मंगलवार, 6 जनवरी 2015

भगवा कु-शास्त्र और तर्कवादी भारतीय चिकित्साशास्त्र

                
     भगवाशास्त्रियों के विचारों की बाढ़ आई हुई है। हर स्तर पर जिस तरह वे धारावाहिक विचार वर्षा कर रहे हैं उसका उनकी ही गति से जबाव देने की जरुरत है। नयी कोशिशें विज्ञान के नाम पर वैचारिक प्रदूषण से जुड़ी हैं। यह कोई नहीं कहता कि भारत में कभी विज्ञान नहीं था, यह भी कोई नहीं कहता कि भारत पूरी तरह अंधविश्वासी –अतार्किक था। भगवाशास्त्री परंपराओं का अनालोचनात्मक महिमामंडन करने के बहाने परंपराओं को लेकर विभ्रम खड़ा कर रहे हैं। परंपरा की तर्कहीन और तर्कपूर्ण विरासत में भेद खत्म कर रहे हैं। मसलन् ,संघ के लोग अंधविश्वासों को बनाए रखकर परंपराओं के नाम पर विभ्रम खड़ा कर रहे हैं।खुलेआम अंधविश्वास फैलाने वालों के पक्ष में खड़े हैं और अंधविश्वासों का प्रचार कर रहे हैं। आज वे कह रहे हैं कि आयुर्वेद तो पुराना विज्ञान है। वे अंधविश्वासों से लड़े बिना इस शास्त्र को अपने कुतर्कों और कुसंस्कारों के साथ गड्डमड्ड कर रहे हैं। लेकिन वे भूल जाते हैं कि आयुर्विज्ञान का संबंध अंधविश्वासीसंघी परंपरा से नहीं है। वे यह छिपा रहे हैं पुराने आयुर्विज्ञान ने मंत्रवादियों से जंग लड़कर इस शास्त्र को बनाया था।



प्राचीनकाल में एक तरफ वे लोग थे जो मंत्र-तंत्र-झाड़-फूँक के जरिए आम जनता की चिकित्सा किया करते थे, इसके विपरीत दूसरी धारा उन लोगों की थी जो तर्काधारित चिकित्सा पद्धति के जरिए इलाज करते थे। मंत्रवादी चिकित्सा को 'दैव-व्यपाश्रय भेषज' और तर्कवादी चिकित्सा को 'युक्ति व्यपाश्रय भेषज' कहा जाता था। इन दोनों में चली व्यवहारिक वैचारिक जंग से प्राचीनकाल में तर्कवादियों की परंपरा को निर्मित करने में बड़ी मदद मिली। देवीप्रसाद चट्टोपाध्याय ने लिखा है ' दैव-व्यपाश्रय भेषज के स्थान पर युक्ति-व्यपाश्रय भेषज अपनाते समय चिकित्सकों को अभिचार-तंत्रमंत्र, धार्मिक अनुष्ठान,धर्म आदि के प्रभाव को त्यागना पड़ा,जबकि ये सभी दैविक चिकित्सा पद्धतियां शक्तिशाली पुरोहितवर्गों द्वारा पूर्णतःसमर्थित थीं। ' यही वह बुनियादी अंतर है जिसके कारण प्राचीन साहित्य में बड़े पैमाने पर 'युक्ति व्यपाश्रय भेषज' चिकित्सकों और शल्यक्रिया करने वालों की निंदा मिलती है। खासकर शल्यचिकित्सकों के प्रति अत्यंत घृणा मिलती है। आयुर्विज्ञान यदि हिन्दू परंपरा में ही आता है तो मंत्रवादी हिन्दुओं ने निंदा क्यों की ? 'युक्ति व्यपाश्रय भेषज' चिकित्सक पूरी तरह मंत्रवादी व्यवस्थाओं से अलग खड़े थे। देवीप्रसाद चट्टोपाध्याय के अनुसार ' ज्यों-ज्यों वर्णाश्रम व्यवस्था सुदृढ़ होती गई,त्यों-त्यों आयुर्विज्ञान-चिकित्साशास्त्र के प्रति अवमानना घनीभूत होती गई। अंततोगत्वा यह विद्या सर्वथा विनष्ट होकर ही रही।' आयुर्विज्ञान के विकास के लिए संघ की आस्था रुपी इरेशनल धारणा की नहीं ,अपितु रेशनल तर्कवादी धारणा की जरुरत है , इस धारणा को संघ एकसिरे से खारिज करता है। यही वह बिंदु है जहाँ पर संघ बेनकाब भी हो जाता है। संघ को आयुर्विज्ञान को मानने के साथ ही आस्था की धारणा को नष्ट करना होगा। आयुर्विज्ञान की परंपरा आस्था-मंत्र की परंपरा का विलोम है।

