जगदीश्वर चतुर्वेदी। कलकत्ता विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग में प्रोफेसर। पता- jcramram@gmail.com
शनिवार, 22 अगस्त 2009
मीडिया अवधारणाएं और सामाजिक भूमिका
सबसे बड़ी समस्या है सही पदबंध के प्रयोग की।आम तौर पर हम 'मीडिया' , 'मासमीडिया','जनसंचार' , 'संचार' ,या 'संप्रेषण के माध्यम' पदबंध का मनमाना प्रयोग करते हैं।किन्तु ये सभी पदबंध एक -दूसरे के पर्यायवाची नहीं हैं।किन्तु हिन्दी में इनका बड़े उदार ढंग़ से पर्यायवाची के तौर पर शिक्षितों में प्रयोग मिलता है। 'मीडिया' को हिन्दी में 'माध्यम' , 'कम्युनिकेशन' को 'संचार', 'मास कम्युनिकेशन' को 'जनसंचार','मासमीडिया 'को 'जनमाध्यम' कहते हैं। संक्षेप में इन पदबंधों के अवधारणात्मक स्वरुप पर ध्यान दें।
माध्यम- संकेतों और संदेशों को रुपान्तरित करने वाले उपकरण माध्यम कहलाते हैं।इनमें कच्ची सामग्री,तथ्यपूर्ण सामग्री को आधार बनाया जाता है।विभिन्न माध्यम रुपों की प्रकृति अलग- अलग होती है।वह माध्यम तकनीक पर निर्भर होती है। ए. हर्ट ने तीन तरह के माध्यम रुपों की चर्चा की है।ये हैं-1. प्रस्तुतिपरक माध्यम ,2.प्रतिनिधिमूलक माध्यम ,और 3.तकनीकपरक माध्यम।
प्रस्तुतिपरक माध्यम के लिए ' फेस टु फेस' ,संप्रेषक की जरुरत होती है , जैसे संवाद के लिए। जबकि प्रतिनिधिमूलक माध्यम संदेश को धारण करने या जमा करने में समर्थ होता है। उसका दूर से प्रसारण पर जोर होता है। साथ ही इससे हिस्सेदारी निभाने वाले की अनुपस्थिति में पुनरुत्पादन किया जा सकता है।मसलन्, टेलीग्राम ,समाचार पत्र ,कार्टून ,पत्रिकाएं प्रतिनिधिमूलक माध्यम हैं।इनका प्रतीकात्मक कोड के रुप में मुद्रण ,ग्राफिक्स और फोटोग्राफी के माध्यम से प्रस्तुति होती है। इनका प्रस्तुतिमूलक माध्यम से अंतर होता है।यह संदेश की पुनरुत्पादन की तकनीक पर निर्भर करता है।इन तीनों माध्यमों में कुछ बातें 'कॉमन' हैं।
1. सभी माध्यम 'कोड' का इस्तेमाल करते हैं।
2. विभिन्न 'कोड' का विभिन्न माध्यम विभिन्न तरीके से प्रयोग करते हैं। मैकलुहान ने इस सूची में कार ,घड़ी ,कपड़ों को भी शामिल किया है।इनके प्रयोग से संदेश संप्रेषित होता है।
संदेश के ग्रहण ,संचय ,प्रक्षेपण एवं प्रस्तुति के सभी साधन और प्रविधियां माध्यम हैं।इसी परिप्रेक्ष्य में मनुष्य की भाषा और कानों को भी माध्यम कहा जा सकता है। जबकि रेडियो 'कोडीफाइड' संकेतों को वायुतरंगों के जरिए प्राप्त करने का स्वाभाविक माध्यम है।इसी तरह चर्च और संग्रहालय को माध्यम के रुप में देखा जाता है। कुछ माध्यम ऐसे हैं जिन्हें हाथ में उठाकर ले जा सकते हैं।मसलन्,रेडियो,कैमरा आदि।कुछ ऐसे भी हैं जिनका एकांत में प्रयोग संभव है,जैसे किताब।कुछ माध्यम ऐसे भी हैं जो सार्वजनिक हैं जैसे सर्कस।कुछ साधारण हैं जैसे मनुष्य की श्रवणेन्द्रियां। कुछ माध्यम लोगों के परिवहन के काम आते हैं ,जैसे राष्ट्रीय राजमार्ग,सड़क वगैरह जो लोगों को इकट्ठा करते हैं ,चलता-फिरता बनाते हैं।यानी माध्यम में वह सब शामिल है जो संदेशों को सर्जित करे,संचित करे और संप्रेषित करे।संप्रेषण संदेशों का खास व्यक्तियों या निश्चित व्यक्तियों में होता है। इसके 'आदि' और 'अंत' को हम जानते हैं। जनसंचार- अज्ञात को संबोधित संदेशों के प्रसारण को जनसंचार कहते हैं। यही वजह है कि रेडियो,टीवी प्रसारण को जनसंचार कहते हैं।जबकि डाक-तार,टेलीफोन से संचार और जन संचार दोनों ही संभव हैं।ये अमरीकी माध्यम विशेषज्ञों की मान्यताएं हैं।
संचार- एस.ए.थ्योडोरसन और ए.जी. थ्योडोरसन ने''ए मॉडर्न डिक्शनरी ऑफ सोशियोलॉजी'' (1969)में लिखा कि किन्हीं विचारों,व्यवहारों,और भावनाओं का एक व्यक्ति से अथवा एक समुदाय से दूसरे व्यक्ति या समुदाय से संकेतों के माध्यम से किया गया संप्रेषण ही संचार है। इ.ओसगोड एवं अन्य द्वारा संपादित ''दि मेजरमेंट ऑफ मीनिंग'' (1957) में संचार की परिभाषा देते हुए लिखा सामान्य अर्थों में जहां संप्रेषण की एक व्यवस्था हो तो संचार होता है। जब कि जी.वी.गर्बनर ने ''मासमीडिया एंड ह्यूमन थ्योरी'' (1967) में लिखा संदेश के जरिए किए गए प्रत्येक सामाजिक संपर्क को संचार कहते हैं।आम अर्थ में संचार का अर्थ है प्रेषक,चैनल,संदेश,ग्रहणाकर्त्ता,संप्रेषक और ग्रहणकर्त्ता का संबंध, प्रभाव,संचार का संदर्भ, मंशा आदि।
रेमण्ड विलियम्स ने संचार को संप्रेषण और ग्रहण की संज्ञा दी और माना कि सामाजिक संस्थानों और रुपों के जरिए विचारों,सूचनाओं और दृष्ष्टिकोण का व्यक्ति से व्यक्ति को संप्रेषण ही संचार है।कोलिन चेरी ने ''ऑन ह्यूमन कम्युनिकेशन'' कृति में संचार को मूलत: सामाजिक क्रियाकलाप की संज्ञा दी। इसमें भाषिक संरचनाओं और सामाजिक मूल्यों को जोड़ा।
चेरी का मानना है संचार में कोड,प्रतीक आदि को भी शामिल करना चाहिए। कायदे से संचार का अर्थ है व्यवहार की अनुभूति या जीवन शैली की अनुभूति।जबकि यूनेस्को द्वारा गठित मैकब्राइट कमीशन ने विचारों,तथ्यों,और आंकडों के संप्रसारण और सहभागिता को संचार माना। रेमण्ड विलियम्स एवं एस. हाल का मानना है संचार या जनसंचार की बजाय संस्कृति पदबंध का प्रयोग किया जाना चाहिए। रेमण्ड विलियम्स का मानना है
'जनसंचार' पदबंध का प्रयोग तीन कारणों से हानिकारक है। 1.यह कुछ निश्चित एवं विशिष्ट क्षेत्रों तक सीमित कर देता है। मसलन्, रेडियो, फिल्म,टी.वी.आदि।कायदे से भाषण और लेखन के समूचे क्षेत्र को इसमें शामिल किया जाना चाहिए। 2.दूसरा , 'मास' का हमारी भाषा में कमजोर अर्थों में प्रयोग होता है। इस तरह का प्रयोग 'मास ऑडिएंस'को विशेष आधुनिक संचार और परंपराओं एवं रुपों के संदर्भ में विश्लेषण से वंचित करता है।
3. 'ऑडिएंस' को 'मास' के रुप में देखता है।
अर्माण्ड मेतलार्त का मानना है बुर्जुआ समाजशास्त्री 'कम्युनिकेशन मीडिया', 'मास कम्युनिकेशन' या 'मासमीडिया' पदबंध का प्रयोग करते समय यह दर्शाने की चेष्टा करते हैं कि ये पदबंध राजनीतिक और आर्थिक तौर पर तटस्थ हैं। इस तरह वे संचार के उपकरणों में निहित भौतिकता को छिपाने की कोशिश करते हैं।उसके गैर- भौतिक पहलुओं पर ज्यादा जोर देते हैं।माध्यम उत्पाद को संचार उत्पादन की प्रक्रिया के रुप में पेश करते हैं। उल्लेखनीय है कि उत्तरी अमरीका के समाजविज्ञान के पितामह हर्टन कुली ने विभिन्न किस्म के तकनीकी विकासों जैसे रेल,टेलीग्राफ आदि में प्रयुक्त धारणाओं को मिलाकर ''मीन्स ऑफ कम्युनिकेशंस'' की धारणा बनायी थी। बाद में उत्तरी अमरीका के समाजविज्ञान ने उसे भुला दिया। इस अवधारणा में निहित वास्तविक अर्थ को भुला दिया। सिर्फ व्यावहारिक अर्थ को ग्रहण कर लिया।
उल्लेखनीय है 19वीं शताब्दी में जितने भी तकनीकी रुपों का उदय हुआ,उनकी सामान्य विशेषता है 'आक्रमण' और 'विनिमय'। इसी तकनीकी विकास की अगली कड़ी है टेलीविजन,फिल्म,रेडियो,उपग्रह चैनल आदि। कहने का तात्पर्य यह है कि संचार या जनसंचार या माध्यम की बजाय संस्कृति पदबंध का प्रयोग समीचीन होगा। संचार पदबंध ज्यादा अस्पष्ट है।यह हमें समूची आलोचनात्मक,व्याख्यापरक और तुलनात्मक पध्दति से अलग कर देता है। जबकि ये क्षेत्र मानवविज्ञान और साहित्य के प्राण हैं।
मीडिया समीक्षा के सामने इस समय अनेक मुद्दे गौरतलब हैं। इनमें सबसे ज्वलंत मुद्दे है- माध्यम साम्राज्यवाद ,सांस्कृतिक साम्राज्यवाद और विकास।
माध्यम साम्राज्यवाद- माध्यम साम्राज्यवाद नया फिनोमिना नहीं है।यह उतना ही पुराना है जितना पुराना औद्योगिक पूंजीवाद है। द्वितीय विश्वयुध्द के बाद इस फिनोमिना का तेजी से विकास हुआ। समाचार एजेंसियों,फिल्म और विज्ञापन जगत में इसकी जड़ें बड़ी पुरानी हैं।टेलीविजन और संचार की नई प्रणालियों के आने के बाद इसने विगत 40 बर्षों में दुनिया के प्रत्येक क्षेत्र में धावा बोला है।खासकर आर्थिक उदारीकरण के बाद राष्ट्रीय पाबंदियां हटा दी गईं जिससे उपग्रह प्रसारण और केबल प्रसारणों का अबाध प्रवाह आम लोगों के घरों में घुस आया। सवाल उठता है कि इसका विकल्प क्या है ?क्या इसका प्रत्युत्तर संभव है ?इसका प्रत्युत्तर है ''संप्रेषण का अधिकार''। इस अधिकार की प्राप्ति के लिए आम लोगों को,राष्ट्रों को गोलबंद करना होगा।
यूनेस्को के इतिहास पर नज़र ड़ालें तो पाएंगे कि 1990 के बाद के बर्षों में 'संप्रेषण के अधिकार' का मुद्दा एजेंडे से गायब है।खासकर विंडोक(1991)और अल्माआता(1992)के घोषणापत्रों में संप्रेषण के अधिकार को शामिल नहीं किया गया।उल्लेखनीय है बेलग्रेड में 1980 में '' संप्रेषण के अधिकार ''पर यूनेस्को सम्मेलन हुआ था।इस सम्मेलन में पारित प्रस्ताव में कहा गया ''आम जनता,जातीय और सामाजिक समूहों के संप्रेषण के अधिकार का सम्मान करना चाहिए। इनकी सूचना के स्रोत तक पहुंच हो, संप्रेषण प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी हो।''
