गुरुवार, 24 दिसंबर 2009

शोषणकारी ताकतों से टकराता जनकवि महेन्द्र 'नेह' - रमेश प्रजापति ( 2)

महेन्द्र नेह की कविताएँ अत्यन्त सरल एवं सहज होते हुए भी आत्मीयता और संवेदना का ऐसा प्रकाश-पुँज प्रदीप्त करती हैं, जिससे अन्तरतम का प्रत्येक कोना आलोकित हो जगमगाने लगे। कवि ने जीवन को नजदीक से देखा है, यही कारण है उनकी कविता में आम आदमी की जिजीविषा, संघर्ष, विडम्बना और वैचारिकता एवं संस्कृति का स्वर स्फुटित हुआ है। उनकी कविताएँ जीवन की सच्चाइयों को बेझिझक उद्धाटित करती हैं। यदि सामाजिक यथार्थ के परिप्रेक्ष्य से देखें तो आपका जीवन और लेखन उन मेहनतकशों मजदूरों और किसानों के हक के लिए सदैव तत्पर रहा है जो आजीविका के लिए जीवनपर्यन्त संघर्ष करते रहे हैं, और कर रहे हैं। इनके गीत और ग़ज़लों का स्वर भी मुख्यत: जनधर्मी है। वास्तव में पूँजीवादी ताकतों का विरोध वही साहित्यकार कर सकता है जिसने इनकी सच्चाई को पहचान लिया हो और अपने समय की विषमताओं और विसंगतियों को नजदीक से देखा हो। इस हिंसात्मक समय में सदैव कोमल संवेदनाएँ ही लहू-लुहान होती हैं। आज उत्तार आधुनिक काल में जब चारों तरफ विकास की अंधी दौड़ में मनुष्य अपने मूल्यों से दूर होता जा रहा है, उसकी संवेदनाओं का संसार सिकुड़ता जा रहा है, उसके समस्त कृत्य आत्म-केन्द्रित होकर रह गये हैं आम आदमी के सपने लहू-लुहान होकर छटपटा रहे है। गाँधी का अंहिंसा वाला यह देश आज हिंसक खौफ़ के साये में खड़ा सिसकियाँ भर रहा है-     ''अहिंसक मुल्क में/बहती है अनवरत/खून की धार/कभी सड़क पर कभी रेल की पटरियों पर लहू-लुहान/कभी खेत में अचेत, कभी उजड़ी हुई/बस्तियों के बीच हलकान/कभी बंद कमरों में/कभी सल्फास की गोलियाँ खाकर/चिर-निद्रा में निमग्न।''-( अहिंसक मुल्क में,  पृष्ठ-65)
आज कविता अस्वीकार और निषेध तक ही सीमित न रहकर अपनी रचनात्मकता में आक्रामक तेवर के साथ समाज की जड़ हो रही आत्मा को स्पन्दित करने में अहम् भूमिका निभाती हुई आगे बढ़ रही है। मानव जीवन अनेक अंतर्द्वन्द्वों, विसंगतियों और दुखों से भरा होने के कारण उसमें कोमल संवेदनाएँ ऐसे निहित रहती हैं जैसे फूलों के पराग से दुर्गम घाटियाँ महमहाती रहती है। जहाँ समाज में त्याग, सेवा, आस्था, प्रेम, आदर्श, विश्वास आदि का औचित्य समाप्त होता जा रहा है वहीं आज कविता में जीवन के उलझावों का चित्रण और जड़ों के प्रति मोह की उधेड़बुन ध्वनित होती रहती है। विचार और संवेदना के स्तर पर सामाजिक यथार्थ से बड़ी गहराई तक जुड़ी होने के कारण कविता समाज के विभिन्न स्तरों पर समकालीन संवेदनाओं के प्रति गहरा लगाव रखती है। इसलिए कवि अपनी कविताओं में पूँजीवादी भूमडंलीकरण और औद्योगीकरण के विकट समय में मज़दूरों, किसानों, औद्योगिक मज़दूरों के जीवन-संघर्ष और त्रासदी भरे सुने जा सकते हैं। बाज़ार अपने विकराल रूप में समाज को अपनी विनाशकारी मुट्ठी में ले रहा है। मँहगाई की सबसे ज्यादा मार मज़दूरों और गाँव में बेराज़गारी की मार झेलते लोगों पर पड़ती है। आज भी जीवन-संघर्षों से जूझते दिहाड़ी मजदूरों के जीवन में उत्सव कोई मायने नहीं रखते हैं। ये कविताएँ जीवन के प्रति निराशा के वातावरण में मनुष्य के अन्दर जिजीविषा का संचार करती हैं-''उन सबके चेहरे/   तमतमाए हुए हैं/उन्होंने इस धरती पर/ सबसे अधिक कष्ट सहे हैं/और कष्टों ने उन्हें/अजेय बना दिया है।''  &¼साथी, पृष्ठ-24)