आरएसएस का मिथकीय माया संसार

        आरएसएस की सबसे बड़ी वैचारिक मुश्किल यह है कि वह मिथकों को ही जीवन का सर्वस्व मानता है। समस्त सांस्कृतिक-राजनीतिक-आर्थिक समस्याओं के समाधान मिथकों में ही खोजता है। संघियों का दिमाग या तो विकसित नहीं है या फिर धूर्त है ! सामाजिक विकास के वास्तविक कारकों को ये लोग देखने की कोशिश ही नहीं करते। इनकी समग्र गतिविधियां देखते हुए लगता है ये धूर्त हैं और आम जनता की पिछड़ीचेतना का शोषण करने के लिए मिथकों के तर्कजाल को फेंकते रहते हैं। आरएसएस के मोहपाश में फंसे शिक्षित मध्यवर्ग में बड़ा हिस्सा उन लोगों का है जो शिक्षित तो है लेकिन शिक्षित होने का अर्थ तक नहीं जानता। शिक्षित वह होता है जिसमें य़थार्थ देखने की चेतना हो, यथार्थ के कारक तत्वों को खोजने की जिसमें जिज्ञासा हो और निजीचेतना और सामाजिकचेतना को युगानुरुप बदलने की जिसमें दिलचस्पी हो। संयोग की बात है संघीचेतना से बंधा मध्यवर्ग सामाजिक और निजी परिवर्तन की प्रक्रिया से अनभिज्ञ है या फिर उसमें चेतना परिवर्तन की आकांक्षा और क्षमता का अभाव है। संघ से बंधे मध्यवर्ग में एक तबका अवसरवादी भी है जो जानता है कि संघ झूठ बोल रहा है लेकिन राजनीतिक-आर्थिक स्वार्थ के कारण वे उससे जुड़े हुए हैं। इससे सामाजिक परिवर्तन बाधित हुआ है, संघ का वैचारिक रुपान्तरण बाधित हुआ है।फलतः संघ में किसी भी किस्म की मौलिक परिवर्तनेच्छा पैदा ही नहीं हुई। संघ की समूची कार्यप्रणाली, नीतियां और आचरण देखकर यही लगता है कि उन्होंने मिथकों में जीने का मार्ग सचेत रुप से चुना है। संघ के लिए मिथक ही विज्ञान है, राजनीति ,नीति ,समाजनीति , जीवनमूल्य,जीवनशैली आदि है। उनके जितने भी तर्क हैं वे सब मिथककेन्द्रित हैं। संघ के मिथककेन्द्रित चिन्तन का सबसे घातक परिणाम है यथार्थ से अलगाव। यथार्थ से अलगाव के कारण वे न तो प्राचीन भारत को ठीक से देख पाते हैं और नहीं मध्यकालीन भारत को देख पाते हैं। आधुनिक भारत का प्रत्येक आधुनिक विचार उनको नापसंद है। 