संप्रेषण के अधिकार का मतलब है सूचना प्राप्ति का अधिकार,सामाजिक सुरक्षा का अधिकार, फैसले कुन कमेटियों में आम जनता की शिरकत का अधिकार और सामूहिकता का अधिकार।ये चारों अधिकार अंतर्ग्रथित हैं। 'अधिकार' की चर्चा करते समय ध्यान रखें कि 'अधिकारों की सीमा' पर जोर देने के कारण 'अधिकार' की मूलभावना क्षतिग्रस्त होती है। अधिकारों की सीमा बांधने से मामला बिगड़ जाता है।अधिकारों की सीमा वहां तक है जहां तक वे सुरक्षित हैं।अमूमन अधिकारों की सीमा बांधने के बहाने राजसत्ता के अधिकार बढ़ाने की कोशिश की जाती है। फिशर ने '' दि राइट टु कम्युनिकेट: ए स्टेट्स रिपोर्ट सीरिज रिपोर्ट्स पेपर्स ऑन मासकम्युनिकेशन 94''में लिखा कि ''संप्रेषण के अधिकार' का पश्चिमी राष्ट्रों ने मूलत: विरोध किया।ये राष्ट्र मानते थे कि 'संप्रेषण के अधिकार' नई सूचना और संचार व्यवस्था का अंग हैं।इस व्यवस्था को वे संदेह की नज़र से देखते थे।...यहां तक कि कुछ समाजवादी राष्ट्रों और तीसरी दुनिया के कुछ मुल्कों ने'संप्रेषण के अधिकार ' को संदेह की नजर से देखा। इस अधिकार के विरोध का मुख्य कारण यही था कि मौजूदा सूचना प्रवाह के असंतुलन को रहने दिया जाय,जिससे पश्चिमी तकनीकी और सूचना की महत्ता बनी रहे,पश्चिमी मूल्यों की महत्ता बनी रहे।'' माध्यम साम्राज्यवाद के खिलाफ संघर्ष अंतत: सांस्कष्तिक साम्राज्सवाद और विशेष रुप से अमरीकी प्रभुत्व के खिलाफ संघर्ष से जुड़ा है।
सांस्कृतिक साम्राज्यवाद- इस पदबंध का प्रयोग सन् 1960 के आसपास शुरु होता है। ए.मेतलार्त ने '' कम्युनिकेशन एंड क्लास स्ट्रगल'(1979)में लिखा कि यह उत्पत्तिमूलक अवधारणा है।यह बृहत्त्तर अर्थ को व्यक्त करने वाली संवृति है।इसका अर्थ है विदेशी संस्कृति,आदतों,अभिरुचियों,राजनीतिक एवं आर्थिक मूल्यों का घरेलू संस्कृति की कीमत पर प्रचार-प्रसार। अधिकांश माध्यम विशेषज्ञों ने इसके आर्थिक पक्ष की मीमांसा की है। जबकि सांस्कृतिक पक्ष सबसे ज्यादा महत्व रखता है। सांस्कृतिक प्रभुत्व के कारण ही साम्राज्यवाद अपना राजनीतिक एवं आर्थिक प्रभुत्व बनाए रखने में सफल हो जाता है।
मार्टिन वर्कर ने ''कॉमिक्स :आइडियोलॉजी,पावर एण्ड दि क्रिटिसिज्म'' (1989)में लिखा कि सांस्कृतिक साम्राज्यवाद की शायद ही स्पष्ट परिभाषा मिले।फिर भी इसका अर्थ है साम्राज्यवाद के नियंत्रण को सांस्कृतिक रुपों एवं मालों के निर्यात एवं समर्थन से बनाए रखना। सांस्कृतिक साम्राज्यवाद की अधिकांश अध्ययन सामग्री टेलीविजन ,रेडियो,विज्ञापन,फिल्म, पत्रकारिता, उपग्रह चैनलों,विज्ञान एवं मनोरंजन पार्कों के अध्ययन से निकली है।यही वजह है कि माध्यम साम्राज्यवाद के साथ इसका अभिन्न संबंध है।इन दोनों धारणाओं के केन्द्र में जनमाध्यम एवं सांस्कृतिक माल हैं।दोनों का बहुराष्ट्रीय कंपनियों से गहरा संबंध है। दोनों को व्यापकता प्रदान करने में भूमंलीकरण ,विश्व बैंक,अंतर्राष्ट्रीय मुद्राकोष और गैट समझौते ने मदद की है।
सांस्कृतिक साम्राज्यवाद की केन्द्रीय विशेषता है कि वह व्यक्ति को उसके प्राथमिक समूह से पृथक् करता है,उसकी समूह के साथ प्रासंगिकता,संगति और समाधानों को अप्रासंगिक बना देता है।फलत: व्यक्ति अकेला होता है और पूंजीवादी मूल्यों के आगे आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर होता है।इस समर्पित व्यक्ति को इजारेदारियां अपना निशाना बनाती हैं।उसे माल के साथ एकीकृत करती हैं।साथ ही आर्थिक निर्भरता पैदा करती हैं।अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अमरीका के साथ सैन्य सहयोग के लिए मजबूर करता है।ध्यान रहे सांस्कष्तिक साम्राज्यवाद शिक्षा के जरिए आधार बनाता है।अत: सबसे पहले शिक्षा व्यवस्था में इसके विकल्प खोजे जाने चाहिए।
विकास- माध्यम समीक्षा का एक स्कूल ऐसा भी है जो माध्यमों के विकासमूलक इस्तेमाल पर जोर देता है।माध्यमों के विकासमूलक इस्तेमाल के लिए जरुरी है कि विकास का मौजूदा ढ़ांचा बदले। आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था के वगैर यह संभव नहीं है। इसके लिए संस्कृति नीति और संचार नीति का सुसंगत ढ़ांचा बनाया जाय।अभी तक हमारे पास दीर्घकालिक एवं तात्कालिक लक्ष्यों को हासिल करने के लिए कोई संस्कृति नीति नहीं है। हमने आर्थिक विकास का जो रास्ता चुना, वह विकास की बजाय विनाश की ओर ले गया। विकास के मौजूदा स्वरुप से हमारा पर्यावरण और संस्कृति सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त हुई हैं।
मसलन्, सन् 1947 से अब तक 1600 बाँधों और कई हजार छोटे एवं मध्यम दर्जे के बाँधों का निर्माण किया गया। नहरों का जाल बिछाया गया।इसके परिणामस्वरुप जगह- जगह पानी जमा हो जाने के कारण पानी में नमक की मात्रा बढ़ गई ,उन स्थानों पर खेती और रिहाइश मुश्किल हो गई।साथ ही लाखों लोगों को बेदखल होना पड़ा। एक अनुमान के अनुसार 1951-1985 के बीच में बेदखल होने वालों की संख्या दो करोड़ दस लाख थी।इसके अलावा जो विकासमूलक प्रकल्प लागू किए गए उनसे एक करोड़ 85 लाख लोग विस्थापित हुए। विस्थापितों में आदिवासियों की संख्या सबसे ज्यादा थी।
एक अनुमान के अनुसार अकेले पर्यावरण क्षय से 50,000-70,000 करोड़ रुपये की क्षति हुई है। यह हमारे सकल घरेलू उत्पाद का 9 फीसदी है।यह हमारी सकल राष्ट्ीय विकास दर से भी ज्यादा है।इसी तरह रोजगार ,उद्योगों के विकास एवं फालतू जमीन के भूमिहीनों में बंटबारे को लेकर है। यह स्थिति कैसे बदली जाय ? यह बुनियादी प्रश्न है,इस प्रश्न के समाधान में जनमाध्यमों की क्या भूमिका हो सकती है ?माध्यमों का विकासमूलक उद्देश्यों के लिए कैसे प्रयोग करें ?ये दो बुनियादी प्रश्न हमारे सामने हैं। इस संदर्भ में पी.सी. जोशी कमेटी की सिफारिशों पर गौर किया होता तो आज हम इस क्षेत्र में दुर्दशापूर्ण अवस्था में न होते।
पी.सी.जोशी समिति की रिपोर्ट में कहा गया कि संचार क्रांति के बाद भारत जैसे विकासशील देश के लिए यह चुनौती थी कि वह उस धारणा के विकास को रोकता जिसके तहत विकास की पाश्चात्य शैली आ रही थी अथवा जो समृद्धों के लिए मददगार हो सकती थी। विकास का पश्चिमी मॉडल चुनने का मौजूदा दौर में यह परिणाम निकला कि हमने समृद्धों के लिए एक टापू तैयार किया जिसके चारों ओर बड़ी तादात में गरीब जनता रह रही है।इस दिशा की ओर विकास को ले जाने के कारण राष्ट्रीय एकता के लक्ष्य को भारी क्षति पहुंची है।इससे राष्ट्र समृद्ध और गरीबों में बंट गया।
पी.सी.जोशी कमेटी ने कहा ''हमें विकास की अभिजात्योन्मुख्र दिशा और जनोन्मुख्र दिशा में से किसी एक को चुनना होगा ,फिलहाल हम अभिजात्योन्मुख्र दिशा की ओर चल रहे हैं। अभिजात्योन्मुख्र रास्ते पर चलते हुए राष्ट्र न तो आत्मनिर्भर बनेगा और न ही एकता ही रह पाएगी।'' पन्द्रह वर्ष बाद उपरोक्त टिप्पणी सच साबित हुई है। भारत सरकार ने अन्य कमेटियों की तरह इसकी सिफारिशों को भी स्वीकार नहीं किया।आज भी इस कमेटी की सिफारिशें प्रासंगिक हैं।
विकासमूलक संचार प्रक्रिया में दो बातों पर ध्यान देने की जरुरत है। 1.'विकास' के भारतीय परिप्रेक्ष्य की अवधारणा का निर्माण किया जाय। और उसे लागू करने लिए जनता की व्यापक शिरकत को सुनिश्चित बनाया जाय।2.विकास का जो मॉडल चुना जाय वह संघात्मक संरचना के बीच संगतिपूर्ण संबंधों को मजबूत करने वाला हो।अभी जो मॉडल लागू किया जा रहा है वह संघात्मकता की बजाय केन्द्र की सत्ता को मजबूत करता है। संघात्मक हितों को ध्यान में रखकर आर्थिक एवं संचार मॉडल को नए रुप में पी.सी.जोशी कमेटी की सिफारिशों को लागू करना होगा।
विधानसभा उपचुनाव परिणाम माकपा और कांग्रेस को पूर्व चेतावनी
17 सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की है। ये उपचुनाव वाम मोर्चे खासकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट के लिए भी शुभ संकेत नहीं हैं,कोलकाता शहर में दो सीटों - सियालदह और बहू बाजार- पर चुनाव हुआ था और दोनों ही सीटें बहुत कम मतदान के बावजूद बडे अंतराल के साथ तृणमूल कांग्रेस जीत गयी। माकपा को गंभीरता के साथ सोचना चाहिए आखिरकार तेजी से लोग उसके खिलाफ क्यों जा रहे हैं ? माकपा की आत्मसमीक्षा का जनता पर कोई असर नजर नहीं आ रहा है।
यही स्थिति यू.पी. में समाजवादी पार्टी की है, उसे एक भी सीट पर जीत नहीं मिली बल्कि जो सीटें और समर्थन था वह भी हाथ से चला गया,यूपी में बसपा ने तीन और अजीत सिंह के राष्ट्रीय लोकदल ने एक सीट जीती है। कर्नाटक में भाजपा ने अपनी लोकसभा चुनाव की जीत को दोहराया है और कांग्रेस की कर्नाटक में वापसी तुरंत नजर नहीं आ रही है। इन चुनावों से कांग्रेस को सबक लेना होगा,उसे गंभीरता के साथ सोचना चाहिए आखिरकार कर्नाटक हाथ से कैसे निकल गया ? कर्नाटक में देवगौडा के नेतृत्व वाले जनतादल (सेकूलर) को दो, कांग्रेस को एक ,भाजपा दो सीटों पर विजय मिली है। कांग्रेस पार्टी को जल्दी ही अपनी श्रेष्ठता की ग्रंथि से बाहर चले आना चाहिए वरना कर्नाटक लंबे समय तक साम्प्रदायिक ताकतों का केन्द्र बन जाएगा। धर्मनिरपेक्ष दलों को साझा कार्यक्रम के आधार पर एकजुट किया जाना चाहिए। ठीक यही कार्य यूपी में करने की जरूरत है।
शुक्रवार, 21 अगस्त 2009
ब्लॉग लेखन विमर्श के विविध आयाम
