम्बियों में ये संगठन अमेरिका,ब्रिटेन,जापान, फ़्रांस,श्रीलंका, चीन, म्यांमार, भारत आदि में आक्रामक और हिंसक रुप में सक्रिय हैं।  ये संगठन खुलकर धर्म के साथ हिंसा का सहारा ले रहे हैं ,कहीं पर वे शारीरिक हमले कर रहे हैं तो कहीं पर वाचिक हमले कर रहे हैं। इन नए धर्मरक्षकों का लक्ष्य है सत्ता हासिल करना और सामाजिक वर्चस्व स्थापित करना।
     पेरिस की व्यंग्य पत्रिका "चार्ली हेब्दो "पर किया गया हमला सामयिक दौर का सबसे बर्बर हमला है। इसमें एक साथ 12 लोग मारे गए हैं। यह व्यंग्य विधा पर तो हमला है ही, साथ ही अभिव्यक्ति की आज़ादी पर भी हमला है। यह धार्मिक आतंकवाद है। धर्म के नाम किया गया हिंसाचार धार्मिक आतंकवाद की कोटि में आता है और यह सामाजिक कैंसर है । यह धर्म के प्रति सम्मान को नष्ट करने वाली प्रवृत्ति है। हम साफ़तौर पर कहना चाहते हैं  लोकतंत्र में व्यंग्य विधा की हर हालत में रक्षा करने की ज़रुरत है, साथ ही निर्भीक आलोचना का सम्मान करना और उसके साथ जीने के संस्कार और आदतें पैदा करें । हम  उनका भी सम्मान करना करना सीखें जो निर्भीक होकर असहमति व्यक्त करते हैं, असम्मान व्यक्त करते हैं। लोकतंत्र का अर्थ है ' स्व' एवं 'अन्य' के प्रति सम्मान और सहिष्णुता व्यक्त की जाय ।हर स्तर पर वाचिक और शारीरिक हिंसाचार  और असभ्य आचरण से बचा जाय ।हिंसा, असभ्यता और अविवेक ये तीन नरक द्वार हैं धार्मिक आतंकवाद के। 


विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...