संघ की विचारधारा यथार्थ से अलगाव को बढ़ावा देती है। वे जिस समाज में रहते हैं उसके विकास की प्रक्रियाओं और सामाजिक नियमों,नीतियों आदि पर बातें नहीं करते,वे हमेशा अतीतजीवी की तरह अतीत में भ्रमण करते हैं। अतीत को भी वे पुराणकथाओं और अविवेकवाद के आलोक में देखते हैं। फलतः वे न तो सही ढ़ंग से अतीत को देख पाते हैं और न वर्तमान की समस्याओं को ही देख पाते हैं। यह काम वे शातिर ढ़ंग से करते हैं। जिससे वे आम जनता को अपने मिथककेन्द्रकित मायासंसार में बांधे रखें। मिथककेन्द्रित माया संसार शासकवर्गों का और खासकर लुटेरेवर्गों का सबसे बड़ा रक्षा कवच होता है। यही वजह है कि सारी दुनिया में तकनीकी और विज्ञान का महाबिगुल बजाकर अंधाधुंध लूट मचाने वाली कंपनियां आरएसएस को खुलकर चंदा देती हैं और कारपोरेट मीडिया उसे जमकर कवरेज देता है। कारपोरेट घराने जानते हैं कि आरएसएस के नेता मूर्खतापूर्ण बातें कर रहे हैं ,वे जानते हैं कि सामाजिक अनुभव,विज्ञान और अन्य वैज्ञानिक प्रक्रियाएं उनके तर्कों के खिलाफ हैं, इसके बावजूद वे संघ को चंदा देते हैं, संघ के बंदे को पीएम बनाने में खुलकर मदद करते हैं, क्योंकि संघ एक बड़ा काम करता है ,वह आम जनता की चेतना में यथार्थ के प्रति अलगाववादीचेतना पैदा करता है। आम जनता यदि यथार्थ को अलगाववादी नजरिए से देखेगी तो उसे चीजें साफ और सीधी नजर नहीं आएंगी। यही वजह है प्रत्येक संघी नेता के बयान और राजनीतिक यथार्थ में कभी भी कहीं पर भी सामंजस्य नजर नहीं आता । यथार्थ और राजनीति,यथार्थ और समाज,यथार्थ और संस्कृति,यथार्थ और विज्ञान आदि सवालों पर संघ के समस्त मुहावरे,नारे,भाषण ,आचरण आदि यथार्थ से अलगाव और मिथककेन्द्रित नजरिए पर टिके हैं। हमें यह बात समझनी होगी,मिथक तो यथार्थ नहीं है। मिथक तो मिथक है। हमारा समाज ,यथार्थ में जीता है, मिथक में नहीं जीता। यहां तक कि संघी नेताओं का जीवन भी यथार्थ में चल रहा है। ऐसी स्थिति में आमलोगों में बार-बार मिथकों का संघ के द्वारा प्रचार-प्रसार वस्तुतः समाज को पीछे धकेलने की सचेत साजिश है और इसमें एक हद तक उनको सफलता भी मिली है, क्योंकि हमारे शिक्षित मध्यवर्ग में संघ या ऐसे ही किसी संगठन के खिलाफ खड़े होने की सामाजिकचेतना अभी तक पैदा ही नहीं हुई है। मध्यवर्ग निडर होकर मिथकों के आर-पार जिंदगी देखने की समग्रदृष्टि अभी तक विकसित नहीं कर पाया है। संघ चालाकी के साथ मध्यवर्ग की इस कमजोरी का खुलकर फायदा उठा रहा है। जरुरत है इस मध्यवर्ग को मिथकों के बाहर आकर सोचने,यथार्थकेन्द्रित होकर सोचने की शक्ति प्रदान की जाय।

शनिवार, 3 जनवरी 2015

नायक का मोहपाश !

      
          पिछले दिनों मध्यवर्ग के जितने भी पढ़े-लिखे-ज्ञानी-गुणी लोगों से मिला हूँ,सब एक ही बात कहते मिले मोदीजी आए हैं तो सब अच्छा होगा! जल्दी विकास होगा! मोदीजी यह कर देंगे!वह भी कर देंगे! मैंने यह भी पाया कि मध्यवर्ग के लोग मोदी भक्ति का बखान करते –करते कुछ ही देऱ में भाव-विभोर और तर्कहीन हो जाते हैं ! मैं अमूमन भक्तों की प्रशंसाएं आनंद के साथ सुनता हूँ ! उनसे जब भी यह पूछता हूँ मोदीजी यह सब कैसे कर देंगे ? किन नीतियों के आधार पर कर देंगे तो कुछ ही क्षण बात प्रशंसक निरुत्तर हो जाते हैं! मोदी प्रशंसक मोदी से बहुत आशाएं लगाए बैठे हैं, लेकिन वे यथार्थ को देखना नहीं चाहते।मैंने कहा कि मोदी को तो यथार्थ देखकर काम करना पड़ेगा और यथार्थ तो वह सब नहीं कहता जो आप कह रहे हैं ,यह सुनकर प्रशंसक नाराज हो जाते हैं ! कहने लगते हैं आप तो हमेशा मोदी की खामियां बताते हैं, मैंने साफ कहा कि मैं खामियों की बात नहीं कर रहा , यथार्थ की बात कर रहा हूँ, प्रशंसक बोले मोदीजी में यह ताकत है कि वे यथार्थ को बदल देंगे !