नाराज़ न हों तो कृपया गंभीरता से पढें और सोचें। मैं व्यक्तिगत तौर पर आपके तेवर का कायल हूं, लेकिन अलोकतांत्रिक भाव का नहीं। भाई रमेश उपाध्याय ने सही जगह इंजेक्शन लगाया है। इसके बारे में अनेक किस्म से कहा जा सकता है। समस्या यह नहीं है कि कौन से विषय विवाद के बनाए जाएं। समस्या यह भी नहीं है कि क्या लिखें और कैसे लिखें। हिंदी के इंटरनेट लेखकों में एक विशेष लेखकीय भाव है, जो स्वागतयोग्य है, लेकिन इसमें अनेक ऐसे भी लेखक हैं, जो अतार्किकता की हद पर जाकर बहस कर रहे हैं और अतार्किकता को अपना लोकतांत्रिक हक बता रहे हैं। ऐसी ही तल्ख टिप्पणी अंशुमाली रस्तोगी की है, उनका मानना है – अगर रमेशजी को यह सब इतना ही खराब और अनुचित लग रहा है तो सबसे पहले वो अपना ब्लॉग-लेखन बंद करें। बहस का यह स्तर जब होगा, तो शायद कभी भी इंटरनेट को समृद्ध नहीं कर पाएंगे। आप भी लिखें और वे भी लिखें, किंतु भद्रता और संस्कृति के मानक बनाते हुए।
मैं अंशुमालीजी से अनुरोध करना चाहूंगा कि कभी पश्चिम के ब्लॉगर, साहित्यकार, अच्छे पत्रकार, विचारक और समाजविज्ञानियों से भी कुछ हमें सीख लेना चाहिए। यह कैसे हो सकता है कि नेट पर तो लिखना चाहते हैं लेकिन नेट बनाने वालों की लेखन सभ्यता से सीखना नहीं चाहते? रमेशजी ने सही जगह हस्तक्षेप किया है, आपको अपनी राय कहने का हक है, तीखी बहस का भी हक है, वरिष्ठों से असहमति का भी हक है किंतु बहस का तेवर शिरकत और असहमतियों को बढ़ावा देने वाला होना चाहिए, ‘स्टारडस्ट’ पत्रिका की शैली में लेखन करेंगे तो बहस से क्या निकालेंगे? रमेशजी पर बहस मत कीजिए, उस मुद्दे पर बहस कीजिए जो उन्होंने उठाया है। मुद्दे को व्यक्ति से अलग करके बहस करने पर ही कोई सार निकलेगा। नेट का निर्माण गंभीर काम के लिए किया गया है, हम चाहें तो मिर्च लगाने के लिए भी कर सकते हैं।
अंशुमालीजी का यह कथन काफी रोचक और सारगर्भित है, लिखा है, लेकिन विरोध का मज़ा तब ही है, जब उसमें तीखापन हो। बंधु, वो मिर्च ही क्या जो लगे नहीं? बंधु मिर्च से ज्ञान नहीं निकलता, मिर्च ही निकलेगी। लेखन का लक्ष्य भी होना चाहिए। कुछ भी तय कर लो। रही बात दमखम की, तो नेट पर हिंदी बड़ी कमज़ोर है। सारे ज्ञान के कोश अभी नेट पर बनने बाकी हैं। दूसरी बात यह कि नेट लेखन से भाषा नहीं बनती। नेट लेखन खासकर ब्लाग लेखन वर्चुअल लेखन है, यह ‘है भी और नहीं भी।’ इसके लेखन से भाषा न तो समृद्ध होगी और न भाषा मरेगी। नेट के विचार सिर्फ विचार हैं और वह भी बासी और मृत विचार हैं। उनमें स्वयं चलने की शक्ति नहीं होती, आप नेट पर महान क्रांतिकारी किताब लिखकर और उसे करोड़ लोगों को पढ़ा कर दुनिया नहीं बदल सकते।
नेट लेखन सिर्फ संचार है और संचार से ज़्यादा इसकी कोई अन्य भूमिका भी नहीं है। संचार में आप गाली दें, बकवास करें, प्रेम करें, विवाद करें, खुशी की बातें करें, यहां सब कुछ वर्चुअल है और कभी ठोस नहीं बन सकता। वर्चुअल के आधार पर आप किसी लेखक, पत्रकार, विचारक, नेता आदि को प्रतिष्ठित अथवा अपदस्थ नहीं कर सकते। वर्चुअल में न सम्मान होता है और अपमान होता है, वर्चुअल तो वास्तव में होता ही नहीं है, फलत: प्रभाव के परे होता है। नेट लेखन बलवानों का खेल नहीं है, यह तो महज लेखन है। वैसे ही जैसे कोई बच्चा लिखता है और भूल जाता है। अंशुमाली जी ने लिखा है – रमेशजी हमें हमारी गंभीरता और जिम्मेदारी के बारे में न ही बताएं, तो ही बेहतर। क्योंकि हम अब बच्चे नहीं रहे। यह प्रतिक्रिया किस बात का संकेत है? हम से विवाद मत करो, हमसे बातें मत करो, हमें अपनी दुनिया में मशगूल रहने दो, और इससे भी ख़तरनाक प्रवृत्ति भी व्यक्त हुई है कि ‘हम ठीक हैं।’
दोस्त, बहस का यह गैर-लोकतांत्रिक तरीका है। सम्मान और प्यार के साथ बहस करने पर ही संवाद होता है। संवाद के लिए किसी को भगनाने, गरियाने और मिर्च लगाने की नहीं, थोड़ी मिसरी और बुद्धि चाहिए। मिर्च नहीं। आप निश्चित तौर पर बच्चे नहीं हैं। आप ज़िम्मेदार नागरिक हैं और सचेत नागरिक हैं। नेट यूज़र हैं। मुश्किल यह है कि आप नागरिक के बोध को त्यागकर बहस करना चाहते हैं। नेट के लिए ‘नागरिक’ और ‘यूजर’ दोनों ही भावों की ज़रूरत है। खासकर आप जैसे प्रतिभाशाली व्यक्ित के लिए। अंत में रमेश जी बड़े हैं, बुजुर्ग हैं, तो इसमें उनका क्या दोष और आप अभी जवान हैं, तो इसमें आपकी कोई भूमिका नहीं है। यह तो शरीर और उम्र का स्वाभाविक धर्म है। आप कल्पना कीजिए, रमेश जी आठ साल के बच्चे होते, तो क्या आप उनकी बात पर ग़ौर करते? नेट लेखन उम्र, हैसियत, पद, दंभ, बल आदि नहीं देखता। ये तो नेट में आने के बाद समाप्त हो जाते हैं। वहां सिर्फ लेखन होता है और कुछ भी नहीं। लेखक तो मर जाता है।
आप मेरी बात को हल्के में टाल नहीं सकते। वर्चुअल क्या है? इस पर हज़ारों-लाखों पन्नों में सामग्री बाज़ार में आ चुकी है और उसमें से कुछ नेट पर भी उपलब्ध है। जिन लोगों ने वर्चुअल को बनाया, वे भी इसके मायावी रूप पर मुग्ध ही हैं। आप चूंकि गंभीरता के साथ हस्तक्षेप में शामिल हुए हैं, इसलिए सिर्फ एक ही उदाहरण रख रहा हूं। इंटरनेट का सबसे बड़ा एक्सपोजर भूपू अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के सेक्स कांड का है, वह आदर्श है नेट पत्रकारिता का। आज अमरीकी समाज में क्लिंटन साहब को कोई भी घृणित नज़र से नहीं देखता। सिर्फ इतने से ही समझ सकते हैं कि उन्हें इस्तीफा नहीं देना पड़ा था। इसके विपरीत वाटरगेट कांड ने तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति की हवा निकाल दी थी। यह बुनियादी फर्क है नेट लेखन और प्रेस के लेखन में। प्रेस के ज़माने में वियतनाम युद्ध के समय अमेरिका सारी दुनिया में नंगा हुआ। अमरीकी जनता में ज्वार पैदा हुआ और अंत में वियतनाम से बिस्तर बांधकर अमेरिका को पराजित भाव से लौटना पड़ा। भारत की सड़कों पर भी प्रतिवाद के स्वर सुनाई दिये थे। आज अफगानिस्तान और इराक धू धू करके जल रहे हैं, लेकिन कोई प्रतिवाद नजर नहीं आता। अमेरिका में इराक युद्ध के खिलाफ सन 2003 में शांति मार्च भी निकले थे। आज अमरीका सोया हुआ है। लेकिन अफगानिस्तान युद्ध के खिलाफ भारत से लेकर अमरीका तक कहीं पर भी मार्च नहीं निकले। अफगानिस्तान और इराक में जो तबाही मच रही है, वह वियतनाम युद्ध की तबाही को भी लज्जित करती है। जितनी सूचनाएं इन दोनों देशों के बारे में नेट पर हैं, उसकी तुलना में वियतनाम युद्ध के समय एक प्रतिशत सूचनाएं तक नहीं थीं। हिंदी के लेखक उस जमाने में वियतनाम के बारे में लघु पत्रिकाओं से ही जान पाये थे और लेखकों से लेकर संस्कृतिकर्मियों तक कर्मचारियों से लेकर छात्रों, युवाओं तक वियतनाम युद्ध के खिलाफ व्यापक प्रतिक्रिया दिखाई दी थी। आज क्या अफगानिस्तान और इराक को लेकर वैसी जागरूकता हिंदी लेखन और हिंदी के युवा लेखन से लेकर नेट विवादों में नज़र नहीं आती है, महानगरों में तो अमेरिकी साम्राज्यवाद विरोधी जुलूस अब दुर्लभ हो गये हैं। जागरूक लोगों के महानगरों का आज जब यह हाल है, तो बाकी का क्या कहना।
कुछ देर के लिए अमरीका पर ही नजर डाल लें। वह नेट यूज़रों का सबसे बड़ा देश है और वहां धड़ाधड़ बैंक दिवालिया हो रहे हैं। कारखाने दिवालिया हो रहे हैं। किंतु प्रतिवाद में अमरीका की सड़कों से जनता ग़ायब है। नेट पर आर्थिक मंदी की बेशुमार सूचनाएं हैं। तबाही के हजारों पन्नों में आंकडे हैं। लेकिन प्रतिवाद करती जनता अमरीका में कहीं नज़र नहीं आती। यही जनता नेट के पहले आसानी से प्रतिवाद करती नज़र आती थी। इसी अर्थ में मैंने यह कहा था वर्चुअल लेखन ‘है भी और नहीं भी’, वह प्रभावहीन होता है।
यह सच है कि नयी संचार तकनीक ने बहुत लोगों को काम दिलाया है, बहुत सारे हाशिये के लोगों को अभिव्यक्ति दी है, लेकिन कड़वी सच्चाई है कि नेट सामाजिक सरोकार के प्रति जागरूक नहीं बनाता। खासकर युवाओं को नयी संचार तकनीक ने सामाजिक सरोकारों के प्रति सचेत कम और अचेत ज़्यादा किया है, यह बात मैं समग्रता में रख रहा हूं। मेरी बात पर विश्वास न हो तो इंटरनेट के ईमेल से होने वाले संवाद के विषयों के बारे में विभिन्न सर्वेक्षणों को ग़ौर से पढें तो शायद चीजें ज़्यादा बेहतर ढंग से समझ पाएंगे।
समस्या व्यक्ितगत नहीं है। बहस को व्यक्ितगत बनाने से ज़्यादा बेहतर है यह जानना कि वर्चुअल तो नकल की नकल है। आपने मेरी किताबें देखी हैं तो कृपा करके पढ़कर भी देखें। फिर बताएं। मैं निजी तौर पर हिंदी में इंटरनेट के जनप्रिय होने और इंटरनेट पर ज़्यादातर सामग्री आने के पहले से ही कम्प्यूटर, सूचना जगत वगैरह पर लिख चुका हूं। यह मेरी हिंदी के प्रति नैतिक ज़िम्मदारी है कि हिंदी में वह सभी गंभीर चीज़ें पाठक पढ़ें, जिन्हें वे नहीं जानते अथवा जो उनके भविष्य में काम आ सकती है। आप वर्चुअल की बहस को व्यक्ितगत न बनाएं। वर्चुअल में झगड़ा नहीं करते। टोपी भी नहीं उछालते। वर्चुअल तो आनंद की जगह है। सामंजस्य की जगह है। संवाद की जगह है। कृपया हिंदी साहित्य की तू-तू मैं-मैं को नेट पर मत लाइए। चीज़ों को चाहे जितनी तल्खी से उठाएं किंतु व्यक्ितगत न बनाएं। आप अच्छे लोग हैं और अच्छे लोग अच्छे ही रहते हैं। संवाद करते हैं।
जिन दोस्तों ने मेरी प्रतिक्रिया पर अपनी राय जाहिर की है वे सभी प्रिय हैं, उनकी बहस और भाषा का तेवर देखकर ही बातें करने का मन हुआ है । यह लय बनी रहेगी। इस प्रसंग में उपदेश देना मकसद नहीं है,मकसद यह भी नहीं है कि हिंदी का रोना रोया जाए,हिंदी जैसी है उसी गति से अपना विकास करेगी।