    महेन्द्र नेह के यहाँ संवेदनाओं की मार्मिकता है और उन्हें बचाने का संकल्प भी। इसलिए ये कविताएँ प्रतिदिन की छोटी-बड़ी घटनाओं, जीवन-मूल्यों, विसंगतियों, विद्रूपताओं का प्रतिबिम्ब तो दिखाती है साथ ही संभावनाओं और स्मृतियों के द्वारा भविष्य के सपनों को भी रेखांकित करती हैं। रामविलास शर्मा पूँजीवाद के विद्रूप चेहरे को कुछ इस प्रकार उद्धाटित करते हुए कहते हैं- पूँजीवादी व्यवस्था श्रमिक जनता का आर्थिक रूप से ही शोषण नहीं करती है, वह उसके सौन्दर्यबोध को कुण्ठित करती, उसके जीवन को घृणित और कुरूप भी बनाती है। फूलों-फव्वारों से सजे बाग-बगीचे पूँजीपतियों और उनकी रखैलों के लिए हैं, मज़दूरों के लिए गंदी बस्तियों की तंग कोठरियाँ हैं।'' यह वर्ग यथार्थ की कठोर भूमि पर खड़े होकर भविष्य की कोख से उठने वाले तूफान की गति को पहचान रहा है और इन्सान का एक नया भविष्य गढ़ने में जुटा है। महेन्द्र नेह की कविताओं में भी श्रमिक वर्ग के जीवन-संघर्ष, संत्रास, विवशता, निराशा, आदि मुख्य रूप से दिखाई देते हैं-^^उन्होंने/हमारे हाथों से छीने/हमारे औजार/ हम खाली हाथ रह गए/उन्होंने हमें/भूख और जलालत बख्शी/हम उन्हें भी सह गए/उन्होंने हमें/धागे खींचने को कहा/ हम उनके धागों में उलझते चले गए।'' - (इस बार भी असफल रहे वे,पृष्ठ-43) मजदूरों की ऐसी विवशता भरी उलझनों को इस कवि की कविताओं में बखूबी देख सकते हैं।
    कविता की रचनात्मक अर्थवत्ता को बनाए रखने के लिए जिस जटिल यथार्थ, ऊबड़-खाबड़ जमीन ,जीवन की बारीकियों की पकड़ तथा संवेदनात्मक-साक्षात्कार की आवश्यकता होती है उसे महेन्द्र नेह की कविताओं में देखा जा सकता है। मानवता की पक्षधर ये कविताएँ वर्चस्ववादी शक्तियों के बीच शोषित वर्ग के जीवन की उन घुटन भरी जिन्दगी को सामने रखती हैं जिनसे उनका जीवन शोषक वर्ग की इच्छाओं पर निर्भर है, वे अपनी मर्जी से साँसें भी नहीं ले सकते हैं-''उनकी आत्मा की भूख/ हमारी रोटियों से नहीं बुझती/ उन्हें हमारी रोटियाँ चाहिए और झुग्गियाँ भी.../  उन्हें हमारी बस्तियाँ भी चाहिए/उनकी जब इच्छा होती है/हमें मार दिया जाता है।'' -  (उनकी जब इच्छा होती है...,पृष्ठ-70)
शोषक वर्ग के वास्तविक चेहरे को उजागर करती इस कविता का स्वर बड़ा ही मार्मिक है और मजदूर वर्ग की वस्तु स्थिति को बेबाकी से सामने रखता है।  वर्तमान विद्रूपताओं और समाज के लिए की गयी झूठी घोषणाओं पर कुठाराघात करते हुए इस पुस्तक की भूमिका में कवि स्वयं कहता हैं-''वर्तमान दौर में देशी-विदेशी शासक वर्ग द्वारा मध्यवर्ग के लिए प्रलोभन का 'कारू का खजाना' खोल दिया गया है। सपनों का ऐसा जादुई संसार रच दिया गया है, जिसमें मात्र युवा पढ़ी ही नहीं समाज के सभी हिस्से धन की मृग-मरीचिकाओं में फँसे दिखते है.........पूँजीवादी बाजार अपने हितों को पूरा करने के लिए पूरी नंगई पर उतरकर हिंसक,बर्बर और सर्वभक्षी हो गया है। शासक वर्ग की इस हिंसा का मुख्य निशाना श्रमजीवी जन-गण-मजदूर और गरीब किसान है।''
जनवादी चेतना की ये कविताएँ समाज के सर्वहारा एवं निम्न मध्यवर्ग के वास्तविक जीवन से साक्षात्त्कार कराती हैं। यथार्थ की ठोस भावभूमि पर खड़ी ये कविताएँ अपनी मार्मिकता के कारण व्यक्ति के अन्तर्मन को उद्वेलित करती हैं। कवि इस समाज के बदले स्वरूप के बीच जीवन की कुछ सच्चाइयों से रूबरू कराता है। कवि की जनपक्षीयता बड़ी ही प्रबल है। बेहतर समाज के निर्माण में जनवादी कवि का अटूट विश्वास होता है। 'वे समझते हैं बहुत कुछ','साथी', 'आग का रंग', 'रोक दो अपना यह नीलवर्णी जादू', 'ठीक इसी वक्त','विजय जुलूस' आदि कविताओं में कवि ने मेहनतकशों में चेतना का स्वर फूंका है। वह वर्तमान के धरातल पर आर्थिक उत्पीड़न और शोषणमूलक पूँजीवादी व्यवस्था की जनविरोधी प्रवृत्तियों, तिड़कमों और बुनियादी अंतर्विरोधों की पहचान करके उत्पादन और वितरण में हिस्सेदारी की बात करता है। जनकवि महेन्द्र नेह की कविताओं में सर्वहारा वर्ग के अंदर चेतना उत्पन्न करने की क्षमता है। वे बुर्जुआ वर्ग के खिलाफ़ एकजुट होकर जनक्रान्ति की बात करते हैं-''क्रांति/हाँ, क्रांति निश्चय ही उन्हें खा जाएगी/ जो जनता के दुश्मन हैं/जो अपना भविष्य 'सिंहासन बत्तीसी' में ढूँढ रहे हैं/और जिनके दाँत हमारी पीठ में गहरे गड़े हैं।'' 

