मंगलवार, 7 अप्रैल 2015

संघ का कुँआ

संघ प्रमुख मोहन भागवत ने संघियों के एनजीओ संगठनों के सम्मेलन में कहा कि हम तो नेकी कर कुँआ में डाल की भावना से काम करते हैं!
भागवत जी यह कुँआ क्या आरएसएस है ? या फिर भविष्य में इस्लाम और ईसाइयत पर हमले नहीं होंगे इसका वायदा है? सच कहो ,माजरा क्या है? कारपोरेट मुगलों के सामने कुँआ के जुमले की जरुरत क्यों पड़ी? कारपोरेट मुगलों को अपने जलसे में क्यों बुलाया ? क्या साख में लगे दाग मिटाने को ? बेहतर होता रामजी की शरण में जाते,प्रेमजी की ओर जाना गले नहीं उतर रहा! या फिर महान हिन्दूनेता बनने की तमन्ना जगी है ? जो काम हिन्दूसमाज दो हजार साल में न कर पाया वह आप करेंगे हमें संदेह है ! फिर भी नेक काम में देरी किस बात की! कहो स्वयंसेवकों से १.अंधविश्वासों के खिलाफ जंग लडें! २. दूसरे धर्मों खासकर इस्लाम और ईसाई धर्म के खिलाफ बोलना बंद करें, ३. संविधान का मन से पालन करें,धर्मनिरपेक्षता से प्यार करें! यदि ये तीन काम संघ के स्वयंसेवक करने लगेंगे तो नेकी को कुएं में डालने की नहीं समाज में डालने की जरुरत महसूस होगी ! नेकी वह काम की जो समाज के काम आए ,कुएँ (संघ) के नहीं!

आम आदमी पार्टी और लोकतंत्र की चुनौतियाँ


         'आप' के आंतरिक कलह को लेकर मीडिया में इनदिनों जमकर लिखा गया है। इसमें निश्चित रुप से आनंदकुमार,प्रशांत भूषण,योगेन्द्र यादव आदि के द्वारा उठाए सवाल वाजिब हैं । कुछ महत्वपूर्ण सवाल केजरीवाल एंड कंपनी ने भी उठाए हैं जो अपनी जगह सही हैं। दोनों ओर से जमकर एक-दूसरे के व्यवहार और राजनीतिक आचरण की समीक्षा भी की गयी है। गंदे और भद्दे किस्म के हमले भी हुए हैं। अंततः स्थिति यह है कि 'आप' एक राजनीतिक दल के रुप में बरकरार है । जब तक वह राजनीतिक दल के रुप में बरकरार है और केजरीवाल जनता के मुद्दे उठाता है आम जनता में उसकी राजनीतिक साख बनी रहेगी ।
     'आप' एक राजनीतिक दल है, वह कोई एनजीओ नहीं है। वह बृहत्तर लोकतांत्रिक राजनीतिक प्रक्रिया का अंग है। राजनीतिक दल होने के नाते और खासकर दिल्ली में सत्ताधारी दल होने के नाते उसकी साख का फैसला उसके सरकारी और गैर-सरकारी कामकाज पर निर्भर  है। राजनीतिक प्रक्रिया में दलीय लोकतंत्र के सवाल बहुत छोटे सवाल हैं। राजनीतिक प्रक्रिया के लिए नेताविशेष के निजी दलीय आचरण के सवाल भी बहुत बड़े सवाल नहीं होते। उल्लेखनीय है लोकतंत्र में निजी आचार-व्यवहार कभी भी निर्णायक राजनीतिक सवाल नहीं बन पाता।          
      राजनीतिक प्रक्रिया में निजी की हाशिए के सवाल जैसी भूमिका भी नहीं होती। राजनीति में दलीय भूमिका होती है,दलीय सार्वजनिक संघर्ष की भूमिका होती है। राजनीतिक प्रक्रिया बेहद निर्मम होती है। वह निजी को निजी नहीं रहने देती। निजी को राजनीतिक बना देती। निजी जब राजनीतिक बनता है वह मूल्य नहीं रह जाता,वह राजनीति का लोंदा बन जाता है।  यदि किसी नेता की निजी बातों, चीजों, आदतों या निजी नजरिए को आप हमले के लिए चुनते हैं तो उससे नेता पर कोई फर्क नहीं पड़ता।हम जान लें राजनीतिक प्रक्रिया ,नेता या नेताओं के निजी व्यवहारों से निर्देशित नहीं होती। वह तो राजनीतिक प्रक्रिया से निर्देशित होती है।
      व्यक्तित्व विश्लेषण के लिए निजी का महत्व है लेकिन राजनीतिक प्रक्रिया के लिए निजी बातों और निजी नजरिए का कोई महत्व नहीं है, राजनीतिक प्रक्रिया में तो राजनीतिक एक्शन ही प्रमुख है। इसलिए अरविंद केजरीवाल निजी तौर पर कैसा आदमी है, इसका कोई खास असर राजनीतिक प्रक्रिया पर होने वाला नहीं है। राजनीतिक प्रक्रिया में नेता का निजी आचरण और निजी नजरिया ही यदि महत्वपूर्ण होता तो मोदी पीएम न होते, श्रीमती इंदिरा गांधी दोबारा सत्ता में न आतीं, उसके पहले कांग्रेस को तोड़कर वे पीएम न बन पातीं। कहने का आशय यह कि केजरीवाल को देखने के लिए हमें उसके निजी आचार-व्यवहार के दायरे से बाहर निकलकर देखना होगा।
     लोकतंत्र में राजनीतिक प्रक्रिया बहुत ही जटिल और संश्लिष्ट होती है। 'आप' का जन्म ऐतिहासिक कारणों से हुआ है और उसके खाते में कुछ ऐतिहासिक काम भी मुकर्रर हैं, हम चाहें या न चाहें , उसे वे काम करने हैं,वह यदि इसमें चूकती है तो अप्रासंगिक होने को अभिशप्त है। 'आप' ने दिल्ली में ऐतिहासिक जीत दर्ज करके बहुत बड़ी जिम्मेदारी अपने ऊपर ले ली है। उसने साम्प्रदायिक ताकतों को बुरी तरह परास्त किया है। उसने कांग्रेस को दिल्ली में कहीं का नहीं छोड़ा। सवाल यह है  क्या वह आने वाले समय में अपने राजनीतिक एक्शन के जरिए आम जनता के ज्वलंत सवालों पर नियमित सक्रियता बनाए रख पाती है ?

