रविवार, 26 अप्रैल 2015

भाषण ,पिता और पिटाई


              यह घटना उस समय की है जब मैं मथुरा के माथुर चतुर्वेद संस्कृत महाविद्यालय में उत्तरमध्यमा के अंतिम वर्ष का छात्र था सबसे कम उम्र और सबसे छोटी कक्षा का पहलीबार छात्रसंघ का महामंत्री चुना गया था,यह घटना सन् 1974 की है। संस्कृत पाठशाला में आम सभा के जरिए छात्रसंघ का चुनाव होता । उस चुनाव में मैं जीत गया,जीतने के साथ महासचिव होने के नाते मुझे भाषण देना था, छात्रसंघ की परंपरा थी कि जो महासचिव चुना जाता था वह भाषण देता था,मैं भाषण देने से हमेशा बचता था, बल्कि यह कहें तो बेहतर होगा कि मुझे भाषण देना पसंद ही नहीं था। लेकिन छात्रसंघ की परंपरा का निर्वाह करते हुए मैंने अपने गुरुजनों के आदेश पर भाषण देना आरंभ दिया, भाषण संस्कृत में देना था , छात्रसंघ की समूची कार्यवाही संस्कृत में होती थी, संस्कृत में मिनट्स लिखे जाते थे और संस्कृत में संचालन होता था ,छात्रों और शिक्षकों को संस्कृत में ही बोलने का अघोषित निर्देश था, वैसे छात्र हिन्दी में भी बोल सकते थे, लेकिन एक परंपरा चली आ रही थी जिसके कारण समूची कार्यवाही संस्कृत में होती थी।
      मैंने पहलीबार भाषण दिया वह भी संस्कृत में और भाषण देते समय मेरी आंखों से लगातार आँसू टपक रहे थे। मैं समझ नहीं पा रहा था कि मैं क्यों रो रहा हूँ,मेरी गुरुजन भी परेशान थे, संयोग की बात थी कि मेरा भाषण  भाषा और शैली के लिहाज से अच्छा रहा, मेरे गुरुजनों ने मेरी खूब प्रशंसा की और एक सवाल किया कि तुम बोलते हुए रो क्यों रहे थे ? यह सवाल मेरे लिए आज भी अनुत्तरित है।
    संस्कृत कॉलेज में पढ़ते समय दूसरा महत्वपूर्ण भाषण सन् 1976 में छात्रसंघ के अध्यक्ष के रुप में दिया, यह आपातकाल का दौर था और संभवतः मेरा कॉलेज अकेला कॉलेज था जिसमें कानून तोड़कर छात्रसंघ का चुनाव हुआ और छात्रसंघ का सालाना जलसा भी हुआ जिसमें 'कौत्स की गुरु दक्षिणा' संस्कृत नाटक का मंचन हुआ और मेरा अध्यक्षीय भाषण हुआ। परंपरा के अनुसार यह में मेरा पहला लिखित संस्कृत भाषण था।
         आपातकाल में ही माकपा नेता सव्यसाची से संपर्क हुआ और आपातकाल के बाद उनके साथ पहलीबार होलीगेट पर तांगा स्टैंड पर सन् 1977 में नुक्कड़सभा में भाषण दिया। सव्यसाची का उन दिनों रिक्शा-तांगेवालों पर गहरा असर था, इसलिए सुनने वालों में वे ही ज्यादा था, संयोग की बात थी मेरे पिता ने मुझे भाषण देते देख लिया और उन्होंने मेरा भाषण सुना और चुपचाप गुस्से में घर चले आए, मैं बाद में जब घर पहुँचा तो उन्होंने कम्युनिस्टों को जीभर कर गालियां दीं, सव्यसाची को गालियां दीं, साथ भी मुझे पीटा भी और कहा कि तुम्हारा इतना पतन होगा मैंने यह तो सोचा ही नहीं था ,तुम पंडित हो,शास्त्री हो, तुमको कथा कहनी चाहिए, प्रवचन करना चाहिए, शास्त्रार्थ करना चाहिए, यह क्या तांगेवालों-रिक्शावालों में भाषण देते घूम रहे हो, यह तुम्हारे सम्मान के अनुरुप नहीं है अगलीबार यदि मैंने तुमको कम्युनिस्टों के साथ देखा तो डंडों से पीटूँगा।
      लेकिन मैं लाचार था, मेरे दोस्त लगातार बढ़ रहे थे और सभी पर साम्यवाद का गहरा असर था और सभी अच्छे परिवारों से आते थे,धीरे धीरे मेरे मंदिर पर आने वाले लोगों ने भी पिता से शिकायत की कि पंडितजी आपका बेटा तो बिगड़ गया है, आज वहां बोलते देखा,फलां जगह भाषण दे रहा था। मैं भाषण देकर जब भी लौटकर आता तो पिता पूछते  तुम फलां जगह भाषण देने गए थे आज, मैं सच बोल देता,बस,उसके बाद मेरी कसकर पिटाई होती, बाद में मैंने सच बोलना बंद कर दिया, उसके बाद मेरे पिता जब भी पूछते थे मैं साफ कह देता कि मैं भाषण देकर नहीं आ रहा,तो वे कहते कि फलां आदमी फिर तुम्हारा नाम क्यों ले रहा था, मैं कहता वे लोग चिढ़ते हैं,इसलिए झूठी शिकायतें करते रहते हैं।
उस दौर के भाषण और आंदोलनकर्म की एक दुर्घटनाबड़ी ही दिलचस्प है। किशोरी रमण गर्ल्स डिग्री कॉलेज में छात्राओं का शानदार आंदोलन हुआ,तकरीबन 15दिन तक हड़ताल के कारण कॉलेज बंद रहा। एक दिन इस आंदोलन के दौरान में चार सौ छात्राओं का जुलूस लेकर मथुरा के जिलाधीश के घर पर गया था, जुलूस में मैं अकेला लड़का था ,बाकी चार सौ लड़कियां थीं, उन दिनों मैं मथुरा में एसएफआई का जिलामंत्री था।यह वाकया सन् 1978 का है। उस समय डीएम एस.डी. बागला थे। संयोग की बात थी गर्मी का दिन था हम सीधे  उनके बंगले पर पहुँचे लेकिन वे बंगले पर नहीं थे, लड़कियां भूखी- प्यासी थीं, पानी आदि की बंगले के बाहर कोई व्यवस्था नहीं थी। मैंने चौकीदार से पानी देने को कहा उसने मना कर दिया, मैंने लड़कियों से कहा डीएम के घर के अंदर जाओ और जबर्दस्ती पानी पीओ और जो मिले खा-पी लो, बाकी जो होगा मैं देख लूँगा। मेरे बोलते ही 400लड़कियों ने बंगले के अंदर धावा बोल दिया और पूरा बंगला हमारे कब्जे में था, आराम से खाया-पिया,डेढ़ घंटे बाद डीएम आए,बंगले का अस्त-व्यस्त सीन देखकर घबड़ाए और बोले बंद करवा दूँगा ,लड़कियां बिफरी हुईं थीं और इतनी लड़कियों को देखकर डीएम के होश उड़े हुए थे, मैंने कहा आपने यदि भूल से गलती कि तो ये लड़कियां आपको पीटेंगी, डीएम शांत हो गए, उन्होंने हमारी मांगे ध्यान से सुनीं और हमें कार्रवाई का आश्वासन देकर विदा किया। लेकिन डीएम ने मेरे पिता को संदेशा भिजवा दिया कि पंडितजी अपने बेटे को संभालिए वरना हाथ से निकल जाएगा, एक साथ इतनी लड़कियों के साथ उसका जुलूस में आना अच्छा लक्षण नहीं है। मैं शाम को घर लौटा तो पिता ने पूछा कहां गए थे मैंने झूठ बोला कि कहीं नहीं कॉलेज से आ रहा हूँ, बस फिर क्या था जमकर पिटाई हुई और कमरे में बंद कर दिया गया, (दिलचस्प बात यह थी कि डीएम मेरे मंदिर पर हर रविवार आते थे, वे पिता और मुझे जानते थे। वे अंदर से दुखी थे कि मैं कम्युनिस्ट क्यों हूँ !) लड़कियों का  आंदोलन चरम था पर मैं घर में कैद था, पिता कहीं बाहर जाने ही न दे रहे थे, बाहर सारे मित्र और कॉमरेड परेशान थे, कोई संपर्क नहीं कर पा रहा था , खैर किसी तरह दो दिन बाद में पिता को यह वचन देकर बाहर निकला कि किसी आंदोलन-जुलूस में नहीं जाऊँगा और कहीं पर भाषण नहीं दूँगा।कॉमरेडों से नहीं मिलूँगा। लेकिन मैं क्या करूँ मैं अपनी आदत से लाचार था,बाहर भाषण देता था और घर पर आए दिन पिता से पिटता था, सन् 1979 में जेएनयू जाने बाद ही पिता की पिटाई से मुक्ति मिला।  