बुधवार, 23 दिसंबर 2009

शोषणकारी ताकतों से टकराता जनकवि महेन्द्र 'नेह' - रमेश प्रजापति ( 1)



किसानों और मजदूरों की आत्महत्याओं को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि भारतीय समाज में आज हताशाओं का दौर चल रहा है। प्राचीन काल से ही यह समुदाय अपने ऊपर हुए अत्याचारों से मुक्ति पाने के लिए छटपटाता रहा है। इतिहास गवाह है कि समय-समय पर उनकी इस बेचैनी ने क्रान्ति का रूप धारण करके शोषणकारी ताकतों का प्रतिरोध किया है ताकि शोषण मुक्त नए समाज का निर्माण हो सके। इस संबंध में मैक्सिम गोर्की ने पूँजीवादी ताकतों के शोषण तंत्र से इस निम्नवर्ग के समाज की मुक्ति का सपना देखते हुए कहा था- ''मुझे मालूम है एक ऐसा समय आएगा, जब लोग सौन्दर्य पर चकित होंगे, जब हर व्यक्ति एक सितारे की तरह होगा...सभी सितारे की तरह होंगे। तब दुनिया स्वतंत्र मनुष्यों की बस्ती होगी, वे अपनी आजादी में महान होंगे, सबके दिल खुले होंगे,र् ईष्या और जलन से हर कोई अपरिचित होगा। जीवन मनुष्य की सेवा में बदल जाएगा। मनुष्य आकर्षक और महान बन जाएगा, क्योंकि जो स्वतंत्र है, उसे सब कुछ सुलभ है। तब वे लोग सत्य और स्वतंत्रता में साँस लेंगे, वे सुन्दर के लिए जिएंगे और सबसे अच्छे लोग कहलाएंगे, जिनके हृदय में संसार समा सकेगा, जो सारी दुनिया को प्यार कर सकेंगे, वे लोग महान होंगे-वे लोग जिन्हें नया जीवन मिल चुका होगा।''परन्तु क्या उनका यह सपना अभी तक पूर्ण हुआ? 
स्वप्न पूर्ण होना तो दूर की बात आज इस उत्तार आधुनिक काल में नया उपनिवेशवाद अपनी पूँजीवादी ताकतों के साथ भयावह रूप में किसानों और मजदूरों के सामने आकर खड़ा हो गये हैं। उन्होंने किसानों की जमीनों को नई खाद के द्वारा बंजर बनाना आरम्भ कर दिया और फिर 'विशेष आर्थिक क्षेत्र' के नाम पर उनसे उनकी जमीन हथियाने में लग गए हैं। मजदूरों के औजार छीनकर उत्पादन के नए तरीके प्रयोग में लाने शुरू कर दिए हैं। किसान-मजदूर जैसे निम्न वर्ग के अंदर घोर अवसाद और निराशा ने घर कर लिया जिस कारण ये आज आत्महत्या कर रहे हैं। पूँजीवाद ने समाज में वर्ग-भेद की स्थिति पैदा कर दी है तो मानव के अंदर अस्मिता का लोप होता जा रहा है। माक्र्स के अनुसार, ''पूँजीवादी व्यवस्था में इस अलगाव के शिकार सब वर्गों के लोग होते हैं किन्तु उसका सबसे घातक प्रभाव मज़दूर वर्ग पर पड़ता है।' ऐसे में सामाजिक चेतना और व्यवस्थाओं का विकास होना बड़ा ही संघर्षमय और जटिल होता जा रहा है।
इस मनुष्य विरोधी समय में जनवादी साहित्यकार का दायित्व और बढ़ जाता है। जनवादी रचनाकार का एक निहित उद्देश्य, व्यावहारिकता और द्वंद्वात्मक भौतिकवादी दृष्टिकोण होता है। वह संसार की प्रत्येक घटनाओं और गतिविधियों पर उसकी पैनी नजर रखता है। उसका निम्नवर्ग के प्रति झुका होने के कारण वह किसानों और मजदूरों की ऑंखों से संसार को देखकर उसे विश्लेषित करता है और इन मेहनतकश जनों के संघर्षों को अपना समझकर उसे कलात्मक अभिव्यक्ति देता है। इन्हीं किसानों और मजदूरों को आधार बनाकर रचना करने वाले कवि महेन्द्र नेह का दृष्टिकोण भी जनधर्मी रहा है। इस कवि ने निम्नवर्ग के संघर्ष को अपनी रचनाओं में विविध रूपों में बाँधा है। 'इस ऍंधेरे वक्त में' कविता में जहाँ शोषणकारी ताकतों का वर्चस्व है जिसके बल पर उन्होंने मजदूर वर्ग का सबकुछ छीनकर उनका जीना दूभर कर दिया है। मरने के बाद भी यह वर्ग सपनों को आग के सुनहरी लावे की तरह जिन्दा रखने की बात करता है। परन्तु कवि स्पष्ट कहता है-''तुम छीन सकते हो/ मुझसे मेरे पसीने से/उगाए फल/ मेरे खेत, घर-परिवार/छीन सकते हो तुम/ मेरे कमाने-खाने के औजार।''
     वैश्वीकरण और उपभोक्तावाद के इस विकट समय में महेन्द्र नेह की कविताओं में सामाजिक सरोकार भाव प्रवणता, जनसामान्य का जीवन-संघर्र्ष, आत्म-संघर्ष तथा आशा-निराशा भरा स्वर मुखरित हुआ है। आज पूँजीवाद के वर्चस्व ने अपने विभिन्न रूपों में आकर निम्नवर्ग का जीवन संत्रासों से भर दिया है। सामान्य जन की अदम्य शक्ति में गहरा विश्वास रखने वाले कवि महेन्द्र नेह शोषितों की तबाह जिन्दगी और उनके संघर्षों को आत्मसात करके अपनी गहन अनुभूतियों और विचारों को कविताओं के माध्यम से चित्रित करते हैं। उनकी कविताएँ किसान-मजदूर के अंदर फैले उदासी के घेरे को तोड़कर उनमें चेतना और जिजीविषा भरने में सक्षम हैं। पूँजीवादी शक्तियों की प्रवत्तिायों के संदर्भ में गहरे आत्म विश्लेषण से गुजरते हुए महेन्द्र नेह ने इन शक्तियों का विरोध, सामान्यजन की समस्याओं और जरूरतों को महत्तव दिया है। साथ ही वे उस विकास प्रक्रिया के प्रति अपनी असहमति प्रकट करते दिखाई देते हैं जिसने निम्नवर्ग को पतन की ओर धकेल दिया है। इसी का परिणाम है कि इन्होंने पुलिस और माफिया की बर्बरता, मुकदमों को ही नहीं झेला बल्कि मेहनतकशों की आवाज़ को बुलन्द करने के संबंध में वे जेल भी गए। मनुष्य विरोधी समय में आम आदमी की चिंताओं, आवश्यक सरोकारों एवं सूक्ष्म संवेदनाओं को इनके गीतों, ग़ज़लों और कविताओं में सुना जा सकता है।
    जनवादी सौन्दर्य दृष्टि रखने वाले महेन्द्र नेह जीवन की विद्रूपताओं और जटिलताओं से रूबरू होकर सामाजिक चुनौतियों का सामना करते हुए मजदूर वर्ग की पीड़ाओं,विड़म्बनाओं, कराहों, अन्तर्द्वन्द्वों एवं विसंगतियों को कविता में चित्रित करने वाले कवि हैं। गौरतलब है कि इनकी कविताओं में निम्नवर्गीय समाज का टूटा हुआ स्वर परिलक्षित हुआ है यह कवि की इस दिशा में समूची रचनात्मकता और पहचान को और अधिक पुख्ता करता है। आधुनिक कविता के नाम पर बौध्दिक वैचारिकता से दूर इनकी रचनाएँ मजदूर वर्ग के जीवन संघर्षों के प्रति अधिक जवाबदेह है। और यही उनकी जवाबदेही मजदूरों और वंचितों की पक्षधरता को सामाजिक पृष्ठभूमि से उठाती हुई आगे बढ़ती है। वे मजदूर जिनके पास श्रमशक्ति के अलावा कुछ नहीं होता और आधुनिक पूँजीवाद बड़ी निर्ममता से उनके उन औजारों को छीन रहा है जिनके दम पर यह वर्ग अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। कवि की कलम उन बेगुनाहों के कष्टों को उकेरने के लिए उठती है जिन्होंने सच्चाई और न्याय के रास्ते पर चलते हुए हमेशा जुल्मों का सामना किया है। यही कारण है कि इस कवि की कविताओं का स्वर बड़ा ही मार्मिक एवं संवेदना युक्त बन पड़ा है-''अब उन्हीं के लिए यह कविता/जिनके हाथों से छीन लिए गए औजार/यह जिन्दगी/अब उन्हीं के लिए/जिनके मुँहों से/झपट लिए गए निवाले।'' -( उन्हीं के लिए, पृष्ठ-11) 