पंचरवाला ने लिखा है ” और विएतनाम युद्ध, क्या वह इसलिए जीता गया कि ‘प्रेस’ था? ‘प्रिंट’ की ताकत थी? ऐसी ‘समझ’, ऐसे ग्यान और ऐसी ‘प्रिंट की ताकत’ को लाल सलाम…लाल सलाम ।” दोस्त लालसलाम करके फंदा छुड़ाने से मामला खत्म होने वाला नहीं है। गंभीरता से सोचो इराक और अफगानिस्तान युद्ध पर सारा प्रेस और इलैक्ट्रोनिक मीडिया अमेरिका में बंधुआ पड़ा है,यदि यह मीडिया बंधुआ न होता तो मामला कुछ और ही होता। छपे हुए शब्द आज भी सबसे ज्यादा ताकत रखते हैं,छपे हुए का ही प्रभाव था कि बोफोर्स पर हमारे देश की कांग्रेस सरकार हिल गयी थी। तहलका वालों ने इलैक्ट्रोनिक मीडिया का उपयोग किया था उसका तात्कालिक असर हुआ। इसके अलावा दूसरी चीज जो ज्यादा महत्वपूर्ण है,वह यह कि जब भी कोई संदेश मीडिया में आता है तो उसे नीचे जनता में ले जाने वाली राजनीतिक संरचनाएं जब तक नहीं होंगी तब तक कोई भी एक्सपोजर प्रभावहीन होगा,प्रेसयुग में राजनीतिक संरचनाएं ज्यादा सक्रिय थीं,फलत: प्रभाव भी ज्यादा होता था, आज एक्सपोजर तो हैं किंतु राजनीतिक लामबंदी गायब है। ‘नेट ‘ क्या कर रहा है ,उसके सकारात्मक पक्ष क्या हैं,इनके बारे में उपरोक्त दोस्तों से सहमत हूं। मैं सिर्फ एक गंभीर नकारात्मक पक्ष की ओर ध्यान दिला रहा हूं, ‘नेट’ ने युवाओं को सामाजिक सरोकारों से विमुख किया है। उन्हें विचारधारा के आधार पर गोलबंद होने की बजाय जीवनशैली पर गोलबंद किया है और इससे बाजार चंगा हुआ है, गतिविधियां बढ़ी हैं , किंतु सामाजिक-राजनीतिक जिम्मेदारी का भाव कमजोर हुआ है,यह हम सबकी चिन्ता का विषय है।
लोग ‘नेट’ पर ज्यादा लिखें,खुलकर लिखें, गल्ती को भूलकर लिखें,हमारा लक्ष्य गलतियों की खोज करना नहीं है,हमारा लक्ष्य है शिरकत को बढाना,अभिव्यक्ति को मजबूर करना, और आलोचनात्मक विवेक पैदा करना है,अब ‘नेट’ पर यह काम कैसे,किन विषयों ,किस शैली और किस नारे या मुहावरे के तहत होता है,यह सब लेखक पर निर्भर करता है,महत्त्वपूर्ण है ‘नेट’ लेखन, इसका असर होगा कि नहीं यह भी अंतिम तौर नहीं कह सकता,हो सकता है स्थितियां बदल जाएं,हम स्थितियों के बदलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
‘नेट’ के हिंदी में लेखक युवा ही होंगे,प्रौढ और बूढ़े इसके लेखक नहीं होंगे,क्योंकि वे तो अभी कलम के युग के आगे सरक ही नहीं पाए हैं,वे एसएमएस तक खोलना नहीं जानते, ‘नेट’ युवाओं का माध्यम है,बूढ़े, अघाए, थके हुए हुए लेखकों का नहीं।
एकबार गंभीरता से सोचकर तो देखें कि आप क्या कह रहे हैं ? ‘नेट’ ने ब्लागर लेखकों अथवा ‘नेट’ ने सारी दुनिया के लिए कोई बड़ा लेखक अभी तक क्यों नहीं दिया ? आज भी दुनिया के जितने बड़े लेखक हैं वे ‘नेट क्रांति’ से नहीं आते ,बल्कि ‘प्रेस क्रांति’ से आते हैं। हो सकता है कुछ अर्से बाद ‘नेट’ हमें बड़े लेखक दे, लेकिन अभी तक का अनुभव यही है कि लेखन के लिए ‘नेट’ ठीक जगह है,’लेखक’ बनने के लिए,खासकर बड़ा लेखक बनने के लिए अभी भी प्रेस की शरण में ही जाना होता है,’नेट’ का ‘प्रेस’ से कोई शत्रु संबंध नहीं है,बल्कि मित्र संबंध है। यही स्थिति ‘नेट ‘ के हिंदी लेखक और परंपरागत लेखक के संबंध की भी है,हिंदी के लेखक आज ‘नेट’ पर लिखना नहीं जानते लेकिन क्या भविष्य में यही स्थिति रहेगी कहना मुश्किल है। झा जी ‘हिन्दी के ठेकेदार’ लेखक ‘नेट’ पर नहीं जाते, उन्हें वहां जाने की जरूरत भी नहीं है क्योंकि हिन्दी का संसार परंपरागत तरीकों और कूपमंडूकताओं से स्वाभाविक गति से चल रहा है,वहां कोई असुविधा नहीं है।’नेट’ से परंपरागत लेखक एकदम परेशान नहीं है,बल्कि वह अप्रभावित है। मैं स्वयं हिन्दी का लेखक कम से कम नहीं हूं। हिन्दी पढाता जरूर हूं,किंतु जिस अर्थ में आप कह रहे हैं उस अर्थ में तो एकदम नहीं। झाजी ब्लागर संघर्षशील रहें और संघर्षशील जनता के लिए लिखें यही तो मैं भी चाहता हूं, हिंदी के लेखकों को दो कौड़ी का कलमकार कहें अथवा वे आपको कुछ नाम दें,इससे कुछ भी आता जाता नहीं है, जैसे आप लेखक हैं,वे भी लेखक हैं। गुणवत्ता,भाषा,हेय,श्रेष्ठ,मान,अपमान,छोटे,वरिष्ठ ,शिक्षक,छात्र आदि भेदों के आधार पर ‘नेट’ लेखक कम से कम नहीं सोचते,आप भी नहीं सोचें।’नेट’ तो लेखकीय भेदभाव के खिलाफ जंग के लिए ही बनाया गया है और इस कार्य में मैं आपके साथ हूं। आप लोग पराया क्यों समझ रहे हैं ? मैं आसानी से आपका साथ छोड़ने वाला नहीं हूं,मुश्किल से कुछ अच्छे लेखक नजर आ रहे हैं।
पंचरवाला, की टिप्पणी निश्चित रूप से बेहतरीन है,
मैं सहमत हूं चिरकुट तो चिरकुट रहता है। काश हमारे आधुनिक लेखक पंचरवाला को पढ पाते,काश प्रेमचंद और टैगोर यह ज्ञान पाते कि पढने से क्या होता है ? काश पंचरवाला की राय और सलाह भरत ,सुश्रुत, पाणिनी,पतंजलि, कालिदास, मम्मट आदि ने सीखी होती,जान जाते तो वे बगैर पढे ही पंडित हो गए होते तो, उनका साहस कम नहीं है कि बगैर किसी प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के साथ चाय पीए वे महान लेखक हो गए ।
काश,कोई तकनीक पैदा ही नहीं होती तो कितना अच्छा होता, लेखक तो बगैर तकनीक के पैदा हुआ होता, पंचरवाला नाराज न हों भाषा तकनीक नहीं है,मैकलुहान कुछ भी कहें और काशीनाथ राजवडे कुछ भी बोलें,आप उनकी बात पर एकदम ध्यान मत दीजिए आप सही कह रहे हैं। तकनीक के ज्ञान के बिना ही लेखक लिखता है ,कलम तकनीक नहीं है वह तो महज सरकंडा है,अरे मैकलुहान तुम कब्र से बाहर आओ, काशीनाथ विश्वनाथ राजवाडे स्वर्ग से नीचे आओ तुम्हारे नए वारिस पंचरवाला तुम्हें पुकारकर बता रहे हैं कि कलम तकनीक नहीं सरकंडा है ।अरे ,पाणिनी देखो पंचरवाला बता रहे हैं बगैर अक्षरज्ञान के कविता लिखी जाती है, भक्ति आंदोलन के लेखक अशिक्षित थे, काश यह बात हमें भी पता होती तो क्यों पढते और बेचारा पंचरवाला इतना पढने लिखने का कष्ट ही क्यों उठाता।
बगैर तकनीक के कैसे लेखन होता यह तो पंचरवाला ही जाने, क्या यह संभव है बगैर भाषा जाने लिख लें ? बगैर अक्षर ज्ञान के सिर्फ घुन ही लिखती है वह काठ खाती रहती है और अज्ञानतावश अक्षर लिख देती है, उसने कभी अक्षर नहीं पढे,कभी भाषा नहीं पढी,उसे किसी ने कुछ भी न तो सिखाया और न पढाया इसके बावजूद वह लिख लेती है तो इसमें उसके ज्ञान की दाद देनी ही होगी,काश हमारे मध्यकालीन लेखकों ने घुन से सीखा होता।
पंचरवाला के अनुसार मध्यकाल का महान लेखक ‘इलिटिरेट’ था, जिसने बगैर अक्षरज्ञान के कबीर, तुलसी के रूप में कविताएं लिख डालीं , पंचरवाला बता रहे हैं प्रेस के पहले लेखक अशिक्षित था , काश वो इनके मोहल्ले में आया होता तो बेचारा लिख भी न पाता ।
कितना अच्छा होता कोई शास्त्र न होता, कोई पंडित न होता, कोई बोलने वाला न होता,कोई टोकने वाला न होता, कोई मास्टर न होता,कोई छात्र न होता, कोई लेखक न होता, हम होते और हमारा नेट होता, अपना ब्लाग होता,अलमस्त लेखकों की टोली होती,जिसे चाहते छापते,जिसे चाहते पीटते और तब तक पीटते जब तक वो भाग न जाता, बुरा हो उस नेट बनाने वाले का जिसने यह माध्यम बनाया ,कमबख्त इस पर बार बार आना पड़ता है, गरियाना पड़ता है ,काश हम अनपढ होते तो यह सब करना नहीं पड़ता।
हम अपनी दुनिया में मस्त रहते,खाते,पीते,न पढते न लिखते और महान लेखक के पद को प्राप्त कर लेते, हमारे पूर्वज पढते नहीं तो दुनिया में न प्रेस आता,न ऑफसैट मशीन आती, न सिनेमा आता, न प्रेस आता ,और न कम्बख्त नेट ही आता,जिस पर बैठकर लिखना भी न पढता ,काश हम अनपढ होते तो भक्ित आंदोलन के कवि तो बन गए होते और जो कवि नहीं बन पाए वे चिरकुट बन गए होते।
अपना मुहल्ला होता, जो मन में आता वह करते ,सब देखते कोई नहीं बोलता, जो बोलता उसे किसी अन्यत्र विषय पर ले जाकर घेरते और दोस्त कहते वाह दोस्त वाह क्या बात है ।वाह होती और हम होते। नेट पर हम होते और सिर्फ हमारे दोस्त होते और किसी भी पराए मुहल्ले के बंदे को अपने यहां बोलने नहीं देते।हम बोलते और हम ही सुनते। कितना सुंदर संसार होता हम और सिर्फ हम।
जब वाचिक युग में ही आनंद है और वहां ही रहने में सहूलियत है तो फिर लेखन से क्या लेना देना ? साहित्य से क्या लेना देना ? अरून्धती राय और आलोक मेहता से भी क्या लेना देना ?,दुनियादारी से आदिम लेखक का संबंध नहीं था, काश हम भी आदिम लेखक की तरह होते ।
चिरकुट हर युग ,देश,प्रांत और भाषा में पैदा होते हैं। वैसे ही जैसे जंगल में घास भी पैदा होती है और फल,फूल भी पैदा होते हैं। जंगल में शेर भी होता है और चींटी भी रहती है,इसी तरह समाज में मनुष्य भी रहता है और जानवर भी रहते हैं,जानवर अनेक मामलों में मनुष्य से ज्यादा वफादार होता है, काश मनुष्य ने जानवर के रास्ते का परित्याग न किया होता, हम बंदर ही बने रहते, उछलते, कूदते,किलकारियां मारते,एक छत से दूसरी छत,एक डाल से दूसरी डाल, और जिंदगी चैन से कट जाती ,पता नहीं बंदर से मनुष्य बनने की बात बंदर के दिमाग में क्यों आयी ? उस समय क्या उसके पास कोई तकनीक थी ? यदि थी पंचरवाला बताएं,बंदर से मनुष्य बने तो क्या कोई तकनीक थी ?