       

गुरुवार, 23 अप्रैल 2015

श्रद्धा के बिना माकपा


                                              
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की 21वीं पार्टी कॉग्रेस हाल ही में खत्म हुई है। यह कॉग्रेस एक मायने में महत्वपूर्ण है कि इसने माकपा में श्रद्धा के नायक को अपदस्थ किया है।श्रद्धा को नहीं। प्रकाश कारात के जमाने में माकपा श्रद्धालुओं और भक्तों का दल होकर रह गया था। माकपा के नेतागण श्रद्धालुओं की तरह बातें करते थे और श्रद्धालुओं की तरह ही अविवेकवादी आचरण कर रहे थे। प्रकाश कारात को यह श्रेय जाता है उसने प्रतिबद्ध माकपा को श्रद्धालु माकपा में तब्दील किया । कहने के लिए सीताराम येचुरी महासचिव हुए हैं,लेकिन पोलिट ब्यूरो अभी श्रद्धालुओं से भरा है। इस कमजोरी के बावजूद प्रकाश कारात की श्रद्धा की नीति को कॉग्रेस ने पूरी तरह ठुकरा दिया है।साथ ही श्रद्धा के नायक को विदा किया है ,यह सकारात्मक पक्ष है। 
उल्लेखनीय है विगत दस सालों में माकपा में प्रतिबद्धता घटी, श्रद्धा और अंध-श्रद्धा बढ़ी है। इस श्रद्धा और अंध-श्रद्धा की धुरी है पार्टी का संघात्मक ढ़ांचा और अभिजात्य भावबोध। इसके कारण पार्टी में छोटे-बड़े का भेद बढ़ा है। यह माकपा की अभी भी मूल समस्या है। संघात्मक ढ़ांचे को माकपा किसी भी तरह तोड़ नहीं पाई है। इसबार की पार्टी कॉग्रेस में भी यह ढ़ांचा ज्यों का त्यों बना रहा । सिर्फ महासचिव किसी तरह इस ढ़ांचे की पकड़ के बाहर से ऊपर आ गया है। सीताराम कैसे महासचिव बने हैं यह तो पार्टी के अंदर के लोग जानें लेकिन हम बाहर से माकपा को जिस तरह देख पा रहे हैं उसके आधार पर कह सकते हैं कि सीताराम येचुरी की महासचिव के पद पर प्रतिष्ठा के साथ यदि प्रकाश कारात के श्रद्धालु कॉमरेडों की प्रकाश सहित पोलिट ब्यूरो और केन्द्रीय समिति से विदाई हो जाती तो बेहतर होता। अब मुश्किल यह है कि सीताराम को श्रद्धालुओं के साथ मिलकर फैसले लेने होंगे। 
माकपा को श्रद्धालुओं ने पोलिट ब्यूरो से लेकर निचले स्तर तक प्रदूषित किया है। कायदे से प्रकाश कारात के जमाने में जो श्रद्धातंत्र माकपा में निर्मित हुआ था उसको सर्वोच्च कमेटी से ही तोड़े जाने की जरुरत है, प्रकाश कारात सहित उन तमाम पोलिट ब्यूरो सदस्यों को पार्टीतंत्र से बाहर किया जाना चाहिए,अथवा उनको निरस्त्र किया जाय, जिन लोगों ने माकपा को श्रद्धालुओं,दलालों,प्रमोटरों और तमाम किस्म निहित स्वार्थी तत्वों की पार्टी बनाया। मसलन् ,पश्चिम बंगाल माकपा में प्रमोटर,दलाल और असामाजिक तत्वों की पकड़ संगठन पर इतनी मजबूत रही है कि पार्टी का सचिव भी उनके सामने फैसले लेने में शर्माता था। 
विगत एक दशक से माकपा की समस्या उसकी नीतियां कम और कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं खासकर महासचिव का राजनीतिक व्यवहार सबसे बड़ी समस्या रहा है। वह स्थानीयतावाद और प्रांतीयतावाद को किसी भी तरह कम नहीं कर पाया। प्रांतीयतावाद के आगे महासचिव बौना बना रहा और समूची पार्टी कभी अखिल भारतीय दल की तरह काम ही नहीं कर पाई। यहां तक कि पोलिट ब्यूरो में भी इसकी अभिव्यंजना साफतौर पर देखी जा सकती है। 
श्रद्धातंत्र ने पार्टी को रोबोट दल में तब्दील कर दिया। कॉमरेडों का रोबोट आचरण आज भी दहशत और थरथराहट पैदा करता है, उनका अहंकार आज भी मन में घृणा पैदा करता है। कॉमरेड भूल ही गए कि मौजूदा दौर पूजावाद और श्रद्धा का नहीं है। यह अविश्वास और बहस का युग है। शक दूर करने का युग है। श्रद्धा के पक्षधर पुराने ख्यालों और दस्तूरों में जी रहे हैं। उनकी समझ का यथार्थ से कोई मेल नहीं है। उनकी यथार्थ जीवन में कोई दिलचस्पी नहीं है । जबकि आज के कॉमरेड मार्क्सवाद का यथार्थ के साथ मेल देखना चाहते हैं। वे उन तमाम चीजों के बारे में सवाल खड़े करना चाहते हैं जिनको माकपा ने गढ़ा है। वे सार्वजनिक तौर पर बहस-मुबाहिशे करके चीजों के बारे में समझना चाहता है। पार्टी का माहौल बदलना चाहते हैं। उनको अ-न्याय,निजी रंजिशों और कॉमरेडों की हैवानियत से सख्त नफरत है। लेकिन श्रद्धेयनेता इन चीजों पर ध्यान देना नही देना चाहते। वे उन मसलों पर बातें करना नहीं चाहते जिनसे माकपा के कॉमरेडों का मन और सामाजिक जीवन बदरुप हुआ है। 
श्रद्धेय नेताओं ने बदरंगी रुपों को पार्टी अनुशासन और ऊपर के नेता की राय के नाम पर हमेशा ढ़ंकने की कोशिश की है। इन लोगों ने यह भावना पैदा की है कि पाटी में नेता के बिना हमारा कोई नहीं है। नेता नहीं तो तुम नहीं । 21वीं पार्टी कॉग्रेस में हो सकता है पार्टी के बदरंग भावबोध की जमकर चर्चा हुई हो, लेकिन हम नहीं कह सकते कि वहां इस पर गौर किया गया था । यदि गंभीरता से श्रद्धा और अंध-श्रद्धा के दौर की समीक्षा की जाती तो प्रकाश कारात और उनके बासी श्रद्धासुमन बाहर फेंके क्यों नहीं गए ? जिन नेताओं के आचरण के कारण पार्टी आज रसातल के मुहाने पर खड़ी है वे सभी पोलिट ब्यूरो में बरकरार क्यों हैं ? पार्टी के जिन दोषों की 21वीं कॉग्रेस में चर्चा हुई है, वे दोष, व्यक्तिविहीन नहीं हैं। उनके साथ कोई न कोई नेता जुडा रहा है, ऐसे मं सामूहिक फैसले और निजी जिम्मेदारी के सिद्धांत का पालन करते हुए दोषयुक्त कार्यकलापों को प्रश्रय देने वाले नेताओं को पार्टी की सर्वोच्च कमेटी से निकाला क्यों नहीं गया ? 
सवाल यह भी है कि प्रकाश कारात के दौर में पार्टी सांगठनिक तौर पर कमजोर हुई है या ताकतवर बनी है ? सब जानते है कि पार्टी का राष्ट्रीय स्तर से लेकर निचले स्तर तक ह्रास हुआ है, लेकिन इस ह्रास के लिए महासचिव को दण्डित क्यों नहीं किया गया ? यह कैसे संभव है कि पश्चिम बंगाल में जो नेतागण तबाही के नायक हैं वे अभी भी पोलिट ब्यूरो में बने हुए हैं , क्या पार्टी में ईमानदार लोगों की कमी है ? पार्टी के पोलिट ब्यूरो में उन लोगों को बरकरार रखा गया है जो समूची पार्टी को दलदल,कीचड़ और बदनामी में छोड़ गए हैं। 
इसका अर्थ यह भी है कि माकपा में अभी भी नेताओं के बीच में श्रद्धा की गाँठ बंधी हुई है यही वजह है संगठन में कोई उनको टस से मस नहीं कर पाया। कायदे से श्रद्धा की गांठ को तोड़ा जाना चाहिए। श्रद्धा से देवता बनाए जा सकते हैं, बुर्जुआ नेता बनाए जा सकते हैं,कम्युनिस्ट नेता नहीं बनाए जा सकते। कम्युनिस्ट नेता, श्रद्धा से नहीं बनते, वे तो प्रतिबद्धता से बनते हैं। माकपा में फिलहाल तो हमें श्रद्धा के फूल खिलते नजर आ रहे हैं। देखते हैं नया माली (सीता) पूरे बगीचे को कैसे श्रद्धासुमनों से मुक्त करता है।