मंगलवार, 22 दिसंबर 2009

आतंकवादी हमलावर George W. Bush अमरीका,इजरायल और मध्यपूर्व


Published on Tuesday, December 22, 2009 by Informed Comment
by Informed Comment

रविवार, 20 दिसंबर 2009

इस्लाम,मध्यपूर्व ,बहुराष्ट्रीय कारपोरेट मीडिया और एडवर्ड सईद -8-


 मध्यपूर्व को मीडिया में हम तब ही देखते हैं जब कोई संकट हो, युध्द हो,विध्वंस हो अथवा गरीबी हो। इस तरह की नकारात्मक प्रस्तुतियों में मीडिया इस कदर व्यस्त रहता है कि मध्यपूर्व की सकारात्मक चीजें मीडिया में आ ही नहीं पातीं। इससे यही लगता है कि मध्यपूर्व में राजनीति,संस्कृति,विकास आदि के क्षेत्र में कुछ भी सकारात्मक नहीं बचा है। 'नाइन इलेवन' की घटना के बाद मीडिया का मुख्य लक्ष्य आतंकवाद के साथ मध्यपूर्व को जोड़ना हो गया है।
   
     प्रचार किया गया मध्यपूर्व के लोग आतंकवादी होते हैं और आतंकवाद के बहाने किसी भी चीज में कटौती की जा सकती है। किसी के भी खिलाफ पाबंदी लगायी जा सकती है। आतंकवाद के खिलाफ छेड़ी गयी अमरीकी मुहिम  वैध ,स्वाभाविक और अपरिहार्य है। आतंकवाद की जंग को ''सुरक्षा बनाम सेना'' के स्तर पर सीमित रखा गया।