इंटरनेट हो या अन्य संचार रूप हो,सबके साथ प्रासंगिक और अप्रासंगिक ,टिकाऊ और सद्य मर जाने वाला दोनों ही किस्म का लेखक पैदा होता है, हम शोध करें और जानें कि ‘नेट’ में कौन टिकाऊ है और कौन चिरकुट है ? नेट के पंडितों का इसके बारे में क्या कहना है पंचरवाला थोड़ा ज्ञान दें जिससे अज्ञानियों को अपने अज्ञान से मुक्त होने में मदद मिले।
पंचरवाला, की टिप्पणी निश्चित रूप से बेहतरीन है,
मैं सहमत हूं चिरकुट तो चिरकुट रहता है। काश हमारे आधुनिक लेखक पंचरवाला को पढ पाते,काश प्रेमचंद और टैगोर यह ज्ञान पाते कि पढने से क्या होता है ? काश पंचरवाला की राय और सलाह भरत ,सुश्रुत, पाणिनी,पतंजलि, कालिदास, मम्मट आदि ने सीखी होती,जान जाते तो वे बगैर पढे ही पंडित हो गए होते तो, उनका साहस कम नहीं है कि बगैर किसी प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के साथ चाय पीए वे महान लेखक हो गए ।
काश,कोई तकनीक पैदा ही नहीं होती तो कितना अच्छा होता, लेखक तो बगैर तकनीक के पैदा हुआ होता, पंचरवाला नाराज न हों भाषा तकनीक नहीं है,मैकलुहान कुछ भी कहें और काशीनाथ राजवडे कुछ भी बोलें,आप उनकी बात पर एकदम ध्यान मत दीजिए आप सही कह रहे हैं। तकनीक के ज्ञान के बिना ही लेखक लिखता है ,कलम तकनीक नहीं है वह तो महज सरकंडा है,अरे मैकलुहान तुम कब्र से बाहर आओ, काशीनाथ विश्वनाथ राजवाडे स्वर्ग से नीचे आओ तुम्हारे नए वारिस पंचरवाला तुम्हें पुकारकर बता रहे हैं कि कलम तकनीक नहीं सरकंडा है ।अरे ,पाणिनी देखो पंचरवाला बता रहे हैं बगैर अक्षरज्ञान के कविता लिखी जाती है, भक्ति आंदोलन के लेखक अशिक्षित थे, काश यह बात हमें भी पता होती तो क्यों पढते और बेचारा पंचरवाला इतना पढने लिखने का कष्ट ही क्यों उठाता।
बगैर तकनीक के कैसे लेखन होता यह तो पंचरवाला ही जाने, क्या यह संभव है बगैर भाषा जाने लिख लें ? बगैर अक्षर ज्ञान के सिर्फ घुन ही लिखती है वह काठ खाती रहती है और अज्ञानतावश अक्षर लिख देती है, उसने कभी अक्षर नहीं पढे,कभी भाषा नहीं पढी,उसे किसी ने कुछ भी न तो सिखाया और न पढाया इसके बावजूद वह लिख लेती है तो इसमें उसके ज्ञान की दाद देनी ही होगी,काश हमारे मध्यकालीन लेखकों ने घुन से सीखा होता।
पंचरवाला के अनुसार मध्यकाल का महान लेखक ‘इलिटिरेट’ था, जिसने बगैर अक्षरज्ञान के कबीर, तुलसी के रूप में कविताएं लिख डालीं , पंचरवाला बता रहे हैं प्रेस के पहले लेखक अशिक्षित था , काश वो इनके मोहल्ले में आया होता तो बेचारा लिख भी न पाता ।
कितना अच्छा होता कोई शास्त्र न होता, कोई पंडित न होता, कोई बोलने वाला न होता,कोई टोकने वाला न होता, कोई मास्टर न होता,कोई छात्र न होता, कोई लेखक न होता, हम होते और हमारा नेट होता, अपना ब्लाग होता,अलमस्त लेखकों की टोली होती,जिसे चाहते छापते,जिसे चाहते पीटते और तब तक पीटते जब तक वो भाग न जाता, बुरा हो उस नेट बनाने वाले का जिसने यह माध्यम बनाया ,कमबख्त इस पर बार बार आना पड़ता है, गरियाना पड़ता है ,काश हम अनपढ होते तो यह सब करना नहीं पड़ता।
हम अपनी दुनिया में मस्त रहते,खाते,पीते,न पढते न लिखते और महान लेखक के पद को प्राप्त कर लेते, हमारे पूर्वज पढते नहीं तो दुनिया में न प्रेस आता,न ऑफसैट मशीन आती, न सिनेमा आता, न प्रेस आता ,और न कम्बख्त नेट ही आता,जिस पर बैठकर लिखना भी न पढता ,काश हम अनपढ होते तो भक्ित आंदोलन के कवि तो बन गए होते और जो कवि नहीं बन पाए वे चिरकुट बन गए होते।
अपना मुहल्ला होता, जो मन में आता वह करते ,सब देखते कोई नहीं बोलता, जो बोलता उसे किसी अन्यत्र विषय पर ले जाकर घेरते और दोस्त कहते वाह दोस्त वाह क्या बात है ।वाह होती और हम होते। नेट पर हम होते और सिर्फ हमारे दोस्त होते और किसी भी पराए मुहल्ले के बंदे को अपने यहां बोलने नहीं देते।हम बोलते और हम ही सुनते। कितना सुंदर संसार होता हम और सिर्फ हम।
जब वाचिक युग में ही आनंद है और वहां ही रहने में सहूलियत है तो फिर लेखन से क्या लेना देना ? साहित्य से क्या लेना देना ? अरून्धती राय और आलोक मेहता से भी क्या लेना देना ?,दुनियादारी से आदिम लेखक का संबंध नहीं था, काश हम भी आदिम लेखक की तरह होते ।
चिरकुट हर युग ,देश,प्रांत और भाषा में पैदा होते हैं। वैसे ही जैसे जंगल में घास भी पैदा होती है और फल,फूल भी पैदा होते हैं। जंगल में शेर भी होता है और चींटी भी रहती है,इसी तरह समाज में मनुष्य भी रहता है और जानवर भी रहते हैं,जानवर अनेक मामलों में मनुष्य से ज्यादा वफादार होता है, काश मनुष्य ने जानवर के रास्ते का परित्याग न किया होता, हम बंदर ही बने रहते, उछलते, कूदते,किलकारियां मारते,एक छत से दूसरी छत,एक डाल से दूसरी डाल, और जिंदगी चैन से कट जाती ,पता नहीं बंदर से मनुष्य बनने की बात बंदर के दिमाग में क्यों आयी ? उस समय क्या उसके पास कोई तकनीक थी ? यदि थी पंचरवाला बताएं,बंदर से मनुष्य बने तो क्या कोई तकनीक थी ?
इंटरनेट हो या अन्य संचार रूप हो,सबके साथ प्रासंगिक और अप्रासंगिक ,टिकाऊ और सद्य मर जाने वाला दोनों ही किस्म का लेखक पैदा होता है, हम शोध करें और जानें कि ‘नेट’ में कौन टिकाऊ है और कौन चिरकुट है ? नेट के पंडितों का इसके बारे में क्या कहना है पंचरवाला थोड़ा ज्ञान दें जिससे अज्ञानियों को अपने अज्ञान से मुक्त होने में मदद मिले।
( रमेश उपाध्याय के लेख पर ' mohalla Live' 'वर्चुअल राइटिंग मिर्च है और मिर्च से ज्ञान नहीं निकलता'विस्तार से पढने के लिए देखें )
प्रभाष जोशी: हम सम्मान सहित अपमानित हैं
प्रभाष जी आप व्यक्ित की पहचान को जाति, धर्म, कौशल आदि से क्यों जोड़ कर देख रहे हैं? क्या आपको मनुष्य की पहचान दिखाई नहीं देती? देती है तो फिर बोलते समय या लिखते समय उसे भूल क्यों जाते हैं? कठोरतम भाषा में कहूं तो आपके विचार एकसिरे से प्रतिक्रियावादी ही नहीं बल्कि मानवताविरोधी भी हैं। चीज़ों, लोगों को देखने की जो पद्धति आपने अपनायी वह प्रतिगामी है। आपके साक्षात्कार पर मुझे एक चुटकुला याद आ रहा है। हरियाणा के जाट के बारे में। अब तो यह आप पर भी लागू होता है। चुटकुला कुछ इस प्रकार है – एक बार एक जाट से एक व्यक्ित ने पूछा, तू पहले जाट है या आदमी है? जाट बोला जाट हूं।
प्रभाषजी वही दशा आपकी भी हुई है। आपके अंदर का बुद्धिजीवी मनुष्य अचानक ब्राह्मण में बदल जाएगा, यह तो कायाकल्प ही कहा जाएगा। गद्य अच्छा लिखते हैं, अच्छा बोलते हैं, नाम भी है, किंतु इससे कोई महान नहीं बनता, महान बनता है नज़रिये के कारण। आपने जिस नज़रिये की वकालत की है, उसे रेनेसां के बुद्धिजीवी 19वीं सदी में दफन कर चुके हैं। हिंदी में प्रत्येक बूढ़े को अंत में अतीत ही शांति देता है और वह जब अतीत में जाता है तो धुर अतीत में जाकर ही पूर्ण शांति पाता है। काश, हम बूढ़े न होते!
प्रभाष जी के साक्षात्कार के अंश छापकर जो तीखी प्रतिक्रिया आई है उसे थोड़ा और गंभीर दायरों में ले जाने की जरूरत है। प्रभाष जोशी के विचार एक व्यक्ति के विचार के साथ समाज में अनेक लोगों में भी मिलते हैं, इस समस्या को हम एक फिनोमिना के रूप में देखें और सती और जातिवाद के फिनोमिना को थोड़ा व्यापक फलक पर रखकर देखें तो ज्यादा सार्थक इस्तक्षेप कर पाएंगे।
जातिवाद कैंसर है। कैंसर की प्रशंसा नहीं की जाती उससे मुक्ति का मार्ग खोजा जाता है, वरना वह जीवन से मुक्त कर देता है। आप लोग प्रभाषजी पर व्यक्तिगत हमले करेंगे और उनकी निजी जिंदगी की भूलों का पुलिंदा दिखाने की कोशिश करेंगे तो मामला फिर हाथ से निकल जाएगा।
हिन्दी में कहावत है ‘चोर को न मारो चोर की अम्मा को मारो’, हमें प्रभाषजी के विचारों की अम्मा को मारना होगा जहां से ऐसे विचार अभी भी आ रहे हैं, हमें उन वैचारिक, दार्शनिक,सामाजिक और आर्थिक स्रोतों,उन विचारधारात्मक आधारों को खोलना होगा जहां से सती,जातिप्रथा आदि के समर्थन की बात कही जा रही है।
इटली के प्रसिद्ध मार्क्सवादी अन्तोनियो ग्राम्शी का कहना था युद्ध के मैदान में शत्रु के कमजोर ठिकाने पर हमला करो और विचारधारात्मक युद्ध में शत्रु के मजबूत किले पर हमला करो। प्रभाष जोशी का मजबूत विचारधारात्मक किला है है ‘आब्शेसन’।
हमें रहस्य खोलना चाहिए कि आखिरकार जातिप्रथा,सती प्रथा,स्त्री विरोधी रूझान आते कहां से हैं ? वे किस तरह के वातावरण में फलते फूलते हैं ? प्रभाषजी से भी अपील है वे इस बहस में उठे सवालों पर किनाराकशी न करें। मीडिया का लेखक जबावदेही और सामाजिक जिम्मेदारी से अपना पल्ला नहीं झाड़ सकता।
प्रभाष जोशी का सती प्रथा का महिमामंडन और उसे परंपरा कहना मूलत: इन दिनों व्यापक स्तर पर पनप रही स्त्री विरोधी मानसिकता और स्त्री को एक बेजान इंसान समझने वाली विचारधारा की देन है। देखिए यह संभव नहीं है आप सचिन का समर्थन करें,क्रिकेट का समर्थन करें और विज्ञापन संस्कृति पर कुछ न बोलें। अपना सचिन महान है,लाजबाव है,लेकिन अंतत: है तो विज्ञापन संस्कृति का खिलौना,सचिन के लिए खेल ही सब कुछ है बाजार के लिए सचिन का ब्रॉण्ड ही सब कुछ है,सचिन को ब्रॉण्ड बनाने में कई फायदे हैं,क्रिकेट चंगा,वर्चस्वशाली जातियां और विचारधारा भी खुश। साथ ही प्रभाष जोशी जैसे दिग्गज भी मस्त।
अब हम क्रिकेट नहीं देखते,बल्कि उसका उपभोग करते हैं, क्रिकेट देखते तो मैदान में जाते टिकट खरीदते, मुहल्ले में मैदान बनाने के लिए संघर्ष करते,स्कूल,कॉलेजों में टीम बनवाने के लिए प्रयास करते,खेल का मैदान बनाने की जद्दोजहद करते लकिन यह सब करते नहीं हैं। सिर्फ टीवी पर क्रिकेट देखते हैं। यही हमारा खेल ‘प्रेम’ है।
इसी तरह प्रभाष जोशी जैसे पत्रकार की सारी चिन्ताएं मायावती,लालूयादव,मुलायमसिंह, दिग्विजय सिंह आदि के इर्दगिर्द घूमती हैं ,थोडा जोर लगाया तो साम्प्रदायिकता,धर्मनिरपेक्षता,आतंकवाद आदि पर जमकर बरस पड़े। दोस्तो ये सारे एजेण्डा जनता के नहीं वर्चस्वशाली ताकतों के हैं, हमें लेखक के नाते अंतर करना होगा हमारी जनता का एजेण्डा क्या है ? सवाल किया जाना चाहिए प्रभाष जोशी ने जनता के एजेण्डे पर कितना लिखा और सरकारी एजेण्डे पर कितना लिखा ?