     'आप' के सामने पहली चुनौती है दिल्ली सरकार चलाने की और सरकार को पारदर्शी-लोकप्रिय बनाए रखने की। दूसरी बड़ी चुनौती है केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों का स्वतंत्र और अन्यदलों के साथ मिलकर विरोध संगठित करने और व्यापक जनांदोलन खड़ा करने की।उल्लेखनीय है व्यापक हित के जनांदोलनों के अभाव के गर्भ से 'आप' का जन्म हुआ है, 'आप' को यह नहीं भूलना है कि जनांदोलन करना उसकी नियति ही नहीं लोकतंत्र की आज ऐतिहासिक अवस्था की जरुरत भी है। तीसरी बड़ी चुनौती है सत्ता के लोकतांत्रिकीकरण की, सत्ता के लोकतांत्रिकीकरण के जिस मॉडल की उसने वकालत की है उसको वह धैर्य के साथ दिल्ली में लागू करे और जन-समस्याओं के त्वरित और जनशिरकत वाले मॉडल को विकसित करे, इससे उसकी राजनीतिक साख तय होगी ।  

शनिवार, 4 अप्रैल 2015

गुड फ़्राइडे पर अ-न्याय खेल



गुड फ़्राइडे हो या दीपावली  ये हमारे सद्भाव के पर्व हैं। दुखद है कि अब निहित स्वार्थी ताक़तें इन त्यौहारों पर भी राजनीति की रोटियाँ सेंकने से बाज़ नहीं आ रही हैं। हमें संस्थागत हित बनाम व्यक्तिगत हित का सवाल उठाते समय यह बात हमेशा ध्यान में रखनी चाहिए कि संस्थान के हित कभी उसमें काम करने वालों के हितों को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते। संयोग की बात है कि संस्थान के हित को लोकतांत्रिक हक़ों से ऊपर तरजीह देने की बात कही जा रही है। यह भाषा सुप्रीम कोर्ट के मुख्यन्याधीश ने कही है , इसके पहले कभी गुडफ्राइडे या दीपावली के दिन जजों कीकोई सरकारी कॉंफ़्रेंस नहीं रखी गयी। 
  सुप्रीम कोर्ट के मुख्यन्यायाधीश का तर्क है कि संस्थान के कर्तव्य प्रधान हैं और निजी चीज़ें गौण हैं तो इस तर्क के भयानक अ-लोकतांत्रिक परिणाम हो सकते हैं।
       धर्म हमारी लोकतांत्रिक स्वतंत्रता का हिस्सा है। वह सरकारी तौर -तरीक़ों और मान्यताओं से नियमित नहीं होता। जजों के सम्मेलन  की तिथि तय करते समय तिथि की धार्मिक महत्ता का ख़्याल रखना चाहिए। सवाल यह है कि जजों का यह सम्मेलन अन्य किसी दिन क्यों नहीं रखा गया ? क्या ३६५ दिन में यही एक दिन ख़ाली बचा था ? यदि ऐसा है तो हमें गंभीरता से हिसाब माँगना होगा कि हमारे जज सारे साल क्या करते हैं? कितने दिन अवकाश पर रहते हैं ? 
      उल्लेखनीय है जजों की समाज के प्रति ज़िम्मेदारी जितनी महत्वपूर्ण है उसका वे यदि ईमानदारी के साथ पालन कर रहे होते तो न्याय प्रणाली में इतनी सडांध न होती ! न्यायपालिका आज राजनीति से ज़्यादा भ्रष्ट हो चुकी है, ऐसे में जजों का हठात् गुडफ्राइडे के दिन सम्मेलन हमें तो किसी अन्य मंशा की भनक दे रहा है। क्या अब आने वाले समय में न्यायपालिका भी साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण की दिशा में जाने वाली है  ? 