    दूसरी बड़ी बात यह है कि आतंकवाद को समझने के किसी भी प्रयास को अमरीकी मीडिया तबज्जह नहीं देना चाहता। उनका मानना है  इस समस्या पर जो कुछ जानना है मीडिया से जानो। मध्यपूर्व की मीडिया प्रस्तुतियों की सबसे बड़ी असफलता है कि वे यह बताने में असमर्थ साबित हुए हैं कि कुछ राष्ट्र अपने निहित स्वार्थ के लिए आतंकवाद का इस्तेमाल कर रहे हैं। कुछ नीतियां  हैं जिनका आतंकवादी  ग्रुपों के द्वारा लाभ उठाया जा रहा है। इन नीतियों को मीडिया उद्धाटित करने में असफल रहा है। 


   दूसरी बड़ी असफलता है मीडिया ने आतंकवाद के साथ मुसलमान और इस्लाम को नत्थी कर दिया। मीडिया प्रस्तुतियों में इस्लामिक आतंकवाद के द्वारा मुसलमानों और इस्लामिक देशों में किए जा रहे हमलों और अत्याचारों का कवरेज एकसिरे से गायब है। मीडिया के द्वारा इस्लामिक आतंकवाद और प्रतिरोध आंदोलन और मुक्ति आंदोलनों के बीच कोई अंतर नहीं दिखाया जाता।


    आखिर में सबसे बड़ी बात यह कि पश्चिमी मीडिया जब भी फंडामेंटलिज्म का कवरेज पेश करता है तो उसे पूरी तरह इस्लामिक फंडामेंटलिज्म के साथ सीमित करके रखता है। फंडामेंटलिज्म के अनेक रूप हैं ,स्वयं अमरीका में ईसाई फंडामेंटलिज्म का वर्चस्व है किंतु पश्चिमी मीडिया के द्वारा सिर्फ इस्लामिक फंडामेंटलिज्म का स्टीरियोटाईप कवरेज ही पेश किया जाता है।
      
    मध्यपूर्व का असल विवाद इजरायल-अरब के बीच में है। इसमें इजरायल के द्वारा अरबों और फिलीस्तीनियों की जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जा किया हुआ है। बाहर से लाकर फिलीस्तीनियों के इलाके में लाखों यहूदियों की बस्तियां बसा दी गयी हैं। इस बुनियादी मुद्दे पर से ध्यान हटाने के लिए मीडिया अहर्निश प्रचार कर रहा है। 


     अरब-इजरायल विवाद में मीडिया एकतरफा ढ़ंग से इजरायल का प्रचार कर रहा है। मध्यपूर्व की प्रस्तुतियों अरब हमेशा हमलावर होता है और इजरायल आत्मरक्षा में लगा होता है। पहले हमला अरब करते हैं और बाद में इजरायल अपनी रक्षा करता है। फिलीस्तीनियों और लेबनानियों को इजरायली नागरिकों को मारने का कोई अधिकार नहीं है। यदि वे अपनी सीमा के पार इजरायलियों पर हमले करते हैं तो यह आतंकवाद कहलाएगा। 


    इसके विपरीत यदि इजरायल अरब और फिलीस्तीन जनता पर हमले करे तो उसे मीडिया के द्वारा आतंकवाद की संज्ञा नहीं दी जाती। इजरायल को अपनी सीमा के परे अरब नागरिकों की हत्या करने का अधिकार है। यह उसका वैध और आत्म रक्षा में उठाया कदम है। इजरायली बेहतर फ्रेंच बोलते हैं अरबों की तुलना में। यही वजह है कि इजरायल के लोगों को मीडिया में बोलने का व्यापक मौका मिलता है। इसी को पश्चिमी मीडिया तटस्थता कहता है। यदि आप इन नियमों से असहमत हैं और आप यह समझते हैं इनके पीछे एक पक्ष के प्रति पूर्वाग्रह निहित हैं,पक्षधरता निहित है तो यह तय है कि आपको यहूदी विरोधी करार दे दिया जाएगा। यही मूलत: मासमीडिया इमेज है मध्यपूर्व की।
     
    पश्चिमी जनमाध्यमों का इस्लाम धर्म,  मध्यपूर्व और मुसलमानों को लेकर खास किस्म का नजरिया है। इसमें कई स्तरों पर स्टीरियोटाईप का प्रचार होता रहता है। इनमें सबसे महत्वपूर्ण स्टीरियोटाईप है ''इस्लाम से खतरा', 'इस्लाम आतंकवादी' है। 'मुसलमान' आतंकवादी है। 'इस्लाम पश्चिम के लिए खतरा' है। इस तरह की रूढिबध्द धारणाओं के आधार पर मीडिया प्रस्तुतियों को पेश किया जाता है। ये सारी धारणाएं सोवियत संघ के विघटन के बाद पैदा हुई हैं।


       सोवियत संघ के पतन के पहले तक पश्चिम के लिए साम्यवाद का खतरा था किंतु सोवियत संघ के पतन के बाद इस्लाम और मुसलमान को खतरा घोषित कर दिया गया है। इस तरह के प्रचार अभियान की आलोचना करते हुए सईद ने ' ए डेविल थ्योरी ऑफ इस्लाम' (1996) में लिखा कि ज्यादातर इस्लामिक देश भयानक गरीबी की अवस्था में हैं। ये देश विज्ञान और सैन्यदृष्टि से किसी के लिए भी खतरा नहीं हो सकते अगर उनसे खतरा है तो सिर्फ इन देशों के नागरिकों को है।
        