गजेन्द्र की आत्महत्या से उठे सवाल


    एक व्यक्ति ने आम आदमी पार्टी की रैली के दौरान ,रैली के दायरे में ही  जंतर- मंतर पर सरेआम पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस आत्महत्या के गर्भ से अनेक सवाल उठ खड़े हुए हैं। गजेन्द्र की आत्महत्या से यह संदेश गया है कि किसान या आम आदमी की जिंदगी उतनी खुशहाल नहीं रह गयी है जितना मीडिया के जरिए प्रचार किया जा रहा है। आम आदमी की जिंदगी लगातार असंख्य परेशानियों से घिरती जा रही है। कितना भयानक दृश्य है कि जो व्यक्ति सामूहिक लड़ाई का अंग बनकर रैली में भाग लेने आया था उसके मन की थाह किसी के पास नहीं थी, वह अपनी जेब में आत्महत्या का पुर्जा लिखकर लाया था। उसने अपने किसी भी संगी-साथी को भनक तक नहीं लगने दी कि वह किस तकलीफ में है। वह सामूहिक जंग में भी  एकाकी और पराएपन में कैद था।  
      गजेन्द्र का रैली में सरेआम फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेना और रैली में शामिल हजारों लोगों का उसको देखते रहना,लंबे समय तक रैली के आयोजकों का उसकी स्थिति की ओर ध्यान न देना इस बात का द्योतक है कि हम घनघोर अमानवीय समय और अमानवीय भावबोध में डूबे नेताओं और संगठनों के बीच में जी रहे हैं। हमारा समाज अरविंद केजरीवाल जैसे नेताओं की हृदयहीन अमानवीय दशा में जीने को अभिशप्त है। मेरे लिए बेहद कष्ट की बात यह है कि 'आप' रैली में यह घटना सरेआम घटती है लेकिन किसी की आंखों में आंसू तक नहीं निकले! हमारे नेताओं के आंसू क्यों सूख गए हैं ? रैली में शामिल जनता की आंखों में आंसू क्यों नहीं थे ?  किसी किसान की आत्महत्या या किसी व्यक्ति की हत्या को देखकर हम द्रवित क्यों नहीं होते ? हम इतने अमानवीय कैसे हो गए हैं ?
  हम माँग करते हैं पुलिस की चूक के लिए दिल्ली के पुलिस प्रमुख को तुरंत हटाया जाय। केन्द्रीय गृहमंत्री इस्तीफ़ा दें। मोदी सरकार अपनी सामूहिक और मंत्री की निजी ज़िम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकती। बेशर्मी की हद है कि गृहमंत्री से मोदी ने अभी तक इस्तीफ़ा नहीं माँगा है,  पुलिस के निकम्मेपन के लिए पुलिस मुखिया को सस्पेंड नहीं किया गया है। मृतक को श्रद्धांजलि देने की मोदी को फुर्सत नहीं है। वे अस्पताल तक देखने नहीं गए।गृहमंत्री नहीं गए। मोदी सरकार की यह हृदयहीनता निंदनीय है।
      सवाल उठता है हमारे किसी भी कैमरामैन के फांसी का लाइव दृश्य लेते समय हाथ क्यों नहीं कांपे ? उसने कैमरा फेंककर मरने वाले को बचाने की कोशिश क्यों नहीं की ? क्या पेशागत दायित्व यही शिक्षा देता है कि मनुष्य को मरने दो तुम अपना काम करो। यह तो स्वार्थियों का तर्क है, अ-सामाजिक तर्क है।  
     आम आदमी पार्टी और ख़ासकर अरविंद केजरीवाल जवाब दें कि उनकी रैली में एक व्यक्ति फांसी लगाता है तो उनकी क्या कोई सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी नहीं हैं ?  वे सोचें कि उनकी उन्मादी प्रचार शैली आम आदमी को राहत देती है या फिर परेशानियों और बेचैनी में ठेलती है ?

      गजेन्द्र ने सरेआम फांसी लगाकर केजरीवाल एंड कंपनी को सरेआम नंगा कर दिया है और सीधे संदेश दिया है कि यह पार्टी हृदयहीनों का दल है। कल से लेकर आज तक मृतक के परिवार किए आर्थिक मदद की घोषणा न तो दिल्ली सरकार ने की है और न मोदी की केन्द्र सरकार ने की है। मानवाधिकार के परिप्रेक्ष्य में देखें तो यह केन्द्र और राज्य दोनों की जिम्मेदारी बनती है कि वे तुरंत आर्थिक सहायता राशि की घोषणा करें । गजेन्द्र की फांसी के लिए ये दोनों भी जिम्मेदार हैं। यदि समय रहते प्रयास किया गया होता तो गजेन्द्र को बचाया जा सकता था।  

मनुष्य "पाने" की नहीं "देने" की भावना से बचता है


आजकल जो राजनीतिक आंदोलन और रैलियां होती हैं वे आम जनता या संघर्ष में शामिल जनता के मन में कैथारसिस या विरेचन या कुर्बानी की भावना पैदा नहीं करतीं, इसके उलटे आम जनता में लालच और मोह पैदा करती हैं। राजनीतिकदलों की समूची प्रचारनीति इस बात पर टिकी  है कि येन-केन प्रकारेण आम लोगों को अपने साथ लाया जाय,वे जनता की राजनीतिक शिक्षा नहीं करते, वे उसमें त्याग की भावना पैदा नहीं करते, वे प्रचार के जरिए उसमें उन्माद की भावना पैदा करके उसके विवेक को कुंद बनाते या विवेक का अपहरण कर लेते हैं। त्याग की भावना पैदा किए किए बना  किसानों और नौजवानों में किसी भी किस्म के उल्लास की भावना पैदा नहीं की है।
        जंतर-मंतर की रैली में आया किसान कायदे से उत्साह-उमंग में घर जाता तो बढ़िया होता लेकिन वह रैली में आने के बाद गहरी निराशा और हताशा में चला गया और उसने आत्महत्या का फैसला कर लिया,हमें यह बात सोचनी चाहिए कि वामदलों की किसानसभाएं और भारतीय किसान यूनियनों की राजनीति भी कमोबेश राजनीति का वही हथकंड़ा अपना रही हैं जो राजनीतिकदल अपना रहे हैं।
        हमें गंभीरता के साथ इस सवाल पर सोचना चाहिए कि जब किसानों की समस्या पर चौतरफा बातें हो रही हों और जुलूस आदि निकल रहे हों, टीवी पर असंख्य ट़ॉक शो हो रहे हों ऐसे में किसानों में आत्महत्या का सिलसिला थम क्यों नहीं रहा , कहीं हमारी संघर्ष की राजनीति में ही कोई बड़ा दोष तो नहीं आ गया ?
   राजनीति जब अर्थवाद और अवसरवाद के पैमानों से चलने लगती है तो आम जनता में लालच-लोभ और निराशा पैदा करती है, निहित स्वार्थी भावबोध पैदा करती है। किसान ,भूमि अधिग्रहण बिल आदि मसलों पर मोदी से लेकर राहुल तक,वामदलों से लेकर केजरीवाल तक यह फिनोमिना फैला हुआ है।  ये सभी मोर्चे "देने" की बजाय "पाने" की भावना से प्रचार कर रहे हैं।  
      लोकतंत्र में पाने की भावना से लड़ी गयी लड़ाईयां हमेशा हताशा में रुपान्तरित होती हैं। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि लोकतंत्र में अधिकांश लड़ाईयों में आम जनता हारती है क्योंकि सामाजिक-राजनीतिक शक्ति संतुलन उसके पक्ष में न होकर जनविरोधी ताकतों के पक्ष में रहता है।
     कहने का अर्थ यह है कि हमें हताशा,निराशा और आत्महत्या से समाज को बचाना है तो हमें राजनीति को अर्थवाद,अवसरवाद और कारपोरेटवाद से बचाना चाहिए। जंगजू संगठनों की मुश्किल यह है कि वे कारपोरेट घरानों से लड़ना जाहते हैं लेकिन अर्थवाद और अवसरवाद के उपकरणों और रणनीतियों के जरिए। कारपोरेट घरानों को इन उपकरणों के जरिए परास्त नहीं किया जा सकता। बल्कि ये दोनों रणनीतियां तो कारपोरेट नीतियों का अंग हैं।