जैसाकि अपना भी स्वभाव है अपन को प्रशंसकों में मजा आता है,वे चाहे मोदी के हों या मनमोहन सिंह-सोनिया के हों या कम्युनिस्ट हों ! प्रशंसकों से मिलने से अविवेकवाद की परतें और दायरे समझने में मदद मिलती है यही वजह है मैं प्रशंसकों से मिलना पसंद करता हूँ। प्रशंसकों से मिलकर मुझे ईश्वर भक्ति के दायरों का प्रसार भी नजर आता है ! मुझे वे क्षेत्र भी नजर आते हैं जहां पर नायकों की सृष्टि और मृत्यु होती रही है!

भारत की मध्यवर्गीय जनता में नायकों की खोज करने की अद्भुत क्षमता है, यह ऐसा मध्यवर्ग है जिसका अपनी क्षमता से ज्यादा नायक की क्षमता पर भरोसा है! अपने विवेक से ज्यादा नायक के विवेक पर विश्वास है! इसके लिए नायक महज नायक नहीं बल्कि सब चीजों की रामबाण दवा है ! यह इसी अर्थ में परनिर्भर और पराश्रित वर्ग है। इस वर्ग के जरिए मोदीजी हों या कोई और जी हों शक्तिशाली भारत का निर्माण नहीं कर सकते ! परनिर्भर-पराश्रित मध्यवर्ग कभी ताकतवर देश नहीं बना सकता।

जिस देश का शिक्षित मध्यवर्ग आज भी नायक खोजता हो!संत खोजता हो! भगवान खोजता हो! कंठी-ताबीज खोजता हो ।वह वर्ग देश को ताकतवर नहीं बना सकता ! जिस वर्ग को मोदी और पीके में समाधान दिखते हों उस वर्ग की रक्षा कोई नहीं कर सकता,वह वर्ग तो अभिशप्त है नायकों के मोहपाश में बंधे रहने के लिए !

सवाल यह है भारत का मध्यवर्ग नायक क्यों खोजता है ? यथार्थ में प्रवेश करना क्यों नहीं चाहता ? मध्यवर्ग के यथार्थ से अलगाव का मोदी की प्रचार मशीनरी ने जमकर दोहन किया है। मध्यवर्ग की विशेषता है कि वह समस्याओं के जटिल समाधान या जटिल विश्लेषणों में जाना नहीं चाहता, समस्या आई तो मंदिर की ओर भागता है,नेता के पास भागता है,दलाल की तलाश करता है,जिससे वह जल्दी टेंशन फ्री हो जाय। बहुत देर तक टेंशन में रहने की मध्यवर्ग को आदत नहीं है, यदि टेंशन जल्दी खत्म नहीं होती तो कोई नशा कर लेता है और टेंशन से मुक्त कर लेता है। वह किसी भी सामाजिक-सांस्कृतिक समस्या से उलझना नहीं चाहता,हर चीज का रेडीमेड समाधान चाहता है,समस्या का समाधान यदि मोदी दे रहे हैं तो वे नायक हैं,अन्ना हजारे दे रहे हैं तो वे नायक हैं,केजरीवाल दे रहे हैं तो वे नायक हैं! वह ठहरकर सोचना नहीं चाहता कि जिसको वह नायक मान रहा है क्या उसके पास समाधान है ? वह किसी भी नायक से नीति की बातें नहीं करता, हाल के वर्षों में हमने देखा कि मध्यवर्ग के लोग पागलपन की हद तक अन्ना-केजरीवाल-मोदी आदि के दीवाने थे, वे तर्क नहीं समाधान देख रहे थे, वे नीति पर नहीं मीडिया के शानदार कवरेज पर बातें कर रहे थे, वे अधीर हैं और जल्दी में हैं,उनके पास सोचने-समझने का समय नहीं है ,वे तुरंत रिजल्ट चाहते हैं! वे ऐसे नायक में अगाध विश्वास करते हैं जिसके पास तुरंत रिजल्ट देने की जादुई क्षमता हो ! काश, नायक रेडीमेड समाधान दे पाते !