     इस्लामिक देशों में जो ताकतवर देश हैं जैसे मिस्र,जोर्डन,सऊदीअरब और पाकिस्तान वे अमरीका की पॉकेट में हैं। ऐसी अवस्था में जुडिथ मिलर,सेमुअल हटिंगटन, मार्टिन क्रेमर ,बर्नार्ड लीविस,डेनियल पीप्स, स्टीवन इमर्सन, बेरी रूबिन और इजरायली अकादमिक जगत के लोग जिस खतरे का हमारी आंखों के सामने अहर्निश जाप करते रहते हैं,ये लोग वस्तुत: इस्लाम को आतंक,दमन और हिंसा का प्रतीक बताकर सलाह-मशविरा देकर अपना धंधा करते रहते हैं। लगातार टीवी प्रस्तुतियों में दिखते हैं और किताब लिखने के सौदे हासिल करते रहते हैं। इन लोगों को कहीं पर भी विस्फोट हो तुरंत षडयंत्र की बू आने लगती है। 


    सईद ने लिखा है राजनीतिक इस्लाम ने जहां पर भी सत्ता हथियाने की कोशिश की है उसे वहां असफलता हाथ लगी है। संभवत: ईरान अपवाद है। इस तरह के प्रचार अभियान में एक सच्चाई है कि इस्लाम का प्रचार प्रतिरोध की आग में घी का काम करता है। इसे ही हॉब्सवाम ने पूर्व-औद्योगिक प्रतिरोध की संज्ञा दी है। यह सच है कुछ इलाकों में इस्लामिक आत्मघाती हमले हुए हैं। किंतु इस तरह के आत्मघाती हमलों से अमरीका-इजरायल के ही हाथ मजबूत हुए हैं।


    जब आप इस समझ को स्वीकार कर लेते हैं कि इस्लाम खतरा है, आतंकवाद है तो वैसी स्थिति में यह धारणा पैदा होती है  कि अरब देशों को परास्त किया जाना चाहिए,गुलाम बनाया जाना चाहिए और उनका उत्पीड़न किया जाना चाहिए। मुसलमानों के प्रतिरोध को कुचला जाना चाहिए। सईद ने लिखा है इस्लाम विरोधी प्रचार अभियान अरब देशों और इजरायल,पश्चिम और इजरायल के बीच समानता के आधार पर किसी भी किस्म के संवाद की संभावनाएं खत्म कर देता है। वर्चस्व और अमानवीय व्यवहार को वैधता प्रदान करता है। जमीनी स्तर पर समूची संस्कृति को मातहत और अमानवीय बना देता है। ऐसी अवस्था में आधुनिकता का मुसलमानों में एक ही रूप बचता है कि उनकी मनोचिकित्सा की जाए, दण्डित किया जाए।
     
     सईद का मानना है धर्म का किसी भी रूप में दुरूपयोग खासकर प्रतिगामी मंशाओं के लिए किए गए दुरूपयोग का जमकर विरोध किया जाना चाहिए। धर्म के दुरूपयोग का प्रतिवाद सिर्फ इस्लामिक देशों में ही नहीं बल्कि इजरायल में भी इसका प्रतिवाद किया जाना चाहिए। पश्चिमी मीडिया के प्रचार के कारण अरब देशों को कट्टरपंथी और इजरायल को धर्मनिरपेक्ष मान लिया गया है। जबकि सच यह नहीं है।


     सईद ने जुडिथ मिलर की किताब के बहाने आलोचना करते हुए लिखा कि मिलर को मध्य-पूर्व का पच्चीस सालों से तजुर्बा है किंतु समस्या यह है कि वह न तो अरबी जानती हैं और न परशियन ही जानती हैं। ऐसी अवस्था में ऐसे किसी भी पत्रकार के लिखे को गंभीरता से नहीं लिया जा सकता जो रूस,फ्रांस,जर्मनी अथवा लैटिन अमेरिका यहां तक कि चीन और जापान के बारे में लिखे और संबंधित देश की भाषा तक को न जानता हो । किंतु इस्लाम के संदर्भ में भाषा संबंधी सरोकार एकदम बेमानी हैं क्योंकि इस्लाम को मनोवैज्ञानिक तौर पर विकृत कर दिया गया है। उसकी ''असली'' संस्कृति और धर्म को नहीं।
 

शनिवार, 19 दिसंबर 2009

इस्लाम,मध्यपूर्व ,बहुराष्ट्रीय कारपोरेट मीडिया और एडवर्ड सईद -7-




मीडिया की स्टीरियोटाईप प्रस्तुतियों के संदर्भ में रिचर्डस दियेर का जिक्र करना समीचीन होगा। दियेर ने लिखा विविध, स्मरणयोग्य और सहज स्वीकार्य और स्वीकृत बनाने में  स्टीरियोटाईप मदद मदद करते हैं।  स्टीरियोटाईप का पहला लक्षण है भेदों को संकुचित रूप में पेश करना,जिससे भेद स्वाभाविक और सारवान लगें। इस आधार पर टीवी में मध्यपूर्व की सरलीकृत इमेजों में पेश किया जाता है।