        हमें समग्रता में अर्थवाद,अवसरवाद और कारपोरेटवाद के खिलाफ संघर्ष की रणनीति बनानी चाहिए। इसके अलावा उन्मादी प्रचारशैली से बचना चाहिए । उन्मादी प्रचारशैली अंततः विवेक की हत्या करती है। इससे नागरिक विवेक नष्ट होता है और पशु विवेक में इजाफा होता है। उन्मादी प्रचार जितना तेज हो रहा है अविवेक का तांडव उतना ही बढ़ता जा रहा है।       

मंगलवार, 21 अप्रैल 2015

पेजथ्री मार्क्सवाद की भँवर



सीताराम येचुरी के माकपा महासचिव बनते ही मीडिया में आशा का संचार दिख रहा है। उनको कोई भिन्न खबर मिली है। हमने बहुत पहले लिखा था, फिर लिख रहे हैं,सीताराम के महासचिव बनने से माकपा सुधरने नहीं जा रही। लेकिन एक काम जरुर होगा मीडिया में माकपा जरुर नजर आएगी,क्योंकि सीता का मीडिया जनसंपर्क हमेशा से अच्छा रहा है। लेकिन माकपा को मीडिया में नहीं आम जनता में काम करना है।
     माकपा की विशाखापत्तनम कॉगेंस में ऐसा कुछ भी नया नहीं घटा जिससे लगे कि माकपा में जल्द ही कोई बड़ा बदलाव आएगा। माकपा सबसे कंजरवेटिव किस्म की कम्युनिस्ट पार्टी है, अनुदारवादी भावबोध इसमें कूट-कूटकर भरा हुआ है। माकपा में अनुदारवादियों के अलावा एक बड़ा तबका असामाजिक तत्वों का भी दाखिल हुआ है जिसने माकपा की इमेज को क्षतिग्रस्त किया है। माकपा यदि आंतरिक अनुदारवाद और असामाजिक कार्यकर्ताओं के तंत्र को तोड़ने में सफल होती है तब तो कोई नई आशा की किरन फूट सकती है वरना विशाखापत्तनम कॉग्रेस मात्र रुटिन कॉग्रेस ही मानी जाएगी।

     हम तो चाहते हैं कि माकपा यह करे, वह करे, भारत की राजनीति के केन्द्र में आ जाए,लेकिन माकपा की भौतिक परिस्थितियां ऐसी हैं कि उसे न यह करने दे रही हैं न वह करने दे रही हैं। माकपा अपनी भौतिक परिस्थितिथियों की दास है, माकपा के हमारे मित्रों को माकपा की भौतिक अवस्था का हमसे भी बेहतर अंदाजा है। यही वजह है कि माकपा अपनी पार्टी कॉग्रेस के बाद भी कोई नया नारा या कोई नया राजनीतिक कार्यक्रम आम जनता के लिए पेश नहीं करने जा रही है। यहां तक कि पार्टी के अंदर सामान्य पारदर्शिता भी अभी तक पैदा नहीं हुई है।
       मसलन् आम जनता को यह जानने का हक है कि केरल के पूर्व मुख्यमंत्री अच्युतानंदन और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य को किस कारण से पोलिट ब्यूरो से हटा दिया गया, आम जनता यह भी जानना चाहती है विमान बसु को किस गुण के कारण पोलिट ब्यूरो में बनाए रखा गया है,जबकि ये पश्चिम बंगाल में पार्टी को नष्ट करने में अग्रणी रहे हैं. तमाम किस्म के असामाजिक तत्वों और जनविरोघी कार्यों को अंजाम देने में विमान बसु के नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, उनको कायदे से पार्टी से निकाल दिया जाना चाहिए लेकिन वह पार्टी में मौजूद हैं। इस तरह के हालात में पार्टी के हमदर्दों को भविष्य में कोई आशा की किरण नजर नहीं आती। माकपा जबतक पार्टी के नियमों को भंग करने वाले नेताओं को पोलिट ब्यूरो में बरकरार रखती है वह किसी भी तरह अपनी खोई साख हासिल नहीं कर सकती।