मदनमोहन मालवीय और अन्त्यज मुक्ति

   मदन मोहन मालवीय के नजरिए में हिन्दूधर्म और हिन्दुत्व के अनेक तत्व मिलते हैं जिनसे असहमति हो सकती है,लेकिन जो चीजें आज भी प्रासंगिक हैं उनकी ओर हमारी नजर रहनी चाहिए। मालवीयजी ने सनातन धर्म संबंधी विचारों को ''सनातन धर्म'' नामक साप्ताहिक पत्र में व्यापक अभिव्यक्ति मिली है। इस अखबार के एक संपादकीय में अन्त्यजोद्धार के सवाल पर मालवीयजी ने जो लिखा वह आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने लिखा ''इस बात के कहने की आवश्यकता नहीं कि हर एक विचारशील हिन्दू मानता है या मान लेगा कि अन्त्यजों का उद्धार करना हमारीहिन्दू जातिका धर्म है।दो कारणों से- एक यह कि वे हमारी परम आवश्यक और उपकारी सेवाकरते हैं,इसलिए उनका उपकार करना हमारा धर्म है,दूसरे यह कि वे हमारे सधर्मा हैं।वेहमारे हैं और हमारा सनातन धर्म हमको उन दीन भाइयों के उद्धार करने का उपदेश करता हैऔर उसका उत्तम और सरल मार्ग बतलाता है- वह भक्ति का मार्ग है।'' उस जमाने मेंमदनमोहन मालवीय ने काशी के हरिजनों को दशाश्वमेध घाट पर 'ऊँ नमःशिवाय'' मन्त्र कीदीक्षा देकर अपने अछूतोद्धार संबंधी भावों को प्रकट किया था।

मदनमोहन मालवीय के नजरिए का मूलाधार है धर्म

      मदनमोहन मालवीय के नजरिए पर समग्रता में विचार करें तो पाएंगे कि वे दुनिया की तमाम चीजों को धर्म के नजरिए से देखते थे और यही वह चीज है जो संघ परिवार और मोदी सरकार को सबसे ज्यादा अपील करती है। इसके कारण ही उनको मोदी सरकार ने ''भारत रत्न'' दिया है। आधुनिकसमाज के निर्माण के लिए धर्म का नजरिया विकास में कम फंडामेंटलिज्म और साम्प्रदायिकता के विकास में ज्यादा मदद करता है। यही वह नजरिया है जिसके कारण वे हिन्दुत्ववादी संगठऩों के मंचों तक चले गए । मालवीयजी के नजरिए को समझने के लिए उनका लिखा एक संपादकीय है ''देशभक्ति का धर्म'',यह संपादकीय उनके समूचे नजरिए पर व्यापक रोशनी डालता है।


मालवीयजी की मुश्किल यह है कि वे आधुनिक समाज की समस्त समस्याओं की जड़ धर्मविमुखता को मानते हैं। मालवीयजी ने लिखा है '' जो लोग शुद्ध मन से प्राणियों का परम कल्याण चाहते हैं,उनको उचित हैकि वे उनको धर्म का उपदेश दें और उन्हें धर्म के मार्ग में लगावें।सुख का मूल धर्मही है। मनुष्यों का परम धन धर्म ही है। संसार की समस्त सम्पत्ति और भोग-पदार्थ मिलकर मनुष्य को सुख नहीं दे सकते,जो धर्म देता है। '' वास्तविकता यह है कि धर्म के मार्ग पर चलकर विभ्रम पैदा होते हैं। दिशाहीनता ,अनालोचनात्मकता और अ-राजनीतिक नजरिया बनता है जिससे फासिस्ट राजनीति को बल मिलता है। अकर्मण्यताबोध पुख्ता होता है। अंधविश्वासों में आस्था बनी रहती है।जबकि सामाजिक विकास के लिए इन सबसे मुक्ति प्राप्त करना प्रत्येक मनुष्य का कर्तव्य है। मालवीयजी यह समझने मेंअसमर्थ रहे कि आधुनिक भारत को धर्म के आधार खड़ा नहीं कर सकते। आधुनिक समस्याओं के समाधान धर्म के पास नहीं है। धर्म की शरण में जाकर सामाजिक समस्याओं से ध्यान हटाया जा सकता है लेकिन समस्याओं के समाधान नहीं तलाशे जा सकते।

मालवीयजी का मानना था '' मनुष्यों पर,देश व समाज में,जितनी विपत्तियां आती हैं उनका मूल कारण धर्म से विमुख होना ही होता है। '' संघ परिवार के मालवीयजी के प्रति आकर्षित होने का मूलाधार यही नजरिया है, जिसके जरिए आजकल के युवाओं के बीच में मालवीयजी की आड़ में हिन्दुत्ववादी एजेण्डे का आसानी से प्रचार किया जा रहा है।