      अरबों की नकारात्मक इमेज पेश की जाती है। उन्हें गुस्सैल,हिंसक,असभ्य आदि रूपों में पेश किया जाता है। स्टीरियोटाईप प्रस्तुति का दूसरा प्रधान लक्षण 'बंटा हुआ' या 'टुकड़ा टुकड़ा' यथार्थ है। इसके आधार पर अरबों को सांस्कृतिक अंतरों के आधार पर व्याख्यायित किया जाता है। उन्हें धार्मिक तत्ववादी,आत्मघाती बमबाज,नाच गाने में मगन रहने वाला,ऐययाश,अरबपति-करोड़पति कामुक शेख, जो अमरीका आता ही है ज्यादा से ज्यादा औरतों के साथ संभोग करने के लिए। इस तरह की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां स्वयं में सांस्कृतिक भेदों को संप्रेषित करती हैं। पश्चिम के साथ सांस्कृतिक सीमाओं को उजागर करती हैं। 


असल में मीडिया के द्वारा 'अन्य' का विभाजन के उपकरण के तौर पर व्यापक रूप में इस्तेमाल किया जाता है। उसे सामाजिक और प्रतीकात्मक व्यवस्था में भेद स्थापित करने के उपकरण के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। ऐतिहासिक नजरिए से इस तरह का 'अन्यत्व' अस्वस्थ,असामान्य और अस्वीकार्य होता है। इसे सुधारने,बुनियादी परिवर्तन करने अथवा बदलने की जरूरत होती है।
        
   स्टीरियोटाईप प्रस्तुतियों में जातीयकेन्द्रित प्रस्तुतियों के बहाने सांस्कृतिक और राजनीतिक एजेण्डे को आगे बढ़ाया जाता है। इसे सत्ता के गतिशील संबंधों और सांस्कृतिक अन्तर्क्रियाओं के जरिए ही समझा जा सकता है। 'भिन्नता' के नजरिए से जब जातीयकेन्द्रित समझ को पेश किया जाएगा तो पहला काम तो यह होगा कि भिन्नता को वैधता मिलेगी दूसरा परिणाम निकलेगा कि अन्य के ऊपर वह अपना एजेण्डा थोपने में सफल हो जाएगा। इराक पर सन् 2003 में हमला करने के पहले अमरीकी मीडिया के द्वारा ऐसी इमेजों की वर्षा की गई जिससे इराक को बर्बर,भ्रष्ट और असहिष्णु शासक से मुक्त कराने की भावना पैदा हो,इराक पर हमले को आम जनता स्वाभाविक और अनिवार्य कार्रवाई के रूप में ग्रहण करे।
     
    मध्यपूर्व की मीडिया प्रस्तुतियों के संदर्भ में सबसे बड़ा संदर्भ सूत्र हॉलीवुड हो सकता है। हॉलीवुड सिनेमा अपने आरंभ से ही मध्यपूर्व की औरतों के बारे में घटिया प्रस्तुतियों के लिए प्रसिध्द रहा है। अरब औरतों को अमानवीय और कामुक माल के रूप में पेश किया गया। यह नजरिया उन्हें 18वीं और 19वीं शताब्दी के यूरोपीय लेखकों से मिला है। 


     हॉलीवुड सिनेमा में अरब औरत समर्पित और कामुक नजर आती है। औरत के प्रति इस तरह का स्टीरियोटाईप यूरोपीय संस्कृति का उत्पादन है जिसे सीधे हॉलीवुड ने आत्मसात कर लिया है। हॉलीवुड की फिल्मों में अरब औरतों की प्रस्तुतियों के बारे में अनुसंधान का कार्य 1960 से आरंभ होता है। इस क्रम में जिस तरह के निष्कर्ष निकले हैं उन पर गौर करने की जरूरत है। 


    हॉलीवुड फिल्मों में आमतौर पर अरब औरत हमेशा हिंसा,सेक्स और दमन करती नजर आती है। इसमें तयशुदा चरित्र होते हैं,जैसे तलवार और चंदन की साबुन के साथ अरब औरत,संगीतात्मक कॉमेडी में अरब औरत, जादुई कल्पनाओं के रूप में अरब औरत, ऐतिहासिक कहानियों में अरब औरत, आतंकवादियों के साथ अरब औरत, ज्यादातर फिल्मों में मूर्खतापूर्ण कार्यों में उसे सक्रिय दिखाया जाता है। अरब औरत को लगातार घटिया और पूर्णत: पुनरावृत्तिमूलक रूपों में संकुचित इमेजों में पेश किया जाता है।
          
   भूमंडलीकरण के कारण तीसरी दुनिया और खासकर मध्यपूर्व का एजेण्डा भी बदला है। मध्यपूर्व में राष्ट्र-राज्य कमजोर हुआ है। राष्ट्रीय संभुता को क्षति पहुँची है। ग्लोबल संस्कृति के अबाध प्रक्षेपण ने स्थानीय संस्कृति को गंभीर चुनौतियां दी हैं। राष्ट्रीय अस्मिता को निशाना बनाया  है और इसके लिए ग्लोबल मिथों का तेजी से मीडिया के जरिए सांस्कृतिक प्रक्षेपण चल रहा है। नए सिरे से विचारधारात्मक वर्चस्व स्थापित करने के लिए उपनिवेशवाद के पक्ष में दलीलें दी जा रही हैं। पश्चिमी सभ्यता और इस्लाम के बीच में टकराहट को सभ्यताओं के संघर्ष के रूप में चित्रित किया जा रहा है। इस तरह की प्रस्तुतियों के तार कहीं न कहीं 'नाइन इलेवन' की घटनाओं से भी जुड़ते हैं।
    
    'नाइन इलेवन' का सारा प्रचार अभियान विश्व सुरक्षा और आतंकवाद के दमन के नाम पर शुरू किया गया। 'नाइन इलेवन' की आतंकी घटना को अलकायदा जैसे इस्लामिक आतंकी संगठन से जोड़कर पेश किया गया, इसके कारण इस्लाम और मुसलमानों को आतंकवाद के स्रोत के रूप में चित्रित करने में सुविधा हुई। अफगानिस्तान और इराक का युध्द उसका प्रत्यक्ष परिणाम है।