         न्यायपालिका में न्याय कम और ग़ैर- न्याय ज़्यादा व्यक्त होता रहा है। ऐसे में न्यायपालिका को और भी ज़्यादा लोकतांत्रिक बनाने की ज़रूरत है। जजों को लोकतांत्रिक बनाने की ज़रूरत है। वह न्याय किसी काम का नहीं जो लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान न करे। हमारी न्यायप्रणाली में न्याय और लोकतंत्र के अन्तस्संबंध पर ज़ोर कम रहा है। वहाँ तो न्यायप्रणाली और न्याय के संतुलन पर ही ज़ोर रहा है, इससे भारत का आम आदमी लाभान्वित नहीं हुआ है। यह असल में " न्याय के लिए न्याय " की प्रणाली है। जिसमें न्याय कम और न्याय के नाम पर उत्पीड़न और पैसे की विभिन्न स्तरों पर लूट बहुत होती है। 
     " गुड फ़्राइडे" पर जजों की कॉंफ़्रेंस न होती तो न्यायप्रणाली छोटी नहीं हो जाती! जिन लोगों ने यह फ़ैसला लिया उन्होंने अपने राजनीतिक स्वार्थों का ख़्याल रखा  । इससे न्याय की मर्यादा सम्मानित नहीं होती। उलटे इससे  न्यायप्रणाली में निहित राजनीतिक स्वार्थ की मनोदशा व्यक्त हुई है। 

अल -शबाब के केन्या हिंसाचार के मायने


केन्या में अल-शबाब द्वारा किया गया गरिस्सा विश्वविद्यालय  नृशंस हत्याकांड निंदनीय है। इस घटना के जितने विवरण और ब्यौरे मीडिया में आ रहे हैं, उनसे अल-शबाब की आतंकी हरकतों का संकेत मात्र मिलता है। अल-शबाब के हमले में 147 लोग मारे गए इनमें अधिकतर लड़कियां हैं.तकरीबन 20 पुलिस और सुरक्षाकर्मी भी मारे गए हैं। यह हमला जिस तरह हुआ है उसने सारी दुनिया के लिए संकेत दिया है कि आतंकी हमेशा सुरक्षा की दृष्टि से  कमजोर इलाकों पर ही हमले करते हैं। इन हमलों के पीछे अल-शबाब की साम्प्रदायिक मंशाएं साफ दिख रही हैं, उनके निशाने पर गैर-मुस्लिम छात्र थे।
     उल्लेखनीय है यह संगठन केन्या में गैर-मुस्लिमों पर निरंतर हमले करता रहा है और इसे सोमालिया के  अल-कायदा के हिंसक हमलों के खिलाफ इस्तेमाल करने के मकसद से 2011 में संयुक्त राष्ट्र संघ की शांतिसेना की मदद के लिए शामिल किया गया था। अल-शबाब को अफ्रीकी यूनियन सेना की मदद से मुख्य सघन आबादी वाले इलाकों में तैनात किया गया और  उसके वर्चस्व का विस्तार किया गया।  खासकर केन्या,सोमालिया और उगांडा में उसके नेटवर्क का विस्तार करने में संयुक्त राष्ट्रसंघ शांति सेना और अफ्रीकी यूनियन सेना की अग्रणी भूमिका रही है। यह संगठन कई बार आम जनता पर आतंकी हमले कर चुका है। खासकर गैर-मुस्लिमों पर हमले करने में इसकी अग्रणी भूमिका रही है।
   अल-शबाब का गरिस्सा विश्वविद्यालय में निरीह छात्रों पर हमला करने के पीछे क्या मकसद था यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है लेकिन इस घटना ने समूचे केन्या को हिलाकर रख दिया है, उल्लेखनीय है कुछ दिन पहले पाकिस्तान में इसी तरह का आतंकी हमला स्कूली बच्चों पर हुआ था। पैटर्न साफ है कि आतंकी संगठन शिक्षा संस्थानों पर हमले करके आम जनता में दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में स्कूल में काम करने वाली नन पर हमला और बलात्कार उसी पैटर्न का अंग है।