प्रभाष जोशी के लेखन की विशेषता है ‘आब्शेसन’, ‘आब्शेसन’ शासकीय विचारधारा का ईंधन है। प्रभाष जोशी कुछ विषयों के प्रति अपने ‘आब्शेसन’ को छिपाते ही नहीं बल्कि महिमामंडित करते हैं, उनके लेखन के ‘आब्शेसन’ हैं क्रिकेट,साम्प्रदायिकता,धर्मनिरपेक्षता,कांग्रेस ,आरएसएस आदि।
लेखन में ‘आब्शेसन’ वर्चस्वशाली ताकतों का कलमघिस्सु बनाता है,रूढिवादी बनाता है। लकीर का फकीर बनाता है। ‘आबशेसन’ में आकर जब लेखन किया जाएगा तो वह छदम गतिविधि कहलाता है।इसे परिवर्तनकामी लेखन अथवा परिवर्तनकामी पत्रकारिता समझने की भूल नहीं करनी चाहिए।
लेखन में सत्य गतिविधि का जन्म तब होता है जब आप शासकवर्गों के एजेण्डे के बाहर आकर वैकल्पिक एजेण्डा बनाते हैं,वैकल्पिक एजेण्डे पर लिखते हैं।
भूमंडलीकरण, समलैंगिकता ,अपराधीकरण,साम्प्रदायिकता, भ्रष्टाचार,ओबीसी आरक्षण,अयोध्या में राममंदिर आदि शासकवर्ग का एजेण्डा हैं, इन्हें जनता का एजेण्डा समझने की भूल नहीं करनी चाहिए, हमारे प्रभाषजी की कलम की सारी स्याही इसी शासकीय एजेण्डे पर खर्च हुई है। उन्होंने विकल्प के एजेण्डे पर न्यूनतम लिखा है।
‘आब्शेसन’ में लिखे को पढने में मजा आता है और वह चटपटा भी होता है,उसकी भाषा हमेशा पैनी होती है, और ये सभी तत्व संयोग से प्रभाष जोशी के यहां भी हैं,’आब्शेसन’ में लिखा लेख अपील करता है और आपका तर्क छीन लेता है,आलोचनात्मक बुद्धि छीन लेता है।
‘आबशेसन’ में लिखे को जब एकबार पढना शुरू करते हैं तो धीरे धीरे लत लग जाती है और यही ‘लत’ प्रभाष जोशी के पाठकों को भी लगी हुई है,वे हमेशा मुग्धभाव से उन्हें पढते हैं और जरूर पढते हैं, वे नहीं जानते कि आब्शेसन में लिखे विचार इल्लत होते हैं।
‘आब्शेसन’ में लिखे को पढकर आप सोचना और बोलना बंद करके अनुकरण करने लगते हैं, हॉं में हॉ मिलाना शुरू कर देते हैं,वाह वाह करने लगते हैं, बुद्धि खर्च करना बंद कर देते हैं,इस तरह आप दरबारी भी बना लेते हैं, आज की भाषा में कहें तो प्रशंसक भी बना लेते हैं।
‘आबशेसन’ में लिखने के कारण अपना लिखा सत्य नजर आने लगता है, आपकी बातें ‘वास्तविक’ एजेण्डा नजर आने लगती हैं, हकीकत में ऐसा होता नहीं है, हकीकत में ‘आब्शेसन’ में लिखने के कारण प्रभाष जोशी कोल्हू के बैल की तरह एक ही विचार और भाव के इर्दगिर्द चक्कर लगाते रहे हैं, यही ‘आब्शेसन’ का दार्शनिक खेल है। इस परिपेक्ष्य में देखें तो प्रभाष जोशी का सती प्रेम ‘आब्शेसन’ है,नकली वैचारिक गतिविधि है, इस गतिविधि का हिन्दी भाषी यथार्थ और हिन्दुस्तान के यथार्थ से कोई लेना देना नहीं है।
सुनंदा सिंह जी,
आपने सही सवाल उठाया है कम से कम प्रभाष जोशी ने जो लिखा है,उस पर बातें करो,मैं कहना चाहता हूं कि ब्लाग लिखने वाले पढ़ लेते हैं और पढकर ही लिखते हैं। आप यह क्यों मानकर चल रही हैं कि बगैर पढे लिखा जा रहा है। वेब के पाठकों पर हमें भरोसा रखना होगा,रही बात प्रभाष जी के लिखे की तो वह इतना बुरा है कि पढकर और उनके मर्दवादी कुतर्क देखकर शर्म आती है । गंभीरता से सोच रहा हूं कि इतना बड़ा पत्रकार इतनी बड़ी मूर्खतापूर्ण बातें क्यों लिख रहा है ? यदि प्रभाषजी अमेरिकी पत्रकार होते और इसी भाव से वहां पर ब्लाग या प्रेस में लिखते तो कोई उन्हें छापता तक नहीं। उनके ज्ञान की कुछ झलकियां देखें तो शायद मन ‘गदगद’ हो जाए,
प्रभाष जोशी ने लिखा है ”जैसे सिलिकॉन वैली अमेरिका में नहीं होता, अगर दक्षिण भारत में आरक्षण नहीं लगा होता। दक्षिण के आरक्षण के कारण जितने भी ब्राह्मण लोग थे, ऊंची जातियों के, वो अमरीका गये और आज सिलिकॉन वेली की हर आईटी कंपनी का या तो प्रेसिडेंट इंडियन है या चेयरमेन इंडियन है या वाइस चेयरमेन इंडियन है या सेक्रेटरी इंडियन है। क्यों ? क्योंकि ब्राह्मण अपनी ट्रेनिंग से अवव्यक्त चीजों को हैंडल करना बेहतर जानता है। क्योंकि वह ब्रह्म से संवाद कर रहा है। तो जो वायवीय चीजें होती हैं, जो स्थूल, सामने शारिरिक रूप में नहीं खड़ी है, जो अमूर्तन में काम करते हैं, जो आकाश में काम करते हैं। यानी चीजों को इमेजीन करके काम करते हैं। सामने जो उपस्थित है, वो नहीं करते। ब्राह्मणों की बचपन से ट्रेनिंग वही है, इसलिए वो अव्यक्त चीजों को, अभौतिक चीजों को, अयथार्थ चीजों को यथार्थ करने की कूव्वत रखते है, कौशल रखते हैं। इसलिए आईटी वहां इतना सफल हुआ। आईटी में वो इतने सफल हुए।”
अब गंभीरता से इस मूर्खता पर विचार कीजिए कि दक्षिण भारत में सिलीकॉन वैली इसलिए नहीं बना क्योंकि दक्षिण भारत में आरक्षण था। गोया आरक्षण न होता तो कम्प्यूटर की दुनिया में हमने छलांग लगा दी होती, प्रभाषजी जानते ही नहीं हैं कि भारत सरकार की तरफ से विज्ञान और खासकर सूचना तकनीकी से संबंधित बुनियादी शोध पर आज भी एक फूटी कौड़ी खर्च नहीं की जाती।
सूचना तकनीक के किसी भी बुनियादी अनुसंधान के क्षेत्र में भारत से लेकर अमेरिका तक किसी भी ब्राह्मण का कोई पेटेंट नहीं है। आज तक किसी भी भारतीय को सूचना तकनीक के किसी भी बुनियादी अनुसंधान का मुखिया पद अमेरिकी की सिलीकॉन बैली में नहीं दिया गया है, सिलीकॉन बैली में बुनियादी अनुसंधान में आज भी गोरों और अमेरिकी मूल के गोरों का पेटेण्ट है। आज इस संबंध में सारे आंकड़े आसानी से वेब पर उपलब्ध हैं, प्रभाष जी को चुनौती है कि वे ऐसे पांच ब्राह्मणों के नाम बताएं जिन्होने सूचना तकनीक के क्षेत्र में बुनियादी अनुसंधान का काम किया हो, वे पता करें कि भारत के आईआईटी में कहां सूचना तंत्र से जुड़ी समस्याओं पर बुनियादी अनुसंधान हो रहा है ?
एक और दिलचस्प बात बताऊं, हम जिस यूनीकोड मंगल हिन्दी फाण्ट में काम कर रहे हैं, उसका निर्माण भी किसी ब्राह्मण ने नहीं माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के गोरे वैज्ञानिकों ने किया है,इसके लिए भारत सरकार ने उन्हें 11 हजार करोड़ रूपये दिए,काश यह काम कोई ब्राह्मण भारत में कर देता, आईआईटी वाले कर देते ? प्रभाष जी जानते ही नहीं हैं कि दुनिया ‘धारण’ करने वाले ब्राह्मण नहीं गोरे जाति के लोग हैं,दूसरी बात यह कि कितने ब्राह्मण हैं जो सिलिकॉन बैली में हैं ?
प्रभाष जी कहीं से जल्दी से आंकड़ा दें और उसका स्रोत बताएं वरना जाकर देखें कि हैदराबाद और बैंगलौर में सूचना कंपनियों में काम करने वाले ब्राह्मण क्या काम कर रहे हैं, सबसे बड़ा ब्राह्मण तो सत्यम कंपनी का मालिक था ,कहने की जरूरत नहीं है कितना ईमानदार और देशभक्त था ?
भारत की सूचना कंपनियां क्या काम कर रही हैं ,कम से कम वे सूचना के क्षेत्र में बुनियादी शोध का काम तो नहीं कर रही हैं। हमें शर्म भी नहीं आती कि अरबों डालर कमाने वाला भारत का सूचनाउद्योग सूचना के क्षेत्र में बुनियादी शोध पर फूटी कौड़ी खर्च नहीं कर रहा,वे आउटसोर्सिंग कर रहे हैं,बुनियादी रिसर्च नहीं।जबकि यह सच है भारत के सूचना उद्योग में सवर्णों की संख्या ज्यादा है।
प्रभाष जोशी ने लिखा है ” मान लीजिए कि सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली खेल रहे हैं। अगर सचिन आउट हो जाये तो कोई यह नहीं मानेगा कि कांबली मैच को ले जायेगा। क्योकि कांबली का खेल, कांबली का चरित्र, कांबली का एटीट्यूड चीजों को बनाकर रखने और लेकर जाने का नहीं है। वो कुछ करके दिखा देने का है। जिताने के लिए आप को ऐसा आदमी चाहिए, जो लंगर डालकर खड़ा हो जाये और आखिर तक उसको ले जा सके यानी धारण शक्ति वाला।”
प्रभाषजी से सवाल किया जाना चाहिए कि उनकी ब्राह्मण मंत्रमाला इतनी छोटी क्यों है जिसमें 11 ब्राह्मण खिलाड़ियों की विश्व टीम तक नहीं बन पा रही है, हम एक प्रस्ताव देते हैं कि प्रत्येक राज्यऔर भारत के लिए कम से कम 11-11 ब्राह्मण खिलाड़ियों के नाम क्रिकेट टीम के रूप में प्रभाषजी घोषित करें,इसके बाद महिला टीम के लिए भी इतनी ही महिला ब्राह्मणियों के नाम सुझाएं, ज्यादा नहीं ऐसी टीमें वे फुटबाल और हॉकी के लिए कम से कम सुझाएं और यह भी बताएं कि आखिरकार कितने ब्राह्मण खिलाडी अब तक अर्जुन पुरस्कार ले चुके हैं, खेल रत्न ले चुके है, ओलम्पिक और एशियाई खेलों में कितने ब्राह्मण बटुक पदक प्राप्त कर चुके हैं। थोड़ा दूर जाएं तो मामला एकदम गडबडा जाएगा प्रभाषजी का। वेस्ट इंडीज,दक्षिण अफ्रीका का क्या करें वहां कोई ब्राह्मण नहीं इसके बावजूद लंबे समय से वेस्टइंडीज की टीम शानदार खेलती रही है, काश वेस्टइंडीज वाले ब्राह्मण होते और वहां भी जातिप्रथा होती तो कितना अच्छा होता। प्रभाषजी को ब्राह्मणों का जयगान करने में सहूलियत होती।
प्रभाष जी ने लिखा है “अब धारण शक्ति उन लोगों में होती है, जो शुरू से जो धारण करने की प्रवृत्ति के कारण आगे बढ़ते है। अब आप देखो अपने समाज में, अपनी राजनीति में। अपने यहां सबसे अच्छे राजनेता कौन हैं? आप देखोगे जवाहरलाल नेहरू ब्राह्मण, इंदिरा गांधी ब्राह्मण, अटल बिहारी वाजपेयी ब्राह्मण, नरसिंह राव ब्राह्मण, राजीव गांधी ब्राह्मण। क्यों ? क्योंकि सब चीजों को संभालकर चलाना है इसलिए ये समझौता वो समझौता वो सब कर सकते है। बेचारे अटल बिहारी बाजपेयी ने तो इतने समझौते किये कि उनके घुटनों को ऑपरेशन हुआ तो मैंने लिखा कि इतनी बार झुके है कि उनके घुटने खत्म हो गये, इसलिए ऑपेरशन करना पड़ा।”
प्रभाषजी राजनीति की इतनी घटिया तुलनाएं हिन्दी पत्रकारिता में खूब बिकती हैं, राजनीति और राजनीति विज्ञान में नहीं। यह पत्रकारिता नहीं सस्ती चाटुकारिता है। राजनीति की विकृत प्रस्तुति है।प्रेस या मीडिया की भाषा में ‘डिस -इनफॉरर्मेशन’ है। दूसरी बात यह कि राजनीति का इतना सतही और विकृत तुलनात्मक रूप सिर्फ हिन्दी का ही कोई चुका हुआ पत्रकार दे सकता है।