मालवीयजी की मुश्किल यह थी कि वे आधुनिक समाज को वैज्ञानिक या समाजवैज्ञानिक नजरिए से देखने में पूरी तरह असमर्थ थे। हमें गंभीरता के साथ विचार करना चाहिए कि मालवीयजी को मोदी सरकार ने भारत रत्न आखिरकार क्यों दिया ? क्या इसलिए कि उनका स्वाधीनता संग्राम में योगदान था ?या उन्होंने काशी हिन्दू वि.वि. की स्थापना की ? जी नहीं, इस तरह के काम अनेक लोगों ने उस दौर में किए हैं और मालवीयजी से ज्यादा कुर्बानियां भी दी हैं, मालवीयजी को संघ का नायक बनाने में जो चीज मदद कर रही है वह है उनका धार्मिक नजरिया, हर समस्या की जड़ में धर्म को देखना और हर समस्या का धर्म में ही समाधान खोजना। यही वह बिंदु है जहां पर संघ और सरकार एकमत हैं।यही वह आधुनिक विचारों की लड़ाई की जगह है जहां पर हमें सोचना होगा कि देश का विकास कैसे करें और किनके विचारों की रोशनी में करें, कम से कम मालवीयजी के विचार आधुनिक शक्तिशाली भारत का निर्माण करने में हमारी मदद नहीं करते।अभी तक जितने भी लोगों को भारत रत्न दिया गया उनके नजरिए का आधार धर्म नहीं था।  

धार्मिक नानसेंस का प्रतिवाद है "पीके "

यूपी सरकार के द्वारा "पीके" को मनोरंजन कर से मुक्त करने का फ़ैसला क्या लिया , गोया , संघियों पर बिजली गिर पड़ी है, अपनी संघी पक्षधरता के लिए ख्यात दैनिक जागरण के संपादक संजय गुप्ता ने ट्विट किया है -


"Akhilesh fanning communalism by making #PK tax free. He continues on his path of Muslim appeasement at cost of hurting Hindu feelings."
संजय गुप्ता के ट्विट को देखकर पहली प्रतिक्रिया तो यही होगी कि यह किसी पेशेवर संपादक की राय नहीं हो सकती, यह तो किसी संघी की राय हो सकती है! किसी फिल्म को राज्य सरकार करमुक्त करती है तो यह आम जनता के हित में लिया गया फ़ैसला ही कहा जाएगा। क्योंकि फिल्म देखने तो सभी धर्म और जाति के लोग जाते हैं, करमुक्त फिल्म का मतलब है निम्नमध्यवर्ग और मध्यवर्ग के दर्शकों को राहत पहुँचाना । हमें विभिन्न राज्य सरकारों से इस तरह की मदद की ज़रुरत रहती है कि वे साफ़ सुथरी बेहतर मनोरंजक फिल्म को करमुक्त स्क्रीनिंग की सुविधा दें , इससे सिनेमा संस्कृति को बल मिलता है। दूसरी बात यह है कि संजय गुप्ता जानते हैं कि राज्य का काम है विवेकवाद का प्रचार करना, समाज में उन फ़िल्मों को राज्य सरकार प्रमोट करें जो विवेकवाद या वैज्ञानिकचेतना का प्रचार प्रसार करती हों ,धार्मिक नानसेंस को नंगा करती हों, यह काम राज्य और केन्द्र सरकार की संवैधानिक ज़िम्मेदारी में आता है, क़ायदे से मोदी सरकार को " पीके" को सारे देश में टैक्स फ़्री दिखाने का आदेश देना चाहिए। सामाजिक विकास और औद्योगिक विकास के लिए इस तरह की फ़िल्मों को प्रमोट किया जाना चाहिए।
हमारे अनेक फेसबुक मित्र हैं जो अमीर खान की मोदी से मित्रता को देख रहे हैं। मेरा मानना है " पीके" फिल्म के कलाकारों की राजनीतिक विचारधारा और प्रतिबद्धता से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। "पीके" फिल्म बुनियादी तौर पर नानसेंस को निशाना बनाती है और उसके लिए नाटकीय ढंग से नानसेंस तर्कों का प्रयोग किया गया है, सेंसपूर्ण तर्क उसमें प्रच्छन्नभाव से चले आए हैं, सेंसपूर्ण तर्क तो दर्शक के मन में हैं जिनको फिल्ममेकर नानसेंस हमलों के जरिए उभार देता है। पर्दे पर तो नाटकीयता का पूरा खेल चलता रहता है। धर्म के नानसेंस पर जब भी नानसेंस से हमला होता है तो आम लोग तिलमिलाते हैं और मज़ा भी लेते हैं, जबकि परेश रावल की फिल्म "ओ माई गॉड" में नानसेंस का जबाव सेंस से दिया गया था। इसके विपरीत "पीके" फिल्म में शुरु से आख़िर तक नानसेंस के हलके तर्कों का धार्मिक नानसेंस के खिलाफ इस्तेमाल किया गया है। यह विज्ञानसम्मत चेतना वाली फिल्म नहीं है, यह सहज ग्राम्यबोध के जरिए धार्मिक पाखण्ड और नानसेंस को उजागर करने वाली फिल्म है।

