मंगलवार, 31 अगस्त 2010

ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी के लोप का रहस्य

  ऑक्सफोर्ड इंग्लिश डिक्शनरी के 22 खंड़ हैं । इन 22 खंड़ों का बहुत बड़ा बाजार है। इन दिनों मीडिया में यह खबर है कि ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी के किताबी रूप के अस्तित्व के लिए खतरा पैदा हो गया है। यह मूलतः बाजार के ठंड़ेपन को दूर करने की रणनीति के तहत उड़ायी गयी अफवाह है। इस डिक्शनरी की बाजार में बिक्री के गिरते हुए ग्राफ को ऑक्सफोर्ड के प्रकाशक ने यह आशंका जतायी है कि आगामी 30 सालों में यह डिक्शनरी बाजार से गायब हो जाएगी। पुस्तक की तुलना में इसका ‘ई’ रूप ज्यादा पढ़ा जा रहा है। इन दिनों इसके तीसरे संस्करण की तैयारियां चल रही हैं।
    प्रकाशक के अनुसार इसका 28 प्रतिशत हिस्सा पूरी तरह तैयार हो चुका है। ऑनलाइन खपत बढ़ने के साथ डिक्शनरी की मांग थोड़ा कम हुई है। इसके बावजूद किताब धड़ाधड़ बिक रही है। ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी को ऑनलाइन पढ़ने के लिए 10 साल की सदस्यता लेनी होती है और इसमें नई सामग्री भी जोड़ी गयी है। इस डिक्शनरी का एक हिस्सा मुफ्त में ऑनलाइन पर उपलब्ध है। कंपनी में इन दिनों डिक्शनरी के नए ऑनलाइन ऱूप को लेकर मंथन चल रहा है। मौजूदा ऑनलाइन रूप को http://oxforddictionaries.com पर देख सकते हैं।
    इस प्रसंग में पहली बात यह कि ऑनलाइन किताब आने के साथ ही मुद्रित किताब का लोप नहीं होगा। मौजूदा दौर ‘ई बुक’ का है ,यह विकासशील बाजार है जिसके कारण मुद्रित किताब के लिए खतरे की आशंका व्यक्त की जा रही है।
    अमाजॉन कंपनी के ताजा आंकड़े बताते हैं इन दिनों 100 मुद्रित किताब की तुलना में 180 ‘ई बुक’ बिक रही है। ये मासिक बिक्री के आंकड़े हैं। अमॉजान के किंडल बुकस्टोर में 630,000 ‘ई’ बुक उपलब्ध हैं। इनमें 1.8 मिलियन मुफ्त  और कॉपीराइट प्रपंच से मुक्त किताबें उपलब्ध हैं।
   सारी दुनिया में सन् 2009 में किताब की बिक्री में 0.5 प्रतिशत की गिरावट आई है। तकरीबन 35.04 बिलियन की किताबें बिकी हैं।  किताबों की बिक्री में आई गिरावट का ऑनलाइन किताब या ‘ई बुक’ की बिक्री के साथ कम और आर्थिकमंदी के साथ गहरा संबंध है। इसके अलावा पेपरबैक किताबों की बिक्री ने भी अपना नया बड़ा बाजार पैदा किया है। लेकिन मंदी ने हार्डकवर बुक और पेपरबैक दोनों को ही प्रभावित किया है। पेपरबैक की बिक्री में 3.0 प्रतिशत और हार्डकवर की बिक्री में 6.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। उच्च शिक्षा और सामान्य अभिरूचि की किताबों की बिक्री बढ़ी है। धार्मिक किताबों की बिक्री 7 प्रतिशत घटी है। ‘ई बुक’ की बिक्री में  4.5 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। प्रोफेशनल किताबों की बिक्री में 6.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ऑडियो किताब की बिक्री में 4.7 प्रतिशत की गिरावट आई है।
    अमेरिका के आंकड़े बताते हैं कि ‘ई बुक’ के मामले में यहां का बाजार तेजी से फैल रहा है। जून 2010 में ‘ई बुक’ की बिक्री 29.9 मिलियन डॉलर रही। जबकि सन् 2009 में इसी अवधि में 13.7 मिलियन डॉलर की बिक्री हुई थी। सन् 2010 की पहली छमाही में कुल 180 मिलियन डॉलर की बिक्री दर्ज की गई है। जबकि सन् 2009 में इसी अवधि में 59.2 मिलियन डॉलर की बिक्री दर्ज की गई थी।    



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

विशिष्ट पोस्ट

मेरा बचपन- माँ के दुख और हम

         माँ के सुख से ज्यादा मूल्यवान हैं माँ के दुख।मैंने अपनी आँखों से उन दुखों को देखा है,दुखों में उसे तिल-तिलकर गलते हुए देखा है।वे क...