      माकपा के अनेक सदस्यों की स्थिति यह है कि वे फेसबुक पर पार्टी की समस्याओं पर खुलकर चर्चा कर नहीं करते, देश की समस्याओं पर उनको लिखने की फुर्सत नहीं है या फिर उनका मानना है फेसबुक आदि नॉनसेंस मीडियम है ! गंभीर काम तो जुलूस निकालना और पार्टी ऑफिस में बैठना है !  सोशलमीडिया  कम्युनिकेशन को वे अपराध या पार्टी का अनुशासन भंग समझते हैं। फेसबुक को वे पापबुक समझते हैं। इसलिए दबी नजर से देखते हैं,दबे दबे से लिखते हैं, खुलकर बोलने और लिखने में उनको तकलीफ होती है, उनको लगता है फेसबुक लेखन तो मार्क्सवाद का विसर्जन है ! 
     यदि फेसबुक आदि जनमाध्यमों को लेकर स्पष्टवादिता और अभिव्यक्ति की आजादी का इस्तेमाल न कर पाने की अवस्था रहती है तो हम तो यही कहना चाहते हैं कि माकपा के मित्रगण अभी माकपा के चौखटे के बाहर निकले ही नहीं हैं उनको भारत के संविधान के आईने में अपने को नागरिक की तरह देखने की आदत और संस्कार डालने की जरुरत है, वे पार्टी मेम्बर पीछे हैं ,नागरिक पहले हैं। उनके पार्टी के अधिकारों से ज्यादा महत्वपूर्ण हैं, नागरिक के अधिकार ।
     माकपा के अधिकांश सदस्यों में नागरिक अधिकारचेतना अभी विकसित ही नहीं हो पायी है, वे हमेशा पार्टी के आतंक,प्रेम और श्रद्धा  में जीते हैं, पता नहीं उनके अंदर नागरिक चेतना, नागरिक श्रद्धा और नागरिक कम्युनिकेशन की भावना कब पैदा होगी ?कॉमरेड अच्छा पार्टी मेम्बर वही है जो अच्छा नागरिक भी है। कॉमरेडशिप से नागरिकता महान है, समझ लो वरना बाद में पछताओगे!1


माकपा के संदर्भ में राजनीति के अपराधीकरण का सवाल सबसे प्रमुख सवाल है। विशाखापत्तनम कॉग्रेस इस सवाल पर टो टूक फैसला लेने में असमर्थ रही है, बल्किमाकपा में राजनीति के अपराधीकरण के लिए जो जिम्मेदार  हैं वे पोलिट ब्यूरो में रख लिए गए हैं। उनलोगों को संगठन में बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है जो माकपा के अपराधीकरण के खिलाफ बोल रहे थे। का.अच्युतानंदन उनमें से एक हैं। पहले यही गति स्व. नृपेन चक्रवर्ती की हुई और दोनों मौकों पर प्रकाश कारात की बड़ी भूमिका रही है।