      केन्या के जिस इलाके , गरिस्सा में यह हमला हुआ है वह बेहद गरीब और अभावग्रस्त है। यहां आमलोगों के पास कृषि आधारित काम-काज के अलावा कोई काम नहीं है। पशुपालन और कृषि ही उनकी आजीविका का आधार है, गरिस्सा वि वि में तकरीबन 900छात्र रहते हैं और जिस समय(3अप्रैल2015) शाम को पांच बजे यह आतंकी हमला हुआ उस समय विश्वविद्यालय में हलचल थी।  इनमें से 147 लोग घटनास्थल पर ही मारे गए ।  गरिस्सा विश्वविद्यालय में सभी छात्र 6 डोरमेट्री में रहते हैं। हमलावर आतंकी चुन-चुनकर ईसाईयों को खोज रहे थे। गरिस्सा विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष कॉलिन वतनगोला ने कहा कि वह जब नहा रहा था तब उसने अचानक कैम्पस में गोलियां चलने की आवाजें सुनीं। गोलियों की आवाजें सुनने के साथ छात्रों ने अपने कमरे अंदर से बंद कर लिए,अध्यक्ष ने भी अंदर से कमरा बंद कर लिया था।गोला ने कहा  हम सिर्फ जूतों  और गोलियों की आवाजें सुन रहे थे,बीच बीच में अल-शबाब जिंदाबाद के नारे सुन रहे थे।
  अल-शबाब के आतंकियों ने बंदूक की नोंक पर जबरिया डोरमेट्री खुलवायीं और एक-एक छात्र से पूछा कि  कौन मुस्लिम है और कौन ईसाई है ? जिस छात्र ने अपने को ईसाई कहा उसे वहीं अलग करके गोलियों से भून दिया गया। छात्रसंघ के अध्यक्ष ने कहा प्रत्येक गोली के चलने पर उसे यही महसूस हो रहा था कि ये गोलियां अब मुझे भी लग सकती हैं। इस घटना के बाद बाकी बचे सभी छात्र गंभीर मानसिक यंत्रणा और आतंक की पीड़ा से गुजर रहे हैं। सारे केन्या में मातम फैला हुआ है।
      केन्या के आतंकी हमले का यही सबक है कि हर कीमत पर सभी धर्म के मानने वालों में प्रेम और सद्भाव बनाए रखें। भारत में जो लोग ईसाईयों पर हमले कर रहे हैं वे असल में उस अंतर्राष्ट्रीय आतंकी शिविर के मनसूबों को पूरा कर रहे हैं जो आतंकी कहलाते हैं और अपने को मुसलमानों का रखवाला भी कहते हैं। आतंकी हरकत चाहे वे किसी भी रुप में हो उसकी हम सबको एकजुट भाव से निंदा करनी चाहिए। हिन्दू-मुस्लिम-सिख-ईसाई आदि समुदायों में हर हाल में सद्भाव बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है ।