प्रभाषजी ने अपनी तुलनात्मक प्रस्तुति में प्रकारान्तर से जनता के विवेक का भी अपमान किया है। जनता ने उनके बताए नेताओं को ब्राह्मण होने के कारण वोट नहीं दिए,देश की जनता ने समग्रता में जाति के नाम पर कभी भी वोट नहीं दिया है,वोट राजनीति के आधार पर पड़ते रहे हैं,नेता लोग अपनी राजनीति का प्रतिनिधित्व करते थे,जाति का नहीं। प्रभाषजी ने जिन नेताओं के नाम गिनाए हैं कम से कम उनमें से किसी भी नेता ने कभी चुनाव में अपने लिए और अपनी पार्टी के लिए जाति के नाम पर सार्वजनिक तौर पर वोट नहीं मांगा। यह बात कहने का अर्थ यह नहीं है कि राजनीति में जातिवाद नहीं चलता,चलता है ,किंतु निर्णायक भूमिका जाति की नहीं राजनीति की है। हाल के लोकसभा चुनाव परिणाम इसके साक्षी हैं।
प्रभाषजी ने लिखा है ”जिन लोगों को सदियों से जिस प्रकार के काम को करने की ट्रेनिंग मिली है, वे उस काम को अच्छा करते हैं।”
सवाल यह है हमारे समाज में सदियों किसे काम करने की ट्रेनिंग मिली है ? ब्राह्मण कब से कारगरी का काम करने लगे ? कारीगरी और मेहनती हुनर वाले किसी भी काम को ब्राह्मणों ने अतीत में सीखने से इंकार किया।
प्रभाष जोशी ने लिखा है ”मैं यह मानता हूं कि सती प्रथा के प्रति जो कानूनी रवैया है, वो अंग्रेजों का चलाया हुआ है। अपने यहां सती पति की चिता पर जल के मरने को कभी नहीं माना गया। सबसे बड़ी सती कौन है आपके यहां? सीता। सीता आदमी के लिए मरी नहीं। दूसरी सबसे बड़ी कौन है आपके यहां? पार्वती। वो खुद जल गई लेकिन पति का जो गौरव है, सम्मान है वो बनाने के लिए। उसके लिए। सावित्री। सावित्री सबसे बड़ी सती मानी जाती है। सावित्री वो है, जिसने अपने पति को जिंदा किया, मृत पति को जिंदा किया। सती अपनी परंपरा में सत्व से जुड़ी हुई चीज है। मेरा सत्व, मेरा निजत्व जो है, उसका मैं एसर्ट करूं। अब वो अगर पतित होकर… बंगाल में जवान लड़कियों की क्योंकि आदमी कम होते थे, लड़कियां ज्यादा होती थीं, इसलिए ब्याह देने की परंपरा हुई। इसलिए कि वो रहेगी तो बंटवारा होगा संपत्ति में। इसलिए वह घर में रहे। जाट लोग तो चादर डाल देते हैं, घर से जाने नहीं देते। अपने यहां कुछ जगहों पर उसको सती कर देते हैं। आप अपने देश की एक प्रथा को, अपने देश की पंरपरा में देखेंगे या अंग्रेजों की नजर से देखेंगे, मेरा झगड़ा यह है। मेरा मूल झगड़ा ये है।”
प्रभाषजी ने सही फरमाया है हमें अपनी परंपरा को अंग्रेजों की नजर से नहीं भारतीय नजर से देखना चाहिए,समस्या यह है कि क्या हमारी कोई भारतीय नजर भी है ? किस भारतीय नजर की बात कर रहे हैं प्रभाषजी ,हम सिर्फ इतना ही कहना चाहेंगे कि सतीप्रथा पर पुरातनपंथियों और राममोहनराय के समर्थकों के बीच में जो बहस चली उसके अलावा भी सतीप्रथा को देखने का क्या कोई स्त्रीवादी भारतीय नजरिया भी हो सकता है या नहीं ? किसने कहा है कि स्त्री समस्या को मर्द की ही आंखों से ही देखो, सती समस्या स्त्री समस्या है और इसके बारे में सबसे उपयुक्त भारतीय नजरिया स्त्रीवादी नजरिया ही हो सकता है,प्रभाषजी जिस नजरिए से सती प्रथा को देख रहे हैं,वैसे न तो ईश्वरचन्द्र विद्यासागर ने देखा था और नहीं आज के स्त्रीवादी ही रैनेसां के नजरिए से देखते हैं । ऐसे भारतीय नजरिया क्या होगा,यह विवाद की चीज है और प्रभाषजी का नजरिया मूलत: स्त्रीविरोधी है,क्योंकि वे सतीप्रथा को ही नहीं स्त्री को भी मर्दवादी नजरिए से देख रहे हैं। प्रभाषजी का मूल झगड़ा क्या है ? मूल लक्ष्य क्या रहा है ? मर्दवाद की प्रतिष्ठा करना और स्त्री को वायवीय बनाना,प्रभाषजी स्त्री ठोस हाड़मांस का मानवीय सार है, वह ‘सत्व’ नहीं है सार है,वह स्त्री है। आपके मुंह से एक पत्रकार नहीं एक मर्दवादी बोल रहा है जिसका हमारे समाज में ,मीडिया में आज भी स्वाभाविक स्वराज्ा है,आपकी भाषा स्वाभाविक मर्दवादी भाषा है और मर्दवाद प्रेस में ही नहीं मीडिया में सबसे बिकाऊ माल है । आप महान हैं और आपके विचार महान हैं, दुख के साथ कहना पड़ रहा है, हम सम्मान सहित अपमानित हैं।
( प्रभाष जी के साक्षात्कार चली बहस को विस्तार के साथ देखने के लिए ' mohalla Live' पर पढ़ें )
गुरुवार, 20 अगस्त 2009
मोदी साहब काश आज बल्लभ भाई पटेल होते
पटेल की इमेज कहीं नष्ट न हो जाए इसलिए जसवंत सिंह की किताब पर पाबंदी लगाने की जरूरत नहीं थी,सवाल यह है कि क्या पटेल असहिष्णु थे ? क्या पटेल का अभिव्यक्ति की आजादी में विश्वास नहीं था ?क्या पटेल के जीते जी किसी ने उन्ाकी आलोचना नहीं की ?
भाजपा की गुजरात सरकार कूपमंडूकों की सरकार है और बगैर सोचे किसी चीज,किसी भी विचार,किसी धर्म के मानने वालों के बारे में राजाज्ञा,राजदंड कुछ भी जारी करने की पुरानी आदत से लाचार है। आज के यु्ग में किसी भी किस्म की पाबंदी बेमानी है,खासकर किताब पर पाबंदी तो एकदम बेअसर साबित होगी,तसलीमा की किताब के संदर्भ में हम पाबंदियों को धराशायी होते देख चुके हैं।
पटेल देशभक्त थे,लेकिन साम्प्रदायिक नहीं थे, अपने विचारों के पक्के थे,लेकिन भाजपा के नेताओं की तरह रंग बदलने वाले नहीं थे, बुद्धिमान,मेधावी और कुशल राजनीतिज्ञ थे लेकिन भाजपा के नेताओं की तरह बेबकूफ नहीं थे,पटेल के हाथ किसी की हत्या के खून के रंग से सने नहीं थे,उन्होंने कभी किसी समुदाय अथवा धर्म के मानने वालों,खासकर मुसलमान और ईसाई सम्प्रदाय के लोगों के प्रति कभी जहर नहीं उगला,काश ,नरेन्द्र मोदी और उनके गुजरात प्रशासन में बैठे नेतागण यह सब पटेल से सीख पाते। लेकिन मोदी एंड कंपनी से पटेल जैसी बुद्धि,परिश्रम,ईमानदारी, देशभक्ति और राजनीतिक कौशल की उम्मीद करना रेगिस्तान में पानी की बूंद ढूंढने जैसा है।
काश पटेल आज जिंदा होते और देश के गृहमंत्री होते तो अपनी आंखों से वह सब कुछ देखते जो नरेन्द्र मोदी की सरकार ने अब तक किया है ,पटेल यदि आज गृहमंत्री होते तो नरेन्द्र मोदी और उनके भाजपा के नेतागण पटेल की भक्तमंडली की बजाय जेल की सलाखों के पीछे होते।
भाजपा में जिन्ना - जसवंत का गिरगिट भाव
जसवंत सिंह यह अच्छी तरह जानते हैं कि अटलजी के बैठ जाने के बाद से उनकी पार्टी में कोई साख नहीं बची थी और वे भी किनाराकशी की सोच रहे थे,किताब तो बहाना भर है। जसवंत सिंह ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला कहा है जो एकसिरे से गलत है। जनाब कल तक जिस पार्टी में थे वह आए दिन धर्मनिरपेक्ष लेखकों,पेंटरों,विचारकों इतिहासकारों पर तरह तरह के हमले करती रही और वे चुपचाप देखते रहे अंत में पुस्तक लोकार्पण के मौके पर उन्हें कोई भी भाजपा मार्का विद्वान नहीं मिला तो धर्मनिरपेक्ष विद्वानों को एकत्रित करके लोकार्पण कराया,इसी को कहते गिरगिट भाव। कौन जाने जसवंत सिंह जल्दी ही भाजपा में माफी मांगते हुए कब वापस चले जाएं और कहें कि मैंने जो लिखा था उसे अब नहीं मानता। आखिरकार जब गिरगिट की तरह ही रहना है तो रंग बदलते कितनी देर लगती है।
मंगलवार, 18 अगस्त 2009
कमलेश्वर यादों का मसीहा
रहा है। किंतु कमलेश्वर इस मामले में अपवाद हैं। कमलेश्वर ने सारी जिन्दगी लेखकीय एकायामी रुप के खिलाफ संघर्ष किया और इसके विपरीत बहुआयामी व्यक्तित्व का निर्माण किया। कथाकार, संपादक, टीवी प्रशासक, सिनेमा पटकथा लेखक, धारावाहित लेखक,विचारक और आंदोलनकारी व्यक्तित्व के धनी इस लेखक ने हिन्दी साहित्य की जिस दृढता के साथ अपने लेखकीय व्यक्तित्व को बनाया,बचाया और समृध्द किया वह साहित्य की विरल घटना ही कही जाएगी। बाजार और मासमीडिया की चकाचौंध में रहने के बावजूद अपनी लेखकीय पहचान को विराट गरिमा प्रदान की। कमलेश्वर के व्यक्तित्व का यह सबसे उज्ज्वल पक्ष है कि उनके लेखकीय नजिरिए को सत्ताा और बाजार के दबाव प्रभावित नहीं कर पाए। अनेक किस्म की विधाओं में लिखने के बावजूद कमलेश्वर का कथाकार व्यक्तित्व इतना विराट था कि उसमें मध्यवर्ग के तनाव,जिजीविषा से लेकर भारत विभाजन के शिकार भारतीयों का दर्द तक फैला हुआ है। कमलेश्वर टीवी में रहे, फिल्मी दुनिया में रहे, अखबार के संपादक की जिंदगी का हिस्सा रहे,अनेक पत्रिकाओं के संपादक रहे, इसके बावजूद इनमें से कोई भी कार्य-व्यापार उन्हें प्रभावित नहीं कर सका,उनके लेखकीय व्यक्तित्व को विचलित नहीं कर पाया।
कमलेश्वर का 27 जनवरी 2007 को अचानक हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। 6जनवरी 1932 को उनका जन्म उत्तारप्रदेश के मैनपुरी जिले में हुआ था, कमलेश्वर के साहित्य लेखन और विचार साहित्य के केन्द्र में बदलती सामाजिक संरचनाओं,नए और पुराने मूल्यों के बीच के तनाव और नए सामाजिक मूल्यों को अर्जित करने की जद्दोजहद का व्यापक तौर चित्रण मिलता है। सामयिक जीवन का यथार्थ और उसकी समस्याओं को बड़े फलक पर रखकर चित्रित करने का कमलेश्वर का प्रयास अभूतपूर्व माना जाएगा। कमलेश्वर की रचनाओं के मूल पात्र मध्यवर्ग से ही आए हैं। कमलेश्वर के नजरिए की बुनियाद में जनतंत्र के प्रति गहरा लगाव और उसके लिए किसी भी हद तक कुर्बानी का जज्बा काम कर रहा था।