रविवार, 12 अप्रैल 2015

भूरा के सर्जक


          मेरा जन्म परंपरागत परिवार में हुआ,घर में दादी का वर्चस्व था, वही परिवार की मुखिया थी और उसने ही परिवार के सभी महत्वपूर्ण फैसले लिए। मेरे निर्माण में मेरी माँ के अलावा दादी और बुआ की बहुत बड़ी भूमिका रही है। बचपन में स्त्रीमन को पढ़ने के सूत्र मुझे इन तीनों से ही मिले। परिवार की स्त्रियां बच्चे के मन को  रचती हैं । मैं 13-14 साल की उम्र से ही सुबह चार बजे उठ रहा हूँ। सुबह उठाने का काम माँ और दादी करती थी,इन दोनों की जिम्मेदारी थी कि मैं सुबह उठूँ और पढ़ूँ. वह सिलसिला आज तक बना हुआ है। मैं सुबह उठकर सो न जाऊँ इसलिए मुझे एक गिलास में  रोज चाय मिलती थी जिसमें तेज काली मिर्च हुआ करती थीं। बेहतर बात यह थी कि मेरे लिए एक छोटा कमरा अलग से बनवा दिया गया था जिसमें मैं अकेले सोता था,मेरे लिए एक रेडियो ,एक टेबिल लैंप, कुर्सी-टेबिल की व्यवस्था कर दी गयी थी ।   
      मेरा जन्म संयुक्त परिवार में हुआ था, जिस मकान में जन्म हुआ वह तीन आंगन का  था और उसमें आठ कमरे थे । लंबी छतें थीं। घर में एक भी पंखा नहीं था, एक छोटी सी घड़ी थी । परिवार के पालन-पोषण का आधार परंपरागत यजमानी थी । साथ में चर्चिका देवी के मंदिर से भी कुछ आमदनी हो जाती थी। मैंने जेएनयू में दाखिला लेने के पहले तक अधिकांश समय वे ही कपड़े पहने जो मंदिर पर चढ़ावे में आते थे। कभी-कभार मेरे लिए बाजार से लट्ठे का कपड़ा खरीदकर पायजामा बनवा दिया जाता था बाकी मंदिर पर चढ़े कपड़े के शर्ट या कुर्ता बनाकर पहनता था। संयोग की बात थी कि मेरे परिवार में और भी बच्चे थे लेकिन उन सबको बाजार से अच्छे कपड़े खरीदकर बनवाए जाते थे । मेरी माँ गूंगी और बहरी दोनों थी लेकिन देखने में बहुत सुंदर थी, वह जब तक जिंदा रही,मैं अधिकांश समय उसके ही साथ रहता था.वह अकेला छोड़ती ही नहीं थी,उसकी आंखों के सामने खेलना,कूदना, पतंगें उड़ाना, यमुना किनारे घाटों पर खेलना, नदी में नहाना,दोस्तों के साथ क्रिकेट और शतरंज खेलना आदि सब कुछ उसकी आंखों के सामने होता था। वह जब नानी के घर जाती थी तो अधिकांश समय अपने साथ लेकर जाती थी । एक तरह से वह छाया की तरह हमेशा साथ रहती थी। मैं एकमात्र स्कूल अकेले जाता था ,बाकी समय मेरे समय और साथ की मालिक मेरी माँ थी । मैं कल्पना ही नहीं कर सकता था कि वो रहेगी और मुझे अकेला छोड़ देगी । वह मुझे सब कुछ करने देती थी ,मैं जो चाहता था वह मुझे मिलता था,मेरी हर रुचि का ख्याल रखती थी। पिता चाहते थे कि मैं पंडिताई सीखूँ और अच्छा पंडित बनूँ ।जबकि पंडित बनना मेरी रुचि का अंग नहीं था लेकिन मैं नहीं जानता था कि मैं क्या बन सकता हूँ। यह संयोग की बात है कि सन्1976 में माँ की मृत्यु के बाद मैंने खेलना बंद कर दिया।   मैंने उसी साल शास्त्री की परीक्षा पास की थी।माँ की मृत्यु के एक सप्ताह पहले परीक्षा परिणाम आया था। वह बेहद खुश थी,उसके साथ हम फिल्म देखने गए थे।वह जब तक जिंदा रही जन्मदिन मनाया जाता था। वह मेरे शास्त्री होने पर बेहद खुश थी। उसकी मृत्यु ने परिवार की अपूरणीय क्षति की,मेरा बचपन एक ही झटके में गायब हो गया।
       मथुरा में घरों की बनाबट और स्थापत्यकला की यह विशेषता थी कि सारा शहर छतों से जुड़ा हुआ था। प्रत्येक मकान की छत एक-दूसरे से जुड़ी थी। यह विलक्षण बात थी कि मथुरा में आप छतों के जरिए सारा शहर घूमकर आ सकते थे । छत से छत का जुड़ने का अर्थ है पड़ोसियों के दिल मिले हुए हैं। इन दिनों छतों के बीच में दीवारें आ गयी हैं और दिलों में भी दीवारें हैं।
      गली दशावतार में घर होना बड़े सौभाग्य की बात थी,तकरीबन हर घर में कुँआ था और कई धर्मशालाएं थीं,गली के ठीक सामने यमुना किनारा और लोकप्रिय सतीघाट-सतीबुर्ज था।यह हमलोगों की पारिवारिक धरोहर भी है, पुरखों को कभी तीन घाट दान में मिले थे । नगरपालिका में आज भी पिता के नाम ये तीन घाट दर्ज हैं। मथुरा के घाटों की चर्चा फिर कभी। ये तीनों घाट मथुरा के पवित्रतम घाट विश्रामघाट के साथ जुड़े हैं।