बंगाल की धर्मनिरपेक्ष जीवनशैली और वाम

    
    आम तौर पर जो लोग कलकत्ता या प.बंगाल में घूमने जाते हैं तो उनको एक भिन्न किस्म का का सामाजिक परिवेश नजर आता है। कहने को पश्चिम बंगाल भारत में है लेकिन भारत से भिन्न भी है। पश्चिम बंगाल की भिन्नता है धर्मनिरपेक्ष जीवनशैली का वर्चस्व। धर्मनिरपेक्ष जीवनशैली  का गुण है कि वह राजनीतिक सचेतन, सहज,स्वाभाविक,मानवीय और संवेदनशील होती है।  इसमें 'स्व' के प्रति आलोचनात्मक विवेक प्रबल होता है।
      आजादी के साथ ही पश्चिम बंगाल हिन्दू-मुसलिम सामाजिक विभाजन की आग में जल रहा था। भारत-विभाजन का सबसे तीव्र असर यहां पड़ा था.बड़े पैमाने पर दंगे हुए थे, इन दंगों ने यहां के जनमानस को अंदर तक पीड़ित किया था। उस पीड़ा का समाधान करने में धर्मनिरपेक्ष जीवनशैली की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। बंगाल से हमें यह जीवनशैली सीखनी चाहिए। साम्प्रदायिक मनोदशा से लड़ने का आज भी यह सबसे कारगर अस्त्र है।        
        प.बंगाल में धर्मनिरपेक्ष जीवनशैली के निर्माण में आम जनता और बुर्जुआदलों के अलावा कम्युनिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कम्युनिस्टों की भूमिका न बिना धर्मनिरपेक्ष जीवनशैली के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। यह एक सच है कि  आम जनता में साम्प्रदायिक सद्भाव को प्रधान एजेण्डा बनाने में कम्युनिस्टों की निर्णायक भूमिका रही है। वे साम्प्रदायिक सद्भाव के संदेशवाहक के तौर पर राज्य में अग्रणी कतारों में रहे हैं,आम जनता के जीवन से साम्प्रदायिक भेद कैसे खत्म हुआ होगा यह बात आज की युवा पीढ़ी के लिए समझना बहुत ही मुश्किल है ।
   भारत-विभाजन क्यों और कैसे हुआ यह सवाल आज बेमानी है,कौन इसके लिए जिम्मेदार था,यह सवाल भी बेमानी है। भारत विभाजन के समय कम्युनिस्टों का नजरिया सही नहीं था,वह गलत उसूलों पर आधारित था,इसको बाद में कम्युनिस्ट पार्टी ने भी माना। लेकिन भारत विभाजन के कारण जो साम्प्रदायिक भेदभाव,हिंसाचार और घृणा समाज में फैली थी उसको खत्म करने के मामले में कम्युनिस्टों ने उस दौर में धर्मनिरपेक्ष ताकतों के साथ मिलकर कंधे से कंधा मिलाकर काम किया । उस दौर को लेकर कम्युनिस्टों ने कुछ सबक भी हासिल किए जिनको व्यवहार में लागू किया गया।
    पहला सबक यह था कि आम जनता में जड़ें मजबूत बनानी हैं तो अंतर्राष्ट्रीयतावाद के जंजाल में फंसने की बजाय राष्ट्रीय परंपराओं को समझना होगा, राष्ट्रीयता की भावना को पुख्ता बनाना होगा। कौमी परंपरा की नए सिरे से खोज करनी होगी। देश में और खासकर पश्चिम बंगाल में जनाधार बनाने के लिए कौमी परंपरा का निर्माण करना होगा। यही वह प्रस्थान बिंदु है जहां से कम्युनिस्टों का रुपान्तरण आरंभ होता है। पंडित जवाहर लाल नेहरु ने सही लिखा है '' पिछली बातों के लिए अंधी भक्ति बुरी होती है । साथ ही उनके लिए नफ़रत भी उतनी ही बुरी है। उसकी वजह है कि इन दोनों में से किसी पर भविष्य की बुनियाद नहीं रखी जा सकती। वर्तमान का और भविष्य लाजिमी तौर से भूतकाल से जन्म होता है और उन पर उसकी छाप होती है। इसको भूल जाने के मानी हैं इमारत को बुनियाद से काट देना ।उसके मानी हैं इन्सान पर असर रखने वाली एक सबसे बड़ी ताकत को भुला देना। राष्ट्रीयता असल में पिछली तरक्की ,परंपरा और अनुभवों की एक समाज के लिए सामूहिक याद है। '' कम्युनिस्टों ने इस ''सामूहिक याद'' को नए सिरे से अर्जित किया ।