भारत में अधिनायकवादी राजनीति के विरोध से लेकर, आपात्काल,साम्प्रदायिकता के विरोध तक उनके लेखन का कैनवास फैला हुआ है। लेखक तौर पर कमलेश्वर सिर्फ भारत में जनतांत्रिक अधिकारों के हनन को लेकर ही चिन्तित नही ं थे बल्कि पड़ोसी देशों जैसे पाकिस्तान,नेपाल,वर्मा आदि में सैन्य प्रशासन,राजशाही के खिलाफ चल रहे जनतांत्रिक आंदोलनों से भी उनका गहरा लगाव था और उन संघर्षों का उन्होंने समय-समय पर समर्थन भी किया। आजादी के बाद उभरे मध्यवर्ग की कुंठाओं और भौतिक वस्तुओं की आकांक्षाओं के कारण पैदा हुए तनावों का कलात्मक चित्रण करने में उन्हें महारत हासिल थी। कमलेश्वर ने किसी भी किस्म वाद विशेष अथवा राजनीतिक दल विशेष से बांधने की कभी कोशिश नहीं की। स्वभाव से पूरी तरी पेशेवर लेखक के तौर पर काम करने मिजाज के कारण उन्हें किसी भी मीडियम में लिखने में असुविधा नहीं हुई। कमलेश्वर को कथाकार के रुप में जितनी सफलता मिली ,उससे ज्यादा सफलता फिल्म लेखक के रुप में मिली, फिल्म लेखक के रुप में जितनी सफलता मिली उससे ज्यादा सफलता टीवी धारावाहिक लेखक के रुप में मिली,यही स्थिति एक संपादक के रुप में भी बनी रही। सारे विधा रुपों में उनका धर्मनिरपेक्ष व्यक्तित्व और जनतांत्रिक नजरिया झांकता है। जनतंत्र और धर्मनिरपेक्षता की दृढ़प्रतिज्ञ भाव से वकालत और उसके लिए किसी भी किस्म की जोखिम उठाने की भावना ने कमलेश्वर को आधुनिक युग का सबसे चर्चित सफल लेखक बना दिया। कमलेश्वर के लिखे हुए की हिन्दी में आलोचकों के द्वारा कम से कम आलोचना लिखी है। उन्हें कम से कम विश्वविद्यालयों में पढ़ाया जाता है। इसके बावजूद कमलेश्वर के पाठकों का दायरा बड़ा व्यापक है। कमलेश्वर ने उपन्यास विधा के लिए एक नया प्रयोग किया,सामान्य तौर पर उपन्यास में सामयिक जीवन का यथार्थ रहता है और सामयिक चरित्र रहते हैं। किंतु '' कितने पाकिस्तान'' उपन्यास में कमलेश्वर साम्दायिकता की समस्या को चित्रित करते समय परंपरा में चले जाते हैं,अनेक संस्कृतियों के अतीत में चले जाते हैं,इस पध्दति का आखिरकार लेखक क्यों इस्तेमाल करना चाहता है ? कमलेश्वर का मानना था कि भारत में साम्प्रदायिक राजनीति जिस तरह धर्म के नाम पर जनता में फूट डाल रही है और अतीत के प्रेतों का इस्तेमाल कर रही है। इसका प्रत्युत्तार अतीत के धर्मनिरपेक्ष विमर्श और परंपरा के जरिए दिया जाना चाहिए। साम्प्रदायिकता ने जिस तरह परंपरा को भ्रष्ट किया और परंपरा को हजम करने की कोशिश की थी,अतीत के कैनवास को सामने रखकर और उसके धर्मनिरपेक्ष रुप का उद्धाटन करके लेखक ने परंपरा की रक्षा के साथ वर्तमान समाज की रक्षा का दोहरा दायित्व निभाया। कमलेश्वर के लिए अतीत बेकार की चीज नहीं थी,बल्कि आधुनिक काल के विचारधारात्मक संघर्ष के उपकरणों का स्रोत भी यहीं है। इसके जरिए लेखक यह भी बताना चाहता है कि हमारा मध्यकालीन अतीत साम्प्रदायिक नहीं रहा है बल्कि धर्मनिरपेक्ष अतीत रहा है। कमलेश्वर का यह उपन्यास जिस समय प्रकाशित हुआ ( प्रकाशन वर्ष 2000) उस समय भारत में साम्प्रदायिक विचारधारा अपने पूरे यौवन पर थी, उसे सत्ता का पूरा समर्थन हासिल था। सारे मीडिया उसके यशोगान में मगन थे। इस उपन्यास की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसके अनेक संस्करण बहुत ही कम समय में बिक गए। ''कितने पाकिस्तान'' उपन्यास नहीं है बल्कि लेखक के शब्दों में यह दुखी,पीड़ित जनता के आंसुओं का संग्रह है।इस अर्थ में कमलेश्वर को दुखी,पीड़ित और आतंकित जनता के आंसुओं का मसीहा भी कह सकते हैं। कमलेश्वर ने तीस से ज्यादा किताबें लिखीं और 100 के करीब फिल्मों की स्क्रिप्ट लिखी,अनेक धारावाहिकों की स्क्रिप्ट लिखी। इसके अलावा कई दैनिक अखबारों के संपादक रहे और कई पत्रिकाएं भी संपादित कीं। जिन महत्वपूण्र अखबारों के संपादक रहे उनमें प्रमुख हैं जागरण्ा,दैनिक भास्कर। हिन्दी के व्यावसायिक तौर पर सबसे सफल लेखक के रुप में कमलेश्वर को हमेशा याद किया जाएगा। '' कितने पाकिस्तान'' का महत्व इस अर्थ में भी है इसमें कोई हीरो या विलन नहीं है। बगैर हीरो या नायक के उपन्यास का निर्माण करना उस साम्राज्यवादी साहित्य संरचना का अस्वीकार है जिसे ब्रिटिश शासन के दौरा निर्मित किया गया था। हिन्दी नायक रहित उपन्यास लिखने की परंपरा रही है साथ इस परंपरा का साम्राज्यवाद विरोधी नजरिए के साथ गहरा संबंध है। यह नजरिया यशपाल के झूठा-सच में भी देखने को मिलता है। भीष्म साहनी के ''तमस'' में भी यही फिनोमिना नजर आता है। '' कितने पाकिस्तान'' लेखक की बचपन से लेकर अब तक साम्प्रदायिक राजनीति के अनुभवों का दस्तावेज है। भारत विभाजन के समय लेखक की उम्र पन्द्रह साल थी, अचानक 1990 में आकर साम्प्रदायिक समस्या जब सारे देश को उद्वेलित करने लगी तो लेखक भी इससे परेशान हुआ और साम्प्रदायिक राजनीति का जनप्रिय धर्मनिरपेक्ष उत्तार तलाशने की प्रक्रिया में यह उपन्यास लिखा गया। कमलेश्वर के लेखे, विभाजन अंतहीन है,समयहीन है,इसका कोई एक नाम भी नहीं दिया जा सकता, मजेदार बात यह है लेखक ने '' विभाजन'' के फलक को हिंसा के परिप्रेक्ष्य में रखा है। साथ ही व्यापक तौर पर शासकीय विचारधारा के अंग के रुप में चित्रित किया है। इस उपन्यास में साम्प्रदायिक हिंसा,साम्राज्यवादी हिंसा, अधिनायकवादी हिंसाचार, परमाण्विक हिंसाचार तक इस उपन्यास का कैनवास फैला हुआ है। दस कहानी संग्रह, दस उपन्यास कुल तीस से त्यादा किताबें लिखीं।
यहां कुछ घटनाओं का जिक्र करने की जरुरत है। नेपाल में राजशाही के खिलाफ जनता के संघर्ष का समर्थन करते हुए कमलेश्वर ने कहा कि नेपाल की राजशाही का जन्म हिंसा के गर्भ से हुआ है।नेपाल के राजा ने भारत यात्रा के दौरान जिस तरह जगह'जगह मंदिरों में पशु बलि देकर मंदिरों में भगवान की पूजा की वह रुझान उनका अपने देश लौटकर जाने पर अपनी जनता के प्रति बना रहा और उन्होंने नेपाल लौटकर अपने देश की निर्दोष जनता का जनसंहार किया,कत्लेआम किया,नेपाल में राजशाही की संवैधानिक व्यवस्था जब तक बनी रहेगी, निर्दोष जनता और पत्रकारों पर जल्म होता रहेगा। राजशाही जुल्म के बिना जिंदा नहीं रहती। वह कभी जनता,कभी पत्रकार,कभी माओवादी, कभी कम्युनिस्ट,कभी किसान, कभी सत्ताा विरोधियों और कभी-कभार आतंकवादियों के खिलाफ हिंसाचार करती है।
कुछ प्रमुख उध्दरण -
कला विषयक -
'' कलाओं के विकास का आधार सामाजिक-सांबंधिक अस्तित्व है।''
'' कला जब तक दूसरे दर्जे का काम करती है तब तक उसका अपना कोई वास्तविक अस्तित्व नहीं होता।''
रचना-प्रक्रिया-
'' जब से अपने चारों तरफ की दुनिया की ओर देखना शुरू किया तो पाया ,कहीं कुछ भी नहीं बदल रहा था, इसलिए मुझे बदलना पड़ा।मुझे चारों ओर के कटु यथार्थ ने बदल दिया।''
'' मेरे पात्र अपने माहौल की,अपने सुख-दुखों की कहानी अपने-आप कहते चलते हैं। मैं उनके निर्माण में परिश्रम नहीं करता।''
'' मैं उन्हीं मुसीबतजदा लोगों की कहानी कहना चाहता हूँ,जिन्हें मैंने अपने चारों ओर पाया और अनुभव किया है। इसे ही मेरे लेखन का लक्ष्य कह सकते हैं।''
''मैं कहूँ यदि मेरा लेखन सामाजिक-आर्थिक विषमताओं के प्रति लोगों की आंखें खोलता है,और लोग यह जान पाते हैं कि जिस समाज में रह रहे हैं ,उसकी असलियत और उसके हालात क्या हैं तो मैं समझता हूँ कि मेरा लेखन सार्थक है।''
''मैं सोच-सोचकर कभी नहीं लिखता।जब कभी भी मुझे शिद्दत के साथ महसूस हुआ कि इस विषय पर लिखना चाहिए,तो मैंने लिखा और जो लिखा ,वह स्वयं कहानी बनती चली गई।''
'' लिखना मेरे लिए यातना नहीं है,यातनापूर्ण हैं वे कारण जो मुझे लिखने के लिए मजबूर करते हैं और यह मजबूरी तभी होती है,जब मेरा अपना संकट दूसरों के संकट से सम्बध्द होकर असह्य हो जाता है।''
साहित्य की नयी परिभाषा &
''साहित्य अब साहित्यशास्त्रीय मान्यताओं की परिधि से निकलकर बहुत व्यापक जीवन के परिवेश में सांस ले रहा है जहां उसकी चिन्ताएँ और अपेक्षाएँ बदल गयी हैं।''
'' साहित्य का यह महत् उद्देश्य रहा है कि वह मनुष्य की धारणाओं और विश्वासों को बल दे ताकि समाज व्यवस्थित और संगठित रहे,समाज का व्यक्ति संस्कारों से सम्पन्ना रहे।''
'' परिस्थितियों के द्वंद्व से जो सच्चाई पैदा होती है,वहीं यथार्थ है,जिसकी कार्य-कारण परंपरा होती है और जिसे इतिहास की पीठिका में विश्लेषित किया जा सकता है।''
'' राजनीति की महत्ताा से इंकार नहीं किया जा सकता है और न उससे निरपेक्ष रहने की आवश्यकता है,पर राजनीतिक मंतव्यों में नित नए होते रहने की सामर्थ्य नहीं होती जबकि साहित्य अनवरत नवीन की खोज में संलग्न रहता है,उसके जीवित रहने की यह अनिवार्य शर्त है।''
'' जो साहित्य क्रांति दे सकता है ,वह शक्तिसंपन्ना भी होगा और कलात्मक भी।'' [1]
'' स्वतंत्रता ही वह तत्व है जो जीवन को जीवन बनाता है।अच्छे और बुरे,पाप और पुण्य,जय और पराजय से ऊपर वह मनुष्य को अपनी नियति के भय से ऊपर उठाता है और उसकी संभावनाओं को स्थापित करता है।''
'' अंतत: मनुष्य राजनीति से भी आजादी चाहता है ,सहज होकर जी सकने के लिए ,जो राजनीति आदमी की इस आधारभूत और मौलिक आकांक्षा का समर्थन नहीं करती ,वह अधूरी राजनीति है।''
'' ऐसी उलझी हुई स्थिति में जहां हम अन्याय के विरूध्द अन्यायी नहीं सकते,आम आदमी को बर्बर बना देने की सीमा तक नहीं ले जा सकते, उसके भीतर के शुभ और सौन्दर्य को मार नहीं सकते।उसकी सदियों से अर्जित मनुश्यता की संपदा को नष्ट नहीं होने दे सकते,तो फिर उसके लिए न्याय की प्राप्ति का कौन सा जरिया अख्तियार कर सकते हैं ?''
'' अगर आज का साहित्य इस सुविधावाद से निकलना चाहता है तो उसका काम बहुत जटिल और कठिन हो जाता है।''
'' पुरानी और नयी कहानी के बीच बदलाव का बिंदु वैचारिक दृष्टि का है।''
पुराने लेखकों के लिए '' जो रास्ता था वह साहित्य से जीवन की ओर था,क्योंकि वे जीवन के प्रति या आदमी के सामने खड़ी भयावह परिस्थितियों और आसन्ना संकट की ओर देखनाहेय समझते थे।वे साहित्य के चश्मे से जीवन को देख रहे थे और बहुत क्षुब्ध थे कि 'साहित्यकार का 'दर्शन' अपनाया नहीं जा रहा है।नयी कहानी ने इस जड़ता से अपने को अलग किया नयी कहानी ने जीवन की सारी संगतियों-असंगतियों ,जटिलताओं और दबावों को महसूस किया उसका रास्ता जीवन से साहित्य की ओर हुआ।''
विशिष्ट पोस्ट
मेरा बचपन- माँ के दुख और हम
माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...
-
भगत सिंह जहां एक जोशीला इंकलाबी था वह एक बहुत अच्छा विद्यार्थी भी था। उसके अध्यापक होने के नाते मैं यह बात दावे से कह सकता हूं कि उसे पढ़ान...
-
लेव तोलस्तोय के अनुसार जीवन के प्रत्येक चरण में कुछ निश्चित विशेषताएं होती हैं,जो केवल उस चरण में पायी जाती हैं।जैसे बचपन में भावानाओ...
-
मैं नहीं चाहता- सर्वेश्वर दयाल सक्सेना सड़े हुए फलों की पेटियों की तरह बाजार में एक भीड़ के बीच मरने की अपेक्षा एकान्त में किसी सूने वृ...