    मेरे घर से सटा हुआ घर दयानंद सरस्वती के गुरु स्वामी विरजानंद सरस्वती का है, बचपन से मैं विरजानंद सरस्वती के किस्से सुनकर बड़ा हुआ। ठीक एक घर छोड़कर कानपुर वालों का घर है गली के नुक्कड़ पर उसमें एक जमाने में 'हरे राम हरे कृष्ण' सम्प्रदाय के संस्थापक संत वर्षों रहे, मैं बचपन में उनसे अनेकबार बालसुलभ बहसों में उलझ चुका हूँ । बचपन का सबसे सुंदर समय वह भी था जब प्रिय वैदिक विद्वान दत्तात्रेय कुंठे जी महाराज रोज मेरे मंदिर पर दर्शन करने आते थे और मैं उनको प्रणाम करता और वे मेरे पिता को प्रेरित करते कि मुझे सामवेदी होने के कारण सामवेद पढाया जाय। स्वयं दत्तात्रेयजी वेदों के विलक्षण विद्वान थे। उनसे मेरे पिता पढ़े थे, मैंने भी बचपन में उनकी कक्षाएं कीं, वेद पढ़े । बचपन का दूसरा रोचक समय वह  था जब करपात्री जी महाराज मथुरा आते थे और जितने दिन मथुरा रहते मेरे मंदिर दोपहर में दर्शन करने आते, पिता के साथ जमकर शास्त्रचर्चा करते ,आमतौर पर दोपहर में यह होता था, मैं हमेशा आश्चर्य के साथ करपात्री जी की बातें सुनता था और मजे लेता था, शास्त्रज्ञान तो एकदम नहीं था लेकिन उनकी बातों से मेरा मन बहुत बहलता था। उनकी बोलने की शैली बहुत ही मधुर और तार्किक हुआ करती थी। करपात्री जी मेरे पिता से बातें करते समय यदि मैं नजर नहीं आता था तो वे कहते थे कि बेटे को बुलाओ,आशीर्वाद दूँगा। इस चक्कर में मैं अपनी दोपहर की नींद से अनेक दिन वंचित हुआ और मुझे पांडित्य के साथ संवाद-विवाद की कला को सीखने का मौका मिला।
मजेदार बात यह है कि मैंने राहुल सांकृत्यायन की करपात्री जी के विचारों पर लिखी किताब रामराज्पय और मार्क्सवाद पढी नहीं थी उस समय लेकिन मैं उनसे सहमत नहीं था, जबकि मैं उनका करीबी था, रामराज्य परिषद की ओर से प्रचारकरते थे चुनावों में मुझे पता नहीं क्यों रामराज्य परिषद मनोरंजक दल लगता था ।
  यह भी रोचक घटना है राधामोहन चतुर्वेदी, कांग्रेसी नेता,बड़े स्वाधीनता सेनानी थे और हमारे मंदिर पर नियमित आते थे और उनसे भी जमकर पुरानी कहानियां सुनने को मिलती थीं, राधेश्याम चतुर्वेदी,एडवोकेट सोशलिस्ट थे और कैलाशनाथ चतुर्वेदी ठेकेदार,कम्युनिस्ट थे और ये सभी हमारे मंदिर पर आते थे,इनसे भी जमकर साम्यवाद और लोहिया के बचपन में किस्से सुने ।यह बचपन ही था जिसमें मनीराम बागड़ी जैसे सोशलिस्ट नेता को भी करीब से जानने और सुनने का मौका मिला। कांग्रेस के बड़े नेताओं में लक्ष्मीरमण आचार्य (यूपी के वित्तमंत्री) और दयालकृष्ण एडवोकेट (  यूपी में मंत्री बने ) नियमित हमारे मंदिर पर आते थे और उनसे रोचक राजनीतिक कहानियां सुनने और विवाद करने का मौका मिला । 
मेरे बचपन में मुश्किल यह थी कि मेरे मंदिर पर दर्शन करने आने वालों में संस्कृत के विद्वान बहुत आते थे और वे ही मेरे ज्ञान संचार और संवाद का आधार बने। कालान्तर में मुझे उन सभी विद्वानों से पढ़ने का मौका भी मिला। इस तरह प्राचीन ज्ञान परंपरा मुझे सहज ही घर बैठे मिल गयी। वैदिक विद्वानों में दत्तात्रेय कुंठे जी महाराज, लालनकृष्ण पंड्या,दर्शन के विद्वान सवलकिशोर पाठक, व्याकरण के विलक्षण विद्वान् बलदेव चतुर्वेदी ,संस्कृत साहित्य के वनमाली शास्त्री,कृष्णचन्द्र चतुर्वेदी और सिद्धात ज्यौतिष के प्रखर विद्वान संकटाप्रसाद उपाध्याय से तेरह वर्षों से प्रथमा से लेकर आचार्य पर्यंत श्री माथुर चतुर्वेद संस्कृत महाविद्यालय में पढ़ने का मौका मिला। इसी कॉलेज में हिन्दी के शिक्षक मथुरानाथ चतुर्वेदी से प्रथमा से लेकर शास्त्री पर्यन्त हिन्दी पढ़ी। मथुरानाथ चतुर्वेदी राजनीतिक तौर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के संस्थापक नेताओं में थे, वे मथुरा में जनसंघ के निर्विवाद नेता थे,उनसे राजनीतिक विषयों पर बातें करते हुए राजनीति का सबसे पहले परिचय हुआ और वे ही मुझे सोवियत समाजवादी साहित्य और वहां से प्रकाशित पत्रिकाएं नियमित दिया करते थे,माकपा नेता  सव्यसाची से तो बहुत बाद में आपातकाल में मुलाकात हुई ।दिलचस्प बात यह थी कि मथुरानाथ जी ने मुझे कभी आरएसएस का साहित्य पढ़ने को नहीं दिया और नहीं आरएसएस की विचारधारा मानने के लिए कहा,वे हमेशा सामान्य राजनीतिक विषयों पर राय व्यक्त करते थे और मैं आमतौर पर उनसे मतभिन्नता रखता था।         