     सवाल यह है कि क्या राष्ट्रीयता की पुरानी यादों के सहारे समाज का विकास संभव है ? पुरानी सामूहिक यादों ने विरेचन का काम किया। समाज से साम्प्रदायिक विद्वेष को खत्म किया। पुरानी सामूहिक यादों को कम्युनिस्टों सामाजिक दुश्मनी को खत्म करने के औजार के रुप में इस्तेमाल किया। मिश्रित संस्कृति और सभ्यता के रुपों की नए सिरे खोज आरंभ की। उसका ही यह सुफल है कि कोलकाता  साम्प्रदायिक प्रदूषण से मुक्त महानगर बन पाया। आजादी के बाद  देश के बाकी हिस्सों में साम्प्रदायिक ताकतें फली-फूली हैं लेकिन पश्चिम बंगाल में आरएसएस और उसके सहयोगी को संगठनों को जनाधार नहीं मिला, मुस्लिम लीग जनविहीन हो गयी। आम बंगाली के मन से साम्प्रदायिक विद्वेष क्रमशः खत्म होता चला गया।
     यह वामदलों के प्रयासों का ही सुफल है कि आज समूचा बंगाल साम्प्रदायिकचेतना से मुक्त है।आजादी के बाद साम्प्रदायिक विभाजन की  तमाम कोशिशें हुई हैं लेकिन इस राज्य में वे सभी विफल रही हैं। वामदलों के प्रयास का ही यह सुफल  है कि आम जीवनशैली में धर्मनिरपेक्षीकरण की प्रक्रिया तेजगति से चली है। आम जीवन में धर्मनिरपेक्षता एक ताकतवर विचार के रुप में काम करता रहा है। यह स्थिति तब है जबकि देश के विभिन्न इलाकों में साम्प्रदायिकता की आंधी चलती रही है। मसलन्,राममंदिर रथयात्रा,बाबरी मसजिद विध्वंस, इंदिरा गांधी की हत्या और सिख जनसंहार, गुजरात का बर्बर जनसंहार आदि बड़ी घटनाएं पश्चिम बंगाल की मनोदशा को प्रभावित करने में असफल रही हैं। यह साधारण बात नहीं है।
    आमतौर पर पश्चिम बंगाल की जीवनशैली का धर्मनिरपेक्ष ताना-बाना है। धर्मनिरपेक्षता यहां वोटबैंक राजनीति तक सीमित नहीं है बल्कि एक विकसित आधुनिक जीवनशैली है। धर्मनिरपेक्ष आधुनिक जीवनशैली की परिकल्पना को वामदलों ने आम जनता की मदद से साकार किया है। आज सारे देश में जातिगत विद्वेष और जातिगत गोलबंदियां  हैं,लेकिन पश्चिम बंगाल इससे एकदम अछूता है। जाति-उत्पीडन यहां  एकसिरे से नदारत है। धर्मनिरपेक्ष जीवनशैली जब निर्मित होगी तो जातिवाद कमजोर होगा, जाति की पहचान कमजोर होगी। पश्चिम बंगाल में जाति की पहचान कमजोर हुई है और जातीयता या नैशनेलिटी की पहचान पुख्ता हुई है। राज्य में जब भी भेदकारी ताकतों ने सिर उठाने की कोशिश की है उसका आम जनता ने ''हम सब बंगाली हैं'' की एकजुट धर्मनिरपेक्ष भावना के साथ सामना किया है। वामदलों ने राष्ट्रीयनेताओं की परंपराओं को अपनाया और उनका व्यवहार में पालन किया। इसके चलते वामदलों ने अपने लिए नए सिरे से राष्ट्र की खोज की।
     एक जमाना था जब कम्युनिस्ट हर बात में अंतर्राष्ट्रीयतावादी भावनाओं को व्यक्त करते थे लेकिन आजादी के बाद क्रमशः उनमें यह समझ बनी कि देश के विकास के लिए राष्ट्रीयताबोध का पुख्ता बोध का होना जरुरी है। उन्होंने राष्ट्रीय महापुरुषों की इज्जत करना सीखा और उनकी शिक्षाओं का प्रचार-प्रसार किया। राष्ट्रीयता और कम्युनिस्ट पार्टी की अंतर्कियाओं को बुर्जुआ परंपराओं और नजरिए ने क्रमशःप्रभावित किया। यह भी कह सकते हैं बंगाली लिबरल परंपराओं ने कम्युनिस्ट कतारों को सीधे प्रभावित किया। इस क्रम में बंगाली समाज की मान्यताओं और परंपराओं के साथ अंतर्क्रियाएं भी आरंभ हुईं,फलतः कम्युनिस्टों ने बंगाली परंपराओं और रिवाजों को समझना और सामंजस्य बिठाना सीखा । खासकर खुले दिमाग की बंगाली और भारतीय मनोदशा ने कम्युनिस्टों में लिबरल आचार-व्यवहार के प्रति आकर्षण पैदा किया।देशज संस्कृति,जातीय परंपरा, खुला दिमाग और विवेकवाद ये चार चीजें कम्युनिस्टों को बंगाली समाज से विरासत में मिलीं और इसका कम्युनिस्टों ने आम जनता में जमकर प्रचार किया इससे समूचे समाज में धर्मनिरपेक्ष जीवनशैली निर्मित करने में मदद मिली।      