शनिवार, 27 दिसंबर 2014

मदनमोहन मालवीय और हिन्दू -मुस्लिम एकता की समस्या



 देश में साम्प्रदायिक माहौल बिगडा हुआ है ,संघ और उनके नायक मोदी द्वारा वोट की राजनीति को बहुसंख्यकवाद की राजनीति और धर्माधारित राजनीति की ओर मोड़ा जा चुका है। यह देश के लिए सबसे ख़तरनाक चीज है। देश में चारों ओर मुस्लिम विद्वेष की बर्षा हो रही है। साथ में मदनमोहन मालवीय जी को भारतरत्न देकर सम्मानित भी किया जा रहा है, दुर्भाग्य की बात है कि मालवीयजी के विचारों के साथ संघ और मोदी सरकार का तीन- तेरह का संबंध है । संघ और उसके संगठनों की विचारधारा की धुरी है हिन्दू-मुस्लिम विद्वेष , जबकि मालवीयजी के विचारों की धुरी है हिन्दू-मुस्लिम सद्भाव। मोदी नारा विकास का दे रहे हैं लेकिन ज़मीनीस्तर पर बहुसंख्यकवाद की ओर जा रहे हैं। हिन्दू-मुस्लिम विद्वेष को बढ़ावा दे रहे हैं,फ़ंडामेंटलिस्ट संगठनों की हिमायत कर रहे हैं।संघ प्रमुख मोहन भागवत द्वारा  भारत को हिन्दुओं का देश कहकर दुष्प्रचार किया जा रहा है। जानें और पढें संघ वाले कि मालवीयजी ने क्या लिखा था।
     मदन मोहन मालवीय ने लिखा " हिन्दुस्तान में अब केवल हिन्दू ही नहीं बसते हैं - हिन्दुस्तान अब केवल उन्हीं का देश नहीं है। हिन्दुस्तान जैसे हिन्दुओं का प्यारा जन्म-स्थान है, वैसा ही मुसलमानों का भी है। ये दोनों जातियाँ अब यहाँ बसती हैं और सदा बसी रहेंगी। जितना इन दोनों में परस्पर मेल और एकता बढ़ेगी , उतनी ही देश की उन्नति करने में हमारी शक्ति बढ़ेगी और जितना ही बैर या विरोध या अनेकता रहेगी , उतने ही हम दुर्बल रहेंगे।" यह भी लिखा " जो हमारी उन्नति नहीं चाहते , वे हमको एक- दूसरे से लड़ाने के लिए यत्न करते हैं और करेंगे। लेकिन हमारे आपस में एक - दूसरे के विचार और भाव शुद्ध रहें तो हमारे किसी बैरी को हमको लड़ाने का यत्न सफल नहीं होगा। यह दु:ख की बात है कि हम लोगों में भी कुछ लोग ऐसे हैं जो एक जाति को दूसरे से लड़ाने का यत्न करते हैं। हमको इस बात के कहने में कोई संकोच नहीं कि जो हिन्दू या मुसलमान ऐसा करता है, वह देश का शत्रु है। इतना ही नहीं , बल्कि वह अपनी विशेष जाति का भी शत्रु है । हमको सबको उचित है कि सब एक- दूसरे के चित्त को संताप पहुँचाने वाली बीती बातों को भूल जावें,एक- दूसरे का हित और सुख यत्नों में सहायक हों।" 


विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...