गुरुवार, 9 अप्रैल 2015

गऊमांस,तम्बाकू,प्राइम टाइम सिनेमा और राज्य आतंकवाद

 जन-जागरण के काम को  हमारे नेतागण कानून और पुलिस के सहारे करना चाहते हैं। इससे सामाजिक जारुकता पैदा नहीं होगी । सामाजिक जागरुकता के लिए घरों से निकलो ,लोगों से मिलो और समझाओ और यह काम निरंतर करो। लेकिन इतना परिश्रम करने का समय किसी भी दल के पास नहीं है। खासकर जो चीजें आम लोगों के खान-पान और आदतों में हैं उनको छुड़ाने के लिए जमीनी स्तर से लेकर टीवी तक प्रचार अभियान तेज करो। यह सब करने की बजाय राजनेताओं ने सीधे कानून बनाकर आम जनता के जीवन पर हमला करना आरंभ कर दिया है। यह राज्य आतंकवाद है। 
      मसलन्, संघ परिवार को गऊ मांस नापसंद है तो इसका मतलब यह नहीं है कि आप सीधे गऊमांस बंद कर देंगे। भारत में यह संभव नहीं है। यदि ऐसा करेंगे तो लाखों चमड़ा मजदूर भूखे मर जाएंगे। अकेले महाराष्ट्र में गऊहत्या पर पाबंदी से कोल्हापुरी चप्पल का उद्योग बंद हो गया है। लाखों परिवारों के घरों में राशन-पानी बंद हो गया है। यही हाल बाकी देश का है। यदि संघ परिवार सच में गऊहत्या रोकना चाहता है तो जन-जागरण करे और आम लोगों को समझाए कि वे गऊ मांस न खाएं। लेकिन कानूनी आतंकवाद का सहारा न ले। यही बात हम दिल्ली में तम्बाकू उत्पादों की बिक्री पर लगी पाबंदी पर भी कहना चाहते हैं। तम्बाकू का लोग इस्तेमाल न करें, यह आम आदमी पार्टी का चेतना अभियान तो हो सकता है, कानूनी अभियान नहीं। इस तरह की कानूनी बंदिशों से तम्बाकू उत्पाद बिकने बंद नहीं होंगे, बल्कि खुलेआम ब्लैक में बिकेंगे। दूसरी ओर हजारों लोगों के रोजगार पर भी बुरा असर होगा। कहने का तात्पर्य यह है कि राजनेता यदि अपने विचारों के अनुरुप समाज बनाना चाहते हैं जो सामाजिक जन-जागरण करें,कानूनी आतंकवाद का सहारा न लें।
       आरएसएस और उससे जुड़े संगठनों में कानूनी आतंकवाद का सहारा लेने की प्रवृत्ति सबसे प्रबल है, वे कानून के नाम पर आम जनता,व्यापार और दैनंदिन जीवन में अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।मसलन् ,महाराष्ट्र सरकार ने प्राइम टाइम समय में मराठी फिल्म दिखाने का आदेश जारी करके व्यापार के हक पर हमला बोला है।  किस समय कौन सी फिल्म दिखायी जाएगी यह हॉल का मालिक तय करेगा ,सरकार नहीं।यदि आम लोगों के जीवन में सरकारें इस तरह हमले करेंगी तो वे दिन दूर नहीं जब गली-मुहल्लो में संघ के बंदों को आम जनता घेरेगी ।
       संघ परिवार ने कानून आतंकवाद का जिस तरह इस्तेमाल आरंभ किया है वह हमारे संविधान की बुनियादी भावनाओं के खिलाफ है। सरकार में आने के बाद से संघ परिवार और उसके विभिन्न संगठन विभिन्न स्तरों पर आम जनता के जीवन में कानूनी हमले कर रहे हैं , यह संविघान और लोकतंत्र विरोधी काम है। उनके इस काम की जो लोग आँखें बंदकरके प्रशंसा कर रहे हैं या समर्थन कर रहे हैं,वे असल में संघ के भोंपू का ही काम कर रहे हैं। हम तो यही कहना चाहते हैं कि संघ को यदि आम जनता के जीवन का वैविध्यपूर्ण जीवन पसंद नहीं है तो वह अपना देश और अपनी जनता भारत के बाहर चुन ले।भारत में रहना है तो संविधान का पालन करना होगा। आम जनता के वैविध्यपूर्ण जीवन,खान-पान,जीवनशैली,धर्म आदि को नतमस्तक होकर मानना होगा । 

विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...