       

गुरुवार, 2 अप्रैल 2015

बचपन और कबूतरों का साथ

      इन दिनों मैं कलकत्ते में जहां रहता हूँ वहां पर अनेक पक्षी रहते हैं,उनमें कोयल,गौरेय्या और कौव्वा प्रमुख हैं। कोयल तो कभी -कभी सारे दिन शब्दध्वनि से माहौल को गुंजार किए रखती है।सन्नाटे को तोड़ती रहती है। इस कोयल के कारण  मुझे रह-रहकर बचपन में मथुरा के कबूतर खूब य़ाद आते हैं।
     मथुरा में गोलपाड़ा मोहल्ले के मोहल्लेदार चंदू चौबे के यहां कबूतरों का बहुत बड़ा बसेरा था. उनको कबूतरबाजी का शौक था,उनका बेटा नरेश मेरे साथ पढ़ता था और हमदोनों गर्मी में दोपहरभर कबूतरों को खिलाने-पिलाने और उड़ाने का जमकर आनंद लेते थे।चौबेजी के घर की छत काफी लंबी-चौड़ी हुआ करती थी। हमने अपने अनुभव से महसूस किया कि कबूतर बेइंतहा संवेदनशील,अक्लमंद और अनुयायी किस्म का पक्षी होता है।
      दिलचस्प बात थी कि उन दिनों मथुरा में कबूतरों की उड़ान की प्रतियोगिताएं होती थीं। हमारे अनेक मुस्लिम दोस्त थे जिनको कबूतर पालने का शौक था और दोपहर में कबूतरों की उड़ान आयोजित करते थे, कौन कबूतर कितनी दूर और कितनी देर तक उड़ सकता है इसकी हिसाब रखा जाता था, कबूतरों में अनेक तरह की नश्ल होती हैं, फिलहाल नाम याद नहीं हैं,ध्यान रहे सारे कबूतर एक जैसे नहीं होते।
      कबूतरों में लक्खा कबूतर का नाम मन में रह गया है वह देखने मे बहुत ही सुंदर और स्वस्थ होता था और लंबी से लंबी उडान जीतने की क्षमता रखता था, कबूतर लंबी उडान तब जीतता है जब उसको निरंतर अभ्यास कराया जाय। कबूतर कभी -कभी राह भी भटक जाता है ,किसी कबूतरी के चक्कर में घर भूल जाता था,अथवा दिशाभ्रम के कारण अन्य के दड़बे पर उतर जाता था, हमलोग खोज करते थे कि कहां गया होगा, उन लोगों से संपर्क करते थे जो कबूतर पालते थे ,एकबार इसी तरह का एक वाकया हुआ और कबूतर एक अन्य की कबूतरी के साथ भाग गया ,शाम हो गयी, हम परेशान थे कि कहीं किसी चील या गिद्ध ने मारकर खा तो नहीं लिया, हमने बड़ी मुश्किल से कई घंटे गुजारे,काफी खोजबीन की तो रात को दस बजे जाकर पता चला कि आर्यसमाज रोड़ पर एक मुस्लिम की कबूतरी के साथ वह उनके घर चला गया। कबूतर आकाश में स्वच्छंद भाव से उड़ता है लेकिन वापस ठीक अपने ही ठिकाने पर लौटता है। स्थान,मालिक और परिवेश का जितना बारीक ज्ञान उसे होता है वह हमें मुग्ध करता है।   

     कबूतर का यह आख्यान लिखने का मन इसलिए भी हुआ कि मेरी खिड़की पर एक जोड़ा कबूतर रहता है ,इस जोड़े में पता नहीं किसी बात पर अनबन हो गयी और कबूतर-कबूतरी दोनों एक दूसरे से नाराज हो गए ,कई दिन तक दोनों भूखे प्यासे एक-दूसरे की ओर पीठ करके बैठे रहे, एक दिन बाद कबूतर ने अहंकार त्यागा उड़कर गया कहीं से कुछ दाने अपनी चोंच में लेकर आया और कबूतरी को चोंच से खिलाने की कोशिश की ,लेकिन कबूतरी नहीं मानी, उसने नहीं खाया, इसके बाद कबूतर ने अपने मुँह में रखे सभी दाने फेंक दिए और वह भी मन मारकर बैठ गया, दो दिन बाद कबूतरी उड़ी और कहीं से कुछ दाने मुँह में लेकर आई और उसने अपनी चोंच से वे दाने कबूतर को खिलाने की कोशिश की तो कबूतर ने खा लिया,दाने खाते ही दोनों ने एक-दूसरे को कसकर प्यार किया ,एक-दूसरे के  गर्दन पर गर्दन घिसकर प्रेम का इजहार किया और अचानक दोनों मिलकर आकाश में उड़  गए और कई घंटे तक उड़ान भरने के बाद फिर खिड़की पर आराम से आकर बैठ गए और गुटरगूँ गुटरगूँ करने लगे।   

देवीवाले का बचपन

      
बचपन तो जीवन का इंजन है । बचपन में कोई पंडित नहीं होता। बचपन की कोई जाति नहीं होती ,धर्म भी नहीं

होता। भूरा के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ । भूरा जन्म के समय बहुत गोरा और मोटा था। भूरा की नानी ने जन्म

के समय उसका रंग देखकर उसी क्षण उसका नाम भूरा रख दिया । संयोग की बात थी की मेरी गली में एक

बहुत सुंदर कुत्ता था जो गोरा था जिसे भूरा कहते थे,मोहल्ले के सारे लोगों का वह प्यारा था, लगता है नानी को भी वह अच्छा लगा हो!