       मध्यपूर्व में किए जा रहे संघर्ष का उसकी मीडिया इमेजों के साथ संबंध है। रणनीतिक तौर पर मध्यपूर्व को महत्वपूर्ण क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। रणनीतिक महत्व का होने के कारण इस क्षेत्र में अमरीका का वर्चस्व बनाकर रखना बेहद जरूरी है। वर्चस्व बनाए रखने का प्रधान कारण है मध्यपूर्व में कच्चे तेल का अगाध भंडार का होना। यही वो बुनियादी संदर्भ था जिसमें 1948 में इजरायल अस्तित्व में आया और यही इजरायल है जो बार-बार मध्यपूर्व में सभी समस्याओं के केन्द्र में है और विस्फोट करता रहता है।


   इजरायल के साथ अरब मुल्कों के अनेक युध्द हुए हैं और उन्हें व्यापक जन,धन और संपत्ति की हानि उठाने के साथ अपने संप्रभु राष्ट्र के रूप में अस्तित्व बनाए रखने के लिए भी खतरा पैदा हो गया है। आज स्थिति यह है कि अरब-इजरायल का झगड़ा जब तक बना रहता है इस क्षेत्र में कभी शांति नहीं लौट पाएगी।
  
पश्चिमी मीडिया का मध्यपूर्व के प्रति किस तरह का रूख है उसे समझने के लिए उनकी समाचार प्रस्तुतियों पर गौर करना समीचीन होगा। पश्चिमी मीडिया समाचारों में आमतौर पर मध्यपूर्व की खबरों को अन्य विषयों की तुलना में बहुत कम जगह मिलती है। यह स्थिति तब होती है जब वे मध्यपूर्व की खबरों को ही कवरेज दे रहे होते हैं।


    वे आमतौर पर संक्षेप में बताते हैं कि क्या हुआ। कहां हुआ और कैसे हुआ। तदर्थवादी अथवा कामचलाऊ व्याख्या करके अपने काम की इतिश्री समझ लेते हैं। वे कभी उसकी पृष्ठभूमि,प्रभाव और परिणतियों के बारे में नहीं बताते। 
   
     मीडिया में जब मध्यपूर्व की खबर दाखिल होती है तो बार-बार यही बताया जाता है कि मध्यपूर्व की जटिल परिस्थितियां हैं और उन्हें सहज ही बनाना संभव नहीं है। जटिल परिस्थिति होने के कारण आप भी नहीं समझ सकते। असल में मध्यपूर्व के बारे में अज्ञानता को बढ़ावा दिया जाता है। उसे इस्लाम और मुसलमान या ईसाई के साथ पेश किया जाता है। जबकि यह सच है मध्यपूर्व में जैसे इस्लाम का उदय हुआ वैसे ही ईसाईयत का भी जन्म हुआ। किंतु मध्यपूर्व को इस्लाम से जोड़ा गया ,ईसाईयत से नहीं जोड़ा गया। मध्यपूर्व के बारे में इस तरह की अज्ञानता को सिर्फ अशिक्षितों में ही नहीं बल्कि शिक्षितों में भी मीडिया ने प्रसारित किया है।
( लेखक- जगदीश्वर चतुर्वेदी,सुधा सिंह )



शुक्रवार, 18 दिसंबर 2009

फेसबुक पर प्राइवेसी खतरे में




फेसबुक पर जाने वालों की सूचनाएं चोरी हो रही हैं। 'इलैक्ट्रोनिक प्राइवेसी इनफारमेशन सेंटर' और 'सेंटर फाँर डिजिटल डेमोक्रेसी' ने इस संदर्भ में 'अमेरिका फेडरल ट्रेड कमीशन ' में शिकायत दर्ज की है। आरोप है नए सिस्टम के जरिए फेसबुक वाले यूजरों को सूचनाएं सार्वजनिक करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। पहले ये सूचनाएं यूजर के दोस्तों और एक ही नेटवर्क के यूजरों के बीच में साझा होती थीं , लेकिन नए सिस्टम ने इन्हें सार्वजनिक कर दिया है। कमीशन के सामने मूल शिकायत यह है कि नया सिस्टम कम प्राइवेट है।   
    मजेदार बात यह है कि फेसबुक का कार्यकारी प्रधान मार्क जुकिरवर्ग नए सिस्टम का शिकार बना है। उसकी तमाम सूचनाएं ,लेख,निजी फोटो ,प्रतिदिन के ईमेल आदि हासिल करने में साइबर चोरों को सफलता मिली है। कुछ फेसबुक यूजर अचम्भित हैं कि कैसे उनकी सूचनाएं 350 मिलियन सदस्य देख रहे हैं। जबकि उन्होंने चंद दोस्तों को ही अपनी सूचनाएं -फोटो आदि दिए थे। इससे उन लोगों को ज्यादा खतरा है जिनके पीछे सरकारें लगी हैं। खासकर उन देशों में जहां प्रतिवाद की संभावना नहीं है। इसके अलावा विज्ञापन कंपनियां भी फेसबुक के डाटा का दुरुपयोग कर सकती हैं।





सयुक्तराष्ट्र संघ की गुप्त रिपोर्ट - जलवायु परिवर्तन पर अमीर देशों का सच सामने आया




विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...