भूरा की विलक्षण बात यह थी कि वह हँसते हुए पैदा हुआ था, माँ कहती थी कि यह विलक्षण लग रहा था कि कोई बच्चा जन्मते ही हँसने लगे। हँसमुख मिज़ाज भूरा को जन्मना मिला। भूरा के मज़े थे जन्म लेते ही नानी ने उसका नाम भूरा रख दिया।

भूरा का समूचा परिवेश मंदिरों, देवालयों और समर्थ राजनीतिकर्मियों से भरा था। मथुरा के जिस वातावरण में भूरा का जन्म हुआ वहाँ धर्म और तीर्थ के अलावा जो चीज़ सबसे प्रखर थी वह थी शहरीजनों की प्रखर सामाजिक सजगता।

आमतौर पर मथुरा का नाम सुनते ही मंदिर, पंडे, पुजारी,यमुना, घाट और पेड़े दिमाग़ में कौंधने लगते हैं। लेकिन मथुरा का माहौल इसके अलावा जिस चीज़ में डूबा हुआ था वह था राजनीतिक माहौल। कांग्रेस और जनसंघ की राजनीति से बारह महीने माहौल गरमाया रहता था। मथुरा में बचपन में मैंने जिस तरह की राजनीतिक बहसें और राजनीतिक गर्मी को महसूस किया है उससे यही लगता था कि मथुरा धार्मिक शहर नहीं राजनीतिक शहर है ,पर्यटन का केन्द्र है, लोग वहाँ घूमने के लिए आते थे, आनंद मनाने आते थे,धर्म या तीर्थयात्रा तो बहाना था असल चीज़ थी आनंद प्राप्त करना । आनंद की अनुभूति धर्म की मनोदशा से मुक्त करती है। आनंद में दाख़िल होते ही धर्म ग़ायब हो जाता है ।




जब भी चैत्र शुक्ला त्रयोदशी आती भूरा का जन्मदिन बड़े उत्साह से मनाया जाता । भूरा की बुआ और उसके बच्चे अतिथि होते, पड़ोस में रहने वाले बच्चे भी बुलाए जाते और उन सबको दोपहर का भोजन कराया जाता। मज़ेदार बात यह थी कि भूरा के जन्मदिन पर कभी मिठाई नहीं ख़रीदनी पड़ी। इसका प्रधान कारण था भूरा के परिवार का देवी का मंदिर था, चूँकि नवरात्रि के चार दिन बाद ही भूरा का जन्मदिन पड़ता था अत: मंदिर पर चढ़ने वाली वैविध्यपूर्ण मिठाइयाँ सबको खाने को ख़ूब मिलती थीं । इसके बावजूद भूरा को श्रीखंड पसंद थी तो घर में सबके लिए विशेष रूप से श्रीखंड ज़रूर बनती। घर में अजीब स्थिति थी भूरा के ताऊ के दो लड़के भी थे, लेकिन इन दोनों का जन्मदिन नहीं मनाया जाता था।
भूरा पर उसकी दादी भी बेहद मेहरबान थी और बेइन्तहा प्यार करती थी। भूरा परिवार में पहला बालक था जिसका जन्मदिन मनाया जाता था। बाक़ी किसी भी परिवारीजन का जन्मदिन नहीं मनाया जाता । पूरे परिवार में भूरा का ही जन्मदिन क्यों मनाया जाता था इसका किसी के पास संतोषजनक उत्तर न था ।

भूरा की माँ देखने में बेहद सुंदर और प्रखर बुद्धिमती थी लेकिन वो बोल सुन नहीं पाती थी। भूरा की मॉं को इस बात का गर्व था कि उसकी शादी पढ़े -लिखे लड़के से हुई है और वह ऐसे ख़ानदान से आती थी जो शिक्षित था।
भूरा का जन्म सुबह साढ़े चार बजे घर में हुआ ,उस समय मॉं की उम्र मुश्किल से तेरह - चौदह साल की थी। बच्चे को जन्म देते समय भूरा की मॉं इतनी छोटी थी कि वह जानती तक नहीं थी कि यह सब क्या हो रहा है । भूरा की मॉं बहुत ही स्वाभिमानी और स्वावलम्बी थी। वह पढ़ना लिखना नहीं जानती थी किंतु सामाजिक जीवन में उसकी बहुत गहरी दिलचस्पी थी, भूरा के पिता सामाजिक ज़िंदगी से बेख़बर रहते थे , जबकि मॉं उतनी ही गहराई में जाकर सामाजिक ज़िंदगी में रस लेती थी , शामिल होती थी, वह स्वभाव से एकदम निडर और साफ़गोई पसंद थी। ख़ुशामद करने की उसे आदत नहीं थी, उसे अपने पिता से अनेक गुण विरासत में मिले थे। यह भी कह सकते हैं कि भूरा के जीवन में आधुनिक संस्कार नानी -नाना के यहाँ से आए । भूरा के नाना और दोनों मामा एकदम आधुनिक थे, मथुरा जैसे समाज में चौबे होकर आधुनिक नज़रिए से सोचना दुर्लभ चीज़ थी, बहुत कम चौबे थे जो आधुनिक और मार्क्सवादी थे।

विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...